Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। बीजेपी के मिशन 2023 को लेकर आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि 2023 तो क्या 2040 में इनकी सरकार नहीं बन पाएगी. ये लोग सपना देखें इन्हें किसने मना किया है. 65+ का नारा लगाकर 14 सीट में सिमट गए। 
कवासी लखमा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को कांग्रेस पार्टी लाभ पहुंचा रही है. नगरीय निकाय चुनाव में भी बीजेपी को हार मिली. उन्होंने कहा कि इन्होंने 15 सालों में लोगों को सिर्फ जूते, टिफिन और मोबाइल ही बांटे हैं. छत्तीसगढ़ में पहली बार छत्तीसगढ़ी सरकार बनी है, जिससे हर व्यक्ति को फायदा हो रहा है. हम बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी से पूछ रहे कि डीजल और पेट्रोल का रेट बढ़ाने वाले किस मुंह से जनता के बीच जाएंगे. भाजपा ना देश का विकास चाहती है, ना प्रदेश का. ये झूठ का पुलिंदा लेकर गांव में जाएंगे, और लोगों से पूछेंगे। 
महासमुंद के दिवंगतों को दिल से श्रद्धांजलि
महासमुंद में बीजेपी के शराब बंदी वाले आरोप को लेकर लखमा ने कहा कि महासमुंद जिले में हुई दुर्घटना के दिवंगतों को मैं दिल से श्रद्धांजलि देता हूं. ऐसा नहीं होना था, लेकिन शराब के मामले में आरोप लगाने वाले पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखें. उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार है, जहां काफी लोगों ने शराब न मिलने से जहरीली दवाइयों का सेवन किया, जिनकी मौत भी हुई. हर मुद्दे में दारू को लेकर राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलेगी। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर।  कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमे होते ही एक बार पुनः प्रदेश के सभी जिलों में विकास की रफ्तार तेज हो गई है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 12 जून को दोपहर 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित कार्यक्रम में मुंगेली और बेमेतरा जिले को 449 करोड़ रूपए के 396 विकास कार्यों की सौगात देंगे। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम के दौरान दोनों जिले में 180 करोड़ के 169 कार्य का लोकार्पण और 268 करोड़ रूपए की 227 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे. मुंगेली जिले में 276 करोड़ 12 लाख रूपये के विकास कार्यों में से 153 करोड़ 91 लाख रूपये के 131 कार्यों का लोकार्पण और 122 करोड़ 20 लाख 59 हजार रूपये के 93 कार्यो का भूमिपूजन शामिल है. इसी प्रकार बेमेतरा जिले में 172 करोड़ 65 लाख रूपये लागत के 172 कार्यों में 145 करोड़ 91 लाख रूपये के लागत से 134 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 26 करोड़ 74 लाख रूपये के 38 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। 
मुंगेली जिले में जिन प्रमुख कार्यों का लोकार्पण होगा उनमें ग्राम धरमपुरा में 9 करोड़ 11 लाख 44 हजार रूपये की पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन तथा ग्राम बंधवा में 16 करोड़ एक लाख रूपये की लागत से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामिल है. इन शिक्षा संस्थानों के शुभारंभ से विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य संवर सकेगा. ग्राम बधवा में 3 करोड़ 83 लाख रूपये की राशि से मल्टीयूटिलिटी कम्पलेक्स, ग्राम जमकोर में 3 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित लाईवीहुड कॉलेज भवन, जिला चिकित्सालय मुंगेली में 3 करोड़ 34 लाख रुपये लागत से स्टॉफ वाटर का लोकार्पण होगा। 
जिला मुख्यालय मुंगेली में एक करोड़ 62 लाख 97 हजार रूपये की लागत से नवनिर्मित पी. मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, विकासखण्ड पथरिया में एक करोड़ 78 लाख 88 हजार रूपये की लागत से नवनिर्मित पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास तथा एक करोड़ 52 लाख 97 हजार रूपये की लागत से प्री. मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, जिला मुख्यलाय मुंगेली के परमहंस वार्ड में दो करोड़ 73 लाख 37 हजार रूपये की लागत से नवनिर्मित गार्डन तथा ग्राम कुआगांव से धरमपुरा तक एक करोड़ 82 लाख 20 हजार रूपये की राशि से पहुँच मार्ग, आम लोगों को सहजता पूर्वक स्वास्थ्य सुविधाओं प्रदान करने के लिए एक करोड़ 60 लाख 49 हजार रूपये की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खम्हरिया, उपस्वास्थ्य केंद्र सेमरसल, उपस्वास्थ्य केंद्र चेचनडीह, उपस्वास्थ्य केंद्र घानाघाट और उपस्वास्थ्य केंद्र करनकापा का लोकार्पण किया जाएगा। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसके साथ ही मुंगेली जिले में आवागमन को सहज बनाने के लिए 2 करोड़ 72 लाख 42 हजार रूपये की लागत से निर्मित होने वाले जमकुही से नुनियाकछार पहुंच मार्ग, मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना के अंतर्गत पहुँचविहीन शासकीय भवनों तक पहुंचने के लिए 8 करोड़ 47 लाख 84 हजार रूपये की लागत से बनने वाले 51 सीमेंट क्राकीट सड़क निर्माण कार्य, 6 करोड़ 93 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले तेलीखाम्ही से गोविंदपुर और फुलवारी से मोहतरा कुर्मी तक पहुँच मार्ग, 2 करोड़ 30 लाख रूपये की जूनवानी जलाशय योजना के शीर्ष कार्य का जीर्णोद्धार नहर में सीसी लाईनिंग कार्य, 2 करोड़ 36 लाख 13 हजार रूपये की धरदेई जलाशय योजना के शीर्ष कार्य का जीर्णोद्धार एवं नहर सीसी लाईनिंग कार्य भूमि पूजन किया जाएगा। 
इसी प्रकार 4 करोड़ 54 लाख रूपये की राशि से निर्मित होने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी, पथरिया एवं सरगांव में स्टाफ क्वाटर, गांव में पीने के पानी की सुविधा के विस्तार के लिए जल जीवन मिशन के तहत 40 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले जल प्रदाय योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 6 करोड़ 99 लाख 72 हजार रूपये की लागत से बनने वाले लोरमी, मुंगेली एमडीआर (परसाकापा) टू डी केनाल में निर्माण कार्य, मुंगेली एवं लालपुर में एक करोड़ 42 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन तहसील भवन तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण, 4 करोड़ 68 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले आदिवासी कन्या छात्रावास मुंगेली, प्री. मैट्रिक, आदिवासी कन्या छात्रावास लोरमी और प्री. मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास बरमपुर का भूमि पूजन करेंगे। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की ‘तुंहर सरकार, तुंहर द्वार’ को साकार करते हुए परिवहन विभाग ने 1 जून से ड्राइविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रमाण पत्र को आवेदकों के घर पर पहुंचाने का काम शुरू किया है. योजना के प्रारंभ होने से प्रदेश के लोगों को विभाग की 22 से भी अधिक सेवाएं घर बैठे प्राप्त होंगी। 
इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिशा-निर्देश में परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के कुशल नेतृत्व में किया गया. अब आवेदकों को अपने ड्राइविंग लाइसेंस अथवा पंजीयन प्रमाण पत्र को लेने के लिए परिवहन कार्यालयों का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा. इस सेवा को और अधिक सुलभ बनाने हेल्पलाइन नंबर 7580808030 जारी किया गया है, जो सभी कार्य दिवसों में प्रातः 10 बजे से शाम 05.30 बजे तक कार्य करते हुए जानकारी प्रदान करता है। 
आवेदक चाही गयी जानकारी ईमेल आईडी cgparivahandispatch@gmail.com पर भी अपनी मेल भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. उक्त नंबर पर फ़ोन करके आवेदक अपने ड्राइविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रमाण पत्र के प्रेषण संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. अभी औसतन 120-130 कॉल्स आ रहे हैं, जिसमें मुख्य रूप से परिवहन कार्यालय पुनः शुरू होने का समय, ड्राइविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रक्रिया, टैक्स एवं फीस सम्बन्धी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। 
केंद्रीकृत स्मार्ट कार्ड प्रिंटिंग एवं भारतीय डाक के माध्यम से डिस्पैच व्यवस्था से अब तक लगभग 1806 पंजीयन प्रमाण पत्र भारतीय डाक के माध्यम से आवेदकों के पते पर प्रेषित किये जा चुके हैं, जिसमें से केवल 1 पंजीयन प्रमाण पत्र आवेदक के घर पर न होने के कारण वापस आया है, बाकी सभी सुरक्षित रूप से आवेदक के घर पर पहुंचा दिए गए हैं। 
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश में 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों के टीकाकरण में तेजी लाने के लिए सरकार मोबाइल टीकाकरण शुरू करने जा रही है. इसकी शुरुआत शनिवार को रायपुर के चार शहरी वार्डों से होगी, जहां चिरायु मोबाइल वैन लोगों को टीका लगाने मोहल्लों में पहुंचेगी। 
रायपुर सीएमएचओ कार्यालय से टीकाकरण अभियान को अमलीजामा पहनाने के लिए महापौर एजाज ढेबर और विधायक सत्यनारायण शर्मा ने 4 वाहनों को रवाना किया गया. इस दौरान कलेक्टर सौरभ कुमार, विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा और अन्य मौजूद थे. इस दौरान महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के द्वारा मिलकर ये अभियान चलाया जा रहा। 
ढेबर ने कहा कि ऐसे लोग जो वैक्सीनेशन से दूर भाग रहे हैं, उसे लेकर एक अच्छी व्यवस्था की गई है. यह गाड़ियां चारों विधानसभा में घूमेगी. रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने बताया कि वैन में डॉक्टर लेवल के अधिकारी मौजूद होंगे, 45 वर्ष से ऊपर के किसी व्यक्ति को जिसे सेकंड डोज की आवश्यकता हो, जिसे फर्स्ट डोज भी ना लगे हो. उन्हें स्पॉट पर कोविड-19 की वैक्सीन लगाई जाएगी। 
 

 11 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक सभी विकासखंड और जिला मुख्यालय में पेट्रोल पंपों के सामने प्रदर्शन होगा।
 
panchayattantra24.com, रायपुर। महंगाई पर केंद्र सरकार के खिलाफ शुक्रवार को एक बार िफ‍र पूरे प्रदेश में कांग्रेस धरना-प्रदर्शन करेगी। पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं के लगतार बढ़ते दाम को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है।
प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुक्रवार 11 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक राज्य के सभी विकासखंड और जिला मुख्यालय में पेट्रोल पंपों के सामने कांग्रेसी प्रदर्शन करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सभी ब्लाक, जिला, मोर्चा, संगठन तथा विभाग के पदाधिकारियों और नगरीय निकाय व पंचायत के कांग्रेस जन प्रतिनिधियों को इस प्रदर्शन में शामिल होने का निर्देश दिया है।
संचार विभाग के अध्यक्ष त्रिवेदी ने यह भी बताया कि शुक्रवार को पेट्रोल पंपों के सामने होने वाले प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पार्टी के विधायकों,सांसद तथा पूर्व विधायकों को भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर इंटरनेट मीडिया तक मोर्चा खोल रखा है।
11 जून से पहले पांच जून को कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने घर के सामने दो घंटे धरना दिया था। अब जल्द ही महंगाई पर ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस का आइटी सेल इंटरनेट मीडिया पर भी केंद्र सरकार के खिलाफ कैंपने चलाने जा रहा है। आइटी सेल के चेयरमेन जयवर्धन बिस्सा ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर कैंपेन चलाने की योजना बन रही है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना काल में अपने कारोबार की गति बढ़ाने के लिए कुछ बैंक नई रणनीति बनाने लगे हैं। इसके तहत अब अस्पताल और इलाज से जुड़े उपकरणों के लिए भी ऋण उपलब्ध करा रहे हैं। यूको बैंक द्वारा यूको संजीवनी, यूको आरोग्यम और यूको कवच के नाम से लोन सुविधा शुरू की गई है। इसमें अस्पताल, ऑक्सीजन, तरल ऑक्सीजन, ऑक्सीजन सिलिंडर संयंत्र लगाने के लिए 7.50 प्रतिशत की दर पर कर्ज उपलब्ध करवाया जा रहा है। कोविड मरीजों को भी नए सिरे से कारोबार शुरू करने के लिए पांच लाख तक के कर्ज पांच प्रतिशत की दर से दिए जा रहे हैं।
बैंक का कहना है कि यूको संजीवनी, यूको आरोग्यम और यूको कवच अभी कोरोना काल को देखते हुए शुरू किए गए है। ये तीनों ही ऋण योजनाएं कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए शुरू की गई हैं। साथ ही ग्रुप बीमा योजनाएं भी शुरू की गई है और क्षतिपूर्ति आधारित स्वास्थय बीमा योजनाएं शुरू की गई हैं। जमा योजना के तहत यूको वैक्सी999 शुरू की गई है, जो 30 बेसिस प्वाइंट अधिक ब्याज दर के साथ उपलब्ध है। बैंकिंग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार और भी दूसरे कई बैंकों द्वारा इस प्रकार की लोन योजनाओं को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। आने वाले दिनों में और भी कई बैंक इस योजना को शुरू कर सकते हैं।
दूसरी लहर से प्रभावित हुए कर्जदाताओं को भी राहत
बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, कोरोना की दूसरी लहर से प्रभावित हुए कर्जदाताओं को भी बैंक द्वारा राहत दी जा रही है। इसके तहत समाधान फ्रेमवर्क 2.0 व्यक्तिगत और छोटे कारोबार के लिए दिया जा रहा है। इसे काफी पसंद भी किया जा रहा। सात जून तक बैंक द्वारा समाधान फ्रेमवर्क 2.0 के तहत 2314 खातों को 127 करोड़ का ऋण दिया जा चुका है। इसके साथ ही उधारकर्ता को गारंटीकृत आपातकालीन ऋण सुविधा 3.0 के तहत 30 सितंबर तक 10 फीसद अतिरिक्त दिया जाएगा।
कोरोना को देखते हुए शुरू की गई स्कीम
कोरोना की दूसरी लहर में काफी व्यापार प्रभावित हुए है। साथ ही ऑक्सीजन की आवश्यकता व दूसरे चिकित्सकीय आवश्यकताएं बढ़ गई हैं। ये योजनाएं काफी फायदेमंद हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश के  राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा है कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की समस्त जानकारी अब एक ही जगह सरलीकृत ढंग से लोगो को उपलब्ध हो सकेगी। श्री अग्रवाल ने उक्त बाते राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विभागीय वेबसाइट   https//revenue-cg-nic-in, https//bhuiyan-cg-nic-in, http//sdma-cg-gov-in का पुनः डिजाइन कर इंटरफेस लॉन्च करते हुए व्यक्त  किये। इसे यू.एक्स.डी.टी. प्लेटफॉर्म, एन.आई.सी. दिल्ली के सहयोग  से विकसित किया गया है।
राजस्व विभाग की सचिव सुश्री रीता शांडिल्य के मार्गदर्शन और समूह सदस्य डॉ. ए. के. होता, राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी के सहयोग से राजस्व विभाग की वेबसाईट को पुनः डिजाईन करने में बेहद महत्वपूर्ण रहा। राजस्व मंत्री ने टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी है। इस साइट को मोबाइल में भी बेहतर कार्य करने के लिए तैयार किया गया है, यह प्लेटफॉर्म ब्राउज करने के लिए सरल है। भुइयां साइट के होम पेज को भी साइट के तहत उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के लिए जनता के संवेदीकरण के लिए फिर से डिजाइन और नवीनीकृत किया गया है। यह साइट जिलों में पदस्थ राजस्व अधिकारियों के नवीनतम कार्यों की जानकारी प्रदान करेगी। सॉफ्टवेयर्स और विभाग द्वारा की गई पहलों की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। राजस्व न्यायालय के विभिन्न आवेदनो पर ओटीपी के माध्यम से काम करने की प्रक्रिया एवं स्थिति का संक्षिप्त विवरण भी वेबसाईट पर अब उपलब्ध कराया जा सकेगा।
  आपदा के दौरान क्या करें और क्या न करें, पर जानकारी देने वाले नागरिकों को लाभ पहुंचाने के लिए आपदा प्रबंधन वेबसाइट को भी नया रूप दिया गया है। जनता को सूचित करने के लिए प्राधिकरण के निकायों और कार्यों पर भी प्रकाश डाला गया है। इसमें महत्वपूर्ण यह है कि इस साईट से दिव्यांग व्यक्तियों को भी लाभ मिलेगा।
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में रायपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष दामू आम्बेडारे के नेतृत्व में सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को 5 लाख रूपये की आर्थिक सहायता  तथा कोरोना पीड़ित पत्रकारों के ईलाज की प्रतिपूर्ति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। प्रतिनिधि मंडल ने  मुख्यमंत्री को अन्य मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा जिस पर मुख्यमंत्री बघेल ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में संजय शुक्ला, सुश्री शगुप्ता सीरीन, मनोज नायक,  दीपक पांडेय, अनिल द्विवेदी तथा सुखनंदन बंजारे उपस्थित थे।
 

सभी 14 नगर निगमों की 1600 बस्तियों को मिल रही हैं सेवाएं


panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिटों (एमएमयू) से झुग्गी बस्तियों में निवासरत लोगों को नियमित जांच-उपचार-दवा का लाभ तो मिल ही रहा है, कोरोना-काल में भी संक्रमण को नियंत्रित करने में ये बहुत काम की साबित हुई हैं। योजना की शुरुआत के बाद से अब तक इस योजना के तहत दस हजार शिविरों के आयोजन किए जा चुके हैं। करीब पांच लाख मरीजों तक मुफ्त जांच, उपचार और दवा की सुविधा पहुंचाई जा चुकी है।
राज्य स्थापना दिवस 01 नवंबर 2020 को मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ सांसद श्री राहुल गांधी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा किया गया था। राज्य के सभी 14 नगर पालिक निगमों में आधुनिक उपकरण से सुसज्जित 60 एमएमयू स्वास्थ्य सेवाएं दे रही हैं। इन मोबाइल मेडिकल यूनिटों में एमबीबीएस डाक्टर द्वारा लगभग 1600 स्लम बस्तियों में कैम्प लगाकर मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। एमबीबीएस डाक्टर के साथ कैम्प में मुफ्त दवा वितरण हेतु फार्मासिस्ट, मुफ्त लैब टेस्ट करने हेतु लैब टेक्निशियन, मरीजों की सेवा के लिए एएनएम तथा एमएमयू चालक सेवाएं दे रहे हैं।
पारा-मोहल्ला में घर-घर पहुंच इलाज की सुविधा प्रदान करने वाली इस स्लम स्वास्थ्य योजना ने अब तक लगभग 05 लाख मरीजों का इलाज किया है। इन मरीजों में से लगभग एक लाख बीस हजार मरीजों का मुफ्त लैब टेस्ट किया गया है। एमएमयू में 41 प्रकार के विभिन्न लैब टेस्ट किये जाते हैं। इनमें खून, मल-मूत्र , थूक, टीबी, थायराइड, मलेरिया, टाईफाईड आदि की जांच कुशल लैब टेक्निशियन द्वारा अत्याधुनिक मशीनों से की जाती है। एमएमयू में मुफ्त दवा वितरण सेवा का लाभ लेते हुये लगभग चार लाख चालीस हजार मरीजों ने डाक्टर की पर्ची के आधार पर फार्मासिस्ट से सेवाएं प्राप्त की है। एमएमयू में पैरासेटामाल, ब्रुफेन, मेटफार्मिन, एटेनोलोल, बी-कामप्लेक्स, आयरन, फोलिकएसिड, सिफालेक्सिन, एमोक्सिसिलिन, लिमसी, ओआरएस, टिटेनस इंजेक्शन, रैबिज इंजेक्शन आदि दो सौ प्रकार की दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। स्लम स्वास्थ्य योजना की एमएमयू गाड़ियों में ब्लड-प्रेशर मापने की मशीन, शुगर टेस्ट की मशीन, ईसीजी मशीन, आक्सीजन सिलेण्डर आदि की भी व्यवस्था है। पांच लाख मरीजों का ईलाज पूर्ण करने की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला कलेक्टर तथा एमएमयू की टीम की प्रशंसा की है।
रायपुर में 15 एमएमयू से लगभग 1.26 लाख, दुर्ग में 4 एमएमयू से लगभग 35 हजार, भिलाई में 3 एमएमयू से लगभग 34 हजार, राजनांदगांव में एमएमयू से लगभग 33 हजार, बिलासपुर में 4 एमएमयू से लगभग 51 हजार, कोरबा में 8 एमएमयू से लगभग 55 हजार, रायगढ़ में 4 एमएमयू से लगभग 33 हजार, अंबिकापुर में 4 एमएमयू से लगभग 26 हजार, जगदलपुर में 4 एमएमयू से लगभग 28 हजार, चिरमिरी में 2 एमएमयू से लगभग 11 हजार, रिसाली में 2 एमएमयू से लगभग 19 हजार, धमतरी में 2 एमएमयू से लगभग 18 हजार, भिलाई-चरोदा में 2 एमएमयू से लगभग 19 हजार एवं बीरगांव में 2 एमएमयू से लगभग 17 हजार मरीजों ने स्वास्थ्य सेवा का लाभ प्राप्त किया है।
महिलाओं के लिए दाई-दीदी क्लीनिक का संचालन
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती 19 नवंबर 2020 के दिन रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, शहरों में महिला स्पेशल ‘‘दाई-दीदी क्लीनिक भी ’प्रारंभ किए गए हैं। दाई-दीदी क्लीनिक के माध्यम से रायपुर शहर में 163 कैम्प के माध्यम से 7958 महिलाओं का ईलाज किया गया। इसी प्रकार भिलाई शहर में 165 कैम्प के माध्यम से 9802 महिलाओं का ईलाज और बिलासपुर शहर में 158 कैम्प के माध्यम से 11858 महिलाओं का ईलाज किया गया। दाई-दीदी क्लीनिक की एमएमय में महिला एम.बी.बी.एस. डाक्टर, महिला एनएमए, महिला फार्मासिस्ट अपनी सेवाएं प्रदान करती हैं, जिससे महिला मरीजों को अपना ईलाज कराने में संकोच नहीं होता है। यह देश की एकमात्र महिला स्पेशल एमएमयू परियोजना है।
कोरोना-काल में भी एमएमयू की टीम द्वारा सतत् सेवाएं प्रदान की गई। ईलाज के साथ-साथ विभिन्न शहरों में लगभग अड़तालीस हजार नागरिकों का टीकाकरण भी एमएमयू में किया गया है।
इस योजना का संचालन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के द्वारा जिला स्तर पर गठित अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी के माध्यम से किया जाता है। योजना की सतत् दैनादिन मानिटरिंग हेतु चेहरा पढ़कर उपस्थिति दर्ज कराने वाली मोबाईल एप्प निष्ठा, रियल टाईम जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा आदि की सुविधा उपलब्ध है। जन शिकायत निराकरण हेतु निदान 1100 टोल-फ्री नंबर की सुविधा के साथ-साथ फीडबैक मशीन की सुविधा भी नगारिकों हेतु एमएमयू में उपलब्ध है। इस योजना की मानिटरिंग हेतु विभाग द्वारा डेडिकेटेड एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर की टीम शहर के नोडल अधिकारियों का सहयोग करती है। इस योजना की निरंतर समीक्षा नगरीय प्रशासन मंत्री डा. शिव कुमार डहरिया द्वारा की जा रही है।
एमएमयू में उपलब्ध सुविधाओं एवं कड़ी निगरानी एवं योजना की डिजाईन का ही परिणाम है कि, इस योजना को शहरों की जनता द्वारा अपनाया गया है एवं पांच लाख मरीजों का ईलाज का लक्ष्य योजना की टीम एवं राज्य शहरी विकास अभिकरण द्वारा पूर्ण किया गया है। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डा. शिव कुमार डहरिया ने एमएमयू की टीम को बधाई दी है । उन्होंने विभागीय सचिव श्रीमती अलेरमल मंगई डी एवं मुख्य कार्य पालन अधिकारी श्री सौमिल रंजन चौबे को भी बधाई दी तथा योजना विस्तारीकरण हेतु शीघ्र कार्य योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं।

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले एक-दो दिनों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है. प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी से भी अति भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने सभी जिलों में अगले 48 घंटों के लिए अलग-अलग रंगों में अलर्ट जारी किया है। 
रायपुर और सरगुजा में मानसून पहुंचने की संभावना
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं-कहीं हल्के और कहीं-कहीं गहरे बादल छाए हुए हैं. छत्तीसगढ़ में 11 और 12 जून को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है. इस दौरान बादलों की गरज और बिजली की चमक और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है. रायपुर और सरगुजा में मानसून के जल्दी पहुंचने की संभावना बन रही है. उसके बाद बस्तर पहुंचेगी। 
इन जिलों में 24 घंटों के लिए मौसम अलर्ट
येलो अलर्ट- अगले 24 घंटों के लिए जशपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर, बलौदाबाजार, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर और महासमुंद के एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना संभावना के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। 
ऑरेंज अलर्ट- अगले 24 घंटे के लिए गरियाबंद, बस्तर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिले में एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। 
इन जिलों में 48 घंटे के लिए अलर्ट
येलो अलर्ट- सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर, कोरबा, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। 
ऑरेंज अलर्ट- महासमुंद, बस्तर, कोण्डागांव, सुकमा, कांकेर और नारायणपुर जिले में एक दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। 
रेड अलर्ट- गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से अति भारी और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।