Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर।  भाटापारा में हुए एक बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है. इस मामले में भाटापारा पुलिस ने आरोपियों के पास से 28 लाख 25300 रुपए जब्त किए है। 
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी नजीम खान सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड छत्तीसगढ़ के हेड ने थाना आकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया कि 3 मई को सीएमएस शाखा भाटापारा महारानी चौक में है जहां पर बलौदाबाजार भाटापारा क्षेत्र के शराब भट्टी के बिक्री नकदी रकम का कलेक्शन कर रखा जाता है. 3 मई को दोपहर 12 बजे से रात्रि 8 बजे के मध्य कोई 2 अज्ञात चोर द्वारा दो बैग में रखे रकम अनुमानित रूप से बिल रसीद सहित 20- 25 लाख रूपये लगभग को चोरी कर ले गया. सही रकम की जानकारी बिल रसीद मिलने पर मिलान कर दिया जाएगा की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा में अप क्र 168/21 धारा 380, 454, 34 भा.द.वि पंजीबद्व किया गया। 
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक इन्दिरा कल्याण एलेसेला के द्वारा आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने निर्देश दिए और स्वयं मामले का सतत मॉनिटरिंग भी करते रहे. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भाटापारा केबी द्विवेदी के कुशल मार्गदर्शन एवम थाना प्रभारी भाटापारा शहर उप निरीक्षक रोशन राजपूत, तथा उप निरीक्षक हितेश जंघेल का पृथक पृथक टीम बनाकर आरोपियों के पता तलाश करते हुये लगभग 15 अलग अलग स्थानों के लगभग 40-50 CCTV  फुटेज को चेक कर तथा तकनीकी सहायता के माध्यम से संदेहियों/आरोपियो चिन्हाकित कर पकडा गया। 
घटना का मास्टर माईन्ड पूर्व सीएमएस कर्मचारी मनोज देवांगन निकला जिसने चोरी की घटना को कई माह पूर्व से प्लानिंग कर लाकर रूम की चाबी का डुप्लीकेट बनाया और कम्पनी के काम से रिजाईन दिया.  जिसने बाद मौका देखते हुये अपने रायपुर, भाटापारा, पलारी के साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। 
ऐसे दिया घटना को अंजाम
3 मई को योजनाबद्ध तरीके से मनोज उर्फ छोटू देवांगन, मन्नु साहू, राजा उर्फ हितेश निर्मलकर, उमाकांत गुप्ता, मालिकराम देवांगन, छोटू उर्फ बच्चा साहू एवं अपचारी बालक घटना स्थल के पास पहुंचे। 
कुछ लोग निगरानी एवं रेकी कर रहे थे एवं राजा उर्फ हितेश निर्मलकर, उमाकांत गुप्ता मुंह में गमछा बांध कर कम्पनी के वाल्ट रूम में प्रवेशद्वार का पूर्व से डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल कर ताला खोलकर अंदर घुसकर दो बैग के रखे नकदी रकम को चोरी कर ले गये. भाटापारा पुलिस द्वारा वाल्ट रूम का CCTV कैमरा चेक करने पर आरोपियों द्वारा वाल्ट रूम में घुसते ही कैमरे को बंद करते दिखे लेकिन आरोपी मुंह बांधे होने से चेहरे को पहचानना मुश्किल था.
बारिकी के चेक करने पर एक आरोपी के हाथ में ताला व चाबी हाथ में पकडे होना व वाल्ट रूम मे रखे बैग को अलग अलग छाटते दिखने पर कम्पनी के किसी सदस्य की संलिप्तता का संदेह होने पर सभी संबंधित कर्मचारी जो वाल्ट रूम का चाबी रखते है तथा पूर्व कर्मचारी से बारिकी सें पूछताछ किया गया। 
जिसमें शक के आधार पर मनोज देवांगन से भी पूछताछ किया गया. लेकिन शातिर आरोपी मनोज देवांगन द्वारा गोल मोल जवाब दिया गया. तकनिकी सहायता व CCTV कैमरे में दिखने वाले अन्य संदिग्ध की पहचान कर पूछताछ किया गया. कडाई से पूछताछ करने पर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार करते हुये पूरे घटना का खुलासा करते हुऐ अपने सभी साथियों का नाम बताया गया। 
 इन पुलिस कर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शहर उप निरीक्षक रोशन राजपूत, उप निरीक्षक हितेश जंघेल, सउनि ओम साहू, प्र.आर. नरेन्द्र निषाद, आरक्षक बिजेद्र निराला, गौरीशंकर कश्यप, नाथूराम निषाद, श्रीचंद ध्रुव, राकेश ठाकुर, द्वारिका साहू, सायबर सेल बलौदाबाजार आरक्षक कुमार जायसवाल का विशेष योगदान रहा। 
गिरफ्तार आरोपियों की विस्तृत जानकारी
मनोज उर्फ छोटु देवांगन पिता सुखउराम देवांगन, उम्र 23 वर्ष, सा. गुरूनानक वार्ड भाटापारा थाना भाटापारा शहर
मन्नु साहू पिता सुकदेव साहु, उम्र 23 वर्ष, सा. गुरूनानक वार्ड भाटापारा थाना भाटापारा शहर
हरिशंकर उर्फ बाउ देवांगन पिता राजकुमार देवांगन, उम्र 27 वर्ष, सा. ग्राम पलारी वार्ड नं 09 थाना पलारी
हेमंत देवांगन पिता मालिकराम देवांगन ,उम्र 23 वर्ष, सा. सकरी थाना सिटी कोतवाली
राजा उर्फ हितेश निर्मलकर पिता स्व. दीनबंधु निर्मलकर, उम्र 23 वर्ष, सा. भाटागांव वार्ड नं. 61 थाना पुरानी बस्ती जिला रायपुर
उमाकांत गुप्ता पिता विष्णु गुप्ता, उम्र 30 वर्ष, सा. भाटागांव गणेश चैक के पास थाना पुरानी बस्ती जिला रायपुर
मालिकराम देवांगन उर्फ छोटु पिता अवधराम देवांगन, उम्र 32 वर्ष, सा. ग्राम पलारी वार्ड नं 09 थाना पलारी
छोटू उर्फ बच्चा साहू पिता मोहन साहू, उम्र 20 वर्ष, सा. गुरूनानक वार्ड भाटापारा थाना भाटापारा शहर
 नाबालिक अपचारी बालक

panchayattantra24.com,रायपुर। शराब की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही शौकिनों ने ऐसा उत्साह दिखाया कि पोर्टल ही क्रेश हो गया. अब विभागीय अधिकारी तकनीकी विशेषज्ञों के साथ पोर्टल को चालू करने में जुटे हुए हैं। 
दरअसल, कोरोना लॉकडाउन की वजह से लंबे समय से शराब दुकानें बंद है, जिसकी वजह से लोग कफ सीरप तक पीने लगे हैं. ऐसे में सरकार की ऑनलाइन बुकिंग के जरिए शराब की होम डिलीवरी शुरू किए जाने के आदेश से शौकिनों मन की मुराद पूरी हो गई. ऑनलाइन पोर्टल में शराब दुकान में शराब उपलब्ध रहते तक ही बुकिंग की जा सकती है, ऐसे में पसंदीदा शराब से वंचित नहीं रह जाए इसलिए पोर्टल के एक्टिव होते ही शौकिन बुकिंग के लिए टूट पडे. क्षमता से अधिक लोड होने पर https://csmcl.in/ क्रेश हो गया। 
बताया जा रहा है कि पहले ही दिन शराब की अच्छी-खासी ऑनलाइन बुकिंग के उम्मीद से शराब दुकानों को शराब से पैक कर दिया गया है, लेकिन अब वेबसाइट क्रेश होने से शराब की डिलीवरी भी नहीं की जा सकेगी, और वेबसाइट के फिर से शुरू होने का इंतजार किया जाएगा, जिसके साथ शराब की डिलीवरी शुरू होगी. सवाल यह है कि जब पहले से ही सर्वर को जरूरत के हिसाब से तैयार क्यों नहीं रखा गया. और वेबसाइट के फिर से ऑनलाइन होने तक जो राजस्व की हानि होगी उसकी भरपाई कौन करेगा। 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। भारत की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में आज से वर्किंग डे का नया नियम लागू हो गया है. 10 मई से एलआईसी के कर्मचारी हफ्ते में केवल 5 दिन काम करेंगे.
अब हर शनिवार को एलआईसी ऑफिस में छुट्टी रहेगी. बता दें कि इसको लेकर 15 अप्रैल को केंद्र सरकार की तरफ से नोटिफिकेशन जारी किया गया था, जिसके तहत शनिवार को पब्लिक हॉलिडे घोषित किया गया है।
सबसे बड़ा आईपीओ लाने की भी तैयारी
जानकारी के मुताबिक, इसके पहले एलआईसी मैनेजमेंट द्वारा भेजे गए इस प्रस्ताव पर वित्त मंत्रालय ने सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी थी. बता दें कि एलआईसी इस साल देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ लाने की भी तैयारी कर रही है. एलआईसी कर्मचारियों का 1 अगस्त, 2017 से वेज रिविजन बकाया है और यह आमतौर पर पांच साल तक चलता है. यूनियन के एक लीडर ने कहा, एलआईसी के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि एक वेज रिविजन में देरी हुई है।
नए बदलाव के मुताबिक, आज से LIC ऑफिस हफ्ते में 5 दिन, सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से शाम के 5.30 बजे तक ही खुलेंगे. LIC अपने कस्टमर्स को ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध करवाता है. उसकी आधिकारिक वेबसाइट https://licindia.in/ पर आप सारा काम ऑनलाइन कर सकते हैं. इसके अलावा कोरोना संकट के बीच अपने ग्राहकों की असुविधा को ध्यान में रखते हुए LIC ने दावे के निपटान से जुड़ी शर्तों में कुछ ढील देने का घोषणा की है।
नजदीकी LIC ब्रांच में दस्तावेज कर सकते हैं जमा
कोरोना महामारी में ग्राहकों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए एलआईसी ने क्लेम सेटलमेंट के लिए मृत्यु प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेजों को जमा करने के लिए भी राहत दी है. अब आवेदक अपने किसी भी नजदीकी एलआईसी शाखा में जाकर डॉक्यूमेंट्स स​बमिट कर सकते हैं. इसी तरह एन्युटी के लिए जीवन प्रमाण पत्र की तारीख के लिए 31 अक्टूबर 2021 तक छूट दी गई है. ईमेल के माध्यम से भेजे गए जीवन प्रमाण पत्र भी स्वीकार किए जाएंगे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी आज कलेक्ट्रेट पहुंचे. उन्होंने कलेक्टर को कोरोना महामारी से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए.
सुंदरानी ने कहा कि भेदभाव रहित टीकाकरण की नीति बनाये जाए. टीकाकरण केंद्रों में सभी श्रेणी के बूथ बनाए जाए. इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण के लिए जनजागरण अभियान चलाने का सुझाव दिया. टीका बर्बाद ना हो इसलिए केरल मॉडल को अपनाया जाए
हर पंचायत में ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर और दवाई की किट उपलब्ध कराई जाए. जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर से टीकाकरण कर्मियों के बीमा कराए जाने की भी मांग की.
 

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के माना कैंप स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में कोरोना विस्फोट हुआ है. यहां करीब 45 अपचारी बालक संक्रमित पाये गए हैं।
बाल संप्रेषण गृह में बड़ी संख्या में संक्रमण के मामले आने से हड़कंप मच गया है. संप्रेक्षण गृह को आइसोलेशन सेंटर में तब्दील कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक, बच्चों के लिए 6 नर्स, एक डॉक्टर की ड्यूटी लगाई गई है।
एक दिन में मिले 9 हजार 120 मरीज
छत्तीसगढ़ में कोरोना का कहर जारी है. प्रदेश में रविवार को 9 हजार 120 केस सामने आए हैं. जबकि 189 लोगों की कोरोना से मौत हुई है. इसी बीच राहत भरी खबर ये है कि 12 हजार 810 लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है. अब तक प्रदेश में 7 लाख 14 हजार 359 मरीजों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है. मौत का आंकड़ा 10 हजार 570 पहुंच गया है. प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 1 लाख 26 हजार 547 है।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश भर में आज से शराब की होम डिलीवरी शुरू कर दी गई. डिलीवरी ब्वॉय के माध्यम से शराब की ऑनलाइन होम डिलीवरी की व्यवस्था की गई है. डिलीवरी ब्वॉय सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक होम डिलीवरी कर सकेंगे. हालांकि स्थानीय स्तर पर कलेक्टर समय में वृद्धि या कमी कर सकते हैं।
पिछले साल भी लॉकडाउन और संक्रमण के मामलों को देखते हुए शराब की ऑनलाइन बिक्री शुरू की गई थी. आपको बता दें कि संक्रमण को देखते हुए 8 अप्रैल से शराब की दुकानें बंद की गई थी।
प्रोटोकाल पालन करने की हिदायत
दुकान संचालक अवधेश शुक्ला ने बताया कि 8 स्टॉफ की ड्यूटी लगाई गई है. 3 स्टॉफ अंदर है. अधिकतम 3 घंटे के अंदर शराब की होम डिलीवरी की जाएगी. ऑनलाइन माध्यम से ऑर्डर और भुगतान करना होगा. सरकार की तरफ से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने की हिदायत दी गई।
लोकेशन के आधार पर होगी डिलीवरी
डिलीवरी ब्वॉय आकाश ने बताया कि ऑनलाइन लोकेशन के आधार पर हम लोगों के पास जाएंगे.  डिलीवरी करने का अतिरिक्त खर्चा 100 रुपए निर्धारित किया गया है।
 

 
 panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी में वैक्सीनेशन केंद्रों पर भारी भीड़ नजर आ रही है. छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ही रायपुर में भी आज सुबह से गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई, फिर भी लोग केंद्र के बाहर डटे रहे।
कुछ लोग ऐसे हैं जो सुबह 5 बजे से केंद्र के बाहर मौजूद हैं और कुछ ऐसे हैं जो कल से ही वैक्सीन लगाने के इंतजार में थे, लेकिन उनका नंबर नहीं आया. उन्होंने आज फिर लाइन लगाया और वैक्सीन लगवाने का इंतजार करते नजह आए।
बता दें कि रायपुर जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के कोरोना टीकाकरण के लिए केंद्रों की संख्या 8 से बढ़ाकर 18 कर दी गई है. राजधानी के मारुति मंगलम गुढियारी, शासकीय कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय देवेन्द्र नगर, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (बी.टी.आई.) परिसर अभ्यास पूर्व मा. एवं प्रा. शाला शंकरनगर, डिग्री गर्ल्स कॉलेज रायपुर, सांस्कृतिक भवन चंगोराभाठा, पं.दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम,सामुदायिक भवन कबीरनगर, शासकीय माध्यमिक शाला पुरैना में टीकाकरण किया जा रहा है।
वहीं बिरगांव के अडवानी आलिकान उच्चतर माध्यमिक शाला व शासकीय उच्च माध्यमिक शाला सरोरा में वैक्सीनेशन केंद्र बनाया गया है. जिले में दाऊ पोषण लाल चंद्रवंशी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसतराई धरसींवा, पूर्व माध्यमिक शाला बरबंदा धरसींवा,सांस्कृतिक भवन, वार्ड क्रमांक 18, तिल्दा, भारत देवांगन शा.उ.मा. विद्यालय खरोरा, शासकीय कन्या उच्चतर विद्यालय, अभनपुर, शासकीय हरिहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा और बद्री प्रसाद लोधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय आरंग में टीकाकरण केंद्र बनाया गया है।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण के लिए अहम घोषणा की है, जिसके तहत विभिन्न श्रेणियों के लोगों को फ्रंट लाईन वर्कर मानते हुए उनके टीकाकरण करने का निर्णय लिया गया है. इसके साथ ही राज्य के पत्रकार और वकीलों तथा उनके परिजनों को भी फ्रंट लाईन वर्कर के समान ही टीकाकरण करने की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा की है। 
गौरतलब है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पूर्व में ही निर्देश दे दिए गए थे परंतु मामला न्यायलयीन होने के कारण लंबित था। कई अन्य राज्यों में पत्रकारों और वकीलों को फ्रंट लाईन वर्कर मानते हुए उनका टीकाकरण किया जा रहा है परंतु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इससे एक कदम और आगे बढ़ते हुए राज्य के पत्रकारों और वकीलों के साथ ही उनके परिजनों को भी फ्रंट लाईन वर्कर के समान टीकाकरण में प्राथमिकता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री बघेल द्वारा इस संबंध में पूर्व में दिए निर्देश और टीकाकरण के संबंध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित सचिवों की समिति की अनुशंसा पर राज्य सरकार द्वारा फ्रंट लाईन वर्कर की सूची में जिन श्रेणियों को शामिल किया है उनमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिभाषित कोमार्बिडिटी वाले व्यक्ति, भोजन प्रदाय करने वाले एवं सब्जी विक्रेता, बस ड्राइवर कंडक्टर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, पंचायत सचिव/कर्मी, पीडीएस दुकान प्रबंधक और विक्रेता, इंसटिटुशनल केयर में रहने वाली महिलाएं, गांव के कोटवार एवं पटेल, राज्य सरकार के कर्मचारी, राज्य पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग के कर्मचारी और उनके इमिडियेट परिजन शामिल हैं।
इसी तरह इस सूची में वृद्धाश्रम में, महिला देखभाल केन्द्रों एवं बाल देखभाल में कार्यरत व्यक्ति, शमशान, कब्रिस्तान में कार्यरत व्यक्ति, दिव्यांग व्यक्ति, आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाली अर्धशासकीय संस्थाओं जैसे- प्राथमिक कृषि सहकारी समिति, मार्कफेड, सहकारी बैंक में कार्यरत कर्मचारी, कलेक्टर द्वारा कोरोना ड्यूटी पर लगाए गए व्यक्ति, राज्य शासन द्वारा परिभाषित किसी अन्य श्रेणी के व्यक्ति को भी शामिल किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा फ्रंट लाईन वर्कर की पहचान के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शी सिद्धांत जारी किया जाएगा। यदि फ्रंटलाइन वर्कर श्रेणी का कोई व्यक्ति एपीएल का छोड़कर अन्य कोई राशनकार्ड लाता है तो उसे भी उस राशनकार्ड की श्रेणी में माना जाएगा और यदि राशनकार्ड लेकर नही आता है तो उसे फ्रंट लाईन वर्कर की श्रेणी में माना जाएगा। जेल में रहने वाले बंदियों को भी टीकाकरण में वही प्राथमिकता दी जाए जो फ्रंटलाइन वर्कर को दी जाएगी क्योकि वो अपनी सुरक्षा नही कर सकते। इसी प्रकार वकीलों और पत्रकारों तथा उनके इमिडियेट परिजनों को भी फ्रंटलाईन वर्कर के समान ही टीकाकरण में प्राथमिकता दी जाएगी।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के वर्चुअल बैठक के प्रस्ताव को बीजेपी ने खारिज कर दिया है. बीजेपी ने नाराजगी जाहिर करते हुए सरकार को अलोकतांत्रिक और अनुभवहीन सरकार करार दिया है. बीजेपी ने अपने आरोप में कहा है कि सरकार को यह तक नहीं पता कि विपक्ष के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है. यह सरकार आज भी अपने आपको विपक्ष में समझ रही है. दरअसल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर चर्चा के लिए वक्त मांगा था. उन्होंने कहा था कि कोरोना के मौजूदा हालात पर बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल चर्चा करना चाहता है. साय के इस पत्र के जवाब में मुख्यमंत्री ने बीजेपी नेताओं से 12 मई को वर्चुअल बैठक करने की सहमति दी थी। 
मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए जवाब के बाद सियासत गर्मा गई. प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर और सांसद सुनील सोनी ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेस कर सरकार पर जमकर निशाना साधा. प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ कोरोना महामारी के दूसरे दौर से गुजर रहा है. स्थिति भयावह है. शहर के साथ-साथ गांवों में भी फैल रहा है. बस्तर से जशपुर तक के गांवों में वायरस पहुंच चुका है. ग्रामीण इलाकों में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में किसी तरह की व्यवस्था नहीं है. ना तो खाना है और ना ही दवाई है. त्राहिमाम मचा हुआ है. हजारों की संख्या में लोग संक्रमित हो रहे हैं, सैकड़ों की तादाद में रोजाना लोगों की जान जा रही है. बीजेपी चाहती थी कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हो, लेकिन अफसोस है कि मुख्यमंत्री ने समय नहीं दिया. ट्वीट में आया जवाब उचित नहीं है. उन्होंने 12 तारीख को वर्चुअल बैठक के लिए सहमति दी है. हम इसकी निंदा करते हैं. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में बढ़ते कोरोना के आंकड़ों के लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है. जब यहां महामारी फैल रही थी, मुख्यमंत्री असम में चुनाव में व्यस्त थे. क्रिकेट करने और देखने में व्यस्त थे. आज विपक्ष की भूमिका के नाते हम चाहते हैं कि सब मिलकर काम करे. हम मुख्यमंत्री को सुझाव देना चाहते थे, लेकिन उन्होंने समय नहीं दिया. चार दिन बाद का समय और वह भी वर्चुअल बैठक के लिए यह ठीक नहीं है. इस वक्त एक-एक समय मूल्यवान है। 
विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य की यह स्थिति है कि लोगों को आज दवाई नहीं मिल रही लेकिन शराब घर-घर पहुंच रही है.  वैक्सीनेशन का मजाक बना दिया गया है. कोवैक्सीन आया, तब स्वास्थ्य मंत्री ने भ्रम फैलाया था, आज वैक्सीनेशन के लिए लोग पीछे हट रहे हैं. वैक्सीन करने जाने वाली टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है. मारपीट के हालात भी बन रहे हैं. यह सरकार की वजह से हुआ है. वैक्सीनेशन को लेकर हाईकोर्ट की फटकार भी सरकार को लगी है. उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन की कमी की एक बड़ी वजह यह भी रही कि सरकार ने कंपनियों को आदेश देरी से दिया. राज्य सरकार केंद्र पर सारा आरोप थोप रही है, यही सरकार की नियति हो गई है. प्रदेश अध्यक्ष ने पूछा कि सरकार ने कितनी वैक्सीन का आदेश कंपनियों को किया है? कितनी राशि का भुगतान किया है? यह जानकारी सरकार साझा करें. कंपनियों को राशि का भुगतान किए जाने के बाद ही वैक्सीन की खेप आएगी? साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ढाई लाख वैक्सीन खराब हो गया. केरल में सरकार ने सौ फीसदी वैक्सीनेशन का इस्तेमाल किया है. राज्य को केरल से सीखना चाहिए. उन्होंने पत्रकारों को फ्रंट लाइन वर्कर घोषित किए जाने की मांग करते हुए कहा कि पत्रकार भी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं, उन्हें भी फ्रंटलाइन वर्कर घोषित करे, इसकी हम मांग करते हैं। 
सरकार रेमडेसिविर नहीं दे सकी, अब लोगों के घरों में शराब जरूर देगी- धरमलाल कौशिक
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि राज्य में कोरोना की दर घट नहीं रही, क्योंकि सरकार ने टेस्ट करना बंद कर दिया है. एक ब्लॉक में सिर्फ ढाई सौ किट दिया जा रहा है, जबकि आबादी तीन लाख से पांच लाख तक होता है. टेस्टिंग का दायरा बढ़ाएंगे, तो आंकड़े बढ़ेंगे. सरकार के रिकार्ड में संक्रमित मरीजों का जो आंकड़ा दिख रहा है, मौतों का आंकड़ा दिख रहा है, यह बेहद कम है. जमीन पर कहीं ज्यादा है. सरकार आंकड़ों को छिपा रही है. कौशिक ने कहा कि केंद्र ने राज्य सरकार को वैक्सीन दी, लेकिन वैक्सीन समय पर नहीं लग रहा है. वैक्सीन को लेकर लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है. सरकार लोगों को जागरूक नहीं कर रही है, लेकिन भय जरूर फैला रही है. 18 से 44 वर्ष उम्र के दायरे में एक करोड़ 35 लाख लोग राज्य में है. दो डोज लगाने पर तीन लाख डोज की जरूरत होगी. अंत्योदय के लिए सेंटर इतनी दूर बनाए गए हैं, वहां लोग नहीं आ रहे, वैक्सीन के डोज खराब हो रहे हैं. आपदा को अवसर में बदलने का उदाहरण छत्तीसगढ़ सरकार की दिखती है. सिरप पीकर नौ लोगों की मौत हो गई और उधर सरकार ने शराब की होम डिलीवरी शुरू कर दी. लोगों की मौत के बहाने शराब लोगों तक पहुंचा रही है सरकार. रेमडेसिविर इंजेक्शन सरकार लोगों को नहीं दे सकी, लेकिन अब शराब जरूर देगी। 
सरकार का तानाशाही भरा चेहरा सामने आया, बहुमत की दादागिरी है- बृजमोहन अग्रवाल
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कोरोना काल में सरकार का तानाशाही भरा चेहरा सामने आया है. प्रदेश अध्यक्ष पत्र लिखकर मुख्यमंत्री से मिलने का समय चाहते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के पास मिलने के लिए समय नहीं है. मुख्यमंत्री जब वर्चुअल कांफ्रेंस करते हैं तो अधिकारी आसपास बैठे होते हैं, कोरोना का बहाना कर सरकार अपने दायित्व से भाग रही है. चर्चा से मुंह छिपा रही है. 18 से 44 साल के नौजवानों को मौत के मुंह में धकेल रही है, लेकिन सरकार इस पर चर्चा नहीं करना चाहती. हम सरकार से जवाब चाहते हैं. उन्होंने कहा कि 15 करोड़ में पांच लाख वैक्सीन आएगी. केंद्र ने कंपनियों को 34 सौ करोड़ कंपनियों को वैक्सीन के लिए एडवांस दिया है. राज्य को तीन करोड़ इंजेक्शन चाहिए, क्या सरकार कंपनियों को सौ करोड़-पांच सौ करोड़ एडवांस नहीं दे सकती. केंद्र ने 45 से ऊपर उम्र के लोगों के लिए पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध कराई है, लेकिन वैक्सीन सेंटरों में क्यों नहीं पहुंच रही है. बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि निजी अस्पतालों को वैक्सीन खरीदने की अनुमति सरकार क्यों नहीं दे रही है. सरकार घर-घर शराब पहुंचाने की बजाए भर-भर वैक्सीन लोगों तक पहुंचाए. सरकार बहुमत की दादागिरी कर रही है.  पूर्व मंत्री ने गर्मी का धान खरीदने के लिए कृषि उपज मंडी खोले जाने की मांग भी की है. उन्होंने कहा कि किसानों के पास आज इलाज कराने के लिए भी पैसा नहीं है. मंडी में धान बिकेगा, तो कम से कम किसानों के हाथ पैसा होगा. बृजमोहन अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि वैक्सीनेशन सेंटरों में कांग्रेस के लोगों की दादागिरी चल रही है. अभनपुर और आरंग में जाकर जबरदस्ती अपने लोगों को वैक्सीन लगाई है। 
रजिस्ट्री कार्यालय खोला, लोग अपनी जमीनों को बेचकर इलाज करा रहे- सुनील सोनी
इधर बीजेपी सांसद सुनील सोनी ने कहा कि  बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलना चाहता था, लेकिन इतना डरा हुआ, भयभीत मुख्यमंत्री हमने नहीं देखा, जो जवाब देने से बच रहा है. वह ये बताने से बच रहे हैं कि लोग कोरोना से क्यों मर रहे हैं ? इसी राज्य में सरकार ने आंकड़ा जारी कर कहा था कि हम राज्य में हर रोज चार लाख इंजेक्शन लगा रहे हैं, लेकिन आज क्यों नहीं लग रहा. सरकार के पास पैसा है, लेकिन खर्च करने की नियत नहीं है. सांसद ने कहा कि  शराब पर सेस लगाकर कोरोना के लिए पैसे लेते हैं, लेकिन जब कोरोना चरम सीमा पर पहुंच गया, तब उस राशि को खर्च सरकार नहीं कर रही है. ये तानाशाही रवैया है. हम चुनौती देते हैं कि चार गज की दूरी में हमसे बात कीजिए. हम राज्य के लोगों के हित पर बात करना चाहते हैं, हम राजनीति नहीं करना चाहते. सरकार ने रजिस्ट्री कार्यालय खोला है, लेकिन आज लोग जमीन बेचकर इलाज के लिए पैसा जोड़ने वहां जा रहे हैं। 
सरकार बहुमत के घमंड में है- अजय चंद्राकर
पूर्व मंत्री और बीजेपी के विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि ये असंवेदनशील अलोकतांत्रिक सरकार यह भी नहीं जानती कि विपक्ष के साथ कैसा व्यवहार किया जाए. मुख्यमंत्री प्रत्यक्ष नहीं मिलना चाहते, उनका यह रवैया बताता है कि उनके पास कोरोना से निपटने की कोई योजना नहीं है. वह इस पहलू को साझा नहीं करना चाहते, इसलिए मिलने से बच रहे हैं. चंद्राकर ने कहा कि पांच लाख से ज्यादा लोग पीड़ित है, लेकिन आय़ुष्मान भारत योजना से सिर्फ पांच हजार लोगों का ही इलाज हुआ है. सरकार आयुष्मान के लिए निर्देश जारी करती है, लेकिन उसका पालन नहीं करा सकती. यह सरकार फ्रंटलाइन वर्कर की परिभाषा को नहीं समझती. उन्होंने कहा कि इस सरकार ने अब तक राहत राशि की घोषणा नहीं की है. राहुल गांधी ने कहा था कि प्रवासी मजदूरों को छह हजार राहत राशि दी जाए, जो लोग अपने नेता का सम्मान नहीं कर सकते, विपक्ष का क्या सम्मान करेंगे. गरीबों, प्रवासी मजदूरों के लिए सरकार क्या कर रही है, हम यह जानना चाहते थे. पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार शराब बेच रही है और लाशों का आडिट कर रही है, जिला स्तर पर लाशों की गिनती कुछ और है, और राज्य स्तर पर कुछ और है. सरकार में बहुमत का घमंड है. संयुक्त लड़ाई से सरकार पीछे हट रही है. हम सेवा कार्य जारी रखेंगे. समाज और केंद्र सरकार की मदद से यह लड़ाई जारी रखेंगे. वर्चुअली बैठक में शामिल होने से जुड़े सवाल पर जवाब देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि ये सरकार जिस दिन हमे सम्मानपूर्वक बुलाएगी, हम उस दिन विचार करेंगे। 
 

धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और अन्य आयोजनों पर लगा रहेगा प्रतिबंध
 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने नया गाइडलाइन जारी किया है. अब शादी और अंतिम संस्कार में 10 लोग ही शामिल हो सकेंगे. धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और अन्य आयोजनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध  लगा रहेगा। 
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए सामाजिक, धार्मिक और अन्य आयोजनों के संबंध में सभी संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किया है। 
शादी को छोड़कर सभी आयोजनों पर लगा प्रतिबंध
जिसमें कहा गया है कि कोरोना वायरस के नये वेरियन्ट को रोकने के लिए शादियों में 10 व्यक्तियों से अधिक व्यक्तियों की उपस्थिति पर प्रतिबंध रहेगा. अन्त्येष्टि में 10 व्यक्तियों से अधिक व्यक्तियों की उपस्थिति पर प्रतिबंध रहेगा. अन्य समस्त प्रकार के धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक एवं अन्य आयोजन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। 
धार्मिक गुरु करें ये अपील
धार्मिक और सामाजिक त्यौहारों के संबंध में धार्मिक गुरूओं, प्रमुखों से अपील की जाए कि वे लोगों को धार्मिक एवं सामाजिक त्यौहारों में भीड़भाड़ न करने की बात कहें. पूजा और अन्य आयोजन अपने-अपने घरों में व्यक्तिगत रूप से करने के लिए प्रोत्साहित करें। 
कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति इस बात रखें ध्यान
कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के आइसोलेशन प्रोटोकॉल के पालन की समय-समय पर जांच की जाए. उनके द्वारा सार्वजनिक भीड़भाड़ वाली सुविधाओं, तालाब का उपयोग न किया जाना सुनिश्चित किया जाए. ताकि संक्रमण आगे न फैले।