Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया. विभाग की तैयारी को लेकर शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रेम साय सिंह टेकाम ने कहा कि कैबिनेट के फैसले के बाद स्कूल खुले हैं. लेकिन अभी सिर्फ़ शिक्षक स्कूल जाएंगे. इस दौरान प्रवेश प्रक्रिया, गणवेश वितरण, पुस्तक वितरण और छात्रवृत्ति प्रक्रिया की जाएगी. अभी भी विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद है।
छत्तीसगढ़ में स्कूल खुले, लेकिन पढ़ाई नहीं
शिक्षा मंत्री टेकाम ने कहा कि आज से शिक्षा का नया सत्र प्रारंभ हो रहा है और प्रदेश के सभी स्कूल खुल गए हैं लेकिन स्कूल में सिर्फ़ शिक्षक जाएंगे बच्चों के लिए अभी भी स्कूल बंद है. स्कूल में शिक्षक तमाम कार्यालयीन काम संपादन करेंगे. जैसे प्रवेश कार्य की पुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति, पुस्तक वितरण आदि काम किया जाएगा. साथ ही कहा कि हाई स्कूल का पुस्तक स्कूलों में पहुंच गया है. प्राथमिक स्कूल का पुस्तक 15 जुलाई तक स्कूलों में पहुंचा दिया जाएगा. उसके बाद वितरण किया जाएगा।
ऑनलाइन होगी पढ़ाई
वहीं शिक्षा मंत्री ने कहा कि पढ़ाई के माध्यम अभी ऑनलाइन हैं. ऑनलाइन माध्यमों को दुरुस्त किया गया है. पढ़ाई तुहर द्वार, मोहल्ला क्लास, बुलटू के बोल, ब्लूटूथ से पढ़ाई जारी रहेगा. छत्तीसगढ़ में स्कूल खुले है।
ग़ौरतलब है कि कोरोना के मद्देनज़र पिछले दो साल से लोकल कक्षा के बच्चों को जनरल प्रमोशन दिया गया है. वहीं पिछले साल बोर्ड कक्षा 10वीं का रिज़ल्ट असाइनमेंट के आधार पर जारी किया गया. बारहवीं बोर्ड परीक्षा, परीक्षा फ़ार्म होम से लिया गया है. इस दौरान सिर्फ ऑनलाइन पढ़ाई एक मात्र विकल्प था।

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरते हुए सात साल के कार्यकाल का सीडी जारी किया. कांग्रेस की महिला सांसदों ने महंगाई के बीते दस सालों में उच्चतम स्तर पर होने की बात कहते हुए इसके लिए मोदी सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया. इसके साथ ही 20 जून को प्रदेशभर में वर्चुअल धरना देने का एलान किया।
राजीव भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने कहा कि खाद्य तेल की कीमत 70 फीसदी तक बढ़ गई है. देश की हालत महंगाई से बिगड़ गई. आज देश में यही नारे गूंज रहे हैं, ‘बहुत हुई महंगाई की मार, शर्म करो मोदी सरकार’. भाजपाई किसी को मुंह दिखाने के लायक नहीं है. भाजपा की महिला नेत्रियां भी लापता हैं, जो सिलेंडर लेकर हल्ला बोला करती थीं. तमाम हस्तियां भी चुप हैं, जो बात-बात मोदी के लिए ट्वीट करते थे. महिलाओं को वोट मांगने के लिए उज्ज्वला योजना शुरू किया गया था. आज महंगाई इतनी है कि गैस सिलेंडर महिलायें नहीं भरवा पा रही हैं।
राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने कहा कि आज देश विषम परिस्थिति में है. कोरोना संकट है. महंगाई की मार ऊपर से है. किराना समानों की कीमत आज बेहताशा बढ़ गई है. मोदी सरकार जो आज मंत्री बने बैठे हैं, वहीं यूपीए सरकार में महंगाई को लेकर सड़क पर नाच-गान करते थे. आज जनता के सामने ये सभी मुँह दिखाने लायक नहीं. आज देश की महिलाएं मोदी सरकार से पीड़ित हैं. आज देश को शाह और शंहशाह ही चला रहे हैं. लेकिन अब ज्यादा दिन है. चाय वाला को अब जनता सबक सिखाएगी. आने वाले सभी चुनाव बीजेपी हारेगी।
ज्योत्सना महंत ने कहा कि आम आदमी की रीढ़ की हड्डी मोदी सरकार ने तोड़ दी है. जब यूपीए सरकार की तब कच्चे तेल के दाम ज्यादा थी, फिर भी पेट्रोल के दाम कम थी. लेकिन आज कच्चे तेल की कीमत अंतराष्ट्रीय बाजार में कम है तो, फिर पेट्रोल-डीजल के दाम ज्यादा क्यों ? पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से सभी तरह के सामानों की दर बढ़ गई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। हां, शायद आपको ये सुनकर थोड़ा आश्चर्य जरूर लग रहा होगा. पर ये सच है. रायपुर से ताल्लुक रखने वाली इस कंपनी के शेयर पिछले 1 साल में करीब 870 फीसदी चढ़े है और पिछले 5 साल में करीब 2400 फीसदी तेजी आई है।
हम बात कर रहे है जीपीआईएल की. गोदावरी पावर एंड इस्पात (GPIL) के शेयरों ने पिछले एक साल में लंबी छलांग लगाई है. यह शेयर पिछले एक साल में 870 फीसदी चढ़ा है. जीपीआईएल रायपुर की कंपनी हीरा ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की फ्लैगशिप कंपनी है और लॉन्ग प्रॉडक्ट सेगमेंट खासकर माइल्ड स्टील वायर में इसका दबदबा है. कंपनी स्पॉन्ज आयरन, बिलेट्स, फेरो अलॉयज, कैप्टिव पावर, वायर्स रॉड्स, स्टील वायर्स, ऑक्सिजन, फ्लाई ऐश बिक्र और आयरन ओर पेलेट्स बनाती है।
पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर में 55 फीसदी तेजी आई है जबकि इस साल अब तक यह 210 फीसदी रिटर्न दे चुका है. सोमवार को कंपनी का शेयर 20 फीसदी की छलांग के साथ 1502 रुपये के करीब पहुंच गया था लेकिन मंगलवार को इसमें गिरावट आई. दोपहर बाद दो बजे यह 4.58 फीसदी की गिरावट के साथ 1433.60 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. पिछले एक साल में इसमें 870 फीसदी और पिछले 5 साल में 2,400 फीसदी की तेजी आई है. अगर 5 साल पहले आपने इसमें 10 हजार रुपये का निवेश किया हो तो आज इसकी वैल्यू 2.5 लाख रुपये हो गई है।
गोदावरी पावर एंड इस्पात के शेयरों में तेजी के कई कारण हैं. इनमें सहयोगी कंपनियों में विनिवेश, मार्च तिमाही में मजबूत कमाई और मांग में तेजी शामिल है. जीपीआईएल के बोर्ड ने सहयोगी कंपनी गोदावरी ग्रीन एनर्जी में अपनी शेयरहोल्डिंग के विनिवेश के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. साथ ही कंपनी पावर जेनरेशन और आयरन प्रॉडक्ट्स में भी सक्रिय है. विश्लेषकों का कहना है कि इस साल इन चीजों की मांग में काफी इजाफा हो सकता है. बिजली की मांग भी लगातार बढ़ रही है. मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट कई गुना बढ़कर 304.01 करोड़ रहा जो 2019-20 की समान तिमाही में 34.22 करोड़ रुपये था।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस की तबाही कुछ हद तक थमी है, इसी बीच ब्लैक फंगस की आफत भी लोगों को धीरे-धीरे मौत के मुंह में धकेल रही है. मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. प्रदेश में अब तक 304 लोग ब्लैक फंगस से संक्रमित हो चुके हैं. खतरनाक बीमारी को कंट्रोल में करने और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अब सरकार ने अच्छी पहल की है.
ब्लैक फंगस के मरीजों को मिलेगी मदद
छत्तीसगढ़ सरकार ने ब्लैक फंगस के मरीज़ों और परिजनों के लिए राहत भरी खबर दी है. अब ब्लैक फंगस के मरीजों का इलाज सरकारी योजनाओं के तहत संभव है. इस बीमारी को आयुष्मान और खूबचंद बघेल योजना में शामिल किया गया है. इससे खतरनाक फंगस के मरीज़ों को बहुत हद तक राहत मिलेगी.
20 लाख रुपये तक करा सकेंगे फ्री इलाज
मामले में राज्य नोडल एजेंसी के अधिकारी ने कहा कि इलाज के लिए पांच लाख रुपये का प्रावधान किया गया है. पांच लाख से ज़्यादा लागत पर CM सहायता योजना के तहत 20 लाख रुपये तक निर्धारित किया गया है. इनमें ऑपरेशन, दवा, इंजेक्शन सभी योजनाओं में शामिल है.
राज्य नोडल एजेंसी के अधिकारी ने कहा कि आयुष्मान में पंजीकृत राज्य के हॉस्पिटल एडवाइजरी का पालन करते हुए इलाज कर सकते हैं. मरीज़ों को बड़ी राहत मिली है. वर्तमान में राज्य में फंगस के मरीज़ों की संख्या 304 है. जिसमें से 165 मरीजों का ऑपरेशन किया गया है. इस बीमारी से 35 मरीज ठीक भी हो चुके हैं.
राज्य नोडल एजेंसी के अधिकारी और डॉक्टर राजिम वाले ने बताया कि ब्लैक फंगस योजना में शामिल कर लिया गया है, ऑपरेशन, दवा इंजेक्शन तमाम ख़र्च समाहित किया गया है ख़ूबचंद बघेल एवं आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख का प्रावधान किया गया है. इलाज में ख़र्च ज़्यादा होने पर 20 लाख तक मुख्यमंत्री सहायता योजना से इलाज राशि लेने का प्रावधान है.
आयुष्मान से पंजीबद्ध राज्य के तमाम हॉस्पिटल ब्लैक फंगस के इलाज गाइडलाइन का पालन करते हुए हॉस्पिटल मरीज़ों का इलाज कर सकते हैं. तो वहीं एक बात स्पष्ट किया गया कि जो भी मरीज़ अपने ख़र्च से इलाज करा चुके हैं, हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए हैं. उन लोगों को योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
बता दें कि प्रदेश में ब्लैक फंगस से 34 मरीजों की जान जा चुकी है. जिसमें से को-मोर्बलिटी से 13 लोगों की मौत हुई है. इसके अलावा अभी भी राज्य में खतरनाक फंगस के 231 मरीजों का इलाज चल रहा है. एम्स अस्पताल में 165, मेकाहारा में 27, सेक्टर-9 में 24 के साथ बाकी अलग-अलग मेडिकल कॉलेज और प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती है. जहां मरीजों का इलाज जारी है.

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. राजेश मूणत ने कोरोना काल में छत्तीसगढ़ को आबंटित खाद्यान्न में अनियमितता का आरोप लगाया है. साथ ही पीएम को चिट्ठी लिखकर जांच की मांग की है. मूणत के मुताबिक केंद्र सरकार ने कोरोना काल में राशन कार्डधारी प्रति परिवार को दो महीने का 10 किलो राशन राज्य सरकार को वितरण करने के लिए दिया था, लेकिन 3 सदस्य वाले परिवारों को राशन नहीं दिया गया.
मूणत ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी
राजेश मूणत ने लिखा कि भारत सरकार ने छत्तीसगढ़ शासन को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत अंत्योदय और प्राथमिकता समूह के राशन कार्ड पर 2 लाख 770 मीट्रिक टन खाद्यान्न निःशुल्क आबंटित किया. दिए गए खाद्यान्न का वितरण छत्तीसगढ़ शासन ने नहीं किया. राशन कार्डधारी हितग्राही को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न प्राप्त होने की शिकायत निरंतर प्राप्त हो रही है.
इन परिवारों को नहीं मिला राशन
केंद्र सरकार द्वारा प्रति व्यक्ति 2 महीने का 10 किलो चावल राज्य को दिया गया था, लेकिन सरकार ने ऐसे राशन कार्डधारी जिसके परिवार में 3 सदस्य हैं, उनको यह अतिरिक्त चावल नहीं दिया. राशन कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न प्राप्त होने की शिकायत मिल रही है. यह शेष अनाज कहां जा रहा है, यह जांच का विषय है.
राजेश मूणत ने लिखा कि शासन के एक मंत्री ने इस बड़ी ‘गड़बड़ी’ को स्वीकार भी किया है, लेकिन ऐसे अनियमितता जारी है. केंद्र द्वारा अब यह चावल दीपावली तक मुफ्त देने की घोषणा हुई है. इस तरह उसे भी अंतिम लाभार्थियों तक पहुंचने दिया जाएगा. इसमें संदेह है. इस अनियमितता की पड़ताल आवश्यक है.
देखें पत्र

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कई मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंंत्री, सांसद और विधायकों की मीटिंग जारी है. इस बैठक में कांग्रेस प्रदेश पीएल पुनिया भी शामिल हैं. निगम मंडल और संगठन में विस्तार को लेकर पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की चर्चा जारी है. इसी कड़ी में सांसद सुनील सोनी ने कांग्रेस की बैठक और बीजेपी मिशन 2023 की तैयारियों पर बयान दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ढाई साल की समीक्षा करनी चाहिए.
सांसद सोनी का सरकार पर हमला
सांसद सुनील सोनी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को ढाई साल की समीक्षा करनी चाहिए. गंगा जल हाथ में लेकर जिन वादों की सौगंध खाई थी, वो कितने धरातल में रहा. प्रदेश का हर वर्ग आज खुद को ठगा महसूस कर रहा है.
प्रदेश में मजदूर ठगा गया- सांसद
सोनी ने कहा कि प्रदेश में मजदूर ठगा गया, महिलाए शराबबंदी के नाम पर ठगी गई, प्रदेश में कोचिया गिरी और अवैध कमाई हुई, रेत माफिया को प्रदेश सरकार का संरक्षण मिला.
सुनील सोनी ने कहा कि अपराधियों के मन में मेरी सरकार वाला भाव है. कांग्रेस को अपने वादों की समीक्षा आवश्यक है. आगामी ढाई साल में वो कैसी सरकार देना चाहते है ये भी कांग्रेस को बताना चाहिए. प्रदेश में कोचिया गिरी और अवैध कमाई जारी है.
वहीं सोनी ने भाजपा की 2023 की तैयारियों पर कहा कि ढाई साल में बतौर विपक्ष अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं. आज हम घर घर जा रहे, लोगों से चर्चा कर रहे हैं. भाजपा की बेहतर तैयारी आगामी समय में दिखेगी.

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के ढाई साल 17 जून को पूरे होने वाला है. आज राजीव भवन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंत्रियों, विधायकों और कांग्रेस के नेताओं को संबोधित किया. अपनी सरकार के 30 महीने की उपलब्धियों से पदाधिकारियों को रूबरू कराया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी।
निगम मंडल और संगठन में जल्द होगी नियुक्ति
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने निगम मंडल और संगठन में विस्तार को लेकर प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से चर्चा की है. निगम मंडल और संगठन के कुछ पदों पर जल्द नियुक्ति होगी. सीएम के बयान के बाद साफ हो गया है कि बाकी बचे पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी।
2023 विधानसभा चुनाव के जीत का दिया मंत्र
सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम ने 2023 के विधानसभा चुनाव के जीत का मंत्र दिया. उन्होंने कहा कि अगर 2023 के चुनाव में जाना है, तो अभी से तैयारी शुरू करें. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने युवाओं, आदिवासियों और महिलाओं के लिए लड़ाई लड़ी है. हमारे नेता राहुल आए थे, तब मंत्री मण्डल की शपथ लिए. नक्सल से बड़ी समस्या कुपोषण है, अशिक्षा है. जिसके खिलाफ लड़ाई जारी है।
पीएल पुनिया ने भी दिए थे संकेत
इससे पहले सोमवार को कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने निगम मंडल की नियुक्तियों पर कहा था कि अभी प्रक्रिया चल रही है. अंतिम रूप लेने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से अनुमोदन के लिए प्रक्रिया में लंबित है. उसमें समय लग रहा है. हालांकि जल्द नियुक्ति हो जाएगी. ऐसे में निगम मंडल में नियुक्ति के इंतजार में बैठे कांग्रेस नेताओं के चेहरे में मुस्कान लौट आई है।
ढाई साल होने पर कांग्रेस का 5 दिवसीय कार्यक्रम
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के ढाई साल 17 जून को पूरे होने जा रहा है. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार 14 जून से 5 दिवसीय कार्यक्रम तैयार किया है।
राजीव भवन में सोमवार 14 जून को दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम राज्य और संभाग स्तरीय बूथ प्रबंधन समिति की बैठक ली।
मंगलवार 15 जून को सभी प्रदेश पदाधिकारी मोर्चा-संगठन और प्रकोष्ठ-विभाग के प्रदेश अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ. प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया पदाधिकारियों को संबोधित भी किया. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी अपनी सरकार के 30 महीने की उपलब्धि पदाधिकारियों को बताई।
बुधवार 16 जून को महंगाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम और राज्यसभा सांसद छाया वर्मा पत्रकार वार्ता लेंगे. इसी दिन प्रदेश और जिला के प्रवक्ताओं का प्रशिक्षण होगा।
गुरुवार 17 जून को समस्त बूथ, ब्लॉक और जिला स्तर पर एक ऑडियो लॉन्च किया जाएगा.
शुक्रवार 18 जून को महंगाई के विरोध में सांकेतिक चक्काजाम सभी राष्ट्रीय और राजकीय सड़क मार्गों पर 5 मिनट तक किया जाएगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। राज्य सरकार ने ग्रामीणों को वन अधिकार पत्र दिए जाने से उन्हें अपने जमीन पर अधिकार मिलने के साथ आजीविका के साधन के रूप में बड़ा सहारा मिला है. बलरामपुर जिले में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मुरका गांव के वन अधिकार पत्र प्राप्त करने वाले ग्रामीण फूलसाय और राजाराम पोर्त से वर्चुअल माध्यम से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना।
मुख्यमंत्री भूपेश ने दूरस्थ जिले के ग्रामीणों से न सिर्फ वन अधिकार पत्र से उनके जीवन में आए बदलाव और सहूलियत के संबंध में जानकारी ली बल्कि अपने किसानी के अनुभव से उन्हें जमीन की उत्पादन क्षमता को बढ़ाने सुझाव भी दिया।
मुख्यमंत्री बघेल से बात करते हुए राजाराम पोर्ते ने बताया कि उन्हें 2 एकड़ जमीन का पट्टा मिला है, जिसमें डबरी और कुआं भी है. कुंआ के पानी का उपयोग वे साग-सब्जी लगाने में करते हैं और डबरी से गेहूं, सरसों बोते हैं और उसमें मछली पालन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री बघेल द्वारा सब्जी के उत्पादन के संबंध में पूछने पर राजाराम ने बताया कि दो से ढाई क्विंटल सब्जी उन्होंने बेचा है. इस पर बघेल ने सब्जी का उत्पादन कम होने का कारण पूछने पर राजाराम ने नयी जमीन और उपजाऊ नहीं होना बताया. इस पर मुख्यमंत्री बघेल ने उन्हें खेती-किसानी का गुर बताते हुए जमीन की उत्पादकता बढ़ाने के लिए उसमें वर्मी कम्पोस्ट डालने की सलाह दी।
इसी तरह फूल साय ने बताया कि उन्हें ढाई एकड़ का वन अधिकार पत्र मिला है जिसमें एक डबरी और एक कुआं है. मुख्यमंत्री बघेल कुआं में पानी होने संबंधी जानकारी लेने पर फूलसाय ने बताया कि उनके कुआं में पानी है जिससे वे सिंचाई करते हैं और डबरी में मछली पालन करते हैं. मुख्यमंत्री के पूछने पर उन्होंने बताया कि रोहू मछली का पालन कर रहे हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। नगर निगम रायपुर में सरकारी आदेश का खुलेआम माखौल उड़ाया जा रहा है. निगम के 170 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी दो घंटे की देरी से पहुंचे. इन लोगों की चोरी मुख्य प्रवेश द्वार पर नाम और आने का समय नोट करने के बाद खुली. अधिकारियों की लापरवाही से काम के लिए पहुंचे लोगों को भटकना पड़ रहा है।
कोरोना संक्रमण कम होने के बाद सरकारी कार्यालयों को आम जनता के लिए खोल दिया गया है लेकिन राजधानी रायपुर के नगर निगम कार्यालय में ना तो अधिकारी मौजूद होते हैं ना कर्मचारी. ऐसे में लोग भटकने को मजबूर हैं. लोग अधिकारियों के इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
निगम कार्यालय में भटक रहे मुन्ना बंजारे, सुनीता वर्मा ने सवाल उठाते हुए कहा कि इसीलिए निगम कार्यालय बदनाम है. यहां काम कराने के लिए भटकना पड़ता है. कार्यालय आने का निर्धारित समय 10:30 बजे है लेकिन 3 बजे तक पहुंच रहे हैं. छुट्टी का समय 5:30 है लेकिन 4 बजे ही चले जाते हैं. जनता के लिए कार्यालय खोलने के बाद हालत ख़राब है।
अधिकारी कर्मचारियों की नदारद होने से परेशान अधिकारी व्यवस्था सुधारने के लिए काग़ज़-पेन लेकर निगम के मुख्य गेट पर बैठ गए और नोट करने लगें कि कौन से कर्मचारी अधिकारी कितने समय कार्यालय पहुंच रहे हैं. देखते ही देखते देरी से आने वालों की संख्या 12:30 तक 170 से पार हो गया।
अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने कहा कि निर्धारित समय पर अधिकारी कर्मचारी पहुंचे, इसके लिए व्यवस्था सुधारने के लिए आज सभी का समय के साथ नाम नोट किया जा रहा है. लगभग 300 अधिकारी कर्मचारी है जिसमें से 170 से लोग 12:30 कार्यालय पहुंचे है. पहले चेतावनी दी जाएगी फिर देरी होने पर नोटिस जारी किया जाएगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन खुलने के बाद क्राइम का ग्राफ एक बार फिर बढ़ गया है. आए दिन हत्या, ठगी और तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं. इन्हीं मुद्दों को लेकर बीजेपी के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है. चंद्राकर ने बैक-टू-बैक ट्वीट कर कई गंभीर आरोप लगाए है. जिस कारण सरकार भी बीजेपी के निशाने पर आ गई है. अजय चंद्राकर ने सोमवार को घटित कई अपराध की घटनाओं को लेकर निशाना साधते हुए सवाल उठाया है।
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पहले ट्वीट में किसान के आत्महत्या का जिक्र किया है. उन्होंने लिखा है कि ‘झूठ, आज इस शासन (कांग्रेस) में तेरा ही दौर है….किसान मर रहे है, और तू कहता है विकास का दौर है।
दूसरे ट्वीट में नशे के खिलाफ लिखा है कि ‘छत्तीसगढ़ (कांग्रेस शासित) नशे की मंडी बन गयी है. अब गांजा, अवैध शराब, अफीम, चरस, कोकिन आदि पर प्रशासन को कार्यवाही बंद कर देना चाहिए. और कांग्रेस शासन को इस धंधे को मान्य कर देना चाहिए. बहुत इनकम है, भाई..!
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर तीसरे ट्वीट में अपराध पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ‘छत्तीसगढ़ (कांग्रेस शासित) में हत्या, आत्महत्या, अपहरण, ठगी, चाकूबाजी, जुआ-सट्टा, लूट, साइबर ठगी, तस्करी, गोलीबारी, ड्रग्स के कारोबार अनियंत्रित ढंग से बढ़ रहे हैं और माफियाओं का प्रभाव जिस गति से सरकार पर बढ़ रहा है
छत्तीसगढ़(कांग्रेस शासित) में हत्या, आत्महत्या, अपहरण, ठगी, चाकूबाजी, जुआ-सट्टा, लूट, साइबर ठगी, तस्करी, गोलीबारी, ड्रग्स के कारोबार अनियंत्रित ढंग से बढ़ रहे हैं और माफियाओं का प्रभाव जिस गति से सरकार पर बढ़ रहा है।
पहला मामला- रायपुर के खरोरा तहसील के मुहरेगा गांव में 13 जून को किसान सरजू यादव ने जहर खाकर आत्महत्या कर लिया था. उसने सुसाइड नोट में खरोरा के नायब तहसीलदार, ग्राम कोटवार तोरण दास मानिकपुरी, तुलू साहू, भुवन वर्मा का नाम लिखा था. उन्हें सजा दिलाने की मांग की थी. उसे जमीन मामले में न्याय नहीं मिला था. इस मामले में कलेक्टर ने नायब तहसीलदार को लाइन अटैच, पटवारी को निलंबित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
कटहल की आड़ में गांजे की तस्करी: ओडिशा से यूपी ले जाया जा रहा था 2 करोड़ का गांजा, छग में 2 आरोपी गिरफ्तार
दूसरा मामला- महासमुंद के कोमाखान पुलिस ने एक ट्रक से 11 क्विंटल गांजा बरामद किया है. जिसकी कीमत 2 करोड़ 20 लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस ने गांजे की तस्करी करते दो आरोपी देवेन्द्र सिंह (30 वर्ष) और गुड्डु (25 वर्ष) उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ निवासी को गिरफ्तार किया है. आरोपी कटहल की आड़ में गांजे की तस्करी कर रहे थे. पुलिस ने तस्करों के खिलाफ अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस को मिली बड़ी सफलता: तेंदुए की खाल के साथ एक युवक गिरफ्तार, ओडिशा से बेचने आया था छत्तीसगढ़
तीसरा मामला- धमतरी जिले के बोराई पुलिस ने ओडिशा के एक युवक को तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया है. तेंदुए के खाल को ओडिशा से धमतरी बेचने के लिए ला रहा था. आरोपी विद्याभूषण के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।