Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। संस्कृति मंत्री  अमरजीत भगत ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में पुरखौती मुक्तांगन के समीप नवा रायपुर में प्रस्तावित फिल्म सीटी के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। फिल्म सीटी का निर्माण 115 एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा। मंत्री भगत ने संस्कृति विभाग के काम-काज की समीक्षा के दौरान कलाकारों को अनुदान छत्तीसगढ़ फिल्म नीति, फिल्म विकास निगम, कलाकारों को आर्थिक सहायता आदि की समीक्षा की। उन्होंने इन कार्यो में विभाग को आबंटित बजट और व्यय की जानकारी ली।
    बैठक में अधिकारियों ने बताया छत्तीसगढ़ फिल्म नीति बना ली गई है। इस वर्ष 250 कलाकारों को सहायता दी गई है। विभाग द्वारा विभिन्न दुर्लभ वाद्ययंत्र बनवाया गया और लगभग 100 मांदर का वितरण भी कलाकारों मंे किया गया है। विभाग द्वारा शोध संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया है। बैठक में संस्कृति विभाग के सचिव श्री अन्बलगन पी., संचालक श्री विवेक आचर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बस्तर अंचल में भी गौठानों को मल्टी-यूटिलिटी सेंटर के रूप में विकसित करने किया प्रेरित
 
 
 panchayattantra24.com,रायपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने रायपुर और दुर्ग जिले के गौठानों के अध्ययन भ्रमण पर आए दंतेवाड़ा के गौठान समितियों व स्वसहायता समूहों के सदस्यों से चर्चा की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई चर्चा में बस्तर अंचल में भी गौठानों को स्वरोजगार के लिए मल्टी-यूटिलिटी सेंटर (एकीकृत सुविधा केंद्र) के रूप में विकसित करने के लिए अध्ययन दल को प्रेरित किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री से प्रतिनिधियों ने अपने अध्ययन यात्रा के अनुभव साझा किए।
दंतेवाड़ा जिले के गौठान समितियों और महिला स्वसहायता समूहों का 25 सदस्यीय दल मैदानी क्षेत्र रायपुर और दुर्ग के गौठानों के अध्ययन भ्रमण पर पहुंचा है। वे मॉडल गौठानों का अवलोकन कर वहां विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियां संचालित कर रहीं स्वसहायता समूहों व गौठान समितियों से चर्चा कर इनके प्रबंधन एवं संचालन की जानकारी ले रहे हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री सिंहदेव ने अध्ययन दल के सदस्यों को बस्तर संभाग के सभी जिलों में भी गौठानों को मॉडल गौठान के रूप में विकसित करने कहा। उन्होंने अध्ययन दल की महिलाओं द्वारा अपने गौठानों में भी वर्मी कंपोस्ट, दोना-पत्तल, गमला व दीया निर्माण तथा मछलीपालन, मुर्गीपालन और बकरीपालन जैसी गतिविधियां शुरू करने की इच्छा व्यक्त करने पर विभाग द्वारा हर तरह की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
श्री सिंहदेव ने अध्ययन दल से कहा कि हर गौठान में पांच काम शुरू किए जाएंगे जिससे ग्रामीणों को आमदनी हो। महिला स्वसहायता समूहों को भी इसके माध्यम से रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने दल के सदस्यों को अपने-अपने गौठान की कार्ययोजना की जानकारी अपने कलेक्टर को देने कहा। श्री सिंहदेव ने दंतेवाड़ा के अधिकारियों से चर्चा कर उनकी कार्ययोजना को मूर्तरूप देने पहल करने की बात कही। उन्होंने दल से गौठानों में गोबर खरीदी, वनोपज संग्रहण और वनोपज खरीदी की भी जानकारी ली।
बस्तर क्षेत्र के ग्रामीणों को कृषि गतिविधियों में नवाचार अपनाने, गोधन न्याय योजना को बेहतर ढंग से समझाने तथा उन्नत कृषि को अपनाने के लिए प्रेरित करने मैदानी क्षेत्रों के गौठानों का अध्ययन भ्रमण कराया जा रहा है। इसके लिए कांकेर, सुकमा, बीजापुर, बस्तर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले के गौठान समितियों और स्वसहायता समूहों के 25-25 सदस्यों को बुलाया जा रहा है। दंतेवाड़ा से पहुंचे दल ने अपने अध्ययन प्रवास के पहले दिन रायपुर जिले के नवागांव और बैहार गौठान, सेरीखेड़ी मल्टी-यूटिलिटी सेंटर एवं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कृषि संग्रहालय का अवलोकन किया। वहीं दूसरे दिन उन्होंने दुर्ग जिले में सिकोला, केसरा, बोरेन्दा, कौही और कुर्मीगुंडरा गौठान के साथ ही बोरेंदा में सोलर सामुदायिक उद्वहन सिंचाई की व्यवस्था देखी।

panchayattantra24.com,रायपुर। होली में अपराधियों पर कड़ी नजर रहेगी. उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इससे पहले ही 20 चाकू जब्त किया गया है. यह जानकारी एएसपी लखन पटले ने दी है. उन्होंने आज होली के मद्देनजर सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली. इस दौरान होली में चाकूबाजी, मारपीट, नशीले कारोबार एवं अन्य घटनाओं की रोकथाम करने के निर्देश दिए है। 
साथ ही ऑनलाइन साइट्स से चाकू मंगाने वालों की तस्दीक कर चाकू जमा करवाने के भी थाना प्रभारियों को निर्देश दिये गए हैं. बैठक में शहर के सभी सीएसपी और टीआई मौजूद रहे। 
एडिशनल एसपी शहर लखन पटले ने बताया कि होली त्योहार को देखते हुए बैठक आयोजित की गई थी. इसमे एसएसपी द्वारा जो निर्देश दिए गए है उसकी जानकारी दी गई है. किसी भी रूप में संदिग्ध और अपराधी है जो इस होली त्योहार के दौरान उपद्रव कर सकते है, उन पर सख्त कार्रवाई की जाए. वर्तमान में जो ऑनलाइन साइट्स से चाकू मंगाने वालों की जानकारी मिली है. उसकी तस्दीक कर चाकू जमा करवाने सभी को कहा गया है. हमारा अभियान जारी है. कल 20 चाकू जब्त किया गया है। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विपक्ष के सड़क आतंकवाद के बयान पर पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिस ढंग से सरकार बनने के बाद योजना बनाई, उसके बाद उनके पास कोई मुद्दा ही नहीं है. विपक्ष को जबरदस्ती का विरोध करना है इसलिए कुछ भी बोलते हैं । 
चंद्रखुरी में माता कौशल्या मंदिर परिसर में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करने के लिए रवाना होने से पहले मंत्री ताम्रध्वज साहू पत्रकारों से रू-ब-रू हुए. इस दौरान उन्होंने विपक्ष के सड़क दुर्घटनाओं के आरोप को लेकर कहा कि पिछले 1 साल में सड़क में गड्ढे की बात सामने नहीं आई. हम बारिश से पहले और बारिश के बाद भी सड़क का मरम्मत करते हैं. जहां तक दुर्घटना की बात सामने आ रही है, उसकी वजह सड़क ही हो ये जरूरी नहीं । 
 

 
panchayattantra24.comरायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के आर्थिक प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों व जिला संयोजकों की नए सिरे से नियुक्ति की गई है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय व संगठन के प्रदेश महामंत्री पवन साय की सहमति से प्रकोष्ठ के संयोजक राजेश अग्रवाल ने नियुक्ति की है । 
(छत्तीसगढ़) भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के रायपुर जिला शहर का संयोजक सालिक राम नागलिया, रायपुर ग्रामीण संयोजक विजय गोयल के अलावा दुर्ग संयोजक प्रहलाद रूंगटा, बिलासपुर संयोजक सत्येंद्र जैन को नियुक्ति किया गया है. इसके अलावा प्रदेश के तमाम जिलों के लिए भी संयोजक नियुक्त किए गए हैं । 
 
 
 
 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। इंडोर स्टेडियम में चल रहे छत्तीसगढ़ साहित्य महोत्सव एवं 19वें राष्ट्रीय किताब मेले के पांचवे दिन बुधवार को हिंदी के जाने माने लेखक नीलोत्पल मृणाल एवं हिंदी युग्म प्रकाशन के संपादक शैलेष भारतवासी के साथ परिचर्चा का आयोजन किया गया. पत्रकार प्रफुल्ल ठाकुर और सनी चंचलानी ने मेहमानों से बातचीत की। 
परिचर्चा के दौरान नई वाली हिंदी पर नीलोत्पल ने कहा कि नई वाली हिंदी नए लेखकों के लिए टैग लाइन है. नई वाली हिंदी का अर्थ भाषा या शिल्प के साथ छेड़छाड़ नहीं है. नई वाली हिंदी के माध्यम से हमने पाठकों तक और सहजता से पहुंच रहे हैं. आज के दौर में अगर लिखा जा रहा है तो पात्र जिस भाषा में बात कर रहे हैं उसी के अनुरूप है. नई वाली हिंदी सिर्फ प्रकाशकों के लिए नहीं, पठनीयता के लिए है। 
अपनी किताब औघड़ के बारे उन्होंने कहा कि औघड़ अपने समय के गांव को देखा जाने वाला साहित्य है. अवघड़ में गांव के वही दृश्य है, जो प्रेमचंद, रेणु या श्रीलाल शुक्ल के लिखित उपन्यासों और कहानियों के गांव हैं. बस उसके दिखाने का तरीका बदला है. बुनियादी समस्याओं के साथ तकनीकी विकास भी औघड़ में है। 
बेस्ट सेलर के सवाल पर उन्होंने कहा कि बेस्ट सेलर को लेकर फर्जीवाड़ा है. मेरा मानना है कि जब तक कोई किताब की प्रति 50 हजार न बिक न जाए तब तक वह बेस्ट सेलर नहीं है. हिंदी बेस्ट सेलर अभी दूर की कौड़ी है. नो टू फ्री कैम्पेन के सवाल पर नीलोत्पल ने समर्थन करते हुए कहा कि लेखन एक प्रोफेशन है अन्य प्रफेसन की तरह. इसलिए उसे उसकी मेहनत का मूल्य मिलना चाहिए। 
हिंदी की तुलना में अंग्रेजी के लेखक अधिक पापुलर हैं और उनकी किताबें ज्यादा बिकती हैं, इस सवाल पर नीलोत्पल ने कहा कि अंग्रेजी में साधना नहीं है. हिंदी में लेखक को साधना से जोड़ दिया गया है. अंग्रेजी का लेखन प्रफेशनल है. हिंदी में आदर्शवादिता का चोला है, जो होना नहीं चाहिए था, लेकिन है. इसी को तोड़ने की कोशिश नई हिंदी के लेखक कर रहे हैं. हिंदी में फिजियोथेरेपी है लेखन. लेखन की आजीविका क साधना बोलना गलत है। 
लेखक को अपने लेखन की परख खुद करना चाहिए- शैलेश
हिंदी युग्म के प्रकाशन के संपादक शैलेष भारतवाशी ने कहा कि अगर आप स्वयं के आलोचक हैं तो मानकर चलिए आप जीवन में बेहतर करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं. किसी भी लेखक या रचनाकार को अपने लेखन की परख खुद करनी चाहिए. हिंदी युग्म नए लेखकों को मौका देता है. लेकिन लेखक को अपने लेखन पर पहले यकीन होना चाहिए. तभी वह लेखक बन सकता है। 
 
 

 
 
panchayattantra24.com, रायपुर। प्रदेश में मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान और मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के इन दोनों अभियानों की बदौलत मलेरिया पीड़ितों की संख्या में तेजी से गिरावट आई है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश की एपीआई  में सर्वाधिक 4.04 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।
भारत सरकार द्वारा जारी एपीआई रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2015 में यहां प्रति एक हजार की आबादी में औसत 5.21 व्यक्ति मलेरिया से पीड़ित होते थे। बीते पांच वर्षों में घटकर अब यह मात्र 1.17 हो गई है। वर्ष 2005 में प्रदेश में प्रति एक हजार की जनसंख्या में मलेरिया के मरीजों की औसत वार्षिक संख्या आठ, 2010 में 6.14 और 2015 में 5.21 थी, जो अब घटकर केवल 1.17 हो गई है।
तीन चरणों में चला मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान
मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग के सातों जिलों में घर-घर जाकर पहले चरण में 14 लाख छह हजार, दूसरे चरण में 23 लाख 75 हजार और तीसरे चरण में दस लाख 58 हजार लोगों की मलेरिया जांच की गई है। इस दौरान पहले चरण में मलेरिया पीड़ित पाए गए 64 हजार 646, दूसरे चरण में 30 हजार 076 तथा तीसरे चरण में 14 हजार 828 लोगों का तत्काल उपचार किया गया था।
मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की मिली प्रेरणा
मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान की कामयाबी के बाद पूरे प्रदेश को मलेरिया से मुक्त करने मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की शुरूआत की गई है। इसके तहत सरगुजा संभाग में पहले चरण में तीन लाख 70 हजार लोगों की मलेरिया जांच कर पॉजिटिव पाए गए लोगों का मौके पर ही इलाज शुरू किया गया था। मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत दिसम्बर-2020 एवं जनवरी-2021 में बस्तर व सरगुजा संभाग के 2309 गांवों के कुल 14 लाख 27 हजार 358 लोगों की मलेरिया जांच की गई थी।

 
 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को एक दिवसीय तकनीकी एवं यंत्र प्रदर्शन मेला का आयोजन किया गया। तकनीकी एवं यंत्र प्रदर्शन मेले में खेत की जोताई से लेकर फसलों की कटाई एवं गहाई तक में उपयोग होने वाले कृषि यंत्रों एवं उपकरणों की तकनीकी एवं कार्यपद्धति का जीवंत प्रदर्शन किया गया। इस मेले में रायपुर एवं आस-पास के जिलों से आए किसानों ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित विभिन्न कृषि यंत्रों एवं उपकरणों की तकनीकी एवं कार्यपद्धति का अवलोकन किया। मेला का उद्देश्य कृषि में यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देना तथा इसके उपयोग के लिए किसानों को प्रेरित करना था।
मेला का शुभारंभ कुलपति डॉ. एस.के. पाटील ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में मानव श्रम की उपलब्धता निरंतर घट रही है और पशुचलित तथा ऊर्जाचलित यंत्रों का उपयोग बढ़ रहा है। यह समय की मांग है। किसान बंधु खेती में आधुनिक यंत्रों एवं तकनीकी का उपयोग करके ज्यादा लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित नरवा, गरूआ, घुरवा, बाड़ी योजना के तहत गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए बहुत अच्छा काम हो रहा है। इससे पशुचलित यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि तकनीकी एवं यंत्र प्रदर्शन मेले का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा संचालित विभिन्न अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजनाओं- प्रक्षेत्र उपकरण एवं यंत्र, पशु ऊर्जा का उपयोग, कटाई उपरांत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी तथा सिंचाई जल प्रबंधन परियोजनाओं के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस मेले में खेती की तैयारी में प्रयुक्त कृषि यंत्रों जैसे हैरो, रोटावेटर, विभिन्न प्रकार के हल, रिजर, पावर टिलर, बीज एवं पौधों की बुआई में प्रयुक्त विभिन्न सीड ड्रिल एवं प्लान्टर, निंदाई-गुडाई में प्रयुक्त होने वाले कृषि यंत्रों जैसे वीडर, पडलर, मल्चर तथा फसलों की कटाई एवं गहाई में प्रयुक्त यंत्रों – हार्वेस्टर, रीपर, थ्रेशर आदि का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही खेतों की सिंचाई हेतु उपयोग में आने वाले विभिन्न प्रकार के सिंचाई पंपों को भी प्रदर्शित किया गया। मेले में फसलों के प्रसंस्करण हेतु उपयोग में आने वाले यंत्रों को भी रखा गया था  जिनमें भुट्टे से मक्के के दाने और मूंगफली से दाने निकालने वाले यंत्र शामिल हैं। इस बार मेले में अनेक नवीन विकसित यंत्र भी प्रदर्शित किए गए जिनमें मटर छिलाई यंत्र, चना भाजी तुड़ाई यंत्र, गमला, कंडा, दिया बनाने का यंत्र, ढेंस खुदाई यंत्र, मक्का छिलाई यंत्र आदि शामिल हैं। समारोह को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के संचालक अनुसंधान डॉ. आर.के. बाजपेयी, निदेशक विस्तार डॉ. एस.सी. मुखर्जी एवं स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एम.पी. त्रिपाठी ने भी संबोधित किया।

 
 panchayattantra24.com, रायपुर। कोरोना संक्रमण के देश के चंद प्रदेशों में फिर से तेजी नजर आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना के साथ कोविड वैक्सीनेशन की स्थिति को लेकर चर्चा कर रहे हैं. वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हो रही समीक्षा में छत्तीसगढ़ की ओर से गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू हुए शामिल हुए। 
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की स्थिति और उससे निपटने के लिए किए जा रहे उपायों पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने जानकारी दी.  उन्होंने बताया की पीएम ने कहा है कि अपने स्तर पर सभी राज्य कड़ाई से एडवायज़री का पालन कराएँ. राज्य में कोरोना संक्रमण की जानकारी दी गई है कि प्रदेश में क्या स्थिति है, कितने कोविड हास्पिटल बनाए गए हैं. आरटीपीसीआर जाँच कितना हो रहा है. इस दौरान वैक्सीनेशन में तेज़ी लाने की बात कही गई है. इन मुद्दों पर चर्चा हुई है, कोई अलग से दिशा-निर्देश नहीं दिया गया है। 
गृहमंत्री ने कहा कि कोरोना एडवायज़री जैसे मास्क लगाना, सोशल डिसटेंश का पालन कराना, गाइड लाइन का पालन कड़ाई से अपने स्तर पर पालन कराने की बात कही गई है. इसके साथ ही अब गाँव की ओर बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बल देने की बात कही गई, क्योंकि शुरुआती दौर में भी कोरोना संक्रमण का प्रभाव ज़्यादातर शहरों में था जो अब गाँव कीओर रुख़ कर दिया है. ज्यादातर मरीज अब गाँव से ही निकाल रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोवैक्सीन नहीं लगाया जा रहा था. इस पर चर्चा के सवाल पर मंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन की जानकारी दी गई को वैक्सीन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है. वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव रेणु पिल्लै और सुब्रत साहू के अलावा मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी भी मौजूद रहे