Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के सभी सेंटर में आज टीकाकरण जारी है. जिले को आज 65040 डोज मिले हैं. 50 हजार डोज कोविशील्ड और 15040 डोज को-वैक्सीन के प्राप्त हुए हैं. अब पहले एवं दूसरे डोज के लिए भटक रहे लोगों को को राहत मिलेगी. लेकिन इस बार भी पहले आओ पहले लगवाओ फार्मूला अपनाया गया है। 
टीकाकरण के जिला नोडल अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर राजीव पांडे ने बताया कल 5 अगस्त से रायपुर जिले के सभी टीकाकरण केंद्रों में कोविड-19 वैक्सीन लगाया जाएगा। 
ज़िला चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मीरा बघेल ने बताया कि जिन व्यक्तियों ने अभी तक वैक्सीन नही लगवाया है. हेल्थ विभाग रायपुर ने उन सभी व्यक्तियों से अपील की है कि कोविड-19 वैक्सीन अवश्य लगवाएं, जिन व्यक्तियों का दूसरा डोज बचा है वे सभी वैक्सीन जरूर लगवा लें। 
ग़ौरतलब है कि टीका के कमी के कारण तीन और चार अगस्त को लोग टीका केंद्र से निराश होकर लौट रहे थे, क्योंकि टीके की कमी के कारण वैक्सीन सेंटर बंद कर दिये गए थे. कुछ में दोपहर बाद टीका ख़त्म हो गया था। 
 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय हॉकी टीम को टोकियो ओलंपिक में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कांस्य पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम ने आज संघर्ष पूर्ण मुकाबले में शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 41 वर्ष बाद ओलंपिक में पदक जीता। पूरे देश को अपनी टीम पर गर्व है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) कई रूपों में लोगों का जीवन बदल रहा है। जरूरत के समय सीधा रोजगार देने के साथ ही आजीविका के साधनों को भी मजबूत कर रहा है। ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए रोजगार के वैकल्पिक साधन भी निर्मित कर रहा है। कोरिया जिले के किसान  धर्मपाल सिंह के जीवन में मनरेगा हवा का सुखद झोंका लेकर आया है। खेत में मनरेगा से बने तालाब में मछलीपालन कर वे अतिरिक्त कमाई कर रहे हैं। सिंचाई का साधन मिलने से खेती में अब जोखिम कम हो गया है। पैदावार बढ़ गई है और मुनाफा भी। बेहतर हुई माली हालत के कारण बेटी के थैलेसीमिया से पीड़ित होने पर अच्छा उपचार करा पाए। इलाज हेतु आर्थिक मदद के लिए किसी का मुंह नहीं ताकना पड़ा। मुश्किल वक्त में मनरेगा से बना तालाब संजीवनी बना।
मनेन्द्रगढ़ विकासखण्ड के मुसरा ग्राम पंचायत के आश्रित गांव बाही के साढ़े तीन एकड़ जोत के छोटे किसान हैं धर्मपाल सिंह। मनरेगा से खेत में तालाब खुदाई के पहले उनकी कृषि बारिश के भरोसे थी। धान की खेती के बाद आजीविका के लिए वे मनरेगा के अंतर्गत होने वाले कार्यों तथा गांव के दूसरे बड़े किसानों के यहां मिलने वाले कामों पर निर्भर थे। अपनी पत्नी श्रीमती लक्ष्मी के साथ मजदूरी कर परिवार का पेट पालते थे। पांच सदस्यों के परिवार में जब उनकी तीसरी संतान दस साल की पूर्णिमा को थैलेसीमिया नामक रक्त न बनने की बीमारी हुई, तो परिवार परेशानी में आ गया। श्री धर्मपाल सिंह के सामने परिवार के भरण-पोषण के साथ बेटी के लगातार चलने वाले इलाज के लिए पैसों के इंतजाम की भी चुनौती थी।
इस कठिन समय में सहायक मत्स्य अधिकारी श्री हिमांचल नाथ वर्मा की सलाह उम्मीद की किरण लेकर आई। उन्होंने आजीविका संवर्धन और आमदनी बढ़ाने के लिए धर्मपाल सिंह को मछलीपालन की सलाह दी। मनरेगा के तहत खेत में तालाब निर्माण के लिए श्री धर्मपाल सिंह के आवेदन के ग्रामसभा में अनुमोदन के बाद वर्ष 2019-20 में इसके लिए तीन लाख रूपए मंजूर किए गए। तालाब खुदाई के लिए मछलीपालन विभाग को निर्माण एजेंसी बनाया गया। तालाब निर्माण के दौरान  धर्मपाल सिंह के परिवार को भी 84 मानव दिवस का सीधा रोजगार प्राप्त हुआ, जिसके लिए उन्हें 15 हजार रूपए की मजदूरी मिली।
खेत में तालाब के निर्माण से जहां कम बारिश की स्थिति में फसलों को बचाने का साधन मिल गया, तो वहीं इससे खेतों में नमी भी बनी रहने लगी। तालाब खुदाई के बाद पिछले साल से श्री धर्मपाल सिंह के खेतों में धान की अच्छी उपज होने लगी है। वे धान के बाद अब सब्जी की भी खेती कर रहे हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त कमाई होने लगी है। पिछले साल रबी सीजन में उन्होंने उड़द लगाकर एक क्विंटल उत्पादन प्राप्त किया था। तालाब में मछलीपालन का धंधा भी अच्छा चल रहा है। पिछले एक साल से बेटी के लगातार चल रहे इलाज में मछलीपालन से हो रही कमाई ने अच्छा संबल दिया है। थैलेसीमिया के कारण उसे हर माह खून चढ़ाने की जरूरत पड़ती है। श्री धर्मपाल सिंह के मुश्किल समय में मनरेगा से निर्मित तालाब ने बड़ा सहारा दिया है।  बीते छह महीनों में उन्होंने मछली बेचकर 50 हजार रूपए कमाए हैं। इसकी बदौलत उन्होंने परिवार के भरण-पोषण और बेटी के इलाज के खर्च की चुनौतियों का मजबूती से सामना किया है।
 

panchayattantra24.com, रायपुर। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे के बंगले के बाहर धरने पर बैठे भूमिहीन गरीब किसानों को पुलिस बल ने हटा दिया. बड़ी संख्या में किसान परिवार सुबह से ही मंत्री चौबे के बंगले के बाहर मौजूद थे, लेकिन पुलिस द्वारा ग्रामीणों को उठाकर धरना स्थल के लिए रवाना कर दिया, पर रोते बिलखते ग्रामीण मंत्री जयसिंह अग्रवाल के बंगले तक पहुंचे और कहने लगे कि वे धरना स्थल नहीं जाएंगे. इसी बीच एक ग्रामीण की तबीयत भी बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रही है, अभनपुर थाना क्षेत्र के समीप ग्राम सोनेसिली के किसान परिवारों का आरोप है कि किसानों का गांव के सरपंच व उपसरपंच ने जमीन से बेदखल कर दिया है. 23 किसान परिवार छोटे बच्चों और बर्तन सहित रायपुर पहुंचे हैं।
दरअसल, 1970 में भूमिहीन किसानों को खेती करने के लिए जमीन का पट्टा दिया गया था. 51 साल से किसान उसी जमीन पर खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे, जिसकी ऋण पुस्तिका किसानों के पास है. किसान सिंचाई टैक्स भी देते हैं।
भूमिहीन गरीब किसानों का आरोप है कि गांव के सरपंच व उपसरपंच के द्वारा ग्रामीणों को उनकी जमीन से बेदखल कर वहां वृक्षारोपण करने का कार्य किया जा रहा है. आवारा मवेशियों को जबरन उनके खेतों में छोड़ दिया गया, जिसकी वजह से उनकी धान की फसलें बर्बाद हो गई. पीड़ित परिवारों ने तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर को भी पत्र भेजा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. 51 साल पहले किसानों को पंचायत द्वारा प्रस्ताव कर जमीन दिया था, उन्होंने किसी तरह का कोई अतिक्रमण नहीं किया।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए रायपुर नगर निगम की टीम सभी वार्डों में डेंगू नियंत्रण अभियान चला रहा है. निगम की टीम वार्ड के घरों में कूलरों के भीतर जमा पानी को खाली करवाया जा रहा है. साथ पानी जमा नहीं करने की समझाइश दी. इसी तरह नगर निगम के जोन क्रमांक 4 के पंडित भगवतीचरण शुक्ल वार्ड 57 में भी कुंदरापारा, उत्कल बस्ती, बैरन बाजार एवं अरविंद नगर बस्ती में घर-घर जाकर लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक किया गया. सभी वार्डवासियों से वार्ड पार्षद प्रतिनिधि एवं जोन कमिश्नर की उपस्थिति में जोन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर एवं उसके आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखने एवं किसी भी वस्तु अथवा स्थान पर पानी का जमाव नहीं होने देने का अनुरोध किया। 
वार्डवासियों से जोन कमिश्नर ने आव्हान किया कि कहीं पर भी पानी का जमाव देखें तो नगर निगम जोन 4 में इसकी तत्काल जानकारी दें,  ताकि टीम भेजकर पानी के जमाव की समस्या का तत्काल त्वरित रूप से निदान किया जा सके. डेंगू नियंत्रण अभियान के दौरान मोहल्लावासियों को ना केवल बचाव के सरल उपायों की जानकारी दी, बल्कि इसके साथ ही उनके घरों का निरीक्षण कर कूलरों के भीतर जमा साफ पानी को तत्काल खाली करवाया। 
अभियान में वार्ड 57 के मोहल्लों के कई घरों में कूलरों में जमा साफ पानी को ख़ाली करवाया गया. साथ ही वार्डवासियों को क्लोरिन टेबलेट का वितरण किया गया। 
नगर निगम सभापति प्रमोद दुबे के निर्देश पर वार्ड 57 में आगामी बारिश में पूरे माह भर डेंगू जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और वार्ड नम्बर 57 को डेंगू मुक्त वार्ड बनाया जाएगा। 
ग़ौरतलब है कि इन दिनों राजधानी में डेंगू का क़हर जारी है. इसके मद्देनज़र डेंगू के बचाव के लिए निगम द्वारा तरह तरह के प्रयोग किए जा रहे हैं. वर्तमान में राजधानी में 97 मरीज़ चिन्हित हो चुके हैं। 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। हाथियों के लिए धान खरीदी पर सियासी घमासान पर वन मंत्री मो. अकबर ने स्पष्ट किया है कि हाथियों के लिए धान की कोई खरीदी नहीं की जा रही है. यह खाद्य विभाग से वन विभाग के बीच ट्रांसफर का मामला है. यही नहीं हाथियों के लिए खाद्य विभाग से सड़ा हुआ धान नहीं लिया जा रहा है। 
हाथियों के लिए की जा रही धान खरीदी पर पनपे विवाद के बाद वन मंत्री मोहम्मद अकबर से बुधवार को मीडिया से चर्चा में कई बातों को स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि हाथियों के दल द्वारा आम लोगों के मकान और फसल को पहुंचाए जाने वाले क्षति को ध्यान में रखते हुए सरकार उनके लिए सूरजपुर, धरमजयगढ़, बालोद वनमंडल में अलग-अलग स्थानों पर खुले में धान रखा गया था. इसमें से सूरजपुर वनमंडल में 3 जगहों पर हाथी ने धान खाया है. शुरुआती सफलता मिली है। 
मंत्री अकबर ने बताया कि इस समय 16 हाथियों का दल कुल 307 हाथी राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रमुख रूप से रेहन, तमोर पिंगला, बादलखोल अभ्यारण, प्रतापपुर, रघुनाथपुर, तपकरा, कुनकुरी, मनोरा, दुलदुला, छाल, धरमजयगढ़, कापू, लैलूंगा, बोरा, बाकारूमा कुदमुरा, करतला, पसांद, कटघोरा, रायगढ़ घरघोड़ा, तमनार, बलोद, मैनपुर, कोठारी में विचरण कर रहें हैं। 
वन मंत्री ने कहा कि हाथी बहुत ही बुद्धिमान जानवर होते हैं, उनकी याददाश्त के साथ-साथ सूंघने की शक्ति काफी तेज होती है. हाथियों ने अगर एक बार धान को खाना शुरू कर दिया तो खाने की लालच में आम लोगों के मकान और खेतों में लगी फसल को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे. प्रदेश में हाथियों का 16 दल विचरण कर रहा है, जिसमें करीबन 307 हाथी शामिल है. अगर इन हाथियों को धान खाने की आदत पड़ गई तो सरकार इतनी सक्षम है कि आने वाले सालों में भी धान की व्यवस्था कर सकती है। 
अकबर ने बताया कि अब तक 09 हाथियों की रेडियो कालरिंग की गई है. हाथी मानव द्वंद रोकने के लिए हाथियों के आगमन की पूर्व सूचना गांवों में वायरलेंस, मोबाइल एवं माइक से मुनादी कर प्रसारित करना एवं ग्रामीणों को हाथियों के साथ साहचर्य बनाने की समझाइस दिया जा रहा है. प्रभावित ग्रामीणों को समय-समय पर मुआवजा भुगतान किया गया है। 
वन मंत्री ने बताया कि बहुद्देश्यीय गजराज वाहन के उपयोग से प्रभावित क्षेत्रों में सहायता पहुंचाया जा रहा है. आवश्यकतानुसार गांव में हाथी मित्र आदि का गठन किया गया है. आकाशवाणी कार्यक्रम हमर हाथी हमर गोठ के माध्यम से प्रतिदिन सायं 05.30 बजे हाथियों के संभावित विचरण का प्रसारण होता है. इसके अलावा हाथियों के आगमन की जानकारी विभिन्न स्त्रोतों से प्राप्त करने इंटरनेट का उपयोग भी किया जा रहा है। 
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने किया था कटाक्ष
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने हाथियों के लिए धान खरीदने पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि यह राज्य सरकार की अद्भुत योजना है. सड़ा हुआ धान 2 हजार क्विंटल धान खरीदा जाएगा. नीलामी में 14 सौ रुपये तक बेच रहे थे. अब क्या मंत्री और अधिकारी धान लेकर जंगल में घूमेंगे? क्या हाथियों को बुला-बुलाकर धान खिलाएंगे? यह पूरी तरह से नाकामी छुपाने का काम है। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर वैक्सीनेशन की प्रक्रिया प्रभावित हुई है. कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच लोग वैक्सीन लगाने के लिए टीकाकरण केंद्र पहुंच रहे हैं लेकिन वैक्सीन की कमी के कारण उन्हें सेंटर से लौटना पड़ रहा है. दरअसल, दूसरी डोज की तारीख आ जाने के बाद भी राजधानी के केंद्रों में वैक्सीन नहीं पहुंची है. इस कारण लोग बेहद परेशान हैं। 
आम जनता का कहना है कि उन्हें न तो वैक्सीन मिल पा रही है न ही सही तरह से जानकारी. ऑनलाइन पता करने की कोशिश करते हैं तो वहां भी कहीं कोई स्लॉट खाली नहीं दिखाता है. ऐसे में अब यह समझ नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए कैसे वैक्सीन लगाया जाए। 
लोगों का कहना है कि काफी ज्यादा समस्या हो रही है,. केंद्र पर कोरोना वैक्सीन की डोज यदि खत्म होती है तो हमें दूसरे दिन क्यों बुला लिया जाता है.  हमें कहा जाता है कि कल आइए, और आने पर पता चलता है कि वैक्सीन ही नहीं है. रोजमर्रा के काम छोड़कर वैक्सीन लगाने के लिए पहुंचते हैं लेकिन यहां कोई जानकारी नहीं दी जा रही है. केवल केंद्र के बाहर नोटिस लगा दिया जाता है,  ना ऑनलाइन जानकारी दी जाती है और ना ऑफलाइन। 
रायपुर में वैक्सीनेशन के नोडल अधिकारी एवं ज्वाइंट कलेक्टर राजीव पाण्डेय ने बताया कि रायपुर में दो हजार से भी कम वैक्सीन के स्टॉक बचे हैं. आज दोपहर बाद से वैक्सीन आने की उम्मीद नजर आ रही है. हालांकि शाम तक यह कंफर्म हो पाएगा की वैक्सीन मिलेगी या नहीं मिलेगी. लोगों को दिक्कत ना हो इसलिए हम रोज आंकड़े जारी करते हैं. लोगों को किसी तरह की असुविधा ना हो उसका भी हम लगातार ध्यान रख रहे हैं। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर।  राज्य की सत्ता में अहम बदलाव की अटकलों के बीच कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पी एल पुनिया का बड़ा बयान आया है. उन्होंने दो टूक कह दिया है कि नेतृत्व परिवर्तन की किसी तरह की कोई चर्चा नहीं है. पुनिया छत्तीसगढ़ के आला नेताओं के दिल्ली दौरे से उठे सियासी सवालों पर पी एल पुनिया ने बातचीत में कहा कि सभी नेता अलग-अलग कारणों से दिल्ली आए हुए हैं. गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू राजस्थान दौरे पर थे, वहां से लौटते हुए दिल्ली पहुंचे. वहीं स्पीकर डाॅ.चरणदास महंत निजी प्रवास पर दिल्ली आते रहते हैं. पार्लियामेंट का सत्र चल रहा है, वह अपनी सांसद पत्नी के साथ यहां आते हैं. स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव रूटिन चेकअप के लिए दिल्ली में हैं. प्रदेश प्रभारी ने कहा कि किसी भी नेताओं से फिलहाल उनकी बातचीत नहीं हुई है। 
पी एल पुनिया से जब नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राय जाननी चाही गई, तब उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर ऐसी किसी तरह की चर्चा नहीं है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों कैग की रिपोर्ट को लेकर सियासी घमासान जारी है. पूर्व सीएम रमन सिंह और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीट सियासी टकराव जारी है. प्रदेश के मुद्दों को लेकर आरोपी-प्रत्यारोप का दौर बरकरार है. रमन सिंह ने भूपेश सरकार पर कैग रिपोर्ट को लेकर नीतियां और व्यवस्थाएं ही खोखली होनेकी बात कही थी, जिसपर सीएम भूपेश बघेल ने शायराना अंदाज में निशाना साधा है. सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ‘डरकर आईना देखने से इंकार करता है, फिर भी खुद ही खुद को बेनकाब करता है। 
सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा कि “डरकर आईना देखने से इंकार करता है, फिर भी खुद ही खुद को बेनकाब करता है”. 2018-19 में अप्रैल 2018 से दिसंबर 2018 तक भाजपा की ही सरकार रही है.  कांग्रेस सरकार का 2018-19 में सिर्फ तीन माह का कार्यकाल रहा है. जिसका ब्यौरा मैं अपनी जनता के बीच रख रहा हूं। 
बता दें कि कैग रिपोर्ट को लेकर लेकर रमन सिंह ने लिखा था कि आपकी नीतियां और व्यवस्थाएं ही खोखली हैं. कैग की रिपोर्ट के मुताबिक 2018- 2019 में कांग्रेस सरकार ने CGRDCL को सड़क निर्माण के लिए 1157 करोड़ रुपए की राशि का अलॉटमेंट किया, लेकिन उसमें से ₹633 करोड़ खर्च ही नहीं कर पाई. यह इस सरकार की लापरवाही व निकम्मापन है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली की नई दरें लागू होने के बाद सियासत शुरू हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधते हुए महंगी बिजली को लेकर के प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस सरकार ने शून्य से 100 यूनिट की बिजली खपत करने वाले अति गरीब वर्ग को भी नहीं बक्शा, उनकी बिजली भी महंगी कर दी गई। कोरोना महामारी के इस संकट के दौर में बिजली की दरों में वृद्धि से छत्तीसगढ़वासी काफी परेशान और खुद को ठगा सा महसूस कर रहें हैं। छत्तीसगढ़ सरकार को किसी भी सूरत में बिजली की बढ़ी कीमतों वापस लेना चाहिए। बिजली बिल हाफ का वादा करके सत्ता पाने वाली कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ में बिजली की दरें बढ़ाकर जनता को छला है, उनके साथ धोखा किया है। कोरोना संकट काल में आम जनता को आठ पैसे की राहत न देने वाली छत्तीसगढ़ सरकार ने बिजली की दरें 8 फीसद बढ़ाकर अन्याय किया है।
विष्णुदेव साय ने आगे कहा कि नियामक आयोग ने 2021-22 के लिए घरेलू बिजली की औसत दर 6.41 तय की है जो बीते वर्ष 5.93 प्रति यूनिट थी। यह दर अब पिछले वर्ष की तुलना में 48 पैसे प्रति यूनिट अधिक है। महंगाई का रोना रोने वाली और महंगाई पर नौटंकीनुमा प्रदर्शन कर झूठ फैलाती कांग्रेस ने अब जनता की जेब काटने का प्रविधान बिजली दर बढ़ाकर कर लिया है। कांग्रेस के राज में प्रदेश जिस तरह डूब रहा है, वित्तीय हालात खराब हैं, इस स्थिति में जनता की जेब ही हर बार काटी जाएगी। सरकार ने वितीय अनुशासनहीनता कर, जो कर्ज़ों का बोझ लादकर प्रदेश को घाटे में ला पटका है, उसकी भरपाई यह सरकार अब जनता से ही करेगी।
बिजली दरों में वृद्धि का माकपा ने भी जताया विरोध
छत्तीसगढ़ में विद्युत नियामक आयोग द्वारा बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने भी विरोध जताया है। एक बयान में माकपा राज्य सचिव मंडल ने कहा है कि बिजली दर में इजाफा कर जनता पर 941 करोड़ रुपयों का बोझ डाला गया है, जबकि पुरानी दरों पर भी बिजली वितरण कंपनी 2,000 करोड़ रुपयों के मुनाफे पर चल रही है। साथ ही माकपा के राज्य सचिव संजय पराते ने विरोध जताते हुए कहा है कि बिजली कंपनी के बीते कई वर्षों के कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार की लागत अब छत्तीसगढ़वासियों से वसूलना राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों का प्रतीक है।
बिजली दर में वृद्धि का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो होगा जनआंदोलन : जकांछ
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ( जकांछ ) बढ़ी बिजली की दरों को लेकर सरकार को चेतावनी दी है कि अगर बढ़ी बिजली की दरों की कीमत कम नहीं होती है और नहीं दरों को लागू करने का निर्णय वापस नहीं लिया जाता है तो जनआंदोलन किया जाएगा। जकांछ के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा कि पहले ही कोरोना काल में छत्तीसगढ़ की जनता महंगी पेट्रोल और डीजल से परेशान है। वही केंद्र और राज्य सरकार को टैक्स कम करते हुए पेट्रोल डीजल को सस्ता कर जनता को राहत देने के बजाय अब छत्तीसगढ़ में बिजली की दरों को भी बढ़ाने का फरमान जारी कर दिया गया। भगवानू नायक ने कहा कि सरकार बिजली बिल के बढ़ी हुई दरों को वापस नहीं लेती है तो जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जनांदोलन करेगी।