Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com, रायपुर। ये कोरोना सियासत है, जो बढ़ते संक्रमण के साथ गहरा असर दिखा रही है. पूर्व मुख्यमंत्री डाॅक्टर रमन सिंह ने ट्वीट कर भूपेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, यदि क्रिकेट मैच कराने की जिद न कि होती, तो आज राज्य की स्थिति भयावह नहीं होती. रमन के आरोपों के बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने उनके क्रिकेट प्रेम को सार्वजनिक कर दिया. जवाबी ट्वीट में कांग्रेस ने रमन और उनके बेटे पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की क्रिकेट टूर्नामेंट से जुड़ी कई तस्वीरें जारी की, जिन्हें रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट टूर्नामेंट के वक्त का ही बताया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ कोरोना संक्रमण को लेकर जबरदस्त राजनीति हो रही है. रोज कांग्रेस और भाजपा के नेता एक-दूसरे पर निशाना साधने में पीछे नहीं है. आज फिर एक बार दोनों ही दल के नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर जंग छिड़ी है. रमन सिंह ने ट्वीट कर राज्य में कोरोना के बढ़ते आंकड़ों का जिम्मेदार भूपेश सरकार को बताया. उन्होंने लिखा कि, यदि क्रिकेट कराने की जिद नहीं होती तो प्रदेश की स्थिति भयावह नहीं होती. उम्मीद है अब आपको यह याद रहेगा कि जनता ने आपको छत्तीसगढ़ की सेवा के लिए चुना है. असम में डेरा डालने और बेवजह के कार्यक्रम कराने की गलती फिर नहीं करेंगे. रमन का यह ट्वीट राज्य में कोरोना संक्रमण के भयावह आंकड़ों के बाद आया. शुक्रवार की रात जारी किए गए आंकड़ों में एक दिन में ही 11 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मरीज सामने आए, वहीं करीब सौ मरीजों की मौत हुई।
इधर पूर्व मुख्यमंत्री के ट्वीट पर कांग्रेस ने पलटवार किया. ऑफिशियल ट्विटर हैंडल INC Chhatisgarh से बैक टू बैक किए गए चार ट्वीट में रमन सिंह और उनके सांसद बेटे अभिषेक सिंह पर निशाना साधा गया. कांग्रेस ने कहा कि रमन सिंह क्रिकेट से कोरोना फैलने की बात कहते हैं, लेकिन खुद अपने बेटे अभिषेक सिंह के साथ क्रिकेट मैच का उद्घाटन करते हैं. कांग्रेस ने कहा कि रमन सिंह का झूठ पकड़ा गया।
कांग्रेस ने एक दूसरे ट्वीट में एक स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि, पूर्व मुख्यमंत्री डाॅक्टर रमन सिंह अफवाह फैला रहे हैं कि राज्य में कोरोना फैलने का कारण क्रिकेट मैच है. जबकि पिता-पुत्र दोनों ही मैच के उद्घाटनकर्ता और समापनकर्ता हैं. कांग्रेस ने रमन सिंह का वह वीडियो भी ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने एक उद्घाटन मैच में शाॅट लगाया था. कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि, उस वक्त ही जब रायपुर में क्रिकेट मैच हो रहा था, ये रात के अंधेरों में बल्ला चला रहे थे और कहते हैं कि मैच से कोरोना फैला।
पकड़े गए रमन सिंह
राज्य में रोड सेफ्टी टूर्नामेंट के बाद ही कोरोना बम फूटा और मरीजों की तादात दिनोंदिन बढ़ रही है. पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह ने लगातार कोरोना के बढ़ने आंकड़ों की वजह क्रिकेट को ही बताया है. अब कांग्रेस ने स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन में शामिल होने की उनकी तस्वीर जारी करते हुए हैशटैग पकड़े गए रमन सिंह चलाया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर मुख्य सचिव अमिताभ जैन से मुलाकात की. बीजेपी प्रतिनिधि मंडल ने कोरोना महामारी से राज्य में उत्पन्न भयावह स्थिति पर चर्चा की. संक्रमण की वर्तमान स्थिति और बचाव के उपायों पर सुझाव दिए. इसके अलावा कोविड-19 अस्पताल की संख्या बढ़ाने की मांग की. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, सांसद सुनील सोनी मौजूद रहे।
इस दौरान धरमलाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर मुख्य सचिव से मिलने के लिए आए थे. रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और बिलासपुर में संक्रमण का जो उसका विस्तार हो रहा है. इसे नियंत्रण करने की स्थिति नजर नहीं आ रही है. हमने मुख्य रूप से 3-4 बातों का उल्लेख किया है. उस संदर्भ में विस्तार से बातचीत की गई है।
बेड की संख्या की ऑनलाइन जानकारी दिखनी चाहिए
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बेड की संख्या कहां और कितनी है, उसकी ऑनलाइन जानकारी दिखनी चाहिए. ऑक्सीजन बेड कितने हैं ?. जो मरीज आ रहें हैं, उनके लिए टोल फ्री नंबर मालूम होना चाहिए. होम आइसोलेशन के मरीजों को कौन सी दवाई दी जा रही है. उसकी पूरी मॉनिटरिंग होनी चाहिए. इसके साथ ही अन्य विषयों को लेकर के भी चर्चा की गई है।
अजय चंद्राकर ने सरकार पर बोला हमला
अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी बैठक में कहा है कि समाज के सारे वर्ग के सामने हैं. सभी राजनीतिक दल सामने आए, लेकिन छत्तीसगढ़ की सरकार ने विपक्ष और दूसरे लोगों से भी कोई चर्चा नहीं की है. कोई समाज प्रमुखों से उन्हें चर्चा नहीं की है. केंद्र सरकार से वेंटिलेटर दिए गए हैं, लेकिन इनकी लगाने की हिम्मत नहीं हो रही है. राज्य सरकार जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है. मानवता के ऊपर आज तक का सबसे बड़ा संकट है, लेकिन सरकार यह पैसा दूसरे मद में खर्च कर रही है।
राज्य सरकार मुंह चुरा रही
अजय चंद्राकर ने कहा कि हम सरकार को दूसरे मद में कोरोना का पैसा खर्च नहीं करने देंगे. सरकार अगर खर्च करेगी तो हम न्यायालय के माध्यम से पूरी कैबिनेट से वसूल करेंगे. सरकार आत्मविश्वास खो चुकी है. जनता का सामना करने में उनसे बातचीत करने में असफल रही है. राज्य सरकार मुंह चुरा रही है।
केंद्र से आपको क्या मदद चाहिए ?
सांसद सुनील सोनी कहा कि मुख्य सचिव ने बुलाया नहीं था, हम स्वयं उनके पास मुलाकात करने पहुंचे थे. केंद्र से आपको क्या मदद चाहिए. हम सारी मदद के लिए बात किए हैं. 230 वेंटिलेटर आए हैं. 1 साल हो गया अब लगा नहीं पा रहे हैं, जो लगा सकता है. उनको दे दीजिए. यह वेंटिलेटर आज के ही लिए आया है, बाद के लिए नहीं आया है. जब पूरा छत्तीसगढ़ संक्रमित है. हमने बहुत सारे अस्पताल बताएं हैं. उसको शुरू करने के लिए सुझाव दिए हैं।
बृजमोहन अग्रवाल का बयान
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज वेंटिलेटर बेड नहीं मिल रहे हैं. ऑक्सीजन नहीं मिल रहे हैं. क्वॉरेंटाइन सेंटर शुरू नहीं हुआ है, जो व्यवस्था उपलब्ध है. उसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है. अगर किसी को कोई वेंटिलेटर की जरूरत है, तो किससे संपर्क करें. किसी को टेस्ट कराना है, तो किससे संपर्क करें. टेस्टिंग की चीज नहीं बढ़ाई गई है. हमने इस बात को लेकर कलेक्टर से भी मुलाकात की है।
panchayattantra24.com, रायपुर। संभाग के आयुक्त ए कुलभूषण टोप्पो ने रायपुर जिले और रायपुर संभाग के सभी नागरिकों से कोरोना के नियंत्रण और रोकथाम के लिए सहयोग की अपील की है। कमिश्नर ने कहा है कि बड़ी संख्या में नागरिक कोरोना से प्रभावित हुए है और हमने अपने कई परिजनों, साथियों, परिचितों को खोया है। यह स्थिति अभूतपूर्व है और ऐसे में हर व्यक्ति के लिए जरूरी हो गया है कि वे इस बीमारी के प्रति अपनी समझ बढ़ाए, कोरोना की रोकथाम के अनुरूप अपना व्यवहार अपनाएं जैसे मास्क लगाना, कम से कम 6 फीट की दुरी बना कर रखें और सेनेटाइजर का उपयोग करें।
कोरोना महामारी के नियंत्रण एवं रोकथाम की दृष्टि से 9 अपे्रल की शाम से 19 अप्रेल की सुबह तक 10 दिवस के लिए रायपुर जिले के संपूर्ण क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। उन्होंने रायपुर जिले की शहरी एवं ग्रामीण सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे कोरोना गाइडलाइन और लाॅकडाउन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। सभी नागरिक घर में रहें और अपने साथ अपने परिवार को सुरक्षित रखें। ऐसे प्रयासों से कोरोना के चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा है कि लक्षण आने पर कोरोना का टेस्ट अवश्य कराएं तथा 45 वर्ष की आयु से नागरिक कोरोना का टीका भी लगवाएं। लाकडाउन के दौरान भी शासकीय चिकित्सालयों में कोरोना टेस्ंिटग और वैक्सिनेशन की कार्य निःशुल्क होता रहेगा। पात्र नागरिक अपना आई कार्ड और आधार कार्ड दिखाकर चिकित्सालय आ सकते है। रायपुर जिले में जहां होम आईसोलेशन की व्यवस्था की गई है वहीं 12 नए कोरोना केयर सेंटर बनाकर करीब दौ हजार सात सौ बेड की व्यवस्था भी बढ़ायी जा रही है। जिले के सभी विकासखंडों में भी 100-100 बेड की व्यवस्था की जा रही है। कमिश्नर ने कहा है कि कोरोना से बचाव के लिए यह जरूरी है कि हम शासन प्रशासन, और चिकित्सा स्टाफ को सही-सही जानकारी दें। सही जानकारी नही मिलने पर ना केवल ऐसे नागरिक अपने जीवन के प्रति संकट पैदा करेंगे बल्कि अपने घर-परिवार, मित्रों और परिचितों के लिए खतरा बनेंगे। इस लिए कोटेक्ट टेªसिंग टीम और घर घर सर्वेक्षण करने आए सर्विलांस टीम को पूरी और सही जानकारी दें।

panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव तथा कोरोना संकट के दौर में आर्थिक गतिविधियों के संचालन के संबंध में आज राजधानी रायपुर के विभिन्न मीडिया संस्थानों के सम्पादकों के साथ वर्चुअल बैठक में विचार-विमर्श किया और उनके सुझाव मांगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में कोरोना संक्रमण में आई हुई तेजी चिंताजनक है। राज्य सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण की रोकथाम और मरीजों के इलाज के लिए सभी आवश्यक उपाय और प्रबंध दिए जा रहे हैं। सामाजिक संगठनों का भी इसमें सहयोग लिया जा रहा है। श्री बघेल ने मीडिया से कोरोना संक्रमण से बचाव और कोरोना टीकाकरण अभियान के संबंध में जनजागरूकता हेतु सहयोगी की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आपदा का समय है, इसलिए निजी अस्पतालों को मरीजों के इलाज में मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि प्रदेश में वैक्सीनेशन, टेस्टिंग और मरीजों के इलाज के लिए बेहतर से बेहतर प्रबंध किए गए हैं। राज्य सरकार का पूरा प्रयास है कि मरीजों को राहत मिले। वेन्टीलेटर और ऑक्सीजन बेड की कमी नहीं है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए फंड की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में कोविड-19 की टेस्टिंग और इलाज के लिए दरें तय करने की पहल की जाएगी। इसी तरह रेमडेसिवियर इंजेक्शन की दरें भी तय किए जाएंगे। शासकीय और निजी अस्पतालों में रेमडेसिवियर की 4500 डोज उपलब्ध है, राज्य सरकार का प्रयास है कि जरूरतमंदों को इस दवाई की डोज मिल सके। कोरोना जांच, इलाज तथा कोरोना टीकाकरण की सुविधा बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जी से वैक्सीनेशन की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष निर्धारित करने का उन्होंने अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण की वर्तमान स्थिति को देखते हुए शिक्षा मंत्री को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए टेस्टिंग बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने बैठक में सम्पादकों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बाहर से आने वाले लोगों के लिए क्वारेंटिन सेंटर प्रारंभ करने के सुझाव पर विचार करने का आश्वासन दिया। राज्य सरकार का यह भी प्रयास होगा कि टेस्ट की रिपोर्ट लोगों को जल्द मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि एयरपोर्ट और रेल्वे स्टेशनों में बाहर से आने वाले लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट प्रारंभ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के भिलाई के ऑक्सीजन प्लांट से ऑक्सीजन सप्लाई की पहली प्राथमिकता छत्तीसगढ़ के लिए होगी। अन्य सेवाओं में कार्यरत डॉक्टरों की सेवाएं भी कोविड-19 के इलाज और प्रबंधन में ली जाएंगी। प्रदेश में ऑक्सीजन बेड की संख्या तेजी से बढ़ाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। मेडिकल स्टाफ की कमी को पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नर्सिंग के पास आउट विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देकर उनकी सेवाएं भी ली जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले सोलह माह से हम सभी के सहयोग से कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। लोगों को मास्क का प्रयोग करने, सामाजिक दूरी का पालन करने, हाथों की साफ-सफाई और सेनेटाइजर का उपयोग करने जैसे कोविड-19 अनुरूप व्यवहार को अपनाने के लिए सबके सहयोग से जनजागरण करने की जरूरत है। राज्य सरकार की इस दिशा तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान गरीबों के भोजन, राशन की व्यवस्था सामाजिक संगठनों और प्रशासन के सहयोग से की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कोविड संक्रमण की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में पॉजिटीविटी दर माह मार्च 2021 में एक प्रतिशत की जो 7 अप्रैल को बढ़कर 24 प्रतिशत हो गई है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुन्द और बेमेतरा प्रदेश के सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी दर वाले जिले हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश के कुछ गिने-चुने राज्यों में से है जहां प्रति दस लाख में सबसे ज्यादा लोगों की टेस्टिंग हो रही है। वर्तमान में टेस्टिंग का दैनिक औसत 39 हजार 4 है। छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन 10 लाख आबादी पर 1435 टेस्ट किए जा रहे हैं जबकि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिदिन 10 लाख आबादी पर 929 टेस्ट किए जा रहे हैं। माह अक्टूबर 2020 में आरटीपीसीआर जांच का प्रतिशत 26 प्रतिशत था, जो अप्रैल 2021 में बढ़कर 40 प्रतिशत हो गया है। कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए राज्य शासन द्वारा 36 विशेषीकृत कोविड अस्पतालों और 66 कोविड केयर सेंटर्स की स्थापना की गई है। प्रदेश के 78 निजी अस्पतालों में भी इलाज की अनुमति दी गई है। जिनमें कुल 16 हजार 207 बिस्तरों की व्यवस्था है, जिनमें 3446 ऑक्सीजन सुविधा वाले, 902 एचडीयू और 1167 आईसीयू बिस्तर शामिल है। मुख्यमंत्री ने कोविड टीकाकरण कार्य की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 8 अप्रैल 2021 तक राज्य में कुल 37 लाख 27 हजार 552 वैक्सीन डोज दी जा चुकी है। 87 प्रतिशत हेल्थवर्कर, 84 प्रतिशत फ्रंटलाइन वर्कर और 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 43 प्रतिशत हितग्राहियों को टीकाकरण की प्रथम डोज दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 207 कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं। जहां घर-घर जाकर एक्टीव सर्विलेंस और टेस्टिंग की जा रही है।

panchayattantra24.com,रायपुर। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कमला साहू के साथ रायपुर मेडिकल कॉलेज पहुँचकर कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लिया। मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि शासन द्वारा फ्रंटलाइन वर्कर्स और 45 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को प्राथमिकता क्रम में निःशुल्क टीके लगाए जा रहे हैं। गृह मंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे पात्रता अनुसार टीका अवश्य लगवाएं। मंत्री साहू ने बताया कि टीका लगाने के बाद उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोविड-19 संक्रमण के दिशा-निर्देशों का सभी लोग कड़ाई से पालन करें। लॉक डाउन में अनावश्यक बाहर न निकलें, मास्क अनिवार्य रूप से पहने, साबुन और सैनिटाइजर से हाथ धोते रहें, भीड़ वाली जगहों पर फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करें। कुछ भी लक्षण दिखाई देने पर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें और अपना कोविड जाँच अवश्य कराये। उन्होंने कहा है कि सभी के सहयोग से ही हम कोरोना को हरा पाएंगे।

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश में बढ़ते संक्रमण को लेकर BJP ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है. BJP ने जवान की रिहाई के लिए नक्सलियों के खिलाफ ठोस रणनीति नहीं बना पाने पर सरकार को घेरने की कोशिश की है. हालांकि कोबरा जवान राकेश्वर की सकुशल रिहाई पर खुशी भी जाहिर की है।
दरअसल, गुरुवार को बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई. इस बैठक में BJP प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक बृजमोहन अग्रवाल समेत पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण का प्रकोप बढ़ रहा है. राज्य सरकार को इसकी चिंता होनी चाहिए थी. कई अस्पतालों में बिस्तर, वेंटीलेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी है. इन सभी मुद्दों पर बैठक में गहन चिंता की गई है. आने वाले समय पर राज्यपाल से हमारा एक डेलिगेशन मुलाकात कर उनसे चर्चा करेगा. साथ ही नगरीय निकाय का चुनाव होना है. उस विषय पर भी चर्चा की गई है।
क्रिकेट मैच बड़ी चूक
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार शुरू से कोरोना वायरस को रोकने में फेल है. दूसरी चूक क्रिकेट मैच है. यह सरकार की तरफ से बड़ी गलती हुई है. कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर गांव-गांव में इसीलिए फैला है।
सरकार ने नहीं बनाई ठोस रणनीति- साय
BJP प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने जवान राकेश्वर की रिहाई को लेकर कहा कि जवान की सकुशल रिहाई हुई, यह बहुत अच्छी बात है. नक्सलियों से लड़ने के लिए सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है. छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से नक्सली वारदात की समस्याएं और बढ़ गई हैं. सरकार के पास इनसे लड़ने कोई ठोस नीति नहीं है।
जवान की रिहाई से हुई खुशी- रमन
पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि जवान की रिहाई की खबर सुनकर बहुत खुशी हुई है. उनके परिवार के चेहरे पर दुख और चिंता देख रहा था. इस पूरी प्रक्रिया में जिन लोगों ने भी हिस्सा लिया. धर्मपाल सैनी और बाकी लोग जिन्होंने मध्यस्था में सहयोग किया है. उन सभी को धन्यवाद दूंगा. जिन्होंने इस पूरे प्रकरण में इनको निशर्त रिहाई के लिए माहौल बनाया है. राज्य सरकार की तरफ से ऐसी कोई पहल देखने को नहीं मिल रही थी. सरकार तो 6 दिन में रणनीति ही बनाते रह गई।
केंद्र को कर रही बदनाम कांग्रेस- कौशिक
प्रदेश में बढ़ते संक्रमण पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को लेकर आज पूरा प्रदेश चिंतित हैं. केवल प्रदेश नहीं, बल्कि हमारे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भी छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र को लेकर के चिंतित हैं. जिस प्रकार से यहां पर लगातार केंद्र सरकार को बदनाम करने का और भ्रम फैलाने का काम किया जा रहा है. वह पूरी तरह गलत है।
संक्रमण को रोक पाने में सरकार अक्षम
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कार्यप्रणाली के कारण छत्तीसगढ़ में वैक्सीन की कमी दिखाई दे रही है. जिस तेजी के साथ प्रदेश में संक्रमण का फैलाव हो रहा है. राज्य सरकार निर्णय लेने की स्थिति में नहीं है. छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण को फैले एक साल से ऊपर हो गए, लेकिन सरकार न ही वेंटीलेटर की संख्या बढ़ा पा रही हैं, न ही ऑक्सीजन बेड की संख्या बढ़ा पा रही हैं. कोरोना संक्रमण को रोक पाने में यह सरकार अक्षम साबित हुई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। कलेक्टर रायपुर डाॅ. एस. भारतीदासन ने बताया कि रायपुर जिले में कोरोना के प्रभावी रोकथाम एवं नियंत्रण की दृष्टि से जहां मेडिकल काॅलेज, एम्स, आयुर्वेदिक काॅलेज, लालपुर और माना में कोविड केयर सेंटर संचालित है. वहीं 12 नए कोविड केयर सेंटर बनाने का कार्य तेजी से संचालित है. इससे जिले में 760 ऑक्सीजन सुविधायुक्त बेड की व्यवस्था बढ़ेगी तथा करीब 2730 बेड की व्यवस्था होगी।
कलेक्टर ने बताया कि वूमेन वर्किंग हाॅस्टल फुंडहर के कोविड केयर सेंटर में 270 बेड की व्यवस्था होगी जिसमें 15 बेड ऑक्सीजन की सुविधा युक्त होंगे. इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, नया रायपुर और आयुष विश्वविद्यालय के कोविड केयर सेंटर में 4-4 सौ बेड की व्यवस्था होगी. हीरापुर कोविड केयर सेंटर में 300 बेड की व्यवस्था होगी, जिसमें 15 ऑक्सीजन सुविधायुक्त बेड होंगे। रायपुर के इंडोर स्टेडियम में 260 बेड की व्यवस्था होगी, जिसने 50 बेड ऑक्सीजन सुविधायुक्त होंगे।
प्रयास बालक छात्रावास सद्दू एवं प्रयास बालिका छात्रावास गुढ़ियारी में 3-3 सौ बेड की व्यवस्था होगी. ई एस आई हॉस्पिटल, रायपुर में भी कोविड केयर सेंटर बनाया जा रहा है. यहां 200 बेड की सुविधा होगी जिसमें 100 बेड ऑक्सीजन सुविधायुक्त रहेंगे है।
कलेक्टर ने बताया कि रायपुर जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में 100 बेड की क्षमता वाले कोविड केयर सेंटर की व्यवस्था की जा रही है. इन सेंटर में 20-20 ऑक्सीजन युक्त बेड होंगे. इसके अलावा कोविड केयर सेंटर लालपुर में ऑक्सीजन की सुविधायुक्त 100 बेड और आयुर्वेदिक कॉलेज के कोविड केयर सेंटर में 400 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की जा रही है।
कलेक्टर ने बताया कि रायपुर जिले में 46 कंटेनमेंट जोन बनाये गए है. जहां 5 या 5 से अधिक कोरोना प्रभावित नागरिक पाये गए है. उन्होंने बताया कि रायपुर जिले में 100 एक्टिव सर्विलेंस की टीम घर-घर पहुंचकर सर्वेंक्षण करने के साथ कोरोना से बचाव एवं नियंत्रण के लिए कार्य कर रही है।
कलेक्टर ने बताया कि टेस्टिंग के दौरान सेंटरों में 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग का एंटीजन टेस्ट पॉजिटिव होने पर उन्हें सीधे हॉस्पिटल भेजने और उनके ईलाज की व्यवस्था की जा रही है. इसी तरह होमआइसोलेशन के मरीजों को उनके घर तक पहुंचकर मेडिसिन देने की सुविधा दी जा रही है. होम आइसोलेशन के मरीजों को आपात स्थिति में अस्पताल तक पहुंचाने के लिए 10 इमरजेंसी वाहन की व्यवस्था की गई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 अप्रैल से बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ हो रही है लेकिन रायपुर में 9 अप्रैल शाम से 10 दिन के लिए लॉकडाउन लगाया गया है. ऐसे में परीक्षा सेंटर तक पहुंचने लिए शिक्षकों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश का पालन करना होगा, जिसके लिए गाइड लाइन जारी की गई है।
जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आफ आईन मोड में निर्धारित समय सारिणी अनुसार आयोजित की जाएगी. कोरोना संक्रमण से बचाव रखते हुए निम्ननुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें-
1. रायपुर जिले में दिनांक 9.04 2021 से 19.04.2021 तक सम्पूर्ण जिले में लॉकडाउन के दौरान परीक्षा कार्य में लगे अधिकारी कर्मचारियों को ड्यूटी आदेश दिखाये जाने पर उन्हें घर से परीक्षा केन्द्र तक आने एवं जाने की अनुमति होगी।
2. परीक्षा केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष को थाने से प्रश्न पत्र प्राप्त कर केन्द्र तक ले जाने के लिए भी केन्द्राध्यक्ष द्वारा जारी आदेश ड्यूटी के दौरान अपने पास रखना होगा।
3. परीक्षार्थियों के लिए माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी प्रवेश पत्र घर से परीक्षा केन्द्र आने एवं जाने के लिए मान्य होगा।
4. परीक्षा केन्द्र में विभिन्न अत्यावश्यक कार्य में लगे पर्यवेक्षक एवं अन्य स्टाफ को केन्द्राध्यक्ष द्वारा जारी ड्यूटी आदेश साथ में रखना होगा. साथ ही कर्मचारी अपना परिचय पत्र भी साथ रखें. मण्डल द्वारा प्राप्त आदेश एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश की प्रति उक्त परीक्षा कार्य हेतु मान्य होगा।


panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सुबह 10:30 बजे अपने रायपुर निवास परिसर में यूनिसेफ की ‘रोको अउ टोको’ परियोजना के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इसके बाद भूपेश बघेल मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 11:10 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर पहुंचेंगे और वहां वैक्सीन लगवाएंगे।

panchayattantra24.com, रायपुर। देश में कोरोना की बढ़ती रफ्तार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं. इस दौरान कोरोना की विकराल स्थिति और वैक्सीनेशन पर चर्चा होगी. बताया जा रहा है कि इस बैठक में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शामिल नहीं हो रही हैं. कोरोना की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए कई राज्यों ने नाइट कर्फ्यू लगा दिया है. इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आज प्रदेशों और केंद्र शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर रहे हैं. इस दौरान हालात की समीक्षा के बाद आगे की रणनीति की चर्चा करेंगे. इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने रायपुर स्थित निवास से शामिल हुए।
हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान के अलावा केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक कर कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी की समीक्षा की थी।