Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। टूल किट मामले में पुलिस सोमवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के सिविल लाइन स्थित निवास पहुंची। उनका लिखित बयान लिया और लौट आई। इस मामले में मीडिया से रूबरू होते हुए डा. रमन ने कहा कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के इशारे पर छत्तीसगढ़ सरकार ने एफआइआर दर्ज कराई है। यह उनके खिलाफ कांग्रेस का षड्यंत्र है। इस प्रक्रिया का पूरा संचालन सिविल लाइन थाने से नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यालय से हो रहा है।
पूर्व सीएम ने कहा कि टूल किट के जरिये कांग्रेस ने भाजपा, प्रधानमंत्री और देश को बदनाम करने की साजिश की है। उसको जब उजागर किया गया तो वह बौखला गई है। अब यह रमन सिंह और संबित पात्रा का मामला नहीं रहा। यह प्रधानमंत्री और देश के स्वाभिमान का मामला बन गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले को शून्य कराने के लिए जल्द ही न्यायालय जाएंगे।
डा. रमन ने हैरानी जताते हुए कहा कि 19 मई को चार बजकर पांच मिनट पर शिकायत मिलती है और चार बजकर छह मिनट पर एफआइआर दर्ज कर ली जाती है। यही नहीं, 21 मई की रात मेरे निवास पर नोटिस दिया जाता है। नोटिस सर्व होने के पांच मिनट के अंदर मेरे कार्यालय के रिसिविंग सहित कांग्रेस के ट्वीटर हैंडल पर डाल दिया जाता है। इसका मतलब पुलिस ने नोटिस कांग्रेस को पहुंचाया। यह सार्वजनिक करना अपराध की श्रेणी में आता है। जिस तरह के प्रश्न मुझसे पूछे गए हैं, उससे साफ है कि सरकार पुलिस की शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है।
यह निजता के अधिकारों का उल्लंघन है
रायपुर के सिविल लाइन थाने में दो घंटे तक धरना देने के बाद दोपहर 12.30 बजे अपने निवास मौलश्री विहार पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री डा. सिंह ने नोटिस का जवाब दिया। उन्होंने अपने लिखित जवाब में कहा कि पुलिस द्वारा मेरे टि्वटर अकाउंट की चाही गई जानकारी निजता के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन होगा। 18 मई को उनके व्यक्तिगत विचारों के साथ संलग्न दस्तावेज ट्वीट करने के पूर्व से हैं और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होकर प्रसारित हो रहे हैं। ट्वीट उनके विचारों की अभिव्यक्ति है।

panchayattantra24.com,रायपुर। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने अपने प्रभार वाले जिले नारायणपुर की जिला खनिज संस्थान न्यास निधि शासी परिषद की वर्चुअल बैठक ली। मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने कहा कि राज्य में कोविड-19 के संभावित तीसरे चरण के मद्देनजर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने जिले में बच्चों के इलाज के लिए आवश्यक संसाधन सहित चिकित्सा विशेषज्ञों एवं अधीनस्थ अमलों की नियुक्ति किए जाने और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारी रखने के निर्देश दिए। तृतीय फेस के आने के पहले ही इलाज की सभी तैयारी कर लिया जाए और बच्चों के इलाज के लिए सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक बेहतर किया जाना चाहिए।
वर्चुअल बैठक में बस्तर सांसद दीपक बैज, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामबती नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनाथ उसेंडी द्वारा जिले में विकास कार्यों और कोविड-19 नियंत्रण के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। इस अवसर पर कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने कोरोना नियंत्रण के लिए जिले में किए जा रहे उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि कोविड-19 नियंत्रण के लिए जिले में 10 टेस्टिंग टीम गठित की गई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर शादी का झांसा देकर बलात्कार करने का मामला सामने आया है। आजाद चौक थाना पुलिस ने आरोपित लोकेश वर्मा को गिरफ्तार कर दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जेल भेजा है।
दरअसल, मंदिर हसौद निवासी लोकेश वर्मा शादी के लिए युवती देखने रायपुर आया था। जहां उसका परिचय फाइनेंस कंपनी में कार्यरत युवती से हुई। लोकेश भी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। जिसके बाद मेल-जोल बढ़ाकर लोकेश ने युवती से दोस्ती कर ली और जुलाई 2019 में उसे चौबे कालोनी ले जाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया।
और लगातार डेढ़ सालों तक बार-बार अपने किराए के निवास पर बुलाकर दुष्कर्म करता रहा। अब जब युवती ने शादी के लिए कहा तो लोकेश ने साफ इन्कार कर दिया। जिसके बाद युवती ने आज़ाद चौक थाना पहुंच मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 376 (2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना महामारी में सबसे जरूरी लंग्स का मजबूत होना माना जा रहा है। श्वांस तंत्र को मजबूत रखने के लिए आयुर्वेद में योग, प्राणायाम को सर्वोत्तम उपाय माना गया है। इसके बाद जड़ी बूटी और रसोईघर में उपयोग में आने वाले मसालों का सेवन करने से बीमारी पर नियंत्रण किया जा सकता है। बुजुर्गों के बाद अब बच्चों में संक्रमण की संभावना जताई जा रही है।
आयुर्वेद कालेज बिलासपुर के सहायक व्याख्याता डॉ.नरेंद्र कुंजाम का कहना है कि इसे देखते हुए जरूरी है कि इम्युनिटी बढ़ाने बच्चों का खानपान अच्छा रखा जाए। बच्चे कितना भी जिद करें, उन्हें मैगी, पिज्जा खाने को न दें। इसकी जगह दाल, चावल, रोटी, दूध, प्रोटीनयुक्त बिस्किट, ब्राउन ब्रेड खिलाएं। च्यवनप्राश सुबह-शाम एक एक चम्मच दें। स्वर्ण प्राशन औषधि इम्युनिटी बढ़ाने के लिए सबसे अच्छी है।
इसके अलावा दोपहर को 100 ग्राम के लगभग काजू, किशमिश, बादाम, एक अखरोट खिलाएं। इससे हाई प्रोटीन मिलेगा। आंवले का मुरब्बा और रात में गोल्डन मिल्क यानी हल्दी डालकर दूध पिलाएं। बच्चों को छत पर उछलकूद करने दें, रस्सी कूदने और अनुलोम, विलोम जैसे योग कराएं। प्रतिदिन एक फल खाने की आदत डालें। काढ़ा आधा कप पीने को दें। लौंग, अजवाइन, सौंठ, तुलसी से बने काढ़े में गुड़, शहद डालकर पिलाएं।
इधर, डायटीशियन और शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. रिमझिम श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने वाले लोगों को जल्दी चपेट में ले रही है। ऐसे में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए इस समय हरी सब्जियों का अत्याधिक सेवन करने की जरूरत है। जैसे दाल के साथ हरी सब्जियां से भरपूर मात्रा में पौष्टिक मिलता है। इसके अलावा खाने में सलाद जरूर रखें।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि झीरम के सभी बेगुनाह शहीदों और घायलों को न्याय ज़रूर मिलेगा, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, छत्तीसगढ़ सरकार चैन से नहीं बैठेगी। झीरम के शहीदों को न्याय दिलवाने के लिए हम कृतसंकल्पित हैं और हम इसके लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। चाहे इसमें कितनी ही बाधायें आएं, छत्तीसगढ़ सरकार झीरम घाटी मामले की तह तक ज़रूर जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यहां अपने निवास कार्यालय में ‘झीरम श्रद्धांजलि दिवस‘ के अवसर पर झीरम घाटी में 25 मई 2013 को हुए नक्सल हमले में शहीद नेताओं और जवानों को नमन करते हुए उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। झीरम घाटी के नक्सल हमले में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल, नंदकुमार पटेल, महेंद्र कर्मा, उदय मुदलियार, योगेंद्र शर्मा सहित अनेक नेता और सुरक्षा बलों के जवान शहीद हो गए थे। सीएम बघेल ने शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दंतेवाड़ा और जगदलपुर में शहीद महेंद्र कर्मा की प्रतिमा के अनावरण के कार्यक्रम में तथा शहीद महेन्द्र कर्मा के नाम पर बस्तर विश्वविद्यालय और जगदलपुर के डिमरापाल स्थित स्वर्गीय बलिराम कश्यप स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल के विधिवत नामकरण के कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
कार्यक्रम में दंतेवाड़ा से उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कवासी लखमा, विधायक देवती कर्मा, जगदलपुर से बस्तर सांसद दीपक बैज और विधायक रेखचंद्र जैन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यसभा सांसद पीएल. पुनिया और छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल के सदस्य, विभिन्न जिलों से विधायक तथा जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री निवास में विधायक मोहन मरकाम और बृहस्पति सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वय विनोद वर्मा और राजेश तिवारी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि 25 मई की झीरम घाटी की हिंसक घटना हम सबके दिलों में एक फांस की तरह चुभी हुई है। यह दिन छत्तीसगढ़, भारत और हमारे लोकतंत्र के लिए एक काला दिन है, जब नक्सलियों ने हमारी पूरी की पूरी लीडरशीप को खत्म कर दिया था। लोकतंत्र के महायज्ञ की तैयारियां चल रही थी और उसके पहले ही पूर्णाहुति पड़ गई।
हमारे पथप्रदर्शक, हमारे साथी और प्रदेश के सुनहरे भविष्य का दामोदार जिन पर था ऐसे हमारे नेता जनप्रतिनिधि, नागरिक और सुरक्षा कर्मी शहीद हो गए और अनेक लोग घायल हो गए। आज इनकी शहादत प्रदेश के एक-एक व्यक्ति के अवचेतन में श्रद्धापूर्वक याद आ रही होगी।
महेंद्र कर्मा की सोच को पुनिया ने साझा किया
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि शहीद महेंद्र कर्मा का सपना था कि बस्तर नक्सल मुक्त हो और विकास के रास्ते पर आगे बढ़े। उन्होंने इसके लिए बहुत संघर्ष किया। यह प्रसन्नता की बात है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार इस दिशा में बहुत अच्छा काम कर रही है।
उन्होंने वनवासियों को वन अधिकार मान्यता पत्रों के वितरण, वनोपज खरीदी, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान और बस्तर अंचल में चिकित्सा और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्याें का विशेष रूप से उल्लेख किया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा और सांसद दीपक बैज ने दंतेवाड़ा और जगदलपुर में शहीद महेंद्र कर्मा की प्रतिमा के अनावरण, शहीद महेाद्र कर्मा के नाम पर बस्तर विश्वविद्यालय और जगदलपुर के डिमरापाल स्थित बलिराम कश्यप स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल के विधिवत नामकरण के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
राज्य सरकार ने स्मृति को चिरस्थायी बनाया
विधायक मोहन मरकाम ने कहा कि शहीद महेंद्र कर्मा बस्तर की जनता में काफी लोकप्रिय थे। छत्तीसगढ़ सरकार स्वर्गीय कर्मा के बताए रास्ते पर चलकर अंचल के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। शहीद महेंद्र कर्मा की धर्मपत्नी और विधायक देवकी कर्मा ने कार्यक्रम में झीरम घाटी के शहीदों को नमन किया। विधायक रेखचंद जैन ने कहा बस्तर विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज के अस्पताल का नामकरण शहीद महेंद्र कर्मा के नाम पर करके राज्य सरकार ने उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। आगामी मानसून में राजधानीवासियों को जलभराव से न जूझना पड़े। इसके लिए रायपुर नगर निगम द्वारा अभियान चलाकर नालों की सफाई करवाई जा रही है। रायपुर महापौर एजाज ढेबर ने सोमवार को शैलेंद्र नगर स्थित बड़े नाले की सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने जोन के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नालों की सफाई में किसी प्रकार की कोताही बर्दास्त नहीं की जाएगी।
रायपुर नगर निगम द्वारा जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले शैलेंद्र नगर क्षेत्र के बड़े नाले की जेसीबी मशीन की सहायता से मानसून पूर्व विशेष सफाई करवाई जा रही है। सोमवार को महापौर नालों की सफाई का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। महापौर ने जोन 10 के जोन कमिश्नर दिनेश कोसरिया एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमलाल देवांगन को नाले के अंतिम छोर तक अभियान चलाकर सफाई करवाने का निर्देश दिया है।
महापौर ढेबर ने नगर निगम के सभी जोन कमिश्नरों एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारियों सहित जोन स्वच्छता निरीक्षकों को मानसून की पहली बारिश होने के पूर्व अपने संबंधित क्षेत्रों के समस्त नालों एवं नालियों के मुहानों को खोलते हुए एक बार तले तक पूर्ण सघन सफाई कराने को कहा।
पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड में सड़क और नाली का होगा निर्माण
रायपुर नगर निगम अंतर्गत आने वाले पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 35 में रोड और नालियों का निर्माण कार्य किया जाएगा। रायपुर नगर निगम से 32 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। नाली और सड़क निर्माण कार्य सोमवार को महापौर एजाज ढेबर और रायपुर उत्तर विधायक कुलदीप जुनेजा ने भूमिपूजन कर इसकी शुरूआत की। वार्ड पार्षद एवं निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि कालीबाड़ी के पीछे के रोड में नागरिकों की मांग पर 12 लाख रूपये की लागत से शीघ्र नवीन सीसी रोड बनाई जाएगी।
इससे लगभग 10 साल पुरानी समस्या का निदान होगा। इसी प्रकार पंडरी स्थित वन विभाग कार्यालय के सामने पुरानी और जर्जर हो चुकी नाली का 19 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य किया जाएगा। इससे नागरिकों को सुगम निकास व्यवस्था मिल जाने से काफी राहत मिलेगी एवं गंदे पानी के निकास के अभाव की परेशानी दूर हो सकेगी।
panchayattantra24.com,रायपुर। झीरम हमले की आज 8वीं बरसी है। 25 मई 2013 को जीरम घाटी में हुए हमले में कांग्रेस के कई नेताओं ने अपनी जान गंवाई थी। इस हमले की गूंज आज भी छत्तीसगढ़ और देश की राजनीति में सुनाई देती है, क्योंकि किसी राजनीतिक दल के नेताओं की सामूहिक हत्या का ये पहला मामला था। 25 मई 2013 कांग्रेस की राजनीति में काला दिन साबित हुआ। कांग्रेस का काफिला सुकमा ज़िले से परिवर्तन यात्रा के लिए सभा कर जगदलपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान दरभा थाने से महज़ कुछ किलोमीटर की दूरी पर जीरम घाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर नक्सलियों ने उस बड़ी घटना को अंजाम दिया, जिससे पूरा देश दहल उठा था।
झीरम हमले में महेंद्र कर्मा, नंदकुमार पटेल समेत 32 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इस मामले की जांच कर रही एनआईए ने अपनी रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी है. इसमें 140 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें से 40 गिरफ्तार हो चुके हैं। लेकिन एनआईए अभी तक ये नहीं पता लगा पाई कि इस हमले का मूल मकसद क्या था। सीएम भूपेश बघेल ने हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी ।

panchayattantra24.com,छत्त्तीसगढ़। राजधानी रायपुर में हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गयी है। वहीं दो युवक बुरी तरह से जख्मी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के खुशालपुर मलसाय तालाब की है। आज दोपहर में तीन दोस्त चेतन साहु, रशिक सोनी, यशवंत जायसवाल के बीच गांजा को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि, तीनों ने अपने पास रखे चाकू से एक दूसरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों युवकों को चोट आयी है। वहीं इस हमले में अस्पताल लेजाने के दौरान चेतन साहू की मौत हो गयी है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जिसमे से एक की मौत बताई जा रही है।

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को रोकने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग के साथ बच्चों के निजी अस्पताल भी तेज़ी से काम कर रही है। सरकार इसके लिए गाइडलाइन बना रही है। बच्चों के निजी अस्पताल संचालको के साथ बैठकें कर रही है। और सरकारी स्तर पर और निजी स्तर पर सुविधाओं को बढ़ाने का काम किया जा रहा है। सरकारी स्तर पर ऑक्सीजन बेड की पूरी व्यस्था की जा रही है। शहर के हर सरकारी अस्पतालों में मरीज़ों के लिए वेंटिलेटर और नए आईसीयू का भी इंतजाम किया जा रहा है। वही निजी स्तर पर कई बच्चों के अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट भी लगाया गया है।
क्या तीसरी लहर खतरनाक होगी? कोरोना महामारी की तीसरी लहर के दूसरे से भी अधिक तेज यानी खतरनाक हो सकता है ऐसा डॉक्टरों का अनुमान है क्योंकि ये लहर बच्चों में जल्दी असर करेगा इस लिए कोरोना की तीसरी लहर खतरनाक साबित हो सकती है। हालांकि, यह ऐसा कुछ नहीं है जिसकी भविष्यवाणी की जा सकती हो। आमतौर पर, यह उम्मीद की जाती है कि हर ताजा लहर पिछली लहर की तुलना में कमजोर होगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि वायरस, जब उभरता है तो अपेक्षाकृत मुक्त रूप से फैलता है।
अभिभावकों की वजह से चपेट में आ सकते हैं बच्चे डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे अपने माता-पिता या परिजनों की वजह से संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। अभी तक ऐसे तमाम मामले सामने आए है, जिनमें वही बच्चे संक्रमित हो रहे है, जिनके अभिभावक महामारी की चपेट में आ चुके थे। कोरोना ऐसी बीमारी है, जिसमें कब किसे क्या हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। डॉक्टरों का मानना है कि कोरोना की तीसरी लहर सिर्फ विचाराधीन है। कोरोना की तीसरी लहर अभी तक रायपुर शहर में आया नहीं है लेकिन इससे लडऩे के लिए अस्पतालों को तैयारी अभी से करना ही होगा। लेकिन हाल ही में दोबारा उठाए गए आंशिक छूट और लॉकडाउन जैसे कदमों के बाद अब रायपुर में स्थिति थोड़ी बदलने लगी है।
बच्चों के लिए नए आईसीयू कोरोना के संभावित तीसरी लहर को देखते हुए राज्य सरकार ने अभी से अपनी कमर कस ली है। और रायपुर शहर व पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में तीसरी लहर से निपटने के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए है। स्वास्थ्य विभाग की सीएमओ मीरा बघेल ने बताया कि सरकारी और निजी बच्चों के अस्पतालों में नए और आधुनिक आईसीयू बनाए गए है। जिससे कोरोना के तीसरे लहर से लडऩे में बच्चों को ज्यादा तकलीफों का सामना ना करना पड़े। जानकारी देते हुए मीरा बघेल ने बताया कि इस लहर से लडऩे के लिए सरकार ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। जिससे कि ये कहा जा सकता है कि कोई भी बच्चा अगर इस लहर की चपेट में आ भी जाए तो उसे पूरी तरह से अच्छा इलाज मिलेगा।
बच्चों के लिए मंगाए जा रहे ऑक्सीजन मास्क बच्चों के लिए आईसीयू बनाने के बाद सरकार ने उनके लिए छोटे-छोटे ऑक्सीजन मास्क भी मंगवाए है जिससे बच्चों को सांस लेने में ज्यादा तकलीफ ना हो सके। कोरोना में बच्चों के लिए भी ऑक्सीजन मास्क मंगाया जा रहा है। सरकार अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही है कि कोरोना में बच्चों के लिए जो सही होगा वही इलाज उन्हें दिया जयेगा। छोटे बच्चों में अगर कोरोना के कोई लक्षण दिखते भी है तो उन्हें किसी भी अस्पताल में भर्ती नहीं कर सकते क्योंकि उनके लिए अच्छे और बड़े अस्पताल बने हुए है। बच्चों में तीसरी लहर ना आए उसके लिए भी बच्चों को हाथ धोने और सेनेटाइजर लगाने के लिए उनके परिजनों द्वारा बताया जाए जिससे उनके बच्चों में कोरोना के कोई भी लक्षण ना दिखे। बच्चों के लिए नर्सों को भी कर रहे तैयार कोविड-19 प्रोटोकॉल में बच्चों के लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी किए गए है। कोरोना के तीसरी लहर से लडऩे के लिए बच्चों की देख-रेख करने व उनकी सेवा करने के लिए अभी मेडिकल कालेज व अन्य स्वास्थ्य विभाग सम्बंधित नर्सों को तैयार किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के बिना लक्षण वाले बच्चों के लिए किसी तरह के इलाज का सुझाव नहीं दिया जाएगा। बच्चों में संभावित लक्षणों पर नजर रखने के लिए डॉक्टर्स भी अपनी तैयारियां कर रहे है। निजी अस्पतालों के डॉक्टर अपनी-अपनी नर्सों को अभी ट्रेनिंग देने में लग गए है। वेंटिलेटर की भी पूरी व्यवस्था कोरोना के तीसरी लहर से बचने और बच्चों को बचाने के लिए सरकार ने वेंटिलेटर भी मंगवा लिए है। अस्तपाल में भी अगली लहर के मद्देनजर बच्चों के लिए वेंटिलेटर बेड की संख्या 15 से बढ़ाकर 21 कर दी है। बच्चों के हॉस्पिटल के मेडिकल स्टाफ को भी बढ़ाया जा रहा है। शिशु रोग विशेषज्ञों की टीम गठित की जा रही है। बच्चों में संक्रमण की शिकायत दिखने पर टेस्टिंग का काम किया जाएगा। सरकारी अधिकारी ने बताया कि अब पहले के मुकाबले ज्यादा बच्चों की कोविड जांच की जा रही है। पिछले वर्ष 10 साल से कम उम्र के बच्चों की आम तौर पर जांच नहीं हो रही थी। लेकिन इस तीसरी लहर की संभावना इतनी बढ़ गई है कि 10 से कम उम्र वाले बच्चों के भी जांच किया जा सकते है। बच्चों को आसानी से मिलेगा बेड कोरोना के दोनों लहार को देखते हुए जहां मरीजों को अस्पतालों में जगह नहीं मिल रही थी लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। ऐसे हालात में हजारों कोरोना मरीज अपने घरों पर ऑक्सीजन सिलेंडरों से किसी तरह सांस लेने को मजबूर थे। डॉक्टरों के मुताबिक कोरोना मरीजों की हालत इतनी तेजी से बदलती या गिरती है कि उन्हें अस्पतालों में ही ऑक्सीजन जैसी क्रिटिकल केयर दी जानी चाहिए थी। मगर मौजूदा हालात में अगर घरों पर ऑक्सीजन लेनी भी पड़े तो उस पर डॉक्टरों की पूरी निगरानी थी। लेकिन बच्चों के लिए ऐसा कुछ नहीं करना होगा बच्चों को अस्पताल में ही सभी सेवाएं दे दी जाएगी। बच्चों के बेड भी कम नहीं होंगे। कम हुए भी तो सरकार ने पहले से ही बहुत से बेड मंगवा लिए है। तीसरी लहर से लडऩे के लिए भूपेश सरकार तैयार कोरोना महामारी के तीसरी लहर को देखते हुए भूपेश सरकार ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। स्वास्थ्य विभाग की सीएमओं मीरा बघेल ने बताया कि कोरोना के पहले और दूसरे लहर से बचने के लिए पर्याप्त समय था। लेकिन उसके बाद भी सरकार से जो बना सरकार ने उस हद तक जाकर लोगों को कोरोना से बचाने का प्रयास किया है। कोरोना के अब संभावित तीसरी लहर को देखते हुए भूपेश सरकार ने बच्चों के वेंटिलेटर, ऑक्सीजन बेड, बच्चों के लिए नए ऑक्सीजन मास्क और निजी व सरकारी अस्पतालों की नर्सेस को तैयार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार से देश के प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों को एक सीख लेनी चाहिए कि किस तरह से तीसरीे लहर के आने से पूर्व ही उससे बचने के लिए अपने राज्य को तैयार किया जाए। कोरोना के तीसरी लहर से लडऩे के लिए हम पूरे तरीके से तैयार हैं। एकता अस्पताल ने एक्सट्रा ऑक्सीजन बेड और ऑक्सीजन प्लांट की तैयारी पहले से कर लिया है। -डॉ. अनीस मेमन, शिशु रोग विषेशज्ञ

panchayattantra24.com,रायपुर। CIB की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. एक नाबालिग को बचाया है. रेलवे स्टेशन चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर 1 कैफे लाइट होटल के सामने एक व्यक्ति और नाबालिग लड़की मिली. आरोपी नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगाकर ले जा रहा था, लेकिन CIB की टीम ने युवक के मंसूबे पर पानी फेर दिया. रायपुर सीआईबी डिटेक्टिव विंग प्रभारी निरीक्षक मधुबाला पात्र के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. प्रभारी निरीक्षक मधुबाला पात्र ने बताया कि पूछताछ करने पर लड़का विक्रम केसरी उर्फ तोफन लड़की को झांसा देकर ओडिशा से भगाकर लाया था. आरोपी युवक पहले से शादीशुदा है. डेढ़ साल की बेटी का पिता है।
जानकारी के मुताबिक लड़की नाबालिग होने के कारण तत्काल चाइल्ड लाइन रेलवे स्टेशन रायपुर की सदस्य मधु बारले को जानकारी दी गई. पूछताछ करने पर नाबालिग ने उपरोक्त बातों को सही-सही जानकारी दी. इसके बाद लड़की के घर का मोबाइल नंबर लेकर उनके पिता से बातचीत की गई. पिता ने बताया कि गुमशुगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. पुलिस थाना काटा भांजी में FIR दर्ज है. इसके बाद दर्ज FIR से नाबालिग की शिनाख्त की गई. इसके बाद नाबालिग के पिता को बुलाया गया. नाबालिग को उनके पिता को सौंप दिया गया है. साथ ही आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है।