Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com-रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेंस कमेटी द्वारा देश में चलाये जा रहे आउटरिच अभियान के समयबद्ध क्रियान्वयन करते हुये प्रदेश कांग्रेस कमेटी महंगाई एवं आसमान छुती पेट्रोल-डीजल के कीमतों के विरोध में केन्द्र सरकार के खिलाफ राज्य स्तर एवं जिला, ब्लाक स्तर पर आंदोलन करेगी। मंहगाई के विरोध में 6 जुलाई को ब्लाक स्तरीय आंदोलन हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा
इस दौरान थाली एवं अन्य बर्तनो को पीट-पीटकर विरोध दर्ज करते हुये पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में अत्यधिक वृद्वि और केन्द्रीय उत्पाद शुल्क को कम किये जाने की मांग कि जायेगी। इस दौरान मंहगाई के विरोध में पाम्पलेट, पोस्टर एवं प्ले-कार्ड के साथ स्थानीय स्तर के समस्त पेट्रोल पम्पों मे आमजनता से हस्ताक्षर कराया जायेगा। 14 जुलाई को जिलास्तरीय सायकल यात्रा निकाली जायेगी। 17 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों के नेतृत्व में राजधानी रायपुर में पैदल मार्च निकालकर महंगाई व ईधनों की कीमतों में की गयी वृद्धि का विरोध किया जायेगा एवं प्रधानमंत्री के नाम जिलाधीश को ज्ञापन दिया जायेगा।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों में बनाए जाएंगे ओआरएस-जिंक कॉर्नर

panchayattantra24.com-रायपुर। बच्चों में डायरिया को रोकने और इसकी रोकथाम के लिए प्रदेश में 1 जुलाई से 15 जुलाई तक गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा (IDCF – Intensified Diarrhea Fortnight) मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश भर के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस-जिंक कॉर्नर की स्थापना के साथ ही लोगों को डायरिया के बारे में जागरूक करने कई गतिविधियां संचालित की जाएंगी। राज्य शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों तथा सिविल सर्जन्स को परिपत्र जारी कर इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डायरिया शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों में मृत्यु के मुख्य कारणों में से एक है। इसके शीघ्र उपचार से बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की संचालक डॉ. प्रियंका शुक्ला ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों तथा सिविल सर्जन्स को सभी विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों और विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधकों को गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के दौरान संचालित किए जाने वाले कार्यक्रमों व गतिविधियों की जानकारी देने तथा आवश्यक समन्वय के लिए निर्देश पत्र जारी करने कहा है। उन्होंने सभी ए.एन.एम. और मितानिनों को डायरिया केस प्रबंधन, उपचार, काउंसलिंग पर प्रशिक्षण तथा अभियान के दौरान उनके द्वारा की जाने वाली गतिविधियों के लिए निर्देशित करने और आईडीसीएफ टूलकिट प्रदान करने कहा है। डॉ. शुक्ला ने सभी स्वास्थ्य केन्द्रों के टंकियों की सफाई के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपने-अपने जिलों के लिए ओ.आर.एस. और जिंक टेबलेट का उठाव करते हुए इनका वितरण सुनिश्चित करने कहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी परिपत्र में सीएमएचओ और सिविल सर्जन्स को कोरोना संक्रमण के प्रति सतर्कता बरतते हुए दीवार लेखन, सोशल मीडिया एवं प्रचार-प्रसार के विभिन्न माध्यमों के जरिए डायरिया के रोकथाम एवं नियंत्रण की जानकारी लोगों तक पहुंचाने कहा है। विभाग ने गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के आयोजन में महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग, स्थानीय प्रशासन, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन तथा विभिन्न विभागों के साथ काम कर रहे डेवलपमेन्ट पार्टनर्स का सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निजी अस्पतालों व आई.ए.पी., आई.एम.ए. जैसी निजी एजेंसियों का भी इनमें शामिल करने कहा है।
विभाग ने गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा में विभिन्न गतिविधियों के संचालन के दौरान कोविड एप्रोप्रिएट व्यवहार का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान घर, कुएं व जल-स्रोतों की साफ-सफाई तथा पानी को स्वच्छ रखने के लिए क्लोरीन टेबलेट्स का वितरण करने कहा गया है। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों जैसे ईंट-भट्टा, खानाबदोश स्थल, बाढ़ की संभावना वाले क्षेत्रों, ऐसे उप-स्वास्थ्य केंद्र जहां एएनएम उपलब्ध नहीं हैं, प्रवासी मजदूर, सड़क पर रहने वाले बच्चों, मलिन बस्तियों जैसी जगहों पर अधिक ध्यान देने एवं ओ.आर.एस. की पूर्व उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान मितानिनों द्वारा छह माह से पांच वर्ष तक के बच्चों वाले घरों में ओ.आर.एस. पैकेट का वितरण तथा इसके उपयोग के संबंध में सलाह प्रदान कर ओ.आर.एस. घोल बनाने की विधि का प्रदर्शन किया जाएगा। मितानिनें लोगों को साफ-सफाई के प्रति प्रेरित भी करेंगी। वे लोगों को डायरिया प्रकरणों की पहचान, ए.एन.एम. या स्वास्थ्य केन्द्रों पर संदर्भन, डायरिया के लक्षण व खतरों के बारे में भी बताएंगी।
गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के दौरान सभी स्वास्थ्य केन्द्रों के ओ.पी.डी. तथा आई.पी.डी. वार्ड में ओ.आर.एस.-जिंक कार्नर की स्थापना की जाएगी। साथ ही वहां निर्जलीकृत (Dehydration) डायरिया प्रबंधन का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। जिले के आईएपी व आईएमए से समन्वय कर सभी निजी चिकित्सालयों में भी ओ.आर.एस.-जिंक कार्नर स्थापित कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने सीएमएचओ व सिविल सर्जन्स को सभी संस्थाओं में ओ.आर.एस. और जिंक टैबलेट की पर्याप्त उपलब्धता तथा पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती डायरिया से पीड़ित अति गंभीर कुपोषित बच्चों का प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

panchayattantra24.com-रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आज मसूरी ट्रेनिंग से लौटे 2019 बैच के पांच आईएएस अफसरों को सहायक कलेक्टर की पोस्टिंग दी है।

मानसून सत्र में आने से पहले टीका जरूर लगवाएं- विधानसभा अध्यक्ष महंत

panchayattantra24.com-रायपुर। विधानसभा के मानसून सत्र पर कोरोना संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभी विधायकों को पत्र लिखा है। इसके जरिए उन्होंने सत्र शुरू होने से पहले कम से कम टीके की पहली डोज लगवा लेने का आग्रह किया है।
विधायकों को भेजे गए पत्र में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि पिछले सत्रों की तरह इस सत्र में भी कोरोना महामारी के संक्रमण से बचाव हेतु सभा-गृह एवं विधान सभा परिसर में समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। विशेषज्ञों ने कोरोना की तीसरी लहर की संभावना जताई है। इसके लिए निर्धारित गाइडलाइन के पालन के साथ ही टीकाकरण को एक सशक्त माध्यम बताया जा रहा है। ऐसे में सभी से अपेक्षा है कि मानसून सत्र में आने से पूर्व कोरोना टीके की पहली डोज जरूर लगवा लें। अगर, पहली डोज लगवा ली है तो तय समय में दूसरी डोज लगवा लें। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत खुद भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। उन्होंने हाल ही कोरोना टीके की अपनी दूसरी डोज लगवाई है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 26 जुलाई से शुरू हो रहा है। इसमें कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं। इस दौरान सरकार अनुपूरक बजट समेत कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों को पेश करने वाली है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर मोहन मरकाम ने आज दो साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है. इस खुशी में प्रदेश अध्यक्ष ने रायपुर स्थित कांग्रेस भवन में सुबह 7:45 बजे श्रमदान किया. वे दूधाधारी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया. इसके अलावा राजीव भवन में आयोजित वरिष्ठ कांग्रेसियों के कार्यक्रम में शामिल होंगे. राजीव भवन में एनएसयूआई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम का कहना है कि उनके कार्यकाल में संगठन में मजबूती आई है. पूरे 10 नगरी निकाय में उन्हीं को जीत मिली. ऐसा पहली बार हुआ, आने वाले समय में भी उन्हीं की सरकार सत्ता में आएगी. संगठन को मजबूत करने पर और जोर दिया जाएगा।
बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम भूपेश बघेल ने मोहन मरकाम को पीसीसी चीफ की जिम्मेदारी सौंपी थी. वहीं मोहन मरकाम के कार्यकाल के दो साल पूर्ण होने पर कांग्रेस पूरे छत्तीसगढ़ में आज कार्यक्रम करेगी।

panchayattantra24.com,रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बयान पर ट्वीट किया है. रमन सिंह ने ट्विटर पर पूछा कि आखिर सच कौन बोल रहा है, सीएम या स्वास्थ्य मंत्री?
सरकार की अनुभवहीनता और आत्ममुग्धता का विरोध तो अब उन्हीं के ही मंत्री कर रहे हैं. गांवों में सरकारी अनुदान पर निजी अस्पताल खोलने के फैसले पर सरकार ही एकमत नहीं है, तो फिर इससे स्वास्थ्य क्षेत्र का भला कैसे होगा?
गांवों में सरकारी अनुदान पर निजी अस्पताल खोलने के फैसले पर सरकार ही एकमत नहीं है तो फिर इससे स्वास्थ्य क्षेत्र का भला कैसे होगा?
आखिर सच कौन बोल रहा है सीएम या स्वास्थ्य मंत्री?
बता दें कि सरकार ने 26 जून को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के लिए निजी क्षेत्र का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए. सरकार ने कहा था कि ग्रामीण इलाकों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के मद्देनजर यह फैसला लिया गया. विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पताल बनाने के लिए निजी क्षेत्रों को राज्य सरकार द्वारा अनुदान भी दिया जाएगा. सरकार ने उद्योग विभाग को 10 दिन में इसकी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
इस फैसले पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने असहमति जताई है. उन्होंने कहा कि मुझे ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पतालों के लिए अनुदान देने के बारे में सरकार के फैसले की कोई जानकारी नहीं है. मुझसे इस मसले पर कोई चर्चा नहीं की गई. मैं इसके सख्त खिलाफ हूं।

panchayattantra24.com,रायपुर। आईपीएस और आईएफएस अवार्ड को लेकर आज मंत्रालय में विभागीय पदोन्नति समिति(डीपीसी) की बैठक हुई. इस बैठक में यूपीएससी के मेंबर एयर मार्शल अजीत भोसले रायपुर आए हुए हैं. राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को आईपीएस अवार्ड के लिए हुई डीपीसी में यूपीएसएस मेंबर भोसले के साथ चीफ सेक्रेटरी अमिताभ जैन, एसीएस होम सुब्रत साहू, डीजीपी डी एम अवस्थी शामिल हुए. वहीं आईएफएस के लिए हुई डीपीसी में यूपीएससी मेंबर के अलावा चीफ सेक्रेटरी अमिताभ जैन, प्रिसिंपल सेक्रेटरी फारेस्ट मनोज पिंगुआ और पीसीसीएफ राकेश चतुर्वेदी शामिल रहे।
राज्य पुलिस सेवा से आईपीएस प्रमोशन के लिए निर्धारित दो पदों के लिए करीब आधा दर्जन नामों का पैनल तैयार किया गया था. इस पैनल में 1996 बैच के धर्मेंद्र छवई और 97 बैच के डी एस मरावी का नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है. इस पैनल में उमेश चौधरी, मनोज खिलाड़ी, रवि कुर्रे और सी डी टंडन के नाम शामिल हैं. इधर राज्य वन सेवा से आईएफएस प्रमोट किए जाने के लिए पांच नामों का पैनल तैयार किया गया है. आईएफएस के लिए पांच पद वेकेंट हैं, ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि जिन पांच नामों का पैनल तैयार किया गया, उन सभी को आईएफएस अवार्ड कर दिया जाए. आमतौर पर एक पद के लिए तीन नाम भेजे जाते हैं, यानी पांच पदों के हिसाब से करीब 15 नामों का पैनल तैयार होता, लेकिन योग्यता-मापडंद के लिहाज से वन विभाग से पांच नामों का पैनल तैयार किया गया. डीपीसी में हुई रायशुमारी के बाद नामों का पैनल बंद लिफाफा तैयार कर लिया गया है।
राज्य वन सेवा के ये पांच अधिकारी आईएफएस प्रमोट
आईएफएस के पांच पदों के लिए हुई डीपीसी में राज्य वन सेवा के पांच अधिकारियों में लखन सिंह, चुरामणि सिंह, सलमा फारूखी, पुष्पलता टंडन और लोकनाथ पटेल के नाम शामिल हैं. लखन सिंह फिलहाल बलरामपुर में प्रभारी डीएफओ के रूप में तैनात हैं. वहीं चुणामणि सिंह मुंगेली में एसडीओ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. सलमा फारूखी रायपुर में अनुसंधान विस्तार अधिकारी हैं, वहीं पुष्पलता टंडन डोंगरगढ़ एसडीओ और लोकनाथ पटेल अरण्य भवन में सहायक वन संरक्षण का दायित्व संभाल रहे हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है. आसमान छूते दामों को लेकर नेता से से लेकर अब आम जनता से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि को लेकर मोर्चा खोल रहे हैं. इसी कड़ी में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट के आह्वान पर छत्तीसगढ़ के ट्रांसपोर्टर्स ने भी ब्लैक डे मनाया. डीजल के बढ़ते दाम को कम करने की मांग की।
छत्तीसगढ़ ट्रांसपोर्टर्स ने मनाया ‘काला दिवस’
रायपुर-बस्तर कोरापुट परिवहन संघ के सचिव दीवाकर अवस्थी ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर के संघ से जुड़े परिवहनकर्ता अपने वाहनों में काला झंडा लगाकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के लिए निकले हैं. हमारी मांग है कि रोड टैक्स में छूट दी जाए. डीजल की कीमत में भारी वृद्धि हो रही है, इसलिए भाड़े में भी वृद्धि होनी चाहिए।
दीवाकर अवस्थी ने बताया कि हमने सरकार को 5 अगस्त तक का समय दिया है. अगर तब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती तो हम ट्रक को सड़कों पर खड़ा कर देंगे और चक्का जाम करेंगे. उसके बाद भी सरकार हमारी मांगों को अनसुना करती है, तो हम आत्महत्या करने की कोशिश करेंगे।
दीवाकर अवस्थी ने बताया कि हमारे पास अब कोई विकल्प नहीं बचा है. ट्रांसपोर्टर्स का कहना है कि वह कई दिनों से राज्य सरकार से भाड़े में वृद्धि की मांग कर रहे थे, लेकिन अब तक उनकी मांगों को अनसुना किया गया है. अब उन्होंने 1 महीने का अल्टीमेटम दिया है, ट्रांसपोर्टर्स ने उम्मीद जताई है कि इस प्रदर्शन के बाद शायद उनकी मांगें पूरी हो जाए।

panchayattantra24.com,रायपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित देश के 12 राज्यो में कोरोना वायरस के डेल्टा प्लस वेरिएंट के मरीज पाए जाने पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने प्रदेश सरकार से इस दिशा में बजाय ज़ुबानी जमा-ख़र्च के ज़मीनी स्तर पर युद्धस्तर पर काम करने को कहा है. साय ने चेताया कि अभी से इस दिशा में प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस के रोकथाम की पुख़्ता व्यवस्था नहीं की तो छत्तीसगढ़ के हालात गंभीर होंगे और उसके लिए सिर्फ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी राज्य सरकार ही ज़िम्मेदार होगी।
विष्णुदेव साय ने कहा कि डेल्टा प्लस वेरिएंट के संक्रमण की आशंकाओं के मद्देनज़र मुख्यमंत्री बघेल का महज़ यह कह देना पर्याप्त नहीं है कि अधिकारियों के अलर्ट कर दिया गया है. जानकारों ने जब इस वायरस को इतना भयावह माना है कि यह 30 सेकंड में किसी को संक्रमित कर सकता है और यह पहले की तुलना में घातक हो सकता है, तब मुख्यमंत्री बघेल इसकी रोकथाम के लिए अभी से इस दिशा में ठोस पहल करने के बजाय इसे हल्के में ले रहे हैं।
साय ने कहा कि प्रदेश में अनलॉक होने के साथ साथ कई राज्यो के लोग छतीसगढ़ आ रहे है. प्रदेश सरकार बताए कि प्रदेश में हवाई, रेल और बस यात्रा करके कितने लोग छत्तीसगढ़ में आ रहे हैं और अन्य प्रदेशों के कितने लोग यहाँ आकर रुके है?
साय निम्न बातों की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित किया है-
1. रेलवे स्टेशन से आने वाले यात्रियों की जांच को लेकर लापरवाही बरती जा रही है न ही उनसे 72 घण्टे पहले की रिपोर्ट मांगी जा रही है।
ऐसे में अन्य प्रदेशों से कोई भी डेल्टा प्लस वायरस संक्रमित प्रदेश में इसे फैला सकता है.
2. निजी व सरकारी बसों से आने वाले यात्रियो पर भी चेकिंग और कोरोना से संबंधित नियमो का पालन कागजो तक सीमित है।
3.निजी वाहनों से छतीसगढ़ प्रवेश करने पर कोई जांच या अन्य सुरक्षा के उपायों का पालन नहीं किया जा रहा.
4.अन्य प्रदेशों से माल लेकर आने वाले वाहन प्रतिदिन हजारों की संख्या में प्रदेश में आ रहे है सरकार उनके चालको की जांच व अन्य चीज़ों के लिए भी निष्क्रिय है।
साय ने कहा कुल मिलाकर सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठ गयी है व कोरोना की रोकथाम को लेकर पूरी तरह से सुस्त रवैया अपनाए हुए है जो प्रदेश वासियो के लिए घातक हो सकता है।

panchayattantra24.com, रायपुर।राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक 1 जून 2021 से अब तक राज्य में 237.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 28 जून तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार कोरबा जिलें में सर्वाधिक 411.6 मिमी और दंतेवाड़ा जिले में सबसे कम 148.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा में 196.3 मिमी, सूरजपुर में 261.9 मिमी, बलरामपुर में 236.5 मिमी, जशपुर में 274.3 मिमी, कोरिया में 240.9 मिमी, रायपुर में 248.4 मिमी, बलौदाबाजार में 304.0 मिमी, गरियाबंद में 241.7 मिमी, महासमुंद में 207.7 मिमी, धमतरी में 255.8 मिमी, बिलासपुर में 217.2 मिमी, मुंगेली में 155.3 मिमी, रायगढ़ में 223.9 मिमी, जांजगीर चांपा में 226.9 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 266.3 मिमी, दुर्ग में 276.8 मिमी, कबीरधाम में 215.4 मिमी, राजनांदगांव में 168.0 मिमी, बालोद में 238.6 मिमी, बेमेतरा में 316.1 मिमी, बस्तर 154.8 मिमी, कोण्डागांव में 176.1 मिमी, कांकेर में 214.8 मिमी, नारायणपुर में 213.5 मिमी, सुकमा में 289.5 मिमी और बीजापुर में 257.7 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की गई।