Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली ठेकेदारों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रिकल कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले ठेकेदारों ने अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपा है. बिजली ठेकेदारों ने ग्लोबल टेंडर का विरोध करते हुए नियम कानून में हस्तक्षेप कर परेशान करने का आरोप लगाया है। 
छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रिकल कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश वर्मा ने बताया कि प्रदेश के लोकल ठेकेदारों को समय-समय पर बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. छोटे-छोटे कार्यों को जैसे 33 KV लाइन, 11 KV लाइन, LT लाइन, FOC, एडिशनल पॉवर ट्रांसफार्मर एडिशनल थे, Augmentation of Lune, कृषि पम्प कार्यों आदि को पैकेज बना कर डालने और छत्तीसगढ़ से बाहरी ठेकेदारों से मिलीभगत कर के अनावश्यक रूप से योग्यता मापदंड जोड़ कर छत्तीसगढ़ के स्थानीय ठेकेदारों को टेंडर प्रक्रिया से बाहर रख बेरोजगार किया जा रहा है। 
मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी कम करने के लिए सराहनीय सार्थक कदम उठाया गया है. जिसका विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा बार-बार टेंडर प्रक्रिया में मनमानी परिवर्तन करते हुए छत्तीसगढ़ के ठेकेदार को भाग लेने से वंचित किया जा रहा है। 
सभी 33 KV, 11 KV, कृषि पंप लाइनों और Substation के कार्यों को समायोजित कर पूर्व में कभी भी इतना बड़ा लगभग 140 करोड़ के कार्यों का टेंडर नहीं निकाला गया है, फिर ऐसी क्या आवश्यकता आ गई जो इस प्रकार का बड़ा पैकेज निकाला गया । 
विगत कुछ माह पूर्व छत्तीसगढ़ के किसानों के हितो में 30000 कृषि पंप कनेक्शन का कार्य छत्तीसगढ़ के पंजीकृत ठेकेदारों द्वारा सामूहिक प्रयासों से निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया गया. उक्त कार्य पूर्व में भी पैकेज में ही निकाला गया था, जिस पर मुख्यमंत्री के द्वारा संज्ञान लेते हुए उक्त कार्य को टुकड़ों में बांटकर छत्तीसगढ़ के स्थानीय ठेकेदारों से प्राथमिकता देकर कराया गया. फिर यह सब-स्टेशन का बड़ा पैकेज क्यों । 
जैसा कि निकाले गए निविदा के दस्तावेजों में उल्लेखित है कि सामग्री कि कीमतों में PV  का नियम डाला गया है. जबकि CSPDCL के सामान्य निविदाओं में इस प्रकार का कोई भी प्रावधान नहीं रहता है, जबकि CSPDCL का SOR (Schedule of Rates) का दर बाजार मुल्यों से काफी कम है। 
जैसा कि निकाले गये निविदा में प्रावधान है कि ठेकेदारों द्वारा सामग्री साईट पर गिराते है. उसका भुगातान विभाग द्वारा तुरंत दिया जाएगा. जबकि अन्य कार्यों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। 
पूर्व में भी इसी प्रकार के कार्यों को पैकेज में बनाकर निविदा A to Z व Fedders lloyd नामक फर्मों को आवंटित किया गया था, जो कि बाहरी कंपनिया है जो कि आज तक कार्य पूर्ण नहीं किया गया. उनके शेष कार्यों को भी उसके स्थानीय ठेकेदारों द्वारा किया गया। 
आशा है कि हमारे परेशानियों का तत्काल निराकरण कर एक अच्छे वापतावरण से कार्य करने का अवसर देंगे.
 

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन और सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में खाद्य और संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम विशेष रूप से उपस्थित थे।
    प्रभारी मंत्री डॉ डहरिया ने समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य सरकार अनेक जनहितकारी  योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिससे आम जनता सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन करते हुए पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कोरोना महामारी की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए जीवन रक्षक उपकरण, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू, पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवाईयां तथा आक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. डहरिया ने पंचायत एवं कृषि विभाग की भी समीक्षा की। उन्होंने सुराजी गांव योजना के तहत आत्मनिर्भर गौठानों की संख्या में वृद्धि तथा गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी और वर्मी खाद बनाने का कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत की समीक्षा करते हुए अंबिकापुर-बनारस रोड के मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अम्बिकापुर के भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी मंत्री डॉ. डहरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट की सफलता को देखते हुए इसे नगर पालिका एवं नगर पंचायत में भी विस्तार किया जा रहा है। विभाग द्वारा विस्तार के लिए भी आदेश जारी कर दिया गया है। उन्होंने निगम कमिश्नर को नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में इसकी तैयारी के निर्देश दिए।
    खाद्य और संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत ने कहा कि किसानों को उर्वरक की कमी न होने दें। जिन क्षेत्रो में मांग ज्यादा है वहां अधिक मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन दुकानों से संबंधित शिकायतों का जल्द से जल्द निराकरण करंे। श्री भगत ने नवीन उचित मूल्य दुकान आबंटन का आदेश तत्काल जारी करने के निर्देश खाद्य अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि रेडी-टू-ईट के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पूरक पोषण आहार की आपूर्ति समय-सीमा में करना सुनिश्चित हो। उन्होंने इससे संबंधित शिकायतों का निराकरण भी शीघ्र करने के निर्देश दिए।
    बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम ने कहा कि स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षक एवं कर्मचारियों की भर्ती शीघ्र पूरी की जाए। भर्ती में आरक्षण नियमांे का पूरी तरह से पालन हो। विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करें । मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनओं के लाभ के लिए जाति प्रमाण-पत्र आवश्यक होता है। अतः अभियान चलाकर विद्यार्थियों के जाति प्रमाण-पत्र बनाया जाए। बैठक में डॉ टेकाम ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप अब स्वामी आत्मानन्द हिंदी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय भी प्रदेश के जिला मुख्यालयों में शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके लिए स्कूल का चयन करें। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में कहा कि 10 प्रतिशत की सीमा बंधन समाप्त होने के बाद भी यदि पद रिक्त नहीं होने के कारण अनुकंपा नियुक्ति करने में कठिनाई आ रही हो तो कलेक्टर कार्यालय में रिक्त पद के विरुद्ध नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए।
    बैठक में लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह, सदस्य श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तुकाराम कांबले, डीएफओ श्री पंकज कमल, बलरामपुर-रामानुजगंज के जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री ए.एल. ध्रुव, श्रीमती तनुजा सलाम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से अच्छी शिक्षा मिले इसके लिए सार्थक प्रयास किया जा रहा है। जशपुर जिले में 08 विकास खण्डों में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय संचालन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बच्चों के लिए शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल की सुविधा सभी विकास खण्ड में कराई गयी है और बच्चों को निजी स्कूल की तर्ज पर ही शासकीय स्कूलों में शिक्षा दी जा रही है।
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जशपुर में 480 सीट अंग्रेजी माध्यम के कक्षा 1 ली से 12 वीं तक के विद्यार्थी अध्ययनरत है। विद्यालय के प्रारंभ होने से स्थानीय पालकों में अपने बच्चों को प्रवेश दिलाने के प्रति जबरदस्त उत्साह और रूचि दिखाई है। विद्यालय में प्रत्येक दिवस प्रत्येक विद्यार्थी द्वारा प्रत्येक कक्षा में क्या सीखा जाता है, उसको ऑनलाईन पालकों के साथ प्रतिदिन साझा किया जाता है। कक्षा 11 वीं और 12 वीं के बच्चों को आई.आई.टी.-नीट परीक्षा की भी तैयारी कराई जा रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम आने वाले दिनों में मिलेगा।
  स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय को सभी सुविधाओं से परिपूर्ण किया गया है। यहॉं बच्चों के शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन को ध्यान् में रखते हुए सर्व सुविधायुक्त प्रयोगशाला, लाइब्रेरी सुसज्जित कक्षा एवं सभी सुविधाऐं उपलब्ध है। पहले ही वर्ष एडमिशन हेतु 480 सीट के विरूद्ध 1400 से भी ज्यादा आवेदन आये जो कि इस विद्यालय के प्रति पालकों और छात्र-छात्राओं के आकर्षण को दर्शाता है। निःशुल्क और अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराने के कारण गरीब घरों के बच्चों के लिए यह विद्यालय आकर्षण का केन्द्र है।
जशपुर जिले के प्रत्येक विकासखंड में एक स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय इसी सत्र से प्रारंभ किया गया है। प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सभी विद्यालयों में डीएमएफ से 5.21 करोड़ एवं शिक्षा विभाग से 3.82 करोड़ के अधोसंरचना विकास के कार्य किए जा रहे हैं। सभी विद्यालयों में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ प्रयोग शालाएं, पुस्तकालय और सुसज्जित कक्षा तैयार किए जा रहे हैं। जिले में स्वामी आत्मानंद विद्यालय प्रारंभ किए जाने से पूरे जिले के पालको में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
 

 panchayattantra24.com, रायपुर। रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुँचकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने डॉ मनोज लोहाटी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिला आयोग की घटना की जानकारी प्राप्त कर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने नौकरी का पिटारा खोल दिया है.   मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज गृह (पुलिस), राजस्व तथा खाद्य विभाग के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अनुमति जारी करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए हैं. उनके इस निर्देश के बाद कुल 2492 पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। 
बघेल ने इन विभागों के अतिरिक्त अन्य सभी विभागों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं. मुख्यमंत्री द्वारा आज लिए गए निर्णय के फलस्वरुप गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत ‘बस्तर फाइटर्स’ बल के गठन की मंजूरी जारी की गयी जिसमें 2100 पदों के भर्ती की अनुमति दी गयी है। 
इसी तरह राजस्व विभाग अंतर्गत मैदानी स्तर पर 301 पटवारियों के पदों पर नयी भर्ती की जाने की अनुमति दी गई है. खाद्य विभाग अंतर्गत 84 खाद्य निरीक्षकों के साथ-साथ कुल 91 पदों पर भर्ती की की जाएगी। 
मुख्यमंत्री ने युवाओँ का आह्वान किया है कि वे इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए अच्छी मेहनत और लगन के साथ तैयारियां करें। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को रिक्त पदों का परीक्षण कर उन पर सीधी भर्ती किए जाने की कार्ययोजना बना कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़  में इन दिनों किसानों को सूखे की चिंता सता रही है. बारिश कई इलाकों में न के बराबर हुई है, जिससे खेतों में दरार पड़ गए हैं. कई किसानों के फसल खेत  पर ही सूख गए हैं. इसी को लेकर कल भूपेश कैबिनेट की बैठक होगी. इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। 
बैठक में प्रदेश में सूखे की स्थिति और खरीफ फसलों के संभावित स्थिति की समीक्षा सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने के आसार हैं. करीब 1 महीने बाद कैबिनेट की बैठक होने के कारण विभिन्न विभागों के कई प्रस्ताव मंजूरी के लिए लंबित हैं.
भूपेश कैबिनेट की बैठक में कल यात्री बस किराए में 25 फ़ीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है. रावण भाटा स्थित अंतर्राज्जीय बस स्टैंड की जमीन के बदले ट्रस्ट को नगर रायपुर में जमीन संबंधी प्रस्ताव भी अनुमोदन किए जाने की संभावना है। 
राज्य में राजस्व संबंधी कामकाज की जटिलता से राहत दिलाने के लिए नामांतरण की प्रक्रिया को सरल करने का निर्णय कैबिनेट में लिया जा सकता है. इस तरह से कई मुद्दे हैंस जिसको लेकर सरकार महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है। 
 

मुख्यमंत्री निवास बिखरी छत्तीसगढ़ी संस्कृति के इंद्रधनुषी छटा
धूम-धाम-हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया तीज-पोरा तिहार
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आज तीजा पोरा तिहार धूमधाम से मनाया गया। तीजा-पोरा तिहार के लिए महिलाओं-बहनों के लिए मायका बना मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का निवास। मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ी संस्कृति के इंद्रधनुषी रंगों की छटा देखते ही बन रही थी। मुख्यमंत्री के न्यौते पर पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने बड़े उत्साह के साथ आयोजन में हिस्सा लिया।
मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी बघेल और परिवार के सदस्यों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान शिव, नांदिया बैला और चुकियां-पोरा की पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर सभी माताओं और बहनों को त्यौहार की बधाई और शुभकामनाएं दी। राऊत नाच दल और छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों के दल ने छत्तीसगढ़ी गीत संगीत से अनोखा शमां बंधा। मुख्यमंत्री निवास में लोगों के लिए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी।
स्वास्थ्य एवं पंचायत एवं ग्रामीण मंत्री टी.एस. सिंहदेव, महिला एवं बाल विकासमंत्री अनिला भेंडिया, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, वनमंत्री  मोहम्मद अकबर, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, फूलोदेवी नेताम, संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज, विकास उपाध्याय, रश्मि सिंह, शकुंतला साहू, विनोद सेवनलाल चंद्राकर, विधायक अरुण वोरा, उत्तरी जांगड़े, संगीता सिन्हा, मोहितराम केरकेट्टा, महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा, डॉ. रागिनी नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम के लिए पूरे मुख्यमंत्री निवास की पारम्परिक रूप में भव्य सजावट की गई है । कार्यक्रम प्रांगण को तीजा-पोरा पर्व सहित छत्तीसगढ़ी ग्रामीण संस्कृति और जन-जीवन के प्रतीकों से सुसज्जित किया गया है। कार्यक्रम स्थल के 3 द्वार बनाये गए हैं । मुख्य द्वार को पोरा पर्व के पारंपरिक नांदिया बैला से सजाया गया है। मुख्य द्वार के सामने पारम्परिक झूले- रईचुल,  बैला-गाड़ी, बस्तर जनजातीय आर्ट और छत्तीसगढ़ी जन-जीवन से जुड़े चित्रों का मनमोहक प्रदर्शन किया गया है। मध्य द्वार को विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है, इसे पोरा पर्व से जुड़े पारम्परिक बर्तनों से बनाया गया है। मध्य और तीसरे द्वार के बीच की गैलरी को रंग-बिरंगे मटकों और रंगीन टोकनी के द्वारा आकर्षक कलेवर दिया गया है।
तीसरे द्वार की सजावट पर सरगुजा अंचल की संस्कृति की छाप है। मुख्य प्रांगण में एक खेल जोन  बनाया गया है जहां फुगड़ी, चम्मच दौड़, जलेबी दौड़, कबड्डी, बोरा दौड़ आदि प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं ने पूरे उत्साह से तीजा-पोरा तिहार मनाया। प्रांगण के पश्चिमी हिस्से में विशेष सेल्फी ज़ोन भी बनाया गया है, जहां छत्तीसगढ़ी ग्रामीण संस्कृति से जुड़े पारम्परिक बर्तन और रसोई के सामान जैसे मथनी, लकड़ी चूल्हा, धान कूटने की ढेकी, मूसर, जाँता, धान नापने का काठा, सिल-पट्टा, खलबट्टा, सूपा, बैल गाड़ी का चक्का, झूला,  मिट्टी के बैल आदि को प्रदर्शित किया है और दीवार पर ग्रामीण संस्कृति से जुड़े नयनाभिराम चित्रों को उकेरा गया है ।
प्रांगण के पूर्वी हिस्से में  छत्तीसगढ़ी ग्रामीण परिवेश को दर्शाते एक मिट्टी के घर निर्माण किया गया है। इस घर की साज-सज्जा में पोरा से जुड़े विभिन्न प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया है। घर के द्वार पर तुलसी चौरा और नन्दी बनाये गए हैं और पोरा पर्व तथा ग्रामीण जीवन मे उपयोग में आने वाले बर्तन व अन्य वस्तुओं जैसे पोरा, कढ़ाही, सुराही, बेलन-चौकी, ढकना, बाल्टी, चूल्हा आदि के मिट्टी के छोटे प्रतीकों सहित लकड़ी के नागर, बैल गाड़ी का चक्का और झाड़ू रखे हैं। ग्रामीण परिवेश से सुसज्जित इस घर की खिड़की में भी सेल्फी ज़ोन बनाया गया है। घर के बगल में मंदिर निर्मित किया गया है जहां महिलाएं शिवलिंग की पूजा करेंगी। प्रांगण में अनाज नापने के एक विशाल तराजू भी प्रदर्शित है और रईचुल झूला और गोल झूला की व्यवस्था की गई।

panchayattantra24.com,रायपुर। खंड और अल्प बारिश के हालात में धान की फसलों को बचाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की नरवा संवर्धन एवं विकास योजना संजीवनी साबित हो रही हैं। बलौदाबाजार जिले के पलारी विकासखण्ड के गिदला नरवा में ग्राम कुची के समीप  चेकडैम निर्माण से 68 एकड़ खेतों में सिंचाई हो रही है। विपरीत परिस्थिति में  फसलों को समय पर पानी मिल जाने से अब हरी-भरी होकर लहलहा रहीं हैं। कृषि विभाग द्वारा इस नाले पर पिछले दो सालों में तीन चेकडैम बनाकर जरूरत के मुताबिक पानी रोका जा रहा है। इस साल खंड वर्षा की हालात में रोका गया पानी किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। चेकडैम से न केवल कूची बल्कि हरीनभठ्ठा, खपरी और चमोरी ग्राम के लगभग 75 किसानों के खेतों को पानी मिल रहा है। विभिन्न स्थानों पर नरवा में  पांच सिंचाई पंप स्थापित कर किसान पानी लिफ्ट कराकर अपने खेतों में पाइप के जरिये ले जाकर सिंचाई कर रहे हैं।
 सिंचाई सुविधा का लाभ उठा रहे किसान – शेषनारायण चन्द्रवंशी, आलोक चन्द्रवंशी, अभिषेक, संतुराम, श्री खम्मन, राजेश साहू, गिरीश, मनोहर आदि किसानों ने नरवा संवर्धन और विकास योजना को काफी उपयोगी और लाभप्रद बताया है। उन्होंने कहा कि चेकडैम निर्माण नहीं होने से पूरा पानी बहकर गांव से बाहर चला जाता था। किसान संकट आने पर आकाश की तरफ देखते रह जाते थे। नरवा को बांधकर चेकडैम बना देने से पानी यहां ठहरा हुआ है। किसान सिंचाई कर फसल बचाने में सफल हो सके हैं। धान की फसल कंसा और गभोट अवस्था में है और लहलहा रही है। फसलों की अच्छी हालत देखकर किसानों को काफी सुकून मिल रहा है। ग्राम के सरपंच रवि साहू ने बताया कि पिछले साल इसी चेकडैम के पानी से रबी के मौसम में भी लगभग 30 एकड़ में फसल ली गई थी।

panchayattantra24.com,रायपुर। आधुनिक पद्धति से मुर्गी पालन को बढ़ावा देकर स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आमदनी बढ़ाने की पहल सरगुजा जिले में प्रारंभ की गई है। जिला प्रशासन के द्वारा गोठानों में थ्री टायर केज स्थापित किया जा रहा है। इस पहल से न सिर्फ मुर्गी पालन को लाभकारी व्यवसाय में बदलने में मदद मिलेगी। इस व्यवसाय से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भी आने वाले दिनों में फायदा होगा। 
 मुर्गी पालन को बढ़ावा देने के साथ आधुनिक पद्धति के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने प्रथम चरण में 14 आदर्श गोठनों को चयनित किया गया है। जिले के सभी 7 विकासखण्डों के 2-2 आदर्श गोठानों में केज स्थापित किया जाना है। अभी अम्बिकापुर जनपद के सोहगा और मेण्ड्रा कला, लुण्ड्रा जनपद के बटवाही, लखनपुर जनपद के पूह पुटरा, उदयपुर जनपद के सरगवां ,बतौली जनपद के मंगारी और मैनपॉट जनपद के उडुमकेला गोठान में केज स्थापित कर मुर्गी प्रदाय किया गया है। इन गोठानों में निर्मित मुर्गी शेड में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा थ्री टायर केज स्थापित कर 4 महीने उम्र का वी बी -300 प्रजाति का 250 लेयर बर्ड भी दिया जा रहा है, जो अगले एक महीने में अंडा देना शुरू कर देंगे। एक मुर्गी सालाना 300 अंडे देगी । अंडों से समूह की महिलाओ को अच्छी आमदनी मिलेगी वही सुपोषण अभियान के लिए आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चो के लिए भी आपूर्ति हो सकेगी। थ्री टायर केज मुर्गी पालन की आधुनिक पद्धति है। इसमे तीन खंड में केवल 4-4 मुर्गी एक साथ रहेंगे। एक साथ कम मुर्गियों के रहने से आपस मे लड़ाई नही होती। केज में ही मुर्गियां अंडे देंगी। केज को इस प्रकार बनाया गया है कि इसमें अंडे फूटते नहीं है। केज के अंदर चूहे व सर्प नहीं घुस सकते जिससे मुर्गी व अंडे सुरक्षित रहेंगे। वी बी- 300 प्रजाति के लेयर बर्ड को जबलपुर से लाया गया है।
 नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री तथा सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा गोठानों को मल्टी एक्टिविटी केंद्र के रूप में स्थापित कर मुर्गी पालन, बटेर पालन तथा ब्रायलर मुर्गा पालन हेतु शेड निर्माण के साथ समूह की महिलाओं को पशु चिकित्सा विभाग द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया है। जिला प्रशासन की इस पहल से आने वाले दिनों में सरगुजा जिले में रहने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ अपनी आमदनी भी बढ़ा पायेगी।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिक्षक दिवस के अवसर पर आज राजधानी के आमापारा स्थित आर.डी. तिवारी शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आयोजित ‘शिक्षा मड़ई‘ में कोरोना काल में बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने के लिए नवाचार करने वाले राज्य के 20 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। 
मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने वाले नवाचारी शिक्षकों में दंतेवाड़ा पोटा केबिन बैंगलूर के प्रधान पाठक श्री सिकन्दर खान उर्फ दादा जोकाल द्वारा स्थानीय भाषा में शिक्षण और पुस्तक लेखन के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इसी तरह महासमुन्द जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कसेकेडा के प्रधान पाठक श्री विजय शर्मा लाउड स्पीकर गुरूजी, रायपुर जिले के मंदिर हसौद के शासकीय प्राथमिक शाला रावण भाठा की सहायक शिक्षक श्रीमती नीता साहू और नवीन प्राथमिक शाला रसनी की सहायक शिक्षक श्रीमती शीला गुरूस्वामी को ‘अंगना म शिक्षा‘, कोरिया जिले के शासकीय प्राथमिक शाला सकडा के मोटर सायकिल गुरूजी श्री रूद्र राणा और शासकीय प्राथमिक शाला फाटपानी के सहायक शिक्षक श्री अशोक लोधी सिनेमा वाले बाबू, जशपुर जिले के शासकीय प्राथमिक शाला पैकू के सहायक शिक्षक श्री वीरेन्द्र भगत को श्याम पट वाले बाबू के लिए सम्मानित किया। 
मुख्यंत्री ने इसी तरह दुर्ग जिले के शासकीय प्राथमिक शाला सिकोला की सहायक शिक्षक श्रीमती मधु वर्मा को ‘मुस्कान पुस्तकालय‘, नारायणपुर जिले के बालक आश्रम बेडमा के सहायक शिक्षक श्री हेमन्त बम्बोडो को सहायक शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन, बिलासपुर जिले के शासकीय प्राथमिक शाला जॉजी के सहायक शिक्षक श्री अमरदीप भोगल को कठपुतली एवं कमीशी बाई, महासमुन्द जिले के शासकीय प्राथमिक शाला देवसागर के सहायक शिक्षक श्री हेमलाल चक्रधारी को मिट्टी की सहायक शिक्षण सामग्री, रायपुर जिले के विकासखण्ड आरंग के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के सहायक शिक्षक श्री हेमंत साहू को सहायक शिक्षण सामग्री प्रदर्शन, जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर श्री ए.एन. बंजारा को आमाराईट परियोजना, रायपुर की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पंडरभट्टा की शिक्षक श्रीमती राधा महोबिया को ‘पढ़ई तुहर दुआर‘, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चेरिया, रायपुर के शिक्षक श्री बसंत कुमार दीवान और शासकीय प्राथमिक शाला कुकेरा रायपुर की सहायक शिक्षक श्रीमती सुमन चतुर्वेदी को आमाराईट परियोजना, शासकीय प्राथमिक शाला बिलाडी, रायपुर के सहायक शिक्षक की श्रीमती राजकुमारी मात्रे को चौपाल कक्षा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सारखी रायपुर के व्याख्याता श्री बंसत कुमार साहू को ‘पढ़ई तुहर दुआर‘, प्राथमिक शाला सरारीडीह के सहायक शिक्षक श्री डोमार वर्मा और पूर्व माध्यमिक शाला सरारीडीही के शिक्षक श्री चित्रसेन वर्मा को भी नवाचार के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए सम्मानित किया।