Browsing: रायपुर

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘यास’ भारी तबाही मचा रहा है. यास तूफान का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे का अलर्ट जारी किया है. झारखंड और ओडिशा की सीमा से सटे छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने कहा कि प्रदेश में बलरामपुर, सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर, महासमुंद में भारी बारिश होगी. कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बन रही है. इसे देखते हुए आम जनता को सतर्क रहने की आवश्यकता है. साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती है. यास चक्रवात की वजह से छत्तीसगढ़ के तापमान में परिवर्तन नहीं होगा, बल्कि तापमान में वृद्धि जरूर हो सकती है। 
पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बाद झारखंड पहुंचा यास
बता दें कि चक्रवात तूफान यास पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बाद झारखंड पहुंच गया है. यास के तांडव से सैकड़ों तटीय गांवों में पानी भर गया और लाखों घर उजड़ गए. इससे पश्चिम बंगाल में तीन और ओडिशा में एक व्यक्ति की मौत हो गई. सिर्फ बंगाल में ही यास से एक करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं. लगातार बारिश से ओडिशा-बंगाल के कई जिले जलमग्न हैं. नदियों का जलस्तर बढ़ गया और सैकड़ों तटबंध टूट गए. राहत और बचाव दल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को 2 हजार 829 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि के साथ 56 लोगों की मौत हुई है. वहीं एक दिन में 5 हजार 97 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं. प्रदेश में कुल संक्रमित केस की संख्या 9 लाख 59 हजार 544 है, जिसमें अब तक 8 लाख 93 हजार 285 मरीजों स्वस्थ्य हो चुके हैं। 
प्रदेश में जिलेवार कोरोना संक्रमितों की बात करें तो रायपुर में 102, धमतरी में 101, बलौदाबाजार में 137, महासमुंद में 101, बिलासपुर में 85, रायगढ़ में 216, कोरबा में 106, जांजगीर में 178, मुंगेली में 128, सरगुजा में 240, कोरिया में 210, सूरजपुर में 202, बलरामपुर में 201, जशपुर में 162 मिले हैं. वहीं रायपुर में कोरोना से 3 लोगों की मौत हुई है. इसके अलावा धमतरी में 4, बिलासपुर में 8, महासमुंद में 8, रायगढ़ में 11 कोरोना मरीजों की मौत हुई है. प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 53 हजार 480 है, वहीं अब तक 12 हजार 779 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। 
कोरोना के बाद अब डराने लगा ब्लैक फंगस
एक तरफ जहां राज्य कोरोना की रफ्तारपर लगाम लग रहा है, तो वहीं दूसरी ओर ब्लैक फंगस की रफ्तार और बढ़ी रही है. अब तक 140 मरीजो में 5 लोगों मौत हो चुकी है. प्रदेशभर में 140 ब्लैक फंगस के मरीजों पाए गए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा 41 मरीज दुर्ग में सामने आए हैं। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 में दिये गये प्रावधानों के उल्लंघन करने पर जिला प्रशासन ने रायपुर जिले के 11 राइस मिलों को काली सूची (ब्लैक लिस्टेड) में दर्ज करने का आदेश जारी किया है। 
कलेक्टर डॉ एस भारतीदासन ने जिन राइस मिलों को काली सूची में दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है, उसमें नेवरा के सत्यनारायण नत्थूलाल मिल, सिनोधा रोड तिल्दा नेवरा के मुनका राइस मिल, तुलसी नेवरा के पंजवानी फूड्स, विधानसभा रोड सकरी के संजय ग्रेन प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, केंवराडीह खरोरा के दशमेश इंडस्ट्रीज, खौलीडबरी तहसील तिल्दा के एनबीए फूड्स, ग्राम पिपरोद तहसील अभनपुर के श्री बालाजी राइस मिल, ग्राम कुर्रा नयापारा के महक राइस इंडस्ट्री, नवागांव कोलियरी तहसील अभनपुर के हरिओम इंडस्ट्रीज, सातपारा धमतरी रोड अभनपुर के निर्मला राइस प्राइवेट लिमिटेड और आरंग रोड बुडेरा खरोरा के गुरुनानक राइस इंडस्ट्रीज शामिल हैं। 
जिला खाद्य नियंत्रक ने बताया कि किसी भी पंजीकृत मिल को उसके वार्षिक मिलिग क्षमता के आधे मिलिंग क्षमता का उपयोग कस्टम मिलिंग के प्रयोजन के लिए किया जाना है. जिले की 11 अरवा राइस मिलर्स के द्वारा शासकीय धान के कस्टम मिलिंग के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2020- 21 में धान का उठाव नहीं किया है. इस प्रकार इन राइस मिलर्स के  खिलाफ कार्रवाई की गई है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना संकट में शहीद हुए कोरोना योद्धाओं को 1 जून को श्रद्धांजलि दी जाएगी. राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली सयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी पी सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में पूरे देश में कोरोना संकट से निपटने के लिए देश के लाखों एनपीएस कार्मिक अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. जिसमें डॉक्टर, नर्स, बैंक कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस कर्मी, सफाई कर्मी, रेलवे कर्मी, कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी सभी रात दिन देश सेवा में अग्रणी भूमिका में निभा रहे हैं, जो कि अत्यन्त सराहनीय है. दूसरी तरफ इस कोरोना संकट में देश सेवा करते-करते हम सभी के बीच से कई कार्मिक साथियों की मौत हो गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली सयुक्त मोर्चा ने यह निर्णय लिया है कि देश के सभी कार्मिक अपने-अपने घर पर रहकर केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए 1 जून रात 8 बजे एक दीप जलाएंगे. कोरोना संकट में शहीद हुए कोरोना योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। 
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में केंद्र से लेकर राज्य सरकारों के सभी कार्मिक से भाग लेने की अपील राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली सयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी पी सिंह रावत, उत्तराखंड से अनिल बडोनी ,सीताराम पोखरियाल, मिलिंद बिष्ट ,दिल्ली से डा अनिल स्वदेशी , छत्तीसगढ़ से संजय शर्मा, बीरेंद्र दुबे, लैलूंन भारद्वाज, रोहित तिवारी, तुलसी साहू, बसंत चतुर्वेदी, राजेश शर्मा ,मध्य प्रदेश से जगदीश यादव राजस्थान से श्याम सुंदर शर्मा, गुजरात से राकेश कंधारिया, डॉ. पंकज प्रजापति, उत्तर प्रदेश से अजय कुमार द्विवेदी, तेलंगाना से संपत कुमार स्वामी, डॉ. पुरुषोत्तम, जम्मू कश्मीर से गुलजुवेर डेंग, बिहार से शोभ नाथ यादव, असम से अछूतानंद हजारिका ने की है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। जिला न्यायालय के कामकाज का दायरा 26 मई से बढ़ाया गया है. लेबर कोर्ट में अब प्रतिदिन 11 से 2 बजे तक 4 मजिस्ट्रेट बैठेंगे, और सेशन कोर्ट में 11 से 2 तक प्रतिदिन 1 जज बैठेंगे. 3 से 5 बजे पूर्ववत जमानत, सुपुर्दनामा की सुनवाई जारी रहेगी. इस संबंध में जिला न्यायाधीश ने आदेश जारी किया है। 
 
 

 panchayattantra24.com, रायपुर। केंद्र सरकार के तीनों किसान विरोधी कानून को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी है. इस कड़ी में बुधवार को किसान महासभा के बैनर तले किसान काला दिवस मनाते हुए अपने-अपने घरों के सामने विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। 
किसान पारस नाथ साहू ने कहा  कि हमारा हौसल पस्त नहीं हुआ है. मोदी सरकार के दमनकारी नीति और अड़ियल रवैया के विरोध में कड़कती ठंड, तेज गर्मी, बे मौसम बरसात में आंदोलन जारी रहा है, रहेगा, जब तक किसान हित में फैसला नहीं लिया जाएगा. आज अपने घर सामने काले झँडे लगाकर और हाथ में काला फीता बांध कर विरोध किया जा रहा है। 
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के ही एक विंग भारतीय किसान संघ पर बुद्ध पूर्णिमा के नाम पर काला दिवस को असफल करने किसानों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं. यह बीजेपी – आरएसएस का षड्यंत्र है, जो किसान आंदोलन को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है. किसान संघ अपने प्रत्येक मोर्चे पर बुद्ध की जयंती भी मना रहा हैं। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। शिक्षकों की भर्ती मामले में पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने सरकार को एक बार फिर घेरा है. उन्होंने सरकार पर ट्वीट के जरिए तंज कसते हुए कहा कि झूठ, झूठ और झूठ की बुनियाद पर ही टिकी है भूपेश बघेल की सरकार. 14580 शिक्षकों की भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री मीडिया में झूठ बोल रहे हैं कि भर्ती हो गई. सच्चाई यह है कि चयनित अभ्यार्थी मजदूरी करने के लिए मजबूर हैं, तनाव में जी रहे हैं।
डॉ. रमन सिंह ने अपने ट्वीट के साथ दो वीडियो शेयर किए हैं. पहले वीडियो में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती होने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरे वीडियो में मजदूरी का काम कर रहा विज्ञान विषय का चयनित शिक्षक भर्ती देने की मुख्यमंत्री से गुहार लगा रहा है. रमन सिंह इस वीडियो को सीएम के झूठ पर तमाचा करार दिया है। 
 
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश की सभी देसी शराब की दुकानें आज से खोली गई है, हालांकि विदेशी शराब दुकानें अभी नहीं खुलेंगी. इन दुकानों में ऑनलाइन के माध्यम से होम डिलीवरी का ऑप्शन रखा गया है। 
वहीं देसी शराब दुकानों को लेकर आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि गरीब जनता के हित को ध्यान में रखते हुए देसी शराब दुकानों को खोला गया है, क्योंकि गरीब तबके के लोग शराब नहीं मिलने से परेशान हो रहे थे. उनके पास मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं भी नहीं है. जिसके माध्यम से वह आर्डर कर सके, इसलिए देसी शराब दुकानों को आज से खोला गया है, लेकिन विदेशी शराब दुकानों को कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद ही खोला जाएगा। 
बता दें कि बिना मास्क वालें लोगों को शराब नहीं दी जाएगी. दुकानों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना भी अनिवार्य होगा. दुकानों के बाहर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है. राज्य में करीब 700 से ज्यादा देशी-विदेशी शराब की दुकानें है. जिनमें देसी शराब की दुकानों की संख्या कम है, लेकिन देसी शराब की बिक्री खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कोविड इलाज के लिए सरकार ने नियम-क़ानून बनाने के साथ दर निर्धारित कर दी है, फिर भी निजी अस्पतालों की मनमानी जारी है. इसके पीछे बड़ी वजह स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति है, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है. स्वास्थ्य विभाग के कार्रवाई नहीं करने पर अब इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से शिकायत की है। 
इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन के सचिव राहुल वर्मा ने बांठिया हॉस्पीटल में भर्ती उर्मिला वर्मा, नरेंद्र वर्मा, प्रतिभा वर्मा, नारायण प्रसाद वर्मा और लोकनाथ सोनी के साथ गायत्री हॉस्पिटल में भर्ती चंद्रशेखर नायक को हॉस्पीटल द्वारा दी गई बिल के साथ स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत करते हुए कार्रवाई करने की माँग की गई है। 
राहुल वर्मा बताते हैं कि राजधानी के साथ साथ प्रदेश की निजी अस्पतालों द्वारा कोरोना की मरीज़ों से शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक शुल्क इलाज दवा एवं जांच के लिए लिया जा रहा है. इसको लेकर 90 ज़्यादा शिकायतें मिल चुकी हैं. शिकायत के आधार पर संगठन ने सर्वे किया, जिसमें यह बात सामने आयी है कि कोरोना वेंटिलेटर में भर्ती गंभीर मरीज़ों का शासकीय अस्पताल, एम्स और अम्बेडकर अस्पताल रायपुर में इलाज होने पर कुल दस दिनों का मेडिसीन का खर्च अधिकतम 15000 रुपए है, लेकिन निजी अस्पताल 10 दिनों में चार से पांच लाख रुपया वसूल रहे हैं. कई लोगों का बिल 10 लाख रुपए तक का बना है. केवल पैसे की ही बात नहीं है, ग़ैर ज़रूरी दवा देकर भी मरीज़ों की जान से खिलवाड़ किया गया है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दूरदर्शिता, त्वरित फैसले और मजबूत इरादे के साथ बेहतर प्रबंधन ने छत्तीसगढ़ राज्य में कोरोना की दूसरी लहर को त्रासदी में तब्दील होने से पहले ही थाम लिया। कोरोना के प्रकोप को रोकने में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों से लेकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों , आंगनवाडी कार्यकर्ताओं,सहायिकाओं सहित सभी विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया । यही वजह है कि आज छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की रफ्तार मंद पड़ गयी है। बेहतर प्रबंधन और उपचार के चलते कोरोना संक्रमित मरीजों की रिकवरी भी तेजी से होने लगी है। मुख्यमंत्री ने राज्य में शहरी इलाकों के साथ-साथ गांव में तेजी से पांव पसारते कोरोना की रोकथाम के लिए लक्षण वाले मरीजों को कोरोना टेस्टिंग के रिजल्ट का इंतजार किए बिना निःशुल्क घर-पहुंच कोरोना दवा किट उपलब्ध कराने के फैसले का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया ,जिसका सार्थक परिणाम देखने और सुनने को मिला। कोरोना संक्रमित मरीज गंभीर स्थिति में जाने से बचने लगे। इससे हॉस्पिटल में बेड न मिलने की स्थिति बेकाबू होने से रुक गयी। 
 गौरतलब है कि कोरोना के गंभीर प्रकोप की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की राज्य स्तरीय समिति द्वारा इसकी रोकथाम एवं उपचार के लिए अनुशंसित दवाओं की किट मितानिनों , स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से राज्य के ग्रामीण इलाकों में घर-घर सर्दी, खांसी, बुखार से पीड़ित कोरोना के लक्षण वाले लोगों को बटवानी शुरू कर दी । लोगों को दवा के साथ लिखित में एक पर्ची भी दी गयी ,जिसमें दवाओं के सेवन का तौर-तरीका बताने के साथ ही उन्हें होम आइसोलेशन में रहने और सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। इसका परिणाम यह रहा कि राज्य देखते ही देखते इस महामारी के संकट से उबरने लगा। कोरोना संक्रमण की पहली लहर को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ कोरोना टेस्टिंग क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि की। जनवरी से लेकर मई माह की अवधि में यदि कोरोना टेस्टिंग के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो टेस्टिंग की क्षमता 3 गुना से भी ज्यादा बढ़ गई है। जनवरी और फरवरी माह में रोजाना औसतन 21 से 22 हजार कोरोना सेम्पल टेस्टिंग हो पाती थी, आज की स्थिति में यह आंकड़ा रोजाना 70 हजार से पार हो गया है। टेस्टिंग के चलते कोरोना संक्रमितों की तेजी से पहचान और उपचार ने इस महामारी पर काबू पाने में मदद की है। 
 छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिदिन कोरोना टेस्ट 2416 (प्रति 10 लाख जनसंख्या के मान से) है, जो देश के औसत टेस्टिंग 1511 से कहीं अधिक है। राज्य में अब तक 9 लाख 31 हजार 211 कोरोना पाजिटिव केस सामने आ चुके हैं, जिनमें से 8 लाख 33 हजार 161 लोग कोरोना-मुक्त हो चुके हैं। वर्तमान में कोरोना संक्रमित 85 हजार 868 लोगों का उपचार जारी है। इनमें से होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को घर पर ही उपचार तथा निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में राज्य में 33 शासकीय तथा 6 निजी लैब्स में ट्रू- नाट जांच की सुविधा उपलब्ध है। राज्य के 11 शासकीय लैब एवं 5 निजी लैब में कोरोना की आरटीपीसीआर जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। राज्य के ग्रामीण इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी रेपिड एंटीजन टेस्ट किया जा रहा है ताकि कोरोना संक्रमितों की तेजी से पहचान कर इस महामारी को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
 राज्य में 6 मेडिकल कॉलेज और एम्स रायपुर सहित 37 डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल एवं 154 कोविड केयर सेंटर तैयार किए गए हैं। राज्य के प्रत्येक जिले में डेडिकेटेड कोविड अस्पताल स्थापित किया गया है। शासकीय डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल में 5249 बेड तथा कोविड केयर सेंटर में 16405 बेड स्थापित किए गए हैं। शासकीय डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल में 555 आईसीयू, 515 एचडीयू एवं इसके अतिरिक्त 2516 ऑक्सीजन युक्त बिस्तर है। इसी तरह शासकीय कोविड सेंटर में स्थापित 16405 बेड में से 3043 ऑक्सीजन युक्त बिस्तर तैयार किए गए हैं। निजी कोविड अस्पतालों में कुल उपलब्ध 9596 बेड, 2399 आईसीयू, 1055 एचडीयू के अलावा 4395 ऑक्सीजन बेड उपलब्ध है। राज्य में शासकीय अस्पतालों में 526 तथा निजी चिकित्सालयों में 625 इस प्रकार कुल 1151 वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध है। 
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा जिलों में आईसीयू ऑक्सीजन युक्त बेड की संख्या बढ़ाने तथा कोरोना पीड़ितों के इलाज की बेहतर व्यवस्थाके लिए जिलों को लगातार वित्तीय सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री सहायता कोष से अभी हाल ही में 73 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता जिलों को कोरोना मरीजों के इलाज एवं जरूरतमंदों की मदद की लिए दी जा चुकी है। इससे पूर्व जिलों को कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए लगभग 192 करोड रुपए की आर्थिक मदद दी गई थी। छत्तीसगढ़ राज्य 45 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के टीकाकरण के मामले में देश में छठवें स्थान और हेल्थ वर्कर के टीकाकरण में देश में तीसरे स्थान पर है। राज्य में अब तक 69 लाख 35 हजार से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। राज्य में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं सहित 45 वर्ष से अधिक उम्र एवं 18 से 44 आयु वर्ग तक के नागरिकों में से अब तक 69 लाख 35 हजार 394 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। 45 वर्ष से अधिक उम्र के 44.87 लाख नागरिकों को प्रथम डोज एवं 6.77 लाख लोगों को दोनों डोज तथा 18-44 वर्ष उम्र के 7 लाख 41 हजार 198 लोगों को 24 मई की स्थिति में टीकाकरण किया जा चुका है।