Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के माना कैंप स्थित एमएम फिश कंपनी में पिछले दिनों 30 लाख रुपए की चोरी हुई थी. इस मामले की जांच पुलिस कर रही थी. लेकिन चोरी से संबंधित कुछ सुराग हाथ नहीं लगा था. आज फिश कंपनी में काम करने वाले एक युवक की लाश मिली है. युवक का शव शराब दुकान के पीछे खुले मैदान में फांसी पर लटकी हुई मिली है। 
मृतक की पहचान कवर्धा निवासी वेदप्रकाश ठाकुर के रूप में पहचान हुई. शव करीब 5 दिन पुराना बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, युवक एमएम फिश कंपनी में हम्माली का काम करता था. जहां 24 मई को लाखों रुपए की चोरी हुई थी। 
वहीं फांसी पर शव लटकने की सूचना आस-पास के लोगों ने पुलिस को दी. इसके बाद एफएसएल एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घटना माना थाना क्षेत्र की है। 
माना थाना प्रभारी दुर्गेश रावटे ने बताया कि शराब दुकान पीछे खुले मैदान में एक युवक ने फांसी लगाई है. मृत युवक का शव करीब 5 दिन पुराना है. मृतक के शव की शिनाख्त वेदप्रकाश ठाकुर कवर्धा निवासी के रूप में हुई है. आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी है. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई है. एफएसएल की टीम को भी सूचना दे दी गई है. प्रथम दृष्टया फांसी लगाना ही लग रहा है. युवक ने किन कारणों से फांसी लगाई इसकी जांच की जाएगी। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल के महंगाई को लेकर दिए गए बयान से प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है. पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने ट्वीट कर बृजमोहन अग्रवाल पर तंज कसा है. वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने बयान को बेशर्मी और असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा बताया है। 
दरअसल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के महंगाई को राष्ट्रीय आपदा बताए जाने पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा था कि जिन्हें मंहगाई राष्ट्रीय आपदा लग रहा वह खाना-पीना छोड़ दें. ऐसे लोग अन्य त्याग दें, पेट्रोल-डीजल का उपयोग बंद कर दें. कांग्रेसी और कांग्रेस को वोट देने वाले ऐसा करेंगे तो मंहगाई कम हो जाएगी। 
इस बयान के वायरल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने ट्वीट में आश्चर्य जताते हुए कहा कि हे भगवान! ये महोदय बृजमोहन अग्रवाल 7वीं बार के विधायक हैं, और 15 साल भाजपा सरकार में मंत्री रहे हैं। 
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने बृजमोहन अग्रवाल के बयान को बेशर्मी और असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा करार दिया. उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल कांग्रेस को वोट देने वाली छत्तीसगढ़ की जनता को भूखों मरने की सलाह दे रहे हैं. केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई कम नहीं कर पा रही है ,और यहाँ उनके नेता लोगों के जले पर नामक छिड़कने का काम कर रहे हैं। 
 

panchayattantra24.com, रायपुर। टूलकिट मामले की जांच के लिए बेंगलुरु पहुंची रायपुर पुलिस की टीम ने कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद राजीव गौड़ा का लिखित बयान लिया. इसके साथ ही टूलकिट से जुड़े अहम दस्तावेज हासिल किए. पुलिस टीम आज कांग्रेस आईटी सेल के अध्यक्ष रोहन गुप्ता और सौम्या वर्मा का बयान दर्ज करेगी। 
टूलकिट मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद रायपुर पुलिस सक्रियता से जांच में जुटी हुई है. प्रकरण में कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा और अन्य से पूछताछ के लिए गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) तारकेश्वर पटेल के नेतृत्व में सीएसपी कोतवाली अंजनेय वार्ष्णेय, सिविल लाइन थाना प्रभारी आरके मिश्रा और सब-इंस्पेक्टर मनीष वाजपाई की टीम बेंगलुरु रवाना हुई थी। 
टीम ने बिना समय गंवाए बेंगलुरु पहुंचने के बाद राजीव गौड़ा का बयान दर्ज किया. ढाई घंटे तक बयान दर्ज करने के साथ मामले से जुड़े दस्तावेज भी हासिल किए हैं. टीम आज कांग्रेस आईटी सेल अध्यक्ष रोहन गुप्ता और सौम्या वर्मा का बयान लेगी. सूत्रों के मुताबिक, रायपुर पुलिस पूरे मामले की जांच के लिए अहमदाबाद भी जा सकती है। 
बता दें कि रायपुर पुलिस टूलकिट मामले में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का बयान ले चुकी है, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को बयान दर्ज कराने के लिए तीसरी बार नोटिस जारी करने की तैयारी में है. पिछले दो बार जारी नोटिस पर संबित पात्रा ने अपने वकील के जरिए समय मांगा था। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर।  छत्तीसगढ़ के एक कांग्रेस विधायक के फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का खुलासा हुआ है. ये खुलासा किसी और ने नहीं बल्कि खुद कांग्रेस विधायक ने किया है. जिस विधायक ने फर्जी प्रमाण पत्र बनाया है वो पेशे से आंखों के डॉक्टर है और उनका नाम है डॉ विनय जायसवाल. वे वर्तमान में मनेंद्रगढ़ विधायक है। 
दरअसल उन्हें पता चला कि मध्यप्रदेश में फर्जी प्रमाण पत्र (डिग्री) बनाने का खेल चल रहा है. उन्होंने फर्जी प्रमाण-पत्र बनाने वाले बिचौलियों से संपर्क किया और अपने नाम से डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (डीसीए) का एक फर्जी प्रमाण-पत्र बनवाया. दलाल ने यह प्रमाण-पत्र सर्वपल्ली राधाकृष्णन विश्वविद्यालय भोपाल के नाम पर दिया है। 
अब इसके बाद विधायक ने पूरे मामले की शिकायत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से महीनों पहले की है, लेकिन इस मामले में अब तक किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 
 विश्वविद्यालय के बैंक खाते में जमा हुए पैसे
डॉ विनय जायसवाल
दरअसल इस फर्जी डिग्री बनवाने की प्रक्रिया रायपुर से शुरू हुई. आरटीआई कार्यकर्ता संजीव अग्रवाल ने डॉ विनय से फर्जी डिग्री बनने की जानकारी दी. इस पर डॉ विनय ने ऐसा संभव न होने की बात कही. जिसके बाद उन्होंने संजीव अग्रवाल से खुद के नाम पर (डॉ विनय के) डिग्री बनवाने की बात कही. इसके बाद बिचौलियों से संपर्क करने के बाद उक्त विश्वविद्यालय के यूनियन बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए गए. जानकारी के मुताबिक करीब 1 से 1.50 लाख रुपए इस फर्जी डिग्री को बनवाने में खर्च हुए. अब इस पूरे मामले में संजीव अग्रवाल यूजीसी से शिकायत की तैयारी कर रहे है। 
 

परिजन अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की कर रहे मांग 
panchayattantra24.com,रायपुर। वैसे तो छत्तीसगढ़ में शायद ही ऐसा कोई निजी अस्पताल (Hospital) हो जो आयुष्मान कार्ड से भर्ती मरीजों से अतिरिक्त किसी भी प्रकार का कोई शुल्क न लें. लेकिन शिकायत के बाद भी कार्रवाई न किए जाने के कारण है ऐसे तमाम अस्पतालों के हौसले बुलंद होते जा रहा है। 
मामला खरोरा के प्राइवेट अस्पताल (Hospital) का है. खरोरा स्थित कान्हा हॉस्पिटल में एक महिला डिलीवरी कराने पहुंची वहां महिला का आपरेशन से बच्चे को जन्म दिया. 6 दिनों बाद महिला को अस्पताल से डिचार्ज करना था, तब महिला के पति से 21000 रुपयों की मांग की गई. पैसे न देने पर डिचार्ज न करने की बात अस्पताल प्रबंधन द्वारा कही गई। 
जबकि महिला का पूर्ण ईलाज आयुष्मान कार्ड के तहत हुआ. जिसके हिसाब से मरीज को किसी प्रकार की राशि नहीं देनी होती है और सारा खर्चा उक्त आयुष्मान योजना के तहत सरकार वहन करती है। 
पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत 104 में कॉल कर की है. अस्पताल के मैनेजर जितेन्द्र साहू  ने कहा कि ऑपरेशन के लिए आयुष्मान कार्ड से 16000 रुपये मिलते है और 16000 रुपये में डिलीवरी ऑपेरशन करना संभव नहीं. मैनेजर ने कहा कि आप खरोरा के कृष्णा अस्पताल में जाकर देख सकते है वहां तो 40,000 रुपये लेते है हम उनसे कम में ईलाज कर रहे। 
वहीं मरीज के परिजन जयप्रकाश वर्मा ने कहा मुझे सिर्फ मेरे पैसों की परवाह नहीं मेरे पैसे मेरे शिकायत करने से वापस मिल जाएंगे, लेकिन जिन्हें इसकी जानकारी नहीं है उनके साथ यह अन्याय नहीं होना चाहिए. इसलिए वो उक्त अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे है। 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर।  लॉक डाउन में अंग्रेजी शराब न मिलने से परेशान मदिरा प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. खबर ये है कि आबकारी विभाग ने अंग्रेजी शराब दुकान खोलने का आदेश जारी कर दिया है। 
इस आदेश के मुताबिक आज यानी शुक्रवार से प्रदेश की सभी अंग्रेजी शराब दुकाने खुल जाएंगी. ये दुकानें 9 अप्रैल से बंद थी. इन दुकानें के खुलने के समय की बात करें को आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ये दुकानें सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुली रहेंगी और इन सभी दुकानों में कोविड-19 के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा. आबकारी विभाग से पूर्व में जारी आदेश में विदेशी शराब की खरीदी केवल ऑनलाइन के माध्यम से ही की जा सकती थी, लिहाजा शराब प्रेमियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, वहीं देशी शराब दुकान में भीड़ जुट रही थी, इसके मद्देनजर अब विभाग ने विदेशी शराब की बिक्री दुकानों से करने आदेश जारी कर बड़ी राहत विदेशी शराब प्रेमियों को भी प्रदान कर दी है. बता दें कि ये आदेश आबकारी विभाग के विशेष सचिव एमपी त्रिपाठी ने जारी किया है। 
कैश में मिलेगी शराब और बीयर
मदिरा प्रेमियों के लिए अच्छी बात ये भी है कि यहां से वे अब बिना ऑन लाइन झंझट किए सीधे कैश में अंग्रेजी शराब और बीयर खरीद सकते है। 
 

कोरोना से ठीक होने के बाद हुआ था ब्लैक फंगस.
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस की रफ्तार धीमी हुई है, लेकिन ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या में तेजी आ रही है. राजधानी रायपुर में ब्लैक फंगस से डॉक्टर बीपी सोनकर की मौत हो गई है. पुलिस परिवार कल्याण चिकित्सालय के मेडिकल ऑफिसर के पद पर पदस्थ थे. फंगस डॉक्टर के ब्रेन तक पहुंच चुका था. ऑपरेशन के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. मेकाहारा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। 
मेकाहारा में चल रहा था इलाज
जानकारी के मुताबिक 61 वर्षीय डॉक्टर बीपी सोनकर मुंगेली जिले के रहने वाले थे. बिलासपुर पुलिस परिवार कल्याण चिकित्सालय के मेडिकल ऑफिसर के पद पर पदस्थ थे. उनको हाइपरटेंशन और डायबिटीज दोनों था. डॉक्टर बीपी सोनकर बीते दिनों कोरोना से संक्रमित पाए गए थे. कोरोना से ठीक होने के बाद उन्हें ब्लैक फंगस हो गया. 29 मई को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज के लिए उनको भर्ती कराया गया था. हालात बिगड़ने के बाद वेंटिलेटर पर थे. जहां 1 मई को उन्होंने दम तोड़ दिया। 
डॉक्टर के ब्रेन तक पहुंच गया था फंगस
मेकाहारा अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर विष्णु दत्त ने कहा कि डॉक्टर बीपी सोनकर के ब्रेन तक ब्लैक फंगस पहुंच चुका था. उनका ऑपरेशन किया गया, बावजूद इसके उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. हॉस्पिटल अधीक्षक विनीत जैन ने भी मौत की पुष्टि की है. राजधानी में ब्लैक फंगस से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 
बीमारी बेहद गंभीर, इलाज की गति धीमी
हॉस्पिटल बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर राकेश गुप्ता ने उनके निधन पर शोक जताया है. उन्होंने कहा कि ब्लैक फंगस की बीमारी बेहद गंभीर है. इसका इलाज भी धीमी गति से हो रहा है. दवा और इंजेक्शन की किल्लत राज्य में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में है. ऑपरेशन होने के बाद जो दवा और इंजेक्शन दी जाती है, वो भी नियमित नहीं मिल रहा है।
ब्लैक फंगस से अब तक 18 लोगों की मौत 
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कोरोना के बाद ब्लैक फंगस ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. प्रदेश में अभी तक ब्लैक फंगस के 190 मरीज मिल चुके है. वहीं अब तक 18 लोगों ने ब्लैक फंगस की वजह से जान गंवाई है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। पेट्रोल-डीजल की कीमत में वृद्धि के विरोध में कांग्रेसियों ने गुरुवार को राजधानी में अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया. पेट्रोल पम्प की हू-ब-हू छह फीट की डमी को सड़कों पर घुमाकर किए गए विरोध को लोग कौतुहल भरी निगाहों से देखते रहे। 
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे कांग्रेस नेता विनोद तिवारी ने कहा कि देश में पिछले एक माह के दौरान पेट्रोल की क़ीमतों में 17 बार वृद्धि की गई. पेट्रोल की क़ीमत 100 रुपए के पार होने का रिकार्ड मोदी सरकार ने अपने नाम पर स्थापित कर लिया है. पेट्रोलियम पदार्थ में लगातार वृद्धि होने से लोगों का बजट पूरी तरह से लड़खड़ा गया है, लोगों का जीवन और कठिन हो गया है। 
उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे पेट्रोलियम पदार्थों की क़ीमत को 100 रुपए प्लस कर देना बहुत ही चिंताजनक और शर्मनाक है. ये लोग अपनी जेबें भरने के लिये देशवसियों के जेब में डाका डाल रहे हैं. विश्व मार्केट में तेल के मूल्य वृद्धि ना के बराबर हुई है, तो फिर ये लोग आम जनता से वसूली क्यू कर रहे हैं। 
बात सिर्फ़ पेट्रोल-डीज़ल की नहीं है, आज गैस की क़ीमत देख लो, आसमान छू रही है. लोगों के घर का बजट बिगड़ गया है. गृहणियां घर कैसे चला रही है, ये उनका दिल ही जानता है. इस सरकार ने आम आदमी के जीवन में कितनी तकलीफ़ भर दी है, ये दर्द वही समझ सकते हैं. ये सरकार तो ग्राहकों से मुनाफ़ा कमाने वाली सरकार बन गई है। 
विनोद तिवारी ने कहा कि इस महामारी के दौर में भी मोदी सरकार वैक्सीन, दवाइयों और ऑक्सीजन पर जीएसटी लगा मुनाफ़ा कमाने से बाज नहीं आ रही है. सरसों तेल की कीमत एक साल पहले 70 रुपए थी, आज 155 हो गई है. मतलब हर तरफ़ महंगाई बढ़ाकर मोदी सरकार आम जनता का तेल निकालने में जुटी हुई है, जिसका जवाब देश की जनता 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में अवश्य देगी। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। सिलगेर मामले में पार्टी के ही विधायक चंदन कश्यप के बयान से मची सियासी हलचल के बीच पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने आदिवासी मामलों पर सरकार के गंभीर होने की बात कही है. उन्होंने कांग्रेस विधायक चंदन कश्यप के बयान पर संज्ञान लेने के साथ सरकार के सत्ता पक्ष के विधायकों को सुनने की बात कही है। 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस वार्ता के दौरान मोहन मरकाम ने सिलगेर मामले को जल्द सुलझा लेने का दावा किया. मोदी सरकार के सात साल के कार्यकाल में बढ़ी महंगाई को लेकर बुलाए गए प्रेस कांफ्रेंस में सिलगेर गोली कांड के साथ कांग्रेस विधायक चंदन कश्यप के बयान पर चर्चा होने लगी। 
सिलगेर मामले में चंदन कश्यप के बयान के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय ने भी निर्दोष आदिवासियों पर पुलिसिया जुल्म की बात कही है. उन्होंने कहा कि मेरे पास भी आदिवासियों पर पुलिसिया जुल्म की शिकायत आई की है. कांग्रेस विधायक अगर यही कह रहे हैं तो मामला गम्भीर है. विधायक के आरोपों पर सरकार को जांच करानी चाहिए। 
दरअसल, बुधवार को नारायणपुर से कांग्रेस विधायक सिलगेर गोलीकांड जांच समिति के सदस्य चंदन कश्यप ने बाकायदा प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस वालों पर गांव वालों को पकड़कर माओवादी घोषित कर देने का आरोप मढ़ दिया था. उन्होंने कहा था कि सिलगेर जैसे मामले होने ही नहीं चाहिए थे। 
चंदन कश्यप ने आरोप लगाते हुए कहा था कि नारायणपुर के ओरछा और अन्य ब्लॉक में पुलिस लोगों को उठाकर ले जाता है. उन्हें नक्सली घोषित कर देती है. डीआईजी से भी कहा था कि जो वास्तव में नक्सली है, उनकी सूची जारी कीजिए. शासन की समर्पण नीति का लाभ दिलाएं, लेकिन उन्होंने आज तक सूची जारी नहीं किया। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। लोकसभा सांसद सुनील कुमार सोनी ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की निरंकुशता के चलते छत्तीसगढ़ में करीब 2.5 लाख वैक्सीन के डोज बर्बाद हो गए. राज्य सरकार अपनी ढींगे हांकने में लगी हुई है. प्रदेश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेसी केवल धरनाबाजी, बयानबाजी और नौटंकी कर रहे हैं. राज्य की जनता के प्रति भूपेश सरकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
भ्रम फैलाना कांग्रेसियों की आदत
सांसद सुनील सोनी ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर भी राजनीति करना और भ्रम फैलाना कांग्रेसियों की आदत है. कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने वैक्सीन को लेकर पूरे देश में भ्रम फैलाया और षड़यंत्र किया. इसी के कारण अनेक जगहों में लोग वैक्सीन लगवाने से डर रहे हैं. प्रदेश में कोरोना को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट नीति नहीं बन सकी, सरकार का ध्यान केवल शराबनीति और बिक्री पर ही केन्द्रीत रहा है। 
वैक्सीन की दूसरी डोज सुनिश्चित करने की मांग
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि जिन लोगों को प्रथम डोज लग चुकी है. निर्धारित समय में उनके दूसरे डोज को सुनिश्चित करें. छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नागरिक का वैक्सीनेशन हो इस दिशा में सुनियोजित और सुव्यवस्थित ढंग से कार्य किया जाए. निर्धारित समय पर एडवांस देकर प्रदेश की जनता के लिए वैक्सीन सुरक्षित किया जाए. ताकि जून महीने में अधिक से अधिक वेक्सीनेशन का कार्य किया जा सके. राज्य सरकार बेवजह भ्रम फैलाकर राजनीति न करें। 
DMF राशि का बंदरबांट, इसलिए कलेक्टर को किया नियुक्त
डीएमफ पर सवाल का जवाब देते हुए सांसद सोनी ने कहा कि डीएमएफ राशि की बंदरबांट करने के लिए राज्य सरकार ने 26 फरवरी 2019 को अधिसूचना जारी कर कलेक्टर के स्थान पर जिला प्रभारी मंत्री को पदेन अध्यक्ष नियुक्त किया था. जिसे केंद्रीय खनिज मंत्रालय ने निरस्त कर दोबारा कलेक्टर को नियुक्त किया है. समिति में सांसद और विधायक भी रहेंगे. कांग्रेसी इसमें भी भ्रम फैला रहे हैं. जबकि समिति से विधायकों को बाहर नहीं किया गया है. राज्य सरकार का यह कृत्य भी अशोभनीय था. जिसमें भाजपा के सांसदों को डीएमएफ समिति से बाहर रखा गया था। 
कांग्रेसियों को केवल अधिकार याद रहता है, जिम्मेदारी नहीं
सांसद सुनील सोनी ने कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की तर्ज पर राज्य सरकार और उनके मंत्री अब इसे राज्य सरकार का अधिकार बता रहे हैं. कांग्रेसियों को केवल अधिकार याद रहता है, जिम्मेदारी नहीं. कांग्रेस सरकार ने कभी इमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं किया है, बल्कि अधिकारों का दुरूपयोग किया है. अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए हर मुद्दे पर राज्य सरकार केन्द्र सरकार पर दोष मढ़ने का असफल प्रयास करती है, जो निंदनीय है।