Browsing: रायपुर

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘संत कबीर का छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन किया.  साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय परिसर में भव्य संत कबीर द्वार का शिलान्यास किया. इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संत कबीर की वाणी को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि संत कबीर 650 साल पहले आये थे, लेकिन उनके संदेश आज भी समसामयिक हैं। 
CM ने किया ‘संत कबीर का छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि संत कबीर की महिमा छत्तीसगढ़ के कण-कण में व्याप्त है. संत कबीर प्रेम, सामाजिक समरता और मानवता के कवि थे, वे एक समाज सुधारक भी थे, जिन्होंने सामाजिक कुरीतियों पर कठोरता से प्रहार किया. उनके मानने वाले हर जाति, हर धर्म के लोग हैं. उन्होंने कहा कि संत कबीर 650 साल पहले आये थे, लेकिन उनके संदेश आज भी समसामयिक हैं. उनकी वाणी को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। 
KTU में बनेगा भव्य संत कबीर द्वार
मुख्यमंत्री बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में संत कबीर जयंती पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे. उन्होंने इस कार्यक्रम में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जन संचार विश्वविद्यालय रायपुर के प्रशासनिक भवन के गेट का नामकरण संत कबीर के नाम पर किया. संत कबीर द्वार का शिलान्यास किया. उन्होंने कबीर विकास संचार अध्ययन केन्द्र द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ‘‘संत कबीर का छत्तीसगढ़‘‘ पुस्तक का विमोचन भी किया. इस पुस्तक के सम्पादक कबीर विकास संचार अध्ययन केन्द्र के अध्यक्ष कुणाल शुक्ला और डॉ. सुधीर शर्मा हैं। 
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि संत कबीर और छत्तीसगढ़ का चोली-दामन का साथ है. अमरकंटक के कबीर चबूतरा में संत कबीर और गुरू नानक देव जी की भेंट हुई थी. उनका कभी छत्तीसगढ़ में पदार्पण नहीं हुआ, लेकिन उनका संदेश छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में व्याप्त है. छत्तीसगढ़ के लोगों में संत कबीर और गुरू बाबा घासीदास जी के संदेशों का व्यापक प्रभाव है. इसलिए छत्तीसगढ़ के लोग ईमानदार, संतोषी, विश्वसनीय और जीवन के अर्थ को व्यापक रूप से लेते हैं. इसीलिए हमारा छत्तीसगढ़ शांति का टापू कहलाता है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरू समाज को सही रास्ते पर ले जाने का कार्य करते हैं. आज की तेज जीवन शैली में गुरूओं की वाणी हमारे जीवन में शांति ला सकती है. जीवन में आने वाली उलझनों का समाधान भी गुरूओं की वाणी में देखा जा सकता है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और भारत की धरती पर अनेक संतों का अवतरण हुआ. चाहे बुद्ध, महावीर की बात कहें या शंकराचार्य, वल्लभाचार्य, गुरू नानक देव, संत कबीर या गुरू बाबा घासीदास, इन महापुरूषों ने अपने समय के सवालों का जवाब दिया. मुख्यमंत्री ने कबीर जयंती पर कबीर पंथ के सभी अनुयायियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी लोगों को संत कबीर के रास्ते पर चलकर छत्तीसगढ़ के नवनिर्माण में सहयोग देने का आव्हान किया। 
गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि संत कबीर ने जीवन जीने का सुगम तरीका बताया, ताकि हम सही रास्ते पर चलें. संत कबीर अंधविश्वास, पाखण्ड, छूआछूत जैसी बुराईयां के सख्त विरोधी थे, उन्होंने सामाजिक बुराईयों पर कड़े शब्दों में प्रहार किया. कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि कबीर और गुरू बाबा घासीदास के विचारों के बदौलत ही छत्तीसगढ़ में आने वाले लोग छत्तीसगढ़ के हो जाते हैं. उनके विचारों के बदौलत ही छत्तीसगढ़ में सबको समाहित करने की विशेषता है। 
राज्य सरकार संत कबीर के रास्ते पर चलकर लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठाने का काम कर रही है. कार्यक्रम का संचालन कबीर विकास संचार अध्ययन केन्द्र के अध्यक्ष श्री कुणाल शुक्ला ने किया. इस अवसर पर डॉ. सुधीर शर्मा, आशीष दुबे, राजू सिंह चंदेल, प्रीति उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलसचिव आनंद शंकर बहादुर उपस्थित थे। 
 

 
 panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना संक्रमण से पूरा विश्व जूझ रहा है, लेकिन कांग्रेस की सरकार षड्यंत्र रच रही है. ये कोरोना से लड़ने के बजाय ये आपस में लड़ रहे हैं. इनकी घोषणा पत्र के काम अब तक पूरे नहीं हुए. इन्होंने नशा मुक्ति की बात की थी, लेकिन अब घर-घर दारु बेच रहे हैं. यह बात छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कही.
  कांग्रेस सरकार की घोषणा पत्र के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को सब पता है, हमारे कार्यकर्ता जागरूक हैं, इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच में जाएंगे. उन्होंने सेवा ही संगठन प्रमुख मुद्दा बताते हुए काह कि जनता के बीच में जाना और सेवा को समझना है.
मौत को लेकर कांग्रेस के पर सर्वे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार को मौत पर सर्वे की जरूरत नहीं है, वह अपने टूलकिट को देखें. टूलकिट के माध्यम से उन्होंने लाश की राजनीति भी की, उनका सर्वे भी ऐसे ही होगा. वहीं भाजपा संगठन की बैठक को लेकर कहा कि राजनीतिक दल के नाते हमारा दायित्व है कि हम चुनाव के लिए तैयार रहें, और पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार होते हैं.
उन्होंने कहा कि तांबे के बर्तन को बार-बार मांजने की जरूरत होती है, इसलिए हम समय समय पर चिंता करते रहते हैं. 2023 को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे होते हुए कांग्रेस की सरकार कैसे आएगी. भारतीय जनता पार्टी की सरकार आएगी, हमने योजनाओं का लाभ देने के लिए धर्म और जाति को नहीं देखी, सभी वर्गों को लाभ दिया जिसका फल मिलेगा.
अनुसूचित जाति मोर्चा की ली बैठक
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी अपने कामों का ब्यौरा सौंपने के साथ आने वाले समय को लेकर रणनीति बनाएंगे.  बैठक में बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल साहू, एससी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नवीन मार्कण्डेय, सरला कोसरिया, कमला देवी पाटले, निर्मल सिन्हा, भूषणलाल जांगड़े सहित एससी मोर्चा के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे.

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. मंदिर हसौद थाना पुलिस ने 1 क्विंटल गांजे के साथ 7 आरोपी को गिरफ्तार किया है. वहीं कोटा इलाके में महाराष्ट्र पासिंग ट्रक से 2 क्विंटल गांजा बरामद किया है. इस तरह 3 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 30 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है. पुलिस ने ऑपेरशन क्लीन अभियान के तहत कार्रवाई की है.
लंबे समय बाद जाल में फंसी बड़ी मछलियां
रायपुर पुलिस ने लंबे समय बाद बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है. इससे पहले छोटे तस्करों को ही पकड़ पा रही थी. जबकि बड़े मछली इनके चंगुल से बच निकल रहे थे. पुलिस ने सूचना के आधार पर मंदिर हसौद इलाके में एक क्विंटल गांजा दो वाहनों से बरामद किया है.
मप्र ले जा रहे थे गांजा
बताया जा रहा है कि आरोपी ओडिशा से रायपुर के रास्ते मध्यप्रदेश गांजा ले जा रहे थे. उससे पहले ही पुलिस ने इनके मंसूबे पर पानी फेर दिया. पुलिस ने गांजे के साथ 7 आरोपी को गिरफ्तार किया है. जिसमें 5 ओडिशा और 2 रायपुर के रहने वाले हैं. पिकअप और अर्टिगा वाहन समेत कैश भी जब्त किया है.
नमक की आड़ में तस्करी
इसके अलावा कोटा इलाके में महाराष्ट्र पासिंग ट्रक से 2 क्विंटल गांजा बरामद किया गया है. महाराष्ट्र से नमक ट्रांसपोर्ट के आड़ में छुपा कर तस्करी की जा रही थी. सूचना के आधार पर एसिस्टेंट एसपी अंकिता शर्मा ने अपनी टीम के साथ दबिश दी. जहां से ट्रक में नमक के नीचे गांजा बरामद हुआ.
मालिक की तलाश कर रही पुलिस
एसिस्टेंट एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि MH 04 महाराष्ट्र पासिंग ट्रक में नमक ट्रांसपोर्ट करने के आड़ में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था. कोटा इलाके में खड़ी ट्रक पर दबिश देकर करीब 200 किग्रा गांजा बरामद किया गया है. जिसकी कुल कीमत लगभग 15-20 लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर मालिक की तलाश कर रही है.
पुलिस देर शाम करेगी खुलासा
इस तरह राजधानी रायपुर पुलिस ने गुरुवार को गांजा तस्करों के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 क्विंटल गांजा जब्त किया है. जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है. पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा देर शाम करेगी.
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस सरकार ढाई सालों में असफल रही है। हाईकोर्ट ने सरकार को गोबर कह दिया, इस सरकार की छवि कैसी बन रही है, जनता देख रही है। डेवलपमेंट नाम की चिड़िया होती है, ये लोग भूल गए हैं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद कही।
राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की मौजूदगी में बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई। इसमें डॉक्टर रमन सिंह के अलावा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक समेत सभी विधायक मौजूद रहे। बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केंद्र की राशि से राज्य की फ्लैगशिप योजना चलाई जा रही है। जल जीवन योजना की सात हजार करोड़ की पहली किस्त केंद्र सरकार ने जारी की, लेकिन भूपेश सरकार यहां ऐसे फोटो छपा रही है, जैसे राज्य की योजना हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में गरीबों के छह लाख आवास बनने थे, लेकिन राज्य की लापरवाही से केन्द्र की 800 करोड़ की राशि लौट गई। नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी जैसी योजना की राशि के लिए स्टेट बजट में कोई प्रावधान नहीं रखा गया है। अरबों रुपए का धान सड़ रहा है, सरकार कैप कवर तक की व्यवस्था नहीं कर पाई। समितियों में काम करने वाले लोग इस्तीफा देने की बात कह रहे हैं। भ्रष्टाचार नीचे से ऊपर तक फैला हुआ है, जनता सरकार से नाराज है।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार चरम पर पहुँच गया है। सरकार केंद्रीय योजनाओं में भी गड़बड़ी कर रही है। ऐसे मुद्दों को आने वाले दिनों में उठाएंगे। सरकार की विफलता को जनता के बीच लेकर जाने की रणनीति बनी है।

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया. इस अवसर पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री बघेेल ने इस अवसर पर अपने सन्देश में कहा है कि रानी दुर्गावती भारत की उन वीरांगनाओं में से एक हैं, जिन्होंने अपने शौर्य और साहस से वीरता की एक नई इबारत लिखी. उन्होंने अपने पति की मृत्यु के बाद न सिर्फ गोंडवाना साम्राज्य को सम्हाला बल्कि अपनी कुशलता से उसे सम्पन्न भी बनाया. रानी दुर्गावती ने मातृभूमि एवं आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए. उनका साहस और बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। नक्सलियों के दो बड़े लीडर की मौत हो गई है. नक्सली कमांडर हरि भूषण और महिला नक्सली कमांडर भारतक्का की मौत की पुष्टि की हुई है. नक्सलियों ने दोनों की तस्वीरें जारी कर यह जानकारी दी है. दोनों नक्सली ने अलग-अलग बीमारी के चलते दम तोड़ा है. पुलिस ने कोरोना से मौत होने का दावा किया था, लेकिन नक्सलियों ने कोरोना वायरस होने की बात से इंकार किया है. हरिभूषण के सर पर 40 लाख रुपए का इनाम था।
महिला नक्सली कमांडर भारतक्का और नक्सली कमांडर हरि भूषण
नक्सलियों ने जारी की तस्वीरें
नक्सलियों जारी प्रेस नोट में लिखा है कि दंतेवाड़ा कामरेड हरिभूषण तेलंगाना राज्य समिति के सचिव और केंद्रीय समिति का सदस्य था. 21 जून की सुबह 9 बजे क्रोनिक ब्रोंकाइटिस और अस्थमा की वजह से मौत हो गई. वहीं महिला नक्सली सरक्का (भारत) की 22 जून की सुबह 9.50 बजे मौत हुई है. नक्सलियों ने दोनों का अंतिम संस्कार भी कर दिया है. उनकी तस्वीरें भी जारी की है।
तेलंगाना का रहने वाला था हरिभूषण
नक्सली हरि भूषण उर्फ यापा नारायण तेलंगाना के महबूबाबाद जिले के कोट्टागुडा क्षेत्र के मारिगुडा गांव का रहने वाला था. 1995 में पीपुल्स वार गुरिल्ला में शामिल हुआ था. इसके बाद से पिछले कई सालों से बस्तर के बीजापुर जिले के पामेड़ इलाके में सक्रिय था. इस पर वर्तमान में तेलंगाना स्टेट कमेटी के सचिव पद की जिम्मेदारी थी. हरिभूषण ने नरसंपेट में इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की और हनमाकोंडा में अपनी डिग्री पूरी की थी।
एसपी ने भी मौत का किया था दावा
नक्सलियों ने ये भी लिखा है कि पर्यावरण विनाश के कारण कोरोना आया है. कोरोना वायरस के चलते दुनिया भर में लाखों लोगों की मौत हुई है. नक्सलियों से पहले दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव और तेलंगाना के कोत्तागुड़म एसपी सुनील दत्त ने भी हरिभूषण की मौत की पुष्टि की थी।
40 लाख रुपए का था इनाम
वहीं पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि कोरोना वायरस के कारण माओवादियों की केंद्रीय समिति के सदस्य हरिभूषण उर्फ यापा नारायण की मौत हुई है. हरिभूषण के सर पर 40 लाख रुपए का इनाम था. हरिभूषण बीजापुर-सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के मिनागुरम-भट्टीगुडम-जबगट्टा गांव के जंगलों में सक्रिय था. उसकी मौत यही हुई है. हरिभूषण छत्तीसगढ़ में 22 से अधिक नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। बीएसयूपी मकान आबंटन में गड़बड़ी की जांच का आदेश मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने दिया है. मंत्री ने मामले की 10 दिन में जांच कराकर जिम्मेदार कर्मचारी अधिकारी पर कार्रवाई करने निगम कमिश्नर को निर्देश दिया है।
दरअसल, दक्षिण कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने इस मामले की शिकायत मंत्री शिवकुमार डहरिया से की. उन्होंने कहा कि बीएसयूपी मकान गरीबों के लिए आवंटित किया जाता है. स्वयं का मकान गरीबों के लिए एक सपना होता है. उसमें भी बड़ी संख्या में गंभीर शिकायते वार्ड की जनता द्वारा निरन्तर की जा रही है. जहां एक ही परिवार के अलग-अलग सदस्यों को मकान आवंटित कर दिया गया है।
वहीं कुछ परिवारों को जो बरसों से इन मकानों में रहने का स्वप्न देख रहे थे. उन्हें आज तक यह मकान उपलब्ध नहीं हो पाया हैं।
कन्हैया अग्रवाल ने मंत्री से मांग की है कि ऐसे धांधली करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियो पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए. जनता के आक्रोश पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इस पर भी कार्यवाही जल्द से जल्द करवाने की बात ब्लॉक अध्यक्ष सुमित दास ने रखी।
लोगों और व्यापारियों की समस्या बताई
कांग्रेस नेता ने कहा कि टिकरापारा क्षेत्र में वार्ड की गरीब जनता व व्यापारी वहां के कांग्रेसी जनप्रतिनिधियों नेताओं के पास निरंतर शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं. उस शिकायत पर जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेसी नेताओं द्वारा अपने स्तर पर कुछ प्रारंभिक जानकारी जुटाई गई. जो सही साबित हुई।
बता दें कि कि इस कोविड-संकट काल में व्यापार दो साल से लगभग ठप पड़ा हुआ है. ऐसे समय में अचानक नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी उस क्षेत्र के व्यापारियों को नोटिस थमाने लगे हैं. इस व्यापारियों में डर बना हुआ है. अधिकारियों का अचानक इस प्रकार से एकतरफा कार्यवाही करना अत्यंत पीड़ादायक है।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ ने विश्व ओलम्पिक दिवस के मौके पर निबंध, स्लोगन, चित्रकला और योगासन स्पर्धा का वर्चुअल आयोजन किया. इस स्पर्धा में विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने खेल मंत्री उमेश पटेल और स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम के अलावा भारतीय ओलम्पिक संघ के महासचिव राजीव मेहता वर्चुअल रूप से शामिल हुए. वहीं यूनियन क्लब में विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा और छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा की मौजुदगी में पुरस्कार सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
होरा के प्रयासों को मंत्रियों ने सराहा
खेल मंत्री उमेश पटेल और स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा की कोरोना महामारी में भी इस तरह का आयोजन छत्तीसगढ़ ओलपिक संघ के द्वारा किया है. छत्तीसगढ़ के खेलों को बढ़ावा देने का कार्य हो रहा है. पहले छत्तीसगढ़ के खेलों को बढ़ावा नहीं मिला, लेकिंन भूपेश सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ के खेलों कों बहुत ज्यादा बढावा मिल रहा है. छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ इस दिशा में बेहतर कार्य कर रहा है. इसके लिए सीजीओए महासचिव गुरूचरण सिंह होरा के प्रयासों की दोनों ही मंत्रियों ने जमकर सराहना की।
होरा ने सीएम का माना आभार
पुरस्कार समारोह के दौरान सीजीओए महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने आयोजन के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया. होरा ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की ही प्रेरणा है, जिसकी वजह से एक बेहतर आयोजन हो पाया है. होरा ने बताया कि 27 जिलों से 3000 प्रतिभागीयो ने भाग लिया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जहां इस तरह का आयोजन किया गया।
इन्होंने जीता पुरस्कार
निबंध –
विजेता परिधि शर्मा प्रथम दुर्ग
पूजा वैष्णव बलौदाबाजार द्वितीय
चित्रकला साहू तृतीय
चित्रकला
समीर वर्मा बलौदाबाजार प्रथम
गौरव गहिरवारे रायपुर द्वितीय
सागर साहू तृतीय
योगासन 8 से 17 वर्ष में
पुजा चन्द्राकर दुर्ग प्रथम
युक्ति चंद्राकर रायपुर द्वितीय
प्रज्ञा विश्वकर्मा बलौदाबाजार तृतीय
योगासन 18 से ऊपर
जान्हवी कैवर्तष बलौदाबाजार, प्रथम
तनुजा पैंकरा जशपुर द्वितीय
शाम्भी सक्सेना रायपुर तृतीय
स्लोगन
अमन पटेल बलौदाबाजार प्रथम
मयंक दिल्ली वार दुर्ग द्वितीय
सतीश उपाध्याय कोरिया तृतीय

 panchayattantra24.com,रायपुर। श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर भाजपा ने रायपुर के शारदा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. बरसते पानी में भी बीजेपी के नेताओं ने मुखर्जी को याद किया।
सांसद सुनील सोनी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को लेकर कहा कि हमारे जनसंघ के संस्थापक रहे हैं. उन्होंने कश्मीर को आजाद करने के लिए लड़ाई लड़ी. पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को भारतीय जनता पार्टी ने 2019 में पूरा भी किया. धारा 370 और 35a को समाप्त किया. अब कश्मीर भारत का ही अंग है।
जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि वे भारतवर्ष के योद्धा थे. जिन्होंने कश्मीर को आजाद करने के लिए लम्बी लड़ाई लड़ाई लड़ी।
पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कश्मीर में धारा 370 समाप्त हुआ और उसकी पहल किसी ने की तो वो श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की. बंगाल अगर भारत में है तो मुखर्जी के कारण है. उन्होंने इस देश के लिए अपना बलिदान दिया. राष्ट्रीयता का बीज उन्होंने बोया, आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सब उन्हें याद कर रहे हैं।
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना की वजह से बेसहारा हुए बच्चों का जीवन छत्तीसगढ़ महतारी दुलार योजना के जरिए संवारे का फैसला सरकार ने लिया. इसी योजना के तहत स्कूल शिक्षा विभाग ने ऐसे बच्चों के शिक्षा का बीड़ा उठाया है. इन बच्चों को स्वामी आत्मानंद अंग्रेज़ी मीडिया स्कूल में प्रवेश में प्राथमिकता दी जाएगी. इसके अलावा बच्चों को स्कॉलरशिप भी दी जाएगी, लेकिन भर्ती प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है, इससे विद्यार्थी पढ़ाई में पिछड़ सकते हैं. योजना को लागू हुए लगभग एक माह हो गया है. बावजूद अभी सिर्फ बच्चे चिन्हित हुए हैं, अभी आधा दर्जन से ज्यादा प्रक्रिया बाकी है।
रायपुर की स्थिति को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ए एन बंजारा ने बताया कि छत्तीसगढ़ महतारी योजना के लागू होते ही ब्लॉक स्तर, संकूल स्तर से सर्वे कराया गया. सभी ब्लॉकों से रिपोर्ट मांगी गई है. साथ ही हेल्थ विभाग से भी रिपोर्ट ली गई है. उसके अनुसार लिस्ट तैयार किया गया है. लिस्ट अभी फ़ाइनल नहीं हुई है, इसमें बच्चों की संख्या बढ़ सकती है।
डीईओ ने बताया कि रायपुर में 495 पालकों की कोरोना से मौत हुई है, जिनके कंधों पर परिवार की ज़िम्मेदारी थी. ऐसे पालकों के 700 बच्चे अनाथ हुए हैं, जिनके अध्ययन की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी. साथ ही स्कॉलरशिप की भी व्यवस्था की गई है. सर्वे के अनुसार रिपोर्ट तैयार की जा रही है. 30 जून को शासन को रिपोर्ट सौंपना है, जब तक गठित कमेटी भी नियमानुसार बच्चों का चयन करेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी बंजारा ने साथ ही लोगों से अपील करते हुए कि यदि किसी की जानकारी में ऐसे बच्चे हों तो शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आवेदन करें या सूचित करें ताकि योजना का लाभ ऐसे बच्चों को मिल सके।
योजना का उद्देश्य
कोरोना महामारी से मृत व्यक्तियों के अनाथ बच्चों को निशुल्क स्कूली शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
कैसे लें योजना का लाभ
इस योजना का संचालन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा. किसी भी स्रोत से कलेक्टर को जानकारी प्राप्त होने पर कलेक्टर जिला शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे. छात्र स्वयं या अभिभावक द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को सीधे आवेदन कर सकते हैं. प्राप्त आवेदन के परीक्षण के लिए जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित होगी. जिसमें स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के एक अधिकारी रहें।