Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने की नीयत क़तई नहीं है. प्रदेश सरकार ज़ुबानी जमाख़र्च की थोथी क़वायद करने के बजाय अपने उन वादों की चर्चा करे, जो उसने चुनाव जीतने के लिए प्रदेश की जनता से किए हैं. यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मंगलवार को हुई प्रदेश सरकार की कैबिनेट में लिए गए फैसलों को नाकाफी बताते हुए कही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा कि प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने 39 विषयों पर चर्चा की, लेकिन विडम्बना यह है कि उन विषयों में एक भी वह विषय चर्चा में नहीं आया जो जनाकांक्षाओं को पूरा करने की प्रदेश सरकार की इच्छाशक्ति का परिचय देता. प्रदेश सरकार को सत्ता सम्हाले ढाई साल से ज़्यादा वक़्त हो गया है, और कैबिनेट की जब भी बैठक होती है तो जनता को इस बात की अभिलाषा होती है कि जो वादे करके कांग्रेस की सरकार सत्ता पर क़ाबिज़ हुई है, कहीं-न-कहीं उन वादों के क्रियान्वयन के फ़ैसले लेकर उनको लागू करने की पहल दिखेगी, लेकिन कैबिनेट की बैठक से प्रदेश निराश हुआ है।
उन्होंने अफ़सोस ज़ाहिर करते हुए कहा कि बड़े-बड़े वादे करके सत्ता हासिल करने वाली इस सरकार की कैबिनेट बैठक में उन वादों की चर्चा तक नहीं हुई. पूर्ण शराबबंदी की दिशा में प्रदेश सरकार कैसे आगे बढ़ना चाहती है, उसे पर कोई चर्चा नहीं हुई. इसके अलावा बेरोज़गारी भत्ता का वादा कब पूरा होगा, सरकार यह नहीं बता रही है. जूता पॉलिश, मनरेगा में मज़दूरी कर रहे और कहीं-कहीं भीख मांगकर गुजारा कर रहे चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों को कब नियुक्ति दी जाएगी, युवा-शिक्षित बेरोज़गारों से छल-कपट कर रही प्रदेश सरकार इस पर ख़ामोश बैठी हुई है।
साय ने महिला स्व-सहायता समूहों की कर्ज़माफ़ी करने, नक्सल प्रभावित पंचायतों एक-एक करोड़ रुपए देने, सम्पत्ति कर आधा करने, धान का दो वर्ष का बकाया बोनस देने, 200 फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने जैसे अहम मुद्दों पर कैबिनेट में चर्चा नहीं होने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अब वादाख़िलाफ़ी ही कर रही है. प्रदेश सरकार यदि अपने वादों पर कोई चर्चा तक नहीं करेगी तो वे पूरे कैसे करेगी? साय ने कहा कि इसका मतलब तो यही है कि प्रदेश सरकार अपने वादों से पूरी तरह मुकर गई है और जनापेक्षाओं की कसौटी पर खोटा सिक्का बनकर रह गई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के मारवाड़ी मुक्तिधाम में एक युवक की चुपके से लाश जला दी गई. हत्या के बाद राज छुपाने के लिए 40 हजार रुपए में सौदा किया गया था. बताया जा रहा है कि जीजा-साले ने मिलकर पहले बुआ के बेटे की हत्या की, फिर शव को बोरे में भरकर मुक्तिधाम ले आए. जहां लाश जलाने से पहले जमकर शराब पी और आनन-फानन में शव को जला दिया. स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है ।
आपसी विवाद में उतारा मौत के घाट
जानकारी के मुताबिक पेशे से डॉक्टर वेदकरण साहू और टीकाराम साहू का बुआ के बेटे कमलेश साहू से पुराना विवाद था. कमलेश साहू आदतन नशेड़ी था. वो पिछले दिनों से नशा कर अपनी पत्नी से विवाद करता था. जिसके चलते आरोपी वेदकरण साहू और टीकाराम साहू का इनसे विवाद होता रहता था. इसलिए दोनों ने उसे मारने की प्लानिंग बनाई. बीती रात कमलेश को बुलाकर एक नए मकान में ले गए, जहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी ।
राज छुपाने की थी तैयारी
दोनों आरोपी ने हत्या के बाद मंदिर हसौद के ही रहने वाले रवि साहू, जो कि मारवाड़ी श्मशानघाट में देखरेख का काम करता है. उससे मुक्तिधाम में लाश जलाने के लिए 40 हजार रुपए में सौदा कर लिया. आज सुबह वेदकरण और टीकाराम शव को बोरे में भरकर मुक्तिधाम पहुंच गए, जहां उसे जलाने की तैयारी थी. लेकिन उससे पहले तीनों ने मिलकर जमकर शराब पी, फिर शव को जला दिया. लेकिन उनकी यह हरकत स्थानीय लोगों को संदिग्ध लगी और पुलिस को सूचना दे दी ।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी सूचना
शहर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के मारवाड़ी शमशान घाट पर संदिग्ध रूप से अज्ञात लाश जलाने की सूचना मिली. मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के रहने वाले आरोपी टीका राम साहू और वेद करण साहू अपने चार पहिया वाहन में बोरे में लाश भरकर पहुंचे थे. मामला संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अधजलि शव बरामद किया ।
तीन आरोपी गिरफ्तार
एएसपी ने आगे बताया कि आरोपियों ने मारवाड़ी श्मशानघाट का देखरेख करने वाले रवि साहू के साथ मिलकर लाश को जलाने की प्लानिंग बनाई थी. प्रारंभिक पूछताछ में कमलेश साहू की हत्या करना स्वीकार किया है. आरोपी टीकाराम साहू, वेदकरण साहू और रवि साहू मंदिरहसौद इलाके के रहने वाले हैं. तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है ।

panchayattantra24.com,रायपुर । राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य में खरीदे गए अतिशेष धान की नीलामी के माध्यम से विक्रय के लिए गठित मंत्रिमंडलीय उपसमिति की बैठक में अतिशेष धान की नीलामी में प्राप्त दरों पर चर्चा की गई। बैठक में अधिकतम दरों का अनुमोदन किया गया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में आज वर्चुअल माध्यम से मंत्रिमंडलीय उपसमिति की बैठक हुई। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा अतिशेष धान के लॉट की नीलामी में प्राप्त अधिकतम दर के अनुमोदन हेतु धान खरीदी एवं कस्टम मिलिंग की नीति की समीक्षा हेतु मंत्रिमंडलीय उपसमिति का गठन किया गया था। इस उपसमिति में कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम और उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल शामिल हैं।
मंत्रिमंडलीय उपसमिति की वर्चुअल बैठक में 74 हज़ार 85 क्विंटल मोटे धान और 12 हजार 989 क्विंटल पतले धान हेतु नीलामी में प्राप्त दरों पर चर्चा कर उसका अनुमोदन किया गया। शेष 47 हजार 994 टन मोटे धान के लिये 1350 रूपए या उससे अधिक एवं 9445 क्विंटल पतले धान के लिये 1400 रूपए या उससे अधिक की दरों का अनुमोदन किया गया। साथ ही 11 हजार 789 क्विंटल पतले धान के लिये 1350 रूपए व उससे अधिक की दर का भी अनुमोदन मंत्रिमंडलीय उपसमिति द्वारा किया गया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा पर्व पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है. उन्होंने कहा कि यह पर्व ईश्वर के प्रति समर्पण एवं त्याग का प्रतीक है. इससे ईश्वर के प्रति प्रेम और समाज में भाईचारा एवं एकजुटता की भावना बढ़ती है।
भूपेश बघेल ने कहा कि परस्पर सद्भाव, एकता व भाईचारे की गौरवशाली परंपरा के अनुसार हम सब ईद-उल-अजहा पर्व मनाएं. साथ ही पर्व मनाते समय कोरोना गाइडलाइन का पालन करना भी हमारा दायित्व है।

panchayattantra24.com,रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज शाम अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर द्वारा आयोजित वर्ष 2020-21 की उत्तर मध्यमा प्रथम एवं द्वितीय वर्ष (कक्षा 11वीं और 12वीं) का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया। सत्र 2020-21 की मुख्य परीक्षा कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए छात्रों को घरों में प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिका प्रदाय कर परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। मंत्री डॉ.टेकाम ने उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् आगामी शिक्षण सत्र से रोजगार मूलक पांच डिप्लोमा पाठ्यक्रम-पौराहित्यम् (पुरोहिती), आयुर्वेद, योगदर्शनम्, प्रवचनम् और ज्योतिष शास्त्रम् शुरू करेगा। इस संबंध में संस्कृत विद्यामण्डलम् को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश 11 जून 2021 को संस्कृत विद्यामण्डलम् द्वारा आयोजित कक्षा 9वीं पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष और कक्षा 10वीं पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित करते समय दिए गए थे। संस्कृत विद्यामण्डलम् के सचिव श्री राजेश कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल शिक्षा मंत्री के निर्देश पर पांचों डिप्लोमा का पाठ्यक्रम तैयार कर परीक्षण हेतु राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् को भेजा गया है। परीक्षण उपरांत पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की अनुमति के लिए राज्य शासन को भेजा जाएगा।
संस्कृत विद्यामण्डलम् द्वारा आयोजित कक्षा 11वीं उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष की परीक्षा में कुल 814 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिसमें 499 बालक और 315 बालिकाएं हैं। इसी प्रकार कक्षा 12वीं उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष की परीक्षा में कुल 629 विद्यार्थी शामिल हुए, इनमें 367 बालक और 262 बालिकाएं हैं। सभी विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा। कक्षा 12वीं की परीक्षा में 479 बालक एवं बालिकाएं प्रथम श्रेणी, 150 बालक और बालिकाएं द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। सर्वाधिक अंक 94.07 प्रतिशत रहा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् के सचिव श्री राजेश कुमार सिंह, सहायक संचालक श्रीमती पूर्णिमा पाण्डेय, श्री लक्ष्मण प्रसाद साहू, दुग्धाधारी मठ के प्राचार्य श्री कृष्ण वल्लभ शर्मा सहित संस्कृत विद्यामण्डलम् के अधिकारी भी उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर । छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री सुशील सन्नी अग्रवाल ने श्रम मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया से मुलाकात की। श्री अग्रवाल ने मंडल के अध्यक्ष बनाये जाने पर आभार व्यक्त किया, वहीं मंत्री डॉ डहरिया ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रमिकों के हित में किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों को आगे भी संचालित करने और गरीबों और श्रमिकों के साथ सदैव खड़े रहने कहा।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं बोर्ड के लिए असाइनमेंट जारी कर दिया है. बोर्ड ने हिंदी, अंग्रेज़ी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, गणित और संस्कृत विषय के लिए असाइनमेंट जारी किया है।
छात्रों को प्रति विषय प्रतिमाह के हिसाब से 6 असाइनमेंट करना होगा. अगस्त से जनवरी तक असाइनमेंट करना होगा. पाठ्यक्रम 30 प्रतिशत कोर्स कटौती के बाद तैयार किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव वी के गोयल ने कहा कि परीक्षा नहीं होने की स्थिति पर असाइनमेंट के आधार पर ही परिणाम जारी किया जाएगा. दोनों ही स्थिति के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल तैयारी कर रही है।
बता दें कि स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम ने कहा कि प्रदेश बंद है. ऐसे में मोहल्ला क्लास से पढ़ाई जारी है, लेकिन पढ़ाई के लिए पाठ्यक्रम अनुरूप जितना समय चाहिए उतना कोरोना के वजह से विद्यार्थियों को नहीं मिल पा रहा है इसलिए परिस्थिति को देखते पाठ्यक्रम में 30 प्रतिशत की कटौती की गई है।
मंत्री ने कहा कि परीक्षा के समय यदि कोरोना का प्रकोप रहा तो इसके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था कर ली गई. अगस्त से जनवरी तक सभी 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को सभी विषय में असाइनमेंट दिया जाएगा. असाइऩमेंट देने के बाद जमा करने के लिए समय निर्धारित किया जाएगा. विद्यार्थी अपने असाइनमेंट को स्कूल में जमा करेंगे।
देखिए सभी विषय का असाइनमेंट-





panchayattantra24.com,रायपुर । राजधानी रायपुर के गोलबाजार थाने के पीछे चंद कदम दूर चाकूबाजी का मामला सामने आया है। जहां युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही पुलिस के सामने ही युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इधर मृतक युवक की पहचान भोला तांडी (21) निवासी कैलाशपुरी मारवाड़ी मुक्तिधाम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गोलबाजार थाना पुलिस टीम और साइबर टीम ने आरोपित की धरपकड़ के लिए घटना स्थल के आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर आरोपित की पहचान की। वहीं देर रात को ही पुलिस ने आरोपित मेराज कुरैशी को गिरफ्तार किया। जब वारदात हुई उस समय लगभग सभी दुकानें खुली थीं, घटना के बाद दहशत में दुकानें बंद कर चले गए। पुलिस ने उन्हें बुलवाया और दुकान खुलवाकर सीसीटीवी फूटेच की जांच की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मामला गोलबाजार थाने के पीछे का है। जहां दो युवकों के बीच नशे के सामान को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद एक युवक ने भोला तांडी नामक युवक पर चाकू से उसकी गर्दन पर वार किया, जिसके तुरंत बाद लहूलुहान युवक थाने पहुंचा। जहां पेट्रोलिंग पार्टी उसे इलाज के लिए आंबेडकर अस्पताल लेकर निकली, लेकिन रास्ते पर ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही आरोपित फरार है। घटना के वक्त काफी चहल-पहल थी, पुलिस दुकानदारों से भी पूछताछ में जुटी है।
वाइटनर का नशे के रूप में उपयोग कर रहे युवा
पुलिस ने बताया कि आरोपित से पूछताछ में पता चला कि हत्या की वजह मामूली विवाद बना है। आरोपित ने बताया कि वह और मृतक भोला तांडी वाइटनर खरीदने के लिए आए थे। इस दौरान विवाद हुआ। मालूम हो कि वाइटनर का उपयोग नशे के रूप में युवा करने लगे हैं। आरोपित मेराज ने अपने पास रखे चाकू से भोला के गर्दन में घोंप दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

panchayattantra24.com,रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने भले ही ये कहा है कि स्कूल खोलने पर विचार नहीं किया जा रहा है. बच्चों की सुरक्षा ही हमारी पहली प्राथमिकता है, लेकिन रायपुर के शासकीय स्कूल में ऐसा लग रहा मानो स्कूल ही खोल दिये गए हैं. यहां बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
रायपुरा के शासकीय स्कूल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जहां बच्चे भीड़ बनाए हुए नजर आ रहे हैं, ना तो बच्चों ने मास्क लगाया है और ना ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है. या यूं कहे कि यहां पर मोहल्ला क्लास के नाम पर स्कूल ही खोल दिए गए है, वो भी तब जब विशेषज्ञों ने ये चिंता जाहिर की है कि कोरोना की तीसरी लहर का खतरा सबसे ज्यादा बच्चों को होगा।
इस मामले में जब हमने स्कूल की प्रधान पाठक लक्की शुक्ला से बात की तो उन्होंने कहा कि पालक रुझान दिखा रहे कि उनके बच्चों की पढ़ाई ना छूटे, इसलिए मोहल्ला क्लास में ज्यादा बच्चे आ रहे हैं. यहां कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरीके से पालन कराया जा रहा है, जिन बच्चों ने मास्क नहीं लगाया है. उन्हें मास्क भी दिया जा रहा है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में बारिश नहीं होने से किसान काफी चिंतित है. खेतों में दरारें आ गई है. वहीं मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. मौसम विभाग ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आज से तीन-चार दिनों तक बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बारिश की चेतावनी देते हुए कहा कि मानसून द्रोणिका गंगानगर, नारनौल, ग्वालियर, चरक, गया, बहरामपुर और उसके बाद पूर्व की ओर मणिपुर तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है. एक पूरब पश्चिम शियर जोन 17 डिग्री उत्तर में 4.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है. इस वजह से प्रदेश में आज अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा भारी वर्षा होने की संभावना है. रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में ज्यादा बारिश होने की संभावना है. प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।