Browsing: रायपुर

 
 panchayattantra24.com,रायपुर। मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) कई मायनों में लोगों की जिंदगी बदल रही है। आजीविका के साधनों को सशक्त कर आर्थिक समृद्धि का रास्ता खोलना हो या हाथ में कोई काम न होने पर रोजगार उपलब्ध कराकर आमदनी का जरिया देना हो, गांवों में सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ ही मनरेगा व्यापक पैमाने पर लोगों का जीवन आसान बना रही है। बीजापुर की 24 साल की युवती फूलमती का भी जीवन मनरेगा ने कई अर्थों में बदल दिया है। कोडोली पंचायत की इस सीधी-सादी युवती के हाथों में गांव में मनरेगा कार्यों में श्रमिकों को कार्य आबंटन और उनसे कार्य कराने की महती जिम्मेदारी है। वह पिछले दो वर्षों से मेट की जिम्मेदारी बखूबी निभा रही है।
अल्प आयु में ही फूलमती के सिर से पिता का साया उठ गया था, और फिर सात सदस्यों वाले बड़े परिवार की जिम्मेदारी उस पर और उसके बड़े भाई पर आ पड़ी थी। बारहवीं तक पढ़ाई कर चुकी फूलमती इन परिस्थितियों में गांव में ही रहकर रोज़गार ढूंढ रही थीं, ताकि घर के सदस्यों का भी ध्यान रख सके। वह मनरेगा के अंतर्गत चलने वाले कार्यों में मजदूरी करने जाती थी। इसी दरम्यान ग्राम पंचायत सचिव श्री राममूर्ति से उसे यह जानकारी मिली कि पढ़ी-लिखी लड़कियों को गोदी की नाप और कार्य कराने के लिए मेट रखा जाता है।
फूलमती ने इसके बाद साल 2019 से ग्राम रोजगार सहायक सुश्री कमलदई नाग के मार्गदर्शन में मेट का काम सीखना शुरू किया। अपनी लगन से थोड़े दिनों में ही वह मेट के काम में दक्ष हो गई। भैरमगढ़ जनपद पंचायत में मेटों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण में फूलमति ने दो सप्ताह का प्रशिक्षण भी हासिल किया, जिसने उसकी कार्यकुशलता बढ़ाई। प्रशिक्षण के बाद अब वह कार्यस्थल पर श्रमिकों का बेहतर तरीके से प्रबंधन कर पाती है। प्रशिक्षण में नागरिक सूचना पटल के निर्माण और जॉब-कार्ड अद्यतनीकरण के बारे में भी उसे काफी कुछ जानने को मिला। मनरेगा को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा मानने वाली फूलमती अपने बीते दिनों को याद करते हुए बताती है कि उन्होंने इससे मिले पारिश्रमिक को जोड़कर 23 हजार रुपए इकट्ठा करके रखे थे और जब घर की मरम्मत का काम चल रहा था, तब उन रुपयों से घर बनाने मे अपना योगदान दिया।
कोडोली में ग्राम रोजगार सहायक और मेट, दोनों के महिला होने का फायदा गांव की महिलाओं को मिल रहा है। इनके मिलनसार व्यवहार के चलते पिछले तीन सालों में मनरेगा कार्यों में महिलाओं की भागीदारी 50 प्रतिशत से अधिक रही है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 277 महिलाओं ने काम करते हुए 7658 मानव दिवस, 2020-21 में 329 महिलाओं ने 11 हजार 684 मानव दिवस और चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 में सितम्बर माह तक 268 महिलाओं ने 5299 मानव दिवस का रोजगार प्राप्त किया है।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार 9 अक्टूबर को सवेरे 11.40 बजे अपने निज निवास रायपुर से आरंग के लिए कार द्वारा प्रस्थान करेंगे। वे दोपहर 12.40 बजे से 2.40 बजे तक आरंग में साहू समाज भवन, यादव (अहिर) समाज भवन एवं मुस्लिम समाज भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद आरंग विकासखण्ड के ग्राम भोथली के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां दोपहर 2.55 से 4 बजे तक रानी अवंतिबाई लोधी की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वहां से चौथी बटालियन परिसर माना कैम्प रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। मंत्री डॉ. डहरिया वहां शूटिंग रेंज माना कैम्प में 20वीं राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता के समापन समारोह में भाग लेने के बाद माना कैम्प से प्रस्थान कर शाम 6 बजे रायपुर आएंगे।
 

8 फसलों की उन्नत प्रजातियों के बीज लॉन्च किए
 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत लगभग 30 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित भवनों एवं अन्य अधोसंरचनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित नवनिर्मित कृषि विज्ञान केन्द्र भवन, अक्ती जैवविविधता संग्रहालय, नवनिर्मित नॉलेज सेंटर भवन एवं रिकार्डिंग स्टूडियो तथा फाइटोसेनेटरी प्रयोगशाला के लोकार्पण के साथ वर्चुअल रूप से  उद्यानिकी महाविद्यालय, जगदलपुर एवं कृषि महाविद्यालय, रायगढ़ के नवनिर्मित महाविद्यालय भवन, बालक छात्रावास एवं कन्या छात्रावास भवनों और 16 कृषि महाविद्यालयों में निर्मित ई-क्लासरूम का लोकार्पण भी किया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय
कृषि विज्ञान केन्द्र
कृषि महाविद्यालय 
जैव विविधता
इस अवसर पर उन्होंने धान, करायत, सोयाबीन, मक्का और रसभरी सहित 8 फसलों की उन्नत प्रजातियों के बीजों तथा विश्वविद्यालय द्वारा विकसित की गई चावल से प्रोटीन और ग्लूकोज को अलग करने की तकनीक का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, शाकम्बरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री राम कुमार पटेल, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप चौबे, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.के. पाटिल भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में विधायक श्री प्रकाश नायक, श्री रेखचंद जैन, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय बोर्ड के सदस्य बोधराम कंवर सहित अनेक कृषि वैज्ञानिक और प्राध्यापक वर्चुअल रूप से शामिल हुए।  
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुर्नवास तथा वाणिज्यिक मंत्री जयसिंह अग्रवाल प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बिलासपुर के मल्हार पहुंचे। नवरात्रि के प्रथम दिन उन्होने डिडिनेश्वरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना की और कलश स्थापना के कार्यक्रम में शामिल हुए।  अग्रवाल ने प्रदेश की तरक्की उन्नति और विकास तथा प्रदेश के सभी नागरिक सुख शांति से जीवन यापन करे, इसके लिए देवी मॉं से कामना की।
 अग्रवाल ने कहां कि मल्हार के पुरातात्विक, ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए आवश्यकता अनुसार यहां विकास के कार्य तथा यहां कि समस्याओं का समाधान हो इस दिशा मे प्रयास करेंगे। मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने  अग्रवाल का स्वागत किया और उन्हे स्मृति चिन्ह भेंट किये। इस अवसर पर  विजय केशरवानी तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित थे।
 

 
panchayattantra24.com,कोरबा। जिला अस्पताल में बीती रात शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा किया. मना करने के बाद भी युवक अस्पताल के बाहर जाने को राजी नहीं हुआ. उसने ड्यूटी में तैनात महिला आरक्षकों से दुर्व्यवहार किया. सूचना मिलने के बाद रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और नशे में धुत्त युवक को पकड़कर चौकी ले गई। 
यह पूरा मामला रामपुर चौकी क्षेत्र का है, जिला अस्पताल में रात को भी कुछ पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था परिसर में ना हो. अधिकारियों के आदेश के बाद यहां पुलिस कर्मचारी अपनी ड्यूटी निभा रहे थे. जिसमें 2 महिला आरक्षक भी शामिल है. उसी समय शराब के नशे में मदहोश एक युवक अस्पताल परिसर में घुसकर हंगामा करने लगा। 
जिसे देख पुलिसकर्मी उसे यह यह कहते हुए बाहर निकालने लगे की यह प्रतिबंधित जगह है. आपको जो भी कहना है वह अस्पताल के बाहर जाकर कहिए. लेकिन शराब के नशे में धुत युवक को बाहर और अंदर का कोई होश नहीं रहा. वह अपनी महफिल में झूमता रहा. इतना ही नहीं शराबी युवक ने महिला आरक्षक के साथ दुर्व्यवहार भी किया। 
महिला आरक्षक ने रामपुर चौकी में फोन किया, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. काफी देर तक ड्रामा, हंगामा और हाथापाई के बाद पुलिस पहुंची. युवक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई. जिला अस्पताल का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकीं हैं। 
 

 

panchayattantra24.com,कवर्धा/रायपुर। कवर्धा विवाद मामले में वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है. एफआईआर के मुताबिक राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के साथ 14 नए नाम जोड़ दिया है. एफआईआर में जोड़े गए नए नामों पर पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। 
कवर्धा में 5 अक्टूबर को हुई धार्मिक हिंसा के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए 59 लोगों का नाम शामिल किया था, लेकिन अब 14 और नाम जोड़े हैं. इनमें भाजपा के दिग्गज नेताओं के साथ स्थानीय नेताओं के नाम शामिल हैं. इनमें राजनांदगांव-कवर्धा लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के पुत्र और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह का नाम शामिल है। 
इनके अलावा पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, अशोक साहू, भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, विश्व हिन्दू परिषद के जिला प्रमुख नंदलाल चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष पीयूष ठाकुर समेत वरिष्ठ नेता कैलाश चंद्रवंशी, राजेन्द्र चंद्रवंशी, पन्ना चंद्रवंशी, उमंग पांडेय, राहुल चौरसिया, भुनेश्वर चंद्राकर के नाम शामिल हैं. ये तमाम कबीरधाम भाजपा के प्रथम पंक्ति के नेता हैं। 
इससे पहले तक मामले में 59 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जिन पर बलवा समेत कई धाराएं लगाई गई हैं. इन पर धारा 109, 147, 148, 149, 153 क, 188, 295, 332, 353 भादवि के अलावा लोक संपत्ति की क्षति की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। लखीमपुर में मृत किसानों के परिजनों को छत्तीसगढ़ सरकार के 50-50 लाख रुपए मुआवज़ा दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाया है. इसके साथ कांग्रेस सरकार में मरने वाले किसानों के परिजनों और सिलगेर गोलीबारी में मृत आदिवासियों के परिजनों को 50-50 लाख का मुआवजा देने की मांग की है। 
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का भूपेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार पर हजारों करोड़ का कर्ज है. खुद का हाथ नीचे हैस लेकिन वहाँ हाथ बढ़ाने गए. मुख्यमंत्री यदि मुआवज़ा दे रहे थे तो जितने लोगों की मृत्यु हुई उतने लोगों को देते. आधे लोगों को क्यूँ दिया। 
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मृत किसानों से मिलने कभी मुख्यमंत्री नहीं गए. मुआवज़ा तक नहीं दिया. आका को खुश करने उत्तरप्रदेश में मुआवज़ा दिया गया. सिलगेर में मृत आदिवासी के परिजनों से मिलने नहीं गए. पंडो जनजाति के लोगों की लगातार मौत हो रही है., लेकिन उन पीड़ितों से मुलाक़ात नहीं हुई। 
धरमलाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ किसानों के साथ यह अन्याय है. हम माँग करते हैं कि कांग्रेस सरकार में मारने वाले किसानों, सिलगेर के मृतक आदिवासियों के परिजनों को पचास-पचास लाख रुपए और रोजगार दिया जाए। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। रायपुर के कचना इलाके में बनी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार को 19 साल की एक लड़की ने खुदकुशी कर ली। कॉलोनी की 5 मंजिला इमारत से लड़की कूदी है। अब गुरुवार को इस घटना का एक CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में युवती सिर के बल जमीन पर गिरती दिख रही है। आस-पास मौजूद युवक भागकर उसकी तरफ आए और अस्पताल लेकर गए। युवती को अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया था मगर वहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। खम्हारडीह थाना पुलिस ने बताया कि जान देने वाली युवती का नाम रेशमा बानो था। वो इस इलाके में ही रहने वाले अरबाज नाम के एक युवक से प्यार करती थी। जांच में पता चला है कि युवती का अरबाज से मिलना घर वालों को रास नहीं आता था। वो अक्सर उसे बातें करने से रोकते थे। घटना से कुछ दिन पहले अरबाज से भी युवती का विवाद होने की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि इसी के चलते युवती डिप्रेशन में थी। बुधवार शाम काफी देर से युवती छत पर ही थी। जब युवती नीचे गिरी तब भी घर वालों को भनक नहीं लगी। युवती को अस्पताल ले जा रहे युवकों ने घर पर खबर दी। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो बेटी की जान जा चुकी थी। 
युवती के मोबाइल पर एक सुसाइड मैसेज भी पुलिस को मिला है। इस मैसेज में लिखा गया है- सॉरी मम्मी-पापा, मैं आप सभी से बेहद प्यार करती हूं, मैं अरबाज से भी प्यार करती हूं। मेरी वजह से किसी को तकलीफ न हो, इसलिए अब मैं जान दे रही हूं। हो सके तो मुझे माफ कर देना। पुलिस इस घटना के बाद शुक्रवार को युवती के परिजनों से पूछताछ कर सकती है। फिलहाल कचना की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के कई परिवार इस हादसे की वजह से गम में हैं। कॉलोनी के दूसरे परिवारों से रेश्मा के परिजनों के भी घरेलू संबंध थे। अब तक की जांच में पुलिस को पता चला है कि प्रेम प्रसंग की वजह से युवती ने खुदकुशी की। मगर इस एंगल पर भी खम्हारडीह की पुलिस गौर किए हुए है कि कहीं युवती को किसी ने छत से धक्का तो नहीं दिया। कॉलोनी के कुछ लोगों ने पूछताछ में ये दावा किया है कि उन्होंने युवती की हत्या किए जाने की बात सुनी है।
 

श्रीराम का ननिहाल बनेगा विश्व पर्यटन के आकर्षण का केंद्र
 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़े स्थलों को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रारंभ की गई राम वन गमन पर्यटन परिपथ में पग-पग पर भगवान श्रीराम के दर्शन होंगे. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नवरात्रि के शुभारंभ पर 7 अक्टूबर को राम वन गमन पर्यटन परिपथ का चंदखुरी के स्थित प्राचीन माता कौशल्या मंदिर में एक समारोह में अधिकारिक तौर पर शुभारंभ करेंगे। 
छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में सम्पूर्ण विश्व में अपनी अलग पहचान रखता है, वनवास काल का ज्यादा समय भगवान श्रीराम ने यहां व्यतीत किया था, यहां के ऋषि आश्रम, प्रकृति के मध्य वनवास काटा, इसलिए यहां की जनश्रुतियों, लोककथाओं, आम जनजीवन में भगवान श्रीराम रचे-बसे हैं। 
जनमान्यताओं के सम्मान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की संकल्पना पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा भगवान श्रीराम के ननिहाल प्राचीन दक्षिण कौशल वर्तमान छत्तीसगढ़ में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के रूप में प्राचीनतम महत्व के स्थलों को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। 
वनवास प्रवास के दौरान श्रीराम ने छत्तीसगढ़ में लम्बा समय बिताया है, मान्यता है कि श्रीराम के साथ सीता और लक्ष्मण ने 10 साल छत्तीसगढ़ में बिताये थे। जिन जगहों पर भगवान राम आए थे, ऐसे 75 स्थानों को चिन्हांकित कर वैश्विक पर्यटन के अनुरूप विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, प्रथम चरण में कोरिया से सुकमा तक 2260 किमी की लंबाई तक 9 जगहों को रामायणकाल के वातावरण के अनुकूल विकसित करने का कार्य जारी है। 
कोरिया जिले से सुकमा तक कदम-कदम पर भगवान श्रीराम के दर्शन होंगे और उनसे जुड़ी महत्व की कथाएं देखने और सुनने को मिलेंगी. राम वन गमन पर्यटन परिपथ परियोजना में सीतामढ़ी हरचौका (कोरिया), रामगढ़ (सरगुजा), शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा), तुरतुरिया (बलौदाबाजार), चंदखुरी (रायपुर), राजिम (गरियाबंद), सिहावा सप्तऋषि आश्रम (धमतरी), जगदलपुर (बस्तर) और रामाराम (सुकमा) का 133 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से पर्यटन की दृष्टि से विकास का कार्य किया जा रहा है। 
प्रथम चरण के चयनित क्षेत्रों में चंदखुरी और राजिम में पर्यटन दृष्टिकोण से सर्वसुविधायुक्त निर्माण कार्य होंगे. रामाराम में पर्यटकों के रुकने की व्यवस्था एवं परिपथ निर्माण किया जाएगा. सिहावा में यात्रियों के ठहरने के लिए समरसता भवन, ऋषि आश्रम जीर्णोद्धार का कार्य होगा. मधुबन धाम में पेयजल सुविधा, गार्डन निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, शौचालय, विश्रामगृह, महानदी में स्टॉप डेम सहित वहां अंडरग्राउंड नाली निर्माण का कार्य होगा। 
इसी तर्ज पर तुरतुरिया में कॉटेज बनाए जाएंगे, महानदी पर वाटरफ्रंट डेवलपमेंट और कॉटेज विकसित होंगे, शिवरीनारायण में राम की प्रतिमा के साथ चारों तरफ भव्य द्वार बनेगा, बस्तर व दंतेवाड़ा के गीदम में जटायु द्वार, बारसूर में ट्राइबल कॉटेज बनाया जा रहा है. इन जगहों में पेयजल सुविधा, गार्डन निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, शौचालय, विश्रामगृह, सातधारा पैगोड़ा का निर्माण किया जा रहा है. इस पर्यटन परिपथ के माध्यम से राज्य में न केवल ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन के नए वैश्विक अवसर बढ़ने के आसार हैं। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर/सरगुजा। कांग्रेस विधायकों ने स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम पर ट्रांसफर के नाम पर पैसों के लेन-देन का गंभीर आरोप लगाया गया है. इस पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अपने ही लोग खुद के घर की नीलामी कराने में लगे हैं. वहीं मंत्री टेकाम ने कहा कि ट्रांसफर पर प्रतिबंध है. समन्वय से ट्रांसफर होता है, कोई मंत्री नहीं कर सकता। 
बता दें कि पहले ही स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर निशाना साध चुके बृहस्पत सिंह ने अन्य कांग्रेस विधायकों को साथ लेकर अबकी बार सिंहदेव के समर्थक माने जाने वाले स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम पर निशाना साधा है. मंत्री पर ट्रांसफर के नाम पर लेन-देन का आरोप लगाया है. संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने आरोप लगाया कि मंत्री टेकाम ट्रांसफर में बड़ा खेल कर रहे हैं. 35 से अधिक विधायक मंत्री के खिलाफ है, जो मुख्यमंत्री से मंत्री टेकाम को हटाने की मांग करेंगे। 
नवरात्रि पर्व की शुरुआत पर अंबिकापुर के महामाया मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने इस आरोप पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव द्वारा ट्रांसफर हो रहा है. फिलहाल ट्रांसफर तो हो ही नहीं रहा है. साथ ही उन्होंने कांग्रेस विधायकों के रूख को लेकर कहा कि पार्टी हो या घर अगर सार्वजनिक तौर पर नीलामी करना चाहेंगे तो दूसरे लोगों को इसका लाभ अवश्य प्राप्त होगा. इस मुद्दे से विपक्ष जरूर लाभ लेगा। 
वहीं विधायकों के आरोपों पर मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि इन आरोपों पर वे कुछ नहीं कहना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि  विधायक ट्रांसफर की बात करने आए थे. ट्रांसफर पर प्रतिबंध है, समन्वय से होता है, ट्रांसफर कोई मंत्री नहीं कर सकता. वहीं अनुशासन को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय पार्टी को लेना है, विधायकों को सार्वजनिक बयानों से बचना चाहिए।