Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के अनलॉक होते ही शहर में चोर, बदमाश, और चाकूबाज अपना सिर फिर से उठाने लगे हैं. शहर में आए दिन चाकूबाजी, हत्या और लूट की वारदात हो रही है, लेकिन पुलिस ने चाकूबाजों पर नियंत्रण कसने की ठान ली है. रायपुर पुलिस चाकूबाजों के खिलाफ ‘तस्दीकी अभियान’ तेज कर दी है. एसएसपी अजय यादव के नेतृत्व में सभी सीएसपी और थाना प्रभारियों ने योजना तैयार कर अवैध रूप से खंजर लेकर घूमने और बिक्री करने वालों की पतासाजी में जुटी हुई है।
69 नाबालिगों ने ऑर्डर किया चाकू
पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन शाॅपिंग साइट्स जैसे एमेजाॅन, फ्लिपकार्ट सहित अन्य शाॅपिंग साइट से धारदार चाकू मंगाने वालों पर नजर रखकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. रायपुर जिले में 340 लोगों ने साल 2018-19 में फ्लिपकार्ट के माध्यम से खंजर आर्डर कर मंगाया था. इस अभियान के तहत अलग -अलग थानों से कुल 133 नग चाकू जमा कराया गया है, जिनमें 69 नाबालिक बच्चों द्वारा भी चाकू मंगाया गया है. बच्चों के परिजनों को थाना बुलाकर समझाइश दी जा रही है. साथ ही खंजर जमा कराया जा रहा है।
133 बटनदार चाकू जब्त
इस अभियान में चौकाने वाली बात ये है कि ऑनलाइन ऑर्डर करने वाले 69 नाबालिक बच्चे भी शामिल हैं. नाबालिग बच्चों से खंजर जमा करा लिया गया है. बच्चों के परिजनों को थाना बुलाकर समझाइश दी जा रही है. पुलिस के तस्दीकी अभियान से डर कर कुछ लोगों ने चाकूओं को तोड़ दिया है. कुछ लोगों ने चाकू को तालाब और अन्य स्थानों पर फेक दिया है. ऐसे लोगों से लिखित में जानकारी भी ली जा रही है।
सूची में नामित लगभग 50 अन्य व्यक्तियों से संपर्क किया गया है, जो लाॅकडाउन होने के कारण रायपुर से बाहर चले गए थे. वह भी कुछ दिनों बाद रायपुर आकर चाकू जमा करेंगे. सूची में नामित कुछ लोगों के मोबाइल नंबर बंद बता रहे हैं. उनके संबंध में भी तकनीकी विश्लेषण कर उनसे संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
खंजर की तस्दीकी अभियान की परिजनों ने प्रशंसा की है. अपने बच्चों के साथ स्वयं थाना आकर खंजर जमा करा रहे हैं. अवैध रूप से धारदार चाकू की खरीदी-बिक्री करने वालों के साथ ही ऑनलाइन शाॅपिंग साइट जैसे एमेजाॅन, फ्लिपकार्ट सहित अन्य शाॅपिंग साइट से धारदार चाकू मंगाने वालों पर रायपुर पुलिस नजर रखी जा रही है।
बता दें कि रायपुर पुलिस आम जनता से अपील कर रही है. ऑनलाइन शाॅपिंग साइट्स से बटनदार, धारदार चाकू/गुप्ती जैसे अन्य हथियार न मंगाए. चाकूबाजों के संबंध में जानकारी देकर रायपुर पुलिस का सहयोग करें, जिससे चाकूबाजी की घटनाओं पर पूर्ण रूप से काबू पाया जा सके. रायपुर पुलिस का चाकू की तस्दीकी अभियान लगातार जारी रहेगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय ने एक प्रेस काॅन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने देश के वोटरों के नाम भाजपा के मोदी सरकार के केन्द्र में 7 साल पूरे करने पर ‘देश का वोटर मोदी सरकार से हिसाब मांगे… जवाब दो’ के नाम पर पोस्टर जारी किया है. विकास उपाध्याय ने कहा कि देश का असली टूलकिट यही है. भाजपा के नेताओं में दम है, तो इन सवालों का जवाब दें. साथ ही उन्होंने कहा कि जिस सोशल मीडिया पर मोदी ने अपनी छवि गढ़ी, आज उसी मीडिया पर उस बनावटी छवि को ध्वस्त होता देश देख रहा है।
विकास उपाध्याय ने केंद्र से पूछे 15 सवाल
विकास उपाध्याय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा 7 साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी टीम ने एक सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुद की एक छवि गढ़ी. आज उसी सोशल मीडिया पर उस बनावटी छवि को ध्वस्त होता देश देख रहा है. विकास उपाध्याय भाजपा की मोदी सरकार पर बीते 7 साल के कार्य प्रणाली पर कई सवाल किए. इसके लिए बकायदा उन्होंने एक पोस्टर जारी कर कहा कि देश के जिन मतदाताओं ने अपना वोट देकर भाजपा को सत्ता तक पहुंचाकर मोदी को प्रधानमंत्री बनाया. वही वोटर आज सवाल पूछने मजबूर हैं. मोदी सरकार हिसाब दो, हमारे सवालों का जवाब दो.
दीवारों पर चिपकाए जाएंगे पोस्टर
विकास उपाध्याय ने बताया कि पोस्टर में मुख्य रूप से पन्द्रह सवालों का जिक्र कर मोदी सरकार से सवाल किया गया है, जिसके 10 लाख पोस्टर छपवाए जा रहे हैं. इसे पूरे छत्तीसगढ़ के शहर से लेकर गांव-गांव तक दीवारों पर चिपका कर हर एक वोटर को इस बात का एहसास दिलाया जाएगा कि मोदी सरकार ने इसका क्या किया।
भाजपा और मोदी ने सुनियोजित तरीके से छवि गढ़ने का किया काम
विकास उपाध्याय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, आज के परिवेश में सोशल मीडिया एक ऐसा माध्यम बन गया है. जहां किसी की छवि गढ़ना हो या उसे तोड़ना हो एक बेहतर जगह है. प्रधानमंत्री मोदी स्वयं और उनकी टीम ने इस जगह का बेहतर उपयोग किया. धरातल पर कोई काम हो न हो, उन्होंने एक सुनियोजित तरीके से जिस तरह से अपनी बनावटी छवि चमकाने सफल रहे. वह देश के साथ एक बड़ा षड़यंत्र था, लेकिन मोदी सरकार की नाकामियों के कारण आज वही सोशल मीडिया जो कभी बीजेपी के लिए बड़ी ताकत थी अब कमजोर कड़ी बन गई है।
कोविड को लेकर कथित टूलकिट में लिखी गई बातें भाजपा की भाषा है–
विकास उपाध्याय ने कहा कि पिछले कुछ महिनों से जिस तरह से मोदी सरकार की पूरे देश एवं विश्व में छिछालेदर हो रही है, उससे बचने भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक रणनीति के तहत टूलकिट का मामला अचानक से लोगों के बीच लाया और कोविड में मोदी सरकार की असफलताओं को लेकर जो बातें कही जा रही हैं. उसी को ही उसमें उल्लेख किया गया।
इस टूलकिट में लिखी गई भाषा पूरी तरह से भाजपा की है. इससे ये लगे कि यह कांग्रेस द्वारा कही जा रही है, लेकिन जल्द ही ट्वीटर ने मूल्यांकन कर मैनिपुलेटेड मीडिया करार दे दिया. इससे विचलित मोदी सरकार ट्वीटर को भी अपने अधीन करने कोई कसर नहीं छोड़ रही है. सत्ता की ताकत पर ट्वीटर के कार्यालय में नोटीस देने के बहाने दिल्ली पुलिस द्वारा इसके कर्मचारियों को धमकाया जा रहा है. उन्होंने कहा, भाजपा के आरोपी इसे सही साबित करने कांग्रेस के खिलाफ सबूत देने की अपेक्षा आंदोलन का राह अपना कर लोगों का ध्यान अन्य मुद्दों से भटका रहे हैं।
देश के वोटर का असली टूलकिट इन 15 सवालों में छूपी हुई है
नोटबंदी को लेकर सवाल किया कि आखिर इससे हासिल क्या हुआ?
काला धन आया तो नहीं बल्कि स्विस बैंकों में इसके बाद भारतीयों का पैसा 50 प्रतिशत तक बढ़ गया
जिस महंगाई को लेकर पिछली सरकारों को कोसते रहे,
क्या मोदी सरकार में महंगाई कम हो पाया?
पूरे देश में लोग बढ़ती महंगाई से त्रस्त हैं
पेट्रोल-डीजल के दामों लेकर सार्वजनिक मंचों पर तर्क देते रहे कि भाजपा की सरकार आई तो 35 रूपये में पेट्रोल मिलेगा और आज इसे 100 रूपये तक पहुंचा दिया
जिस रसोई गैस को 350 से 400 रूपये में खरीददते थे, आपने 900 रूपये तक पहुंचा दिया
देश के नौजवानों को भरोसा दिलाते रहे कि हम 2 करोड़ युवाओं को हर साल रोजगार देंगे
रोजगार तो मिला नहीं बल्कि 10 गुना बेरोजगारी बढ़ गई.
विकास उपाध्याय ने याद दिलाया, मोदी जी के लिए कभी चौकीदार शब्द का जुमला बड़ा मजेदार हुआ करता था, हालांकि अब उसे बोलना छोड़ दिए हैं पर चौंकीदार बनकर देश के लूटेरों को विदेश भगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
2000 करोड़ रूपये खर्च कर पूरी दुनिया घूम ली, यह कहकर कि विदेशों से पूंजी लायेंगे पर आया कुछ नहीं.
भाजपा सरकार ने काॅर्पोरेट जगत का 5,55,000 करोड़ रूपये माफ कर दिया. देश के किसानों को आंदोलन करने छोड़ दिया.
कोरोना की बदहाली आपसे संभली नहीं और देश के लाखों लोगों को मौत के मुंह में धकेल दिया. इसके जिम्मेदार कौन हैं?
70 साल की सरकारें या 7 साल की आपकी सरकार?
अच्छे दिन आयेंगे शुरूआत कर आत्मनिर्भर भारत के नाम पर देश को गुमराह किया और मदद के लिए विदेशों में हांथ फैलाते रहे
भारत के लोग अपने देश में मर रहे हैं और आपने विदेशों में वैक्सीन भेज दिया.
विकास उपाध्याय ने कहा कि जिस गंगा नदी में आप को बुलाने की बात कह कर लोगों की भावना से खेलते रहे. उसी गंगा को अपनी नाकामियों से लाशें बिछाकर अपवित्र कर दिया. आपके कार्यकाल के 7 साल कम पड़ गए थे, जो देश में न ऑक्सीजन है, न वेंटीलेटर, न बेड. इसके बाद भी देश के लोग मर रहे थे. आप सत्ता हथियाने लाखों की भीड़ जुटाकर सभा लेते रहे. जब भारत सहित पूरे विश्व में हो रहे अपनी बदनामी को देखा तो इससे बचने महामारी को राज्यों पर छोड़ दिया.
मोदी सरकार की नाकामियों मतदाताओं तक पहुंचाएंगे
विकास उपाध्याय ने बताया कि भाजपा की कथनी और करनी को बताने इन 15 सवालों के साथ 10 लाख पोस्टर प्रिन्ट कराए जा रहे हैं, जिसे छत्तीसगढ़ के शहर से लेकर गांव-गांव तक दीवारों पर चिपका कर वोटरों को उनके सवालों का भाजपा से जवाब पूछा जाएगा. इसके लिए एक रोड मैप तैयार है, जिसके मुताबिक वे पूरे प्रदेश का दौरा कर कांग्रेस के उन युवा साथियों को सक्रिय करेंगे. उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक-एक मतदाता से संपर्क कर उनके दिए भाजपा को वोट का किस तरह से दुरूपयोग किया जा रहा है. साथ ही भूपेश सरकार की उपलब्धियों को किस तरह से लोगों के बीच प्रचारित करना है इसका भी प्रशिक्षण दिया जाएगा.

panchayattantra24.com,रायपुर। ब्लैक फंगस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मौत के आंकड़े भी बढ़ रहे हैं। राजधानी के एम्स में शुक्रवार को चार नए केस सामने आए। वहीं, छह ऑपरेशन किए गए। एम्स में ब्लैक फंगस के कुल मरीज 124 हो गए हैं। 47 ऑपरेशन किए जा चुके हैं। प्रदेश में अब तक ब्लैक फंगस से लगभग सात मौत और 150 से ज्यादा केस सामने आए हैं।
गौरतलब है कि पाटन निवासी 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। मरीज में ब्लैक फंगस के लक्षण मिले थे। निजी अस्पताल में इलाज चला रहा था और एम्स रायपुर ले जाने की तैयारी चल रही थी। तब तक युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं, कोंडागांव जिले में भी ब्लैक फंगस का मामला सामने आया है। रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, धमतरी जिले में भी ब्लैक फंगस का पहला मामला सामने आया है। ब्लैक फंगस के मरीज को रायपुर एम्स रेफर किया गया है।
नहीं मिल पा रहे इंजेक्शन
डॉक्टरों के अनुसार जब तक आंखों में ब्लैक फंगस के संक्रमण का पता चलता है, तब तक मस्तिक तक पहुंच जा रहा है। दवा का असर नहीं होता है, सर्जरी की जाती है। जितनी सर्जरी करनी है उसके हिसाब से दवा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। मरीज के परिजन इंजेक्शन के लिए भटक रहे।
ब्लैक फंगस के प्रभाव
– दांत, जबड़ा, नाक मुंह, आंख प्रभावित हो रहे हैं।
– समय पर उपचार न मिलने से मस्तिक को प्रभावित कर रहा।
– तुरंत इलाज शुरू नहीं हो तो पांच दिन में संक्रमण फैल सकता है।
जानिए इन आंकड़ों को भी
– एम्स में 124 मरीज
– एम्स में कुल ऑपरेशन 47
– चार नए मरीज
– छह नए ऑपरेशन
– प्रदेश में सात से ज्यादा मौत
– प्रदेश में 150 से ज्यादा केस

panchayattantra24.com,रायपुर। पूर्व सिंचाई मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शक्राजीत नायक के निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा दुख प्रकट किया है. डॉ. शक्राजीत नायक का रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उनका निधन हो गया. वे रायगढ़ के विधायक प्रकाश नायक के पिता थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डॉ. शक्राजीत नायक के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए, ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवारजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की है।

panchayattantra24.com,रायपुर। भारतीय जनता पार्टी माना मंडल की वर्चुअल बैठक हुई। जिला प्रभारी खूबचंद पारख ने कहा कि अपने मंडल क्षेत्र में निवासरत कोरोना से संक्रमित हुए नागरिकों की सूची तैयार की जाए। साथ ही उन्हें किस प्रकार से मदद की जा सकती है, इस पर कार्ययोजना बनाई जाए। बूथ कमेटी एवं शक्ति केंद्र के शीघ्र गठन पर चर्चा की। मोदी सरकार की सात वर्षों की उपलब्धि को लेकर मंडल क्षेत्र के घर-घर पहुंचने के अभियान की शुरुआत होगी।
जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी की अध्यक्षता में बैठक हुई। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंडल अध्यक्ष रविंद्र सिंह ठाकुर द्वारा कोरोना काल में मंडल कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी। पूर्व विधायक नंद कुमार साहू ने कहा कि कोरोना के संक्रमण काल में हम सभी को मास्क एवं सैनिटाइजर का उपयोग करके सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना है।
जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने भाजपा माना मंडल द्वारा जिले से निर्देशित सभी कार्यक्रम को अच्छी तरह से संपादित करने पर पूरे मंडल को बधाई देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को 2023 के विधानसभा चुनाव की अभी से तैयारी प्रारंभ करनी है। जिला महामंत्री ओंकार बैस ने कहा कि पूरे जिले में सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठ का गठन पूरा हो चुका है। 31 मई को आयोजित सेवा कार्य के लिए प्रभारियों की सूची तैयार कर ली गई है।
वर्चुअल बैठक में जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार राठी ने बताया कि मंडल क्षेत्र में निवासरत सभी वरिष्ठ एवं पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। बैठक में प्रमुख रूप से रमेश ठाकुर, श्यामा चक्रवर्ती,अकबर अली, बिंदु माहेश्वरी,लीलाधर चंद्राकर, दिलीप कुर्रे, जस्सी रंधावा, रामलाल साहू, तोषण साहू, हेमंत सेवलानी, मेघुराम साहू, मिनी पांडेय, विलास सुतार, रविन्द्र चौहान, गायत्री नवरंगे, उर्मिला चौहान, लोकमती ठाकुर, संगीता सिंह,विवेक श्रीवास्तव, योगेंद्र सिंह, मनोज डोंगरे,दीपमाला बैरागी, पुष्पा पटेल,रिंकू लहरी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार राठी एवं आभार प्रदर्शन मेघुराम साहू ने किया।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के एक कार डीलर के कार्यालय में बीती रात दो बदमाशों ने तोड़फोड़ कर दी. डीलर से पहले सेकंड हैंड कार के इंश्योरेंस पेपर को लेकर दोनों ने विवाद किया. जब बात नहीं बनी तो बदमाशों ने कार्यालय में तोड़फोड़ कर दिया और पहुंच का धौंस दिखाकर धमकी दी।
डीलर ने अमन जैन और साहिल जैन के खिलाफ मारपीट समेत गैर जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है. मामले में पुलिस ने अमन जैन को गिरफ्तार कर लिया है. दूसरा आरोपी साहिल जैन फरार है. जिसकी तलाश की जा रही है. पूरा मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।
आरोपी साहिल जैन फरार
सरस्वती नगर थाना पुलिस ने बताया कि आमानाका इलाके के एस. एन मोटर्स कार डीलर के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना हुई है. आरोपी अमन जैन और साहिल जैन नामक बदमाशों ने तोड़फोड़ की है. आरोपी अमन जैन ने कार डीलर से सेकंड हैंड ऑडी कार खरीदी थी. जिसके बाद कार के इंश्योरेंस पेपर्स को लेकर इनके बीच विवाद हुआ था. आरोपियों ने कल रात कार डीलर के कार्यालय जाकर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों की पिटाई कर दी और कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ कर दी है. प्रार्थी की शिकायत पर आरोपी अमन जैन और साहिल जैन के खिलाफ धारा धारा 294, 506बी, 323, 507, 427, 452, 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया है. आरोपी अमन जैन की गिरफ्तारी कर ली गई है. साथ ही फरार आरोपी साहिल जैन की तलाश की जा रही है।
panchayattantra24.com,रायपुर। पूर्व मंत्री शक्राजीत नायक का आज हार्ट अटैक से निधन हो गया है. वह 78 वर्ष के थे. उनका राजधानी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था. जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
विधायक प्रकाश नायक ने बताया कि उनके पिता शक्राजीत नायक एक माह पूर्व कोरोना संक्रमित हुए थे. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजधानी के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उन्हें वेटिलेटर पर रखा गया था. ठीक होने के बाद वेटिंलेटर हटा लिया गया था. उन्होंने कोरोना को भी मात दे दी थी. आज हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया. अब उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव बरमकेला विकासखंड के ग्राम नवापल्ली में किया जाएगा।
वहीं बालाजी अस्पताल प्रबंधन ने पूर्व मंत्री के हार्ट अटैक से निधन की पुष्टि की है।
बता दें कि शक्राजीत नायक अजीत जोगी शासन काल में सिंचाई मंत्री थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना काल में कॉलेजों की परीक्षा ऑनलाइन कराई जा रही है, लेकिन लेट परीक्षा शुल्क भी लगाया जा रहा है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने परीक्षा शुल्क कम करने और छात्रों से लेट फीस नहीं लेने समेत 5 सूत्रीय मांग की है. एबीवीपी ने पंडित रवि शंकर विश्वविद्यालय प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा है. 5 दिनों के अंदर मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ABVP के कार्यकर्ताओं का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर में सभी वर्ग के लोग प्रभावित है. छत्तीसगढ़ में डेढ़ महीने से लॉकडाउन की स्थिति थी. हाल ही में कोरोना महामारी के बीच रवि शंकर विश्विद्यालय ने ऑनलाइन परीक्षा कराने का निर्णय लिया है. विश्विद्यालय अपने छात्रों से बहुत ज़्यादा परीक्षा शुल्क ले रही है।
ABVP का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से फॉर्म नहीं भर पाए छात्रों से लेट फीस लिया गया, जो अनुचित है. कोरोना के चलते सभी वर्ग की आर्थिक स्थिति खराब है. ऐसे में पूरा परीक्षा शुल्क और लेट फ़ीस लेना उचित नहीं है. जबकि परीक्षा भी ऑनलाइन ली जा रही है. इसके साथ ही कई छात्र परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गए है. अब विश्विद्यालय ने पोर्टल बंद कर दिया है।
ABVP की ये हैं मांगें
परीक्षा शुल्क 50% कम किया जाए.
लेट फीस लेने पर तत्काल रोक लगाई जाए.
जो छात्र फॉर्म नहीं भर पाए हैं, उनके लिए कुछ दिन ऑनलाइन पोर्टल को पुनः शुरू किया जाए.
कॉलेज के पास रहने वाले विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका कॉलेज से ही उपलब्ध कराई जाए.
जो छात्र किसी कारण से परीक्षा ना दे पाए हो, उनकी परीक्षा लेने की व्यवस्था की जाए.

panchayattantra24.com,रायपुर। राज्य सरकार की गोधन न्याय योजना को एक बड़ा झटका लग सकता है. रायपुर संभाग में संचालित होने वाली 9 गोठान एक साथ बंद हो सकती है, क्योंकि गोठान में काम करने वाली महिलाओं को बीते 10 महीने से तनख्वाह नहीं मिली है. ऐसे में महिलाएं काम करने की स्थिति में नहीं है. गोधन न्याय योजना के शुरूआत से ही गोठान में काम करने वाली महिलाओं से ये कहा गया था कि 40 दिन के बाद से उन्हें सैलरी दी जाएगी, लेकिन आज 10 महीने हो गए, उन्हें केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है।
गोठान में काम करने वाली महिलाएं कहती है कि सरकार ने जल्द ही उनके हित में कोई फैसला नहीं लिया तो वे गोठान में काम नहीं करेंगी. बता दें कि रायपुर संभाग में गोधन न्याय योजना के तहत कुल 9 गोठान संचालित की जा रही है और सभी में यही स्थिति देखने को मिल रही है।
जोन-1 के गोठान में कार्यरत शैल साहू ने कहा कि बीते 10 महीने से लगातार काम कर रहे है लेकिन वेतन बिल्कुल भी नहीं मिली, केवल आश्वासन दिया जा रहा है. हम ऐसे ही मुफ्त में कब तक काम करेंगे. राज्य सरकार को हमारे बारें में कुछ तो सोचना ही चाहिए, यदि वे जल्द ही इस पर विचार नहीं करते तो हम काम बंद कर देंगे।
जोन क्रमांक-2 के गोठान में काम करने वाली महिला सुभद्रा तिवारी का कहना कि वे काफी ज्यादा परेशान है. कोरोना काल में वैसे ही सबके रोजगार छीन गए है और उन्हें भी सैलरी नहीं मिल रही।
जोन क्रमांक-4 के गोठान में काम करने वाली पुष्पा वर्मा ने कहा कहा कि हमें वेतन के नाम पर बार-बार आश्वासन दिया जाता है हमें कहा गया था कि 40 दिन के बाद हमें सैलरी दी जाएगी लेकिन काफी ज्यादा समय हो गया. हमें कुछ भी नहीं मिला, रायपुर के 1,2 नहीं बल्कि पूरे 9 गोठान की ये तस्वीर हैं।
सीईओ को भेजकर करेंगे निराकरण- मंत्री चौबे
गोठान की महिलाओं को लाभांश ना मिलने पर कृषि मंत्री रविंद्र चौबे बोले कि गोठान समिति को और महिलाओं को भी लाभ का हिस्सा मिलेगा. यदि ऐसी कोई शिकायत सामने आ रही है तो सीईओ को भेजकर उस मामले का निराकरण करेंगे।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना का ग्राफ धीरे-धीरे कम होने लगा है. भूपेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग समेत कोरोना वॉरियर्स की मेहनत रंग लाने लगी है. अगर 3 हजार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं, तो करीब 9 हजार मरीज कोरोना को मात दे रहे हैं. कोरोना टीकाकरण भी जारी है, लेकिन टीका नहीं मिलने के कारण वैक्सीनेशन धीमी गति में है. इसी को लेकर कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण वैक्सीनेशन प्रभावित हुआ।
रविन्द्र चौबे ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान रविंद्र चौबे ने कहा कि केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं भारत के विभिन्न राज्यों में भी टीकाकरण बंद हो गया है. टीकाकरण अगर राज्यों का मसला है, तो केन्द्र सरकार को यह तय करना चाहिए कि संपूर्ण टीकाकरण की जवाबदारी राज्य को दें. 35 हजार करोड़ के पैकेज के बारें में केन्द्र सरकार को अपनी राय स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाए आरोप
कोविशिल्ड और कोवैक्सीन ऑर्डर करने के बाद भी छत्तीसगढ़ को मिल नहीं पा रही है. वैक्सीनेशन की नीतियों को केंद्र सरकार को फिर से परिमार्जित करना चाहिए. वरना देश में वैक्सीनेशन नहीं होने का दोष देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को दिया जाएगा. 18 से 44 साल के लोगों के लिए केंद्र सरकार के पास पैसा है या नहीं है।
अजय चंद्राकर के ट्वीट को लेकर मंत्री का बयान
अजय चंद्राकर के ट्वीट को लेकर मंत्री चौबे ने कहा कि अजय चंद्राकर को चाहिए कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग करें. हिंदुस्तान में वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों को परमिट न देने के पीछे केन्द्र सरकार की साजिश है. केन्द्र सरकार केवल स्पूतनीक वैक्सीन का आयात कर रही है. केन्द्र सरकार आत्मसमर्पण की भूमिका में है. जीएसटी काउंसिल की बैठक में राज्यों ने मांग की है कि कोरोना से संबंधित आवश्यक संसाधनों को टैक्स फ्री किया जाए।
ग्लोबल टेंडर को लेकर मंत्री का बयान
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के टिप्पणी के बाद कोविड-19 को लेकर केंद्र सरकार की भूमिका शुतुरमुर्ग की हो गई. राज्य सरकार अपनी तरफ से प्रयास कर रही है. मंत्रिपरिषद की बैठक में हमने पहले ही तय किया कि किसी भी राज्य में ग्लोबल टेंडर से शुरुआत होगी तो छत्तीसगढ़ में भी ग्लोबल टेंडर किया जाएगा।
सिलेगर विरोध पर मंत्री का बयान
मंत्री चौबे ने सिलगेर को लेकर कहा कि वहां कैंप बनाया जा रहा था. इसलिए लोगों के द्वारा विरोध किया जा रहा है. यह बहुत स्पष्ट है कि केवल सिलेगर का मामला नहीं है. आने वाले समय में हम वहां इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करेंगे. आगे भी ये स्थितियां निर्मित होगी. बीजेपी के पूर्व सांसद दिनेश कश्यप अपनी टीम लेकर वहां पहुंचे थे. ग्राम वासियों से बात किए थे. वे बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं, तो किन को जाने से वहां रोका जा रहा है, कौन वहां पहुंच रहे हैं, ये उनकी पार्टी को तय करना चाहिए।
बीजेपी के अभियान को लेकर मंत्री ने कसा तंज
भारतीय जनता पार्टी कहां है? कौन भारतीय जनता पार्टी का वास्तविक प्रतिनिधित्व करते हैं? यह छत्तीसगढ़ में अब रिसर्च का विषय हो गया है. दिल्ली की सरकार कहती है कि किसानों को 1868 से 1 रूपए ज्यादा नहीं मिलना चाहिए. छत्तीसगढ़ की भाजपा कहती है कि आप बोनस के पैसे क्यों नहीं देते. दिल्ली और छत्तीसगढ़ भाजपा की राय अलग है, आने वाले समय में शायद चुनाव आयोग को कहना पड़ जाए कि आप अलग पार्टी की मान्यता ले ले।
पतंजलि गुरुकुल में बच्चों को बंधक बनाने पर पर बोले मंत्री
पतंजलि द्वारा बच्चो को बंधक बनाए जाने मामले में मंत्री चौबे ने कहा कि पूरे देश में पतंजलि और तथाकथित बाबा के बारे में मीडिया में रोज चर्चा हो रही है. छत्तीसगढ़ के बच्चे वहां बंधक हैं. शासन की जानकारी में ये मामला आया है, उनको लाने की जवाबदारी हमारी है।
इस दौरान मंत्री चौब ने गौठान की महिलाओं को लाभांश न मिलने पर कि कहा कि गौठान समिति को और महिलाओं को भी लाभ का हिस्सा मिलेगा. अगर ऐसी कोई शिकायत सामने आ रही है, तो सीईओ को भेजकर उस मामले का निराकरण करेंगे।