Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता और पूर्व विधायक रमेश वर्ल्यानी ने टूलकिट मामले में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि रमन सिंह टूलकिट मामले में बुरी तरह फंस गए हैं. अब वे नाखून कटवाकर शहीद होने की कोशिश कर रहे हैं. पार्टी में हाशिए पर डाले जा चुके रमन सिंह किसी तरह से प्रासंगिक दिखने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे अब सफल नहीं होने वाले हैं. BJP अपनी साख बचाने के लिए गिरफ्तारी की नौटंकीबाजी कर रही है।
टूलकिट पर सियासी घमासान
उन्होंने कहा है कि फर्जी टूलकिट प्रकरण में आपराधिक षडयंत्र के मामले में फंस चुके रमन सिंह सहित अन्य भाजपा नेता, अपने अपराधों पर पर्दा डालने और जनता को गुमराह करने के लिए कथित गिरफ्तारी की हास्यास्पद नौटंकी कर रहे हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राज में कानून का शासन चलता है, जहां पुलिस थाने में FIR दर्ज होने पर प्रकरण की पूरी विवेचना के बाद ही कार्रवाई होती है, लेकिन भाजपा नेताग विवेचना में सहयोग करने के बजाए अपने आपराधिक कृत्य पर पर्दा डालने की कोशिश और राजनीति कर रहे हैं।
मोदी सरकार पर कांग्रेस ने लगाए आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता वर्ल्यानी ने कहा कि कोरोना काल की दूसरी लहर में मोदी सरकार के आपदा कुप्रबंधन के चलते ऑक्सीजन, दवाइयों और अस्पतालों में बेड की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई. कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन की अनिवार्यता की जानकारी होने के बावजूद मोदी सरकार ने वेक्सीन की कोई केंद्रीकृत नीति नहीं बनाई।
45 प्लस की वैक्सीन आपूर्ति ही केंद्र सरकार पूरी तरह से नहीं कर पा रही थी और बिना वेक्सीन की उपलब्धता के 18 प्लस वैक्सीन की घोषणा कर दी. जब वैक्सीन की कमी को लेकर देशव्यापी असंतोष फूटा, तो केंद्र ने वेक्सीन से पल्ला झाड़ते हुए, 18+ की वैक्सीन राज्यों के पाले में डाल दी. आपदा प्रबंधन में सारे अधिकार केंद्र के पास होते हैं, लेकिन दुनिया के देशों में भारत ही एक ऐसा देश है, जहॉं वैक्सीन की तीन तरह की कीमतें और वैक्सीन की उपलब्धता की कोई सुनिश्चित नीति नहीं है।
देश और दुनिया में फजीहत
इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की पूरे देश और दुनिया में फजीहत हो रही है, लेकिन इससे सबक लेकर इस भयावह महामारी से पीड़ित लोगों की राहत के लिए मेडिकल किट, राशन किट और कोरोना रिलीफ किट बनाने के बजाय, भाजपा नेता मोदी सरकार के गुनाहों पर पर्दा डालने के लिए फर्जी टूलकिट के माध्यम से जनता को गुमराह करने में लगे हुए हैं।
साख बचाने के लिए गिरफ्तारी की नौटंकी
वर्ल्यानी ने कहा कि फर्जी टूलकिट के खेल में भाजपा के नेता स्वयं बुरी तरह फंस गए. सोशल मीडिया कंपनी ने भी इनके पोस्ट को ”मेनीपुलेटेड“ घोषित कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा नेता बड़ी बेशर्मी से अपनी साख बचाने के लिए गिरफ्तारी की नौटंकी बाजी कर रहे हैं, लेकिन जनता इस फर्जीवाड़े में भाजपा की संलिप्तता के सच को जान चुकी है।
प्रवक्ता विनोद तिवारी ने रमन पर साधा निशाना
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विनोद तिवारी ने रमन सिंह पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि टूलकिट में फंसे रमन सिंह कानून का सामना करने के बजाए एक और कानून का उल्लंघन कर रहे हैं. कोरोना महामारी में प्रतिबन्ध के बावजूद भीड़ थाने में पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि टूलकिट मामले में बयान दर्ज करने आज सिविल लाइन थाने ने पूर्व मूख्यमंत्री रमन सिंह को तलब किया था, लेकिन सैकड़ो कार्यकर्ताओ की भीड़ लेकर पहंच गई. मामले में कांग्रेस नेता विनोद तिवारी ने कहा कि 15 साल सरकार चलाने वाले पूर्व मूखमंत्री को कोरोना काल के प्रोटाकॉल का ध्यान रखना चाहिए. अगर वे गलत नहीं हैं तो उन्हें कानून से भी भय नहीं खाना चाहिए।
पूर्व सीएम को भय है इसलिए वे भीड़ लेकर पहुंच गए हैं. राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं, एनएसजी जैसे महत्वपूर्ण संस्था की सुरक्षा भी मिली है, ऐसे में रमन सिंह की भी जवाबदारी बनती है कि वे कानून का सम्मान करें. विनोद तिवारी ने भय के इस भीड़ के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
तिवारी ने कहा कि भारी मशक्कत के बाद मुखिया भूपेश के अथक प्रयासों से कोरोना पर काबू पाने की ओर राजधानी आगे बढ़ रहा है. ऐसे में यह भीड़ कोरोना काल मे कितना घातक हो सकता है इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. तिवारी ने कहा कि कोरोना फैलती है,मुश्किलें खड़ी होती है तो यही लोग है जो प्रोटाकल कि दुहाई देते फिरते हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस ने कहा कि अपने अपराधों की गम्भीरता से ध्यान भटकाने रमन सिंह और भाजपा थानों के घेराव और गिरफ्तारी की नौटंकी कर रहे । कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि डॉ. रमन सिंह पूर्व में जीरम कांड, नानघोटाले ,अगुस्ता हेलीकाप्टर घोटाले ,पुष्प स्टील घोटाले में अंतागढ़ कांड में भी संदिग्ध है जब वे फर्जी टूलकिट मामले में पुलिस से मिले तब इन मामलों में भी बयान देने का साहस दिखाए। रमन सिंह ने जो दस्तावेज शेयर किये थे ट्वीटर में वे दस्तावेज फर्जी थे। ट्वीटर ने इसपर मेनूप्लेटेड मीडिया लिख दिया । बीबीसी, अल्ट न्यूज और सभी जाने माने प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों ने इन दस्तावेजों को फर्जी पाया। कांग्रेस के दस्तावेज कुछ और थे उन दस्तावेजों में छेड़छाड़ करके रमन सिंह ने इन दस्तावेजों को सार्वजनिक किया। फर्जी दस्तावेजों को सही बता कर फैलाना एक अपराध है। रमन सिंह जी यदि इसके लिये थाने जा रहे है, प्रदर्शन कर रहे है इस तरीके से फर्जी झूठे दस्तावेज फैलाने के लिये रमन सिंह जी के द्वारा संचार माध्यमों का दुरूपयोग कदापि उचित नहीं है। वे कितना भी प्रदर्शन कर लें जो गलत है वो गलत ही रहेगा। उनके प्रदर्शन से, उनके भीड़ से, उनकी गीदड़ भभकी से झूठ सच में नहीं बदल जायेगा।
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि रमन सिंह जी किसी का भी नाम ले ले, कोई भी आरोप लगा ले जो अराजकता रमन सिंह जी के शासनकाल में हुई नसबंदी कांड, अंखफोड़वा कांड, झलियामारी, सारकेगुड़ा, पेद्दागेलूर, मीना खल्खों कांड और झीरम कांड अभी छत्तीसगढ़ के लोग उन कांडों को भूले नहीं है। रमन सिंह जी की जो भूमिका रही है उसको भी नहीं भूले है। कांग्रेस पर आरोप लगाने के पहले रमन सिंह जी अपने 15 साल के काले कार्यकाल को याद कर लें। अपने मुख्यमंत्री रहते हुये काले कारनामों को याद कर लें तो ज्यादा अच्छा रहेगा। रमन सिंह जी थाने जा रहे है तो थाने में वे ये भी बता दें कि रमन मेडिकल स्टोर्स, पनामा पेपर्स, सीएम मैडम का नाम इनकी हकीकत क्या है? रमन सिंह जी को यह भी बताना चाहिये कि झीरम की जांच उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुये क्यों नहीं होने दी? उनकी केन्द्र सरकार हर बार झीरम की जांच को क्यों रोकती है? क्या छिपाना चाहते है रमन सिंह जी को यह भी बताना चाहिये। रमन सिंह जी को यह भी बताना चाहिये कि जिस जगह कांग्रेस के कार्यकर्ता के काफिले पर हमला हुआ ठीक वहीं पर पुलिस की सुरक्षा क्यों नहीं थी? माओवादियों की हमले की जगह पुलिस सुरक्षा न होने के बीच क्या संबंध था ये भी रमन सिंह जी को बताना चाहिये।

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेज़ी स्कूलों में प्रवेश 15 मई से शुरू हो गया है. इस बार ऑनलाइन के साथ ऑफ़लाइन प्रवेश का मौका दिया गया है. इसके बाद भी स्कूल में भर्ती के लिए पालक दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं. दर्जना भर स्कूल में खाता भी नहीं खुला है।
जानकारी के मुताबिक, 12वीं आर्ट विषय के लिए 1820 सीट निर्धारित है, जिसमें सिर्फ़ 2 आवेदन आया है. कॉमर्स के 2846 सीटों के लिए अब तक 168 आवेदन प्राप्त हुए हैं. बायोलॉजी विषय में कई दर्जन स्कूल में खाता ही नहीं खुला है. 2820 सीट में 156 आवेदन जमा हुआ है. वहीं गणित विषय में लगभग 85 स्कूलों में एक भी आवेदन नहीं हुआ है. 2060 सीटों में मात्र 43 आवेदन मिला है।
वहीं 11वीं की बात करें तो गणित, बायोलॉजी, कॉमर्स और आर्ट्स के लिए प्रवेश प्रारंभ किया गया है. गणित में 3,493 सीट है, जिसमें 859 आवेदन हुआ है. 26 स्कूलों में खाता नहीं खुला है. 6 स्कूलों में एक भी सीट नहीं है।
बायोलॉजी में 3372 सीट है जिसमें 1532 आवेदन आया है. 6 स्कूलों में खाता ही नहीं खुला है, 12 स्कूलों में एक भी सीट नहीं है.
कॉमर्स में 3526 सीटों में 1117 आवेदन मिला है. 33 स्कूलों में एक भी आवेदन नहीं मिला है. दो दर्जन स्कूलों में एक भी सीट नहीं हैं.
कुछ इसी तरह आर्ट्स में 2820 सीट में मात्र 156 आवेदन हुआ है. तीन दर्जन स्कूलों में एक भी सीट नहीं है और दो दर्जन से ज़्यादा स्कूलों में अभी तक आवेदन नहीं हुआ है।
10वीं में 3172 सीट जिसमें 1231 आवेदन,
9वीं में 3589 सीट में 3250 आवेदन,
8वी में 4160 सीट में 1732 आवेदन,
7वीं में 3168 सीट में 1833 आवेदन,
6वीं क्लास में 2282 आवेदन.
पांचवी क्लास में 3447 सीट में 1830 आवेदन, चौथी 3135 सीटों में 1722 आवेदन, तीसरी कक्षा में 3133 सीटों में 2020 आवेदन दूसरी कक्षा में 3140 सीटो में 1454 आवेदन. कक्षा पहली में 4864 सीटों में 10,204 आवेदन आया है।
इस तरह प्रदेश में इसी सत्र में खुले 119 नए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट सरकारी अंग्रेजी स्कूल में कक्षा पहली को छोड़कर किसी भी कक्षा पर्याप्त आवेदन नहीं आया है. कक्षा 2-12 तक सभी स्कूलों में औसतन दो दर्जन से ज़्यादा स्कूलों में अभी एक भी आवेदन नहीं मिला है, जबकि ये सरकार के महत्वाकांक्षी योजना में से एक है।
10 जून तक का समय- एएन बंजारे
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ सरकारी अंग्रेज़ी स्कूल के प्रभारी अधिकारी एवं लोक शिक्षण संचालनालय के सहायक संचालक एएन बंजारे ने कहा कि 10 जून तक का समय है. जिन स्कूलों ने ऑनलाइन प्रवेश के लिए माध्यम चुना था, उन स्कूलों के लिए भी ऑफ़लाइन कंपल्सरी कर दिया गया है. लॉकडाउन की वजह से आवेदन की रफ़्तार कम है. रोज़ आवेदन की संख्या बढ़ रही है. आवेदन कम होने की स्थिति में तारीख आगे बढ़ाने के लिए विचार किया जाएगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। टूलकिट मुद्दे पर भाजपा नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को फिर धरना-प्रदर्शन किया. सिविल लाइन थाना के सामने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय धरने पर बैठे,
टूलकिट मामले में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह पर एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद से भाजपा राज्य की कांग्रेस सरकार को लगातार घेर रही है. इसी क्रम में सोमवार को भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर से 5 -5 की संख्या में प्रदेश के सभी थानों के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी गिरफ्तारी की मांग की,
रायपुर जिले में सांसद सुनील सोनी के नेतृत्व में कोतवाली, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी के नेतृत्व में तेलीबांधा, संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में मोवा, सच्चिदानंद उपासने के नेतृत्व में गोलबाजार और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू के नेतृत्व में करीबनगर थाने के सामने पांच-पांच कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
धरने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद सरोज पांडेय, रामविचार नेताम, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत की मौजूदगी में प्रेस कांफ्रेंस लिया. डॉ. रमन सिंह ने कहा कि देश को बदनाम करने की साज़िश सुनियोजित तरीक़े से की गई है. सोनिया गांधी- राहुल गांधी के इशारे पर छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री एफआईआर दर्ज करता है।
उन्होंने कहा कि 18 तारीख़ को एनएसयूई के प्रदेश अध्यक्ष ने मेरे ख़िलाफ़ शिकायत की थी, उस शिकायत में संबित पात्रा का नाम नहीं था. इस शिकायत के आधार पर पुलिस एफआईआर दर्ज करती है. 19 तारीख को चार बजकर पाँच मिनट पर दूसरी शिकायत दी गई और महज़ एक मिनट में ही यानी चार बजकर छह मिनट पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया।
कांग्रेस भवन से गतिविधियां संचालित
डॉ. सिंह ने कहा कि मुझे जो नोटिस दी गई उसमें केस डायरी का हिस्सा लिखा होता है, लेकिन नोटिस देने के चंद मिनट बाद ही कांग्रेस के आफिसियल ट्विटर हैंडल पर डाल दिया जाता है. इस पूरी गतिविधियों का संचालन थाने से नहीं बल्कि कांग्रेस भवन से किया जा रहा है. इस मामले में आईपीसी और सीआरपीसी की धाराओं का पुलिस उल्लंघन कर रही है।
धूमिल हो रही पुलिस की छवि
उन्होंने कहा कि मुझसे पुलिस चार बिंदुओं पर जवाब माँगा था. बीजेपी के जवाबदार नेता होने और मुख्यमंत्री होने के नाते मैंने राज्य पुलिस को क़रीब से देखा, लेकिन दो सालों में यहाँ की स्वच्छ पुलिस की छवि को धूमिल होते देख रहा हूँ. कोर्ट में जाते जाते ये सभी झूठे मामले ध्वस्त हो जाते हैं. कांग्रेस षड्यंत्र पूर्वक काम कर रही है. टूलकिट की आड़ में प्रधानमंत्री मोदी को बदनाम करने का षड्यंत रचा है।
ट्विटर एकाउंट का मांगा एक्सेस
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना से मेरा मन व्यथित हुआ है. मैने ट्वीट जनता में जागरूकता लाने के लिए किया था. हम विधि को मानने वाले लोग हैं. मैंने अपने ट्वीट एकाउंट की जानकारी दी है. मेरे ट्विटर का एक्सेस माँगा गया. मैने कहा कि मेरे ट्वीट पब्लिक डोमेन में है. कुछ भी डिलीट नहीं किया गया है. मैने कहा कि ट्वीट एकाउंट का एक्सेस मेरी निजता का उल्लंघन है. मेरी अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने का प्रयास निंदनीय है।
यह व्यक्तिगत नहीं पूरी पार्टी का मामला
रमन सिंह ने कहा कि ये एफआईआर मुझे दबाने और मेरी राजनीतिक छवि को नुक़सान करने के लिए किया गया है. बीजेपी कांग्रेस के इस षड्यंत्र का पर्दाफ़ाश कर रही है. कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ खुद इंडियन वेरिटेंट का ज़िक्र करते है. उन्होंने सवाल किया कि क़ानून तोड़ने की धाराएँ लगाई गई हैं, लेकिन कब क़ानून तोड़ा? ये सभी मामले कोर्ट में ध्वस्त हो जाएँगे. ये पूरी षड्यंत्र की राजनीति है. उन्होंने कहा कि ये सिर्फ़ डॉक्टर रमन सिंह और संबित पात्रा का व्यक्तिगत मामला नहीं है, ये पूरी पार्टी का मामला है।

panchayattantra24.com,रायपुर | कथित टूलकिट मामले में पूछताछ के लिए भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह के आवास पर सिविल लाइन पुलिस की टीम पहुंची है. बता दें कि कांग्रेस ने टूलकिट मामले को लेकर रमन सिंह और भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा बेवजह टूलकिट मामले में कांग्रेस को घसीट रही है। एनएसयूआई का आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, संबित पात्रा और अन्य लोगों ने कांग्रेस पार्टी के लेटरहेड का इस्तेमाल कर एक फर्जी टूलकिट वितरित की है। इस मामले में पुलिस सोमवार को रमन सिंह से अपने आवास पर मौजूद रहने के लिए कहा था, लेकिन उससे पहले ही रमन सिंह थाने के बाहर धरना पर बैठ गए हैं। गौरतलब है कि भाजपा ने कांग्रेस पर कोरोना संकट के वक्त एक ‘टूलकिट’ के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की छवि बदनाम करने का आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस कोरोना महामारी के दौरान पीएम की छवि धूमिल करना चाहती है। वहीं कांग्रेस ने ऐसी किसी भी टूलकिट से इनकार किया है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा इस तरह के मामले को उठाकर कोरोना के दौरान सरकार द्वारी की जा रही लापरवाही को छुपाना चाहती है। कांग्रेस रिसर्च विंग के प्रमुख राजीव गौड़ा ने कहा कि AICC रिसर्च डिपार्टमेंट का बताकर BJP फर्जी टूलकिट प्रचारित कर रही है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के माना इलाके में स्थित एमएम फिश के ऑफिस में बड़ी चोरी हो गई. कंपनी के मालिक स्वप्न मंडल ने पुलिस को चोरी की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि दुकान में रखे कैश पेटी समेत 30 लाख रुपए नकदी की चोरी हो गई. फॉरेंसिक, सायबर सेल और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
माना थाना प्रभारी दुर्गेश रावटे ने बताया कि माना इलाके के एम. एम फिश कंपनी के ऑफिस से 30 लाख रुपए नकद की चोरी हुई है. फिश कंपनी के संचालक स्वप्न मंडल ने इसकी सूचना पुलिस को दी है. अज्ञात चोरों ने ऑफिस के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी में रखें कैश पेटी से 30 लाख रुपए लेकर फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस, एफएसएल और सायबर सेल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. कंपनी के संचालक स्वप्न मंडल से प्रारंभिक पूछताछ जारी है. आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी देखें जा रहे हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर।लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने आज अपने प्रभार वाले जिले कांकेर की जिला खनिज संस्थान न्यास निधि शासी परिषद की वर्चुअल बैठक ली। मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप राज्य में कोविड-19 के संभावित तीसरे चरण के मद्देनजर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने जिले में बच्चों के ईलाज के लिए आवश्यक संसाधन सहित चिकित्सा विशेषज्ञों एवं अधीनस्थ अमलों की नियुक्ति किए जाने और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारी रखने के निर्देश दिए। तृतीय फेस के आने के पहले ही ईलाज की सभी तैयारी कर लिया जावे तथा बच्चों के ईलाज के लिए सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक विस्तारित किया जाए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री चन्दन कुमार ने कोरोना नियंत्रण के लिए जिले में किये जा रहे उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि कोविड-19 नियंत्रण हेतु जिले में 165 टेस्टिंग टीम गठित की गई हैै। जिला मुख्यालय कांकेर में दो डेडीकेटेड कोविड हॉस्पिटल और सभी विकासखण्डों में कोविड केयर सेंटर स्थापित किया गया है, जहां पर ऑक्सीजन बेड, एचडीओ बेड, आईसीयू सहित सामान्य बेड की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में अधिकांश बेड खाली हैं। पहले की तुलना में कोरोना के प्रकरणों में लगातार कमी आई है। उन्होंने टीकारकण के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण कार्य में तेजी आयी है। अब तक 16 हजार 84 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है तथा 45 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के 93 प्रतिशत व्यक्तियों द्वारा प्रथम डोज तथा 14 प्रतिशत लोगों के द्वारा दूसरे डोज का टीका लगवाया जा चुका है।
वर्चुअल बैठक के दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष श्री मनोज मण्डावी, सांसद श्री मोहन मण्डावी, संसदीय सचिव एवं कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री शिशुपाल शोरी, अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अनूप नाग और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमंत ध्रुव ने जिले में विकास कार्यों और कोविड-19 नियंत्रण के लिए अपने-अपने सुझाव दिए और जिला प्रशासन कांकेर द्वारा कोरोना नियंत्रण के लिए किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। उनके द्वारा खनिज संस्थान न्यास निधि के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उच्च प्राथमिकता के क्षेत्र स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुपोषण आदि पर अधिक से अधिक निधि की राशि को व्यय किये जाने का प्रस्ताव दिया गया। जिस पर मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने डीएमएफ फंड की राशि से जिले के स्थानीय विधायकों को अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए 50-50 लाख रूपए देने की घोषणा की।
इस वर्चुअल बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर एस.पी. वैद्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जे.एल. उईके तथा आदिवासी विकास विभाग के उपायुक्त माखनसिंह धु्रव भी उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर।राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके आज शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिन्दवाड़ा द्वारा कोरोना महामारी से बचाव में टीकाकरण की विशिष्ट महत्ता’’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार में शामिल हुई। राज्यपाल ने वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय-महाविद्यालय एक अच्छा प्लेटफार्म है, जिसके माध्यम से लोगों में कोरोना के प्रति जागरूकता लाई जा सकती है। हमारे पास एन.सी.सी. कैडट्स और एन.एस.एस. के स्वयंसेवकों का बड़ा नेटवर्क है उनका हमें उपयोग करना चाहिए। वे सावधानीपूर्वक टीकाकरण के प्रति गांवों में फैली भ्रांतियों को दूर करें। यह देखें कि गरीबों को राशन उपलब्ध हो जाए। लोगों को चिकित्सा की सुविधाएं दिलाने में सहयोग करें।
राज्यपाल ने कहा कि इस कोरोना के कारण लोगों में एक भय व्याप्त हो गया है, इस भय को निकालना भी आवश्यक है, इसके लिए सयंम बनाए रखें। हमारे भारत वर्ष में करीब 3 करोड़ छात्र-छात्राओं की संख्या है। यदि उन सभी छात्र-छात्राओं के मोबाइल में मैसेज के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ वर्चुअल मीटिंग का आयोजन करें उससे जो संदेश प्राप्त हो उन्हें आम लोगों को बताएं। लोगों को यह बताएं कि चिकित्सकों के दिशा-निर्देशों का किस प्रकार पालन करना है, मामूली लक्षण दिखने पर परीक्षण कराएं और जब तक रिपोर्ट प्राप्त नहीं होती है तब तक किस प्रकार सावधानी बरतें और दवाई लें। राज्यपाल ने कोरोना के तीसरे लहर के प्रति आगाह करते हुए बताया कि कोरोना के तीसरे लहर में बच्चों को प्रभावित करने की आशंका जताई जा रही है। अतः सावधानी बरतें और कोरोना से बचने के सभी नियमों का पालन करें। इस समय हमें अपनी रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है। हमारे घर में पाए जाने वाले काली मिर्च, सोंठ, हल्दी, अदरख इत्यादि का उपयोग करें। निश्चित ही हम एकजुटता और जागरूकता से इस बीमारी से मुक्ति पा लेंगे।
इस अवसर पर छिंवाड़ा विश्वविद्यालय के कुलपति श्री एम.के. श्रीवास्तव, छिंदवाड़ा महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री अमिताभ पाण्डे एवं प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

panchayattantra24.com, रायपुर।आज यहां राजभवन के दरबार हॉल में अधिकारी एवं कर्मचारी एवं उनके परिजनों के लिए (18 से 44 आयु वर्ग) कोविड वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने शिविर अवलोकन किया। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की और कहा कि पूरा देश कोरोना संक्रमण से जूझ रहा है। इस समय कोरोना से बचने के लिए जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी कोरोना से बचाव के लिए शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें और कोरोना का टीका अवश्य लगाएं। वैक्सीन लगाने के बाद कोरोना के संक्रमण से बचाव होता है और यदि किसी को संक्रमण हो भी गया तो वे जल्द ही ठीक हो जाते हैं। वैक्सीन लगाने के पूर्व चिकित्सकों के दिशा-निर्देशों का पालन करें और वैक्सीन लगाने के पश्चात् भी मास्क अवश्य पहने, हाथ धोते रहें और सामाजिक दूरी का पालन करें। राज्यपाल ने टीका लगाने वाले नागरिकों को वैक्सीनेशन का प्रमाण पत्र का भी वितरण किया। इस शिविर में 178 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। इस अवसर पर राजभवन के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूपल पुरोहित, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनीति मंगरूलकर एवं डॉ. शिशिर साहू उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। बिलासपुर के श्री राम केयर हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों को नाम पर लूट मची हुई है. हैरानी की बात ये है कि स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ के पास इतना भी समय नहीं कि वे वहां जांच कर सके कि वहां कोरोना मरीजों से नियमों के मुताबिक पैसे लिए जा रहे है या नहीं।
भर्ती कुछ मरीजों ने बताया कि वहां उनसे 15 हजार रुपए प्रति दिन के हिसाब से चार्ज लिए गए. जबकि उक्त परिवार के तीन मरीज अस्पताल में भर्ती थे और किसी भी मरीज को ऑक्सीजन तक नहीं लगा था।
इसमें दो मरीजों से करीब पैने दो लाख रुपए और एक मरीज से 3 लाख 20 हजार रुपए करीब का चार्ज लिया गया है।
बता दें कि उक्त अस्पताल में अक्सर ऐसे कई तरह के विवाद सामने आ चुके है. इस अस्पताल में स्मार्ट कार्ड और मरीज दोनों को बंधक बनाने का मामला काफी सुर्खियों में रहा था, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच की थी।
अस्पताल में मची लूट के संबंध में अस्पताल के डायरेक्टर डॉ अमित सोनी को तीन बार फोन कर उनका पक्ष लेने का प्रयास किया गया. लेकिन उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया।
मरीजों के बिल जांच करेंगे सीएमओ
अब सवाल ये है कि जब यहां मरीजों से लूट के मामले सामने आएं है तो क्या बिलासपुर सीएमओ कोरोनाकाल में भर्ती हुए तमाम मरीजों के बिल की जांच करेंगे ? यदि आपके साथ भी बिलासपुर के श्री राम केयर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मनमानी वसूली की गई हो तो हमें 9329111133 पर जरूर संपर्क करें हम आपके साथ हुए अन्याय की खबर स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में लाने का पूरा प्रयास करेंगे।