Browsing: रायपुर

   
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और छत्तीसगढ़ में किसान सत्याग्रह के प्रणेता बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की 18 जुलाई को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के योगदान को याद करते हुए श्री बघेल ने कहा कि ‘बाबू साहेब‘ दृढ़ता और संकल्प के प्रतीक थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में सामाजिक जन-जागरण और स्वतंत्रता आंदोलन की अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में शोषण और अन्याय के विरूद्ध किसानों ने ‘कंडेल नहर सत्याग्रह‘ किया। छत्तीसगढ़ में संगठित जनशक्ति का यह अभूतपूर्व प्रदर्शन था। मुख्यमंत्री ने कहा कि माटीपुत्र बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव के विचार मूल्य हमारी धरोहर हैं, जो हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने गोधन न्याय योजना के संबंध में भ्रम फैलाने और गुमराह करने का कड़ा प्रतिवाद किया है। शैलेश ने कहा है कि रमन सिंह को खेती, किसानी, गांव, गरीबों की समझ ही नहीं है। वे गोबर और वर्मी कम्पोस्ट में अंतर ही नहीं समझ पा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में देश में सबसे अच्छा वर्मी कम्पोस्ट किसानों को दिया जा रहा है। वर्मी कम्पोस्ट के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का बयान गोपालक गौठान समूह में कार्यरत किसान मजदूर और महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत का अपमान है। रमन सिंह को न कभी गांव, गरीबों, मजदूरों, किसानों गौपालकों की चिंता रही है और न वे छत्तीसगढ़ की संस्कृति, छत्तीसगढ़ की परंपरा, रीति रिवाज और खेती किसानी को समझते हैं। रमन सिंह को तो यह भी नहीं पता कि गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनता कैसे हैं? वर्मी कम्पोस्ट बनाने की प्रक्रिया क्या है? गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनने में क्या-क्या बदलाव होते हैं और यह वर्मी कम्पोस्ट खेतों में जाकर क्या काम करता है, अगर रमन सिंह में यह समझ होती तो वे वर्मी कम्पोस्ट के खिलाफ ऐसा गलत एवं तथ्यहीन बयान जारी नहीं करते। छत्तीसगढ़ आर्गेनिक खेती की ओर बढ़ रहा है तो भाजपा और रमन सिंह को तकलीफ क्यों हो रही है। 
 
 
 
 
 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार को कोवैक्सीन की खेप पहुंची है। यह जानकारी एयरपोर्ट के निदेशक राकेश रंजन सहाय ने दी है। उन्होंने बताया है कि हैदराबाद से रायपुर पहुंची फ्लाइट से 7 बॉक्स कोवैक्सीन के उतारे गए हैं। बता दें कि गत दिनों ही लगातार कोविशील्ड वैक्सीन की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ को मिली थी। इससे टीकाकरण की रफ्तार तेज होगी।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस ने निगम-मंडल, बोर्ड में नियुक्तियों की एक के बाद एक तीन सूची जारी की है। जिसमें आला नेताओं की नियुक्ति कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में थोड़ी नाराजगी भी सामने आई है। इसे लेकर पीसीसी चीफ ने कहा कि अभी कई नियुक्तियों की सूची जारी होगी। ऐसे में जिन लोगों को मौका नहीं मिला उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं। निगम-मंडल में जगह नहीं मिलने वालों को एडजस्ट करेंगे। हम नाराज नेताओं से चर्चा कर उन्हें संतुष्ट करेंगे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर । बारिश के मौसम में हैजा, पीलिया का प्रकोप कई क्षेत्रों में देखने को मिलता है। रायपुर जिले में आरंग, अभनपुर, नयापारा और रायपुर शहर की पुरानी बस्ती, खपराभट्ठी क्षेत्र फाइलेरिया रोग के लिए संवेदनशील माना जाता है। इसी को देखते हुए राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लिम्फेटिक फाइलेरिया उन्मूलन और कृमि मुक्ति दिवस के लिए 19 से 24 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने विगत दिनों रेडक्रास सभाकक्ष रायपुर में अंतर्विभागीय जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक रायपुर ली। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, नगर निगम, इंडियन मेडिकल एसोेसिएशन, एनजीओ के प्रतिनिधि, मितानिन, समन्वयक शामिल हुए।
यह एक परजीवी द्वारा होने वाला रोग है
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विमल किशोर राय ने एमडीए प्रोग्राम एवं लिम्फेटिक फाइलेरिसिस के बारे में बताया कि यह एक परजीवी द्वारा होने वाला रोग है। यह लिम्फेटिक फाइलेरिएसिस वाउचेरेरिया बैंक्रपटाई और बुरजिया मलाई नामक निमेटोड के कारण होता है। नर और मादा परजीवी मनुष्य के लिम्फनोड में रहते हैं, जहां पर मादा हजारों की संख्या में माइक्रोफाइलेरिया उत्पन्न करती हैं।
इस तरह के दवाई खाने की तैयारी
अभियान के तहत दवा खाने योग्य जनसंख्या को आयु के अनुसार, डीईसी और अल्बेंडाजाल की दवाई खिलाई जाएगी। आयु के अनुसार दो से पांच वर्ष के बच्चों को डीईसी की एक टेबलेट, छह से 14 वर्ष बच्चों को दो टेबलेट और 15 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों को तीन टेबलेट और इन सभी आयु वर्ग के लोगों को अल्बेंडाजाल की एक-एक टेबलेट दी जाएगी।
वहीं, यह टेबलेट गर्भवती महिला, दो वर्ष से छोटे बच्चों और अत्यंत वृद्ध व्यक्ति, जो गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं, उन्हें नहीं दी जाएगी। रायपुर जिले में दवा खाने योग्य जनसंख्या 2,41,826 का लक्ष्य रखा गया हैं। इसके लिए 8,124 टीम लगाई गई है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। रायपुर में अब दुकानें रात 10 बजे तक खुलेंगी। शुक्रवार को जिला प्रशासन एक बड़ी राहत देते हुए राजधानी रायपुर में नाइट कर्फ्यू खत्म कर दिया। इसके अनुसार अब रोजाना दुकानें रात्रि 10 बजे तक खुलेंगी। अब तक दुकान खोलने की अनुमति रात आठ बजे तक थी। व्यापारिक संगठनों द्वारा लगातार राहत देने की मांग भी की जा रही थी। इस प्रकार बाजार व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ शापिंग माल, होटल व अन्य प्रतिष्ठान भी रात्रि 10 बजे तक खुल सकते हैं।
सप्ताहांत होने के दिन यह छूट मिलने से उम्मीद है कि एमजी रोड, मरीन ड्राइव, मोतीबाग, बैजनाथपारा, मालवीय रोड, गोलबाजार सहित शहर के सभी बाजार रात में भी गुलजार रहेंगे। इस तरह से 98 दिनों के बाद एक बार फिर रायपुर पुरानी रफ्तार से दौड़ेगा।
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अमर पारवानी ने कहा कि व्यापार की रफ्तार बढ़ाने इस प्रकार से नियमों में छूट देना जरूरी है। इन दिनों चैंबर व कैट दोनों की व्यापारियों व उनके परिवार, कर्मचारियों के वैक्सीनेशन के लिए भी जूटा हुआ है। सभी को वैक्सीन लगाने के साथ ही नियमों का पालन करना चाहिए।
नियमों का करना होगा पालन
जिला प्रशासन का कहना है कि लेकिन व्यापारियों व आम उपभोक्ताओं को कोरोना नियमों का पालन करना होगा। मास्क पहनने के साथ ही शारीरिक दूरी बनाए रखना जरूरी है। बताते चलें कि कोरोना की दूसरी लहर आने के बाद नौ अप्रैल को छत्तीसगढ़ में संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया था। जो करीब दो महीने तक चला था और एक जून से रायपुर को अनलॉक करने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी।

 

panchayattantra24.com,रायपुर। मरीजों को समय पर हॉस्पिटल में भर्ती कराकर उन्हें नया जीवन देने में मदद करने वाली 108 संजीवनी एक्सप्रेस  के पहिये राजधानी रायपुर में थम सकते है. ऐसा इसलिए क्योंकि 108 का संचालन करने वाले प्रबंधन पर स्टॉफ ने गंभीर आरोप लगाए है और इसके लिए वे एंबुलेंस सेवाएं बंद कर अपने ही दफ्तर के घेराव की तैयारी में है। 
108 संजीवनी एक्सप्रेस में अपनी सेवाएं देने वाले कर्मचारियों ने लल्लूराम डॉट कॉम से उनके हक उठाने की मांग की है. स्टॉफ का कहना है कि प्रबंधन 3 महीने रोजाना 12-12 घंटे काम कराने के बाद उन्हें सैलरी नहीं देता है और सैलरी आती भी है तो 1 महीने की। 
स्टॉफ ने दावा किया कि पिछले 3 महीनों से उन्हें सैलरी नहीं मिली है. जिसके कारण उन्हें अपना घर चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
स्टॉफ ने ये भी दावा किया कि कंपनी ज्वाईनिंग लेटर में सैलरी (Salary) कुछ और दर्शाकर अकाउंट में सैलरी कम डालती है. नियम विरूद्ध 12 घंटे काम करवाने के बाद उन्हें महज 7-11 हजार रुपए तक की ही सैलरी मिल रही है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। भाजपा सह प्रभारी नितिन नवीन आज रायपुर पहुंचे. वे यहां भाजपा की मैराथन बैठक में शामिल होंगे. सह प्रभारी नवीन महामंत्री, प्रभारियों, प्रकोष्ठों व विभागों के संयोजकों, सह संयोजकों की बैठक लेंगे. इसमें पिछली बैठक के टॉस्क की समीक्षा होगी और आगामी 3 महीने के लिए नया टास्क दिया जाएगा। 
प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी शामिल होंगे. इसके साथ ही भाजयुमो में बची हुई नियुक्ति को लेकर अध्यक्ष और प्रभारी से चर्चा करेंगे। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ ने कृषि विकास के क्षेत्र में एक बार फिर अपना परचम फहराया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्विद्यालय के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया को भारत सरकार द्वारा देश के सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केंद्र के रूप में पुरस्कृत किया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया को छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरवा और बाड़ी के प्रभावी क्रियान्वयन और कृषकों में उद्यमिता विकास के लिए सम्मानित किया गया है।
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के 93वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कृषि भवन नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया को कृषि विज्ञान केंद्र पिपराकोठी, बिहार, कृषि विज्ञान केंद्र कलबुर्गी, कर्नाटक और कृषि विज्ञान केंद्र धार, मध्यप्रदेश के साथ देश भर में संचालित 722 कृषि विज्ञान केंद्रों में सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केंद्र के रूप में कृषि विज्ञान राष्ट्रीय प्रोत्साहन पुरस्कार-2020 से सम्मानित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय पशुधन विकास मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला, कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी और शोभा करंदलाजे, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्रा, उपमहानिदेशक डॉ. एके सिंह उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ शासन की कृषि उत्पादन आयुक्त एम. गीता, कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान जबलपुर के निदेशक डॉ. एसआरके सिंह, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके पाटिल एवं निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एससी मुखर्जी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।
कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. रंजीत सिंह राजपूत ने यह पुरस्कार वर्चुअल माध्यम से ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्रों को चौथी बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। इसके पूर्व कृषि विज्ञान केंद्र बस्तर, कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा और कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।
इसलिए मिला सम्मान
कृषि विज्ञान केंद्र, कोरिया को यह सम्मान छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरवा और बाड़ी के प्रभावी क्रियान्वयन, कृषकों को संगठित कर किसान उत्पादक संगठन (कोरिया एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड) की स्थापना, जिले में 55 एकड़ में गौठान ग्रामों में चारागाह विकास कार्यक्रम, नवोन्मेषी कृषि, उद्यानिकी एवं संबंधित गतिविधियों में सिंदूर हर्बल पावडर, लेमनग्रास चायपत्ती, शकरकंद आटा, हल्दी, नीलगिरी एवं सौंफ की पत्तियों व टहनियों से सगंध तेल निष्कासन एवं गौठान ग्रामों में सौंफ की खेती का सफल प्रदर्शन, शहद उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए आदिवासी कृषकों का समूह बनाकर मधुमक्खी पालन एवं दलहन तथा तिलहन फसलों की उन्नत प्रजातियों का कल्स्टर प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न फसलों के प्रसंस्करण एवं विपणन आदि नवोन्मेषी कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया है।

panchayattantra24.com,रायपुर । भाजपा दीनदयाल उपाध्याय नगर मंडल ने जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, उपाध्यक्ष आशु चंद्रवंशी, महामंत्री रमेश सिंह ठाकुर और मंडल अध्यक्ष अनिल सोनकर के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शुुक्रवार को प्रदर्शन किया। पूर्व में भाजपा ने ज्ञापन सौंपकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के अंतर्गत आने वाले माधव राव स्प्रे वार्ड रायपुरा में स्थित गिरिजाशंकर मिश्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रचार्या के खिलाफ छात्रों से अवैध रूप से शुल्क वसूली की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की थी।
विभागीय जांच में प्राचार्य रितु सुरंगे के खिलाफ छात्रों से अवैध शुल्क वसूली की शिकायत सही पाई गई। मगर, आज तक दोषी प्राचार्य के खिलाफ सत्ता पक्ष के नेताओं का संरक्षण होने के कारण कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इसके विरोध में पालको के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने रायपुरा चौक में प्रतीकात्मक भीख मांग कर जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन कर चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर छात्रों से वसूले गए पैसे वापस किए जाएं और भ्रष्टाचारी प्रचार्य को बर्खास्त किया जाए।
ऐसा नहीं करने पर भाजपा कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे और इस विषय को लेकर शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, जिला महामंत्री रमेश सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष आशु चंद्रवंशी, मंडल अध्यक्ष अनिल सोनकर, महामंत्री संजय सिंह, राजू श्रीवास, राजू गोस्वामी, जितेन ठाकुर, महेंद्र अवसर, गणेश चक्रधारी, दिनेश चक्रधारी, सीके साहू युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शुभंकर द्विवेदी, विभोर शुक्ला, आशीष विश्वकर्मा, शरद राठौड़, लक्ष्मण दास मानिकपुरी, प्रताप जल छतरी, महिला मोर्चा से श्रद्धा मिश्रा, हर्षिता लांजेवर ,पुष्पा राठौड़, अंकिता देवांगन सहित मंडल के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।