Browsing: रायपुर

 
 
panchayattantra24.com, रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर द्वारा ‘कोरोना पेंडेमिक की रोकथाम में विश्वविद्यालयों की भूमिका’ पर आयोजित ऑनलाइन जागरुकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में कुल 1000 विश्वविद्यालयों में लगभग 3 करोड़ विद्यार्थी अध्ययनरत है, जो कि भारत में सबसे ऊर्जावान, उत्साही व उत्सुक वर्ग समूह है। हमारे लिए हर्ष का विषय है कि टीका उत्सव 1 मई 2021 से प्रारंभ हो रहा है जिसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी युवाओं को टीका लगाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण लगभग 1 वर्ष से विश्वविद्यालयों में पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियॉ प्रभावित हुई है। हमें छात्रों के भविष्य की चिंता है, उन्हें डिजीटली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर उन्नत करने की आवश्यकता है। विश्वविद्यालयों की भूमिका अब पारंपरिक गतिविधियों से अलग वर्चुवल विश्वविद्यालय जैसे ऑनलाईन प्रवेश से ऑनलाईन डिग्री तक आ गई है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी ने सबको झकझोर कर रख दिया है। देश भर में लोगों का दैनिक जीवन ठहर सा गया है। संकट के इन पलों में उम्मीद की किरण के रूप में भारत देश के शीर्ष विश्वविद्यालय, शोध संस्थान कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभा रहे है। हमारे संस्थान भी इसमें योगदान दे रहे है। 
 छत्तीसगढ़ के शिक्षण संस्थान अपनी शक्ति अनुसार आगे आकर पूरी तन्मयता से इस चुनौती से मुकाबला करने में जुटे है। हमें इस बात का ध्यान रहना चाहिए कि हम एक असाधारण और अभूतपूर्व सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट से जूझ रहे है। इसने दुनिया के 14 करोड़ से अधिक लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। लाखों लोगों की इस महामारी के कारण मृत्यु हो चुकी है। वहीं हमारे वैज्ञानिक, शोधार्थी, इंजीनियर, प्रोद्योगिकीविद, शिक्षक अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुसार कोविड-19 महामारी से उत्पन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान हेतु प्रयासरत है। इस कठिन समय में यह संतोषजनक है कि छत्तीसगढ़ के शिक्षा संस्थानों में इस चुनौती से निपटने के लिए एक सकारात्मक माहौल बना हुआ है। 
 विश्वविद्यालय को ऐसे महामारियों से निपटने हेतु महामारी प्रबंधन, एकीकृत स्वास्थ्य प्रबंधन, मानसिक तनाव प्रबंधन, योग व हैप्पीनेस जैसे वास्तविक समाधान मूलक पाठ्यक्रम त्वरित रूप से प्रारंभ किया जाना चाहिए। छत्तीसगढ़ के सभी विश्वविद्यालय अपने-अपने स्तर पर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते आये है। विशेषकर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा लिये गये गोद ग्रामों में बालिका जन धन योजना के लिये जागरूकता में प्रशंसनीय कार्य किया है। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय “गढ़बो नवा विश्वविद्यालय” का संकल्प डिजीटली रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश में अग्रणी होने प्रयासरत है। मुझे विश्वास है कि अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य श्री अरूण दिवाकर नाथ बाजपेयी के अकादमिक एवं प्रशासनिक अनुभव व कुशल नेतृत्व में उत्तरोत्तर प्रगति जारी रहेगी। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने कहा कि वैक्सीनेशन में अशिक्षा, अंधविश्वास, विभिन्न भ्रामक जानकारियों के कारण भय का वातावरण बनाता जा रहा है, इस हेतु विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय आपस में मिलकर लोगों को जागरूक करे।टीकाकरण हेतु न सिर्फ प्रेरित करे, बल्कि राष्ट्रीय सेवा योजना, एन.सी.सी. रेडक्रास इकाईयों द्वारा लोगों को वैक्सीनेशन सेंटर तथा पीड़ितों को सुरक्षा के साथ हर संभव मदद पहुंचाये। कोरोना महामारी से शिक्षा, अर्थव्यवस्था, विकासात्मक कार्य और विशेष रूप से जनहानि, स्वास्थ्य जन्य कार्य पर बहुत प्रभाव पड़ा है। अभी केवल वैक्सीनेशन ही एक मात्र उपाय है जिसे न केवल शहरी क्षेत्र बल्कि सुदूर ग्रामीण अंचलों तक पहुॅचाना है। इसमें विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय को एक रणनीति तैयार करनी होगी जिससे कि सुदूर आदिवासी छात्र-छात्राओं को वैक्सीन लग सके।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय इसको महापर्व का नाम देकर मानव जाति के कल्याण के लिए इस पुनीत कार्य को करने के लिए विश्वविद्यालय की विभिन्न संस्थाओं एन.एस.एस., एन.सी.सी., खेल विभाग द्वारा अपनी भूमिकाओं को महत्वपूर्ण ढंग से निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि मैं इस बात से सहमत हूॅ कि विश्वविद्यालय द्वारा ऐसी महामारियों को अपने पाठ्यक्रमों में भी शामिल करे जिससे छात्र-छात्राओं में जागरूकता एवं इसके बचाव के उपाय की जानकारी हो। वहीं विश्वविद्यालय ऐसी बीमारियों के लिए पाठ्यक्रम के साथ-साथ शोध की संभावनाओं की भी खोज करें जिससे पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं शोध के साथ इन बीमारियों एवं इनके रोकथाम के बारे में आम लोगों तक विकट महामारी के बारे में जागरूकता पैदा करे। भविष्य में होने वाली बीमारियों के लिए विश्वविद्यालय भी अपनी मेडिकल सुविधाओं को लागू करे जिससे कि ऐसी महामारी से आपदा प्रबंधन द्वारा आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। मेडिकल सुविधाओं के लिए सरकारी और निजी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय अंशदान के तौर पर सहायता करे। संगोष्ठी, वेबीनार के माध्यम से विशेषज्ञों द्वारा महाविद्यालय / विश्वविद्यालय आम लोगों तक इस बीमारी से बचने के उपाय वैक्सीनेशन की जानकारी लगातार पहुॅंचाते रहें। इस बीमारी से लड़ने के लिए शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य का मजबूत होना आवश्यक है। राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि हम कोविड से बहुत अधिक भयभीत हो गये हैं जिसकी वजह से अवसाद की स्थिति निर्मित होती है और व्यक्ति गंभीररूप से पीड़ित हो जाता है। मेरा ऐसा मानना है कि कोविड से भयभीत न हों मुकाबला करें और आत्मबल एवं संयम रखें। सकारात्मक भाव रखें, अपने लिये, अपने परिवार, पड़ोसियों, मित्रों के लिये, प्रदेश एवं देश के लिये अच्छा सोचें, अपने ईश्वर पर भरोसा रखें वह जो भी करेगें वह हमारे अच्छे के लिये ही होगा। चिकित्सकों, मनौवैज्ञानिकों, अध्यात्मिक गुरूओं, शासन द्वारा बताए जा रहे उपायों का पालन करें। हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति, योग, व्यायाम, आहार, विहार, दिनचर्या का पालन करें तो निश्चित रूप से हम इस महामारी से मुक्ति पा सकते हैं। कोरोना महामारी के संक्रमण से निपटने के लिये हम सभी की भागीदारी अत्यन्त आवश्यक है। आज महामारी से बचने के लिये प्रदेश एवं देश के सभी नागरिकों को एकजुट होकर अपने कर्त्तव्यों एवं मूल्यों को निभाना है तभी हम इस महामारी पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ईश्वर के आशीर्वाद से हम सभी कुशल एवं स्वस्थ्य होगें। ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम को कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय विश्वविद्यालय उड़ीसा कोरापुट के कुलाधिपति प्रोफेसर पी वी कृष्णभट्ट, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के एल वर्मा, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सुधीर शर्मा, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति प्रोफेसर नागेश्वर राव, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर के कुलपति प्रोफेसर ए डी एन वाजपेयी, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्री सौमित्र तिवारी एवं सुश्री श्रिया साहू ने भी संबोधित कर छात्र छात्राओं को लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण, एन एस एस के कार्यक्रम अधिकारी तथा छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
 

panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में कोरोना महामारी से बचाव और नियंत्रण के संबंध में चिकित्सा विशेषज्ञों से चर्चा कर महत्वपूर्ण सुझाव लिए। उन्होंने चर्चा करते हुए स्वास्थ्य और चिकित्सा से जुड़े सभी लोगों को कोरोना महामारी की इस लड़ाई में महत्वपूर्ण फ्रंटलाइन वर्कर्स बताया। उन्होंने इसमें शासकीय अस्पतालों के साथ-साथ निजी चिकित्सा संस्थानों से शासन को मिल रहे सहयोग की भी भरपूर सराहना की। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव तथा अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणु जी. पिल्ले, मुख्यमंत्री के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्री नीरज बंसोड उपस्थित थे। 
उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया कोविड-19 से संघर्षरत है। ऐसे हालात और संकट की घड़ी में मानवता की सारी उम्मीदें हमारे स्वास्थ्य और चिकित्सा से जुड़े हुए लोगों पर टिकी हुई है। इनमें निजी अस्पतालांे का निजी डॉक्टरों की सेवा भी काफी प्रशंसनीय है। इनके द्वारा अस्पतालों में सीमित उपकरणों और संसाधनों के बावजूद कोरोना की इस लड़ाई को लगातार जारी रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अभी कोविड-19 की दूसरी लहर चल रही है और हम अपने संसाधनों और अपनी व्यवस्थाओं के साथ उसका पुरजोर मुकाबला भी कर रहे हैं। इसके तहत राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि मरीजों को तत्परता से इलाज सुविधाओं का भरपूर लाभ मिले। 
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से चर्चा करते हुए उन्हें अपने-अपने संस्थान में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर से बेहतर उपयोग कर मरीजों को सुगमता से इलाज सुविधा का लाभ दिलाने के लिए कहा। इनमें आवश्यक चिकित्सा उपकरणों को बढ़ाने सहित ऑक्सीजन प्लाण्ट आदि सुविधाओं के लिए भी आवश्यक पहल करने के संबंध में जोर दिया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने चिकित्सा संस्थानों की मांग पर वहां आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाओं में बढ़ोत्तरी सहित प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था आदि के संबंध में शासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके लिए उन्होंने अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य और अपर मुख्य सचिव गृह को शीघ्र आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण से बचाव तथा रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों के साथ लगातार चर्चा कर समीक्षा की जा रही है। इस कड़ी में आज राज्य भर के 24 निजी चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से चर्चा हुई और उनसे महत्वपूर्ण सुझाव आए हैं। उन्होंने सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों अपने-अपने संस्थान में चिकित्सा सुविधाओं में और बढ़ोत्तरी के लिए विशेष रूप से आग्रह किया। इस दौरान एम्स रायपुर से डॉ. नितिन एम. नागरकर ने चर्चा में भाग लेते हुए वैक्सीनेशन सहित आईसीयू तथा वेन्टीलेटर जैसे चिकित्सकीय सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कहा। इसी तरह मेकाहारा से डॉक्टर ओ.पी. सुन्दरानी, बिलासपुर से डॉ. आर.पी. मिश्रा, डॉ. अमित सोनी, डॉ. देवेश, डॉ. रवि शेखर, रायगढ़ से डॉ. सुभाष, डॉ. मनोज कुमार तथा दुर्ग से डॉ. प्रतिक कौशिक, डॉ. आशीष मित्तल, डॉ. ए.पी. सावंत, अंबिकापुर से डॉ. अभिषेक वाजपेयी, धमतरी से डॉ. सूरज गुप्ता, डॉ. संदीप पटोदा, बाल्को से डॉ. एस. वेंकट कुमार, बालाजी हॉस्पिटल रायपुर से डॉ. देवेन्द्र नायक, श्री मेडीसाइन हॉस्पिटल से डॉ. सुशील शर्मा और डॉ. शैलेन्द्र उपाध्याय, डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. सुनील खेमका तथा श्री राम कृष्ण केयर हॉस्पिटल से डॉ. संदीप दवे आदि विशेषज्ञ चिकित्सकों ने चर्चा में भाग लेकर अपना महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
 

 panchayattantra24.com, छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर स्थित राजधानी अस्पताल की मान्यता को लेकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्री सिंहदेव ने राजधानी अस्पताल की मान्यता रद्द करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि जब तक आगजनी की घटना की जांच पूरी नहीं हो जाती, मान्यता रद्द किया जाए। गौरतलब है कि 19 अप्रैल को राजधानी अस्पताल में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ था। मौके पर 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की दूसरे अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वहीं, प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने आज महासमुंद और कांकेर में नवनिर्मित वायरोलॉजी लैब का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया. मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की पहली लहर के दौरान छत्तीसगढ़ में एम्स में केवल 1 वायरोलॉजी लैब थी, फिर हमारे विभाग द्वारा एक के बाद एक 6 पुराने मेडिकल कॉलेज में वायरोलॉजी लैब और उसी क्रम में चार और वायरोलॉजी लैब स्वीकृत हुए.  इसके साथ ही एक वायरोलॉजी लैब इस श्रृंखला में कोरिया जिले के बैकुंठपुर में स्वीकृत है जिसे जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा. उन्होंने बताया कि कोरोना की जांच में आरटी-पीसीआर जांच उच्च कोटी की जांच मानी जाती है जोकि वायरस को जल्दी से डिटेक्ट करने के लिए बहुत उपयोगी है और यह लैब्स जांच की सीमा बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे। 
सिविल लाइन्स स्थित चिप्स भवन से सिंहदेव ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति पर चर्चा करते हुए लैब के निर्माण में समर्पित रहे विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। 
आगे इन जिलों में लैब प्रस्तावित
स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने बताया कि इन लैब्स के साथ ही पांच और लैब भी स्वीकृत किए गए हैं. जिसमें जशपुर, 1 चांपा-जांजगीर, 1 बलौदा बाजार, 1 दुर्ग और 1 दंतेवाड़ा में हैं, जिनका कार्य प्रगति पर है. सीके साथ ही 1-1 वायरोलॉजी लैब मुंगेली और बालोद में निर्मित कर कुल 18 वायरोलॉजी लैब स्थापित कर सकेंगे. उन्होंने आगे कहा कि इन वायरोलॉजी लैब में आने वाले दिनों में हम 1000 टेस्ट प्रतिदिन कर सकेंगे. इस वर्चुअल बैठक में एसीएस रेणु पिल्लई, एम्स डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. नितिन, प्रोफेसर चिकित्सा शिक्षा आर के सिंह समेत अन्य उपस्थित रहे। 
इन जिलों में पहले से है लैब
प्रदेश में आरटीपीसीआर जांच की संख्या बढ़ाने स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरबा, कोरिया, जशपुर, जांजगीर, दुर्ग, दंतेवाड़ा और बलौदाबाजार में भी वायरोलॉजी लैब की स्थापना का काम प्रारंभ किया जा चुका है. वर्तमान में एम्स रायपुर सहित प्रदेश के छह शासकीय मेडिकल कॉलेजों रायपुर, जगदलपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़ और अंबिकापुर में कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए आरटीपीसीआर जांच की जा रही है। 
 

 
 panchayattantra24.com, रायपर। छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज रायपुर के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर ई कामर्स द्वारा लॉकडाउन अवधि में होम डिलीवरी पर तत्काल रोक लगाने पर आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि कोरोना वैक्सीनेशन के लिए पूरे प्रदेश में व्यापारी वर्ग अपने टीम की उपलब्धता एवं शासन के साथ सहभागिता निभाने के लिए तैयार है। 
पत्र में उल्लेख किया गया है कि हम राज्य सरकार द्वारा अपने राज्य में कोरोना के प्रकोप से उत्पन्न विनाशकारी आपदा को कम करने के लिए और इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की रक्षा के लिए आपके नेतृत्व में किए गए उपायों के लिए आभार व्यक्त करते हैं। 
हमें यकीन है कि आपके द्वारा अपनाये जाने वाले ये सहायक उपाय हमारे राज्य में कोरोना को नियंत्रित करने में मदद करेंगे. आपके द्वारा इस कठिन समय में राज्य के व्यापारियों के हित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम जिसमें आपके द्वारा ई-कामर्स यथा अमेजन, फ्लिपकार्ट द्वारा इस लॉकडाउन अवधि में गैर आवश्यक सामान की होम डिलीवरी पर त्वरित निर्णय लेते हुए तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया. इससे राज्य का व्यापारी वर्ग अभिभूत है और व्यापारी वर्ग के हितार्थ लिए गए निर्णयों से विगत वर्ष की भांति जल्द ही राज्य की आर्थिक गतिविधियां पुनः पटरी पर आ जावेंगी इसके लिए आशान्वित है। 
पत्र में उल्लेख है कि आपके द्वारा कोरोना से बचाव के लिए राज्य में किए जा रहे वैक्सीनेशन कार्यक्रम का ऐतिहासिक निर्णय, जिसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र के प्रत्येक व्यक्ति को मुफ्त टीकाकरण की घोषणा एवं वैक्सीन की सुलभ एवं पर्याप्त उपलब्धता के लिए उठाए गए कदमों के लिए पूरा प्रदेश आपका अभिनंदन करता है। 
टीकाकरण के इस व्यापक कार्यक्रम में प्रदेश का व्यापारी वर्ग भी अपनी सहभागिता निभाते हुए जुड़ना चाहता है. पूरे प्रदेश में व्यापारियों की टीम मौजूद है जो आवश्यकता पड़ने पर टीकाकरण के इस कार्यक्रम को संचालित करने, एवंशासन के कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने हेतु तैयार है. हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि आप जैसे मुखिया के नेतृत्व में हम कोराना की जंग जल्द ही जीत जायेंगे एवं राज्य में स्थिति जल्द ही सामान्य हो जायेगी। 
 

panchayattantra24.com, रायपुर। खाद्यमंत्री अमरजीत भगत के साथ आज इंडिया सेंटर फाउंडेशन के चेयरमैन विभवकांत उपाध्याय ने बैठक की. इस बैठक में छत्तीसगढ़ के सरप्लस धान का इस्तेमाल किस प्रकार किया जाए, इस पर चर्चा की गई. बैठक में इस संबंध में सहमति बनी कि हर साल कार्ययोजना बनाकर सरप्लस धान का इस्तेमाल किया जाएगा. वहीं इस निर्णय को शीघ्र ही अमल में लाने की संभावना है। 
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में इस वर्ष सबसे ज्यादा धान खरीदी की गई थी. प्रदेश के लगभग 19 लाख किसानों ने 93 लाख मीट्रिक टन से भी ज्यादा धान समर्थन मूल्य पर बेचा था. केंद्र सरकार ने पहले सरप्लस धान खरीदने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को सैद्धांतिक मंज़ूरी दी थी. इसके बाद छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत सहायता राशि दी गई. जिसके बाद केंद्र सरकार ने अतिरिक्त धान लेने से मना कर दिया। 
बता दें कि इस साल अतिशेष धान का निपटारा नीलामी प्रक्रिया द्वारा किया जा रहा है. आगे इस तरह की समस्या न आए और किसानों को लाभ मिलता रहे, इसलिए कार्ययोजना बनाए जाने की ज़रूरत है. इसी बात को दृष्टिगत रखते हुए इंडिया सेंटर फाउंडेशन के साथ छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री की बैठक हुई। 
बैठक में इंडिया सेंटर फाउंडेशन के चेयरमैन विभवकांत उपाध्याय के साथ, प्रबंध न्यासी संकल्प शुक्ला, इस पहल की संचालक प्रियंका मैनाली, मंडल सदस्य नितिन नंदा एवं अन्य सदस्य शामिल हुए। 
 
 
  

panchayattantra24.com, रायपुर। प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है. इस पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा है कि सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को टीकाकरण में सर्वोच्च प्राथमिकता मिलना चाहिए. केवल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था से इस वर्ग के टीकाकरण से वंचित होने की आशंका है। 
भूपेश बघेल ने लिखा है कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार, 28 अप्रैल से कोविन पोर्टल पर कोविड के विरुद्ध वैक्सिनेशन के लिए इच्छुक 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग के हितग्राहियों का रजिस्ट्रेशन प्रारम्भ हो चुका है. हालांकि यह जानकारी पोर्टल पर राज्यवार उपलब्ध नहीं है पर प्राप्त जानकारी अनुसार अब तक देश भर में इस आयु वर्ग के लगभग 1.7 करोड़ नागरिकों द्वारा कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवा लिया गया है। 
भारत सरकार के दिशा निर्देशानुसार इस आय वर्ग के टीकाकरण के लिए वैक्सीन डोसेज़ का क्रय राज्यों द्वारा ही किया जाना है. इसी तारतम्य में राज्य द्वारा वैक्सीन के दोनों उत्पादकों को कोविशील्ड और कोवैक्सीन की 25-25 लाख डोसेज़ मांग की गई। 
इनमें से एक उत्पादक (Bharat Biotech) का ही उत्तर प्राप्त हुआ है, जिसके अनुसार वांछित मात्रा में से मात्र तीन लाख डोसेज़ मई माह में राज्य को प्राप्त हो पाएगी। 
ऐसी परिस्थिति में बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन होने से और उस अनुपात में वैक्सीन डोज़ उपलब्ध न होने से टीकाकरण के लिए बनी सेशन साइट्स पर भीड़ प्रबंधन में समस्याएं उत्पन्न हो सकती है। 
ऐसी परिस्थिति में वैक्सीन की कमी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा टीकाकरण हेतु इस आयु वर्ग में प्राथमिकता का कोई क्रम निर्धारित होना चाहिए और इस क्रम में सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। 
वर्तमान में रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था केवल ऑनलाइन ही उपलब्ध होने से भी सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की टीकाकरण से वंचित रहने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए पूर्व की भांति 18-45 वर्ष के आयु वर्ग के लिए भी ऑन साइट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए ताकि टीकाकरण से कोई भी वंचित न रह पाए। 
 

Panchayattantra24.com-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार एम ए जोसफ के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है । मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री जोसफ छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार  थे। छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में श्री जोसफ के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मैं श्री जोसफ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे श्री जोसफ के परिवारजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
 

मुख्यमंत्री बघेल ने औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से की चर्चा
लक्षण वाले व्यक्ति को तुरंत उपलब्ध कराएं कोरोना की दवा
Panchayattantra24.com-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में राज्य में कोरोना महामारी से निपटने के लिए सभी संभागों के औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की और आवश्यक सुझाव लिए। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई इस चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री की अपील पर समस्त औद्योगिक संस्थानों द्वारा कोरोना को हराने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि कोरोना संकट की इस घड़ी में उद्योगों का सामाजिक सरोकार सराहनीय है।इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा सुकमा से तथा प्रमुख सचिव उद्योग श्री मनोज पिंगुआ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। 
    मुख्यमंत्री ने चर्चा करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव और रोकथाम के लिए सभी औद्योगिक परिसर तथा खदान संयंत्र के आसपास के गांवों में सघन रूप से जनजागरूकता का अभियान चलाया जाए। इसके तहत समस्त औद्योगिक संगठनों को वहां कार्यरत कर्मचारियों तथा श्रमिकों सहित लोगों को कोरोना की दवाईयों के किट का वितरण तत्परता से कराए जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना के लक्षण दिखते ही अगर व्यक्ति दवा का सेवन प्रारंभ कर दें तो वह बढ़ नही पाता है और गंभीर हालात जैसे स्थिति का सामना करना नही पड़ता है। इससे बीमारी के अकस्मात् रूप से बढ़ने तथा रोकने में काफी मदद मिलती है। 
    मुख्यमंत्री ने चर्चा करते हुए सभी औद्योगिक संगठनों को अपने-अपने संस्थान में कोविड-19 के गाईड लाईन का शत- प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष जोर दिया। इसी तरह उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी संस्थानों में वैक्सीनेशन के कार्य को भी शीघ्रता से पूर्ण कराए जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से निपटने में शासन-प्रशासन के साथ सभी वर्ग के लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने इनमें औद्योगिक संगठनों से सतत रूप से मिल रहे सहयोग की भी सराहना की। 
  मुख्यमंत्री श्री बघेल से चर्चा के दौरान विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों सर्वश्री के.के. झा, रामभगत अग्रवाल, नरेन्द्र गोयल, कमल सारडा, अतुल साहू, बी.एल.अग्रवाल, हरीश केडिया, अश्विन गर्ग, संजय अग्रवाल, अशोक सुराना, प्रदीप टंडन तथा मनोज अग्रवाल आदि ने अपने-अपने संस्थान में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए कैम्प लगाने में शासन से सहयोग का आग्रह किया। साथ ही मुख्यमंत्री श्री बघेल को उनके द्वारा अपने-अपने संस्थान में शासन के दिशा-निर्देशों तथा कोविड अनुकूल व्यवहार के शत-प्रतिशत पालन सहित कोरोना संक्रमण के रोकथाम में हर संभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया गया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू तथा मुख्यमंत्री के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी उपस्थित थे।

 panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ओटीपी नंबर पूछकर सीआरपीएफ जवान के खाते से 1 लाख 18 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ कैम्प जीवन विहार तेलीबांधा निवासी संजीव कुमार मिश्रा 39 वर्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि प्रार्थी भोपाल मध्यप्रदेश का निवासी है। वर्तमान में सीआरपीएफ कैम्प जीवन विहार में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ है। पीड़ित के पास इंडसण्ड बैंक का क्रेडिट कार्ड नंबर 5244805222657006 है। 12 दिसंबर 2020 को मोबाइल नंबर 9832744178 के धारक अज्ञात व्यक्ति ने पीड़ित के मोबाइल नंबर में काल आया। 
काल कर एक एनीडेस्क एप डाउनलोड करने बोला गया, जिसे डाउनलोड करने पर ओटीपी आया जिसे मोबाइल नंबर 9832744178 के धारक को पीड़ित ने बता दिया। उसके बाद पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 84900, 2040, 13990, 2040, 5025, 397.80, 10050 करके कुल 1,18,442.80 रुपए पार हो गया। इसकी जानकारी मोबाइल में मैसेज के माध्यम से मिलने पर पीड़ित ने मंगलवार को घटना की शिकायत की है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध कायम कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे ​की कार्रवाई कर रही है।