Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया 21 सितंबर को जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण और नवागढ़ में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार मंत्री डॉ. डहरिया 21 सितम्बर को 10 बजे अपने निज निवास रायपुर से पलारी, कसडोल, गिधौरी होते हुए कार द्वारा शिवरीनारायण के लिए प्रस्थान करेंगे। वे दोपहर 1 बजे से 2.30 बजे तक शिवरीनारायण में भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 2.30 बजे वे शिवरीनारायण से नवागढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे और अपरान्ह 3 बजे से 4.30 बजे तक नवागढ़ में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4.30 बजे वे रायपुर के लिए प्रस्थान कर रात्रि 7.45 बजे निज निवास रायपुर पहुचेंगे।

panchayattantra24.com,रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के दिल्ली दौरे पर डॉ. रमन सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि वे ख्याली पुलाव न पकाएं. वो अपने दल और अपनी स्थिति को देखें. किसी के घर में तांक-झांक ना करें।
दुर्ग जिले में सेलूद में आयोजित सहकारिता सम्मेलन के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने कहा कि रमन सिंह की वो बातें याद आ रही है, जब वो कहते थे कि भूपेश सुबह तैयार होकर मीडिया से बात करते हैं, और उनके पास कोई काम नहीं है. आज यह बात रमन सिंह पर लागू हो रही है. पुरंदेश्वरी कह चुकी है कि उनकी पार्टी में मुख्यमंत्री का अभी कोई चेहरा नहीं है. आज रमन सिंह की बात का जबाब देना मैं उचित नहीं समझता।
नेताओं के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के नेताओं के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि आज हमारे दो पूर्व साथी राजेन्द्र भाटिया और युध्दवीर सिंह जूदेव के जाने से अपूरणीय क्षति हुई है. दोनों के साथ काम करने का अवसर मिला, दोनों ही नेता बहुत ही सरल और मिलनसार रहे है. उनके प्रति अपनी शोक भावना व्यक्त करता हूं. मुख्यमंत्री बघेल के साथ गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे भी रवाना हुए।
सिंहदेव ने दिल्ली यात्रा को बताया था व्यक्तिगत
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव आज दिल्ली रवाना हुए. एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में दौरे को गैर राजनीतिक बताते हुए कहा कि व्यक्तिगत कारण की वजह से वे दिल्ली जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि अपनी बहन आशा देवी का जन्मदिन मनाने के लिए वे दिल्ली गए हैं।
रमन सिंह ने यात्रा को लेकर कही थी यह बात
वहीं सिंहदेव के दिल्ली जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा था कि स्वास्थ्य मंत्री किसी को कुछ बताते नहीं है. पूछने पर कहते हैं कि मुझे नहीं बोलने कहा गया है. उनकी राहुल गांधी से क्या बात होती है. इसकी किसी को जानकारी नहीं है. सब अनुमान लगाते रहते हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। जिन व्यापारियों को नए बस स्टैंड में दुकान खरीदनी हो ये खबर उनके काम की है. इसकी अधिकृत जानकारी नगर निगम रायपुर द्वारा जारी की गई है।
श्री बालाजी स्वामी ट्रस्ट श्री दूधाधारी मठ अंतर्राज्यीय बस स्टैंड भाठागांव रायपुर के भूतल में उपलब्ध स्थान पर लगभग 8×6 वर्गफीट के 14 दूकानों के लिए रायपुर जिला शहरी सार्वजनिक सर्विस सोसायटी द्वारा निविदा क्रमांक 83038 दिनांक 08.09.2021 जारी किया गया है, जिसकी निविदा शुल्क राशि रू.5900.00 एवं अमानत राशि रु 20000.00 रू रखा गया है, जो की बस ऑपरेटरों के लिए है।
जिसमें जिन बस ऑपरेटरों के पास 03 बस या उससे अधिक बस है तथा जिनका वार्षिक टर्नओवर 30 लाख रूपये है एवं जिनके पास छ.ग. रजिस्ट्रेशन की बसें है वो भाग ले सकते है. इन दूकानों का ऑफसेट प्राईज राशि रू. 90.00/ प्रति वर्गफीट प्रति माह रखा गया है. कोई भी बस ऑपरेटर इन सभी दुकानों हेतु निविदा दर प्रस्तुत कर सकता है किन्तु केवल 1 ही दुकान का आबंटन निविदाकार को किया जावेगा. जिस भी निविदाकार के द्वारा अधिकतम दर प्रस्तुत किया जावेगा उन्हें दुकान आबंटित कर दी जावेगी।
भूतल में में भी उपलब्ध है दुकान
इसी प्रकार बस स्टैण्ड के भूतल प्रथम तल एवं द्वितीय तल में स्थित दूकानों हेतु निविदा क्रमांक 83037 दिनांक 08.09.2021 जारी किया गया है जिनमें कुल 26 दुकाने है एवं 08 कियोस्क है. दुकानों की साईज लगभग 435.72, 158.77, 776.62, 638.72, 208,61, एवं 81.37 वर्गफिट का है जिनमें से कुछ दुकान की उंचाई डबल है जिनका ऑफसेट प्राईज 110. 00 रू. प्रति वर्गफीट प्रतिमाह रखा गया है तथा अन्य दुकानों का ऑफसेट प्राईज राशि रु. 800 से 90 रु. के मध्य रखा गया है. कोई भी निविदाकार सभी 34 दुकानों के लिए निविदा में भाग लेकर सभी दुकानों को प्राप्त कर सकता है. इसमें निविदा शुल्क की राशि रू. 5900.00 एवं अमानत राशि रु. 5.00 लाख रखा गया है, जो की किसी 1 दुकान हेतु निविदा करने या सभी 34 दुकानों हेतु निविदा करने हेतु समान है. इसमें किसी भी तरह की शर्त नहीं रखी गई है।
बस स्टैण्ड की द्वितीय तल में स्थापित 19 डोरमेट्री हेतु निविदा क्रमांक 82957 दिनांक 07.09.2021 जारी किया गया है. सभी डोरमेट्री को मिलाकर कुल जगह 9140.00 वर्गफिट है, जिसके लिए राशि रू.30 लाख प्रति वर्ष ऑफसेट प्राईज रखा गया है. निविदा शुल्क की राशि रू. 5900.00 एवं अमानत राशि रू. 10 लाख रखा गया है. इस निविदा में भाग लिए जाने हेतु निविदाकार को होटल (लॉज), हॉस्टल आदि संस्थान चलाए जाने का अनुभव होना चाहिए तथा उनका वार्षिक टर्नओवर 1 करोड़ का होना चाहिए।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जगहों पर फिल्म सिक्स सस्पेक्ट्स की शूटिंग हो रही है. बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आशुतोष राणा की इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म सिक्स सस्पेक्ट्स के कुछ हिस्से छत्तीसगढ़ विधानसभा में शूट हो रहे हैं. इसी कड़ी में आज संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने फिल्म के निर्देशक तिग्मांशू धुलिया की मौजूदगी में मुहूर्त शॉट दिया।
दरअसल, तिग्मांशु धुलिया के निर्देशन में बन रही फिल्म सिक्स सस्पेक्ट् के कुछ हिस्से छत्तीसगढ़ में शूट हो रहे हैं. इस दौरान संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत छत्तीसगढ़ शासन में राज्य योजना आयोग के सलाहकार गौरव द्विवेदी भी मौजूद रहे।
इस दौरान मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि फ़िल्म नीति से फायदा छत्तीसगढ़ सिनेमा को मजबूती मिलेगी. राज्य के कलाकारों को रोजगार मिलेगा. उन्होंने कहा कि आशुतोष राणा के साथ राज्य के कई कलाकार काम कर रहे हैं. इस वेब सीरीज में पूर्व विधायक परेश बागबाहरा और कुछ स्थानीय नेता भी काम कर रहे हैं।
इस फिल्म में आशुतोष राणा जैसे दिग्गज अभिनेता मुख्य भूमिका में हैं. उन्होंने छत्तीसगढ़ की नई फिल्म नीति की तारीफ भी की थी. उल्लेखनीय है कि हाल ही में छत्तीसगढ़ की नई फिल्म नीति का अनुमोदन मंत्रिपरिषद की बैठक में किया गया था. संस्कृति मंत्री ने इस नई फिल्म नीति को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार का क्रान्तिकारी कदम बताया था, जिससे यहाँ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में स्थानीय कलाकारों के लिये नए अवसर निर्मित होंगे।
इस संबंध में अभिनेता आशुतोष राणा ने ट्वीट करते हुए कहा था कि सरकार की इस योजना ने देश-दुनिया के फिल्मकारों का ध्यान छत्तीसगढ़ के अनूठे प्राकृतिक सौंदर्य पर केंद्रित होगा और सरकार की इस योजना का सीधा लाभ स्थानीय कलाकारों और निवासियों को मिलेगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। बीजेपी के पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव का निधन हो गया है. उन्हें गंभीर हालत में बेंगलुरू के एन निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक चंद दिनों में उनका लीवर ट्रांसप्लांट किया जाना था, लेकिन स्थिति अनियंत्रित होने की वजह से ट्रांसप्लांट नहीं किया जा सका था. लेकिन अब उनके निधन की सूचना है।
बता दें कि पिछले कुछ महीनों से युद्धवीर सिंह जूदेव लीवर के गंभीर संक्रमण से जूझ रहे थे. हालत बिगड़ने पर पहले उन्हें दिल्ली के इंस्टिट्यूट ऑफ़ लीवर एंड बिलिअरी साइंसेस में भर्ती किया गया था, जहां एक पखवाड़े से ज्यादा समय तक उनका इलाज किया गया, लेकिन स्थिति में कुछ सुधार नहीं होने के बाद उन्हें बेंगलुरू के एस्टर हॉस्पिटल ले जाया गया था।
स्व.दिलीप सिंह जूदेव के बेटे युद्धवीर सिंह जूदेव चंद्रपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं. पिछले दिनों दिल्ली में भर्ती रहने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय समेत कई आला नेताओं ने वहां जाकर पूछपरख की थी. बताते हैं कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दिल्ली के इंस्टिट्यूट आफ लीवर एंड बिलिअरी साइंसेस के डाक्टरों से फोन पर बेहतर इलाज के निर्देश दिए थे।
कौन थे युद्धवीर सिंह जूदेव ?
युद्धवीर सिंह जूदेव जशपुर राजघराने के छोटे बेटे थे. उन्होंने बैंगलोर अस्पताल में आज सुबह 4 बजे ली अंतिम सांस. युद्धवीर, जिला पंचायत सदस्य से लेकर विधायक व संसदीय सचिव समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं. युद्धवीर सिंह जूदेव, छत्तीसगढ़ के चंद्रपुर विधानसभा से 2 बार विधायक रह चुके हैं, युद्धवीर सिंह जूदेव जशपुर कुमार स्व. दिलीप दिलीप सिंह जूदेव के सबसे छोटे बेटे थे।

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव आज दिल्ली रवाना हुए. एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों से ज्यादा बात तो नहीं की, लेकिन उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि हर दौरा राजनीतिक कारणों से नहीं होता।
मेरी व्यक्तिगत ज़िंदगी भी है. बताया जा रहा है कि टीएस सिंहदेव की बहन आशा देवी का जन्मदिन है. इसलिए वे दिल्ली जा रहे हैं।
टीएस सिंहदेव की छोटी बहन है आशादेवी (आशा कुमारी). वे हिमाचल प्रदेश के डलहौजी से 6 बार कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव जीत चुकी है. बता दें कि वे अपने बड़े भाई यानी टीएस सिंहदेव को प्यार से ‘दादा’ बुलाती है।

panchayattantra24.com,रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के वरिष्ठ अधिकारी कर्मचारियों को परेशान करें ये कोई नई बात नहीं है. ये वहीं रेल मंडल हैं जहां के डीआरएम देर रात विदाई पार्टी में जीएम के साथ गाना न गाने वाली महिला कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया जाता है. अब इसी रेल मंडल से एक आदिवासी महिला को पेशान करने का मामला सामने आया है।
ये रेल कर्मचारी मूलतः भिलाई में पदस्थ बताई जा रही है. एक सूत्र ने बताया कि चंद दिनों पहले महिला को दुर्ग के फैमली कोर्ट जाना था, जिसके लिए उसने छुट्टी का आवेदन लगाया. लेकिन आवेदन न स्वीकार करते हुए उसी दिन उसका ट्रांसफर रायपुर कर दिया गया और अनामिका शुक्ला ने उक्त कर्मचारी पर ये दबाव बनाया कि वे उसी दिन रायपुर में ज्वाईनिंग दे या नौकरी छोड़ दे।
आयोग में फोन कर बना रहे दबाव
इसके बाद परेशान महिला रेल कर्मचारी राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग न्याय की गुहार लेकर पहुंची. लेकिन रेलवे अधिकारियों के हौंसले देखिए वे सीधे आयोग के अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों को विभिन्न माध्यमों से फोन लगवाकर मामले को रफा-दफा करने दबाव बनवा रहे है।
अब आयोग भी इस मामले में सख्त हो गया है और आयोग ने एक पत्र रेल मंडल के DRM और दक्षिण पूर्व रेल मंडल (SECR) के GM को पत्र लिखकर उक्त कार्मिक विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों पर कार्रवाई करने कहा है।
इस संबंध में कार्मिक विभाग के सीनियर डीपीओ से उनका पक्ष जानने उन्हें फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

panchayattantra24.com,रायपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और संसद सदस्य (राज्यसभा) रामविचार नेताम ने प्रदेशभर और विशेषकर आदिवासी बहुल इलाक़ों में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर जमकर निशाना साधा है. नेताम ने कहा कि प्रदेश में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के सरकारी दावे ज़मीनी तौर पर खोखले नज़र आ रहे हैं. सुपोषण के नाम पर चलने वाली योजनाओं का हाल यह है कि बलरामपुर ज़िले के दोलंगी (रामचन्द्रपुर विकासखंड ) में पण्डो जनजाति के एक ही परिवार के दो पुत्र सहित पिता की चार दिन के अंतराल में कुपोषण के कारण मौत हुई है
नेताम ने स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में छत्तीसगढ़ के बेहतर प्रदर्शन के की ढफली पीटते प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं का आलम यह है कि प्रदेश के गांवों में बनाए गए स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाली दूर करने के बजाय 63 नए सामुदायिक, प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना का ढोल पीटकर प्रदेश के लोगों को सब्जबाग दिखा रही है
नेताम ने कहा कि विकास के तमाम दावों की ज़मीनी सच्चाई यही है कि बारिश आने के बाद खाट-काँवर और कंधों पर मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुँचाया जाता है, और वहां भी बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों की कमी, मौज़ूद स्टाफ द्वारा मरीजों के साथ बदसलूकी से मरीजों को दो-चार होना पड़ता है
नेताम ने कोरिया के बैकुंठपुर ज़िला अस्पताल में बच्चों में सर्दी-खांसी और बुखार के प्रकोप जैसे हालात और बच्चों को ज़मीन पर लिटाकर उनका इलाज कराए जाने की ख़बरों का हवाला देते हुए कहा कि मौसमी और छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी लोगों को शहरों की ओर जाने के लिए विवश होना पड़ रहा है.
नेताम ने कहा कि आदिवासियों के प्रति प्रदेश सरकार का रवैया सौतेलोपन से भरा हुआ नज़र आ रहा है. बलरामपुर ज़िले के रामचंद्रपुर ब्लॉक के गांजर ग्राम में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र व विशेष संरक्षित पण्डो जनजाति की एक चार वर्षीया बच्ची की मौत का ज़िक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पण्डो जनजाति के संरक्षण के प्रति दुर्लक्ष्य कर ही रही है. न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में लोग अपनी जान गवां रहे हैं, बलकि अब प्रदेश सरकार और सत्तारूढ़ दल के राजनीतिक संरक्षण में फल-फूल रहे रेत माफ़िया के कारण भी पंडो जनजाति के लोगों की जान सांसत में पड़ गई है.
नेताम ने कहा कि रेत माफ़िया के ओवरलोड ट्रकों ने सड़क की ऐसी दुर्दशा कर दी है कि उक्त बीमार बच्ची को महज़ 22 किमी दूर स्थित अस्पताल पहुंचाने में एम्बुलेंस को आधा घंटे के बजाय डेढ़ घंटे का समय लगा क्योंकि उक्त एम्बुलेंस जर्जर सड़क के कारण ट्रकों के बीच फंस गई थी. समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाने के कारण उस बच्ची के जीवन की रक्षा नहीं की जा सकी.
नेताम ने कहा कि रामचंद्रपुर ब्लॉक में रेत माफ़िया ने नदियों से रेत खनन का काम भरी बरसात के मौसम में पूरे समय बेधड़क किया. कांग्रेस के नेताओं और क्षेत्रीय विधायक का राजनीतिक संरक्षण हासिल होने के कारण रेत माफ़िया पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.
उन्होंने कहा कि कहा कि प्रदेश सरकार पंडो जनजाति के प्रति दुर्भावना और संवेदनहीनता की पराकाष्ठा कर रही है. चार माह में इस विशेष संरक्षित जनजाति के 20 लोगों की मौत हो जाती है. इसी ब्लॉक में इसी जनजीति की एक प्रसूता महिला के साथ छुआछूत दिखाकर दुर्व्यवहार करके अस्पताल से भगा दिया जाता है, लेकिन प्रदेश सरकार को इस बात का ज़रा भी मलाल नहीं है. वह सत्ता-संघर्ष के खेल में मशगूल होकर सत्तालोलुपता का शर्मनाक प्रदर्शन कर रही है
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की उदासीनता पर भी कटाक्ष किया और कहा कि सरगुजा संभाग से राजनीति कर रहे और ख़ुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताने में लगे मंत्री सिंहदेव भी पण्डो जनजाति के साथ हो रहे अन्याय की लगातार सामने आ रही वारदातों को लेकर क़तई गंभीर नहीं हैं.

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री तथा आरंग विधानसभा के विधायक डॉ. शिवकुमार डहरिया आरंग विकासखण्ड़ के नवगठित नगर पंचायत मंदिर हसौद में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मंदिर हसौद क्षेत्र की पहचान पहले से हैं। नगर पंचायत बनने के बाद विकास कार्यों की स्वीकृति के साथ लोकार्पण एवं भूमिपूजन से यह तय है कि मंदिर हसौद का विकास तेजी से बढ़ेगा। मंत्री डॉ. डहरिया ने यहां एक करोड़ 37 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और एक करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक के कार्यों का लोकार्पण किया।
मंत्री डॉ. डहरिया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मंदिर हसौद नगर पंचायत को विकास कार्यों की लगातार सौगात दी जा रही है। कोरोना काल में भी लोगों को विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई की व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह सजग है और उपलब्ध भी करा रही है। मंत्री डॉ. डहरिया ने आगे कहा कि गांव के लोगों को जो रोजगार मिलता था, वह मंदिर हसौद क्षेत्र के लोगों को नगर पंचायत बनने से मिलता रहे इसके लिए भी पूरा प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। सरकार द्वारा धान के बदले अन्य फसल और वृक्षारोपण करने वालों को प्रति एकड़ 10 हजार की राशि देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। सूखा प्रभावित किसानों को भी राहत राशि देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ करने के साथ बिजली बिल हाफ कर लोगों को राहत पहुचाया गया है। हमारी सरकार प्रदेश के लोगों के साथ मिलकर विकास के कार्यों को पूरा कर रही है। लोगों को अच्छी सड़क मिले, घर में नल कनेक्शन से पानी मिले इसके लिए भी सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र में सामुदायिक भवन, सड़क,सीसी रोड़ निर्माण सहित अन्य कार्य लगातार स्वीकृत कर विकास की धारा बहाई जा रही है। उन्होंने बताया मंदिर हसौद क्षेत्र में 13 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। 3 करोड़ 70 लाख से अधिक के कार्यों को पूर्ण किया जा चुका है। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश यादव, श्री द्वारिका साहू, कोमल साहू, श्री प्रेमनारायण मिश्रा, श्री शोभित साहू, श्री संतोष सिन्हा, श्री अवधेश मिश्रा, श्री दिलीप जोशी, श्री नरसिंह अग्रवाल, श्री नोहर यादव, श्रीमती तारिणी पिंटू निर्मलकर श्री दिनेश्वरी टण्डन, श्री रेखराम पात्रे, श्री ओम प्रकाश बघेल आदि उपस्थित थे।
मंत्री ने 1 करोड़ से अधिक के कार्यों की घोषणा
नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ.डहरिया ने मंदिर हसौद कुरूद के कार्यक्रम में ढ़ाई करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान कार्यक्रम में उन्होंने 1 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा भी की। मंत्री डॉ.डहरिया ने सर्व मांगलिक भवन हेतु 25 लाख रुपए, कुरूद में नाली के लिए 50 लाख रुपए, रामलीला रंग मंच कुरूद में शेड निर्माण के लिए 5 लाख, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हेतु 20 लाख रुपए और कुरूद में 5.5 लाख रुपए महिला भवन हेतु घोषणा की। मंत्री ने वार्ड क्रमांक 8 में तहसील कार्यालय से व्यावसायिक परिसर तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य, लागत राशि 7.90 लाख रूपये, वार्ड क्रमांक 7 व्यावसायिक परिसर से जयकारा ट्रेडिंग तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य, लागत राशि 28.26 लाख रूपये, वार्ड क्रमांक 7 व्यावसायिक परिसर से जयकारा ट्रेडिंग तक आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य, लागत राशि 15.23 लाख रूपये,वार्ड क्रमांक 5 मेन रोड से बांधे घर तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य, लागत राशि 20.55 लाख रूपये, वार्ड क्रमांक 5 मेन रोड से बांधे घर तक आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य, लागत राशि 15.23 लाख रूपये, वार्ड क्रमांक 01 से 20, निकाय के विभिन्न स्थानों में विद्युत पोल विस्तार एवं ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य, लागत राशि 30.00 लाख रूपये, वार्ड क्रमांक 15 वर्मा समाज सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, लागत राशि 15.00 लाख रूपये, वार्ड क्रमांक 11 मेहर समाज सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, लागत राशि 5.00 लाख रूपये के कार्यो का भूमिपूजन और मेन रोड से रामलीला चौक (कुरूद) तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य, लागत राशि 27.45 लाख रूपये, बंधवा तालाब से डबरी तालाब (कुरूद) तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य, लागत राशि 32.23 लाख रूपये, विभिन्न वार्डों में सी.सी. रोड एवं नाली निर्माण कार्य, लागत राशि 53.64 लाख रूपये,तीनों कार्यों की कुल लागत राशि 113.32 लाख रूपये के कार्यों का लोकार्पण किया।

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया अभियंता दिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ अर्बन इंजीनियर्स एसोसिएशन द्वारा होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने इंजीनियरों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह एक चिकित्सक का पेशा जिम्मेदारियों से और किसी के जीवन से जुड़ा होता है, उसी तरह इंजीनियरों का कार्य भी अंधोसंरचना के साथ विकास से जुड़ा होता है। इसी अधोसंरचना और निर्माण से विकास की नींव तैयार होती है। एक सुनहरा भविष्य बुना जाता है। किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ उसे बेहतर से बेहतर बनाते हुए एक लैण्डमार्क बनाने में इंजीनियर की अदभुत कौशल कला नजर आती है। इसलिए इंजीनियर्स की पहचान एक सृष्टिकर्ता के रूप में भी होती है। उन्होंने कहा कि गुण्वत्तामूलक कार्य करने वाले इंजीनियरों की पहचान सदैव ही होती है। आकर्षक भवन, निर्माण कार्य को देखकर इंजीनियर के कौशल का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. डहरिया ने छत्तीसगढ़ के नगरीय विकास में इंजीनियरों के योगदान की सराहना करते हु कहा कि ओ भी वे इसी तरह कार्य करते रहे। वर्तमान में कार्यरत उच्चाधिकारियों वरिष्ठ अभियंताओं द्वारा भी सभी अभियंताओं को मार्गदर्शन एवं अच्छा कार्य करने हेतु प्रोत्साहन दिया गया। सेवानिवृत्त अभियंताओं ने अपने अनुभव वर्तमान कार्यरत अभियंताओं से साझा किए एवं कार्य करने की शैली के संबंध में तथा विभाग के कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी अभियंताओं को दी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सभी निकायों के इंजीनियर ,नगर पंचायत, नगर पालिका परिषद, नगर निगम एवं विभाग के संभागीय कार्यालयों के लगभग 450 इंजीनियर उपस्थित थे। मंत्री डॉ. डहरिया ने विभाग से सेवानिवृत्त अभियंताओं को शॉल, श्रीफल तथा मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विभाग के मुख्य अभियंता श्री संजीव व्यवहार, मुख्य अभियंता श्री भागीरथी वर्मा, सहायक अभियंता श्री मनीष कुमार स्वर्णकार ,सहायक अभियंता श्री अंशुल शर्मा, सहायक अभियंता श्री आभाष मिश्रा ,सहायक अभियंता श्री निशिकांत, उप अभियंता श्री सोहन गुप्ता ,उप अभियंता श्री हर्षित अजमानी ,उप अभियंता श्री मयंक साहू ,उप अभियंता श्री सोनभद्र ,उप अभियंता श्री सम्वेद, उप अभियंता श्री सुरेंद्र मृगा तथा अन्य सभी अभियंता गढ़ उपस्थित थे। कार्यक्रम की सभी अभियंताओं ने बहुत सराहना की एवं आगामी वर्षों में भी ऐसे कार्यक्रम कराए जाने अपेक्षा की है। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ अर्बन इंजीनियर्स एसोसिएशन का गठन किया गया।