Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजधानी में शराब, अश्लीलता, महिला प्रताड़ना और महँगाई के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया. छत्तीसगढ़ी महिला समाज के बैनर तले बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर डटी महिलाएं मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए निकलेंगी।
छत्तीसगढ़ी महिला समाज के अध्यक्ष मालती परगनिहा ने बताया कि आज हम छह सूत्रीय माँगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें महिला सशक्तिकरण के लिए कार्यपालिका, न्यायपालिका एवं विधायिका में महिलाओं को पुरुषों के बराबर हिस्सेदारी दी जाए. बढ़ती महँगाई पर रोक लगाया जाए. छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराब बंदी लागू किया जाए, वहीं जैसे शराब को घर-घर पहुंचाया जा रहा है, वैसे अब दूध को पहुँचाया जाए।
इसके अलावा अश्लील साहित्य, फ़िल्में, सीरियल पोस्टर, विज्ञापन और पॉर्न साइट पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए. निजीकरण को रोका जाए और मुख्य उत्पाद व खनिज जैसे सीमेंट, लोहा, कोयला आदि से संबंधित निजी उद्योगों को सरकारी हाथों में लिया जाए. वहीं जाति मुक्त समाज के लिए अलग विभाग बनाया जाए. उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्रियों के बंगलों तक रैली निकाल कर ज्ञापन सौंपा जाएगा. यदि हमारी माँगें पूरी नहीं हुईं तो गाँव-गाँव में मोर्चा खोला जाएगा।
समाज की सुप्रिया गोस्वामी ने सवाल उठाते हुए कहा कि आठ मार्च को महिला सशक्तिकरण दिवस के रूप में हर साल शासन-प्रशासन व अन्य सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मान किया जाता है, लेकिन क्या एक ही दिन में महिलाओं की स्थिति सुधर जाएगी. कार्यक्रम के दूसरे दिन ही तमाम तरह की महिला प्रताड़ना के मामले सामने आने लगते हैं, इसके लिए ठोस क़दम उठाने की ज़रूरत है।
उन्होंने कहा कि देश में आधी आबादी महिलाओं की है. महिलाओं के हित के लिए नियम-क़ानून भी बने हैं, लेकिन इसका पालन क्रियान्वयन में खामियों की वजह से उसका भी फ़ायदा महिलाओं को नहीं मिल रहा था, इसलिए आज छह सूत्रीय माँगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने तयशुदा समय से पहले सत्र समाप्त होने की बात कही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सारे विभागों के अनुदान मांगों पर चर्चा हो चुकी है, जल्द ही सारे शासकीय कार्य भी पूरे हो जाएंगे, जिसके बाद कुछ ख़ास नहीं रह जाएगा और सत्र पहले समाप्त हो जाएगा।
सदन के अंदर विपक्ष का चर्चा में शामिल ना होने के सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे चर्चा से भाग रहे हैं. भाजपा विधायक दल के बठेना जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपाई 15 सालों में कहीं नहीं गए, अब जा रहे हैं. हम कोई भी घटना नहीं छुपाते, सबकुछ स्पष्ट है।

panchayattantra24.com,रायपुर। विधानसभा में शून्यकाल के दौरान भाजपा सदस्यों के स्थगन की सूचना पर चर्चा के दौरान स्पीकर डॉ. चरणदास महंत नाराज हो गए. उन्होंने सदन की परंपरा और नियमों की जानकारी होने की बात कहते हुए सदस्यों से भी इसका पालन करने को कहा. इसके बाद बीजेपी विधायक सदन की कार्यवाही छोड़कर बाहर निकल गए.
विधानसभा में शून्यकाल के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने स्थगन की सूचना देते हुए कहा कि हाउस ऑफ कॉमन्स भी परंपराओं से चलता है. बीजेपी विधायक यदि स्थगन की सूचना पर अपनी बात रखना चाहते हैं तो पहले उन्हें मौका दिया जाना चाहिए. नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि स्थगन की सूचना हमने दी है. स्थगन की सूचना में नाम है. हमारे सदस्य यदि किसी विषय पर कुछ कहना चाहते हैं, तो उन्हें बोलने का मौका दिया जाएगा.
स्पीकर डॉक्टर चरणदास महंत ने कहा कि आसंदी में आप मुझसे पहले से विराजमान रहे है. 1980 से मैं इस क्लासरूम में बैठता हूँ. 5 बार विधानसभा और 5 बार संसद का चुनाव लड़ा है. मुझे नियमों की भी जानकारी है और परम्पराओं की भी. परंपरा और नियम मैं भी जानता हूँ, मैं भी चिल्लाकर बात कर सकता हूँ लेकिन मैं धीरे कहता हूँ.
बृजमोहन अग्रवाल ने इस पर कहा कि आपको नाराज होकर बात करने का अधिकार नहीं है. इस पर स्पीकर ने कहा कि गरिमा का प्रश्न है, नियम का प्रश्न है, परंपरा का प्रश्न है. सबका पालन होगा. आखिरकार स्थगन ग्राह्य नहीं किए जाने पर विपक्षी सदस्य सदन की कार्यवाही छोड़कर बाहर निकल गए.

panchayattantra24.com,रायपुर। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज सुबह पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बठेना पहुंचे. यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई. गृहमंत्री ने घटनास्थल पर पूरे हालात का जायजा लिया. मौके पर दुर्ग एसपी और पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को पाटन क्षेत्र के बठेना गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत मामले में दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है. पुलिस की टीम शनिवार से वहां पर मौजूद है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के पाटन में विगत शनिवार को एक दु:खद घटना सामने आई थी. जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई. पिता व पुत्र शव फांसी के फंदे पर मिले थे. वहीं घर से कुछ दूरी पर मां व दो बेटियों के अस्थि अवशेष मिले थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों, विशेषकर महिलाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल ने कहा है कि आज महिलाओं ने अपनी योग्यता, प्रतिभा और क्षमता के बल पर हर क्षेत्र में सफलता के नवीन कीर्तिमान स्थापित किए हैं. महिलाएं आर्थिक उन्नति के साथ ही घर-परिवार को शिक्षित तथा संस्कारवान बनाकर, देश के विकास में योगदान दे रही हैं. हमें चाहिए कि परिवार में बेटियों को शिक्षित करें और प्रगति का हर अवसर प्रदान करें. इसके साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं के प्रति नजरिए में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखें, तभी सच्चे अर्थों में राष्ट्र की प्रगति होगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा है कि देश, प्रदेश और समाज में महिलाओं के उत्थान के बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती. छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को स्वालम्बन से जोड़ने की रणनीति अपनाई गई है, जिसके फलस्वरूप छत्तीसगढ़ में विकास के हर क्षेत्र में महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।
बघेल ने कहा है कि एक महिला के समर्थ बनने से पूरा परिवार आगे बढ़ता है परिवार से समाज और समाज से देश प्रदेश की उन्नति प्रभावित होती है इसलिए हमें परिवार की आधारशिला को मजबूत बनाना है जिसका सकारात्मक प्रभाव निश्चित ही आने वाले समय में दिखाई देगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। डूमरतराई इलाके में एक युवक के साथ चाकूबाजी और लूट की घटना सामने आई है. तीन बदमाशों ने रविवार रात घटना को अंजाम दिया है. बदमाशों ने चाकू मारकर उसके मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर माना थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बोरियाकला में रहने वाले गुलाब साखरे बीती रात साढ़े 9 बजे अपने दोस्त रविंदर के साथ दो पहिया वाहन से शराब लेने के लिए डूमरतराई शराब दुकान गया था. शराब दुकान पहुंचने से पहले गुलाब वॉशरूम करने के लिए रुका, तभी इसी दौरान मोटर साइकिल में सवार होकर आए तीन युवक इसकी गाड़ी से टकरा गए. इसके बाद जब पीड़ित ने उन्हें गाड़ी ठीक से चलाने बोला तो उनमें से दो लड़के अपने पास से चाकू निकालकर गुलाब साखरे के कूल्हे के पास मार दिए, जिससे उसको चोट आई है और फिर तीसरा लड़का गुलाब के जेब से मोबाइल और नकदी 3500 रुपये लूट कर ले गया।
मामले में माना थाना प्रभारी दुर्गेश रावटे का कहना है कि मामले में देर रात एफआईआर दर्ज की गई है. आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

panchayattantra24.com,रायपुर। नया तालाब आंगनवाड़ी केन्द्र पर तैनातअर्चना 38 वर्षीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने काम के साथ ही अपने परिवार की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई है इस लिए महिला दिवस के मौके पर उनका जिक्र करना भी जरूरी है।
अर्चना ने अपने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं 15 वर्षों से आंगनवाड़ी में कार्यरत हैं अर्चना कहती है कि खुशी का वह पल आज तक नही भूल पाती हूँ, जब दिल्ली से आई हुई टीम ने कहा अर्चना तुम्हारा केंद्र लाजवाब है उस दिन लगा कि मेरे काम की सही पहचान मिली है ।
अर्चना बताती हैं “मेरे पिता गाड़ी चालक है. मैं अपने भाई बहनों में सबसे बडी हूं. अचानक एक दिन पिताजी की आंख को लकवा मार गया. इलाजकरवाया पर ठीक नहीं हुए वह एक आंख से बिल्कुल नहीं देख पाते हैं. उन्होंने कहा कि वह समय ऐसा था जब घर की सारी जिम्मेदारी मेरे कंधों पर आ गई थी. लेकिन मैंने हिम्मत नहीं हारी और मैंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में अपने जीवन की नयी शुरुआत की और इसी कार्य को करते हुए अपनी तीन छोटी बहनों की शादी भी करवाई और छोटे भाई को पढ़ाया भी
काम के प्रति इनकी मेहनत और लगन का ही नतीजा था कि विभाग ने बचपन की देखभाल और शिक्षा (ईसीसीई) की गतिविधि का शुभारंभ आंगनवाड़ी केंद्र नयातालाब गुढ़ियारी से प्रारंभ किया।
दो बच्चे आए थे कुपोषित
अर्चना कहती है, “मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के तहत लक्ष्य सुपोषण में मेरे क्षेत्र के दो बच्चे गंभीर कुपोषित आये थे. लॉक डाउन के कठिन समय में दोनो गंभीर कुपोषित बच्चों का ध्यान रखना एक बड़ी चुनौती थी. लेकिन मैंने निरंतर उन दोनो बच्चों की अच्छे से देखभाल की और उनके माता पिता को पौष्टिक आहार की जानकारी दी. लॉक डाउन के समय में उनके घर जाकर अपने सामने दूध अंडा केला प्रतिदिन एवं पौष्टिक गरमा-गरम भोजन देकर उनको मध्यम श्रेणी में लाई. अब वह बच्चे पूर्णता स्वस्थ हैं ।
शादी के 2 साल बाद विधवा हो गई छोटी बहन
अर्चना ने समाज सेवा के साथ परिवार के लिए भी बखूबी समय दिया है उनकी छोटी बहन जो शादी के 2 साल बाद ही विधवा हो गई थी. उसकी 3 माह की बच्ची जो जन्म से ही शारीरिक दिव्यांगता की परेशानी से लड रही है उसके लिएअर्चना ने रात-दिन एक कर दिया और आज वह बच्ची सहारे से खड़ी हो जाती है. अर्चना कहती है कि इस बच्ची ने मुझे समाज सेवा और लोगों की समस्याओं को समझने का हुनर दिया है. पूरे समाज को, पूरे परिवार को साथ लेकर चलना, उनकी छोटी बडी समस्याओं को समझना, उचित मार्गदर्शन देकर, उनका हौसला बढ़ाना।
जीवन का लक्ष्य बन गया है…
अर्चना कहतीं हैं, “अब तो बच्चों के साथ ईसीसीई की गतिविधियों के द्वारा बच्चों को शिक्षा देना, जैसे जीवन का लक्ष्य हो गया है. मेरी बहन के ससुराल में उसे गर्भावस्था के समय उचित देखभाल व सही खानपान न मिलने के परिणाम स्वरूपही उसकी बच्ची जन्म से कमजोर और जन्म से ही उसको झटके आने की समस्या होने लगी जो आज भी जारी है. उसकी ऐसी हालत देखते हुए ही मैंने संकल्प लिया कि क्षेत्र की जितनी भी गर्भवती माताएं होंगी मैं उनके जीवन में,मेरे बहन के जैसी परिस्थिति नहीं आने दूँगी इसके लिए मुझे जो भी करना पड़े मैं वह कार्य करूंगी. उनको हर प्रकार से सही देखभाल,खानपान,और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भरसक प्रयासरत करुँगी. यही मेरे जीवन का एक मात्र लक्ष्य है. ताकि कोई भी नवजात शिशु अपना बचपन न खोऐ और मां अपने बच्चे को हसते खेलते हुए बड़ा होता देख सके”.
बहुत चुनौतियां आतीं हैं…
अर्चना कहती हैं,“ कार्य करने के दौरान बहुत सी चुनौतियाँ आतीं ऐसे ही एक वाकया का जिक्र करते हुए वह बोलीं कि एक बार बीएलओ ड्यूटी के दौरान एक घर पर जब जानकारी लेने के लिए पहुँचीं तो घर से निकले व्यक्ति ने बहुत ही गलत भाषा का प्रयोग करते हुए मुझे अपने घर से भगा दियाउस दिन लगा कहां नौकरी कर रहे हैं लेकिन ऐसी तमाम समस्याओं के बाद भी मैंने हार नहीं मानी. आज भी हम लोगों की समस्या को समझने और उसे दूर करने की पूरी कोशिश करते हैं .असली सेवा लोगों का प्यार और गुस्सा दोनों ही है बस हम उसे समझकर उसे दो पल की खुशी दें यही असली समाज सेवा है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना का कहर फिर से तेज हो गया है. इसकी चपेट में खुद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल आ गए है. इन दोनो मंत्रियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे मंत्री मंडल में हड़कंप मच गया है।
इसके पूर्व भी विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक अरूण वोरा और जेसीसीजे विधायक देव्रत सिंह भी पॉजिटिव आए थे।
सूत्रों के मुताबिक टीएस सिंहदेव का एंटीजेन टेस्ट अंबिकापुर में कराया गया था. जहां उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी. इसके बाद रायपुर पहुंचकर उन्होंने अपना आरटीपीसीआर जांच कराई है. जिसकी रिपोर्ट थोड़ी ही देर में आने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक टीएस सिंहदेव ने खुद को बंगले में क्वारेंटाइन कर लिया है.
वहीं जय सिंह अग्रवाल ने खुद अपने ट्वीटर पर कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है और वे होमआइसोलेशन पर है. बता दें कि अब तक प्रदेश में वैक्सीनेशन तो शुरू हो गया है. लेकिन अभी तक किसी भी मंत्री ने कोरोना वैक्सीनेशन नहीं कराया है।
बिरगांव कालेज का नामकरण स्वर्गीय नंदकुमार पटेल के नाम से किया जाएगा

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने आज यहां बुधवारी बाजार बिरगांव में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता को 121 करोड़ की लागत के कार्यों की सौगातें दी। जिसमें बिरगांव आवर्धन जल प्रदाय योजना के उन्नयन कार्य हेतु 104 करोड 23 लाख, आडवाणी आर्लिकॉन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरगांव के मुख्य द्वार के पास सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 35 लाख, अधोसंरचना मद अंतर्गत समस्त वार्डों में जल प्रदाय व्यवस्था हेतु पीवीसी स्टोरेज टैंक एवं विभिन्न विकास कार्य हेतु 53 लाख 36 हजार, स्वच्छता कार्य के लिए ई-रिक्शा हेतु एक करोड़ 48 लाख 35 हजार, अधोसंरचना मद अंतर्गत सीसी सड़क एवं नाली निर्माण हेतु 69 कार्य के लिए 9 करोड 47 लाख 48 हजार, 14वें वित्त आयोग अंतर्गत सीसी सड़क एवं नाली निर्माण हेतु 42 कार्य के लिए 4 करोड 75 लाख 75 हजार की 83 के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने क्षेत्रीय विधायक श्री सतनारायण शर्मा के आग्रह पर बिरगांव में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोलने की घोषणा की वहीं उन्होंने बिरगांव कालेज का नामकरण स्वर्गीय नंदकुमार पटेल के नाम से किए जाने तथा बिरगांव क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की घोषणा की। कार्यक्रम में राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत 148 हितग्राहियों को पट्टा वितरण किया गया तथा 53 लोगों को ई-रिक्शा का भी वितरण किया गया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कंचन कुर्रे सतरूपा निषाद, सुनिधि देवांगन, दुलारी देवांगन, निलेश वरी साहू, रजनी साहू, नरवादिया यादव, रीना बाई तथा कुमारी दास को पट्टा वितरण किया तथा ज्योति झारिया, अहिल्या जामुलकर, ममता धु्रव, योगेश एवं लोकेश को ई-रिक्शा की चाबी प्रदान की।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार लगातार गांव, गरीबों ,किसानों तथा जरूरतमंदों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सबसे स्वच्छ प्रदेश का पुरस्कार लगातार द्वितीय वर्ष हमारे राज्य को मिला है यह गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता दीदी का मानदेय 5 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रूपए कर दिया गया है। श्री बघेल ने कहा कि नगर निगम बिरगांव के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत 8000 से अधिक व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। दो मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा क्षेत्र की जनता की निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा सुविधा हेतु उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में भी गौठानों की व्यवस्था की जा रही है आज गोधन या योजना के तहत लोग गोबर बेचकर मोटर साइकिल और टाटा एस भी खरीद रहे हैं।एक तरफ गंदगी समाप्त हो रही है वहीं यह आय का जरिया भी बन रहा है।
कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री रविंद्र चौबे ने कहा कि श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कोरोना संकट में सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नगरी प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में हमारी सरकार द्वारा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है तथा क्षेत्र की जनता को किसी भी प्रकार की कोई समस्या ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल आवर्धन योजना मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय, दाई दीदी क्लीनिक योजना, शहरी स्वास्थ्य स्लम योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं निकाय के लोगों की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री पंकज शर्मा, कलेक्टर एवं बिरगांव नगर पालिका निगम के प्रशासक डॉ. एस. भारती दासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय यादव, आयुक्त नगर पालिका निगम बिरगांव, श्री श्रीकांत वर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां आडवाणी अर्लीकान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरगांव के मुख्यद्वार पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, नगरीय प्रशासन एवं श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, क्षेत्रीय विधायक सत्यनारायण शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग के अध्यक्ष श्री राजेंद्र तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री पंकज शर्मा, जिला कलेक्टर एवं नगर पालिका बिरगांव के प्रशासक डॉ. एस. भारती दासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय यादव, आयुक्त नगर पालिका निगम बिरगांव श्री श्रीकांत वर्मा संबंधित अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।