Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके के 29 जुलाई को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बतौर दो साल पूर्ण होने के अवसर पर आज राजभवन परिवार ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल सुश्री उइके ने इस अवसर पर कहा कि वे सौभाग्यशाली है कि उन्हें छत्तीसगढ़ का राज्यपाल बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मैंने पूरे भारत का भ्रमण किया है और यह महसूस किया कि छत्तीसगढ़ के लोग जैसे अत्यंत सहज और सरल लोग कहीं नहीं हैं। इन दो वर्षों के कार्यकाल को उन्होंने संतुष्टि भरा बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरदराज इलाकों में भी यह संदेश गया है कि राजभवन के दरवाजे आम जनता के लिए भी खुले हैं। यहां आने वाले लोगों को न्याय की आस रहती है और मैं उन्हें हर संभव मदद करने का प्रयास करती हूं। उनकी सहायता करके मुझे अत्यधिक सुकून मिलता है।
राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की बेहतरी के लिए शासन-प्रशासन के साथ समन्वय से कार्य करने को प्राथमिकता देती हूं, जिससे छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर हमेशा अग्रणी रहे। सुश्री उइके ने कहा कि राज्य में नक्सलवाद का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से वार्तालाप से हो, यह उनकी कोशिश रहेगी। साथ ही आदिवासियों को उनका हक दिलाने के लिए के लिए भी प्रयास करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि न्याय से वंचित लोगों को न्याय दिलाना मेरा मकसद है। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 का दौर, देश-प्रदेश सहित पूरी दुनिया के लिए भयावह रहा, लेकिन सभी ने हिम्मत के साथ और आपसी समन्वय से इसका मुकाबला किया और आगे भी इसी तरह मिलजुलकर कोरोना से लड़ने के उपाय करेंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव श्री अमृत कुमार खलखो ने कहा कि राज्यपाल की संवेदनशीलता के चर्चे सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में भी होते हैं। सभी को यह महसूस होने लगा है कि आम आदमी की पहुंच राजभवन तक हो गई है और वे इसी विश्वास के साथ राजभवन के दरवाजे आते हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि छत्तीसगढ़ को ऐसी संवेदनशील राज्यपाल मिली हैं। उनके मार्गदर्शन में काम करना पूरे राजभवन स्टाफ के लिए फख्र का विषय है।
कार्यक्रम को विधिक सलाहकार श्री आर.के. अग्रवाल, उप सचिव श्री दीपक कुमार अग्रवाल एवं राज्यपाल के परिसहाय द्वय मेजर सिद्धार्थ सिंह, श्री सूरज सिंह परिहार ने भी संबोधित किया। परिसहाय श्री परिहार ने इस अवसर पर राज्यपाल के स्नेह को रेखांकित करती स्वरचित कविता भी पढ़ी। राजभवन परिवार की ओर से राज्यपाल सुश्री उइके को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। अंत में नियंत्रक श्री हरवंश मिरी ने छत्तीसगढ़ी में धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर राजभवन के समस्त अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। दुर्ग जिले के धमधा के रास्ते में लगे हुए बसनी गाँव की सड़क अब फलों और सब्जी की दुकान से गुलजार रहती है, गाँव की बाड़ी से उपजे देशी फलों का आकर्षण यहाँ मुसाफिरों को रोक लेता है और शायद ही कोई यहाँ से खरीदी किये बगैर आगे बढ़ता हो। इस रास्ते में व्यवसाय कर रहे दर्जन भर से अधिक दुकानों की सफलता का दरवाजा एक महिला पेमिन निषाद ने खोला। पेमिन ने शासन की सक्षम योजना का लाभ उठाया। पचास हजार रुपए से फलों की दुकान आरंभ की। ये दुकान उस समय आरंभ की जब यह सड़क सूनी रहती थी, लेकिन जिंदगी में आगे बढ़ना था बगैर सहारे के अपना परिवार चलाना था। आज बिल्कुल बगल से दूसरी दुकान भी आरंभ कर दी है। जब फल और सब्जी खरीदने लोग रूकेंगे तो चाय भी पीने रूकेंगे और इसके लिए उन्होंने होटल भी आरंभ कर दिया। यह सब छोटी सी शुरूआत केवल पचास हजार रुपए से हुई। एक दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पेमिन के पास आई और कहा कि देखो तुम्हें अपने पैरों पर खड़े होना है और अपने परिवार को मजबूती देनी है। शासन की एक योजना है सक्षम नाम की, इसके लिए विधवा, परित्यक्ता अथवा 45 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित स्त्री पात्र हितग्राही हैं। किसी तरह की ज्यादा औपचारिकताओं की जरूरत नहीं। ब्याज केवल 3 प्रतिशत और आराम से 5 साल तक किश्तों में चुकाते रहो।
पेमिन ने बुद्धिमत्ता दिखाई अपने व्यवसाय की शुरूआत के लिए धमधा-दुर्ग सड़क को चुना, यह बाड़ियों के पास की जगह थी। शिवनाथ नदी के किनारे की बाड़ियों के कलिंदर, पपीता, खीरा, भुट्ठा उन्होंने बेचने आरंभ किया। गर्मियों में तो बिक्री खासी बढ़ गई। पेमिन ने बताया कि कभी-कभी तो 20 हजार रुपए तक के फल भी बेच लिये। फिर दुर्ग से फल मंगवाने भी आरंभ किया। चुकंदर जैसे फलों पर ध्यान दिया। इसमें खून बढ़ता है और इसकी खासी डिमांड होती थी, इसलिए चुकंदर भी रखना आरंभ कर दिया। अब सड़क के किनारे दर्जन भर दुकानें हैं और इस सड़क से गुजरने वाले लोग अमूमन यहाँ खरीदी करते ही हैं। लाकडाउन में दो महीने व्यवसाय बंद रहा लेकिन किश्त चुकाने में किसी तरह की दिक्कत पेमिन को नहीं आई।
ऐसी ही चमकदार कहानी ग्राम हिर्री की श्रीमती नीरा यादव की है। पति की मृत्यु के पश्चात उन्होंने पान की दुकान चलाई। फिर आटा चक्की आरंभ की। किसी ने बताया कि सक्षम योजना के माध्यम से मिनी राइस मिल खोलने के लिए मदद मिल सकती है। निर्णय पर तुरंत कार्यान्वयन किया। अब हिर्री ही नहीं, टेमरी, बिरेझर जैसी नजदीकी बस्तियों से भी लोग उनके मिनी राइस मिल में पहुँचते हैं।
सक्षम योजना से आर्थिक रूप से सबल हुई महिलाओं की चमकदार कहानियाँ यह साबित कर रही हैं कि महिलाओं में अनूठी उद्यमशीलता है और थोडा अवसर मिलने पर वे असीम आर्थिक संभावनाओं की राह खोल सकती हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विपिन जैन ने बताया कि बीते वर्ष 97 लाख रुपए के ऋण 258 व्यक्तिगत रूप से महिलाओं को और समूहों को छत्तीसगढ़ महिला कोष के माध्यम से बांटे गये। महिलाओं ने इसका बेहतरीन उपयोग किया है और शहरों तथा गांवों में उद्यमशीलता की मिसाल रच रही हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। जब निराशा के बादल चारों तरफ से घेर लें, तब भी उम्मीद का दामन नहीं छोड़ना चाहिए. उम्मीद की रोशनी अंधियारे को चीरती हुई, जिन्दगी में उजाले जरूर लाती है. कुछ ऐसा ही वाक्या हुआ रायपुर के लव सिन्हा और उनकी पत्नी सीमा सिन्हा के साथ जब उन्हें पता चला कि उनकी 6 महीने की बच्ची (वजन सिर्फ 5 किग्रा) एक ऐसी बीमारी से ग्रसित है. जिसे बिलारी अत्रेसिआ कहते हैं. यह बीमारी बच्चों में जन्मजात होती है. इसमें पित्त की नलियां ब्लॉक होने की वजह से पीलिया बढ़ता जाता है और लिवर क्षतिग्रस्त होने लगता है. मात्र 4-6 महीने में ही मृत्यु भी हो सकती है। दंपत्ति अपनी बच्ची को कई अस्पतालों में गए, लेकिन कहीं से भी राहत न मिली. बच्ची की हालत दिन ब दिन बिगड़ती जा रही थी, लेकिन पिता ने हार नहीं मानी. आखिर में ये लोग बच्ची को लेकर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉ. अजीत मिश्रा ने परीक्षण के बाद पाया की बच्ची को बिलारी अत्रेसिआ नामक लिवर की एक गंभीर बीमारी है. बच्ची के पास सिर्फ 1 या 2 महीने का ही वक्त है. ऐसे में लिवर ट्रांसप्लांट के अलावा कोई अन्य उपाय नहीं है. पिता ने तुरंत एक कठिन निर्णय लिया और बच्ची को अपने लिवर का एक हिस्सा देने का फैसला किया. फिर अस्पताल के डॉयरेक्टर डॉ. संदीप दवे के मार्गदर्शन में इस ऑपरेशन को एक मिशन का रूप दिया गया।
डॉ. मोहम्मद अब्दुन नईम और डॉ. अजीत मिश्रा की टीम ने इस जटिल ऑपरेशन को 8 से 9 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सफलतापूर्वक संपन्न किया. यह ऑपरेशन मध्यभारत का पहला ऐसा ऑपरेशन है. जिसमें इतनी कम उम्र की बच्ची का लिवर ट्रांसप्लांट हुआ है. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से पहले उन्हें लगा कि वो अपनी बच्ची को नहीं बचा पाएंगे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त प्रयास, सहयोग से यह कार्य सफल हुआ. इसमें परिवार का कुछ भी खर्च नहीं लगा।
अस्पताल के एम. डी. डॉ. संदीप दबे ने बताया कि यह बीमारी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में काफी आम बात है, लेकिन जागरूकता न होने की वजह से लोग इसे समझ नहीं पाते और न ही सही ढंग से इलाज करा पाते हैं, जो लोग खर्च से डरते हैं, उन्हें ये नहीं पता कि सरकारी योजनाओं के तहत कम या न्यूनतम खर्च पर भी इलाज संभव है. उन्होंने इस दंपत्ति की भी सराहना की, क्योंकि राज्य में एक 6 माह की बच्ची को बचाने पहली बार कोई दपत्ति आगे आया, ऐसी भावना और साहस बेटी बचाओं के सिद्धांतों पर खरी उतरती है. इस ऑपरेशन को सफल बनाने में हॉस्पिटल के विभिन्न विभागों की टीम का सहयोग रहा है. जिसमें जनरल सर्जरी विभाग से डॉ. विक्रम शर्मा, गैस्ट्रो विभाग से डॉ. संदीप पांडे, डॉ. ललित निहाल, पीडियाट्रिक विभाग से डॉ. पवन जैन, डॉ. राकेश सिंग, क्रिटिकल केयर विभाग से डॉ. विशाल कुमार, डॉ. धर्मेश, डॉ. अभिषेक, निश्चेतना विभाग से डॉ. शैलेन्द्र बक्शी, डॉ. सर्वेश लाल, डॉ. राजकुमार, डॉ. वचन, डॉ. युक्ताश एवं नर्सिंग विभाग व टीम का अहम योगदान रहा।
6 महीने की नन्हीं ताक्षी अब पूरी तरह स्वस्थ है. कुछ ही दिनों में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी. यह लिवर ट्रांसप्लांट, रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में सम्पन्न हुआ है. विश्वस्तरीय सुख-सुविधाओं से युक्त रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल का स्टेट-ऑफ़-द-आर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर एवं एक्सपर्ट डॉक्टर्स हर प्रकार की बीमारी के इलाज करने में सक्षम है. कैंसर से लेकर ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन तक यहां के अनुभवी चिकित्सकों के पास सभी मेडिकल प्रोसीज़र्स का सफल अनुभव है. अस्पताल का उद्देश्य अत्याधुनिक जांच सुविधाएं एवं विश्व स्तरीय इलाज पद्धति को राज्य के लोगों तक पहुँचाना है, ताकि यहां के लोगों को बेहतर इलाज के लिए महानगरों की ओर न जाना पड़े. इससे उन्हें खर्च भी काफी कम लगेगा और अधिक परेशानी भी नहीं उठाना पड़ेगी।
लिवर देने वाले पिता ने समाज को संदेश देते हुए कहा कि बेटा बेटी में क्या है ? सभी एक समान है बेटी को भी पढ़ा लिखा कर बेटा को मान दो. साथ ही कहा कि इलाज में 20 लाख रुपए खर्च हुआ है. जिसमें से 18 खर्च में सीएम फंड से और दो लाख हॉस्पिटल ने खर्च किया है. मैं गरीब आदमी हूँ. मैं साफ़ मना कर दिया था मेरे पास इतना राशि कहा से आएगा, फिर सरकार और सहयोग से मेरी बच्ची को जीवनदान मिला।

panchayattantra24.com,रायपुर। विधानसभा में बीजेपी के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने डॉ. भीमराव आंबेडकर हॉस्पिटल की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया. इस पर मंत्री शिव डहरिया ने बृजमोहन पर आरोप लगाया कि ठेकेदार का पेंडिंग पैसा के लिए आवेदन लगाया है. बृजमोहन ने कहा इस तरह का आरोप उचित नहीं है, सबूत हो तो पटल पर रखें।
बृजमोहन अग्रवाल ने इसके पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर हॉस्पिटल में गरीब मरीजों की एंजियोप्लास्टी बंद होने का मामला ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उठाया. उन्होंने कहा कि इलाज बंद होने से गरीब मरीज परेशान है. साथ ही उपकरण सप्लाई करने वाले वेंडर को पैसा नहीं मिल पा रही, इसलिए सप्लाई बंद है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने जवाब में कहा कि यह कहना गलत है कि मशीन बंद है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में अब तक 620 मरीजों का इलाज किया गया है. कार्डियोलॉजी तथा कार्डियक सर्जरी विभाग में टेंडर निकाल कर उपकरणों की आपूर्ति की जा रही है. मरीज व उपचार को ध्यान में रखते हुए इसके लिए जरूरी राशि जारी कर दी गई है. किसी भी वेंडर ने आपूर्ति से इंकार नहीं किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हॉस्पिटल में खूबचंद बघेल स्वस्थ सहायता योजना में 3 करोड़ से अधिक का इलाज किया गया. 49 मरीजों का ओपन हार्ट सर्जरी का इलाज भी शामिल हैं. सभी जांच व इलाज मुफ्त कराई जा रही है. वहीं एडवांस कार्डियक यूनिट की स्थापना कब की गई और लगने बाद से कितने लोगों का इलाज किया गया है, इस सवाल पर बताया कि 1 नवम्बर 2017 में यूनिट की शुरुआत हुई थी. 2018 में 1400, 2020 में 1513 और 2021 में अब तक कुल 828 इलाज और 1700 एंजियोप्लास्टी हो चुकी है. जनवरी से अभी तक 9 ओपन हार्ट सर्जरी हुए हैं।
खूबचंद बघेल योजना में कितने मामले पेंडिंग है? मेकाहारा की 90 फीसदी मशीन बंद पड़ी है. इस पर मंत्री शिव डहरिया ने बृजमोहन पर आरोप लगाया कि ठेकेदार का पेंडिंग पैसा के लिए आवेदन लगाया. बृजमोहन ने कहा कि इस तरह का आरोप उचित नहीं है. सबूत हो तो पटल पर रखे. मंत्री ने कहा कि बीजेपी शासनकाल में नियमों को धज्जियां उड़ाकर खरीदी हुई. बिना वित्त विभाग की अनुमति के खरीदी हुई थी. उसी को ठीक करने में समय लग रहा है।

panchayattantra24.com,रायपुर। बीजेपी ने सदन में विधायक बृहस्पत सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और कांग्रेस महामंत्री रवि घोष के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की सूचना दी है. सत्तापक्ष ने इस पर आपत्ति जताई. वहीं स्पीकर ने नियम से सूचना देने को कहा. बीजेपी विधायकों ने कहा कि हमने विशेषाधिकार हनन की सूचना दी है. इस पर व्यवस्था दी जाये. सदन चलने के दौरान कांग्रेस के महामंत्री रवि घोष ने विधायक बृहस्पत सिंह को नोटिस जारी किया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। बृहस्पत सिंह प्रकरण ख़त्म होने के बाद आज सदन के भीतर उस वक़्त विपक्षी सदस्यों की टिप्पणी गूंज उठी जब स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सीट पर जाकर बैठ गये. विपक्षी सदस्यों ने चुटकी भरे अन्दाज़ में कहा कि जय-वीरू की जोड़ी. इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी त्वरित जवाब देते हुये कहा कि, जय-वीरू की जोड़ी तो ठीक है, लेकिन पहले ये बताइये कि कालिया और सांभा कौन है।
इस पर विपक्षी ख़ेमे से बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री आख़िर बंद कमरे में चर्चा क्यूँ नहीं करते? सदन में भी दोनों के बीच काँच की दीवार है. इस टिप्पणी पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दोबारा तंज भरे अन्दाज़ में कहा कि, पहले आप ये बतायें कि कालिया-सांभा कौन है? इस पर बृजमोहन अग्रवाल ने जवाब देते हुये कहा कि रविंद्र चौबे हैं।

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ के निलंबित आईपीएस जीपी सिंह को आय से अधिक संपत्ति और राजद्रोह के मामले में कोतवाली पुलिस ने नोटिस जारी किया है. रायपुर के कोतवाली पुलिस ने जीपी सिंह को बयान के लिए आज दोपहर 12 बजे से पहले थाने बुलाया है. पुलिस मामले में पूछताछ करेगी।
जानकारी के मुताबिक जीपी सिंह से पूछताछ के लिए कल भी पुलिस उनके सरकारी बंगले पहुंची थी, लेकिन वो वहां मौजूद नहीं थे. इस वजह से घर में मौजूद परिजनों को पुलिस ने नोटिस देकर कहा कि वह जीपी सिंह को सूचित करें कि वे थाने आकर अपना बयान दर्ज करवाएं. पुलिस ने चेतावनी भी दी कि अगर थाने आकर जीपी बयान दर्ज नहीं करवाते हैं, तो पुलिस तलाशी शुरू करेगी।
जीपी सिंह थाने में पेश नहीं होते हैं, तो पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए कभी भी गिरफ्तारी कर सकती है. जीपी सिंह के करीबी लोगों को सर्विलांस में रखा गया है. आय से अधिक और राजद्रोह जैसे मामलों में जीपी सिंह के खिलाफ बीते 8 जुलाई को एफआईआर दर्ज हुआ था।
बता दें कि एक जुलाई की सुबह 6 बजे ACB और EOW की जांच टीम जीपी सिंह के सरकारी बंगले में दाखिल हुई थी. करीब 75 घंटे की छापेमार कार्रवाई में करोड़ों रुपये बरामद किए गए थे, जिसके बाद ACB की टीम ने जीपी सिंह पर धारा 13 (1)बी, 13 (2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम यथा संशोधित 2018 के तहत केस पंजीबद्ध किया था. निलंबित IPS जीपी सिंह के डायरी से कई राज बाहर आए हैं. आय से अधिक संपत्ति और राजद्रोह जैसे मामलों में घिरे निलंबित ADG के खिलाफ जांच तेज कर दी गई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के सदन में सिंहदेव को लेकर दिए अपने बयान पर खेद जताए जाने के साथ एक बड़े विवाद का पटाक्षेप हो गया. इसके बाद सिंहदेव की सदन में वापसी पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शायराना अंदाज में चुटकी ली. उन्होंने कहा कि ‘तुम्हे ही दर्द देना है तुम्हे ही दवा देना है।
बता दें कि विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने के साथ ही बृहस्पत सिंह के मंत्री टीएस सिंहदेव के खिलाफ लगाया गया गंभीर आरोप मुद्दा बना गया था. मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया कि सिंहदेव ने सदन में आने से ही इंकार कर दिया. मामले ने बुधवार को जोर पकड़ लिया और विपक्ष ने सदन के शुरू होते ही मुद्दे पर चर्चा की मांग करने लगे।
सदन में विपक्ष को हावी होता देख सत्ता पक्ष भी हरकत में आई और मामले को सुलझाने के लिए जोर-शोर से प्रयास शुरू कर दिया. नतीजा रहा कि बृहस्पत सिंह ने सदन में आकर अपने बयान को लेकर खेद जताया. इसके बाद सिंहदेव सदन की कार्यवाही में शामिल हुए और छत्तीसगढ़ चंदूलाल चंद्राकर स्मृति चिकित्सा महाविधालय दुर्ग(अधिग्रहण) विधेयक 2021 पेश किया।
छत्तीसगढ़ में पहली बार एलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट, बालको मेडिकल सेंटर ने सफलतापूर्वक संचालन किया

panchayattantra24.com,रायपुर। नया रायपुर स्थित बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) ने छत्तीसगढ़ में पहली बार एलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट (बीएमटी) का सफलतापूर्वक संचालन किया है. अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण एक चिकित्सा प्रक्रिया है, जो रोगी की अस्वस्थ रक्त बनाने वाली कोशिकाओं को स्वस्थ कोशिकाओं से बदल देती है. प्रतिस्थापन कोशिकाएं रोगी के स्वयं के शरीर (ऑटोलॉगस) या एचएलए-मिलान दाता (एलोजेनिक) से आ सकती हैं, जो परिवार का सदस्य या असंबंधित दाता हो सकता है. बीएमटी का उपयोग कैंसर के इलाज के लिए किया जाता है, जो अस्थि मज्जा को प्रभावित करता है, जैसे ल्यूकेमिया, मायलोमा, और लिम्फोमा, साथ ही साथ अन्य रक्त और प्रतिरक्षा प्रणाली की बीमारियां जैसे कि अप्लास्टिक एनीमिया, थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया।
कंसल्टेंट हेमेटोलॉजी और बीएमटी फिजिशियनडॉ. दिब्येंदु दे ने बताया, “इस 29 वर्षीय व्यक्ति को ब्लड कैंसर था, जो 8 महीने की कीमोथेरेपी के बाद वापस आ गया. अपने पूरी तरह से मेल खाने वाले 27 वर्षीय भाई के साथ एक एलोजेनिक प्रत्यारोपण रोगी के लिए एकमात्र आशा थी, उनको प्रत्यारोपण से ठीक 1 सप्ताह पहले गंभीर सेप्सिस हो गया था, जिससे हमारी कठिनाई बढ़ गई थी. लेकिन हमारी टीम आगे बढ़ी और एलोजेनिक ट्रांसप्लांट को सफलतापूर्वक पूरा किया. रोगी को एक विशेष बीएमटी यूनिट में पृथक, HEPA-फ़िल्टर लगाए गए कमरे में रखा गया था और 29 वें दिन प्लेटलेट और न्यूट्रोफिल एनग्राफ्टमेंट के बाद छुट्टी दे दी गई थी. हम गर्व से कह सकते हैं कि हमारी बीएमटी यूनिट देश की अन्य प्रमुख बीएमटी सुविधाओं के बराबर है और हम भविष्य में ऐसी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं।
कंसल्टेंट ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन, डॉ नीलेश जैन ने कहा, “हमारे जैसा एक अच्छी तरह से सुसज्जित ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग, बीएमटी को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है: बोन मैरो हार्वेस्टिंग से लेकर, चयन टी-सेल/रेड सेल/प्लाज्मा रिक्तीकरण के लिए उपयुक्त रक्त घटक, ल्यूकोडप्लीशन, विकिरण, और अस्थि मज्जा हेरफेर के लिए क्रायोप्रेज़र्वेशन आवश्यक सहायता सेवाओं के साथ एक अत्याधुनिक बीएमटी सुविधा को हाल ही में बीएमसी में जोड़ा गया है, जिसमें कुछ मरीज़ों का बीएमटी किया जा रहा है. छत्तीसगढ़ में बालको मेडिकल सेंटर एकमात्र केंद्र है, जहां उच्चस्तरीय स्टेम सेल क्रायोप्रेजर्वेशन सुविधा और फ्लोसाइटोमेट्री सुविधा उपलब्ध है, जो रक्त कैंसर के रोगियों के तेजी से निदान और उपचार में मदद करती है. साथ ही बताया कि इसकी जांच के लिए दोनों पद्धति में अलग अलग ख़र्च है. पहले पद्धति में लगभग छह लाख के क़रीब ख़र्च होता है. और दूसरा में 15, लाख लगभग लग सकता है।
बालको मेडिकल सेंटर, वेदांत मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की पहली प्रमुख पहल नया रायपुर, छत्तीसगढ़ में स्थापित की गई है, जो 50+ विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ 170-बेड, अत्याधुनिक तृतीयक देखभाल ऑन्कोलॉजी सुविधा है. बीएमसी का उद्देश्य अल्ट्रा-मॉडर्न, मल्टी-मोडैलिटी डायग्नोस्टिक और चिकित्सीय सुविधाओं को उचित और सस्ती कीमत पर भारत की आबादी की आसान पहुंच के भीतर लाना है. वर्तमान में, यह चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, विकिरण, हेमटोलॉजिकल और उपशामक देखभाल सहित भारत के ऑन्कोलॉजी क्षेत्र में एक राष्ट्रीय नेता के रूप में तेजी से उभर रहा है।

panchayattantra24.com,रायपुर। BSUP आवास आबंटन में भ्रष्टाचार मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया. राजा भट्टर की शिकायत पर मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ सरकार को पत्र भेजकर मामले में अब तक हुई कार्रवाई का अपडेट मांगा है. याचिकाकर्ता को जवाब देने के साथ पोर्टल में कॉपी अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। पूरा मामला BSUP मकान आबंटन का है. शिकायतकर्ता राजा भट्टर का आरोप है कि एक हजार से ज्यादा अपात्र लोगों को BSUP मकान बेच दिया गया है. इसके तमाम दस्तावेज़ मौजूद है. मामले में मामले को दबाने के प्रयास को देखते हुए पीएम कार्यालय में शिकायत की गई थी, जिस पर संज्ञान लिया गया है. प्रमुख सचिव को पत्र जारी करने के साथ उसकी एक कॉपी मुझे दी भेजी गई है. हमारी माँग है कि भ्रष्टाचार करने वाले जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
तीन महीने में गठित नहीं कर पाए जांच समिति
शिकायतकर्ता राजा भट्टर ने कहा कि तीन महीना पहले मामला का ख़ुलासा किया था, लेकिन कल शाम तक इस मामले में कोई जाँच कमेटी गठन की सूचना नहीं मिली है. मैने इसकी शिकायत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से की थी, उन्होंने मंत्री शिव डहरिया को लाइन अप किया, जिसके बाद उन्हें दस्तावेज़ दिए गए थे. उन्होंने जोन कमिश्नर को दस दिन में रिपोर्ट देने को कहा था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
महापौर ने कही जांच जारी रहने की बात
महापौर ने कहा कि यह मामला का ख़ुलासा विपक्ष ने नहीं बल्कि हमारे ज़ोन अध्यक्ष ने ही किया था. इसमें निष्पक्ष जाँच के लिए कमेटी बनायी गई है. जाँच जारी है कमेटी में विभागीय अधिकारी, एमआईसी मेंबर एवं अन्य अधिकारी हैं. बहुत ही जल्द दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा. इसमें जो भी संलिप्त होगा उन पर कार्रवाई की जाएगी. जाँच के लिए जो भी दस्तावेज़ माँगे ग़ए हैं, उपलब्ध करा दी जाएगी. निगम अपने स्तर पर जाँच कर रही है. जाँच कहीं से भी हो हमें कोई आपत्ति नहीं है।