Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यही भाजपा है, जिसने पहले नसबंदी का विरोध किया था. 70 के दशक में अगर विरोध नहीं करते तो ये स्थिति नहीं होती. कानून किसी समस्या का हल नहीं है, जागरूकता लाना जरुरी है. जनजागरण लाएं, केवल राजनीति करने के लिए कानून ना बनाएं।
मुख्यमंत्री बघेल ने नागपुर रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा में जनता कांग्रेस के टूटने के कगार पर कहा कि हम किसी पार्टी को तोड़ना नहीं चाहते. हमारे पास एक-तिहाई से अधिक बहुमत है. कोई हमारे काम-काज से प्रभावित है तो अच्छी बात. सदन में अलग बैठक व्यवस्था का निर्णय विधानसभा अध्यक्ष लेंगे।
वहीं प्राइवेट सेक्टर की मदद से अस्पताल खोले जाने की सरकार की योजना और उसे लेकर स्वास्थ्य मंत्री के विरोध पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि बहुत से काम हैं, जो अलग-अलग विभागों से संबंधित होते हैं. इस पर प्रस्ताव तैयार किया जाता है, जिसे लेकर कैबिनेट में चर्चा होती है, कैबिनेट में चर्चा के बाद ही प्रस्ताव पारित होता है।
वहीं महंगाई के मुद्दे पर बोले उन्होंने कहा कि भाजपा से सत्ता संभल नहीं रही है, इन्हें लोगों का दर्द समझ में नहीं आता है, पहले नोटबंदी, फिर जीएसटी और अब लॉकडाउन, गलत नीतियों का परिणाम महंगाई है. वहीं राज्यपाल उइके से मुलाक़ात पर कहा कि दो संवैधिक प्रमुख मिलते रहते हैं, कई बिलों पर चर्चा हुई, फ़र्ज़ी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी करने वालों को लेकर भी चर्चा हुई है।
panchayattantra24.com,रायपुर। देश में पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों में बढ़ोतरी से जनता परेशान है. महंगाई से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. घर चलाने में काफी दिक्कत आ रही है. महंगाई के इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने आज प्रदेश भर में प्रदर्शन किया है. प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने रायपुर के विधानसभा चौक से 5 किलोमीटर तक साइकिल रैली निकाली. इस रैली के जरिए उन्होंने केंद्र सरकार को जगाने का प्रयास किया।
मोहन मरकाम ने कहा कि महंगाई के खिलाफ प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकाली. विपक्ष लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है. इसके बाद भी पीएम मोदी की सरकार गूंगी-बहरी हो गई है, इसलिए पेट्रोल-डीजल की कीमत में कमी नहीं हो रही है, साथ ही महंगाई भी इतनी है कि लोगों का घर चलाना मुश्किल है. यदि इनका ऐसा ही रवैया रहा तो जनता इन्हें आने वाले साल में सत्ता में नहीं आने देगी।
मोदी सरकार जनता के जेब में डाल रही डाका
मोहन मरकाम कहना है कि मोदी सरकार आम जनता की जेब में डाका डाल रही है. हम साइकिल चला कर यह संदेश देना चाहते हैं, कि महंगाई की वजह से आम जनता अब साइकिल चलाने को भी मजबूर हो रही है. हमारा आंदोलन लगातार जारी रहेगा. हम केंद्र की मोदी सरकार से लगातार मांग कर रहे हैं कि महंगाई जल्द ही कम करें. गूंगी बहरी मोदी सरकार है, अगर अभी नहीं जागेगी तो देश की जनता इन्हें गद्दी से नीचे उतार देगी।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है. जिस कारण कोरोना टेस्टिंग पर जोर दिया जा रहा है. अब कोरोना टेस्ट नहीं कराने और सैंपल देने से इंकार करने वाले के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी. इसके लिए कलेक्टर सौरभ कुमार ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट समेत पुलिस की एक विशेष टीम गठित की है. इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों की कॉटेक्ट ट्रेसिंग कार्य की समीक्षा की गई. जिसमें यह पाया गया कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों के सीधे संपर्क में आए कुछ लोग कोरोना जांच कराने में आना-कानी कर रहे हैं. या फिर कोरोना सैंपल देने से मना कर रहे हैं. कोविड-19 महामारी के फैलाव से बचाव और कोरोना वायरस की चेन को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इसलिए कोरोना पॉजिटिव मिले व्यक्ति के सीधे संपर्क में आए व्यक्तियों का कोरोना टेस्ट कराना जरूरी है।

panchayattantra24.com,रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया आरंग में छत्तीसगढ़ सरपंच संघ के सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने सरपंचों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी निर्वाचित और बहुत ही सम्मानित जनप्रतिनिधि है। आप सभी ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए गाँव के विकास के लिए पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करना चाहिए। सरकार द्वारा गाँव के विकास के साथ ग्रामीणों के विकास के लिए योजनाएं बनाई जा रही है। आप सभी जिम्मेदारी के साथ समर्पित होकर गाँव के विकास के लिए कार्य करेंगे तो गाँव के साथ आपकी भी पहचान बढ़ेगी।
सम्मेलन में मंत्री डॉ डहरिया ने आगे कहा कि महात्मा गाँधी ने जो ग्रामीण और आत्मनिर्भर भारत का स्वप्न देखा था उसे देश के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू, श्रीमती इंदिरा गांधी ने आगे बढ़ाया। पंचवर्षीय योजना लागू करने के साथ बड़े उद्योगों की स्थापना, अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में कार्य किया गया। प्रधानमंत्री श्री राजीव गाँधी ने पंचायती राज व्यवस्था लाकर पंचायतों को कई अधिकार देकर अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी तरह मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ छत्तीसगढ़ में पंचायतों को मजबूत और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य की जा रही है। पंचायतों के अधिकारों में कभी कमी नहीं की गई है। मंत्री डॉ डहरिया ने कहा कि सरपंचों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, उन्हें पंचायती राज अधिनियम के साथ अपने अधिकारों की भी जानकारी होनी चाहिए। गाँव के विकास के साथ गाँव के लोगों के प्रति समर्पित सोच होनी चाहिए तभी हमारा गाँव आत्मनिर्भर और सशक्त बन पाएगा।
मंत्री डॉ डहरिया ने सरपंचों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समय पर कर वसूली कर आमदनी बढ़ाए और जनहित के कार्यों में सबकी सहभागिता हो इसके लिए ग्रामीणों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जो सुविधाएं शासन द्वारा दी जा रही है, उसका बेहतर ढंग से उपयोग कर अपने गाँव को आदर्श बनाए। उन्होंने कहा कि विगत ढाई साल में पंचायतों को गाँव के विकास के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई गई है। इसी का परिणाम है कि गाँव-गाँव में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र भवन, स्कूल और उपस्वास्थ्य केंद्र भवन की सुविधाएं मिली है। मंत्री डॉ डहरिया ने कहा कि पंचायतों को असीमित अधिकार प्राप्त है। उन्हें शासन से प्राप्त राशियों का इस्तेमाल गाँव के विकास की प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने गाँव के विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव देने और सरपंचों की माँग पर हर संभव सहयोग करने की बात कही।
कार्यक्रम में सरपंच संघ के अध्यक्ष श्री गोपाल धीवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री खिलेश्वर देवांगन,नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर चंद्राकर सहित अलग-अलग ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में लोगों को बैगर जानकारी के कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर जाने पर भटकना पड़ सकता है. टीकाकरण केंद्र खुले है लेकिन वैक्सीन अभी नहीं पहुंची है. जिले के 300 सेंटरों में से महज 13 टीकाकरण केंद्रों में ही टीका लगेगा. टीकाकरण अधिकारी ने कहा कि कुछ घंटों में टीका मिलने के बाद वैक्सीन सेंटर में पहुंचाया जाएगा. रायपुर एम्स, मेडिकल कॉलेज सहित 13 सेंटरों में टीका लगेगा।
पर्याप्त वैक्सीन नहीं मिलने के कारण रायपुर के 180 सेंटर्स में ताला लटका है. महज 13 सेंटरों में टीका लगाया जाएगा, क्योंकि आज रायपुर जिले को दस हजार कोरोना वैक्सीन आवंटित हुई है, जो कुछ देर में पहुंचेगा।
जिले के टीकाकरण अधिकारी डॉ आशीष ने बताया कि दस हजार टीका मिलने की सूचना राज्य से दी गई है. थोड़ी देर से टीका मिल जाएगा. उसके बाद टीकाकरण केंद्रों में टीका भेजा जाएगा. 13 सेंटरों में कोविडशील्ड के 2000 हजार वैक्सीन एवं कोवैक्सीन के 640 डोज आवंटित किया गया है।
देखिए लिस्ट आज कहां-कहां लग रहा वैक्सीन


panchayattantra24.com,रायपुर। देश में तेजी से पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम बढ़ रहे है. मोदी सरकार में 247 प्रतिशत पेट्रोल में और डीजल में 794 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. मोदी सरकार पर यह हमला पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने किया. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मोदी सरकार ने बिना सोचे समझे नोटबंदी की. बिना सोचे समझे जीएसटी लेकर आई. आज उसका परिणाम जनता भोग रही है।
सुबोध कांत सहाय ने कहा कि देश में आर्थिक संकट की स्थिति है. मोदी सरकार की वजह से भी आर्थिक संकट है. बीते 7 वर्ष से देश में लगातार महंगाई बढ़ी है. मोदी सरकार जनता की भावना से खेल रही है. मनमोहन सरकार में महंगाई पर रोक लगाई थी. मनमोहन सरकार गांव-गरीब की सरकार थी. मोदी सरकार में गरीबी फिर बढ़ गई. 23 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे चले गए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने केंद्र सरकार जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को बेपरवाह सरकार कहें तो अतिश्योक्ति नहीं होगी. महंगाई से आम जनता दब से गए है, धन लोगों के हाथ में नहीं के बराबर है. थोड़ी सी ईमानदारी होती तो सरकार जनता को नकदी देने की बात करती. सरकार ज्यादा- ज्यादा मूल चुकाने को मजबूर करती है।
2 करोड़ लोगों ने गंवाई नौकरी
2 करोड़ लोग सिर्फ दो महीने में ही नौकरी गंवा दी. जो नौकरी कर रहे है वो भी कम वेतन में काम करने को मजबूर है. 2017 में वित्तीय दर 8.2 से घटकर 2020 में 4.8 पर आ गया है. जीएसटी में हजारों अमेंडमेंट हुए, मोदी सरकार की गलत नीतियों से आम आदमी त्रस्त है।
एक्ससाइज ड्यूटी 25 लाख करोड़ कमाया
पूर्व मंत्री ने पेट्रोल और डीजल की महंगाई पर बोले कि 1 अप्रैल 2021 से 1 जुलाई 2021 तक पेट्रोल के दाम 100 के पार चला गया. 59 प्रतिशत पेट्रोल का रेट बढ़ाया गया है. डीजल और पेट्रोल के एक्ससाइज ड्यूटी में 7 साल में केंद्र सरकार ने 25 लाख करोड़ कमाया. डीजल में महंगाई 794 प्रतिशत बढ़ा है।
मोदी सरकार ने सिर्फ टैक्स बढ़ाने का काम किया. ये जो पैसा आता है उसमें राज्य सरकार का वो हिस्सा नहीं है. शेष का पैसा केंद्र सरकार रखती है, राज्य सरकार के पास नहीं आता है. केंद्र सरकार को एक्ससाइज ड्यूटी कम करना ही पड़ेगा. आज नहीं रोका गया तो ये महंगाई और महामारी से इस देश के लोगों के लिए भूख से मरने की बारी है।
मोदी निर्मित विपदा से देशवासी त्रस्त
पहले ये लोग 60-55 में ही सारा नौटंकी कर चुके हैं. लिखते लिखते आपके कलम फेल हो जाएगा इतनी महंगाई बढ़ रही. देश की पूरी आबादी मोदी जी के निर्मित विपदाओं से त्रस्त है. महंगाई से मुंह न मोड़ो, कम नहीं कर सकते तो गद्दी छोड़ो।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम बोले कि महंगाई के लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है. चार लाख करोड़ मोदी सरकार ने एक्साइज ड्यूटी से कमाए है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी पुलिस ने सोमवार को दबिश देकर बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया था. इस कार्रवाई के दौरान एक महिला ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी. आज अस्पताल में उसकी मौत हो गई. ये पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद सोमवार देर शाम टेगौर नगर के महावीर प्लाजा में छापेमार कार्रवाई कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया. युवतियों के साथ संदिग्ध हालात में दो युवक मिले. वहीं छापे के दौरान पकड़े जाने के डर से महिला दूसरे माले से खुद गई, इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. गंभीर हालत में उसे मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका टिकरापारा की रहने वाली थी।
रायपुर में सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा
जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के टैगोर नगर स्थित महावीर प्लाजा में लंबे से देह व्यापार चल रहा था, जिसका रायपुर पुलिस ने खुलासा किया है. साथ ही गंज थाना इलाके के होटल साईं राम में पुलिस की टीम दबिश दी है. इसमें मौके से पुलिस ने 4 लड़कियों के साथ 1 पुरुष दलाल को गिरफ्तार किया है. होटल का मालिक ईश्वर चौधरी ही देह व्यापार को अंजाम देता था।
बता दें कि गिरफ्तार की गई लड़कियां दिल्ली, कलकत्ता समेत कई राज्यों से ताल्लुक रखती हैं. पुलिस ने मौके से कई आपत्ति जनक सामान बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन और आईडी कार्ड समेत अन्य वस्तुएं जब्त कर कार्रवाई कर रही है।

panchayattantra24.com, रायपुर। प्रदेश भर में आज से लगभग 8 हजार बसों के पहिए थम गए हैं, जिसकी वजह से यात्रियों को काफी ज्यादा परेशानी हो रही है. यात्री भी बस संचालकों के आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं, यात्रियों का कहना है कि जब डीजल के दाम बढ़ रहे हैं तो यात्री किराया भी बढ़ना स्वाभाविक है. यात्री बढ़ा हुआ किराया देने के लिए भी तैयार हैं।
वहीं छत्तीसगढ़ यातायात संघ के अध्यक्ष अनवर अली का कहना है कि जब तक सरकार के द्वारा किराए में वृद्धि नहीं की जाती तब तक हम अनिश्चितकालीन के लिए बसों को बंद कर रहे हैं।
बस संचालकों का कहना है कि वे कल जलसमाधि लेने की तैयारी भी कर रहे हैं।
इधर, बालोद में डीजल के बढ़े दाम के चलते बसों के पहिए थम गए. जिले से कांकेर, धमतरी, रायपुर, राजनांदगांव, दुर्ग सहित कई स्थानों तक बस जाती है. प्रतिदिन हज़ारों यात्री सफर करते हैं. सुबह से मंजिल तक जाने के इंतज़ार में यात्री बैठै है. बस बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. संचालक यात्री बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि प्रदेशभर में लगभग 12 हजार बसे हैं जिनमें से लगभग 8 हजार बसों का संचालन हो रहा था, जिसे आज से बंद कर दिया गया है. बसों का संचालन नहीं होने से ऑटो संचालक यात्रियों से मनमाने ढंग से किराया वसूल कर उनके गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने सोमवार को पूरे प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन किया. बस संचालकों की मांग है कि 40 फीसदी बस किराया में वृद्धि होना चाहिए, जो बस खराब है या जिन बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है, उन बसों का टैक्स ना लिया जाए. बस संचालकों ने राज्य सरकार को 13 जुलाई तक अल्टीमेटम दिया है. यदि इनकी मांगे पूरी नहीं होती है, तो बस संचालक 14 जुलाई को जल समाधि लेने को मजबूर होंगे।
प्रदेशभर की बसें कल से हो जाएगी बंद
छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के अध्यक्ष सैयद अनवर अली ने कहा कि चरणबद्ध आंदोलन का आज आखिरी दिन है. यदि सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती है, तो मंगलवार से हम मजबूर होकर बसों को अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर देंगे. पूरे प्रदेशभर की बसें कल से बंद हो जाएगी. इस वजह से यात्रियों को भी असुविधा होगी।
परिवहन मंत्री से हुई बात, लेकिन सरकार से नहीं आया बुलावा
बस ऑपरेटर प्रमोद दुबे ने कहा कि इस संबंध में हमारी बात परिवहन मंत्री से बात हुई थी. उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री से इस विषय पर जल्द ही बात करेंगे. हम उम्मीद कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री हमें बुलाए और हमारी समस्या का समाधान करे. लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं. जिसकी वजह से बस ऑपरेटर्स को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. अभी तक सरकार की ओर से किसी तरह का कोई बुलावा नहीं आया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में वर्चुअल रूप से शामिल हुए. उन्होंने अपने निवास कार्यालय में महाप्रभु जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र जी का मंत्रोच्चार और शंख ध्वनि के साथ विधिवत पूजा अर्चना की. महाप्रभु जगन्नाथ से प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की. सीएम ने सभी को रथ-यात्रा पर्व की बधाई दी है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भगवान जगन्नाथ ओडिशा और छत्तीसगढ़ की संस्कृति से समान रूप से जुड़े हुए हैं. रथ-दूज का यह त्यौहार ओडिशा की तरह छत्तीसगढ़ की संस्कृति का भी अभिन्न हिस्सा है. छत्तीसगढ़ के शहरों में आज के दिन भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकालने की परंपरा सदियों से चली आ रही है. उत्कल संस्कृति और दक्षिण कोसल की संस्कृति के बीच की यह साझेदारी अटूट है. ऐसी मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ का मूल स्थान छत्तीसगढ़ का शिवरीनारायण-तीर्थ है. यहीं से वे जगन्नाथपुरी जाकर स्थापित हुए. शिवरीनारायण में ही त्रेता युग में प्रभु श्रीराम ने माता शबरी के मीठे बेरों को ग्रहण किया था. यहाँ वर्तमान में नर-नारायण का मंदिर स्थापित है।
ओडिशा और छग की सांस्कृतिक साझेदारी होगी गहरी
शिवरीनारायण में सतयुग से ही त्रिवेणी संगम रहा है, जहां महानदी, शिवनाथ और जोंक नदियों का मिलन होता है. छत्तीसगढ़ में भगवान राम के वनवास-काल से संबंधित स्थानों को पर्यटन-तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिए शासन ने राम-वन-गमन-परिपथ के विकास की योजना बनाई है. इस योजना में शिवरीनारायण भी शामिल है. शिवरीनारायण के विकास और सौंदर्यीकरण से ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक साझेदारी और गहरी होगी।
कोरिया जिले में विराजमान हैं भगवान जगन्नाथ
बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भगवान जगन्नाथ से जुड़ा एक महत्वपूर्ण क्षेत्र देवभोग भी है. भगवान जगन्नाथ शिवरीनारायण से पुरी जाकर स्थापित हो गए, तब भी उनके भोग के लिए चावल देवभोग से ही भेजा जाता रहा. देवभोग के नाम में ही भगवान जगन्नाथ की महिमा समाई हुई है. उन्होंने ने बताया कि बस्तर का इतिहास भी भगवान जगन्नाथ से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ है. सन् 1408 में बस्तर के राजा पुरुषोत्तमदेव ने पुरी जाकर भगवान जगन्नाथ से आशीर्वाद प्राप्त किया था. उसी की याद में वहां रथ-यात्रा का त्यौहार गोंचा-पर्व के रूप में मनाया जाता है. इस त्यौहार की प्रसिद्धि पूरे विश्व में है. उत्तर-छत्तीसगढ़ में कोरिया जिले के पोड़ी ग्राम में भी भगवान जगन्नाथ विराजमान हैं. वहां भी उनकी पूजा अर्चना की बहुत पुरानी परंपरा है।
दोनों प्रदेशों पर कृपा बरसा रहे भगवान जगन्नाथ
ओड़िशा की तरह छत्तीसगढ़ में भी भगवान जगन्नाथ के प्रसाद के रूप में चना और मूंग का प्रसाद ग्रहण किया जाता है. ऐसी मान्यता है कि इस प्रसाद से निरोगी जीवन प्राप्त होता है. जिस तरह छत्तीसगढ़ से निकलने वाली महानदी ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों को समान रूप से जीवन देती है, उसी तरह भगवान जगन्नाथ की कृपा दोनों प्रदेशों को समान रूप से मिलती रही है।
कोरोना नियमों का पालन जरूरी
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि यह समय, पूरे विश्व के लिए कठिन समय है. कोरोना महामारी ने हम सभी को बहुत पीड़ा दी है. कोरोना की पहली और दूसरी लहर के समय हमने बहुत कुछ खोया है. अब भी संकट टला नहीं है. विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि तीसरी लहर भी आ सकती है. भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना है कि वे हमें इस संकट से उबारें. वे इस महामारी से हम सबकी रक्षा करें. उन्होंने लोगों से अपील की कि रथ-यात्रा पर्व का आनंद लेते हुए भी सभी मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनेटाइजेशन के नियमों का पालन करें. नियमों का पालन करके ही आप स्वयं को और अपने परिवार को सुरक्षित रख पाएंगे. जिन लोगों ने अब तक कोरोना का टीका नहीं लगवाया है उन्हें जल्दी से जल्दी टीका लगवा लेना चाहिए।