Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना से बचाव के लिए प्रदेश में अब तक (21 सितम्बर तक) एक करोड़ 74 लाख 40 हजार 152 टीके लगाए गए हैं। प्रदेश के एक करोड़ 29 लाख 18 हजार 724 लोगों को इसका पहला टीका और 45 लाख 21 हजार 428 को दोनों टीके लगाए जा चुके हैं। प्रदेश में तीन लाख दस हजार 208 स्वास्थ्य कर्मियों, तीन लाख 18 हजार 104 फ्रंटलाइन वर्कर्स, 45 वर्ष से अधिक के 56 लाख 46 हजार 848 और 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 66 लाख 43 हजार 564 नागरिकों को कोरोना से बचाव का पहला टीका लगाया जा चुका है। वहीं दो लाख 57 हजार 299 स्वास्थ्य कर्मियों, दो लाख 46 हजार 993 फ्रंटलाइन वर्कर्स, 45 वर्ष से अधिक के 26 लाख पांच हजार 741 तथा 18 से 44 आयु वर्ग के 14 लाख 11 हजार 395 लोगों को दोनों टीके लगाए जा चुके हैं।  
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास एवं श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने जांजगीर-चांपा जिला अंतर्गत शिवरीनारायण और नवागढ़ नगरपंचायत में करोड़ों रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. डहरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है कि विगत ढ़ाई वर्ष में प्रदेश के किसानों की आमदनी बढ़ी है और किसान समृद्धि की राह पर आगे बढ़े हैं। कोरोनाकाल में भी राज्य की आर्थिक स्थिति अन्य राज्यों से बेहतर रही। किसानों के खाते में पैसे डाले जाने से राज्य में व्यवसायों में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पिछले 3 वर्षों में अन्य राज्यों की तुलना में विकास की राह पर सबसे आगे हैं ।
नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. डहरिया ने नगर पंचायत शिवरीनारायण में केरा चौक के सौंदर्यीकरण और बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन किया। इसी प्रकार नगर पंचायत नवागढ़ में कुल एक करोड़ 84 लाख की लागत के गौठान निर्माण, पौनी पसारी योजना, कोकड़ी नाला में पुलिया निर्माण और डॉ. बी.आर. सर्व सामाजिक भवन निर्माण का भूमि पूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर शिवरीनारायण के अंबेडकर चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख रुपए, सारथी और साहू समाज के सामुदायिक भवन के लिए 10-10 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने महानदी तट पर घाट निर्माण के विस्तार के लिए भी अपनी सहमति दी। नगर पंचायत नवागढ़ में साहू समाज, सतनामी समाज और केशरवानी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 -10 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा बस स्टैंड में कांप्लेक्स निर्माण, तालाब के सौंदर्यीकरण  और नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य के लिए 85 लाख रुपये की स्वीकृति दी।
मंत्री डॉ डहरिया ने आगे कहा कि आगामी 2 साल में  राज्य के सभी नगरीय क्षेत्रों के सभी घरों में टेप नल से गुणवत्ता युक्त पानी पहुंचाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। इस कार्य के लिए आवश्यकता अनुसार राशि भी उपलब्ध कराई जा रही है। पारंपरिक व्यवसाय करने वाले लोगों के लिए पौनी पसारी योजना के तहत निर्माण कार्य किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि  कि राजीव मितान क्लब का गठन नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है। ऐसे निकाय जिनकी जनसंख्या 22 सौ से अधिक है। वहां दो क्लब का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्लब को साल में एक लाख रूपये विभिन्न आयोजनों के लिए दिए जाएंगे। इसके लिए जरूरी कार्य योजना तैयार की जा रही है। राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. महंत रामसुंदर दास ने कहा कि नगरीय और  ग्रामीण क्षेत्रों में गौठान निर्माण कर गौ संवर्धन के लिए कार्य प्रारंभ हो गया है। अनेक स्थानों पर गौठान निर्माण का कार्य पूर्ण हो गया है और गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी भी प्रारंभ हो गई है। देश का पहला राज्य है जिसने गोबर खरीद कर गौ पालको को अतिरिक्त आय का जरिया दिया है । इससे पशुपालकों में उत्साह का माहौल है।
 इस अवसर पर शिवरीनारायण नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंजनी तिवारी नवागढ़ नगर पंचायत के अध्यक्ष श्री भुनेश्वर केशरवानी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यनीता चंद्रा, उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मण्डल की सदस्य श्रीमती मंजू सिंह, जांजगीर नैला नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री भगवानदास गढ़ेवाल, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, मोतीलाल देवांगन,  प्रिंस शर्मा देवेश सिंस, शिशिर द्विवेदी, रफीक सिद्दीकी, संतोष शर्मा, रामविलास राठौर, सीमा शर्मा श्रीमती प्रीति देवी सिंह, हितेश ठाकुर, सुबोध शुक्ला, निरंजन अग्रवाल, रवि शेखर भारद्वाज, रवि पाण्डे, चोलेश्वर चंद्राकर, शिवरीनारायण नगर पंचायत, उपाध्यक्ष हितेंद्र यादव उपस्थित थे।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। एक्सप्रेस-वे के पास युवक की लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. सिविल लाइन थाना पुलिस के मुताबिक पंडरी ओवर ब्रिज के नीचे एक शख्स का शव मिला है।
 शव की पहचान भूतेश्वर मंदिर कालीनगर निवासी राकेश टंडन, पिता समलया टंडन उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक मृत युवक शराब पीने का आदि था, इसीलिए शराब पीने से मौत की आशंका जताई जा रही है. पुलिस को सूचना मिलते ही मर्ग कायम कर शव की पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस उसके परिजनों समेत दोस्तों से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, जिसके साथ अकसर मृतक घूमता था।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि बस्तर अंचल में जहां स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खुले हैं, वहां बच्चों के लिए हॉस्टल की व्यवस्था भी की जाएगी. मुख्यमंत्री आज यहां अपने निवास कार्यालय में बस्तर से आए सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा कर रहे थे. बघेल के आमंत्रण पर यह प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री निवास पहुंचा था. चर्चा के दौरान प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोगों ने कहा कि राज्य सरकार ने इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रारंभ कर गरीब और आदिवासी परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए एक अच्छी पहल की है. इन स्कूलों में हॉस्टल खुलने से वहां बच्चों को रहने की भी अच्छी सुविधा हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज की समस्याओं को जानने, राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी सीधे समाज के लोगों से प्राप्त करने के लिए आज प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया गया है. सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल में गोंड, धुरवा, हल्बा, दोरला, मुरिया, माड़िया सहित विभिन्न आदिवासी समाज के प्रतिनिधि शामिल थे।
उन्होंने अपनी समस्याओं और उनके निदान, शासन की योजनाओं की मैदानी स्थिति के बारे में खुलकर अपनी बात रखी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बस्तर संभाग के दूरस्थ अंचलों में भी अब शिक्षा, स्वास्थ्य, की अच्छी सुविधाएं मिल रही हैं. पहले अंदरूनी क्षेत्रों में जाने के बारे में लोग सोच भी नहीं सकते थे, लेकिन अब कोंटा, दोरनापाल, जगरगुण्डा, भेज्जी के अंदरूनी क्षेत्रों में लोगों का आना-जाना शुरू हो गया है।
अंदरूनी इलाकों में भी लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड, हेल्थ कार्ड बड़ी संख्या में बने हैं. अभी भी शिविर लगाकर कार्ड बनाए जा रहे हैं. लोगों को वन अधिकार पट्टे का लाभ मिला है। वहीं लघु वनोपजों के संग्रहण और वैल्यू एडिशन से आय, रोजगार के अवसर बढ़े हैं. तेन्दूपत्ता की बढ़ी हुई संग्रहण दर भी लोगों को मिल रही हैं. बड़ी संख्या में सड़क, पुल-पुलिया, भवन निर्माण के कार्य किए गए है और दूरस्थ अंदरूनी इलाके में निर्माण कार्य चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह मंशा है कि आदिवासी अंचलों के लोगों को भी वैसी ही सुविधाएं मिले जैसी सुविधाएं मैदानी अंचल के लोगों को मिल रही हैं. राज्य सरकार आदिवासी अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर से बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
योजनाओं के क्रियान्वयन, तेजी से किए जा रहे विकास कार्यों और बस्तर अंचल के आदिवासियों सहित सभी वर्गों के लोगों के साथ सीधे संवाद से लोगों का राज्य सरकार के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है. बस्तर अंचल के अंदरूनी इलाकों में वर्षों से बंद स्कूल फिर से चालू हुए हैं. राज्य सरकार वन अधिकार सहित आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए सजग है।
 

लाइफ लाइन एक्सप्रेस में होगी आंखों की जांच और कान की सर्जरी भी और अन्य सुविधाएं भी मौजूद
 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। भारत के पिछड़े इलाकों में लोगों को अस्पतालों से जुड़ी सेवा देने के लिए एक ट्रेन को ही अस्पताल का रूप दे दिया गया है. इस ट्रेन को लाइफ लाइन एक्सप्रेस के नाम से जाना जाता है. पटरी पर चलता फिरता यह अस्पताल देश के लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहा है।
लाइफ लाइन एक्सप्रेस 26 सितंबर को छत्तीसगढ़ के विश्रामपुर स्टेशन पहुंचेगी. यह विश्व का पहला रेल अस्पताल है, जहां ट्रेन कोच में सभी चिकित्सकीय सुविधाएं मौजूद हैं. ट्रेन में डॉक्टर व सर्जन मौजूद रहेंगे।
जीवन रेखा एक्सप्रेस या लाइफ लाइन एक्सप्रेस नाम से पटरियों पर दौड़ता यह अस्पताल साल 1991 में शुरू किया गया था. देश के दूरदराज के इलाकों में लोगों को फ्री इलाज देने के लिए बनाई गई लाइफ लाइन एक्सप्रेस वास्तव में ग्रामीण इलाके के लोगों की बड़ी सेवा कर रही है।
Life Line Express शिविर का आयोजन विश्रामपुर रेलवे स्टेशन में 26 सितंबर से 13 अक्टूबर तक किया जा रहा है. इससे पहले वर्ष 1999, 2006 और 2011 में यहां Life Line Expressआ चुकी है. इस शिविर में 1 अक्टूबर तक आंख की जांच व मोतियाबिंद, 3 से 8 अक्टूबर तक कान की जांच व सर्जरी, 8 से 11 अक्टूबर तक 14 साल से कम उम्र के लोगों के मुड़े हुए पैर का परीक्षण व सर्जरी की जाएगी. वहीं कटे फटे होंठ की जांच व सर्जरी भी की जाएगी. 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ग्रीवा कैंसर जागरूकता व परीक्षण, शुगर की जांच व दांत की जांच अलग-अलग तारीखों में की जाएगी।
 

 

panchayattantra24.com,रायपुर। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना स्थल में हड़ताल में बैठे कोरोना योद्धाओंने एक बड़ा और चिंताजनक बयान दिया है. हड़ताली कोरोना योद्धाओं का कहना है कि हिंसा का मार्ग चुनो नक्सली बन सरेंडर करो सरकार नौकरी देगी. उनका कहना है कि सेवा का मार्ग चुनो कोरोना योद्धा बनो सरकार बेरोजगारी देगी. बता दें कि कोरोना योद्धाओं को हड़ताल का 30 वां दिन है।
बस्तर में कोरोना काल के दौरान अपनी सेवा देने वाले अस्थाई स्वास्थ्यकर्मी नवीन ध्रुव ने बताया कि बस्तर में युवा नक्सली क्यों बनते हैं  ? क्योंकि जो हिंसा का मार्ग अपनाकर नक्सली बनते हैं हिंसक वारदातों को अंजाम देते हैं और जब वह सरेंडर करते हैं तो सरकार उन्हें नौकरी देती है. लेकिन हम जैसे पढ़े लिखे युवा कोरोना जैसी महामारी में सेवा का मार्ग चुन लोगों की सेवा की है, जान जोखिम में डालकर लोगों की जान बचाई है. लेकिन कोरोना की रफ्तार कम होने पर सरकार हमें बेरोजगार कर रही है. तो ऐसे में बस्तर का युवा करें तो करें क्या ? सेवा का मार्ग चुने की हिंसा का ??
क्रांतिकारी कोरोना योद्धा संघ के प्रदेश अध्यक्ष हुमेश जायसवाल ने कहां कि अगर सरकार का नियमितीकरण का उद्देश्य स्पष्ट है तो तत्काल सेवा वृद्धि के आदेश जारी करें अगर सरकार को वित्त विभाग औऱ अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए समय चाहिए तो हम 3 माह के लिए फ्री में सेवा देने के लिए तैयार. लेकिन तत्काल सरकार उन्हें सेवा वृद्धि के आदेश जारी कर हमारी मांगों को पूरा करें।
बता दें की कोरोना की पहली और दूसरी लहर में सेवा देने वाले अस्थाई स्वास्थ्यकर्मी सेवा वृद्धि की मांग को लेकर क्रांतिकारी कोरोना योद्धा संघ के बैनर तले पिछले 30 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. हालांकि सरकार ने उनकी नियमितीकरण एवं शर्तों पर स्वास्थ्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है. लेकिन फिर भी स्वास्थ्यकर्मी धरना प्रदर्शन स्थल पर डटे हैं. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी तब तक वह यहां से हटने वाले नहीं हैं।
 

अमर शहीद गोंड महाराजा शंकरशाह व कुंवर रघुनाथ शाह गढ़ा साम्राज्य के गोंडवाना शासक थे
 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के ग्राम-चुरनाटोला में महान बलिदानी राजा अमर शहीद शंकरशाह व कुंवर रघुनाथ शाह के प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम का आयोजन गोंड समाज महासभा मध्यप्रदेश द्वारा किया गया। राज्यपाल ने अमर शहीद शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह को नमन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह की अमर बलिदान गाथा हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत है, जो हम सभी को राष्ट्र प्रेम की प्रेरणा देते हैं। 
राज्यपाल ने कहा कि समाज के लिए एकजुट होकर प्रयास करें। इस समय कुछ विघटनकारी तत्व समाज को विघटित करने का प्रयास कर रहे हैं, धर्म, सम्प्रदाय, जाति के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं, उनसे सावधान रहने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने कहा कि मैं भी स्वयं गोंड समाज से हूं। गोंडी भाषा को स्थान मिले और उसके विकास के लिए मैं हरसंभव प्रयास करूंगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी प्रकृति का पूजक होता है। मेरा आग्रह है कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को न भूलें। उन्होंने आदिवासियों के जमीन अधिग्रहण के समय शेयर होल्डर बनाने का भी सुझाव दिया।
राज्यपाल ने कहा कि आदिवासी समाज में वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, राजा शंकरशाह और कुंवर रघुनाथ शाह जैसे अनेकों महानायक हैं, जिन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में योगदान दिया है। इनमें से कई का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो पाए और गुमनामी में खो गए। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर उन्हें याद किये जाने की आवश्यकता है। उनकी जानकारी नई पीढ़ियों को दी जानी चाहिए, ताकि अपने पूर्वजों के योगदान को जान सकें। उइके ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष पद के तौर पर किए गए कार्यों की जानकारी दी।
राज्यपाल ने कहा कि अमर शहीद गोंड महाराजा शंकरशाह व कुंवर रघुनाथ शाह गढ़ा साम्राज्य के गोंडवाना शासक थे। यह भूमि शुरू से ही वीरों की भूमि रही है। राजा शंकर शाह अंग्रेजों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के विरुद्ध थे और अंग्रेजों से स्वतंत्रता चाहते थे। डलहौजी की हड़प नीति के बाद भारत में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि तैयार हो रही थी जिसकी जानकारी राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह को भी लग गई थी। पिता-पुत्र ने तत्कालिक परिस्थितियों में शक्तिशाली संगठन तैयार कर लिया और मध्य प्रांत में धीरे-धीरे उनके नेतृत्व में मोर्चा तैयार हो गया। 
राज्यपाल उइके ने कहा कि राजा शंकर शाह ने मध्यप्रांत में बैठक बुलाकर अंग्रेजों से विद्रोह के लिए योजना बनाई। उसी समय गुप्तचरों के माध्यम से जबलपुर केंटोनमेंट छावनी के कमिश्नर को राजा शंकर शाह के योजना की भनक मिल गई और उन्होंने गढ़ा पुरवा में हमला बोल कर राजा शंकर शाह और रघुनाथशाह को गिरफ्तार कर लिया। इन पिता-पुत्र के समक्ष अंग्रेजों ने संधि की शर्त रखी और कहा कि शर्तें मानने के बाद इन उन्हें माफ कर दिया जाएगा। पिता-पुत्र ने इन शर्तों को स्वीकार नहीं किया फलस्वरूप उन्हें फांसी की सजा सुनाई गई और 18 सितंबर 1857 को उन्हें फांसी दे दी गई। उन्होंने कहा कि जब उन्हें फांसी की सजा दी गई तब भी उनमें भय का कोई चिन्ह नहीं था। अंग्रेजों ने यह सोचा कि सार्वजनिक रूप से फांसी देने के पश्चात जनता में भय व्याप्त होगा, जबकि इसके उलट परिणाम हुए और पूरे मध्यप्रांत में क्रांति की ज्वाला भड़क उठी। उनके बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सका।
राज्यपाल ने कहा कि इस समय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। हम सभी स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले नायकों को याद कर रहे हैं। ऐसे लोगों को भी याद करना चाहिए जिसका नाम किन्हीं कारणों से सामने नहीं आ पाया। हमें यह याद रखना चाहिए कि जब हमारा देश गुलाम था, तो उस समय हमारे पूर्वजों के समक्ष अनेक चुनौतियां थी। इसके बावजूद वे पथ से नहीं डिगे, उनका लक्ष्य था अंग्रेजों से मुक्ति दिलाना। फलस्वरूप 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ, लेकिन आज हमारे समक्ष अलग प्रकार की कई चुनौतियां है। हमें इनका सामना करना चाहिए और एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर।  पंडो जनजाति के लोगों की हो रही मौत पर सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि इस मामले में राज्यपाल से शिकायत की जाएगी. जरूरत पड़ी तो इस मामले को राष्ट्रपति तक ले जाएंगे. इस बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पंडो जनजाति के बारे में काम करने की बहुत आवश्यकता है, लेकिन रमन सिंह और बीजेपी के लोग बताएं कि 15 साल तक उन्होंने पंडो जनजाति के लिए क्या किया। 
धरमलाल कौशिक ने कहा कि बलरामपुर में संरक्षित जनजाति पंडो की मौतें देश के लिए चिंता की वजह है. इन जनजाति के लोग कुपोषण का शिकार हो रहे हैं. खाने पीने में असुविधा हो रही है. उचित इलाज की व्यवस्था सरकार की ओर से नही हो रही है. सरकार उदासीन है. यही वजह है पंडो जनजाति के लोगों की लगातार मौतें हो रही है, पहले से ही पंडो की जनसंख्या कम है, हालात नही सुधरे तो स्थिति और खराब हो जाएगी. इन मुद्दों को लेकर राज्यपाल से शिकायत की जाएगी. जरूरत पड़ी तो राष्ट्रपति तक इस मुद्दे को ले जाया जाएगा. सरकार यदि स्थिति नही संभाल सकती तो सीधे कह दे। 
कुपोषण में लगातार कमी – सीएम भूपेश
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा 15 साल तक उनके लिए कोई योजना अगर बनाए हो तो बताएं. छत्तीसगढ़ में नक्सली से बड़ी समस्या कुपोषण है. प्रदेश में 5 साल से कम उम्र वाले 41% लोग कुपोषित है. 47% महिलाओं में एनीमिक खून की कमी है. इस दिशा में हम काम शुरू किए है. हमारी सरकार में कुपोषण में लगातार कमी आई है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहाँ अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालकों को गोबर क्रय की राशि और गोठान समितियों तथा स्वसहायता समूहों को उनके लाभांश की राशि इस प्रकार कुल 5 करोड़ 24 लाख की राशि उनके बैंक खाते में अंतरण किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त कमलप्रीत सिंह एवँ विशेष सचिव डॉ. एस भारतीदासन भी उपस्थित थे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना इलाके में पुलिस ने नाईट्रोसन टेबलेट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में जानकारी देते हुए खमतराई उप निरीक्षक अजय झा ने बताया कि मुखबीर के सूचना मिली थी कि आर एम मेडिकल स्टोर्स रांवाभाठा में एक दुकानदार बिना डक्टर के पर्ची देखे नशीला टेबलेट लोगों को बेच रहा है। जिसकी तस्दीक करने के लिए पुलिस ने एक युवक को ग्राहक बनाकर भेजा। युवक ने 650 रूपये देकर नशीली दवा खरीदा। जिसके आधार पर पुलिस ने रेड कार्यवाही कर आर एम मेडिकल स्टोर्स के काउंटर पर बैठे आरोपी प्रफुल दुबे उम्र 38 साल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से नाईट्रोसन-10 की 120 टेबलेट जिसकी कीमत कीमत 650 रुपए है। और अपडील-सीएम कफ सिरप की 89 नग शीशी जिसकी कीमत 10,502 रुपए है। पुलिस ने आरोपी प्रफुल दुबे के खिलाफ आईपीएसी की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज किया है।