Browsing: रायपुर

छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल एवं संवेदनशीलता से 480 छात्रों का भविष्य सुरक्षित 
panchayattantra24.com, रायपुर। चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों और उनके पालकों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर की. मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण के निर्णय पर आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने सिर्फ ऐतिहासिक निर्णय लिया है, बल्कि राजधर्म का भी पालन किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे हमारे भविष्य है. इनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए शासन हर संभव प्रयास करेगा।
चंदूलाल चंद्राकर स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय दुर्ग में 2017 बैच के 180 छात्र चतुर्थ वर्ष में अध्ययनरत हैं. मान्यता रद्द होने की वजह से इन बच्चों का अध्यापन कार्य प्रभावित हो रहा है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बच्चों को अन्य मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेज में पुनः आबंटन (रिएलोकेट) किए जाने का आदेश जारी किया है।
हॉस्पिटल बोर्ड के राज्य अध्यक्ष और आईएमए मेडिकल स्टूडेंट नेटवर्क के राज्य संयोजक डॉ. राकेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री  को बताया कि 2017 के पूर्व बैच के लगभग 300 मेडिकल छात्र इंटर्नशिप पूरा कर रहे हैं, अब वे पीजी नीट की परीक्षा में बैठेंगे. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल एवं संवेदनशीलता से 480 छात्रों का भविष्य सुरक्षित हुआ है. इस अवसर पर डॉ. बसंत आंचल, डॉ. प्रवीण चंद्राकर, डॉ. छत्तर सिंह, डॉ. रूपल पुरोहित,विश्वजीत मित्रा, डॉ. अक्षत तिवारी सहित छात्र एवं पालकगण उपस्थित थे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव विधायक बृहस्पत सिंह के अपने बयान को लेकर खेद जताए जाने के बाद आखिरकार सदन पहुंचे. उन्होंने सदन में कहा कि भावावेश में किसी को ठेस पहुँची हो तो क्षमा करें।
विधानसभा पहुंचने पर मीडिया से चर्चा में सिंहदेव ने कहा कि मामले का पटाछेप हो गया है. आगे की ज़िमेदारी सामूहिक रूप में टीम के रूप में निभानी है. विपक्ष को मौके ल लाभ लेना होता है. उनकी भूमिका हो ना हो. मुझे टीम के रूप में निभाना है. लेकिन सिंहदेव बृहस्पत सिंह को माफी करने के सवाल पर चुप्पी साध गए।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना महामारी नियंत्रण में फार्मासिस्ट की सेवा ली जाएगी. स्वास्थ्य संचालक ने राज्य महामारी नियंत्रण एवं टीकाकरण अधिकारी को पत्र लिखकर पंजीकृत फ़ार्मासिस्टों को टीकाकरण अभियान में शामिल करने कहा है. अब फार्मासिस्ट वैक्सीन सेंटरों में काउंसलिंग करेंगे और दवा देंगे।
दरअसल, इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने कोरोना के दूसरे लहर के पहले ही अप्रैल 2020 में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर कोरोना महामारी के नियंत्रण में फार्मासिस्ट की सेवा लिए जाने की बात प्रमुखता से उठाई थी, जिसे मुख्यमंत्री ने सहमति देते हुए स्वास्थ्य संचालक को उचित कार्ययोजना बनाने निर्देश दिए थे. मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र के आधार पर स्वास्थ्य संचालक ने राज्य महामारी नियंत्रण एवं टीकाकरण अधिकारी को पत्र लिखकर पंजीकृत फार्मासिस्ट को कोरोना टीकाकरण अभियान में शामिल करने कहा है।
आपीए के सचिव राहुल वर्मा ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा टीकाकरण अभियान में काउंसलिंग बहुत ही महत्वपूर्ण है. फार्मासिस्ट कोरोना टीका लगवाने से पूर्व मरीज़ों की काउंसलिंग एवं टीकाकरण के बाद दवा संबंधी सलाह हितग्राही को प्रदान करेंगे. इससे न केवल टीकाकरण अभियान में तेज़ी आएगी बल्कि टीकाकरण के बाद अधूरी जानकारी होने पर ग्रामीणों द्वारा बुखार आने या अन्य तकलीफ़ होने पर जो अफ़वाह एवं भ्रम फैलता है, उस पर रोक लग सकेगी. फ़ार्मासिस्ट टीकाकरण के बाद पैरासिटामाल एवं अन्य आवश्यक विटामिन की दवा हितग्राही को उचित सलाह देने के साथ बाटेंगे।
राज्य में लगभग 20 हज़ार पंजीकृत फ़ार्मासिस्ट एवं 5 हज़ार फ़ार्मेसी विद्यार्थी हैं. इतनी बड़ी संख्या में टीकाकरण अभियान के लिए मानव संसाधन मिलने से इसके क्रियान्वयन में तेज़ी आएगी एवं टीकाकरण की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
बता दें कि लल्लूराम डॉट कॉम ने लगातार फार्मासिस्टों की काम दूसरे लोगों से करवाने का खबर उठाया है. प्रदेश के कई ग्रामीण इलाक़ों से यह ख़बर आ रही है कि अप्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा टीकाकरण के बाद पैरासिटामाल दवा की जगह शुगर की या कोई अन्य दवा ग्रामीणों को बांट दी गई है, जो आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है. इससे किसी बड़ी अनहोनी होने से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
      
 

panchayattantra24.com,रायपुर।। भारतीय जनता पार्टी के संसद सदस्य सुनील सोनी ने मंगलवार को विधानसभा में कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के आरोपों के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश सरकार के वक्तव्य को नाकाफ़ी बताते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के सदन छोड़कर जाने की घटना को संसदीय परंपरा और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिहाज़ से गंभीर विचारणीय विषय बताया है। सोनी ने कहा कि मंत्री सिंहदेव के कथन और सदन छोड़कर जाने पर प्रदेश सरकार गंभीर हो और मंत्री सिंहदेव पर विधायक सिंह के आरोपों पर सारी स्थिति स्पष्ट कर इस प्रकरण की सूक्ष्मता से जाँच कराए ताकि प्रदेश इस प्रकरण के तमाम पहलुओं से अवगत हो।
मंगलवार को विधानसभा में प्रदेश सरकार के वक्तव्य पर मंत्री सिंहदेव का यह कथन अनदेखा-अनसुना नहीं किया जा सकता कि अब भी बहुत कुछ छिपाया जा रहा है। भाजपा सांसद सोनी ने कहा कि भारतीय राजनीति का यह संभवत: पहला ऐसा प्रकरण होगा, जब एक विधायक ने अपनी ही सरकार के मंत्री पर हत्या कराने का आरोप लगाया हो। इससे प्रदेश का सौहार्द्रपूर्ण लोकतांत्रिक राजनीतिक वातावरण पर प्रतिकूल असर होगा। प्रदेश कांग्रेस में सत्ता-संघर्ष से उपजे गैंगवार के हालात प्रदेश के राजनीतिक इतिहास का काला अध्याय है।
प्रदेश की जनता कांग्रेस की अंतर्कलह में बेवज़ह पिस रही है। सोनी ने सवाल किया कि क्या अपनी सरकार की विफलताओं से लोगों का ध्यान भटकाने, विभिन्न मोर्चों पर आदिवासियों की नाराज़गी से बचने और ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले से पीछा छुड़ाने के लिए यह साजिश रची गई है? सोनी ने इस समूचे प्रकरण को खूनी सत्ता संघर्ष और सियासी साजिशों का कॉकटेल बताते हुए कहा कि इस मामले का इस्तेमाल करके राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते राजनीतिक छवि को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश करके वर्षों पुराने रामअवतार जग्गी हत्याकांड की याद दिलाकर ‘बहुत-से संदेश और संकेत’ देने की कोशिश की जा रही है।
प्रदेश सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या कांग्रेस विधायक सिंह का कथन ही इस घटना का पूरा सच है? या फिर, कथित तौर पर विधायक के काफिले को ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद का अपने प्रतिद्वंद्वी खेमे की छवि पूरी तरह से बर्बाद करने के लिए साजिशन राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है?
भाजपा सांसद सोनी ने कहा कि कांग्रेस विधायक पर हमला होना दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक तो है ही, लेकिन इस मामले में मंत्री सिंहदेव का पक्ष लिए बिना किसी भी धारणा को स्थापित करना लोकतंत्र और संसदीय परंपरा के लिहाज़ से उचित नहीं है। यह भी देखा जाना जरूरी है कि प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की मौजूदगी में इस विवाद को हवा देकर खूनी संघर्ष के तौर पर प्रचारित करने कोई और निहितार्थ तो नहीं है?
घटना के तुरंत बाद आनन-फानन 18-20 विधायकों का बैठक करना और इस मसूचे मामले में विधायक सिंह द्वारा बार-बार प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव पर अपनी (स्वयं विधायक सिंह की) हत्या के प्रयास के आरोप को दोहराए जाने, इसे लेकर कांग्रेस आलाकमान तक जाने और मुख्यमंत्री बघेल द्वारा विधायक सिंह को कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व तक जाने के लिए परोक्ष तौर पर सहमति देने से यह आशंका भी बलवती होती है कि कहीं यह मुख्यमंत्री बघेल द्वारा प्रायोजित अभियान तो नहीं है?
सोनी ने कहा कि प्रदेश सरकार में यह सत्ता-संघर्ष तो इस सरकार के सत्तारूढ़ होते ही चल रहा है। तो क्या कांग्रेस में ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले के जिन्न के जब-तब बोतल से बाहर आकर प्रदेश में नेतृत्व-परिवर्तन की चर्चाओं को हवा देने से विचलित प्रदेश सरकार और कांग्रेस का एक खेमा इस घटना की आड़ लेकर प्रतिद्वंद्वी खेमे को मात देने में लगा है? सोनी ने इस समूचे प्रकरण के तथ्य और सत्य को सामने रखने पर जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार में मची खींचतान ने प्रदेश के राजनीतिक वातावरण को खूनी संघर्ष और साजिशों का पर्याय बना दिया है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्मों के जरिए छत्तीसगढ़ी संस्कृति को छालीवुड अभिनेत्री अनिकृति चौहान ने अपनी फिल्मों के जरिए सशक्त रूप से अभिनीत कर दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया है. एक निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता ने अनिकृति ने बताया कि वे अपने पिता स्व. अनिल चौहान की स्मृति में यूट्यूब पर प्रेम संदेशा शीर्षक से म्युजिक एलबम लांच किया. लांचिंग के अवसर पर अभिनेता लक्ष्य रवि पल्लीवार कोरियोग्राफी लक्की देवांगन, अमित राय प्रोडक्शन मैनेजर जया साहू एवं फिल्म अभिनेता योगेश अग्रवाल ने उक्त एलबम के जरिए यू ट्यूब पर दर्शकों की पसंद के छत्तीसगढ़ी गाने लांच करने की जानकारी दी। छालीवुड अभिनेत्री अनिकृति चौहान ने पत्रकारवार्ता में बताया कि वे अपने प्रोडक्शन हाउस के जरिए ऐसी कोई सामाग्री दर्शकों के सामने नहीं परोसेंगी, जिसे परिवार के साथ लोग न देख सके. साफ सुथरी फिल्मों के साथ ही वे स्थानीय प्रतिभाओं को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर हर संभव सहयोग देंगी।
कोरोना की तीसरी लहर के संबंध में जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनने संबंधी प्रश्र पर अनिकृति ने कहा कि राज्य अथवा केंद्रीय शासन से ऐसा कोई प्रस्ताव उन्हें मिलता तो वे उसे सहर्ष स्वीकार कर लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगी।
अनिकृति ने कहा कि एलबम में उनके अपोजिट कुलदीप सिंह परमार ने प्रभावी भूमिका निभाकर दर्शकों का दिल जीता है. प्रेम संदेशा गीत में दिखाई गई क्लीपिंग में अनिकृति ने बेहतरीन अभिनय किया है।
लांचिंग अवसर पर मुख्य अतिथि योगेश अग्रवाल ने कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित में अच्छी मनोरंजन सामग्री भविष्य में निर्मित करने की सलाह दी।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में सियासी उथल-पुथल के बीच एक नया मामला चर्चा में आ गया है. भूपेश सरकार दुर्ग जिले में स्थित चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज का अधिग्रहण करने की तैयारी में है. इसको लेकर बीजेपी ने सरकार पर हमला बोला था, बीजेपी के नेताओं ने अपने रिश्तेदार को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था, जिसके बाद अब पं.रविशंकर विवि के प्रोफेसर रसायन वैज्ञानिक शम्स परवेज फेसबुक पर लिखा कि एमबीबीएस कोर्स कर रहे छत्तीसगढ़िया बच्चों के भविष्य के साथ किए गए आपके न्याय के बावजूद इस मानवीय न्याय के खिलाफ जो भी खबर चल रही है वो वास्तव मे बेहद आक्रोशित करने वाली है।
वैज्ञानिक शम्स परवेज
वैज्ञानिक शम्स परवेज ने कहा कि इस खबर का विरोध समाज के हर वर्ग को करना चाहिए. चंदूलाल चंद्राकार मेमोरियल मेडिकल कालेज का सरकार द्वारा अधिग्रहण बेहद प्रशंसनीय कदम है, न केवल कैरियर के अधर मे लटक रहे कालेज मे अध्ययनरत 600 से ज़्यादा एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए, बल्कि शिक्षाधानी भिलाई के लिए जो, बीजेपी सरकार के दौर से, एक अदद शासकीय मेडिकल कालेज के लिए पिछले 15 सालों से भीख मांग रहा था. मेडिकल कालेज की मान्यता रद्द होने से जिस तरह से 35-40 लाख की अपनी जमापूंजी लगाए हमारे छत्तीसगढ़ के सैकड़ों विद्यार्थी और उनके माँ-बाप की जान गले मे अटकी हुई थी, ऐसे कठिन परिस्थिति मे सरकार का आगे आकर मेडिकल कालेज को अधिग्रहित करने पर सीएम भूपेश बघेल को सल्युट करना चाहिए, न कि उन पर आरोप-प्रत्यारोप।
वैसे भी सरकार ने ऐसे ही एकदम से आकर इस निजी मेडिकल कालेज को अधिग्रहित नहीं किया बल्कि केंद्र द्वारा कुछ स्कोरिंग की कमी से इस कालेज की मान्यता रद्द करने के चलते, हम सब गवाह है कि पिछले दो-वर्षों से हमारे ये छत्तीसगढ़िया बच्चे और उनके माँ-बाप हाइकोर्ट से लेकर सरकार की ड्यूढ़ी तक बार-बार दस्तक दे रहे थे कि सरकार इस कॉलेज को अधिग्रहित कर ले. क्या हम लोग नहीं जानते कि जिस साल इस निजी मेडिकल कॉलेज की केंद्र ने मान्यता रद्द की थी, उसी साल इसी केंद्र सरकार ने यूपी में और कर्नाटक में कई निजी मेडिकल कॉलेजों को इससे भी कम स्कोरिंग मे मान्यता दे दी थी।
क्या हम लोगों को नहीं मालूम कि एक मेडिकल कालेज खोलने में कम से कम 500 करोड़ तक की राशि की आवश्यकता होती है, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस सरकार ने इस निजी कालेज का अधिग्रहण किया तो आज कम से कम भिलाई-दुर्ग क्षेत्र मे आम लोगों के लिए एक शासकीय मेडिकल कालेज मिल गया, वरना यहाँ के प्रतिभाशाली बच्चों को या तो रायपुर, बिलासपुर या जगदलपुर जाना होता था या पचासों लाख खर्च कर निजी-मेडिकल कालेज मे एमबीबीएस कोर्स मे दाखिला लेना पड़ता था।
क्या हम लोगों को नहीं मालूम कि कैसे केंद्र ने इस साल भी तीन प्रस्तावित शासकीय मेडिकल कालेज की मान्यता आखिरी समय मे अमान्य कर दी. प्रदेश मे एमबीबीएस कोर्स करने के इच्छुक लाखों विद्यार्थी इस बात को भली-भांति जानते है कि 150 सीटों वाले इस शासकीय मेडिकल कालेज से उन्हे कितना ज़्यादा लाभ मिलेगा।
क्या हम लोगों पिछले 15-वर्षों को भूल सकते है जब निजी शैक्षणिक संस्थानों मे विद्यार्थियों से लेकर शिक्षकों तक का बेहद पीड़ादायक उत्पीड़न और शोषण किया गया और पूर्व-सरकार इस मामले मे आँखें मूंदी रही।
क्या हम लोग नहीं समझते है कि यदि कोई सरकारी प्रतिष्ठान या कालेज किसी निजी घराने को सरकार बेचती, जैसा आजकल देश मे हो रहा है या इस निजी मेडिकल कालेज के विद्यार्थियों ने इसके शासकीयकरण का कभी अनुरोध नहीं किया होता, तो आरोपों के विश्लेषण की कोई बात बनती? यहाँ तो उल्टा छत्तीसगढ़िया बच्चों के भविष्य को बचाने और उनके अनुरोध पर जब इस निजी मेडिकल कालेज को सरकार ने अधिग्रहित किया है तो इसमे बुरी बात क्या है? हाँ! वैसे सरकारी प्रतिष्ठानों को निजी हाथों मे बेचकर उल्टी-गंगा बहाने वाले मुनाफाखोरों को अपने बच्चों के भविष्य को बचाने की सुध ही कब रहती है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महोदय! चंदूलाल चंद्राकार मेडिकल कॉलेज को अधिग्रहित कर एमबीबीएस जैसे महत्वपूर्ण कोर्स कर रहे छत्तीसगढ़िया बच्चों के भविष्य को बचाने पर प्रदेश आपको सैल्यूट करता है।
 

publicuwatch24.com,रायपुर। विधानसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही मंत्री टीएस सिंहदेव के सदन छोड़कर जाने के मामले में विपक्ष ने ज़ोरदार हंगामा मचाया. बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस सदन का वर्तमान में कोई अस्तित्व ही नहीं है. एक मंत्री ही अपनी सरकार पर अविश्वास व्यक्त कर रहा है. ये भी एक विशेषाधिकार है कि एक मंत्री सदन छोड़कर चला जाये. जब सदन में सरकार ही नहीं है तो फिर इस सदन में चर्चा कैसे होगी। इधर सदन की कार्यवाही शुरू होते ही मंत्री टीएस सिंहदेव के सदन में दिये गये बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में
स्पीकर डॉक्टर चरणदास महंत ने टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि यह सदन की अवमानना है. मंत्रियों-नेता प्रतिपक्ष के कमरे में लगी टीवी सुविधा के लिए है. कल सदन की कार्यवाही की रिकोर्डिंग कर सोशल मीडिया पर वायरल करना अनुचित है. वहीं बीजेपी विधायकों ने इस मामले में जांच की मांग की।
स्पीकर डॉक्टर चरणदास महंत ने कहा, इतनी कम संख्या में सदन में विपक्ष की मज़बूत भूमिका की देशभर में चर्चा है. मैं चाहता हूँ सदन में सौहार्दपूर्ण वातावरण बने रहे. संसदीय कार्यमंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि विपक्ष मुद्दों पर बात करने से भागता है और जो मुद्दे नहीं है उस पर हंगामा करता है. मंत्री का ऐसे सदन से जाना भी विशेषाधिकार का हनन है. वो मंत्रिमंडल में है या नहीं ये स्थिति सरकार को स्पष्ट करना चाहिए. क्या मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी भी सदन छोड़ कर गए थे. बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वो सदन छोड़ कर नहीं बल्कि इस्तीफा देकर गए थे. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने जब तक सरकार का जवाब नहीं आता तब तक सदन में नहीं आने की बात कही है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। हर किसी का सपना होता है कि अपना खुद का घर हो, सिर छुपाने के लिए एक पक्की छत हो। हजारों लोगों के अपने घर के इस सपने को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी  मोर जमीन-मोर मकान योजना साकार कर रही है। इस योजना ने  बीजापुर नगर के वार्ड क्रमांक 11 की निवासी नक्सल पीड़ित श्रीमती अमीरू निशा के अपने पक्के मकान का सपना सच कर दिया है। जिसमें श्रीमती अमीरु अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन व्यतीत कर रही हैं।
 सहायता के जरिये नक्सल हिंसा पीड़ित महिला अमीरु निशा को पक्का आवास मिला है। श्रीमती अमीरु निशा ने बताया कि वर्ष 2006 में उनके पति स्वर्गीय मोहम्मद बेग की हत्या नक्सलियों ने कर दी थी। पति के निधन के बाद उन्हें बहुत कठिनाईयों का सामना किया। उनके कंधों पर अपने पुत्र और दो पुत्रियों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी आ गयी। एक पुत्री की उम्र विवाह के लायक होने के कारण उसके विवाह की चिंता थी, वहीं सिर छुपाने के लिए अपना मकान भी नहीं था। एक छोटे कच्चे मकान में वह रहती थीं, जिसमें बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या थी। इस बीच वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत बीएलसी घटक में मोर जमीन-मोर मकान की जानकारी उन्हें नगरपालिका परिषद बीजापुर से मिली, तो अपना खुद का मकान बनाने की इच्छा प्रबल हो उठी। नगर पालिका परिषद बीजापुर के अधिकारियों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की टीम ने उनकी पूरी मदद की और आवास निर्माण हेतु उनके आवेदन पत्र पर त्वरित कार्यवाही की।
आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण श्रीमती अमीरू मकान का निर्माण शुरू नहीं कर पा रही थीं। एक साल तक मकान शुरू नहीं होने पर नगरपालिका परिषद बीजापुर की आवास निर्माण टीम ने उन्हें प्रोत्साहित किया। जिससे उन्होंने किसी तरह हितग्राही अंशदान की 78 हजार रुपये जमा कर आवास निर्माण शुरु किया। राज्य सरकार ने भी श्रीमती अमीरु निशा को मकान निर्माण के लिए 2 लाख 26 हजार रुपए की मदद दी। अमरु निशा ने बताया कि मकान बनाने का कार्य जब पूरा हुआ, उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वहीं मकान पूरा होने पर उन्होंने धूमधाम से अपनी छोटी बेटी का विवाह भी कर दिया। श्रीमती अमीरु निशा ने अपने पक्के आवास का सपना साकार करने के लिए सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहती हैं कि उनके मकान का सपना सरकार की सहायता से ही साकार हो पाया है।
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। महिलाओं और बच्चों के विकास एवं उनके स्वास्थ्य को बेहतर रखने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा लगातार पोषण को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिकाएं बनाई जा  रही हैं। अब तक 22 हजार 104 आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिकाएं तैयार हो चुकी हैं। इन पोषण वाटिकाओं में आंगनबाड़ी परिसर में ही मुनगा, लाल भाजी, पालक भाजी, सहित अन्य पौष्टिक साग-सब्जी व फल उत्पादित किया किए जा रहे हैं। उत्पादित पौष्टिक साग-सब्जियों और फल को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा हितग्राही बच्चों और महिलाओं के पोषण स्तर में बढ़ोत्तरी के लिए उन्हें आहार के रूप प्रदान किया जा रहा है।
कुपोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा गृह भेंटकर लोगों को अपने घरों में बाड़ियां तैयार करने और उनमें पौष्टिक साग-सब्जी लगाए जाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। जिससे बच्चों को ताजा और बेहतर आहार उपलब्ध हो ओर वे कुपोषण के शिकार न हो। इस विशेष प्रयास से न सिर्फ बच्चों के पोषण स्तर में सकारात्मक असर हो रहा है, बल्कि माताओं को भी पौष्टिक आहार मिलने लगा है। जो कुपोषण दूर करने में काफी सहायक है।
 

 

panchayattantra24.com,रायपुर। अपने मनोरम प्राकृतिक सौन्दर्य एवं विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के कारण पूरे देश एवं दुनिया में विख्यात बस्तर की धरा खेल प्रतिभाओं से भी परिपूर्ण रही है। इन खेल प्रतिभाओं को तराशने एवं उन्हें अनुकूल सुविधा मुहैया कराने की आवश्यकताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। राज्य शासन के विशेष प्रयासों से खेल प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण के लिए महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना का बस्तरवासियों का सपना शीघ्र साकार होने जा रहा है। इस वर्ष के अंत तक जगदलपुर शहर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में खेलों के लिए कई सुविधाएं प्रारंभ हो जाएंगी। इसके साथ ही वर्ष 2022 के शुरूआत में ही बस्तरवासियों को बहुउद्देशीय एवं बहुउपयोगी खेल परिसर की बहुप्रतिक्षित सौगात मिल जाएगी। 
बस्तर की खेल प्रेमी जनता की मंशा अनुरूप राज्य शासन की विशेष पहल से लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से कई खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यह खेल परिसर आदिवासी बहुल बस्तर संभाग की खेल प्रतिभाओं को तराशने तथा उन्हें जरूरी सुविधा प्रदान कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।
उल्लेखनीय है कि संभाग मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर मैदान में वृहद स्तर पर बहु उपयोगी खेल परिसर का निर्माण किया जा रहा है। इस खेल परिसर में 4 करोड़ 48 लाख रूपए लागत की बहुउद्देशीय बॉलीबाल हाल के अलावा 400 मीटर कॉम्पीटीशन एवं 200 मीटर वार्मअप सिंथेटिक ट्रेक, 120 मीटर आरचरी रेंज के अलावा एक ही परिसर में इंडोर खेलों की खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की पूर्ण सुविधा से युक्त बहुउद्देशीय हाल का भी निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा खेल परिसर में ऊंची कूद, लंबी कूद, कबड्डी कोर्ट, बॉलीबॉल कोर्ट व 200 मीटर 6 लेन का पै्रक्टिस टेªक निर्माण कार्य किया जाना है। इसके साथ ही इस परिसर में लंबी दौड़, तीरंदाजी, कबड्डी, बॉलीबॉल, ऊंची कूद आदि के लिए भी मैदान व कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बस्तर के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों केे द्वारा फुटबाल, क्रिकेट मैदान, 400 मीटर सिंथेटिक टेªक एवं मल्टीपरपस हाल निर्माण की लम्बे समय से मांग की जा रही थी।
इस क्रीड़ा परिसर में निर्माणाधीन खेल मैदान अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप तैयार किये जा रहे हैं। जिससे की बस्तर में आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेलों का आयोजन किया जा सके। राज्य शासन के मंशानुरूप समय-सीमा में गुणवत्तायुक्त ढ़ंग से इस खेल परिसर के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने हेतु कलेक्टर श्री रजत बंसल द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यहां की खेल प्रतिभाएं उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं सुविधाओं के मिलने से आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा को स्थापित करने में सफल होंगी।