Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। BSC नर्सिंग के पेपर लीक होने के दो सप्ताह बाद भी यूनिवर्सिटी प्रबंधन के हाथ ख़ाली हैं. जांच कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि जाच जारी है. जाँच का दायरा बड़ा है. प्रदेश में 18 सेंटर और 110 कॉलेजों में जांच करना आसान नहीं है, लेकिन गुनाहगारों को छोड़ा नहीं जाएगा. समय लगेगा दोषियों को पुलिस को सौंपा जाएगा. वहीं विद्यार्थियों ने गंभीर आरोप लगाया है. कहा कि जांच के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। 
दरअसल, BSC नर्सिंग परीक्षा अब तक तीन साल से नहीं हुई है. 6 बार परीक्षा रद्द हो चुकी है. पेपर लीक मामले में गठित जांच कमेटी के अध्यक्ष और आयुष यूनिवर्सिटी के उपकुलपति डॉक्टर SK चटर्जी ने कहा कि यूनिवर्सिटी अपने स्तर पर जांच कर रही है. जांच करना इतना भी आसान नहीं है, क्योंकि अठारह केंद्रों और 110 कॉलेज हैं, जो जांच के दायरे में हैं. कहां से पेपर लीक हुआ है. इसका जांच करना इतना आसान नहीं है. जांच जारी है, जो ज़िम्मेदार मिलेंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी. जांच के बाद रिपोर्ट पुलिस को भी सौंपा जाएगा। 
वहीं नर्सिंग BSC के विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर जांच में देरी की जा रही है, जिम्मेदारों को बचाने की कोशिश की जा रही है. पेपर लीक हुए दो सप्ताह हो गया, लेकिन अब तक जांच के नाम पर सिर्फ़ गुमराह किया जा रहा है. आज हमने इसको लेकर यूनिवर्सिटी प्रबंधन से बातचीत की. वहां पर हमारे सवालों का सवालों का घूमा घुमाकर जवाब दिया जा रहा था. अंत में यह भी कह दिया गया कि पेपर हम लोगों ने 1 हज़ार में बेचने को कहा था। 
ग़ौरतलब है कि पिछले तीन सालों से परीक्षा नहीं होने के कारण विद्यार्थी परेशान है और जैसे तैसे कोर्ट के आदेशानुसार परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक होने की ख़बर मिलते ही परीक्षा को स्थगित किया कर जांच कमेटी गठित किया गया था। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के आर्थिक सलाहकार कल्याणी मिश्रा एवं संयुक्त सचिव श्रैलेन्द्र मिश्रा ने मनरेगा के कामों को देखने के लिए जिले के हरिनभट्टा (पलारी) एवं बलौदा (कसडोल) का दौरा किया। उन्होंने इन ग्रामों में योजना से लाभान्वित ग्रामीण मजदूरों और छोटे किसानों से मुलाकात कर योजना से उनके जीवन में आये बदलाव एवं योजना की उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत जिले में बड़ी संख्या में सिंचाई से जुड़ी संरचना निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की। अल्प एवं खण्ड वर्षा की स्थिति में मनरेगा के अंतर्गत बनाई गई सिंचाई नहर, कुआं एवं डबरी काफी उपयोगी साबित हो रही हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन से भी मुलाकात कर मनरेगा में अच्छे कार्य एवं व्यवस्थित रख-रखाव के लिए जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत की सराहना की। संपूर्ण दौरे में जिला पंचायत की सीईओ डॉ. फरिहा आलम सिद्धिकी उनके साथ थीं। 
केन्द्रीय ग्रामीण विकास विभाग की आर्थिक सलाहकार कल्याणी मिश्रा ने पलारी विकासखण्ड के ग्राम हरिनभट्ठा से दौरे की शुरूआत की। उन्होंने बकरीपालन के हितग्राही एवं ग्रामीण श्रमिक दुकालु यादव के निवास पहुंचकर उनका हाल-चाल पूछा। मनरेगा के अंतर्गत उनके घर के एक हिस्से में बकरी शेड का निर्माण किया गया है। शेड बन जाने से वह सुरक्षित तरीके से बकरीपालन का कार्य कर रहा है। उसने बताया कि पिछले साल वह पांच बकरी बेचकर 20 हजार रूपये की आमदनी अर्जित की है। पैसा आने से समाज में उसकी पूछ-परख भी बढ़ी है। इसके साथ ही गांव के तालाब में मनरेगा योजना से गहरीकरण होने पर जलभराव क्षमता बढ़ी है। जिससे डेढ़ दर्जन किसानों की 25 एकड़ खेत में सिंचाई भी सम्भव हुई है। सिंचाई के लिए नहर निर्माण किये जाने से भी ग्राम के किसानों के 40 एकड़ खेत में सिंचाई हो रही है। अल्पबारिश के हालात में मनरेगा के इस तरह के काम किसानों के लिए संजीवनी साबित हो रहे हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत भवन पहुंचकर अभिलेखों के संधारण एवं साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। इसके बाद कसडोल के बलौदा ग्राम में मनरेगा के सहयोग से निर्मित आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का अवलोकन किया। उन्होंने ग्राम के सीमांत किसान मनोहर पिता फागूलाल से भी मुलाकात कर उनके जीवन-यापन के तौर-तरीकां में आये बदलाव की जानकारी ली। मनोहर के खेत में मनरेगा से कुएं का निर्माण किया गया है। इससे वह खरीफ में फसल बचाने के साथ ही अन्य मौसम में साग-भाजी उगाता है। पिछले सालों में उसे लगभग 1 लाख रूपये की आमदनी हुई है। उन्होंने ग्राम में निर्मित प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास और मनरेगा के सहयोग से निर्मित सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। मनरेगा योजना से ग्रामीण जीवन में लोगों के आ रहे बदलाव को देखकर खुश हुई और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
 

panchayattantra24.com,जशपुर/पत्थलगांव। सिविल अस्पताल में सर्पदंश से दो महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला नजदीकी ग्राम बन्धनपुर बागबहार का है। यहां के निवासी महिला बासो तिर्की पति दुलार रोजाना की तरह घर में जमीन पर गद्दा लगाकर सोई थी, देर रात उसे किसी जीव द्वारा काटने का एहसास हुआ। जब उसने उठकर देखा तो कमरे में एक करैत सांप घूम रहा था। घरवालों को आवाज देकर उठाई, इसके बाद सभी ने मिलकर सांप को डंडे से मार दिया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ते देख उसे इलाज के लिए तत्काल वैन से पत्थलगांव सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 दूसरा मामला पत्थलगांव के नजदीकी ग्राम अलोला का है, जहां की निवासी महिला संतोषी मालाकार पति अनिल मालाकार रोजाना की तरह सुबह 4 बजे सो कर उठी तो उसने अपने कमरे में सांप को घूमते पाया। सांप को देखने के बाद उसे अपने सीने में दर्द महसूस होना शुरू हो गया। घरवालों को सूचना देने पर उसके शरीर में सांप के काटने का निशान देख तत्काल उसे पत्थलगांव सिविल अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों ही मामले में पत्थलगाव क्षेत्र में पाए जाने वाले जहरीले सांप करैत की मौजूदगी पाई गई है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेसी में मची खिंचतान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने कहा है कि जिस प्रकार से घटनाक्रम बढ़ा है. एयरपोर्ट में नारा लगा कि छत्तीसगढ़ अड़ा है, भूपेश के साथ खड़ा है. कांग्रेसी विधायकों का जमावड़ा दिल्ली में हो रहा है. ये चुनौती किसे दी जा रही है? ये चुनौती बीजेपी के लिए तो नहीं है, क्या कांग्रेस आलाकमान को ये चुनौती दी जा रही है।
डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि, ये चुनौती बीजेपी के लिए है या केंद्रीय नेतृत्व के लिए है? आज दिल्ली में विधायकों को भेजकर शक्ति प्रदर्शन केंद्रीय नेतृत्व के सामने किया जा रहा है. दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन का दौर जारी है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को ये संदेश दिया जा रहा है कि यदि छेड़छाड़ किया तो भारी पड़ेगा।
हालातों पर हमारी नजर
डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि, मुझे ये अंदेशा नहीं है कि कांग्रेस में विभाजन की स्थिति बनेगी. हालातों पर हमारी नज़र भी बनी हुई है. आज की स्थिति में दरवाज़ा खोलने और बंद करने जैसी बात नहीं है. लेकिन दरवाज़े पर कोई नॉक करने वाला भी होना चाहिए. रमन ने कहा कि कांग्रेसी विधायक और नेता राजनीतिक कारणों से दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन हर कोई कहता है विकास के लिए जा रहे है. ये सत्ता की लड़ाई है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में ‘छत्तीस’ का आंकड़ा चल रहा है. राजनीतिक टकराव के बीच करीब 50 कांग्रेस विधायक दिल्ली पहुंच गए हैं. दिल्ली में सभी विधायक छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया के आवास पर पहुंचे हुए हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दिल्ली पहुंच चुके हैं. विधायक देवेंद्र यादव का कहना है कि ‘हम पार्टी आलाकमान के सामने अपने विचार रखेंगे।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के घर विधायकों की करीब एक घंटे बैठक चली. उसके बाद सभी विधायक पुनिया के घर से बाहर निकलकर एआईसीसी दफ़्तर जा रहे हैं. वहां वरिष्ठ नेताओं से मुलाक़ात करेंगे।
दिल्ली रवाना होने से पहले सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि उन्हें केसी वेणुगोपाल का संदेश मिला है कि राहुल गांधी मिलना चाहते हैं. यही कारण है कि वे दिल्ली आए हैं. क्या कोई अपने नेता से भी नहीं मिल सकता है ? कुछ लोग बिना बुलाए दिल्ली पहुंच गए हैं।
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली रवाना हो गए हैं. उनके साथ कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर और सलाहकार प्रदीप शर्मा मौजूद है. दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा कि कल कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल का मेरे पास मैसेज आया था. आज राहुल गांधी से मुलाकात हो सकती है. उनके निर्देश पर मैं वापस दिल्ली जा रहा हूं. इसके अलावा मेरे पास और कोई जानकारी नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बयान पर कहा कि मैं किसी के व्यक्तिगत बातों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा मुझे हाईकमान ने दिल्ली बुलाया है।
विधायकों के दिल्ली जाने पर भूपेश बघेल बोले कि यह सब बात मुझे मीडिया के माध्यम से पता चली है. मुझे ऑफिसियल कोई जानकारी नहीं है. मुझे दिल्ली बुलाया गया और मैं दिल्ली जा रहा हूं।
विधायकों के दिल्ली कूच पर कहा कि विधायक अपने नेता से मिलने क्यों नहीं जा सकते. मुझे बुलाया गया है इसलिए मैं जा रहा हूं. कोई बिना बुलाए भी अपने नेता से मिलने जा सकता है. कोरोना वायरस के कारण वैसे भी किसी का जाना नहीं हो पाया. लेकिन अभी वहां गए है तो सभी अपने नेता से मिलेंगे।
प्रदेश की जनता से मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम सत्ता में नहीं थे तब, और सत्ता में आने के बाद भी हम जनता के साथ हैं. जनता, किसान, अनुसूचित जाति- जनजाति, व्यापारी और सारे लोग यह महसूस करते हैं कि यह सरकार हमारी सरकार है।
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के फेरो अलॉयज कंपनी मालिक के अनुपम नगर स्थित घर और प्लांट में आयकर की कार्रवाई खत्म हो गई. दोनों जगह पर कार्रवाई लगातार दो दिन तक चली. छानबीन के बाद टीम गुरुवार रात को वापस लौट गई।
बता दें कि अलॉयज कंपनी के मालिक नितिन अग्रवाल के घर पर आयकर की टीम ने 25 अगस्त को दबिश दी थी. जानकारी के मुताबिक, घर और प्लांट में जांच के बाद 65 लाख से अधिक की नकदी सीज की गई है।
अलॉयज कंपनी पर विशाखापटनम से आए अधिकारियों की टीम ने दबिश दी थी. कंपनी में करीब 2 दिनों तक कार्रवाई चली है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस विधायकों के दिल्ली जाने का सिलसिला जारी है. आज सुबह करीब 10 विधायक और निगम मंडल के अध्यक्ष दिल्ली रवाना हुए हैं. रायपुर एयरपोर्ट पर लगातार हलचल तेज है।
कैबिनेट मंत्री कवासी लखमा, विधायक रेख चंद जैन, विधायक राजमन बेंजाम, विधायक अरुण वोरा, नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप, चंद्रपुर विधायक राम कुमार यादव, विधायक दलेश्वर साहू, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, कर्मकार मण्डल के अध्यक्ष सन्नी अग्रवाल दिल्ली रवाना हो गए हैं।
दिल्ली रवाना होने से पहले किसी नेता ने संगठन के काम, किसी ने पार्टी के, किसी ने तो दिल्ली घूमने की बात कहीं है।
वहीं विधायक अरुण वोरा ने कहा कि हमारे मुखिया के निर्देश पर हम सभी विधायक दिल्ली जा रहे हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हमारे नेता हैं. आज भी विकास के विषय पर चर्चा होनी है।
मोहन मरकाम और पीएल पुनिया के विधायकों को दिए निर्देश को लेकर कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है. कल से अब तक कांग्रेस के 45 विधायक दिल्ली पहुंचे।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के फार्मूले को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. प्रदेश के नेता और विधायक दिल्ली पहुंच रहे हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी एक बार फिर दिल्ली बुलाया गया है. लेकिन विधायकों को दिल्ली बुलाने के सवाल से कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने इंकार कर दिया है।
वहीं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी दिल्ली में मौजूद है. उन्होंने गुरुवार को एक बयान देकर सभी को चौका दिया. उन्होंने कहा था कि हर खिलाड़ी कप्तान बनना चाहता है. लेकिन उन्होंने ढाई-ढाई साल के किसी फार्मूले से इंकार कर दिया है. पार्टी ने ऐसी बात कभी नहीं कही है।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में मचे सियासी तूफान के बीच प्रदेश के 30 विधायकों ने दिल्ली में अपना डेरा जमा लिया है. इसमें सबसे ज्यादा संख्या ओबीसी, आदिवासी और एससी विधायकों की है. वहीं 20 विधायक ऐसे है जो आज दिल्ली में दस्तक देने वाले है. ये सभी विधायक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थन में दिल्ली पहुंचे है और इन्होंने कल देर रात कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी की।
आज करीब 50 विधायक कांग्रेस हाईकमान से मिलने का प्रयास करेंगे. ऐसी भी चर्चाएं हैं कि 11 बजे सीएम भूपेश बघेल भी दिल्ली जा सकते हैं, जहां वह राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं. कल देर रात प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से दिल्ली में 24 विधायकों ने मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की चर्चा की।
बता दें कि पिछले दिनों बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद बुधवार को रायपुर लौट गए थे।
मुख्‍यमंत्री बघेल ने छतीसगढ़ पहुंचकर कहा था कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आदेश से वह इस पद पर आसीन हुए हैं और उनके कहने पर तत्काल इस पद को त्याग देंगे. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा था कि मुख्यमंत्री पद के ढाई—ढाई वर्ष के बंटवारे का राग अलाप रहे लोग प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता लाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें वह कभी सफल नहीं होंगे।
ये विधायक और मंत्री पहुंचे है दिल्ली 
मंत्री डॉ शिव डहरिया, अमरजीत भगत, अनिला भेड़ियां, विधायक चन्द्र देव राय, इन्दरशाह मंडावी, बृहस्पत सिंह, कुलदीप जुनेजा, पुरषोत्तम कंवर, मोहित केरकेट्टा, शिशुपाल शोरी, विनय जयसवाल, प्रकाश नायक, द्वारकाधीश यादव, कुंवर सिंह निषाद, चिंतामणि महाराज, विनोद चंद्राकर, देवेन्द्र यादव, ममता चंद्राकर, शकुंतला साहू, आशीष छाबरा, यूडी मिंज, गुलाब कमरों, उत्तरी गनपत जांगडे, भुवनेस्वर बघेल, गुरुदयाल बंजारे, अनीता शर्मा, लक्ष्मी ध्रुव, रश्मि आशीष सिंह, विकास उपाध्याय, किस्मत लाल नन्द।
ये 21 विधायक और मंत्री आज पहुंचने वाले है दिल्ली
मंत्री कवासी लखमा, रविन्द्र चौबे, विधायक रामकुमार यादव, दलेस्वर साहू, डॉ केके ध्रुव, लालजीत राठिया, चक्रधर सिदार,  संगीता सिन्हा, विनय भगत, मनोज मंडावी, लखेस्वर बघेल, रेकचंद जैन, चन्दन कश्यप, राजमन बेंजम, संतराम नेताम, विक्रम मंडावी, अनुप नाग, अमितेश शुक्ल, धनेन्द्र साहू, अरुण वोरा, पारसनाथ रजवाड़े
 

 
 panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू एवं विशेष सचिव डॉ.एस.भारतीदासन ने जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम जेवरा पहंुचे। उन्होंने यहां जेवरानाला में निर्मित स्टॉपडेम का अवलोकन किया। यह स्टॉपडेम 2 करोड़ 8 लाख रूपए की लागत से बरसात से पहले बनकर तैयार हुआ है। यह स्टॉपडेम वर्तमान स्थिति में आस-पास के किसानों की खरीफ की फसलों को बचाने के लिए संजीवनी बन गया है। सैकड़ों किसान पानी से लबालब इस स्टॉपडेम से पानी लेकर अपने खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। अपर मुख्य सचिव श्री साहू एवं विशेष सचिव डॉ.भारतीदासन ने स्टॉपडेम की गुणवत्ता एवं उपयोगिता की सराहना की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सुराजी गांव योजना के नरवा विकास कार्यक्रम का उद्देश्य जल का संरक्षण, भूजल संवर्धन, निस्तार व लिफ्ट के जरिए किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने जेवरानाला में बने स्टॉपडेम जैसी अन्य संरचनाओं का निर्माण उपयुक्त स्थल का चयन कर प्राथमिकता से कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि किसान पानी लिफ्ट कर सिंचाई कर सके। उन्होंने कहा कि इससे द्विफसली खेती को बढ़ावा मिलेगा। किसानों की आमदनी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन सिंचाई सुविधा के विस्तार के लिए लिफ्ट एरिगेशन को बढ़ावा दे रही है। इस मौके पर उन्होंने किसानों से भी चर्चा की। किसानों एवं ग्रामीणों ने स्टॉपडेम के निर्माण के लिए शासन-प्रशासन का आभार जताया और कहा कि इससे उन्हें फायदा हुआ है।