Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा का विषय बने रहते हैं. एक बार फिर से उन्होंने विवादित बयान दे दिया है. छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी के धर्मांतरण वाले बयान पर पलटवार करते समय उनकी जुबान फिसल गई. मंत्री कवासी लखमा ने डी पुरंदेश्वरी की तुलना फूलन देवी से कर दी है. उन्होंने कहा कि वो फूलन देवी का क्या नाम है।
वो फूलन देवी का क्या नाम है- मंत्री लखमा
दरअसल, मंत्री कवासी लखमा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे. इसी बीच कवासी लखमा ने डी पुरंदेश्वरी के बस्तर में धर्मांतरण वाले बयान पर पलटवार किया. इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई. मंत्री डी पुरंदेश्वरी पर टिप्पणी कर बैठे. कवासी लखमा ने डी पुरंदेश्वरी को कहा कि वो फूलन देवी का क्या नाम है, फिर हसंते हुए. सॉरी-सॉरी कहते दिखे. लखमा ने कहा कि वे व्हाट्सप्प में देखकर धर्मांतरण का आरोप लगा रही हैं।
मंत्री कवासी लखमा यहीं नहीं ठहरे उन्होंने कहा कि पुरंदेश्वरी हैदराबाद से हवाई जहाज से आई हैं. उनको बस्तर का भूगोल तक नहीं मालूम है. बस्तर में कांग्रेस सरकार आने के बाद कोई धर्मांतरण नहीं हुआ है. आदिवासी बहुत संगठित हैं. भाजपा के लोग नहीं बोलेंगे तो नागपुर से डंडा पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक डी पुरंदेश्वरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि ग़रीबों के साथ भूपेश सरकार ने धोखा किया. सरकार महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे सकी. राज्य में दुष्कर्म के मामले बढ़े हैं. राज्य में धर्मांतरण के मामले आदिवासी इलाकों में बढ़े हैं. इस पर पलटवार करते समय मंत्री कवासी लखमा की जुबान फिसल गई।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ड्रग एसोसिएशन के वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़कर फाइलेरिया की दवाओं को प्रदेश के जन-जन तक पहुंचाने के अभियान का शुभारंभ किया. साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के अधिकारियों, प्रदेश के स्वास्थ्य अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हे कहा कि हमें केवल लोगों को यह दवा उपलब्ध ही नहीं करवानी है, बल्कि उन्हें इसके सेवन के लिए भी प्रेरित करना है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि जब प्रदेशवासी यह दवा लेने के लिए केंद्र में पहुंचे, उसी समय हम उन्हें इस दवा का सेवन करवा पाए. इस पहल के साथ ही हम छत्तीसगढ़ को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सफल होंगे. स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इस वर्चुअल कार्यक्रम में स्वयं फाइलेरिया के दवाओं का सेवन कर जन-जागरूकता का संदेश दिया है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना महामारी को देखते हुए देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों ने कांवड़ यात्रा  पर रोक लगा दी है. लेकिन छत्तीसगढ़ में सरकार की तरफ से कांवड़ यात्रा को लेकर अभी तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है. जिससे संशय की स्थिति बनी हुई है. कुछ मंदिर समितियों ने मांग की है कि जब नेताओं की रैलियां निकल सकती हैं, सभाएं हो सकती हैं, तो कांवड़ यात्रा क्यों नहीं ।
जलाभिषेक की मिलनी चाहिए अनुमति
पंडित राजेश्वरानंद ने कहा कि संत महासभा के स्वामी चक्रपाणि ने बयान दिया है कि जब राजनेताओं के कार्यक्रम हो सकते हैं, तो जलाभिषेक क्यों नहीं हो सकती. कांवड़ यात्रा क्यों नहीं हो सकती. बाकी अन्य सभाएं हो सकती है, तो जलाभिषेक और कांवड़ यात्रा में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए. हमारी यही मांग है कि छत्तीसगढ़ में कावड़ यात्रा निकाली जाए।
प्रशासन कांवड़ यात्रा की नहीं देगी अनुमति
इसे लेकर एडीएम एन आर साहू ने कहा कि पिछले साल भी कांवड़ यात्रा में प्रतिबंध लगाया गया था. इस बार भी सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ चुका है. कावड़ यात्रा को लेकर किसी ने अभी अनुमति नहीं मांगी है, लेकिन यदि कोई अनुमति की मांग करता है, तो हम उसे अनुमति नहीं देंगे. सामान्य रूप से पूजा पाठ करने के लिए कोई मनाही नहीं है।
इन तीन राज्यों ने लगाई है रोक
बता दें कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी गई है. इन राज्य के सरकारों ने फैसला लिया गया है कोरोना को देखते हुए यात्रा का आयोजन नहीं किया जाएगा. 25 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा से सम्बंधित कोई भी जश्न, जुलूस या गैदरिंग आयोजित करने की अनुमति नहीं है।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। ईद उल अजहा यानी बकरीद इस्‍लाम धर्म को मानने वाले लोगों का प्रमुख त्‍योहार है. इस बार ईद उल अजहा यानी बकरीद 21 जुलाई को मनाई जाएगी. छत्तीसगढ़ में पिछले साल की तरह इस साल भी सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बकरीद मनाई जाएगी. जिससे कोरोना वायरस को बढ़ाना न मिल सके।
जिला प्रशासन ने ईद को लेकर मौलवियों की बैठक ली है. लोगों को समझाइस भी दी गई है कि इस बार के बकरीद को भी पिछली बार की तरह मनाया जाए. एक बार में ज्यादा लोग मस्जिद में प्रवेश ना करें. कोरोना गाइडलाइन का पालन भी सभी व्यक्तियों को करना अनिवार्य होगा।
त्यौहार में गाइडलाइन का करना होगा पालन
इस मामले में एडीएम एन. आर. साहू ने कहा कि बकरीद को लेकर हमारी मीटिंग हो चुकी है. एक बार में कम से कम लोग नमाज में शामिल होंगे. ज्यादा संख्या में लोगों के भीड़ की अनुमति नहीं होगी. पिछले साल ईद के त्यौहार में जो गाइडलाइन जारी की गई थी. उसी गाइडलाइन का पालन इस बार भी लोगों को करना होगा।
21 जुलाई को है बकरीद
इस्लामिक मान्यता के अनुसार हजरत इब्राहिम अपने पुत्र हजरत इस्माइल को इसी दिन खुदा के हुक्म पर खुदा की राह में कुर्बान करने जा रहे थे, तो अल्लाह ने उनके पुत्र को जीवनदान दे दिया. उन्‍हीं की याद में यह पर्व मनाया जाता है. इस बार ईद उल अजहा यानी क‍ि बकरीद 21 जुलाई को मनाई जाएगी।
मीठी ईद के बाद मनाई जाती है बकरीद
मीठी ईद के करीब 70 दिन बाद बकरा ईद मनाई जाती है. बकरा ईद को ईद-उल-अजहा या ईद-उल-जुहा भी कहा जाता है. बकरा ईद लोगों को सच्चाई की राह में अपना सबकुछ कुर्बान कर देने का संदेश देती है. ईद-उल-अजहा को हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है।
 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सूर्यमणि मिश्रा ने आज राजेंद्र नगर स्थित कार्यालय में पदभार ग्रहण किया. इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ मंत्री मोहम्मद अकबर, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़, विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, जिला सहकारी बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज शर्मा एवं कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे. इस अवसर पर नवनियुक्त उपाध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया।
रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सूर्यमणि मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा से रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. मुख्यमंत्री की इच्छा है कि रायपुर विकास प्राधिकरण के माध्यम से शहर की जनता को सुविधा मिले. रायपुर विकास प्राधिकरण के माध्यम से हम जनता को सुविधा मुहैया कराएंगे. रायपुर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त सदस्यों को मैं बधाई देता हूं।
वहीं मंत्री मोहम्मद अकबर ने इस मौके पर नवनियुक्त उपाध्याक्ष सूर्यमणि मिश्रा को बधाई दी।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान धरमलाल कौशिक ने छत्तीसगढ़ में अवैध शराब को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकारी शराब दुकानों में अवैध शराब की सप्लाई हो रही है. सिमगा के शराब दुकान में इसका पर्दाफाश हुआ है. कौशिक ने आरोप लगाया कि इसी तरह पूरे प्रदेशभर में शराब की अवैध सप्लाई जारी है. इसकी उच्च स्तरीय जांच हो।
अवैध शराब सप्लाई पर उठ रहे सवाल
धरमलाल कौशिक ने कहा कि 16 जुलाई को देशी मदिरा दुकान में 400 पेटी अवैध शराब लाया गया. सरकार की मिलीभगत से अवैध शराब से भरी गाड़ी को गायब कर दिया गया. बीजेपी विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने कार्रवाई की. शराब से भरी गाड़ी की जब्ती बनाई गई. बाद में विधिक मान्यता दे दी गई. शराबबंदी का वादा कर बंद नहीं करने की वजह अवैध कमाई है. सरकार उच्च स्तरीय जांच करे. हम मामले को विधानसभा में उठाएंगे।
बिना परमिट की गाड़ी से शराब की अवैध सप्लाई
कौशिक ने कहा कि देशी मदिरा दुकान सिमगा में गाड़ी नंबर सीजी 10 टी 5202 में 400 पेटी शराब लेकर देशी मदिरा दुकान में उतारने लाया गया, लेकिन स्कैन नहीं हुआ. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने कहा कि यह शराब अवैध है. गाड़ी की परमिट के बारे में पूछा गया, तो पता चला कि परमिट नहीं है. इसे लेकर सिमगा के स्थानीय लोगों ने घेराव किया. कार्रवाई की मांग की. विधायक शिवरतन शर्मा वहां पहुंचे. ढाई बजे पहुंचने के बाद कलेक्टर और एसपी से बात की. बलौदाबाजार कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने आबकारी अधिकारी को भेजा।
मिलीभगत से शराब की अवैध सप्लाई 
धरमलाल कौशिक ने कहा कि सहायक आबकारी निरीक्षक साधु आए. उन्होंने कार्रवाई की. अभिषेक दास, अभिजीत अवस्थी के नाम से पंचनामा बनाया गया. 90 पेटी खाली कराया जा चुका था. 310 पेटी शराब गाड़ी में रखा हुआ था. एसडीओपी, टीआई ने कार्रवाई की. गाड़ी की जब्ती बनाकर थाने में लाया गया. कांग्रेस सरकार की मिलीभगत से अवैध शराब की जब्ती को गाड़ी समेत गायब कर दिया गया. बाद में विधिक मान्यता दे दी गई।
कौशिक अवैध शराब को लेकर लगातार हमला बोलते रहे. उन्होंने कहा कि एक दुकान का मामला सामने आया, लेकिन लगभग पूरे प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री जारी है. यह सरकार की दुकानें ही हैं, जहां बगैर परमिट के शराब भेजी जा रही है. शराबबंदी का वादा करने के बाद भी बंद नहीं करने की यही वजह है कि अवैध कमाई का जरिया है. बड़ी जांच की जानी चाहिए. लीपापोती करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्ती से जांच होनी चाहिए. विधानसभा में यह मामला उठाएंगे।
खाद की कालाबाजारी
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर खाद को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण में खाद की कालाबाजारी हो रही है. सहकारी सोसायटियों से किसान लौट रहे हैं. सोसायटियों से ही किसानों को उचित दाम पर खाद मिलता है. सहकारी सोसाइटी खाली है, व्यापारियों के गोदाम भरे हैं. सरकार की प्राथमिकता में किसान नहीं है, बल्कि व्यापारी हैं. दुकानों में छापा पड़ने के बाद यह जानकारी सामने आ रही है कि तय आबंटन से ज्यादा मिल रहा है. आबंटन कहां से हुआ. ज्यादा रेट पर बेची जा रही है. बीजेपी शासन में कभी यूरिया, डीएवी का संकट नहीं था. सरकार किसानों के साथ छलावा कर रही है. किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है. इस मुद्दे को लेकर हम विधानसभा जाएंगे. सड़क की लड़ाई लड़ेंगे।
मोहल्ला क्लास को लेकर लगा ये आरोप 
कौशिक ने कहा कि मोहल्ला क्लास में कोरोना की जानकारी मिल रही है. सरकार को स्कूल खोलने का इंतजार करना चाहिए. राज्य में कोरोना समाप्त नहीं हुआ है. केसेज बढ़ रहे हैं. यह चिंता की बात है।
सिलगेर पर बोले कौशिक
कौशिक ने सिलगेर में फिर से आंदोलन को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री व्यस्त हो सकते हैं कि घटनास्थल पर ना पहुंचे, लेकिन गृहमंत्री का ना पहुंचना यह दर्शाता है कि कानून व्यवस्था को लेकर सरकार कितनी गंभीर है. वास्तविक में सरकार की अकर्मण्डया की वजह से घटना घट रही है. समय पर बातचीत का अभाव देखा जा रहा है. यह उसका ही दुष्परिणाम हमारे सामने हैं।
बग़ैर CM चेहरे पर कौशिक का जवाब
धरमालाल कौशिक ने बग़ैर CM चेहरे के  चुनाव में जाने के सवाल पर कहा कि जैसा प्रश्न आया था, वैसा स्वाभाविक जवाब है. इस पर उनका जोर नहीं था. अभी ढाई साल का समय है. यह पार्टी को मजबूत करने का है. कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक होने का है. कांग्रेस की नाकामियों को उजागर करने का है. हमारे प्रभारी इस लड़ाई के लिए अपना समय दे रहे हैं. सब मिलकर पार्टी को मजबूत करने जोर लगा रहे हैं. हमारे यहां हाईकमान है. चेहरा कौन होगा, यह कहना फिलहाल जल्दबाजी होगी।
 

panchayattantra24.com,रायपुर।  छत्तीसगढ़ सरकार फाइलेरिया रोग के संपूर्ण उन्मूलन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य को लेकर कोरोना महामारी के दौरान भी सरकार ने राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 19 जुलाई से राज्य के फाइलेरिया प्रभावित चार जिलों रायपुर, रायगढ़, गरियाबाद एवं बलोदा बाजार में सामूहिक दवा सेवन (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) एवं कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम को प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
इसके लिए रविवार को संचालनालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ और ग्लोबल हेल्थ स्ट्रेटजीज द्वारा अन्य सहयोगी संस्थाओं, विश्व स्वास्थ्य संगठन एवं प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए वर्चुअल कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य फाइलेरिया रोग की गंभीरता को जन-समुदाय तक पहुंचाना था।
इस अवसर पर निदेशक, महामारी नियंत्रण, संचालनालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया कि मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन गतिविधियों का संचालन भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार, कोविड-19 के मानकों का अनुपालन करते हुए किया जाएगा। इसमें हाथ की स्वच्छता, मास्क और शारीरिक दूरी (दो गज की दूरी) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया रोधी दवाएं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर अपने सामने मुफ्त खिलाई जाएगी।
राज्य कार्यक्रम अधिकारी, वेक्टर बोर्न डिजीजेज डॉ. जगन्नाथ राव ने बताया कि भारत को वर्ष 2021 तक फाइलेरिया से उन्मूलन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम किया जा रहा है। इसमें 19 जुलाई को पहले दिन लाभार्थियों को बूथ पर फ़ाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई जाएंगी और उसके बाद 20 जुलाई से 24 जुलाई तक घर-घर जाकर दवाएं खिलाई जाएंगी। इन दवाओं का सेवन खाली पेट बिलकुल नहीं करना है।
एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अति गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को फाइलेरिया रोधी दवाएं नहीं खिलाई जाएगी। विश्व स्वास्थ्य संगठन के राज्य एनटीडी समन्वयक डॉ. जमील सरोश ने बताया कि फाइलेरिया या हाथीपांव रोग, सार्वजनिक स्वास्थ्य की गंभीर समस्या है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के अनुसार फाइलेरिया, दुनिया भर में दीर्घकालिक विकलांगता के प्रमुख कारणों में से एक है। आमतौर पर बचपन में होने वाला यह संक्रमण लिम्फैटिक सिस्टम को नुकसान पहुंचाता है। अगर इससे बचाव न किया जाए, तो इससे शारीरिक अंगों में असामान्य सूजन होती है।
 
 

 
panchayattantra24.com,बलौदाबाजार। जिला कोविड हास्पिटल के इंचार्ज डॉ शैलेन्द्र साहू का संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अभी मौत का कारण पता नहीं चल पाया है. खबर से डॉक्टर सहित स्टॉफ हतप्रभ है। 
जिले में कोविड इलाज के लिए डॉक्टर शैलेन्द्र प्रसिद्ध थे. वे रायपुर के रहने वाले थे. वहीं घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। 
वहीं स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं. आखिर डॉक्टर की मौत कैसे हुई, किसी को पता नहीं है। 
मिली जानकारी के अनुसार, डॉक्टर शैलेन्द्र साहू जिला अस्पताल में राउंड पर पहुंचे थे. यहां उन्होंने मरीजों को भी देखा. जिसके बाद शाम को कोविड टेस्ट कराया था. जिसमें उनकी रिपोर्ट आई. रिपोर्ट के बाद वे अपनी कार से अस्पताल पहुंचे और भर्ती हुए. आज उनकी मौत हो गई। 
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। कॉलेजों में प्रवेश की तारीख आखिरकार घोषित हो गई है. उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी मार्गदर्शिका के अनुसार कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होकर 30 अगस्त तक चलेगी। 
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी मार्गदर्शिका के अनुसार, यह प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, केवल विशेष परिस्थितियों में ही ऑफलाइन मोड पर आवेदन जमा किया जाएगा. इसके अलावा छात्रों को अलग-अलग कॉलेजों के लिए अलग-अलग आवेदन देने आवश्यकता नहीं है, केवल एक ही आवेदन में पांच कॉलेजों के नामों का उल्लेख करना होगा. मेरिट के आधार पर कॉलेज में प्रवेश मिलेगा. 30 अगस्त को प्रवेश प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 15 सितंबर तक प्राचार्य की विशेष अनुमति के साथ ही प्रवेश मिलेगा। 
 

panchayattantra24.com, रायपुर। कोरोना की तीसरी लहर के बीच सावन सोमवार शुरू होने वाला है. रायपुर के तमाम मंदिरों में सावन सोमवार की तैयारियां पूरी हो चुकी है. मंदिर में आने वाले भक्तों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करवाया जाएगा. रायपुर के सुरेश्वर महादेव मंदिर व हटकेश्वर महादेव मंदिर के पंडितों ने ये फैसला लिया है कि जिन भक्तों ने वैक्सीन नहीं लगवाया है वे भगवान शिव को जल नहीं चढ़ा सकेंगे. पंडितों का कहना है कि ऐसा करने से काफी भक्त वैक्सीन लगाने के प्रति जागरूक होंगे और मंदिर प्रांगण में कोरोना संक्रमण का खतरा भी कम रहेगा। 
सुरेश्वर महादेव के पंडित राजेश्वरानंद ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर की चेतावनी विशेषज्ञों ने जताई है, जिसे देखते हुए हमने फैसला लिया है कि जिन भक्तों ने वैक्सीन नहीं लगवाई उन्हें मंदिर में जलाभिषेक की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसके अलावा मंदिर में प्रवेश करने वाले सभी भक्तों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा. भक्तों को मास्क लगाना भी जरूरी होगा. बिना इसके भक्तों को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 
पंडित नरेश महानंद का कहना है कि मंदिर में अनिवार्य रूप से भक्तों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करवाया जाएगा. हम नहीं चाहते कि मंदिर में भीड़ बढ़े और कोरोना की तीसरी लहर को निमंत्रण मिले।