Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम में बड़ी वित्तीय अनियमितता का खुलासा हुआ है. पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि तत्कालीन महाप्रबंधक अशोक चतुर्वेदी ने नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई है. उन्होंने हस्ताक्षर कर 72 करोड़ का भुगतान कर दिया है. इस पूरे मामले में जांच का आदेश दे दिया है. अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा प्रिंटर्स को बिना काम कराए 8 करोड़ 20 लाख रुपये का भुगतान मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।
8 करोड़ 20 लाख रुपये का घोटाला
शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि पाट्यपुस्तक निगम के महाप्रबंधक अशोक चतुर्वेदी बड़े जानकार व्यक्ति हैं. वे इतने जानकार हैं, उनके कार्यकाल में इतना बड़ा घोटाला हो गया. यह समझ से परे है. 8 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि कम नहीं है. ब्लैक लिस्टेड प्रिंटर्स को ये रकम कैसे भेज दी गई. इसका जवाब मांगा गया है।
राजाराम प्रिंटर्स पहले से ब्लैक लिस्टेड
मिली जानकारी के मुताबिक ये घोटाला 2020 में हुआ है. उस वक्त पाट्यपुस्तक निगम के महाप्रबंधक अशोक चतुर्वेदी थे. अशोक चतुर्वेदी के कार्यकाल में काला कारनामा हुआ है. हैरत की बात ये है कि जब राजाराम प्रिंटर्स पहले से ब्लैक लिस्टेड है, तो उसको बिना काम कराए रकम कैसे मिल गया. इस करप्शन में कई तरह की बातें अभी निकल कर सामने आ रही हैं।
8 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि बांट दी गई
पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष के मुताबिक कई अफसर इस फर्जीवाड़े में शामिल हैं. शैलेश निति त्रिवेदी के मुताबिक जब राजाराम प्रिंटर्स से न कोई खरीदी हुई, न कोई काम हुआ, तो कैसे 8 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि बांट दी गई. उन्होंने कहा कि ये मामले का खुलासा ऑडिट के वक्त हुआ है।
पाठ्यपुस्तक निगम ने प्रकाशन से मांगा जवाब
शैलेश नितिन त्रिवेदी के मुताबिक इस बड़े फर्जीवाड़े में पाठ्यपुस्तक निगम ने प्रकाशन से जवाब मांगा है. उन्होंने कहा कि 2 जनवरी 2020 को इतनी बड़ी राशि ट्रांसफर की गई है. पाठ्य पुस्तक निगम के कई अधिकारियों को इस बात की भनक तक नहीं लगी है. उन्होंने कहा कि निगम ने प्लाई की गई सामग्री की जानकारी मांगी है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग के मंत्री टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में हेल्थ को लेकर नई-नई योजनाएं चलाई जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने UNFCCC के वैश्विक ‘रेस टू जीरो’ अभियान को नये लक्ष्य के रूप में स्वीकार किया है. इस अभियान के तहत नए लक्ष्य निर्धारित कर प्रदेशवासियों को निरोगी जीवन के लिए काम किया जा रहा है. इस अभियान के तहत 2050 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज हमारी धरती के सामने खड़े सबसे बड़े संकटों में से एक है. जलवायु में हो रहे हानिकारक बदलाव के खतरे से निपटने के लिए एक योजना की रूपरेखा बनाना आवश्यक है. इस क्षेत्र में नेतृत्व दिखाना स्वास्थ्य विभाग का कर्तव्य है।
कार्बन उत्सर्जन को शून्य तक पहुंचाने का लक्ष्य
सिंहदेव ने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है. छत्तीसगढ़ भारत का पहला राज्य है, जिसने स्वास्थ्य क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के विपरीत योजना निर्धारित कर रहा है. ‘रेस टू जीरो’ अभियान के अनुसार कार्बन उत्सर्जन को शून्य तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
क्या है ग्लोबल ‘रेस टू जीरो’ ?
विश्वभर में कार्बन उत्सर्जन और जलवायु परिवर्तन एक बड़ी चुनौती है. ‘रेस टू जीरो’ एक प्रतिष्ठित यूनाइटेड नेशन क्रॉस-सेक्टोरल ग्लोबल अभियान इस चुनौती का विकल्प बनकर सामने आया है. इस वैश्विक अभियान के माध्यम से कार्बन उत्सर्जन में आवश्यक कमी लाने के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं. वैश्विक कार्बन कटौती लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जरूरी है. नई पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है।
संकटों के लिए किए जा रहे कार्य
इस अभियान का लक्ष्य जलवायु परिवर्तन से भविष्य में होने वाले संकटों को समय रहते रोकने, नौकरियों के अवसर जुटाने का काम किया जा रहा है. ये अभियान शहरों, क्षेत्रों, व्यवसायों, निवेशकों और विश्वविद्यालयों के संयोजन से शून्य कार्बन उत्सर्जन के लिए समर्थन जुटाया जा रहा है।
कार्बन न्यूट्रल बनाने की योजना
बता दें कि सीओपी 26 की अगुवाई में 2050 तक शून्य उत्सर्जन पर विचार करने के लिए एक वैश्विक चर्चा निर्धारित है. इसमें चीन ने 2060 तक कार्बन न्यूट्रल बनाने की अपनी योजनाओं की घोषणा की. अमेरिका और यूरोपीय संघ ने 2050 तक शून्य उत्सर्जन के लक्ष्य को प्राप्त करने की अपनी महत्वकांक्षा के संकेत दिए हैं।
ग्लोबल ‘रेस टू जीरो’ कार्यक्रम का समर्थन
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने UNFCCC के ग्लोबल ‘रेस टू जीरो’ कार्यक्रम का समर्थन किया. इसके अलावा 2050 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया. रेस टू जीरो’ को स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रोत्साहित कर छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग शीर्ष सूची में शामिल हुआ है।

panchayattantra24.com,रायपुर। रायपुर रेल मंडल में कल कोरोना विस्फोट हुआ है. वहां 7 कोरोना मरीज मिले है. लेकिन बावजूद इसके रायपुर रेल मंडल के डीआरएम श्याम सुंदर गुप्ता की पत्नी और सेक्रो की अध्यक्षा श्रीमती राधा गुप्ता बिना मास्क के सार्वजनिक कार्यक्रम में न केवल शामिल हो रही है बल्कि इस दौरान उन्होंने 22 महिलाओं को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया।
वहीं डीआरएम भी कल उल्लास भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले है. हालांकि सूत्रों का दावा है कि इस कार्यक्रम को रद्द किए जाने की तैयारी है. लेकिन इसकी कोई अधिकृत सूचना जारी नहीं की गई है।
कल फिर होने वाला है बड़ा कार्यक्रम
रेल सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को रेलवे के उल्लास भवन में पुनः एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने वाला है. हैरानी की बात ये है कि इस कार्यक्रम को होस्ट वहीं विभाग कर रहा है, जहां कोरोना विस्फोट हुआ है. बता दें कि उल्लास भवन में डीआरएम अवार्ड फंक्शन आयोजित किया जा रहा है. जिसमें पर्सनल डिपार्टमें के दर्जनों अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।
डीआरएम मैडम का क्या था कार्यक्रम ?
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन रायपुर (सेक्रो) द्वारा अन्तरराष्ट्रिय महिला दिवस का आयोजन 16 मार्च शिवनाथ रेल विहार, उल्लास भवन डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, रायपुर में किया गया. श्रीमती राधा गुप्ता अध्यक्षा सेक्रो के द्वारा रायपुर मंडल के 22 महिला रेल कर्मचारियों को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कौन-कौन था कार्यक्रम में ?
इस कार्यक्रम में ओंकोलॉजिस्ट डॉ सुमन मित्तल (मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइन्स, रायपुर) एवं रेलवे के गाइनकालजिस्ट डॉ किरण ठाकुर (अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी) ने महिला रेल कर्मचारीयो को कैंसर एवं दैनिक जीवन में होने वाले बीमारियो की पहचान एवं स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी दी गई. इस कार्यक्रम में सेक्रो अध्यक्षा श्रीमती राधा गुप्ता, श्रीमती शिखा विशनोई, उपाध्यक्षा सेक्रो, श्रीमती पूनम साहू, सचिव सेक्रो, श्रीमती गीतांजली सेनापति, कोषाध्यक्षा सेक्रो एवं सेक्रो सदस्याए शामिल थी।

panchayattantra24.com, रायपुर। प्रदेश का परिवहन विभाग अब कोरोना स्प्रेडर साबित हो रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि प्रदेश में तेजी से कोरोना फैल रहा है, क्रिकेट स्टेडियम में 30-40 हजार लोग एक साथ इकट्ठा हो रहे है और वहां ‘दो गज दूरी, मास्क है जरूरी’ का पालन नहीं किया जा रहा है।
सूत्र बताते है कि इसी कोरोना स्प्रेडर की चपेट में स्वास्थ्य मंत्री और उनके विशेष सहायक भी आएं है.क्योंकि वे भी मैच देखने स्टेडियम गए थे और इसके बाद वे कोरोना पॉजिटिव हुए है।
सीएम ने भी सख्ती के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने भी रोड सेफ्टी टी 20 वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज के मैचों के दौरान कोविड प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट आदेश दिया है कि मैचों के दौरान दर्शकों की संख्या स्टेडियम की क्षमता के 50 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. यही यदि दर्शक इस दौरान मास्क नहीं लगाते हैं तो उन पर अर्थदण्ड अधिरोपित करने के भी आदेश दिए गए है।
क्रिकेट मैच में रोक लगाने की मांग
छत्तीसगढ़ नागरिक संघर्ष समिति रायपुर ने रायपुर कलेक्टर डॉ एस भारतीदासन को पत्र लिखा है. इस पत्र में विश्वजीत मित्रा ने मांग की है कि इस क्रिकेट मैच में तत्काल रोक लगाई जाएं. यदि ऐसा नहीं होता है तो उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि प्रदेश में कोरोना फैलने के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा. इस पत्र में उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ में रोजोना 700 से अधिक कोरोना मरीज सामने आ रहे है और ये आंकड़ा रोजाना बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ में 4 हजार से ज्यादा एक्टिव मरीज
छत्तीसगढ़ में भी कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर तेज हो गई है. रायपुर और दुर्ग समेत कुछ जिलों में लगातार ज्यादा संक्रमित मरीज मिल रहे हैं. इसके साथ ही मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है. प्रदेश में रविवार को कोरोना के 475 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए है. 4 लोगों की कोरोना से मौत हुई है. राहत की बात यह है कि इस बीमारी से 129 मरीज स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किये गए है।

panchayattantra24.com,रायपुर। असम विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभाओं से कांग्रेस को हो रहे फायदे को देखते हुए उनका दौरा कार्यक्रम चंद रोज के लिए और बढ़ा दिया गया है. असम कांग्रेस के अनुरोध पर इस निर्णय लिया गया है।
बता दें कि असम में छत्तीसगढ़ के लोगों की तादात को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्टार प्रचारक के तौर पर प्रचार में जुटे हुए हैं. पहले दौर की सफलता को देखते हुए उन्हें दोबारा प्रचार के लिए आमंत्रित किया गया है. जिस पर 13 मार्च को वे असम पहुंचकर प्रचार में जुट गए हैं. आगामी 19-20 मार्च को राहुल गांधी की सभा में भी साथ उनके साथ भूपेश बघेल रहेंगे. 20 मार्च को उनके छत्तीसगढ़ लौटने की संभावना है।
तीन चरणों में होंगे चुनाव
बता दें कि असम विधानसभा के लिए इस बार तीन चरणों में चुनाव संपन्न होंगे. राज्य में पहले चरण का मतदान 27 मार्च को, दूसरे चरण का मतदान एक अप्रैल को और तीसरे चरण का मतदान छह अप्रैल को होगा. मतगणना दो मई को होगी. उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा का कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा है।
126 सीटों के लिए चुनाव
असम में विधानसभा की 126 सीटे हैं. इसमें सत्तारूढ़ भाजपा के 60 विधायक और कांग्रेस के 26 विधायक हैं. वर्तमान में राज्य का कार्यभार मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल संभाल रहे हैं. 126 विधानसभा सीटों में से अनुसूचित जाति के लिए आठ और अनुसूचित जनजाति की 16 सीटें हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र के प्रसिद्ध जैविक जवाफूल चावल की प्रदर्शनी को जबरदस्त रिस्पांस मिला है. शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर खरीदारी की है. किसानों ने 6 घंटे में लगभग ढाई लाख रुपये का चावल खरीदा. 1 हजार 650 किलो चावल बेच लिया।
बूढ़ा तालाब के पास प्रदर्शनी लगाई गई है. सुबह 11 से शाम 5 बजे तक बूढ़ा तालाब के पास लोगों को जवाफूल चावल खरीदारी कर सकते हैं. लैलूंगा का जवाफूल चावल स्वाद के साथ सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है. इसलिए इसकी डिमांड तेजी से बढ़ी है. लोगों ने पल भर में लाखों रुपये का चावल खरीद लिया।
जवाफूल चावल की काफी डिमांड
लैलूंगा क्षेत्र में उगाए जाने वाले जवाफूल चावल की महक और स्वाद प्रदेश के साथ देशभर में मशहूर है. दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन में कई बार इनकी प्रदर्शनी लगाई जा चुकी हैं. जिसमें जवाफूल चावल की काफी डिमांड रही है।
6 घंटे में लाखों रुपये का बिका चावल
ऑर्गेनिक और एरोमेटिक यह चावल स्वाद के साथ सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है. जैविक विधि से उत्पादन के कारण यह केमिकल फ्री है. इसमें पोषक तत्व भी प्रचुर मात्रा में होते है. 6 घंटे में लाखों रुपये का चावल बिक गया. जवाफूल चावल की महक और स्वाद लोगों को अपने ओर खींच रही है।
बता दें कि दुनिया में अपनी खुशबू और स्वाद के लिए पहचाने जाने वाले बासमती चावल की भारी डिमांड है. अब जवाफूल चावल छत्तीसगढ़ से लेकर देशभर में पहचान बना रहा है. अच्छी क्वालिटी के कारण देश के कई कोनों में सप्लाई की जा रही है. रायगढ़ के किसान बासमती के खुशबू को टक्कर देने के लिए जवाफूल चावल पैदा कर रहे हैं।

panchayattantra24.com, जगदलपुर। आबकारी विभाग की टीम ने करपावंड थाना और कोतवाली थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने लाखों रुपयों का अवैध अंग्रेजी शराब जप्त की है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है. तस्कर जंगल में ट्रक को खड़ी कर के कार से शराब का परिवहन कर रहे थे।
आबकारी उपनिरीक्षक रवि कुमार पाठक ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार में सवार एक युवक अवैध शराब की पेटियां लेकर ओड़िसा की तरफ से करपावंड जाने वाले मार्ग से जगदलपुर की तरफ जा रहा है. सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम ने करपावंड से बोरपदर जाने वाले रास्ते में नाकेबंदी की. वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान टीम ने ओड़िसा की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की कार को रोक लिया. इस कार के सामने और पीछे लगे नंबर प्लेट में अलग अलग वाहन का नंबर अंकित मिले. शक के आधार पर टीम ने कार तलाशी ली. पुलिस ने वाहन से 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की. जिसकी कीमत 57 हजार 6 सौ रुपए आंकी गई. इसके बाद टीम ने कार सवार युवराज यादव निवासी नागपुर को तत्काल ही गिरफ्तार कर लिया।
जंगल में शराब से भरा ट्रक जप्त
कड़ी पूछताछ में आरोपी ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को बताया कि यह शराब रोहित नामक एक युवक ने अपने ट्रक से निकालकर दिया है. साथ ही अवैध शराब से भरी वह ट्रक आसना के जंगलों में खाली हो रहा है. जानकारी मिलते ही आबकारी विभाग ने दो अलग अलग टीमों का गठन करते हुए उक्त ट्रक की पतासाजी में जुट गई. तड़के सुबह करीबन 4ः30 बजे टीम ने मौके पर दबिश देते हुए ट्रक समेत दो युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद टीम ने ट्रक से 539 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब की जप्त कर ली. जिसकी कीमत लगभग 31 लाख 62 हजार रुपए से अधिक आंकी गई है. अवैध शराब जप्त होने के तत्काल बाद ही टीम ने ट्रक में सवार रोहित बाबर और अतुल धुरिया दोनों ही निवासी नागपुर को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 34 (1), 34 (2), 36 और 59 (क) के तहत अपराध पंजीबद्व कर लिया गया है।
कार्रवाई में इनकी रही बड़ी भूमिका
जानकारी देते हुए उपनिरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार हुए आरोपी लंबे समय से पूरे छत्तीसगढ़ में अवैध शराब की तस्करी करने का काम कर रहे थे, लेकिन बस्तर आबकारी विभाग की सक्रियता के चलते ये सभी आरोपी गिरफ्तार हो गए. इस मामले में आबकारी उपनिरिक्षक रवि कुमार पाठक, उपनिरीक्षक शिवेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षक अंतो प्रसाद पांडेय, आरक्षक दुर्गा पटेल, सुधरुराम कश्यप, अशोक मंडावी, देवेंद्र पटेल, प्रकाश गुप्ता, देवेंद्र ठाकुर, शैलेश पांडेय, गंगाराम, भृत्य तिजुराम ताराम और अश्वनी कुमार ने अहम भूमिका निभाई है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी और प्रदेश भर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामले को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चिंता जताई है. उन्होंने प्रदेशवासियों से कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों का कड़ाई से पालन करने की अपील की हैं. साथ ही नागरिकों को पात्रतानुसार टीकाकरण के कार्य में सहयोग करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई की सफलता के लिए यह जरूरी है कि पात्रतानुसार सभी लोग टीका लगवाएं.सीएम बघेल ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सभी लोग मास्क लगाएं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, सेनेटाईजर का उपयोग करें और साबुन से बार-बार हाथ धोएं. इन उपायों का पालन कर कोरोना से बचा जा सकता है. उन्होंने कहा कि टीका लगाने के बाद भी मास्क, सुरक्षित दूरी तथा हाथों को साबुन से बार-बार धोने जैसे उपाय करते रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के साथ समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण को रोकने में हम अब तक काफी हद तक सफल हुए हैं. उम्मीद है कि भविष्य में भी सभी के सहयोग से हम कोरोना को रोकने में सफल होंगे. उन्होंने सभी नागरिकों से कोरोना के बचाव उपायों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में इन दिनों चाकूबाजी और खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. एक के बाद एक हत्याएं हो रही हैं. पुलिस पर भी अब सवाल उठने लगे हैं. हाल ही में चंगोराभाठा में तीन आरोपियों ने एक युवक को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, बीएसयूपी कॉलोनी में लेनदेन के विवाद को लेकर चाकूबाजी हुई है. डीडीनगर पुलिस के मुताबिक चंगोराभाठा में गोंदवारा निवासी ओमप्रकाश साहू की चाकू मारकर हत्या की गई है. आरोपियों में चंद्रिका डेकाटे और उनके दो बेटे करन डेकाटे सहित एक नाबालिग ने चाकू से हमला किया था।
हिसाब-किताब को लेकर विवाद
पुरानी बस्ती सीएसपी मनोज ध्रुव ने बताया कि गोंदवारा निवासी ओमप्रकाश साहू अपनी पत्नी के साथ चंगोराभाठा बीएसयूपी कॉलोनी में रहने वाले अपने भाई के यहां आया था. ओमप्रकाश साहू आरोपी चंद्रिका डेकाटे के बेटे के साथ पहले काम कर चुका है. इसी बीच हिसाब को लेकर विवाद हो गया।
धारदार हथियार ले नाबालिग ने किया वार
सीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने ओमप्रकाश पर मजदूरी के पैसे का हिसाब नहीं करने का आरोप लगाया. चंद्रिका डेकाटे, उसका बेटा करण और एक नाबालिग बेटा ओमप्रकाश और उसकी पत्नी से विवाद करने लगे. आरोपी चंद्रिका डेकाटे का नाबालिग बेटा घर से धारदार हथियार लेकर आया. ओमप्रकाश के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. ओमप्रकाश की मौके पर मौत हो गई है. पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के हाथ खाली
बता दें कि इसके पहले रायपुर के राजातालाब इलाके में चाकूबाजी हुई थी. एक युवक को दो बदमाशों ने लहुलुहान कर दिया था. युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज जारी है, जबकि दोनों आरोपी अब भी फरार हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में हिंदुस्तान यूनिवर लिमिटेड के अधिकारी और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी की नकली चाय पत्ती और कॉस्मेटिक क्रीम जब्त की है. जब्त सामान की कीम 6 लाख 11 हजार रुपये बताई जा रही है. गोल बाजार पुलिस ने जेएन ट्रेडर्स के संचालक मनीष जयसिंघानी को गिरफ्तार कर लिया है।
गोल बाजार पुलिस के मुताबिक जेएन ट्रेडर्स के संचालक हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड कंपनी की फेयर एंड लवली और ब्रुक ब्रांड कंपनी की नकली चायपत्ती बेच रहा था. कई मर्तबा नकली चाय पत्ती बेचे जाने की शिकायत मिली थी. इसी के मद्देनजर हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड कंपनी अधिकारी जेएन ट्रेडर्स पहुंचे थे।
धोखाधड़ी और कॉपी राइट एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि नया पारा स्थित जेएन ट्रेडर्स के गोदाम में छापेमारी की गई. गोदाम से नकली रेड लेबल चायपत्ती और फेयर एंड लवली क्रीम का स्टॉक जब्त की गई. जब्त सामान की कीम 6 लाख 11 हजार रुपये बताई जा रही है. गोल बाजार पुलिस ने धोखाधड़ी और कॉपी राइट एक्ट के उल्लंघन करने के आरोप में कार्रवाई की है।
मुंबई से पहुंची थी अधिकारियों की टीम
बता दें कि हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड कंपनी के फेयर एंड लवली और ब्रुक ब्रांड के अधिकारी मुंबई से पहुंचे थे. पुलिस की मदद से जेएन ट्रेडर्स के मालिक का पर्दाफाश किया गया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।