Browsing: रायपुर

 panchayattantra24.com,रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तदान माह का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने सिविल लाइन स्थित अपने निवास कार्यालय से प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार रथ रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग एवं भिलाई के प्रमुख हाट-बाजारों, मॉल्स, स्कूल एवं कॉलेजों में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए नागरिकों को जागरूक करेंगे। उल्लेखनीय है कि रक्तदान को बढ़ावा देने हर वर्ष 1 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष इसे “Give blood and keep the world beating” थीम पर मनाया जा रहा है। 
स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने रक्तदान माह का शुभारंभ करते हुए कहा कि सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को अक्टूबर माह को रक्तदान माह के रूप में मनाने तथा इस महीने अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए निर्देशित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग प्रदेश के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ब्लड-बैंक स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल नौ ब्लड-बैंक थे जो अब बढ़कर 95 हो गए हैं। प्रदेश के 28 जिलों में 31 शासकीय ब्लड-बैंक संचालित हैं। नवगठित गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी इस वर्ष शासकीय ब्लड-बैंक शुरू हो जाएगा।
सिंहदेव ने कहा कि राज्य की आबादी के अनुसार हर वर्ष यहां दो लाख 55 हजार यूनिट रक्त की जरूरत होती है। इसके विरूद्ध करीब दो लाख यूनिट की प्रतिपूर्ति हो रही है। ब्लड-बैंकों में रक्त का संकलन हर वर्ष बढ़ाया जा रहा है। रक्तदान माह के शुभारंभ कार्यक्रम में संचालक स्वास्थ्य सेवाएं-सह-परियोजना संचालक नीरज बंसोड़, अतिरिक्त परियोजना संचालक डॉ. एस.के. बिंझवार तथा आईईसी के संयुक्त संचालक अजय कुमार सिंह सहित छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। विधायकों के दिल्ली दौरे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री दोनों ने भी कहा है कि अगर कोई विधायक दिल्ली जाता है, तो कोई मनाही थोड़ी है. हर कोई चाहता है हाईकमान मिले, अपनी बात करें. इसमें बुराई क्या है।
राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा में पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने विधायकों द्वारा हस्ताक्षरयुक्त पत्र ले जाने की बात पर कहा कि ऐसी हमारी जानकारी में नहीं है. क्या ले गए, नहीं ले गए, ये विधायक ही बताएंगे. क्या हो रहा, क्या नहीं हो रहा है, ये वे नेता ही बताएंगे, जो दिल्ली गए हैं. वहीं विधायकों के अनुशासनहीनता पर कहा कि क्या बयान दिए हैं, क्या बयान नहीं दिए हैं. जो मीडिया में बातें आईं हैं सब संगठन के संज्ञान में है. समय आने पर सब तय होगा क्या करना है, क्या नहीं करना।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। रामानुजगंज के विधायक बृहस्पति सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के उस बयान पर कटाक्ष किया है जिसमें सिंहदेव ने कहा था कि सौ जन्मों में भी भाजपा नहीं जाऊंगा। इस पर बृहस्पति सिंह ने कहा कि सरगुजा महाराज बहुत ज्ञानी हैं, लेकिन उन्हें इस जन्म की बात करनी चाहिए। अगले जन्म में कौन क्या होगा, यह कोई नहीं बता सकता। सौ जन्मों की बात तो कोई अज्ञानी व्यक्ति बता सकता है। बृहस्पति सिंह ने कहा कि सिंहदेव को लेकर उन्होंने कोई भी गलत बात नहीं कही है। वो हमारे महाराजा हैं। मैंने कहा था कि महाराजा को भाजपा के लोग टारगेट कर रहे हैं। यह कोई गलत बात नहीं है। ग्वालियर महाराजा को भाजपा के लोग गुमराह कर अपने साथ ले गए। पटियाला महाराजा भी भाजपा के बहकावे में आकर कांग्रेस से अलग हो रहे हैं। 
 बृहस्पति सिंह ने कहा कि सरगुजा महाराजा को भी टारगेट करने की कोशिश की गई थी लेकिन भाजपा के लोग नाकाम रहे। सरगुजा महाराज बहुत ज्ञानी और सुलझे हुए हैं। विधायकों के दिल्ली दौरे को लेकर बृहस्पति सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश थी कि छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान राहुल गांधीजी के प्रवास में एक-दो जिला और जोड़ दिया जाए। पुनियाजी के माध्यम से अपनी बात कहना चाह रहे थे लेकिन वो लखनऊ में हैं। प्रियंका गांधीजी का उत्तर प्रदेश दौरा चल रहा है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। 20 वर्षों से लंबित पदोन्नति और वेतनमान में सुधार की मांग को लेकर कुष्ठ सेवाएं विभाग के कर्मचारी रायपुर स्थित आजाद चौक में महात्मा गांधी प्रतिमा पर दो अक्टूबर को दोपहर 1 से 3 बजे तक मौन सत्याग्रह करेंगे. इसके साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और प्रमुख सचिव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
छत्तीसगढ़ कुष्ठ सेवाएं कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष चितरंजन साहा व कर्मचारी नेता अरुण शुक्ला, अविनाश शर्मा, सतीश तिवारी, सुनील गुप्ता, भरत साहू, डीआर चक्रधारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद से हमारी मांगों की शासन अनदेखी कर रही है. पदोन्नति के पद को डाइंग कैडर घोषित कर पदोन्नति से रोक दिया गया. शासन व स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के स्वीकार करने के बाद भी इस गलती को अब प्रशासन सुधारने के लिए तैयार नहीं है. यही नहीं प्रदेश में ऐसे स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या 350 से ज्यादा नहीं है, तथा पद भी प्रत्येक जिला व ब्लॉक में खाली पड़े हैं।
शासन से हो रहे लगातार उपेच्छित व्यवहार के कारण संघ के आव्हान पर सभी कुष्ठ कर्मचारी महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर आजाद चौक में 3 घंटे का मौन सत्याग्रह कर शासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करेंगे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। पढ़ना लिखना अभियान के तहत राज्यव्यापी महापरीक्षा अभियान में प्रदेश के 2 लाख से अधिक प्रौढ़ शिक्षार्थियों ने परीक्षा दी. परीक्षा के दौरान हर परीक्षा केंद्र में अलग ही नजारा था, कहीं महिलाओं अपने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ, तो कहीं सास-बहू, तो कहीं पिता, पुत्र और पुत्रवधू ने एक साथ परीक्षा दी।
राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के समन्वित पहल से शिक्षार्थी आंकलन के लिए प्रदेश के 28 जिलों के चिन्हांकित 121 विकासखंड और 105 नगरीय निकायों के ग्राम पंचायत एवं वार्ड में महापरीक्षा अभियान का आयोजन किया गया. परीक्षा में प्रदेश के 15 वर्ष से अधिक उम्र समूह के असाक्षर सुविधानुसार निर्धारित समय सुबह 10 से 5 के भीतर परीक्षा में सम्मिलित हुए. शिक्षार्थी को प्रश्न पत्र हल करने के लिए 3 घंटे का समय दिया गया।
महापरीक्षा के पश्चात् बुनियादी साक्षरता परीक्षा की मूल्यांकन रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सीजी स्कूल डॉट इन पोर्टल में अपलोड़ कराई जाएगी. ताकि शिक्षार्थियों को राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान का प्रमाण पत्र दिया जा सके. राज्य सरकार द्वारा स्वयंसेवी शिक्षकों और शिक्षार्थियों को पृथक से प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
पति-पत्नी के साथ बहू भी हुई शामिल
पति-पत्नी का साथ यूं तो जीवन भर का होता है, पर साक्षरता में भी पति-पत्नी ने जीवनभर जैसा साथ निभाया. शिक्षा, साक्षरता के लिए श्याम लाल बंजारे और शिवकुमारी बंजारे ने साक्षरता केन्द्र में साथ-साथ पढ़कर महापरीक्षा में साथ-साथ शमिल हुए. बिलासपुर जिले के विकासखंड मस्तूरी के लिमतरा परीक्षा केन्द्र में पति-पत्नी के साथ उनकी दो बहुओं ने भी परीक्षा दी।
70 वर्ष की उम्र में दी परीक्षा
दुर्ग के ग्राम नंदकट्ठी के रहने वाले 70 वर्षीय कनक यादव की स्वयंसेवी शिक्षक दीपाली निषाद ने पढ़ने के लिए प्रेरित किया. पहले ना-नुकुर के बाद ऐसा उत्साह जागा कि वे साक्षरता केन्द्र में सबसे पहले पहुंच जाते थे. उन्होंने पढ़़ने के साथ-साथ लिखना भी सीख लिया और अब हस्ताक्षर कर लेतें हैं. यही नहीं अपने पुराने अनुभवों को बाकी असाक्षर से साझा करते हैं. परीक्षा में वे पहले आये और पूरे समय तक पेपर को बनाते रहे. वह आज अंगूठा लगाने की जगह हस्ताक्षर कर लेते हैं।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। बुजुर्गों से लेकर कम उम्र तक के बच्चों में हृदय से जुड़ी समस्याओं के लिए जिले भर से रेफर किए संभावित हृदय रोगी मरीज की स्क्रीनिंग जिला अस्पताल पंडरी में विशेष शिविर लगाकर विश्व हृदय दिवस के उपलक्ष में हृदय स्क्रीनिंग एवं अन्य स्क्रीनिंग भी की गई।
जिला नोडल अधिकारी गैर संचारी रोग डॉ. सृष्टि यदु ने बताया कि ‘जिला अस्पताल पंडरी में 150 लोगों की हृदय  स्क्रीनिंग की गई इन लोगों को रायपुर जिले के अभनपुर, तिल्दा, आरंग, धरसीवा विकासखंड और रायपुर शहरी क्षेत्र से जिला अस्पताल पंडरी में रेफर किया गया था. इन के लियें विशेष शिविर लगाकर विश्व हृदय दिवस के उपलक्ष में हृदय स्क्रीनिंग की गई।
जाने कहा-कहा से आए थे विशेषज्ञ
डॉ. यदु ने कहा ‘ हृदय स्क्रीनिंग  शिविर में बच्चों के ह्रदय अस्पताल सत्य साईं ह्रदय अस्पताल से प्रशांत ठाकुर और उनकी टीम ने बच्चों के हृदय  स्क्रीनिंग की. वही मेकाहारा की स्मृति श्रीवास्तव और उनकी टीम के साथ  प्रीतम साहनी एम्स (ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस) और उनकी टीम ने युवाओं और बुजुर्गों लोगों की स्क्रीनिंग की. उनका ईसीजी और इको भी किया गया. साथ ही गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रायपुर (मेकाहारा) और ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस (एम्स) में परामर्श करने के लिए दिया गया. वहीं बच्चों को सत्य साईं ह्रदय अस्पताल के लिए परामर्श दिया गया.  इस शिविर में 35 हृदय रोगियों को ह्रदय सर्जरी के लिए उच्च केंद्रों पर रेफर किया गया।
जाने मरीजों से क्या कहा सीएमओ ने
स्क्रीनिंग के उपरांत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मीरा बघेल ने ‘आए हुए लोगों को हृदय रोग के बारे में बताया और उनको जागरूक करने के लिए जानकारियां भी दी.  जिसमें छोटी-छोटी आदतों को सुधार कर हम हृदय रोग के खतरे को कैसे  टाल सकते हैं. इन आदतों के बारे में उन्होंने कहा लोगों के पास अपने शरीर और मन को स्वस्थ और शांत रखने के लिए समय ही नहीं है. इसलिए समाज के हर व्यक्ति को जागरूक होना होगा. आदतों में रात में जल्दी सोने, सुबह जल्दी उठने, रात में भोजन के बाद कम से कम 100 मीटर टहलने, फास्टफूड व जंकफूड से परहेज, तली भुनी चीजों का कम से कम प्रयोग, अधिक मात्रा में मांसाहार भोजन व धूम्रपान एवं मद्यपान से दूरी, उम्र के हिसाब से सुबह उठ कर योग करना, टहलना, खेलना, व्यायाम करना आदि को शामिल करना चाहिए।
डॉ.बघेल ने कहा, हृदय को स्वस्थ रखना हमारे लंबे जीवन के लिए आवश्यक ही नहीं बल्कि निहायत ही जरूरी है. लेकिन अपने आप को स्वस्थ रखने की चाह रखने वाला व्यक्ति अपने रहन-सहन और खान-पान, तैलीय भोज्य पदार्थों के कारण हृदय रोगी बन रहा है. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह बताना है कि ह्रदय को स्वस्थ रखने के लिये दिनचर्या में कैसे बदलाव लाया जाये ताकि ह्रदय की बीमारी से बचा जा सके।
 

 

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के माना इलाके में एक बार फिर चोरों ने सूने मकान में हमला बोला है. एक प्राइवेट कंपनी के अकाउंटेंट के घर से चोरों ने लाखों के जेवरात और नकदी पार कर फरार हो गए हैं।
ये पूरा मामला माना बस्ती इलाके का है. जहां भाटापारा निवासी मुकेश यादव परिवार सहित बीती शाम बेरला के खर्रा गांव गया था. वापस आकर देखा तो उसके घर का सामान बिखरा पड़ा था।
प्रार्थी मुकेश यादव 29 सिंतबर से अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव बेरला के खर्रा गया हुआ था.  जब 30 सितंबर की रात जब घर वापस आया तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था. घर पर सामान बिखरा हुआ है. चोर मकान से 83 हजार नगद और 2 लाख रुपए की जेवर लेकर फरार हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक चोर छत के सहारे कमरे में घुसकर रकम और जेवरों पर हाथ साफ किया है. पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश में जुटी गई है।
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। कृषि, जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा है कि समाज के कमजोर तबके के लोगों की मदद करना शासन-प्रशासन से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है। गोधन न्याय योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना  है। इसके क्रियान्वयन में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि गौठानों में महिला स्व सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाए। ग्राम पंचायतों के तालाब शत् प्रतिशत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मिलना चाहिए। कृषि मंत्री श्री चौबे ने उक्त बातंे आज बिलासपुर स्थित मंथन सभाकक्ष में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मछली पालन विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए कहीं। 
  कृषि मंत्री चौबे ने बैठक में बिलासपुर संभाग के समस्त जिलों में कृषि, उद्यानिकी, पशुधन, मछली पालन विभाग के कामकाज की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना में किसानों को फसल विविधिकरण के लिए प्रोत्साहित करें। किसानों को खेती-किसानी के मामले में हरसंभव मदद एवं विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ देने का पहल करें। कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह ने अधिकारियों को किसानों से लगातार संपर्क रखने और उन्हें मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। 
कृषि मंत्री श्री चौबे ने कहा कि किसानों को रासायनिक उर्वरकों निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की कालाबाजारी करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करें। गोधन न्याय योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को गौठानों का नियमित रूप से भ्रमण करने, महिला स्व-सहायता समूहों की समस्या का तत्परता से निदान एवं उन्हें आवश्यक मदद पहुंचाने के साथ ही वर्मी कम्पोस्ट, सुपर कम्पोस्ट के उत्पादन एवं विक्रय में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में गोधन न्याय योजना के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. एस. भारतीदासन ने गौठान समितियों को ऑनलाईन भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौठान से जुड़े अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वह गौठानों में संचालित आयमूलक गतिविधियों को बढ़ावा दे और अधिक से अधिक गौठानों को स्वावलंबी बनाए। 
कृषि मंत्री श्री चौबे ने बैठक में जिलेवार उद्यानिकी विभाग की नर्सरियों की गतिविधियों की जानकारी ली और उद्यानिकी की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ ही किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में अरपा के कछार में नर्सरी का कार्य बेहतर किया जा सकता है। पारंपरिक रूप से सब्जी बाड़ी का कार्य करने वाले लोगों को बाड़ी विकास कार्यक्रम से जोड़ने के भी निर्देश दिए गए। पशुधन विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मोबाईल वेटनरी यूनिट के माध्यम से अधिक से अधिक शिविर लगाए जाएं। गौठानों में चारागाह विकास का कार्य प्राथमिकता से करें। उन्होंने अधिकारियों को पशुओं के स्वास्थ्य एवं टीकाकरण कर विशेष रूप से ध्यान देने और शत-प्रतिशत की लक्ष्य की पूर्ति के निर्देश दिए। मंत्री श्री चौबे ने मछली पालन विभाग के अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के तालाबों को परम्परागत रूप से मत्स्य पालन करने वाले  केंवट, निषाद जाति के लोगों को प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 
 बैठक में संसदीय सचिव श्रीमती रश्मि सिंह, कृषि विभाग के संचालक श्री यशवंत कुमार, उद्यानिकी विभाग के संचालक श्री माथेश्वरन वी., पशुपालन विभाग की संचालक सुश्री चंदन त्रिपाठी, मछली पालन विभाग के संचालक श्री वी. के. शुक्ला, राज्य जलग्रहण क्षेत्र मिशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रणवीर शर्मा, कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरीस एस सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे। 

panchayattantra24.com,रायपुर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत ने बुधवार को सीतापुर में लोक निर्माण विभाग के नवनिर्मित अनुविभागीय कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। यह भवन करीब 14 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। खाद्य मंत्री ने भवन के विभिन्न कक्षो का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा मंे पूर्ण किया जाए।
  खाद्य मंत्री भगत ने कहा कि सीतापुर क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाना है लेकिन इसमें गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखें । वर्तमान में जो सड़कें खराब है या गड्ढे हो गए है उसकी भराई कर चलने लायक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छतीसगढ़ में धान समर्थन मूल्य में धान खरीदी से किसानों को  धान का सही दाम मिल रहा है। अब  ऐसे मजदूर जिनके पास कृषि भूमि नहीं है उन्हें भी सरकार राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत 6 हजार रुपये सालाना सहयोग राशि देगी। इसके लिए सभी पंचायतों में पंजीयन चल रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्व सहायता समूह की महिलाओं की मांग को स्वीकार करते हुए उनके द्वारा लिए गए ऋण को माफ करने की भी घोषणा की है। इससे स्व सहायता समूह के महिलाओं को बडी राहत मिलेगी और दुबारा ऋण ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की विषम परिस्थिति को देखते हुए प्रदेश के लोगों को खाद्यान्न  की कमी न हो इसके लिए माह अप्रैल से नवंबर तक पीडीएस से निःशुल्क चावल की  व्यवस्था की गई। चावल वितरण में कोई भी लापारवाह न हो, शिकायत मिलने पर संबंधित पर कार्यवाही होगी। पीडीएस दुकान संचालक नियमानुसार दुकान खोलें और सबको चावल वितरण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित थे।
 

 
 panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ अपेक्स बैंक के अध्यक्ष एवं नेशनल फेडरेशन ऑफ स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक्स लिमिटेड (नेफ्सकाब) के नवनियुक्त संचालक  बैजनाथ चंद्राकर ने सहकारी बैंक एवं सहकारी समितियों के काम-काज को कम्प्यूटराईज करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए है। उन्होंने कहा है कि किसानों के हित में मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत खरीफ की सभी फसलों, उद्यानिकी फसलों की इनपुट सब्सिडी की राशि के साथ ही धान, कोदो-कुटकी, रागी आदि की उपार्जन राशि का भुगतान किसानों को ऑनलाईन दिया जा रहा है। इसको देखते हुए सहकारी बैंकों एवं समितियों के काम-काज को अन्य बैंकों की तरह कम्प्यूटराईज किया जाना समय की मांग और आवश्यक है। श्री चन्द्राकर ने अधिकारियों को तत्काल कार्ययोजना को अमली रूप भी देने को कहा है, ताकि किसानों को उनके हक का राशि अविलंब उन्हें प्रदाय की जा सके। 
अध्यक्ष श्री चन्द्राकर ने सहकारी बैंकों एवं समितियों में राशि के लेन-देन का इस तरीके का सिस्टम डेव्हलप करने को कहा है कि किसानों को सहूलियत हो और उन्हें बैंकों और समितियों का चक्कर न लगाना पड़े। समितियों के माध्यम से किसानों को प्रदाय की जाने वाली आदान सहायता के रूप में सामग्री जैसे खाद-बीज आदि की जानकारी भी उन्हें ऑनलाईन मिल सके, इसका भी सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया है। उन्होंने बैंकों एवं समितियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के भी निर्देश दिए है, ताकि वह अपने दायित्वों को बिना किसी त्रुटि के सक्षमता के साथ निभा सके।  
    अपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री चन्द्राकर ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों की बेहतरी के लिए कृषि एवं सहकारी क्षेत्रों में संचालित योजना एवं कार्यक्रमों को देश एवं अन्य राज्यों में सराहा जा रहा है। देश के कई राज्य छत्तीसगढ़ शासन के किसान हितैषी नीतियों को अपने राज्यों में लागू करने की दिशा में बढ़ रहे है। उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को किसानों के हित में अन्य राज्यों में संचालित कार्यप्रणाली का अध्ययन करने और उन्हें छत्तीसगढ़ के किसानों के अनुकूल पाए जाने पर राज्य में  क्रियान्वित किए जाने का प्रतिवेदन तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंकों एवं समितियों का मूल उद्देश्य किसानों की मदद करना और शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि नेशनल फेडरेशन ऑफ स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक्स लिमिटेड (नेफ्सकाब) का संचालक होने के नाते मैं अपनी ओर से राज्य के आदिवासियों, महिलाओं, खेतीहर मजदूरों एवं किसानों की बेहतरी के लिए नेफ्सकाब, नाबार्ड, एनसीडीसी और नैफेड जैसी राष्ट्रीय संस्थाओं के माध्यम से लाभान्वित करने हेतु हरसंभव पहल करूंगा। 
अध्यक्ष चन्द्राकर का स्वागत
    छत्तीसगढ़ अपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री बैजनाथ चन्द्राकर, नेशनल फेडरेशन ऑफ स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक्स लिमिटेड (नेफ्सकाब) का संचालक चुने जाने के बाद मुंबई से आज रायपुर लौटने पर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट एवं अपेक्स बैंक मुख्यालय नवा रायपुर में सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों एवं अपेक्स बैंक के पदाधिकारियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया और उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ अपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री चन्द्राकर को बीते दिनों मुंबई में आयोजित नेफ्सकाब की बैठक में राष्ट्रीय संचालक चुना गया था। श्री चन्द्राकर के संचालक बनने से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सहकारिता के क्षेत्र में सशक्त प्रतिनिधित्व मिला है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर सहकारी आन्दोलन को नई दिशा एवं गति मिलने के साथ ही राज्य की सहकारिता की समस्याओं का राष्ट्रीय स्तर पर निराकरण करने में आसानी होगी। 
इस अवसर पर अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री के.एन. कान्डे, डीजीएम श्री भूपेश चन्द्रवंशी, ओएसडी श्री अविनाश श्रीवास्तव और श्री अनूप अग्रवाल, एजीएम श्री अरूण पुरोहित एवं श्री एल. के चौधरी, शाखा प्रबंधक पंडरी श्री अजय भगत, शाखा प्रबंधक रायपुर श्री सी.पी. व्यास, प्रबंधक सर्वश्री अभिषेक तिवारी, जी.एस. ठाकुर, विनय मिश्रा, सहायक प्रबंधक श्री आलोक यादव, श्री प्रभाकरकांत यादव, श्री राजीव दुबे, श्री विमल सिंह ठाकुर, श्री विजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।