Browsing: रायपुर

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर।मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के निर्देशानुसार राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत की जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी लगातार जिलों में दौरा कर रहे हैं। इसी सिलसिले में आज अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू एवं विशेष सचिव डॉ.एस.भारतीदासन राज्य सरकार की फ्लैगशिप वाली योजनाओं विशेषकर सुराजी गांव योजना के तहत नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी कार्यक्रम के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का जायजा लेने जांजगीर-चांपा जिले का दौरा किया। उन्होंने जिले के कई गौठानों का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने नवागढ़ ब्लॉक के खोखरा गौठान में महिला समूहों द्वारा संचालित आय मूलक गतिविधियों की एक ओर जहां सराहना की, वहीं अकलतरा ब्लॉक के तरौद गौठान के निरीक्षण दौरान वहां पशुधन के चारे के लिए पैरा का रख-रखाव एवं निर्माण कार्यो में उदासीनता का मामला सामने आने पर जनपद पंचायत अकलतरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उनके साथ थे।
अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू ने अकलतरा ब्लॉक के तरौद, अमोरा, किरारी,  नवागढ़ ब्लॉक के खोखरा गौठानों के निरीक्षण के दौरान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए प्रत्येक गौठान में वर्मी कम्पोस्ट के निर्माण के साथ-साथ कम से कम पांच आय मूलक गतिविधियां अनिवार्य रूप से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि महिला समूहों को गौठानों में रोजगार मिलने के साथ-साथ उन्हें और अधिक लाभ मिल सके। आदर्श गौठान खोखरा में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा वर्मी कम्पोस्ट के साथ-साथ मशरूम का उत्पादन, फिनाईल व पैरदान का निर्माण किया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव श्री साहू एवं विशेष सचिव डॉ.भारतीदासन ने महिला समूहों द्वारा उत्पादित सामग्री का मुआयना किया और फिनाईल, पैरदान की क्वालिटी, की सराहना की। खोखरा में तीन महिला स्व-सहायता समूह गौठान से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं। गौठान में पशुओं के हरे चारे की व्यवस्था के लिए 10 एकड़ में रोपित नेपियर घास का भी उन्होंने अवलोकन किया और महिला समूहों, गौठान समिति के प्रयासांे की प्रशंसा की। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव एवं विशेष सचिव सहित अन्य अधिकारियों ने गौठान में कटहल और आम के पौधे रोपित किए। अपर मुख्य सचिव एवं विशेष सचिव ने पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भैंसों स्थित हायर सेकेण्डरी स्कूल का भी मुआयना किया और बच्चों से पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शाला प्राचार्य और शिक्षकों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए स्कूल में प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने सेनेटाईजेशन और साफ-सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखने के निर्देश दिए।  

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में गोधन न्याय योजना से जुड़कर शहरी क्षेत्र की झुग्गी बस्तियों में रहने वाली महिलाएं भी लाभान्वित हो रही हैं। गौठानों में जहां गोबर खरीदी-बिक्री के माध्यम से इससे जुड़ी महिला समूहों को अब न सिर्फ नियमित रूप से रोजगार मिल रहा है, अपितु उन्हें बेहतर आमदनी भी हो रही है। रोजगार मिलने और आमदनी बढ़ने से गरीबी में जीवनयापन करने वाली झुग्गी इलाकों में रहने वाली महिलाओं के चेहरे में जहां मुस्कान है, वहीं अधिकांश महिलाएं खुद को आर्थिक रूप से मजबूत मानने लगी है।
    रायपुर जिले की कान्हा स्व सहायता समूह की महिलाएं योजना के प्रारंभ होने के साथ ही गोधन न्याय योजनांतर्गत खरीदे गये गोबर से वर्मी खाद तैयार करने का कार्य कर रही हैं। गोकुलनगर में खरीदी केंद्र के माध्यम से 2 रूपये प्रति किलो की दर से गोबर खरीदी तथा उससे वर्मी और सुपर कम्पोस्ट तैयार कर 10 व 6 रुपए प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है। महिलाओं के कुशल प्रबंधन तथा व्यावसायिक दृष्टिकोण के परिणाम स्वरूप कान्हा समूह की महिलाओं ने 54 टन क्विंटल खाद तैयार कर विक्रय किया है, जिससे उन्हें 5 लाख से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। कान्हा समूह में कार्यरत 15 महिलाएं गोधन न्याय योजना से जुड़कर आर्थिक उन्नति के नये सोपान गढ़ रही हैं।
 समूह की अध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह ने बताया कि जीवनशैली में विविध कार्यों में गोबर का उपयोग होता आ रहा है, लेकिन गोधन न्याय योजना के माध्यम से शासन ने इसके व्यावसायिक महत्व से अवगत कराया और पशुपालकों की आय बढ़ाई तथा महिलाओं के लिए रोजगार सृजित कर उन्हें लाभान्वित किया। उन्होंने बताया कि समूह की 13 महिलाओं को स्थाई रोजगार का साधन उपलब्ध हो पाया तथा उन्हें आजीविका के लिए अन्यत्र जाने की जरूरत नहीं पड़ी। यहां वर्मी खाद तैयार करने के साथ-साथ समूह की महिलाएं सुपर कम्पोस्ट बनाने का कार्य भी कर रही हैं। निगम के अधिकारी और प्रशासन के सतत् सहयोग ने हमें इस रोजगार से जोड़े रखा और इसी का ही परिणाम है कि खाद बेचकर हमें 5 लाख से अधिक की राशि प्राप्त है। अध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह ने बताया कि उनके केंद्र में 140 गौ पालक पंजीकृत है। एक दिन में लगभग 15 हजार किलो गोबर की खरीदी केंद्र में होती है। समूह की सदस्य वर्मी खाद के साथ गौ-काष्ठ, दीया, सजावटी सामान और कण्डे बनाने का कार्य भी करती है। इससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी होती है। समूह की सचिव श्रीमती चित्ररेखा ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि खाद निर्माण कार्य से जुड़ने पर उन्हें रोजगार मिलने से घर की आर्थिक दिक्कतें कम हुई हैं तथा वे परिवार के भरण-पोषण में अपना योगदान दें पा रही हैं।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार राज्य में किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त रासायनिक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलों में निजी उर्वरक विक्रेता फर्मो की जांच-पड़ताल का अभियान निरंतर जारी है। निजी फर्मो के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम द्वारा रासायनिक उर्वरक के दर के प्रदर्शन, स्टाक का मिलान, कैश मेमो, क्रेडिट मेमो की जांच के साथ ही उर्वरकों की गुणवत्ता के परीक्षण के लिए सेम्पल भी लिए जा रहे हैं। उर्वरक विक्रय की दर, स्टाक में गड़बड़ी एवं अन्य अनियमितताओं का मामला पकड़ में आने पर संबंधित फर्मों के विरूद्ध उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश वितरण कार्यवाही किए जाने के साथ ही सेम्पल के अमानक पाए जाने पर संबंधित लॉट की विक्रय पर भी प्रतिबंधित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज जांजगीर-चांपा जिले के डभरा में एसडीएम के नेतृत्व में कृषि विभाग के अधिकारियों के टीम ने निजी खाद विक्रेता मेसर्स मदनलाल अग्रवाल खाद भंडार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर खाद विक्रय का मामला पकड़ में आने पर उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 की धारा 3(3) के तहत संबंधित फर्म के खाद भंडार को सील कर दिया गया है। गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा जिले के सक्ती में बीते दिनों में एक निजी खाद विक्रेता पर मेसर्स ज्ञानीराम चंदगीराम के तीन खाद गोदामों को अनियमितता के चलते सील करने के साथ ही उसके उर्वरक पंजीयन प्रमाण पत्र को निलंबित किए जाने की कार्यवाही की गई थी। मेसर्स ज्ञानीराम चंदगीराम उर्वरक विक्रेता के यहां निरीक्षण के दौरान निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर उर्वरक के विक्रय, किसानों को कैश मेमो, क्रेडिट मेमो जारी न करने, स्टाक में गड़बड़ी का मामला पकड़ में आने पर फर्म के खाद गोदामों को सील कर दिया गया। राज्य में संचालित इस अभियान के तहत निजी उर्वरक विक्रेताओं के यहां से रासायनिक उर्वरकों के अब तक लिए गए 2127 नमूनों में से 83 नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित फर्मो के संचालकों को नोटिस दिए जाने के साथ ही उर्वरक के अमानक लॉटों के विक्रय को प्रतिबंधित किए जाने की कार्यवाही की गई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के कार्यकाल को लेकर विवाद थमा नहीं है। दिल्ली में भूपेश-सिंहदेव के साथ राहुल गांधी की बैठक के बाद यह विवाद एक बार फिर सुलगता दिख रहा है। हालांकि कांग्रेस हाईकमान ने दोनों नेताओं को आपसी सामंजस्य से अंदरूनी मतभेद दूर करने का निर्देश देकर मामले को शांत करने की कोशिश की है, लेकिन रायपुर लौट कर दिए गए भूपेश बघेल के बयान से यह साफ हो गया है कि प्रदेश में ऐसी साजिशें विपक्ष की ओर से मीडिया के माध्यम से की जा रही हैं ताकि कांग्रेस के भीतर मतभेद पैदा हो और उनका मंसूबा कामयाब हो जाए। लेकिन ऐसा होता दिखता नहीं है क्योंकि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ विधायकों में किसी तरह की नाराजगी नहीं दिखाई दे रही है। मीडिया के माध्यम से सिंहदेव की नाराजगी और ढाई-ढाई साल के कार्यकाल को जरूर हवा मिल रही है लेकिन इसके पीछे भी कोई आधार नजर नहीं आ रहा है। एयरपोर्ट में भूपेश के स्वागत में जिस तरह कांग्रेसी शक्ति प्रदर्शन करते नजर आए उससे यह बात जाहिर भी हो गई।
 कुर्मी-छत्तीसगढिय़ा वर्ग को नाखुश नहीं करेगी कांग्रेस, ऐसा सोच भी नहीं सकती : दूसरी ओर कांग्रेस हाईकमान को भी पता है कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में पार्टी 15 साल बाद सरकार बनाने में कामयाब हुई है। आदिवासी इलाकों में मिली सफलता के अलावा सरकार बनाने में ओबीसी फैक्टर का अहम योगदान रहा है। इस वर्ग का प्रतिनिधित्व भूपेश बघेल करते हैं। ऐसे में हाईकमान भूपेश को पद से हटा कर कुर्मी वर्ग का कोपभाजन नहीं बनना चाहेगी। छत्तीसगढ़ में ओबीसी वर्ग सत्ता संतुलन में बड़ी भूमिका निभाते रहा है। ऐसे में पार्टी के भीतर की मतभेदों को हाईकमान स्थानीय स्तर पर नेताओं से चर्चा करके सुलझाने की कोशिश करेगा, इसके निर्देश भी दोनों नेताओं को दिया गया है। भूपेश के बयानों से यह साफ भी हो गया है कि यह साजिश विपक्ष और मीडिया द्वारा प्रायोजित है जिसका कोई आधार नहीं है। 
रायपुर हवाई अड्डे पर शक्ति प्रदर्शन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अगवानी के बहाने उनके समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया है। करीब 3 बजे से ही वहां समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, विधायक कुलदीप जुनेजा, विनय जायसवाल सहित कई निगम-मंडलों, प्राधिकरणों के अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मुख्यमंत्री के स्वागत को पहुंचे थे। इस दौरान समर्थकों ने छत्तीसगढ़ अड़ा हुआ है, भूपेश बघेल संग खड़ा हुआ है, जैसे नारे लगाए।
ऐसे बढ़ता गया है विवाद ढाई-ढाई वर्ष के लिए मुख्यमंत्री बनाए जाने के फार्मुले की चर्चा के बीच पिछले कुछ महीनों के दौरान लिए गए कुछ फैसलों से विवाद बढ़ा है। सरकार ने जून महीने में ढाई साल पूरे किए। इसी के साथ मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। शुरुआत में इस संबंध में किसी सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल साफ शब्दों में कहते रहे कि इस तरह का कोई फार्मुला मौजूद नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव जरूर इस सवाल पर कहते थे कि मुख्यमंत्री बनाना हाईकमान का फैसला है। पिछले महीने पहली बार मुख्यमंत्री इस लाइन पर आए कि हाईकमान कहे तो अभी इस्तीफा दे दूंगा। 14 अगस्त को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा, सेमीफाइनल में हम चार लोग थे। अभी तो दो ही खिलाड़ी बचे हैं। इसके साथ ही सत्ता संघर्ष की अटकलों ने जोर पकड़ा। 
 जिस दिन आलाकमान कहेगा पद से हट जाऊंगा: मुख्यमंत्री बघेल छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट पर बुधवार पहुंचे सीएम भूपेश बघेल का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, बोले-जिस दिन कहा जाएगा सीएम पद छोड़ दूंगा, यह किसानों की सरकार है। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने मुझे मुख्यमंत्री बनाया था, जिस दिन आलाकमान कहेगा पद से हट जाऊंगा। सोनिया-राहुल ने मुझ जैसे किसान को मुख्यमंत्री की जि़म्मेदारी सौंपी है, जब तक उनका आदेश है, तब तक मैं इस पद पर हूं, जब कहेंगे हट जाऊंगा। ढाई-ढाई साल का राग अलापने वाले सफल नहीं होंगे। दिल्ली में राहुल गांधी के साथ बैठक हुई, पुनिया, केसी वेणुगोपाल से मुलाकात हुई। राहुल के साथ विकास के मुद्दे पर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ की स्थिति के बारे में उनको अवगत कराया। इससे पहले दिल्ली में सीएम बघेल और सिंहदेव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से अलग-अलग चर्चा की।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। नरवा, गरुवा, घुरुवा अउ बारी के साथ राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं का केंद्रीय टीम जायजा लेगी. राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने बताया कि केंद्रीय टीम में राज्यसभा और लोकसभा के सांसद शामिल होंगे. टीम 7 सितंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेगी।
राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने बताया कि 7 और 8 सितंबर को केन्द्र की टीम छत्तीसगढ़ पहुंच रही है. राज्यसभा और लोकसभा के सांसद कमेटी में शामिल हैं. एग्रीकल्चर की टीम आ रही है, जो छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना नरवा, गरुवा, घुरुवा अऊ बारी के अलावा केन्द्रीय योजनाओं का जायजा लेगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बहुत अच्छी योजनाएं ला रही है, जिसे भारत के लोग न सिर्फ देखना चाहते है बल्कि सदन में काफी बार इसकी चर्चा भी होती है. बीजेपी के कुछ सांसदों ने भी छत्तीसगढ़ में गोबर खरीदी की तारिफ की है. उनके भी छत्तीसगढ़ आने की इच्छा है. छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए बनी योजनाएं पूरे भारत में लागू होनी चाहिए, जिसकी तारीफ भाजपा के सांसदों ने की है, और इसी वजह से टीम इन योजनाओं का जायजा करने पहुंच रही है।
 

 
पुलिस ने 2 लाख 56 हजार रुपए जुआरियों से किया बरामद 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पैसा डबल करने का खेल जोरों पर है. गंज थाना इलाके में स्थित जगदीश होटल में पुलिस ने दबिश दी. जहां जुआ खेल रहे 9 जुआरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जुआरियों के पास से 2 लाख 56 हजार रुपए बरामद किया गया है. सायबर सेल और गंज थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
दरअसल सायबर सेल की टीम को सूचना मिली थी कि होटल जगदीश के एक कमरे में जुआरियों का जमावड़ा लगा हुआ है. सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई. अपराधियों पर लगाम लगाने पुलिस ने होटल में छापेमार कार्रवाई की. होटल में पुलिस के पहुंचते ही होटल संचालक और जुआरियों के बीच हड़कंप मच गया।
पुलिस ने 9 जुआरी को जुआ खेलते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से नगद 2 लाख 56 हजार 340 रुपए जब्त किया गया है. पुलिस ने सभी के खिलाफ गंज थाना में धारा 13 जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इसमें जगदीश होटल के संचालक की भूमिका क्या है।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें राकेश अग्रवाल, धनंजय सिंह, बृजेश शर्मा, तरूण नानवानी, मन्नु मदानी, अनिल शुक्ला, ब्रिजेश कोहली, रामकुमार गुप्ता और समित सिंह शामिल है. रायपुर पुलिस लगातार जुआ, सट्टा, क्रिकेट सट्टा खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखेगी।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक हालातों को लेकर एक बार फिर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली दौरे पर जा सकते हैं. राजनीतिक गलियारे में हो रही चर्चाओं के मुताबिक सीएम बघेल को दिल्ली बुलाए जाने की खबर है. सीएम बघेल कल दिल्ली जा सकते हैं. CM बघेल दिल्ली जाएंगे इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बीते दिनों राहुल गांधी से सीएम बघेल और मंत्री सिंहदेव की मीटिंग हुई थी. इसके बाद अब फिर से मीटिंग की खबर से सियासी हलचल तेज है।
सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक भी कल दिल्ली जाएंगे. छत्तीसगढ़ के राजनीतिक हालातों को लेकर आलाकमान से मुलाक़ात करेंगे. इसे लेकर विधायकों की बैठकें हो रही हैं. सर्किट हाउस में मीटिंग के बाद कई विधायक सीएम हाउस पहुंचे हैं. जहां सीएम भूपेश बघेल से मिलकर कई मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक सर्किट हाउस में 10 से ज्यादा कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई है. इसी लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं. इस बैठक में विधायक बृहस्पत सिंह, चंद्रदेव राय, यूडी मिंज, विनय जायसवाल, गुलाब कमरो, गुरुदयाल बंजारे, पुरषोत्तम कंवर, कुंवर निषाद, चिंतामणि महाराज, भुनेश्वर बघेल रश्मि सिंह समेत अन्य विधायक शामिल हुए।
बता दें कि 24 अगस्त को दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव की करीब 3 घंटे तक बैठक हुई थी. बैठक में कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी पी एल पुनिया भी शामिल थे. बैठक खत्म होने के बाद प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने मीडिया से बातचीत की थी. जहां उन्होंने कहा था कि किसी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई है।
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। रेल मंडल के केवटी-भानुप्रतापपुर के बीच एक युवक के आत्महत्या करने की खबर है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक केवटी भानुप्रतापपुर के बीच युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है।
मृतक युवक का नाम सनत यादव 24 वर्ष बताया जा रहा है. घटना के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है. हालांकि पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि ये हादसा है या आत्महत्या,

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया 26 अगस्त को जांजगीर-चाम्पा जिला के प्रवास पर रहेंगे। विशेष सहायक श्री राजेश पात्रे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मंत्री डॉ. डहरिया 26 अगस्त को प्रातः 10 बजे रायपुर से कार द्वारा शिवरीनारायण जांजगीर-चाम्पा जिला के लिए प्रस्थान करेंगे। मंत्री डॉ. डहरिया दोपहर 1.30 बजे शिवरीनारायण पहुचेंगे। वे यहाँ दोपहर 1.30 बजे से 2.30 बजे तक भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंत्री डॉ. डहरिया अपराह्न 3 बजे से शाम 4.30 बजे तक नवागढ़ में भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे शाम 4.30 बजे नवागढ़ से अपने निवास रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और रात्रि 7.45 बजे रायपुर पहुँचेंगे।

panchayattantra24.com,रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं बोर्ड के छात्रों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख तय कर दी है. बोर्ड ने स्कूल से 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन मंगाए है. इसके लिए प्रदेश के सभी स्कूल को दिशा निर्देश जारी कर दिया है।
निर्देश के मुताबिक,10वीं-12वीं के छात्रों को परीक्षा फॉर्म शुल्क दो सौ रुपए, अंकसूची शुल्क 70 रुपए, प्रायोगिक, नामांकन और पर्यावरण प्रायोगिक शुल्क 60 रुपए देने होंगे. वहीं अतिरिक्त शुल्क 80 रुपए तय की गई है. वहीं गेप वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव वीके गोयल ने बताया कि हर साल स्कूल खुलते ही बोर्ड परीक्षा के लिए नामांकन कराया जाता है. इसके साथ ही परीक्षा शुल्क नामांकन शुल्क स्कूल के माध्यम से लिया जाता है. साथ ही नामांकन सूची स्कूल जमा करते हैं. इसके लिए दिशा निर्देश जारी किया गया है. कक्षा 10वीं एवं 12वीं के नियमित विद्यार्थियों का परीक्षा फ़ार्म भरना आरंभ हो गया है. फॉर्म 15 सितंबर तक ऑनलाइन भरे जा सकते हैं. इसके लिए शुल्क निर्धारित है।
कक्षा 10वीं के लिए 8वीं, 9वीं एवं 12वीं के परीक्षा फ़ॉर्म के लिए 10वीं 11वीं की अनुसूची संस्था प्रमुख द्वारा प्रमाणित छाया प्रति लगाना अनिवार्य होगा।