Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com, रायपुर। कोरोना संक्रमण के दूसरे लहर में आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मालवाहकों को जिले की सीमा पर रोककर ई-पास की मांग की जा रही है. अब एक तरफ सरकार ने मालवाहकों को आवाजाही की छूट दी हुई है, दूसरी ओर राजधानी में प्रवेश करने पर मालवाहकों के चालकों से ई-पास मांगा जा रहा है, इससे व्यापारियों के परेशानी पैदा हो गई है । 
कोरोना ने सभी वर्ग के लिए सिरदर्द पैदा कर दिया है. ऊपर से लॉकडाउन को लेकर जारी आदेश और फिर अधिकारियों की बैठक के बाद लिए गए निर्णय को अमलीजामा पहनाने में जुटे प्रशासनिक अमले की कार्रवाई लोगों के लिए राहत कम समस्या ज्यादा पैदा कर रही है. ऐसी ही दो-चार परेशानियों के इन दिनों राजधानी के व्यापारियों को सामना करना पड़ रहा है. कोरोना के शुरुआती दौर से ही मालवाहकों की आवाजाही पर किसी भी तरह की बंदिश नहीं लगाई गई है, इस तरह के मामले सामने आने के बाद केंद्र सरकार की ओर से स्पष्टीकरण भी किया गया है, लेकिन हर लॉकडाउन में वहीं समस्या सामने आ जा रही है । 
सामान लेकर रायपुर पहुंच रहे मालवाहकों को सरहदी इलाकों में ही रोक दिया जा रहा है. ई-पास की मांग की जा रही है, जबकि इस कोई जरूरत ही नहीं है. इस पर रायपुर आरटीओ सैलाभ साहू का कहना है कि मालवाहकों पर रोक लगाने के लिए उनके विभाग की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है. यह संभव भी नहीं है, क्योंकि उद्योग चल रहे है, उन्हें कच्चे माल की जरूरत है, ऐसे में मालवाहकों को रोके जाने से काम ठप पड़ जाएगा । 
वहीं दूसरी ओर रायपुर एसएसएपी अजय यादव कहते हैं कि मालवाहकों को नहीं रोका जा रहा है. चेक कर जाने दिया जा रहा है. बाहर जाने वालों को जाने दिया जा रहा है, वहीं (शहर में) खाली करने वाले वाहनों को दिन में रोककर रात में उन्हें खाली करने के लिए कहा गया है. वहीं कलेक्टर एस भारतीदासन ने मालवाहकों को रोके जाने के संबंध में बताया कि व्यापारियों के साथ हुई बैठक में स्पष्ट किया जा चुका है कि मालवाहकों को शहर में नहीं आने दिया जाएगा. रिंग रोड होते हुए निकल जाना है । 
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। एक दुखद खबर सामने आई है। खबर है कि दुर्ग जिले के बड़े नेता का निधन हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष प्रदीप पंगर का निधन हो गया। प्रदीप पंगर अहिवारा के लोकप्रिय नेता थे। आपको बता दें कि प्रदेश में कोरोना का संक्रमण के चलते हाहाकार मचा हुआ है। रोजाना प्रदेश के अलग-अलग जिलों से नए संक्रमितों और मौत के डराने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। रोजाना 100 से अधिक संक्रमितों ने मर्चुरी और श्माशानों की व्यवस्था बिगाड़ दी है।
 

 
panchayattantra24.com, छत्तीसगढ़। भिलाई शहर के पूर्व उपाध्यक्ष (बीजेपी नेता) फणेन्द्र पांडेय की आज कोरोना से मौत हो गई है। एम्स में उनका उपचार होने की जानकारी सामने आई है, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली है। पूर्व जिलाध्यक्ष सांवला राम डाहरे व कोषाध्यक्ष अर्जुन सचदेवा ने उनका दाखिला एम्स रायपुर में करवाया था। गुरुवार को पूर्व जिला उपाध्यक्ष फणेंद्र पांडेय की कोरोना से मौत हो गई। उनके निधन से भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दलों में शोक है।
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर । महामारियों और मानवता के बीच जंग का इतिहास सदियों पुराना है। हर सदी में किसी न किसी महामारी ने मानवता के सामने चुनौतियां पेश कीं, और हर बार मनुष्यता की ही जीत हुई। अब एक बार फिर एक विषाणु ने मनुष्य के ज्ञान और विज्ञान को चुनौती है। हर बार की तरह इस बार भी हम निश्चित ही जीतेंगे। वह हमारी जिजीविषा ही थी, जिसने हमेशा हमारे अस्तित्व की रक्षा की। जब कभी संकट गहराया, हमारी जिजीविषा उतनी ही तीव्र होती रही। संकट के बीच जीवन को बचाए रखने की कला हमने विकसित की। कोविड-19 के संक्रमण के इस दूसरे दौर में जो परिस्थितियां निर्मित हुई हैं, उसने कुछ पल के हमें हतप्रभ जरूर कर दिया है, लेकिन हम निराश नहीं हैं। हमारे योद्धा एक बार फिर कोविड के खिलाफ मैदान पर हैं, और इस बार वे ज्यादा कौशल, अनुभव और संसाधनों के साथ जंग लड़ रहे हैं। संक्रमण के पहले दौर की तुलना में हमारे योद्धाओं में कई गुना ज्यादा आत्मविश्वास है। वे कई गुना ज्यादा हौसले के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। कोविड-19 ने इस बार हालांकि ज्यादा तेज हमला किया है, लेकिन उस पर पलटवार भी उतनी ही तेजी से हो रहा है।कोविड-19 की दूसरी लहर की अचनाक हुई शुरुआत के कारण हालांकि शुरुआती बढ़त महामारी के पक्ष में नजर आ रही है, लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं कि पिछली बार की तरह इस बार भी बहुत जल्द कोविड को पीछे धकेल दिया जाएगा। हमें यह देखना होगा कि पिछली बार की तुलना में इस बार कोविड-19 हमें ज्यादा नुकसान क्यों पहुंचा पा रहा है। इस बार देखा जा रहा है कि अपने बदले हुए स्वरूप में यह वायरस ज्यादा संक्रामक है, इस बार युवाओं और बच्चों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। हर परिवार में एक से ज्यादा सदस्य इस बार वायरस की चपेट में आ रहे हैं। वायरस की इसी आक्रमकता की वजह से पूरे देश में हालात तेजी से बिगड़े और संसाधनों की किल्लत होने लगी। यह तो तय है कि नयी आवश्यकताओं के अनुरूप शीघ्र ही नये संसाधनों का इंतजाम कर लिया जाएगा, लेकिन तब तक हो रहे नुकसान को टालना हम सबकी जिम्मेदारी है। सबसे ज्यादा जरूरी है कि परिवार में किसी को संक्रमण ही आशंका होते ही उसे आइसोलेटेड करते हुए टेस्ट कराया जाए ताकि दूसरे सदस्य सुरक्षित रह सकें। जिन सदस्यों की उम्र 45 वर्ष से अधिक है, उनका टीकाकरण करवाया जाए। मास्क का प्रयोग घर के भीतर भी किया जाए। बार-बार हाथों को धोया जाए। उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों का लाभ जरूरतमंद लोगों को मिल सके इसके लिए जरूरी है कि अस्पतालों में दाखिले के लिए आपाधापी न मचाई जाए। जिन लोगों का उपचार होम आइसोलेशन में रहते हुए हो सकता है, उन्हें ऐसा ही करना चाहिए। किसी भी दवा की खरीद और उसका उपयोग डाक्टर की सलाह पर ही किया जाना चाहिए, अनावश्यक रूप से की गई खरीदी से भी बाजार में दवाइयों की किल्लत हो सकती है और जरूरतमंद लोग उनसे वंचित हो सकते हैं। कोरोना से लड़ी जा रही इस दूसरी जंग में संसाधनों के साथ-साथ समझदारी भी एक प्रभावी हथियार साबित हो सकती है। हम लोगों ने पिछली जंग भी इसी समझदारी और एकजुटता के बल पर जीती थी। हालांकि इस समय परिस्थितियां बहुत विकट हैं, लेकिन हम सब मिलकर बहुत जल्द इन पर विजय पा लेंगे। हम सबके लिए एक-एक जान बहुत कीमती है, हमें इस दूसरी लहर के कारण मिले सामूहिक सदमे की स्थिति से शीघ्र ही बाहर आकर महामारी का मुकाबला पूरी ताकत के साथ करना ही होगा। निश्चित ही यह अंधकार छंटेगा और प्रकाश की नयी किरणें फूटेंगी।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में राज्य में कोरोना संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के संबंध में विचार विमर्श के लिए मुख्यमंत्री निवास में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल रूप से आयोजित सर्वदलीय बैठक प्रारंभ। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, स्वास्थ्य विभाग की अपर मुख्य सचिव सचिव रेणु जी.पिल्ले, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सामान्य प्रशासन विभाग और जनसम्पर्क विभाग के सचिव श्री डी. डी. सिंह, संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. प्रियंका शुक्ला, संचालक स्वास्थ्य नीरज बंसोड़ उपस्थित हैं।
 

 panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना से बिगड़े हालात के बाद से ही राज्य सरकार निशाने पर है. भाजपा सांसद सुनील सोनी ने भी सरकार पर हमला बोला है. सोनी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया है कि कोरोना के नाम पर शराब पर लगाए गए सेस और सेस से वसूले गए 400 करोड़ में एक रुपया भी खर्च नहीं किया। 
सांसद सोनी का कहना है कि यह महज एक आरोप नहीं है, बल्कि सच है. मैं इसमें कोई राजनीति भी नहीं कर रहा हूँ. मैं दावे के साथ कह रहा हूँ कि सरकार ने सेस के पैसे का इस्तेमाल कोरोना से बचाव के लिए नहीं किया है. सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए। 
रेमडेसिविर की कमी है- सुनील
उन्होंने रेमडेसिविर इंजेक्शन को लेकर कहा कि यह सही है कि छत्तीसगढ़ में कमी है. लेकिन कमी को दूर करने के लिए मैं व्यक्तिगत रूप से प्रयासरत् हूँ. केंद्र सरकार को लगातार छत्तीसगढ़ की स्थिति से अवगत करा हूँ. दिल्ली के अधिकारियों से सतत् संपर्क में हूँ. मैंने एचएलएल के प्रमुख राजेश्वर भी बात की है। 
जल्द कमी दूर होगी- सांसद सुनील
रेमडेसिविर बनाने वाली एक और कंपनी के प्रमुख बेनी से भी बात की है. साथ ही मैंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से भी आग्रह किया है कि वे भी इस दिशा में कंपनी प्रमुखों से बात करें. सांसद सोनी कहते हैं कि बीते दो दिनों से रेमडेसिविर की आपूर्ति होने लगी है. लेकिन अभी इंजेक्शन की आपूर्ति अपर्याप्त है. इससे और बढ़ाया जा रहा है. संभावना है कि अगले कुछ दिनों में कमी दूर कर ली जाएगी। 
 

 panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी से बड़ी खबर सामने आ रही है। स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता डॉ सुभाष पाण्डेय की कोरोना से मौत हो गई है। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ा है। सुभाष पांडेय कोरोना नियंत्रण अभियान के राज्य नोडल अधिकारी भी थे। जानकारी के मुताबिक ड्यूटी के दौरान ही शुक्रवार को उन्हें फीवर हुआ था, जिसके बाद शनिवार और रविवार को उनका घर पर इलाज चला सोमवार को उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। कल देर शाम उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया था।
 

 
 panchayattantra24.com, रायपुर।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारत के संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक, भारत रत्न डाॅ. भीमराव अम्बेडकर को आज उनकी 130 वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कोविड-19 के बचाव और रोकथाम के लिए लागू लाॅकडाउन के कारण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय कक्ष में संविधान निर्माता बाबा साहब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की । इसके साथ ही उन्होंने भारत के संविधान निर्माण और समता मूलक समाज के निर्माण, समाज के कमजोर वर्गाें और महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान को याद किया 
 उन्होंने बाबा साहब द्वारा कमजोर तबकों की शिक्षा, स्वावलंबन और सम्मान की स्थापना के लिए किए गए प्रयासों को और अधिक विस्तार देने का संकल्प दोहराया। भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में बाबा साहब के लाखों अनुयायी बाबा साहब का जन्मदिन उत्साह और श्रद्धा से मनाते हैं। कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण को देखते हुए सभी लाॅकडाउन का पालन करें और घर पर बाबा साहब का जन्मदिन मनाएं। यह बाबा साहब को हमारी सच्ची पुष्पांजलि होगी।
 

 
 panchayattantra24.com, रायपुर। रायपुर जिले में कोविड की चुनौतियों से मुकाबले में लगातार संसाधन झोंके जा रहे हैं. अब रायपुर में ही ऑक्सीजन बेड्स की संख्या 7 सौ बढ़ाई जा रही है । कुल बेड की संख्या में भी 2730 का इजाफा किया जा रहा है । बुधवार को इसमें 260 बिस्तरों का इजाफा हो जाएगा। 
रायपुर कलेक्टर डॉ एस भारती दासन के मुताबिक इस समय आयुर्वेदिक कॉलेज कोविड अस्पताल और कोविड केयर सेंटर लालपुर में ऑक्सीजन सुविधा वाले 4 -4 सौ बिस्तर मरीजों के उपचार की व्यवस्था की जा रही है ।इसी तरह अटारी स्थित साइंस कॉलेज में भी 3 सौ बिस्तरों का कोविड अस्पताल विकसित किया गया है जिसमें डेढ़ सौ बिस्तर ऑक्सीजन सुविधाओं के साथ हैं। दासन ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं सारी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब समाज सेवी संस्थाएं और विभिन्न वाणिज्यिक संस्थाएं भी इस महामारी से लड़ाई में आगे आ रहीं हैं. ऐसी संस्थाओं की तरफ से अभी 4 सौ बिस्तरों के आइसोलेशन सेंटर और कम से कम सौ बिस्तरों के ऑक्सीजन बिस्तरों की व्यवस्था हो चुकी है .कुछ औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा बैंक के सहयोग से जिला प्रशासन को 250 ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर तथा 3 सौ से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर मिले हैं। इनके अलावा आयुष विश्विद्यालय भवन में 3 सौ बिस्तरों के तथा नया रायपुर स्थित होटल मैनेजमेंट भवन में 5 सौ बिस्तरों के आइसोलेशन सेंटर की स्थापना की गई है. यह सारी सुविधाएं पहले ही मौजूद विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं के अतिरिक्त हैं. रायपुर के इंडोर स्टेडियम में भी 3 सौ बिस्तरों का आइसोलेशन सेंटर विकसित कर लिया गया है। 
प्रयास बालक छात्रावास सड्डू और प्रयास बालिका छात्रावास गुढयि़ारी में भी 300- 300 बेड की व्यवस्था की गई है। ई एस आई हॉस्पिटल रायपुर में भी कोविड केयर सेंटर बनाया गया है यहां 200 बेड की व्यवस्था है। जिसमें 100 बेड ऑक्सीजन सुविधाओं युक्त होंगे। इसी तरह वूमेन वर्किंग हॉस्टल कोविड केयर सेंटर फुण्डहर बनाया गया है जिसमें 270 बेड की व्यवस्था की जा रही है जिसमें 15 बेड ऑक्सीजन की सुविधा वाले हैं। दासन ने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है. उन्होंने नागरिकों से कोविड नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है और कहा है कि जिले में संसाधनों की कोई कमी नहीं है ।
 

 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना जांच के दाम को लेकर आ रहे शिकायतों और कोरोना जांच के नाम पर अधिक दाम लेने के मामले में संज्ञान लेकर स्वास्थ्य विभाग को वास्तविक जांच दर लागू करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना मरीजों और उनके परिजनों से कहा है कि वे अफवाह पर ध्यान नहीं दे। जो जांच के दाम निर्धारित है उसका ही भुगतान करें। पिछले 10 अप्रैल से लॉकडाउन के बाद निजी अस्पताल और पैथालॉजी लेबोटरीज में अनाप-शनाप जांच शुुल्क लेने की शिकायत लगातार मिल रही थी। जिस पर भूपेश सरकार ने तत्काल निर्णय लेकर आमजनता को राहत देने का फैसला लिया है। शिकायतों के निराकरण के लिए कलेक्टर ने जोन स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए है। मरीजों को कोई भी शिकायत हो तो तत्काल नोडल अधिकारी से संपर्क कर अपनी पीड़ा बता कर निराकरण करवा सकते है। 
 कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए राज्य शासन ने आम जनता को राहत देने की दृष्टि से निजी पैथोलॉजी लैबों और अस्पतालों में कोविड-19 की जांच के लिए आर टी पी सी आर तथा एंटीजन रैपिड टेस्ट की दरों में काफी कमी की है। निजी लैबों और अस्पतालों में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए 150 रूपए का शुल्क तय किया गया है। इसमें जांच, कन्जुमेबल्स, पीपीई किट इत्यादि शुल्क शामिल हैं। प्रदेश के लैबों/अस्पतालों में आर टी पी सी आर जांच के लिए 550 रूपए की दर निर्धारित की गई है। दोनों जांच के लिए संभावित मरीज के घर से सैंपल संकलित किए जाने पर अतिरिक्त शुल्क 200 रूपए लिए जाएंगे। ट्रूनाट टेस्ट के लिए जांच शुल्क 1300 और मरीज के घर जाकर लेने पर 200 रू अतिरिक्त लगेंगे। 
 निजी अस्पतालों में इलाज के लिए निर्धारित शुल्क राज्य शासन द्वारा निजी अस्पतालों में इलाज के लिए निर्धारित प्रतिदिन के शुल्क में पंजीयन शुल्क, बेड, नर्सिंग और बोर्डिंग चार्ज, सर्जन, एनेस्थेटिस्ट, डॉक्टर और कंसल्टेंट की फीस, एनेस्थेशिया, ब्लड-ट्रांसफ्यूजन, आक्सीजन, ओ.टी. चार्जेस, सर्जिकल उपकरणों का शुल्क, दवाई एवं ड्रग, मरीज के भोजन, प्रोस्थेटिक डिवाइस एवं इम्पलांट का खर्च शामिल है। मेडिकल प्रोसिजर, बेसिक रेडियोलॉजिकल इमेजिंग और एक्स-रे, सोनोग्राफी, हिमेटॉलॉजी पैथोलॉजी जैसे रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी टेस्ट भी इनमें शामिल है। हाई-एंड रेडियोलॉजिकल डाइग्नोस्टिक, हाई-एंड हिस्टोपैथोलॉजी (बायोप्सीज) और एंडवास्ड सिरोलॉजी इन्वेस्टीगेशन्स पैकेज अलग से एड-ऑन पैकेज के रूप में उपलब्ध कराया जा सकता है। 
 डेड-बॉडी के स्टोरेज एवं परिवहन के लिए अधिकतम ढाई हजार शासन द्वारा निर्धारित दरों में कोविड-19 की जांच, हाई-एंड मेडिसीन्स, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसे हाई-एंड डाइग्नोस्टिक टेस्ट तथा कोविड-19 मरीज की अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए किया जाने वाला प्रोसिजर शामिल नहीं है। अस्पताल डेड-बॉडी के स्टोरेज एवं परिवहन के लिए अधिकतम ढाई हजार रूपए ले सकेंगे। कोरोना मरीजों के इलाज के दौरान राज्य शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा आईसीएमआर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है। इनके उल्लंघन पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। राज्य शासन द्वारा निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए आदेश एपेडेमिक डिसीज एक्ट-1897 और छत्तीसगढ़ पब्लिक एक्ट-1949 के अंतर्गत जारी किया गया है। इस आदेश का उल्लंघन एपेडेमिक डिसीज एक्ट-1897 तथा छत्तीसगढ़ पब्लिक एक्ट-1949 के तहत दंडनीय होगा। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए प्रतिदिन 17 हजार रूपए आदेश में कहा गया है कि जिन पंजीकृत अस्पतालों में कोविड मरीजों का इलाज किया जा रहा है,वहां उपलब्ध कुल बिस्तरों में से 20 प्रतिशत बिस्तर डॉ खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के हितग्राहियों के लिए आरक्षित रखा जाएगा। गंभीर स्थिति वाले मरीजों के उपचार के लिए रोजाना 12 हजार रूपए का शुल्क निर्धारित किया गया है। इसमें बगैर वेंटिलेटर के आईसीयू सुविधा शामिल है। अति गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 17 हजार रूपए प्रतिदिन की दर निर्धारित की गई है। इसमें वेंटिलेटर के साथ आईसीयू सुविधा शामिल है। वहीं एन.ए.बी.एच. से गैर मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों के लिए मॉडरेट, गंभीर और अति गंभीर मरीजों के इलाज के लिए प्रतिदिन 6200 रूपए, दस हजार रूपए एवं 14 हजार रूपए का शुल्क निर्धारित किया गया है। निजी अस्पतालों में कोविड-19 के इलाज में होने वाला व्यय मरीज को स्वयं वहन करना होगा। हितग्राहियों के लिए 20 प्रतिशत बिस्तर आरक्षित मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर अब कोविड मरीजों के इलाज के लिए पंजीकृत निजी अस्पतालो में डॉ खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के हितग्राहियों के लिए 20 प्रतिशत बिस्तर आरक्षित रहेंगे। यह आरक्षण निजी अस्पतालों के कोविड उपचार यूनिट के जनरल वार्ड, एच डी यू बेड आक्सीजन सहित ,आई सी यू वेन्टीलेटर सहित और बिना वेन्टीलेटर के आई. सी. यू. में लागू होगा। इस संबंध में आज स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी किया है।