Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते तीन-चार दिनों से लगातार मौसम का बदलाव देखने को मिल रहा है. प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ ठंड का असर भी बढ़ गया है. मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बूंदा-बांदी की आशंका जताई है ।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, चक्रीय चक्रवाती घेरा अभी मध्य महाराष्ट्र के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है. साथ ही अंदरूनी कर्नाटक से मध्य महाराष्ट्र में एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके चलते प्रदेश में अभी भी दक्षिण से नमी युक्त गर्म हवा आ रही है. इसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिण क्षेत्र में आज हल्की बूंदा-बांदी की आशंका है, साथ ही प्रदेश के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है ।

panchayattantra24.com,रायपुर । खरोरा में अवैध गौ तस्करी के कारोबार के आरोप में 4 गौ तस्करों को देर रात खरोरा नए बस स्टैंड के सामने से पुलिस ने गिरफ्तार किया है ।
बजरंग दल रायपुर के युवाओं ने खरोरा पहुंच नए बस स्टैंड खरोरा के सामने से अवैध तस्करी करने वालो को पकड़ा व पुलिस को सूचना दी इसी के आधार पर पुलिस ने उनको पकड़ा.पुलिस ने 2 ट्रक बरामद किए हैं, वहीं इन 2 ट्रैकों मे 64 मवेशी मिले है ।
बजरंग दल के अंकित त्रिवेदी ने बताया की बहुत दिनों से सूचना मिल रही थी कि खरोरा इलाके में अवैध गौ तस्करी हो रही है. जिसके बाद पूरी प्लानिंग कर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी ।
बता दें कि ये तस्कर गायों को महाराष्ट्र ले जाने के लिए निकले थे. थाना प्रभारी नितेश सिंह ठाकुर ने बताया कि बजरंग दल की सूचना के बाद देर रात तस्करों को पकड़ा गया. वहीं बाकी पूछताछ आरोपियों से पुलिस अभी कर रही है ।

panchayattantra24.com,रायपुर । योग गुरु बाबा रामदेव ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कोरोनावायरस की ‘प्रमाणित दवा’ लॉन्च की है. इस दौरान इस दवा को लेकर पतंजलि के वैज्ञानिक रिसर्च पेपर भी लॉन्च किया गया है.
इस दौरान वहां दो केंद्री मंत्री भी मौजूद थे. इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे. पतंजलि का दावा है कि यह रिसर्च पेपर कोरोनावायरस की पहली प्रमाणित दवा को लेकर है ।
इस दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि उनके यहां कोरोनिल सहित कई दवाओं पर रिसर्च किया गया. इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बारे में कई रिसर्च पेपर पब्लिश किए गए ।
ये वीडियो जरूर सुने, बाबा रामदेव क्या कह रहे है
अब पतंजलि ने कोरोना की एक पुख्ता दवा बना लिया है. उन्होंने कहा कि इस औषधि को बनाने में कोरोना के सभी प्रोटोकॉल को फॉलो किया गया ।
इस मौके पर उन्होंने कोरोना की पहले से ही मौजूद कथित दवा कोरोनिल को लेकर व्यापक शोध की बात कही. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि शोध का कार्य केवल विदेश में होता है. इतना ही नहीं आयुर्वेद में शोध की बात को कुछ लोग स्वीकार ही नहीं करते हैं ।
लेकिन हमारी पतंजलि कंपनी ने इस सभी धारणाओं को खारिज कर दिया है. कंपनी ने कोरोनिल बनाकर लाखों लोगों की जान बचाई है ।

panchayattantra24.com,रायपुर । मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) से हुए नहरों की पक्की लाइनिंग ने कई गांवों में सिंचाई व्यवस्था को पुनर्स्थापित कर दिया है। बीजापुर जिले में नौ लघु जलाशयों में निर्मित पक्के नहरों से अंतिम छोर में स्थित खेतों तक समय पर सिंचाई के लिए पानी पहुंचने से किसान गदगद हैं। खरीफ मौसम के दौरान पक्की नहरों से खेतों तक पानी पहुंचने से इस साल किसानों ने अच्छी पैदावार ली है। मनरेगा और डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) के अभिसरण से वर्ष 2019-20 में जलाशयों की सिंचाई परियोजनाओं को पुनर्स्थापित करने का एक महती काम शुरू किया गया था। इसके सकारात्मक परिणाम अब जमीनी स्तर पर नजर आने लगे हैं। इस काम से बीजापुर जिले के 799 हेक्टेयर रकबे में सिंचाई व्यवस्था की पुनर्स्थापना हुई है।
नहरों की पक्की लाइनिंग से जहां एक ओर जिले का सिंचित रकबा बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर यह किसानों की आर्थिक उन्नति का रास्ता खोल रहा है। मनरेगा अभिसरण से बीजापुर के भैरमगढ़ विकासखण्ड के कोडोली ग्राम पंचायत में भी नहर लाइनिंग का कार्य कराया गया है। कोडोली जलाशय की नहरों (तालाब क्रमांक-1 व 2 से) में 1800 मीटर लम्बाई की सी.सी. लाइनिंग कर सिंचाई व्यवस्था पुनर्स्थापित की गई है। महज एक साल में ही बीजापुर जिला प्रशासन की इस पहल के सुखद परिणाम देखने को मिल रहे हैं। यह परियोजना कोडोली के श्री नरहर नेताम जैसे किसानों के जीवन में खुशहाली लेकर आई है जिनकी सात एकड़ कृषि भूमि इस नहर से लगी हुई है।
श्री नरहर नेताम का घर-आंगन आज बासमती चावल की खुशबू से महक रहा है। नहर लाइनिंग के बाद मिल रही सिंचाई सुविधा को देखते हुए उन्होंने इस साल खरीफ मौसम में अपने चार एकड़ खेतों में बासमती और तीन एकड़ में महेश्वरी धान की बुआई की थी। खेतों तक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी पहुंचने से इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अच्छा धान हुआ है। श्री नेताम कहते हैं कि नहर लाइनिंग का यह काम उनके जैसे किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। पहले यह कच्ची नहर थी। जब भी किसी किसान को पानी की जरूरत होती थी, तो वह नहर के किनारों को काटकर अपने खेतों की सिंचाई कर लेता था। इसके कारण जलाशय के नजदीक के ही कुछ खेतों को पानी मिल पाता था। वहीं नहर कच्ची होने के कारण उसमें गाद भरने के साथ-साथ झाड़ियां भी उग आई थीं। इन सब वजहों से आखिरी गांव तक नहर का पानी नहीं पहुँच पाता था।
नरहर नेताम बताते हैं कि रबी की फसल तो दूर, खरीफ फसल में भी नहर से सिंचाई को लेकर किसानों के बीच झगड़े की स्थिति निर्मित हो जाती थी। पर अब नहरों की पक्की लाइनिंग हो जाने से यह समस्या दूर हो गई है। अब खरीफ फसल के बाद किसान दूसरी फसल ले रहे हैं। श्री नेताम ने भी तीन साल बाद अपने एक एकड़ खेत में भुट्टा, आधा एकड़ में चना व सरसों तथा आधा एकड़ में खरबूजा लगाया है। मनरेगा और डीएमएफ के अभिसरण से विकसित हुई सिंचाई सुविधा के फलस्वरूप आने वाले कुछ महीनों में भैरमगढ़, कोडोली, मिरतुर और नेलसनार के बाजारों में इनके उत्पाद नजर आएंगे।
नेताम के परिवार को मनरेगा से हुए इस नहर लाइनिंग के काम में 185 दिनों का सीधा रोजगार भी मिला है। उनके परिवार को वर्ष 2019-20 में 80 दिनों के रोजगार के एवज में 14 हजार रूपए से अधिक की मजदूरी मिली थी। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 में उनके परिवार को 105 मानव दिवस काम के बदले करीब 20 हजार रूपए का मजदूरी भुगतान किया गया है।
20 फरवरी को स्वाभिमान मार्च निकालेगी महिला मोर्चा

panchayattantra24.com,,रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ती रेप की घटनाएं और महिला प्रताड़ना के अपराधों को लेकर बीजेपी महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत और महिला मोर्चा प्रभारी लता उसेंडी ने प्रेस कॉफ्रेंस की. महिला मोर्चा ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दो साल के कार्यकाल में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ी है. यह राज्य सरकार की नाकामी है।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपराध बढ़ रहा है. लगातार रेप और महिलाओं की हत्या हो रही है. इस विषय को लेकर हम धरना देंगे. इसी को लेकर 20 फरवरी को स्वाभिमान मार्च निकाला जाएगा. बूढ़ातालाब में धरना देने के बाद पैदल मार्च कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
महिला मोर्चा प्रभारी लता उसेंडी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दो साल के कार्यकाल में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ी है. सरकार को जगाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया है. प्रदेश सरकार के मंत्री घटनाओं के विषय में गंभीर नहीं है. मंत्री शिव डहरिया ने ऐसी ही घटना पर टिपण्णी की थी. छत्तीसगढ़ शांति का टापू कहा जाता था. दो सालों में घटनाएं बढ़ी है. बालिका अपराध पर छग चौथा और महिला अपराध पर 7वें स्थान पर है. आदिवासी अंचल में माताएं बहने भयभीत है. जशपुर की एक बच्ची को बाहर ले जाकर सात बार बेचा गया. अंत में उसे आत्महत्या करनी पड़ी. आज वो हमारे बीच मे नहीं है।
सरकार इन विषयों पर बात करने में कतराती है. घटनाओं को कैसे रोका जाए, इसकी सरकार को चिंता नहीं है. सरकार महिलाओं को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर रही है. 20 फरवरी को रायपुर के बूढ़ातालाब में एकत्रित होकर राज्यपाल को ज्ञापन दिया जाएगा. प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है. राजधानी रायपुर का बुरा हाल है।

panchayattantra24.com, धमतरी। जिले के रुद्री थाना क्षेत्र में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला है. युवक की शिनाख्त विश्रामपुरी निवासी संजू मंडावी के रूप में हुई है. मौके पर वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंच गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, रूद्री थाना क्षेत्र कारी राव देव स्थल के पास सुबह एक युवक की लाश क्षत-विक्षत हालत मिली है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है, जिसने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ग्रामीणों की माने तो क्षेत्र में विचरण रह रहे चंदा हाथियों के झुण्ड ने युवक की यह हालत की है. वहीं दूसरी ओर वन विभाग इस तर्क को सिरे से नकारते हुए पत्र जारी किया है।
रुद्री थाना प्रभारी युगल किशोर नाग का कहना है कि वन विभाग के रेंजर ने सुबह हमें युवक की क्षत-विक्षत लाश मिलने की जानकारी दी थी. मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है. पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कह पाएंगे।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान की गति धीमी पड़ गई है. छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्यकर्मी और अधिकारी डर और असमंजस की वज़ह से वैक्सीनेशन में रुचि नहीं ले रहे हैं, जिसका नतीजा है छत्तीसगढ़ लगातार लक्ष्य से पिछड़ रहा है ।
आंकड़ों की बात करें तो वैक्सीनेशन अभियान को शुरू हुए 33 दिन बीत चुके हैं, लेकिन प्रदेश के करीबन 58000 स्वास्थ्य कर्मियों ने अब तक सुरक्षा का पहला टीका नहीं लगवाया है, वहीं दूसरे डोज़ के लिए पंजीकृत 47134 स्वास्थ्य कर्मियों में से 14227 कर्मियों को ही दूसरा डोज़ लग पाया है. दूसरे चरण के लिए 2,12,880 फ्रंटलाइन वर्करों का वैक्सीनेशन होना है, जिसमें से 89,634 लोगों को ही टीका लग पाया है ।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी मानते हैं कि अधिकारी वैक्सीन को लेकर डरे हुए हैं और उन्होंने अपनी दुविधा उनसे जाहिर की है. वे कहते हैं कि जिन कंधों पर वैक्सीनेशन को लेकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी है, वही भ्रम की स्थिति में है ।

panchayattantra24.com,रायपुर। आईक्लास की ओर से रायपुर हवाई अड्डे से एयर कार्गो के प्रोत्साहन को लेकर ट्रेड मीट का आयोजन किया गया. आयोजन में छत्तीसगढ़ चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने रायपुर में अगर एयर कार्गों की सुविधा मिले तो बड़ी राहत मिलेगी ।
छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन योगेश अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष ललित जैसिंघ, उपाध्यक्ष राजेश वासवानी, युवा चैम्बर के निकेश बरडिया सभी ने कार्गो का स्वागत किया. इस दौरान योगेश अग्रवाल ने कहा कि रायपुर से बड़े पैमाने में वेजिटेबल और फ्रूट एक्सपोर्ट नागपुर कार्गो से हो रहा है. अगर रायपुर में सुविधा मिली तो बड़ी राहत मिलेगी ।
एयर कार्गो ने बताया कि जल्द ही कस्टम ऑफिस को एयरपोर्ट कार्गो में शुरू किया जाएगा. कार्गो के रीजनल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनोज गंगाल ने बताया कि ई-कॉमर्स हब को जल्द शुरू किया जाएगा. कैप्टन पंकज ने बताया कि जल्द ही बिलासपुर और जगदलपुर में भी कार्गो शुरू किया जाएगा. इस कार्यक्रम में राज्य सरकार की तरफ से इक्का, एविएशन मंत्रालय से राहुल नंदी, एयर इंडिया, इंडिगो और विस्तारा के अधिकारी उपस्थित थे ।

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना संक्रमण से जूझ रहे प्रदेश के लिए अब राहत भरी खबर आई है. कोरोना के मामले खत्म होते नजर आ रहा हैं. इस कड़ी में दो जिले कोरोना मरीज मुक्त हो चुकी हैं. बीजापुर और सुकमा में कोरोना संक्रमितों की संख्या आज की तारीख में शून्य है, वहीं प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 3009 है, इनमें से सबसे ज्यादा 903 रायपुर में हैं ।
कोरोना के जंग में एक साथ एक दिन प्रदेश के दो जिला ने कोरोना को धूल चटाया है, सुकमा और बीजापुर जिले ने पहले कोरोना संक्रमण के रफ्तार को रोका फिर जाकर अब कोरोना मरीज मुक्त जिला बन गए हैं. अब तक बीजापुर में 4 हजार 1 सौ 16 मरीज चिन्हित हुए हैं, जिसमें से 2419 मरीज हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुए तो वहीं होम आईसोलेशन से 1669 मरीज कोरोना के जंग जीते. इस तरह 4088 लोगों ने कोरोना को मात दी, वहीं 28 लोग कोरोना के जंग में हारे हैं ।
सुकमा की बात करें तो अब तक 4014 मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं, जिसमें से 4004 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं. इनमें से 2341 मरीज हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुए हैं, तो वहीं होम आईसोलेशन में 1663 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं. इसके अलावा अब तक 10 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है ।

panchayattantra24.com,रायपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने आज जांजगीर-चांपा जिले के सक्ती विकासखंड के ग्राम पंचायत जेठा में झेरिया यादव समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. महंत ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा जरूरी है। समाज के पदाधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे समाज के लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाएं, जिससे समाज विकास की राह पर आगे बढ़े। डॉ. महंत ने सामाजिक कुरीतियों से भी बचने के लिए सतत प्रयास की आवश्यकता बताई। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए एकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज में छोटे-छोटे संगठनों कोई महत्व नहीं है। छोटे छोटे संगठन बनाकर अपने को कमजोर ना करें।
डॉ. महंत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सुराजी गांव योजना के तहत सभी ग्राम पंचायतों में गौठान का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग गौठानों की देखरेख करें और गौठान की आर्थिक गतिविधियों से विकास कार्यों से जुड़कर रोजगार प्राप्त करें और अपना आर्थिक विकास सुनिश्चित करें। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गोधन संवर्धन में यादव समाज की पारंपरिक भूमिका महत्वपूर्ण रही है। कार्यक्रम में जैजैपुर विधायक श्री केशव चंद्रा ने अपने संबोधन में समाजिक बुराईयों से बचने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने आज सक्ती के विश्राम गृह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से मुलाकात की। इस अवसर पर सक्ती अनुविभाग वन विभाग क्षेत्र के विभिन्न गांव के वन भूमि पर काबिज 34 वनवासियों को व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टा का वितरण किया गया। कृषि विभाग की योजना के तहत बैटरी चलित 10 स्प्रेयर यंत्र और समाज कल्याण विभाग की योजना के तहत दिव्यांग अनिल सारथी को मोटराइज्ड साइकल प्रदान करते हुए हितग्राहियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता यशवंत चंद्रा, अमित राठौर, गुलजार सिंह, नगर पालिका जांजगीर-नैला के अध्यक्ष भगवानदास गढ़ेवाल सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।