Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने आरंग मुख्यालय में नगर पालिका परिषद अंतर्गत 7 करोड़ 34 लाख 74 हजार रुपए की लागत से वार्डों में जल आवर्धन योजनांतर्गत पाइप लाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मंत्री डॉ डहरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश भर में पेयजल की समस्या को दूर करने और घर-घर नल कनेक्शन के साथ पानी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में भी पेयजलापूर्ति के लिए नल कनेक्शन दी जा रही है। आरंग में पाइप लाइन विस्तार कार्य के साथ ही सभी वार्डों में लोगों को पानी मिलेगा।
मंत्री डॉ डहरिया ने आगे कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। बिजली,पानी सड़क, सामुदायिक भवन, शौचालय, उद्यान, सौंदर्यीकरण सहित महत्वपूर्ण भवन उपलब्ध कराने के साथ अधोसंरचना विकास की दिशा में ध्यान दिया जा रहा है। नगरीय निकायों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पाइप लाइन विस्तार का कार्य पूरा होने के साथ सबकों समय पर पानी मिलेगा। उन्होंने बताया कि विगत ढाई साल में प्रदेश को टैंकर मुक्त बनाने में बड़ी सफलता मिली है। कुछ स्थान शेष है वह भी टैंकर मुक्त हो जाएगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष श्री खिलेश्वर देवांगन, श्री कोमल साहू, पार्षदगण, एल्डरमेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिकगण उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोनाकाल में महंगाई ने सभी लोगों की कमर तोड़ दी है. ऐसे में छोटे-बड़े मॉल ग्राहक को लुभावना ऑफर के बहाने ठगने का काम कर रहे हैं. सेल प्राइस में कम कीमत लिखकर बिल ज्यादा का निकाला जा रहा है. ग्राहक जब घर में आकर बिल चेक करते हैं तब उनको पता चलता है कि कैसे मॉल वाले उनके साथ धोखाधड़ी की है. राजधानी रायपुर के आमापारा स्थित विशाल मेगा मार्ट में भी धोखाधड़ी का खेल चल रहा है. साबुन से लेकर हैंडवाश की मांग कोरोनाकाल में बढ़ गई है।
ऐसे में यहां एक सामान में 10 रुपए से लेकर 50 रुपए या उससे भी अधिक की डंडी मारी जा रही है. इस डंडी मारने और ग्राहकों से ठकी करने का प्रमाण मौजूद है।
एक ग्राहक ने बताया कि गोदरेज साबुन का एक सेट को सेल प्राइस 98 लिखकर 113 रुपए का बिल बनाकर वसूली की जा रही है. मतलब एक सेट में ग्राहक का 15 रुपए का नुकसान हो रहा है. ऐसे ही संतूर हैंडवाश 750 मिली पाउच की सेल प्राइस 89 रुपए बताकर 99 रुपए का बिल काटा जा रहा है. इस प्रकार इसमें भी 10 रुपए की चपत लगाई जा रही है।
एक ग्राहक ने बताया कि उन्होंने बुधवार को जल्दबाजी में सेल प्राइस देखकर गोदरेज साबुन चार नग के दो सेट खरीदा और संतूर हैंडवाश पाउच 750 मिली दो नग खरीदा. जब घर में आकर बिल चेक किया तो पता चला कि करीब 50 रुपए अधिक जोड़ दिया गया है. अगले दिन गुरुवार को ग्राहक इस बात की शिकायत करने के लिए बिल लेकर विशाल मेगा मार्ट पहुंचे. जब वे काउंटर पर गए तो उनकी बात कोई नहीं सुनी. ग्राहक कई घंटे तक खड़े रहे. इसके बाद उन्हें विशाल मेगामार्ट के कर्मचारी रोशन साहू से मिलाया गया. ग्राहक ने इस बात की शिकायत रोशन साहू से की. इस पर कर्मचारी भड़क गए और कहने लगे पैसे वापस नहीं देंगे, जो करना है कर लो. कोई कुछ नहीं कर सकता. इस पर ग्राहक मायूस होकर घर लौट गए।
इसी प्रकार एक ग्राहक ने बताया कि उनके साथ एक बार ही नहीं, बल्कि ऐसा कई बार हो चुका है. सेल प्राइस और यहां तक मैक्सिमम प्राइस से भी ज्यादा का बिल बनाया गया है. इसलिए अब विशाल मेगामार्ट में खरीदना बंद कर दिए हैं. ऐसे ही एक और कस्टमर ने बताया कि उसके साथ ऐसा तीन-चार बार हो चुका है. कीमत से ज्यादा बिल बनाया जाता है. इसलिए यहां बहुत ही कम खरीदते हैं. कभी खरीदना होता है तो वहीं बिल और सामान को मिला लेते हैं. इस प्रकार राजधानी रायपुर में चीजों की कीमत से ज्यादा पैसे वसूली की जा रही है. कस्टमरों से धोखाधड़ी की जा रही है. जब कोई ग्राहक विशाल मेगामार्ट शिकायत करने पहुंचते हैं तो उनकी बात भी नहीं सुनी जा रही है. उल्टा ग्राहक को डांट कर भगा दिया जा रहा है।

panchayattantra24.com,रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मीडिया प्रमुख, मध्य प्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व उप महापौर और वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से पिथौरा में वर्ष 2006 के दंगे का हवाला देते हुए बताया कि उक्त दंगे में उन्मादी असामाजिक तत्वों ने पूरे शहर में आतंक का ताण्डव मचाया था, जिसमें हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई समाज की दुकानों, घरों तथा मस्जिद को भी क्षति पहुंचाई गई थी। तत्कालीन कलेक्टर महासमुन्द एसके तिवारी ने शासन के निर्देश पर दंगे में हुई क्षति का ब्यौरा देते हुए लगभग 42 लाख 92 हजार की अनुमानित क्षति का आंकलन किया था।
पिथौरा पुलिस थाना में खड़े वाहनों को जला दिया गया था जिसकी नुकसानी राशि 14 लाख नौ हजार रूपए बताई गई थी। रिजवी ने कहा है कि उस समय कलेक्टर द्वारा तात्कालिक अनुदान सहायता मात्र एक लाख आठ हजार रूपए प्रभावित व्यक्तियों को दिए गए थे जो ऊंट के मुंह में जीरे के समान था। भाजपा शासनकाल में प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल केएम सेठ एवं मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का ध्यान कई बार आकर्षित कराया गया था।
भाजपा सरकार में कोई सकारात्मक पहल नहीं की और प्रभावितों को दी जाने वाली शेष क्षतिपूर्ति राशि आज तक अप्राप्त है। रिजवी ने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ध्यान आकर्षित करते कहा है कि विगत 15 वर्षों से क्षतिपूर्ति की शेष राशि का भुगतान कर प्रभावित दंगा पीड़ितों के जख्मों पर मलहम लगाते हुए उक्त शेष राशि का भुगतान अविलम्ब आवंटित करने का कष्ट करें।

panchayattantra24.com,रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए चोरी मामले में पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने डीडी नगर स्थित सूने मकान में लाखों की चोरी कर रफूचक्कर हो गए थे। पुलिस ने दो आरोपितों मास्टर माइंड निगरानी बदमाश अमनदीप उर्फ बोनी और राहुल सोनी को गिरफ्तार किया है। मामले का राजफाश करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पिछले दिनों डीडी नगर इलाके के श्रद्धा चौक स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी वारदात हुई थी।
पुलिस ने चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरी वारदात में एक नाबालिग भी शामिल था। मुख्य आरोपी अमन दीप उर्फ बोनी और राहुल सोनी को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पैरोल में छूटे नाबालिग लड़के को वापस बाल सुधारगृह भेजा चुका है। इस प्रकरण में पुलिस उसे भी बुलाकर पूछताछ करेगी।
आरोपियों के कब्जे से 16 हजार नगदी समेत सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। जब्त मशरूका की कीमत एक लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। जानकारी के मुताबिक मुख्य आरोपित अमनदीप उर्फ बोनी पूर्व में भी कई प्रकरण में जेल जा चुका है।
तीनों ही आरोपियों ने चोरी कर पैसे को आपस में बंटवारा कर लिया था, लेकिन पुलिस ने चोरों को धर दबोचा। प्रार्थी मोटर और मशीन का काम करता है। अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित रिश्तेदार के घर पचपेढ़ी नाका रायपुर गए थे, तभी चोरों ने हाथ साफ किया था।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी में गुरुवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गांधी उद्यान गार्डन में घुस गई. जिससे गार्डन की दीवार टूट गई और कार के परखच्चे उड़ गए. इस कार में दो युवक और दो युवती सवार थे. जिनके घायल होने की जानकारी है, लेकिन खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. घटना सिविल लाइन थाना इलाके का है।
गार्डन में रहती है लोगों की भीड़
दरअसल शंकर नगर स्थित गांधी उद्यान गार्डन में सुबह-सुबह काफी भीड़ रहती है. सेहतमंद रहने के लिए लोग बड़ी संख्या में योग और एक्सरसाइज करने के लिए पहुंचते हैं. जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त भी गार्डन में भीड़ थी. लेकिन गनीमत रही कि गार्डन में मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है. एक बड़ी घटना होने से टल गई।
महाराष्ट्र पासिंग की है कार
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र पासिंग की कार एमएच 03 एएम 7064 काफी तेज रफ्तार में थी. ड्राइवर ने स्टेरिंग से अपना नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे लगे गार्डन से टकरा गई. हादसे में गार्डन की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है. कार के सामने के हिस्से की भी परखच्चे उड़ गए हैं. हादसे में युवक-युवती घायल हो गए हैं, लेकिन खतरे से बाहर है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या देखा ?
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि करीब 7 बजे की घटना है. हमने देखा कि तेज रफ्तार कार गांधी उद्यान से टकरा गई. कार में 4 लोग सवार थे. उनकी हालत अभी स्वस्थ बताई जा रही है. गार्डन में टहल रहे लोगों के साथ बड़ा हादसा होने से टल गया. हालांकि अभी इस मामले में पुलिस से कुछ भी जानकारी नहीं मिल पाई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र बीरगांव वार्ड नंबर 22 में स्थित शीतला माता के चरणों में बना शीतला घाट का स्वरूप 39 लाख रुपए की लागत से शीघ्र बदलेगा। अवगत हो कि अपनी लगातार मूलभूत सुविधाओं के लिए औद्योगिक क्षेत्र के निवासरत लोग जहां लगातार जूझते आ रहे हैं। वहीं वार्ड नंबर 22 में स्थित शीतला घाट जहां तमाम सामाजिक आयोजन के साथ-साथ लोगों का आस्था का केंद्र है।
इसलिए लोग यहां का जल माता शीतला के चरणों में अर्पित करने के साथ ही हर समाज के लोग सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन इसी घाट पर करते रहे हैं। परंतु विगत लंबे समय से शासन प्रशासन की उपेक्षा के चलते यह तालाब अपने वजूद खोने की कगार पर पहुंच गया था।
आठ जुलाई को शीतला तालाब की दुर्दशा को लेकर शासन प्रशासन का ध्यान केंद्रित कराया था। जिसके उपरांत विधायक सत्यनारायण शर्मा द्वारा अनुकरणीय पहल करते हुए 39 लाख रुपए की स्वीकृति के साथ ही मौका निरीक्षण कर तालाब का स्वरूप बदलने के लिए घाट के चारों ओर पत्थर, लाइट तथा अन्य कार्यों के लिए नियमानुसार शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया किए जाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश, ताकि लोगों को शीघ्र ही एक आकर्षक तालाब मिल सके।
यह कहना है विधायक का
बीरगांव निगम क्षेत्र के विधायक सत्यनारायन शर्मा ने कहा कि वार्ड नंबर 22 में स्थित शीतला घाट लोगों का आस्था का केंद्र है। मगर, भाजपा सरकार ने कभी भी क्षेत्रवासियों की भावनाओं को नहीं समझा। मैंने स्वयं मौके पर पहुंचकर तालाब का अवलोकन किया। तालाब के सौंदर्यकरण के लिए 39 लाख रुपए के कार्य योजना को साकार रूप देने के लिए निगम अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया करने के निर्देश दिए गए हैं, जो शीघ्र ही पूर्ण कर लिए जाएंगे। लगभग छह माह में इस तालाब का स्वरूप इतना बदल जाएगा कि लोग अपनी शाम बिताने यहां आया करेंगे। मेरा मूल उद्देश्य मेरे क्षेत्र का विकास है तथा मैं अपने क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तत्पर हूं।

panchayattantra24.com,रायपुर। जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम सगुनी में कल फूड प्वाइजनिंग के बाद बीमार हुए नागरिकों के इलाज का कार्य लगातार जारी है । कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने ग्राम सगुनी में बनाए गए चिकित्सा कैंप के साथ-साथ धरसीवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच कर यहां भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
उल्लेखनीय फ़ूड प्वाइजनिंग के बाद 208 मरीजों की ओपीडी जांच की गई और 62 मरीजों को इलाज के लिए विभिन्न चिकित्सालयों में भर्ती किया गया। ग्राम सुगनी में बनाए गए चिकित्सा कैंप में 22 मरीजों को इलाज के लिए भर्ती किया गया । इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरसीवां में 32 मरीजों ,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा में 3 मरीजों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरखूट में 8 मरीजों को भर्ती किया गया । स्वास्थ्य ठीक होने पर खैरखूट के चार मरीजों को चिकित्सालय से छुट्टी दे दी गई है । इन चिकित्सालयों के सभी मरीजों की स्थिति सुधार पर है और सभी खतरे से बाहर है।
कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने मेडिकल कॉलेज रायपुर के विशेषज्ञों को भी इन चिकित्सालयों में पहुंचकर मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के निर्देश दिए है । मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की टीम यहां पहुंच रही है। इसके अलावा इन चिकित्सालयों में चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की अतिरिक्त टीम भी लगाई गई है ।
फूड प्वाइजनिंग के संबंध में फूड और पानी का सैंपल भी लिया गया है। कलेक्टर ने अनुविभागीय दंडाधिकारी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी को भी लगातार स्थिति की निगरानी करने को कहा है । कलेक्टर ने गांव के लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी की भी तबीयत खराब होने की जानकारी मिलती है तो उसे तत्काल चिकित्सालय में लाकर दिखाया जाए तथा उसके स्वास्थ्य की देखभाल की जाए । इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मीरा बघेल के साथ-साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने अपने विधानसभा आरंग मुख्यालय में 11 लाख 39 हजार रुपए से निर्मित पत्रकारिता उपयोगिता भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मौजूद पत्रकारों को उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पत्रकार हमेशा चुनौतियों के बीच काम करते हैं। खासकर ब्लॉक मुख्यालय में कार्य करने वाले पत्रकारों के समक्ष सीमित संसाधनों में रहकर महत्वपूर्ण खबरों का संकलन करना और त्वरित गति से जिला मुख्यालय या मीडिया संस्थान के मुख्य कार्यालय तक समाचारों को प्रेषित करने में अनेक समस्याएं आती है। निर्धारित स्थान तय नहीं होने से यह चुनौती और भी बढ़ जाती है, जिससे न सिर्फ पत्रकारों का कार्य प्रभावित होता है अपितु समाज को सही दिशा प्रदान करने वाली खबरें, जनहित से जुड़ी खबरें समय पर प्रकाशित और प्रसारित नहीं हो पाती है। उन्होंने कहा कि आरंग तेजी से विकसित होता हुआ राजधानी का एक बड़ा ब्लॉक है। यहाँ के अधिकांश लोगों का नाता राजधानी से है। राजधानी में भी आरंग के हजारों लोग निवास करते हैं और राजधानी से प्रकाशित अखबारों और टीवी चौंनल में वे आरंग की खबर को प्रमुखता से देखना चाहते हैं। यहाँ पत्रकारिता के पेशे से जुड़े पत्रकार साथी अपना काम बखूबी कर रहे हैं। मंत्री डॉ डहरिया ने कहा कि आरंग में पत्रकारों के लिए भवन बनने का लाभ उन्हें ही नहीं बल्कि राजधानी में रहने वाले और आरंग के लोगों को भी मिलेगा। सुविधायुक्त भवन में आप सभी का कार्य आसान हो जाएगा और त्वरित गति से समाचार तैयार होकर लोगों को देखने और पढ़ने मिलेगा। मंत्री डॉ डहरिया ने कहा कि पत्रकारों को सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना चाहिए। इससे पत्रकारों की ही पहचान नहीं बढ़ती अपितु उनके इस सृजन का लाभ क्षेत्र को और विकसित बनाने में योगदान देने के साथ समाज को भी आगे बढ़ाने का काम करता है। उन्होंने सभी पत्रकारों को नए भवन के लिए बधाई देते हुए आरंग की विकासगाथा को अपने पत्रकारिता की कलम से गौरवान्वित करने की अपील की। मौके पर उपस्थित पत्रकार संघ के संरक्षक श्री रोशन चंद्राकर,अध्यक्ष श्री रामकुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री पवन साहू,कोषाध्यक्ष श्री विनोद गुप्ता, सचिव श्री टुकेश्वर लोधी और सहसचिव श्री वीरेंद्र वर्मा ने पत्रकारों की मांग पर बहुत कम समय पर भवन बनाकर उपलब्ध कराने पर मंत्री डॉ डहरिया के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर चंद्राकर ने अध्यक्षता की और पत्रकारों के लिए आरंग में भवन बनने पर बधाई दी। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री खिलेश्वर देवांगन,श्री कोमल साहू सहित पार्षद और एल्डरमैन उपस्थित थे। पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री और आरंग विधानसभा के विधायक डॉ. शिवकुमार डहरिया की पहल से बीते ढ़ाई साल में आरंग क्षेत्र की तस्वीर पहले से बहुत बदली हुई नजर आने लगी है। शहर से लेकर गांव तक एक के बाद एक विकास कार्यों की स्वीकृति और कार्यों की पूर्णता से सभी को अनेक सुविधाएं और राहत मिली है। मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क सहित विभिन्न समाजों की आवश्यकताओं को ध्यान रखकर उनके हित में किए जा रहे कार्य से आरंग को एक नई पहचान मिलती जा रही है। मंत्री डॉ. डहरिया के प्रयासों के बाद आरंग विकासखण्ड में नये बने नगर पंचायत समोदा, मंदिर हसौद और चंदखुरी सहित आरंग नगर पालिका परिषद को विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। नए नगर पंचायतों में विकासकार्यों के लिए राशि मिलने से इस क्षेत्र का विकास तेजी से हो सकेगा।
मंत्री डॉ. डहरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश भर में विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है। आरंग विधानसभा रायपुर का महत्वपूर्ण जिला है। यह सौभाग्य है कि प्रदेश में सिर्फ इस क्षेत्र से ही नगर पंचायत समोदा, मंदिर हसौद और चंदखुरी बना है। उन्होंने कहा कि विगत ढाई साल में विभिन्न योजनाओं से अरबों के कार्य स्वीकृत हुए हैं। आने वाले दिनों में विकास कार्यों के साथ आरंग विधानसभा की पहचान बढ़ेगी। नये नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद आरंग को अधोसंरचना विकास कार्य हेतु राशि प्रदान कर कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वामी आत्मानंद हायर सेकेण्डरी स्कूल सहित कई बड़े कार्य हुए स्वीकृत
नगर पालिका परिषद अंतर्गत स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकडरी स्कूल निर्माण कार्य,गौरवपथ में ट्रैफिक साइन, स्पीड ब्रेकर, स्पीड सेंसर, रोड फर्नीचर एवं सी.सी.टी.व्हीकैमरा लगाने का कार्य,एन.एच.से रेल्वे स्टेशन तक एल.ई.डी.स्ट्रीट लाइट का कार्य, राजीव गांधी उद्यान से एन.एच.तक विद्युतीकरण (स्ट्रीट पोल तथा लाइट प्रदाय एवं स्थापना), नरसिम्हा पेट्रोल पंप से नाला तक आर.सी.सी.नाला निर्माण कार्य, राजिम तिगड्डा से अकोली रोड तक आर.सी.सी.नाला निर्माण कार्य, अकोली रोड से एन.एच.नाला तक आर.सी.सी.नाला निर्माण कार्य, बैहार चौक से नरसिम्हा पेट्रोल पंप तक सड़क के दोनों ओर पाथवे निर्माण कार्य, बैहार चौक से नरसिम्हा पेट्रोल पंप तक सड़क के दोनों ओर स्थित शासकीय भवनों के बाउण्ड्रीवाल एवं सडक डिवाइडर में सौंदर्यीकरण कार्य, कलई चौक से कलई रोड गार्डन तक विद्युत पोल विस्तार कार्य, कलई रोड गार्डन से न.पा.सीमा तक विद्युत पोल विस्तार कार्य, छ.ग.रा.वि.वि.क.मर्या. के माध्यम से निकाय के विभिन्न स्थानों में पोल विस्तार तथा ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य, पानी टैंकर 5000 लीटर (4 व्हील) 02 नग सेक्शन एवं डिलीवरी मोटर सहित कार्यों के लिए कुल 6 करोड़ 90 लाख 18 हजार की राशि स्वीकृत दी गई है। इसी तरह नगर पंचायत समोदा में साहू समाज और सतनामी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण कार्य हेतु अलग-अलग 26.19 हजार, नवीन नगर पंचायत कार्यालय भवन हेतु 49.82 लाख, मिनी स्काई लिफ्ट क्रय कार्य हेतु 14 लाख 30 हजार कुल एक करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपए की स्वीकृति मिली है।
नगर पंचायत चंदखुरी में नवीन नगर पंचायत कार्यालय भवन निर्माण राशि 49 लाख 99 हजार, मोहन्दी रोड से नाला तक सीसी रोड निर्माण 49.93 लाख, मिनी स्काई लिफ्ट क्रय कार्य हेतु 14.30 लाख कुल एक करोड़ 14 लाख 22 हजार रुपए की स्वीकृति मिली है।
नगर पंचायत मंदिर हसौद अंतर्गत तहसील कार्यालय से व्यवसायिक परिसर तक सी.सी.रोड मरम्मत कार्य हेतु 7.90 लाख, व्यवसायिक परिसर से जयकारा ट्रेडिग तक सी.सी.रोड निर्माण कार्य हेतु 28 लाख 26 हजार, व्यवसायिक परिसर से जयकारा ट्रेडिग तक आर.सी.सी.नाली निर्माण कार्य 15.23 लाख, मेन रोड से बांधे घर तक सी.सी.रोड निर्माण कार्य 20.35 लाख, मेन रोड से बांधे घर तकआर.सी.सी.नाली निर्माण कार्य 15.23 लाख, निकाय में विभिन्न स्थान में विद्युत पोल विस्तार एवं ट्रासफार्मर लगाने का कार्य 30 लाख,मिनी स्काई लिफ्ट क्रय 14.30 लाख, मेहर समाज हेतु सामुदायिक भवन निर्माण कार्य 5 लाख, वर्मा समाज हेतु सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 15 लाख रुपए कुल 1 करोड़ 51 लाख 27 हजार की स्वीकृति मंदिर हसौद के लिए स्वीकृत किया गया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। विधायक विकास उपाध्याय ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संसदीय सचिव के कार्यकाल एक साल पूरे होने पर अपना अनुभव और आगे की रणनीति साझा किया. साथ ही संसदीय सचिव के रूप में जो सम्मान दिया है, उसके लिए मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि संसदीय सचिव के रूप में सीनियर मंत्री के साथ काम करने का मौक़ा मिला. विभागीय कार्यों का अनुभव मिला. भले ही उनके पास नीतिगत निर्णय लेने का अधिकार न हों लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने व्यावहारिक तौर पर जो अधिकार दिए उसे वो सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में काफ़ी हद तक सफल रहे।
कांग्रेस की सरकार में ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तेज़ी आई है. अब हमारा ध्यान विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर केंद्रित होगा. जिसके लिए मैं स्वयं प्रदेश का दौरा कर युवा पीढ़ी को कांग्रेस की मुख्यधारा में जोड़ने का मुहिम चलाऊंगा।
विकास उपाध्याय ने कहा कि आज देश में बढ़ती महंगाई एक घरेलू समस्या बन गई है जो महंगाई का लक्ष्य रिज़र्व बैंक ने रखा है उसके दायरे से ऊपर है. इससे हर वर्ग का प्रभावित है. जिस तरह भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार अंतिम व्यक्ति तक उनके हितों को लेकर कार्य कर रही है, निश्चित तौर पर फिर से भारी बहुमत के साथ छत्तीसगढ़ में वापसी करेगी. छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी शून्य हो चुकी है. वहीं क्षेत्रीय पार्टियों का कोई अस्तित्व नहीं है. प्रदेश की जनता अब समझ चुकी है कि प्रदेश किस पार्टी और किसके हाथों में सुरक्षित है।
साथ ही कहा कि भाजपा के झूठ के खिलाफ़ जब तक जान आंदोलन नहीं होगा इसे रोका नहीं जा सकता क्योंकि भाजपा के शीर्ष नेता पूरे देश में झूठ को सच प्रचारित करने में सफल साबित हो रहे हैं देश के आर्थिक हालात दिन भर दिन बदतर होते जा रही है रोज़गार के अवसर छीने जा रहे हैं जिस काला धन को लेकर प्रधानमंत्री मोदी विदेशों से लाकर भारत के लोगों के खाते में सीधे 15 लाख देने की बात करते थे उन बैंकों में काला धन बीते सात सालों में 50% तक बढ़ गया है।