Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com, रायपुर। राजधानी के ऐश्वर्य विंडमिल इलाके में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है. गैस एजेंसी के मैनेजर से पैसों से भरा बैग लूटकर बाइक सवार 3 अज्ञात लुटेरे फरार हो गए. लूट की वारदात की जानकारी मिलते ही खमारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है. घटना से आस-पास के इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, घटना खम्हारडीह इलाके में ऐश्वर्या विंडमिल के पास तकरीबन 11 बजे आस-पास की है. रायपुर गैस एजेंसी के मैनेजर सुरेंद्र पाल सिंह एजेंसी मालिक के घर से 1 लाख 82 हजार रुपए बैग में लेकर बैंक में जमा कराने जा रहा था. इस बीच रास्ते में बाइक सवार 3 अज्ञात लुटेरों ने जान से मारने की धमकी देकर पैसों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी एक बाइक पर थे. पहले विधानसभा जाने का रास्ता पूछा, इसके बाद बैग छीनने की कोशिश की. जब इसका विरोध किया तो जान से मार दूंगा कहकर धक्का देकर के बैग को छीन कर फरार हो गए. पुलिस ने बताया कि लूट की सूचना मिलते ही मौके पर टीम पहुंची गई है. पीड़ित से पूछताछ के बाद आस-पास के सीसीटीवी फुटेज जुटा रही है. इसके साथ ही शहर के कई इलाकों में नाकेबंदी कर आरोपियों के तलाश शुरू कर दी गई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। संसदीय सचिव एवं रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्याय अपने विधानसभा के 52 मंदिरों का जीर्णोद्धार किया है. इससे पहले भी विधायक ने अपने विधानसभा के विभिन्न धार्मिक समितियों को भजन सेवा के लिए वाद्ययंत्र, साउंड सिस्टम, प्रसादी सेवा के लिए आवश्यक बर्तन और नवनिर्मित मंदिरों के लिए देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी भेंट कर चुके हैं।
रायपुर पश्चिम विधानसभा के लगभग 52 मंदिर, जैतखाम और गौरा-गौरी चौरा का जीर्णोद्धार किया जा चुका है. इन धर्मिक स्थलों में वीर शिवाजी वार्ड क्र.-16 के हरदिहा समाज के शिव मंदिर, सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड क्र.-24 के शीतला माता मंदिर रामनगर के जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण, ठाकुरदेव मंदिर गोपाल नगर, दुर्गा मंदिर लक्ष्मण नगर, दुर्गा मंदिर गोकुल नगर, ठाकुर प्यारेलाल वार्ड क्र.-40 के महावीर मंदिर डंगनिया, शिव मंदिर साहू पारा डंगनिया, सन्तोषी मंदिर डंगनिया स्कूल शामिल है।
इसके अलावा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड क्र.-19 के जैतखाम छोटा अशोक नगर, गौरा-गौरी चौरा विकास नगर, पं. ईश्वरीचरण शुक्ल वार्ड क्र.-22 के शिवशक्ति मंदिर कुकुरबेड़ा तालाब, शिव-हनुमान मंदिर शासकीय स्कूल के पास कुकुरबेड़ा, चंडी मंदिर भवानी चौक कुकुरबेड़ा, दुर्गा मंदिर शासकीय स्कूल के पीछे कुकुरबेड़ा, आलेख मंदिर सरकारी स्कूल के पीछे कुकुरबेड़ा, बजरंग मंदिर उत्कल बस्ती कुकुरबेड़ा, माँ शारदा मंदिर उत्कल बस्ती कुकुरबेड़ा, दुर्गा मंदिर सामुदायिक भवन के पास, शीतला मंदिर वीर शिवाजी नगर, शिव मंदिर बीएसयूपी कॉलोनी कोटा, दुर्गा मंदिर वाटिका नगर कोटा, सिद्धेश्वरी मंदिर सिद्धेश्वरी नगर शामिल है।
यही नहीं हनुमान मंदिर मांझी पारा कृष्णा नगर कोटा, शंकर-हनुमान मंदिर शासकीय कुंआ के पास कोटा, शिव मंदिर महंत तालाब कोटा, ठक्कर बापा वार्ड क्र.- 17 के हनुमान मंदिर दीक्षा नगर,शिव मंदिर न्यू दीक्षा नगर, राधेकृष्ण मंदिर डुमरतालाब, साईं मंदिर डुमरतालाब मनमोहनसिंह बख्शी वार्ड क्र.-23 के शिव मंदिर वीर शिवाजी नगर, दुर्गा माता मंदिर शिव नगर, जैतखाम गुरुघासीदास नगर, दानवीर भामाशाह वार्ड क्र.-26 के काली मंदिर रेल्वे लोको कॉलोनी, हनुमान-दुर्गा मंदिर मिनीमाता चौक, वीर सावरकर वार्ड क्र.-01 के रविदास मंदिर जरवाय, बूढ़ेश्वर मंदिर अटारी,शिव मंदिर आरडीए हीरापुर, काली वीर सावरकर नगर, पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्र.-41 के श्री हनुमान मंदिर पल्लवी विहार में जीर्णोद्धार के कार्य किये गए हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कक्षा 12वीं विज्ञान एवं गणित विषय के साथ 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उत्कृष्ट इंजीनियरिंग एवं मेडिकल योजना के तहत प्रवेश परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जायेगी। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा ऐसे विद्यार्थियों को कोचिंग के साथ-साथ आवास, भोजन, चिकित्सा आदि की निःशुल्क सुविधा भी प्रदाय किया जाएगा। इस योजना का लाभ उठाने के लिए पात्रता रखने वाले विद्यार्थी सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास (कलेक्टर परिसर), रायपुर के कक्ष क्रमांक 40 में दिनांक 17 सितम्बर तक आवेदन जमा कर सकते है। विद्यार्थियों को आवेदन के साथ 12वीं की अंकसूची, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, रायपुर ने बताया कि कोचिंग का लाभ ऐसे विद्यार्थी को मिलेगा जिसका कक्षा 12वीं में कम से कम 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किया हो तथा कक्षा 12वीं के बाद ड्राप लिया हो। छत्तीसगढ़ राज्य का अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति वर्ग का हो और सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र हो। पालक- अभिभावक का समस्त स्त्रोतों से 2 लाख 50 हजार से अधिक नहीं होना चाहिए। इसके लिए 10 रूपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी से प्रमाणित स्वघोषणा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया आरंग विधानसभा अंतर्गत नवा रायपुर के ग्राम राखी में आयोजित सरपंच संघ मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान सरपंच संघ के पदाधिकारियों ने नवा रायपुर अंतर्गत 41 ग्रामपंचायतों में विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ 10 लाख की राशि की स्वीकृति में विशेष पहल करने पर मंत्री डॉ डहरिया का भव्य सम्मान किया।
मंत्री डॉ. डहरिया ने इस अवसर पर सरपंचों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी निर्वाचित और बहुत ही सम्मानित जनप्रतिनिधि है। आप सभी को ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए गाँव के विकास के लिए पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार द्वारा गाँव के विकास के लिए योजनाएं बनाई जा रही है। यह गांव, गरीब और किसानों की सरकार है और इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री डॉ. डहरिया ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को लाभान्वित करने के साथ प्रदेश में किसानों का सिंचाई कर माफ कर कर्जमाफी की गई और बिजली बिल हाफ कर लोगों को राहत पहुचाया गया है। गरीब परिवारों को 1 रुपए किलो में चावल प्रदान करने के साथ पशुपालकों से 2 रुपए किलों में गोबर भी खरीदा जा रहा है। प्रदेश के भूमिहीन किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए और सूखा प्रभावित किसानों को 9 हजार रुपए प्रति एकड़ देने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार किसान हितैषी गाँव, गरीब और मजदूरों की सरकार है। शिक्षा, स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ बेरोजगारों को नौकरी देने की दिशा में भी सरकार द्वारा लगातार कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह के 12 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के कर्ज को भी माफ किया है। मंत्री डॉ. डहरिया ने कहा कि नवा रायपुर अंतर्गत जो भी समस्याएं हैं, उसे निराकरण करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यहां साहू समाज, धीवर समाज और धोबी समाज के लिए सामुदायिक भवन हेतु राशि की घोषणा की।
कार्यक्रम में प्रदेश सरपंच संघ के अध्यक्ष श्री गोपाल धीवर, नवा रायपुर सरपंच संघ के श्री सुजीत कुमार घिदौडे, जिला पंचायत सदस्य श्री माखन कुर्रे, जनपद उपाध्यक्ष श्री राजू बारले, सरपंच श्री राजेश साहू,श्रीमती योगिता गिरधर पटेल, इंद्र कुमार साहू, मनोज मिश्रा, एस राम यादव, कौशल्या कोमल धृतलहरे, संतोषी संतोष डहरिया, श्रीमती धनेश्वरी भुनेश्वर बंजारे, तारिणीं गोविंद साहू, पार्वती नरेंद्र जांगड़े, रेणु दौलत टंडन, शशिकला राजेन्द्र टण्डन, ऊषा रमेश सोनी, सीमा रहिस बांधे, छन्नू कोशले, राजेश साहू, राजकुमार हिरवानी, गोपीराम, दिवाकर जांगड़े, पदमा यादव, रामदीन यादव, श्री कोमल साहू, रेखराम पात्रे, घनश्याम घिदौडे सहित अलग-अलग ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा महिला समूहों के ऋण माफ किये जाने की घोषणा से महिलाओं में खुशी की लहर है । बलौदाबाजार भाटापारा जिले में 43 लाख रूपये से ज्यादा का ऋण माफ किया जायेगा। इससे 146 महिला समूहों से जुड़ी लगभग डेढ़ हजार महिलाओं को फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री बघेल ने पिछले दिनों महिलाओं के सम्मान के लिए आयोजित तीज महोत्सव में ऋण माफी की घोषणा की है। उन्होंने इसके साथ ही महिला कोष से दिये जाने वाले ऋण की अधिकतम सीमा भी 1 लाख रूपये से बढ़ाकर 2 लाख रूपये कर दी है। ऋण माफ की खबर पाकर महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है और महिलाओं ने उन्हें धन्यवाद दिया है।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं को छोटे-छोटे काम धंधे के लिए मात्र 3 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है। यह ऋण उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ महिला कोष से स्वीकृत किया जाता है। बलौदाबाजार जिले में 20 हजार रूपये से लेकर एक लाख रूपये तक ऋण दिये गये हैं। उन्हें मुख्य रूप से आपसी लेन-देन, दुकान संचालन, रेडीटू ईट, दोना पत्तल निर्माण, फल एवं सब्जी दुकान, ठेला आदि लघु व्यवसाय के लिए ऋण दिए गए हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल विकासखण्ड के ग्राम सेमरिया की महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती भगवती ने कहा कि अचार-पापड़ निर्माण के लिए उनके समूह को दो किश्तों में 1 लाख रूपये का ऋण मिला था। उनका काम-काज अच्छा चल रहा था। लेकिन कोरोना के कारण उनका काम-काज प्रभावित हुआ है। उन्होंने लगभग 60 हजार रूपये का ऋण चुकता कर दिए हैं। लगभग 40 हजार रूपये बचा है। ऋण माफी की खबर पाकर समूह की महिलाएं काफी खुश है। कोरोना संकट के कारण उनका धंधा चौपट हो गया। इसलिए ऋण नहीं चुका पाए। मुख्यमंत्री ने ऋण माफ कर हमें काम-धंधा फिर से शुरू करने का हौसला दिया है। महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किये जा रहे प्रयासों की उन्होंने सराहना की है।

panchayattantra24.com,रायपुर। धर्मांतरण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के नेता व कार्यकर्ता बूढ़ा तालाब स्थित धरना स्थल पर धरना दे रहे हैं. भाजपा नेताओं ने धर्मान्तरण के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर आने वाले समय में उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में धर्मांतरण के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं, वहीं कांग्रेस के बीजेपी के कार्यकाल में ज्यादा धर्मांतरण के आरोप पर कहा कि उस समय कांग्रेस ने विरोध क्यों नहीं किया, और अब आरोप लगा रहे हैं. पादरी पर हुए हमले पर की गई कार्रवाई के संदर्भ में कहा कि सरकार एक पक्षीय कार्रवाई कर रही है, जबकि सरकार को दोनों तरफ से कार्रवाई करनी चाहिए।
बीजेपी के जिला संयोजक नवीन शर्मा ने धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पादरी ने खुलेआम चैलेंज किया है कि वे धर्मांतरण करते रहेंगे. लेकिन इस मामले पर पादरी पर कार्रवाई नहीं की जा रही है, सरकार केवल एक पक्षीय कार्रवाई कर रही है. थाने में पादरी की पिटाई करने वालों पर कार्रवाई होती है, लेकिन पादरी पर कार्रवाई नहीं की जा रही. इस बात का भाजपा विरोध कर रही है।
भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि यदि राज्य सरकार प्रदर्शन के बाद भी कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले समय में बीजेपी का उग्र आंदोलन देखने को मिलेगा, राज्य में धर्मांतरण के मामले को लेकर बीजेपी कार्रवाई करती रहेगी।

panchayattantra24.com,रायपुर। भूपेश कैबिनेट की बैठक को लेकर मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि अल्प वर्षा समेत अनेक मुद्दों पर चर्चा होगी. प्रदेश के कई जिले में जहां कम बारिश हुई है, वहां किसानों को कैसे लाभ पहुंचाया जाए इस पर भी चर्चा होगी।
धर्मांतरण मामले में बीजेपी के प्रदर्शन को लेकर मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे बार-बार धर्मांतरण की बात कह रहे हैं. कांग्रेस की सरकार आने के बाद धर्मांतरण पूरी तरीके से बंद हुआ. बीजेपी के 15 साल के कार्यकाल में लगातार धर्मांतरण होते रहे हैं, अगर ऐसा कुछ भी होगा तो राज्य का कानून है और केंद्र का भी, उसके अनुसार कार्रवाई जरूर होगी।
बता दें कि करीबन 1 महीनेभर के अंतराल में कैबिनेट की बैठक होने के कारण विभिन्न विभागों के कई प्रस्ताव मंजूरी के लिए लंबित हैं. बैठक में प्रदेश में सूखे की स्थिति और खरीफ फसलों के संभावित स्थिति की समीक्षा सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने के आसार हैं. इसके अलावा यात्री बस किराए में 25 फ़ीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल की गिरफ्तारी की छत्तीसगढ़ नागरिक संयुक्त संघर्ष समिति ने निंदा करते हुए इसे असंवैधानिक करार दिया है. ब्राह्मणों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हुई शिकायत के बाद नंदकुमार बघेल की गिरफ्तारी की गई है।
छत्तीसगढ़ नागरिक संयुक्त संघर्ष समिति के प्रवक्ता डॉ गोल्डी एम जार्ज ने कहा कि नंद कुमार बघेल ने ब्राह्मणों को विदेशी बताया था, जिसपर ब्राह्मण संगठनों की शिकायत के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई. उन्होंने कहा कि नंदकुमार बघेल के बयान से आपत्ति सही है, तो सबसे पहले उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए, जिन ब्राम्हणों ने अपने आपके विदेशी होने की बात कही है. जैसे वोल्गा से गंगा में महापंडित राहुल सांस्कृतियांन, भारत एक खोज में पंडित जवाहर लाल नेहरू, लोकमान्य तिलक आदि-आदि।
डॉ. जार्ज ने कहा कि वे लोग जो भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनने के पहले से नंदकुमार बघेल को जानते हैं, उन्हें मालूम है कि वे वंचित समुदाय अजा, अजजा, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक के लिए हमेशा आवाज उठाते रहें हैं. उनकी पहचान एक लेखक, किसान नेता एवं ओबीसी-बहुजन नेता के रूप में पहले से है. ऐसी स्थिति में उनकी गिरफ्तारी एक षडयंत्र का हिस्सा है, जिसकी हम निंदा करते है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के हृदय स्थल जयस्तंभ चौक में आज अजीबों-गरीब स्थिति देखने को मिली. तेज बारिश की वजह से सड़कों पर जलभराव हो गया. सड़क पर तेल गिरने से एक के बाद एक 26 बाइक और स्कूटी फिसलने से गिर गईं. यह वाक्या एक ही जगह जयस्तंभ पर हुआ. जलभराव से नगर निगम के तमाम दावों की पोल खुल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़कों पर तेल गिरने की वजह से इतनी सारी गाड़ियां एक साथ फिसल रही है. रायपुर के जयस्तंभ चौक के लक्ष्मी स्टेशनरी के सामने लोग एक-एक कर गिरते जा रहे हैं. हालांकि उस स्थान पर बीते 1 घंटे से पुलिस की टीम मौजूद है. लोगों को समझाइश दी जा रही है कि धीरे गाड़ी चलाएं।
पुलिस का भी कहना है कि अब तक उनके सामने 5 लोग गिरे है. हालांकि वो व्यवस्था संभालने में जुटे हुए है. जितने भी लोग गिरे हैं, उन्हें ज्यादा कुछ चोट नहीं आई है. सभी लोग ठीक है. इसके साथ ही जितने भी यात्री आ रहे हैं, उन्हें समझाइश दी जा रही है कि वो बाइक धीरे-धीरे से चलाएं. जिससे कोई दुर्घटना न हो।

panchayattantra24.com,रायपुर। सुयश अस्पताल के डॉयरेक्टर डॉक्टर मनोज लाहोटी के साथ मारपीट मामले में BJP चिकित्सा प्रकोष्ठ ने मंगलवार को राज्य महिला आयोग का घेराव किया. बीजेपी चिकित्सा प्रकोष्ठ ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर राज्यपाल अनुसुइया उइके को ज्ञापन सौंपा है. महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
पूर्व विधायक विमल चोपड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ महिला आयोग के कार्यालय में अध्यक्ष के निजी सचिव अभिषेक सिंह ने डॉक्टर मनोज लाहोटी की बंद कमरे में करीब आधे घंटे तक पिटाई की, जो निंदनीय हैं. इसीलिए BJP चिकित्सा प्रकोष्ठ ने आज पाच सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा हैं।
ये है 5 सूत्रीय मांगे
छत्तीसगढ़ महिला आयोग के अध्यक्ष किरणमयी नायक को तत्काल बर्खास्त किया जाए.
प्रकरण में प्रार्थी और महिला आयोग की अध्यक्ष की घनिष्ठता की जांच की जाए. प्रार्थी किस राजनीतिक पार्टी से संबंधित है. यह भी स्पष्ट किया जाए।
पिटाई करने के आरोपी अभिषेक सिंह को महिला आयोग में कब और किसकी सिफ़ारिश पर और किस प्रक्रिया के तहत रखा गया है?
महिला आयोग के कार्यालय में लगे CCTV फुटेज तत्काल जब्त कर सुरक्षित रखा जाए.
आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक का यह बयान देना कि डॉक्टर लाहोटी आईजी काबरा के रिश्तेदार है. पुलिस उचित कार्रवाई नहीं करेगी. एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का संविधान पर अविश्वास है. इसलिए उनको तत्काल बर्खास्त किया जाए।