Browsing: रायपुर

तहसील मुख्यालयों में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा,ज्ञापन 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज यानी 3 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे. छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी कलम बंद मशाल उठा आंदोलन करेंगे. जिला, तहसील मुख्यालयों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा. कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की मांग है कि केंद्र के समान राज्य के कर्मचारी-अधिकारियों को भी महंगाई भत्ता दिया जाए. महंगाई भत्ता समेत अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. आज सरकारी कार्यालय बंद होने से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। 
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष और अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के प्रवक्ता विजय झा के मुताबिक शासकीय सेवकों के लंबित मांगों से संबंधी 14 सूत्रीय मांग है. प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद निर्णय लिया गया है कि आज यानी 3 सितंबर को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों को बंद रखा जाएगा. अपनी मांगों को लेकर मशाल उठाकर हड़ताल किया जाएगा। 
केन्द्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 17 से 28 प्रतिशत हो गया है, जबकि छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय सेवकों और पेंशनरों को 1 जनवरी 2019 से मात्र 12 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है. राज्य के कर्मचारी केन्द्रीय कर्मचारियों से 16 प्रतिशत पीछे हो गए है. इस कारण प्रतिमाह के वेतन में 4-5 हजार रुपए आर्थिक क्षति हो रही है। 
इस सामूहिक अवकाश को मंत्रालय, संचनालय, लघु वेतन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ, रविशंकर विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ, नगर निगम कर्मचारी संघ, क्रांतिकारी कोरोना योद्धा संघ, छत्तीसगढ़ डाटा एंट्री ऑपरेटर संघ, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, निगम मंडल कर्मचारी महासंघ, छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन लिमिटेड समेत अनेक संगठनों ने सहमति दिया है। 
इनकी मांग है कि विभागीय पदोन्नति-समयमान वेतनमान स्वीकृति, अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण, पुराना पेंशन योजना बहाली, आकस्मिक-कार्यभारित चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों का नियमितीकरण, पटवारियों की पदोन्नति और कार्यालयीन उपयोग के लिए लैपटॉप देने. छग राज्य में पेंशन प्रोसेसिंग सेल की स्थापना और अन्य मांगों के समर्थन में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन चार चरणों में आंदोलन भी कर चुका है। 
 

 
 
panchayattantra24.com, रायपुर।  इस्ट कोस्ट रेलवे  के वाल्टेयर रेल मंडल के नए डीआरएम अनूप कुमार सत्पथी (DRM WALTAIR) ने किरंदुल और बचेली का दौरा किया। यहां लदान बढ़ाने के लेकर उन्होंने एनएमडीसी  के अधिकारियों से चर्चा की और लदान के दौरान आने वाली समस्याओं को जाना और उसे जल्द दूर करने अधिकारियों को निर्देश दिए है. कि यहां उन्होंने लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली. लोगों डीआरएम को बताया कि कई महीनों से विशाखापट्नम-किरंदूल एक्सप्रेस  के बीच चलने वाली ट्रेन बंद है. जिससे लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है. इतना ही नहीं कुछ ट्रेन में जनरल कोच न होने की भी समस्या के बारे में उन्हें जानकारी मिली, जिसे जल्द दूर करने का आश्वासन उन्होंने दिया है. डीआरएम ने कहा कि उन्होंने लोगों की मांग को लेकर रेलवे बोर्ड को पत्र लिख दिया है और उम्मीद है कि जल्द ही बंद ट्रेन फिर से संचालित हो सकेगी। 
अरकू वैली जाने वाली ट्रेन में लगेंगे दो विस्टाडोम कोच
विशाखापट्नम से अरकू वैली  जाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक विशाखापट्नम पहुंचते है. लेकिन लिमिटेड सीट और एक ही विस्टाडोम कोच  में वे इस यात्रा का आनंद नहीं उठा पाते है. लेकिन अरकू वैली विस्टाडोम कोच से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर ये है कि अब जल्द ही अरकू जाने वाली ट्रेन में दो विस्टाडोम कोच लगाएं जाने की तैयारी है. बता दें कि रेल मंत्रालय ने चंद वर्षों पहले ही विस्टाडोम कोच तैयार किया है. इन कोच की खास बात ये है कि इसकी छत पारदर्शी है, पारदर्शी छत होने से प्राकृतिक दृश्यों का आनंद उठाया जा सकता है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. शराब के नशे में युवक तेज रफ्तार में कार चला रहे थे. इसी दौरान शारदा चौक के पास कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. जिससे बाइक में सवार युवक का एक पैर कटकर अलग हो गया. हादसे के बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. वहीं घटना के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने कार चालक की जमकर पिटाई कर दी। 
आरोपी कार चालक
गोलबाजार टीआई के. के. वाजपेयी ने बताया कि सुबह 6 बजे कार ने एक बाइक सवार को ठोकर मार दी. कार सवार ने बाइक सवार के पैर पर गाड़ी चढ़ा दी. घायल विकास विश्वकर्मा का एक पैर कटकर अलग हो गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. उस कार में तीन युवक सवार थे, जो नशे में थे. चालक सुनील साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में जांच जारी है. आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। बीजापुर में IED ब्लास्ट में घायल CRPF जवान को रायपुर लाया गया है. जवान को बेहतर उपचार के लिए श्री नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रोड ओपनिंग में निकली पार्टी नक्सलियों का निशाना बन गई. बासागुड़ा में प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया गया है। 
माओवादियों ने IED ब्लास्ट किया है. इस ब्लास्ट में CRPF का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायल जवान का नाम शीलाचंद मिंज है. आवापल्ली बासागुड़ा मार्ग पर तिम्मापुर की घटना है। 
रोड ओपनिंग के लिए निकली पार्टी को को नक्सलियों ने निशाना बनाया था. जवान का बासागुड़ा में प्राथमिक इलाज किया गया. इसके बाद बासागुड़ा से जवान को हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया गया. एसपी कमलोचन कश्यप ने ब्लास्ट की पुष्टि की है. श्री नरायणा अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि करीब आधे घंटे पहले सीआरपीएफ घायल जवान शिलाचंद मिंज को लाया गया है. ब्लास्ट में जवान बुरी तरह घायल हो गया है. शरीर के कुछ हिस्से जल भी चुके हैं. डॉक्टर्स की टीम इलाज कर रही है। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अमरकंटक प्रवास के दौरान नर्मदा मईया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. उन्होंने अमरकंटक के अरंडी घाट में डुबकी लगाई और स्नान किया. बघेल ने कपिलधारा सीताराम चक्रधारी बाबा आश्रम का भ्रमण भी किया। 
दरअसल CM भूपेश बघेल आज से गौरेला-पेंड्रा मरवाही जिले के दो दिन के दौरे पर हैं. बुधवार को इंदिरा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के हेलीपैड में उतरे, फिर गौरेला पेंड्रा मरवाही के अधिकारियों और कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात की थी. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व सीएम अजीत जोगी के मितान गौरेला के पूर्व जनपद अध्यक्ष हरि सिंह कंवर से मुलाकात की थी। 
भूपेश ने शासन की योजनाओं के बारे में पूछा, तो हरिसिंह ने योजनाओं की तारीफ की और सीएम के मिलने आने पर खुशी जाहिर की. सीएम फिर तवरडबरा गांव पहुंचे, जहां आदिवासी ग्रामीणों से बातचीत की. ग्रामीण रमेश ने शासन की सभी योजनाओं का नाम बताया. रहन-सहन की जानकारी दी और खुद चाय बनाकर पिलाई. सीएम ने गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से भी बात की. उन्होंने इस इलाके को ऋषि मुनियों की तपोभूमि बताते हुए डेवलप करने की बात कही। 
CM भूपेश ने कहा कि ये इलाका राहर, दाल, चना, काफी और चाय का क्षेत्र है. समर्थन मूल्य पर आदिवासियों के उत्पादन की खरीदी होगी. सीएम आज शाम अमरकंटक में मां नर्मदा की पूजा अर्चना करेंगे. फिर एमपी के मिड-वे रिसोर्ट में रात्रि विश्राम करेंगे. कल मरवाही क्षेत्र के विधायक के. के. ध्रुव के पुत्र के निधन के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होंगे. उन्होंने आदिवासी परिवारों के बीच पहुंचकर शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए उन्होंने कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को निर्देशित भी किया है. साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही है। 
 

 
भिखारियों के पास से मिले नशे, मिर्ची और ब्लेड समेत कई सामान, किए जब्त 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी में भिखारियों के रेस्क्यू का काम जारी है. पुलिस की मदद से अब तक 53 भिखारियों को सुधार गृह भेजा जा चुका है. पुलिस ने जिन भिखारियों का रेस्क्यू किया गया, उनके पास से नशे के सामान, मिर्ची के पैकेट, ब्लेड जैसे सामान जब्त किए गए है. आशंका ये भी जताई जा रही है कि भिक्षावृत्ति की आड़ में कहीं ये किसी घटना को अंजाम तो नहीं दे रहे थे ? रायपुर में महाराष्ट्र, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा समेत कई प्रदेशों के भिखारियों ने डेरा जमाया है। 
इस मामले में संगी मितान सेवा संस्थान की डायरेक्टर ममता शर्मा ने कहा कि रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ को भिक्षुक मुक्त किया जाना है. यह छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है. जहां भिक्षुकों की काउंसलिंग होगी. उनके लिए पुनर्वास केन्द्र की व्यवस्था भी की गई है. भिक्षुकों सुधार गृह में रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग की जा रही है. फिर उनके परिचितों को बुलाकर उन्हें वापस अपने राज्य भेजा जाएगा। 
उन्होंने आगे कहा कि भिखारियों से एक बॉन्ड भी साइन कराया जाएगा जिसमें ये लिखा होगा कि वे कभी भिक्षावृत्ति नहीं करेंगे. जिन भिक्षुकों का वाकई में कोई नहीं, उन्हें उनके रूचि के मुताबिक काम दिया जाएगा. उन्हें आश्रय गृह में ही रखा जाएगा. रोजगार की व्यवस्थाएं भी कराई जाएगी. चिकित्सा से लेकर खाने की व्यवस्था समेत तमाम सुविधाएं उपलब्ध होगी। 
काफी भिखारियों के पास से गांजा, तंबाकू, मुनक्का, चिलम समेत नशे के सामान जब्त किए गए है. कुछ भिखारियों के पास से मिर्ची के पैकेट और ब्लेड जैसे सामान भी जब्त किए गए है. भिखारियों से बात करने पर वे कहते है कि वे रायपुर में पुल के नीचे यूं ही बैठे थे. पुलिस उन्हें जबरन उठा कर ले गई. अब वो अपने राज्य वापस जाना चाहते हैं। 
रायपुर में तेलीबांधा, बस स्टैण्ड, सिग्नल्स और मंदिरों के पास से बड़ी संख्या में भिखारी देखने को मिल रहे हैं. पुलिस इनके रेस्क्यू का काम कर रही है. यह काम आगे भी जारी रहेगा. बता दें कि छत्तीसगढ़ के मोवा में भिखारियों के पुनर्वास के लिए भिक्षुक पुनर्वास केन्द्र खोला गया है, जो छत्तीसगढ़ का पहला भिक्षुक पुनर्वास केन्द्र है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण कम होते ही अब पूरी तरह से स्कूल खुल गए हैं. आज गुरुवार से 6, 7, 9 और 11वीं की कक्षाएं ऑड-ईवन फार्मूले पर संचालित की जा रही है. स्कूलों में कक्षाएं उन्हीं जिलों में संचालित की जाएंगी, जहां पिछले एक सप्ताह से कोरोना की संक्रमण दर 1% से कम है. विद्यार्थियों को कक्षाओं में एक दिन के अंतराल पर बुलाया जाएगा. छत्तीसगढ़ में प्राइमरी सहित 8वीं, 10वीं और 12वीं की कक्षाएं पहले से ही चल रही हैं. स्कूल खुलने के बाद से छात्रों में खुशी की लहर है. वहीं स्कूल की शिक्षिका ने कहा कि पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई है। 
स्कूल खुलने के बाद छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही है. छात्रों का कहना है कि ऑफलाइन पढ़ाई में काफी ज्यादा सहूलियत होती है. ऑनलाइन क्लासेस होती थी, तो कुछ समझ में भी नहीं आता था. पढ़ाई आधी अधूरी होती थी. अब स्कूल खुले हैं, तो दोस्तों के साथ मिलकर भी अच्छा लग रहा है. हालांकि कोरोना काल में इस बार टिफिन शेयर नहीं कर पाएंगे, लेकिन दोस्तों से मिलने की खुशी बहुत है। 
शिक्षिका अमिता खंडेलवाल ने कहा कि छात्रों को रोटेशन (50 प्रतिशत) के आधार पर बुलाया जाएगा. स्कूल खुले हैं, तो हमें भी छात्रों से मिलकर अच्छा लग रहा है. कोरोना की वजह से रोटेशन के आधार पर छात्रों को बुलाया जाएगा, जो छात्र आज नहीं आए उन्हें कल बुलाया जाएगा. बता दें कि शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के कमिश्नर डॉक्टर कमलप्रीत सिंह ने बुधवार को स्कूल खोलने को लेकर आदेश जारी किया था. 6वीं, 7वीं, 9वीं और 11वीं की कक्षाओं के संचालन की अनुमति दी थी। 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। 6वीं,7वीं, 9वीं और 11वीं की कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बड़ी खबर है. शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के कमिश्नर डॉक्टर कमलप्रीत सिंह ने कहा है कि स्थगित कक्षाओं के संचालन की अनुमति दे दी गई है।
यानी अब इस क्लास में पढ़ने वाले बच्चों की भी स्कूल शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा कि इससे जुड़ा औपचारिक आदेश आज शाम तक जारी हो जाएगा. बता दें कि कोरोना काल के मद्देनज़र इन कक्षाओं की ऑनलाइन पढ़ाई हो रही थी।
पहले चरण में आठवीं, दसवीं और बारहवीं के साथ कक्षा एक से पांचवीं तक अनुमति के आधार पर कक्षा संचालन की अनुमति दी गई थी. बता दें कि स्कूल संचालन के पूर्व में जारी नियम ही लागू रहेंगे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में आज से ’राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना’ के लिए पंजीयन की शुरूआत की है. उन्होंनो मजदूर भाईयों और बहनों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे इस योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराने की अपील की है।
मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने की जो पहल की है. उसमें “राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना” के नाम से एक नया अध्याय जुड़ रहा है. इस न्याय योजना के लिए पंजीयन की शुरूआत आज 1 सितंबर से हो रही है. पंजीयन का यह काम 30 नवंबर 2021 तक चलेगा. योजना का लाभ 10 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को मिलेगा. प्रत्येक परिवार के लिए 6 हजार रूपए प्रतिवर्ष अनुदान राशि, सीधे उनके बैंक खाते में जमा कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारी शीर्ष नेता और सांसद सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने हमें यह मंत्र दिया है कि गरीब परिवारों की जेब में किसी भी तरह से धन राशि डाली जाए ताकि ये लोग आर्थिक संकट के दौर में, कर्ज के दुष्चक्र में न फंसे और अपनी जरूरतें पूरी कर सकें. जिस तरह से किसानों को मिली आर्थिक मदद ने बाजार को संबल दिया है. उसी तरह भूमिहीन कृषि मजदूरों को मिली आर्थिक मदद भी ग्रामीण अंचल में अर्थव्यवस्था को गति देने का माध्यम बनेगी।
बघेल ने कहा कि हमारा यह बहुत बड़ा सपना था कि किसी भी रूप में ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों की मदद करें और अब यह सपना पूरा होने का समय आ गया है. मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए ऐसी योजना लागू की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ’राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना’ के माध्यम से हम प्रदेश के सर्वाधिक जरूरतमंद परिवारों की मदद कर पाएंगे, क्योंकि बात है अभिमान की, छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की. न्याय योजना की यह नई कड़ी, गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के हमारे लक्ष्य को पूरा करने में मदद करेगी. मुख्यमंत्री बघेल ने योजना के लिए पात्र मजदूर भाइयों और बहनों से अपना पंजीयन कराने की अपील करते हुए कहा कि इसी वर्ष में उन्हें योजना का लाभ देने की शुरूआत हो जाएगी।
ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर परिवार के मुखिया को योजना के पोर्टल पर कराना होगा पंजीयन ‘‘राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना’’ का लाभ प्राप्त करने के लिए इच्छुक ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों के मुखिया को निर्धारित समयवधि में राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के पोर्टल आरजीजीबीकेएमएनवाय डाट सीजी डाट एनआईसी डाट इन (rggbkmny.cg.nic.in) में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा. पंजीयन के लिए मजदूर परिवार के मुखिया को आवश्यक दस्तावेज-आधार कार्ड, बैंक पासबुक के छाया प्रति के साथ आवेदन सचिव, ग्राम पंचायत के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।
आवेदन में यथा संभव मोबाईल नम्बर का भी उल्लेख करना होगा. ग्राम पंचायत सचिव द्वारा हितग्राही से प्राप्त आवेदन निर्धारित समय सीमा में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पास निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करना होगा. जहां पोर्टल में इसकी प्रविष्टी की जाएगी. हितग्राही परिवार आवेदन की पावती ग्राम पंचायत सचिव से प्राप्त कर सकेगा. प्रत्येक ग्राम पंचायत में र्भुइंया रिकार्ड के आधार पर ग्रामवार बी-1 और खसरा की प्रतिलिपि चस्पा की जाएगी. जिससे भू-धारी परिवारों की पहचान स्पष्ट को सके. भूमिहीन परिवारों को आवेदन भरने में सुविधा प्राप्त हो सके।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर की सड़को में इन दिनों भिखारियों की संख्या बढ़ी हैं. जिसे देखते हुए समाज कल्याण विभाग पुलिस की मदद से भिखारियों के रेस्क्यू का काम कर रही है।
इन भिखारियों को पुनर्वास केन्द्र में स्थापित किया जाएगा और वहां भिखारियों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा. यदि किसी भिखारी को अपने राज्य वापस लौटना होगा तो उसके लिए वह व्यवस्था भी की जाएगी।
मामले में समाज कल्याण विभाग के डायरेक्टर पी दयानंद ने बताया कि सड़क के किनारे या सिग्नल पर भिखारियों की संख्या ज्यादा बढ़ी हैं, कुछ भिखारियों के वेश में सड़क किनारे सामान बेचते हुए नजर आते है, कुछ गाड़ियों को साफ कर पैसे मांगते हुए नजर आते है।
ऐसे लोगों के रेस्क्यू की जिम्मेदारी पुलिस को दी गई है, पुलिस ने आज से काम शुरू किया है. उनमें से अगर कोई दिव्यांग या वृद्धजन होंगे तो उनकी पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाएगी।
यदि कोई बच्चा भीख मांगता हुआ नजर आता हैं तो महिला बाल विकास विभाग की टीम उनके पुनर्वास की व्यवस्था करेगी।
विभाग के द्वारा ये जानने का भी प्रयास किया जाएगा कि भिखारियों की वास्तविक स्थिति कैसी है, वो क्या चाहते है?क्या उनसे जबरदस्ती भीख मंगवाया जा रहा है? छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भी इस अभियान को चलाया जाएगा।
यदि भिक्षुकों की संख्या अन्य जिलों में भी बढ़ती हुई नजर आती है तो उन जिलों में भी रेस्क्यू का काम किया जाएगा, फिलहाल इसकी शुरूआत आज रायपुर से की गई है, आने वाले समय में भिखारियों को कौशल विकास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. दिव्यांगों के लिए अलग व्यवस्था होगी. भिखारियों के परीक्षण के आधार पर फैसले लिए जाएंगे।