Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर । अंधकार के पीछे हमेशा प्रकाश होता है, जरूरत है हमें हिम्मत से उस तक पहुंचने की। प्रसिद्ध नृत्यांगना और कलाकार सुधा चंद्रन के जीवन की तरह मध्यप्रदेश के ग्राम पंचायत बीजाटोला जिला बालाघाट निवासी किसान  लखन सिंह की कहानी भी यही सिखाती है कि जीवन रूकने का नहीं चलने का नाम है। मेहनत से खेती किसानी कर अपना जीवन यापन कर रहे 54 वर्षीय  लखन सिंह मेरावी के पैरों में खून का बहाव बंद हो जाने के कारण डॉक्टरों की सलाह से 2007 में उनका दायां पैर और फरवरी 2020 में बायां पैर काटना पड़ा। दोनों पैर कटने के बाद भी लखन सिंह ने हिम्मत नहीं हारी और अब वह पैर कटने के बाद भी चल सकते हैं, वह किसी पर निर्भर न होकर अपना काम खुद करते हैं।
   एक समय था जब दोनों पैर कटने के बाद  लखन सिंह जीवन से निराश हो गए थे और उन्होंने जीने की उम्मीद छोड़ दी थी। उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें परिवार के भरण पोषण की चिंता भी सताने लगी थी। इसी बीच पड़ोसी गांव के परिचित के माध्यम से उन्हें छत्तीसगढ़ रायपुर के माना स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेन्टर (पीआरआरसी) के बारे में जानकारी मिली। परिचित ने पीआरआरसी से कृत्रिम पैर बनवाया था। परिचित ने बताया कि पीआरआरसी में आवश्यकतानुसार कृत्रिम हाथ, पैर, व्हीलचेयर, सीपी चेयर के अतिरिक्त सहायक उपकरण भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। परिचित से मिली जानकारी से  लखन सिंह के मन में भी जीवन के प्रति उम्मीद की किरण जागी।
लखन सिंह रायपुर के रिहैबिलिटेशन सेंटर पहुंचे। यहां उन्हें रिहैबिलिटेशन टीम द्वारा निःशुल्क कृत्रिम पैर बनाकर दिया गया। इसके साथ ही टीम द्वारा एक सप्ताह तक कृत्रिम पैरों से चलने और संतुलन बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। बिना सहारे खुद से चल पाने के कारण श्री लखन सिंह बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि पैर लगने के बाद उनमें फिर से जीवन जीने की आस जागी है। अब वह खेती-किसानी के कामों में अपने बेटे का हाथ बटाने लगेे हैं। इसके साथ ही वह दुकान खोलकर व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं। जिससे वह अच्छी तरह अपनी बेटियों का विवाह कर सकें। उन्होंने बताया कि एक पैर कटने के बाद वह जयपुर पैर लगाते थे,लेकिन उसमें थोड़ी परेशानी होती थी। पीआरआरसी में लगे पैर से वह आराम से चल पा रहे हैं। अच्छी तरह चलने की ट्रेनिंग देने के लिए उन्होंने रिहेबिलीटेशन टीम की तारीफ की है। इसके साथ ही निःशुल्क कृत्रिम पैरों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद दिया है।
  वर्कशॉप मैनेजर शरद पाण्डे ने बताया कि  लखन सिंह की तरह छत्तीसगढ़ के फिसिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेन्टर (पीआरआरसी) ने हजारों लोगों के जीवन को रफ्तार दी  है। अब तक यहां 2 हजार 708 मरीजों को 3 हजार 920 कृत्रिम अंगों और सहायक उपकरणों से लाभान्वित किया जा चुका है। अब दूसरे प्रदेशों से भी लोग कृत्रिम अंग बनवाने आने लगे हैं। यह पुनर्वास केन्द्र इंटरनेशनल कमिटी ऑफ रेडक्रॉस (आईसीआरसी) के सहयोग से दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग बनाकर देने के साथ उन्हें अंग संचालन और संतुलन की ट्रेनिंग भी देता है। सेरिब्रल पाल्सी (प्रमस्तिष्क घात) से पीड़ित सहित ऐसे मरीज जिनमें संतुलन की कमी होती है, उन्हें निःशुल्क व्हील चेयर और सिटिंग चेयर तैयार करके दी जाती है, जिससे मरीज को खाना-खाने, पढ़ने, बैठने में आसानी हो सके। यहां कृत्रिम अंगों के माध्यम से फिर से अपने पैरों पर चलते, हांथों को उठाते, अपने बेजान हिस्सों में गति आते देखकर हजारों चेहरे मुस्कान से खिल जाते हैं। यह केन्द्र कृत्रिम अंगों के साथ लोगों में जीवन जीने की एक नई आशा भी भर देता हैं।

 
 panchayattantra24.com,रायपुर। बिना अनुमति के तिरंगा झंडा लेकर प्रदर्शन पर निकले फुटकर व्यापारियों को पुलिस ने रास्ते पर ही रोक लिया. पुलिस का कहना है कि व्यापारी परमिशन लेकर आए, फिर प्रदर्शन करे. इस तरह तिरंगा झंडा लेकर प्रदर्शन नहीं कर सकते.वहीं फुटकर व्यापारियों की मांग है कि रेलवे स्टेशन के बाहर अपना ठेला लगाते थे. नगर निगम ने ठेला बंद करा दिया है,अब हम काफी दिनों से बेरोजगार है । 
भाजपा का कार्यकर्ता व फुटकर व्यापारियों का अध्यक्ष बताते हुए चंदू तांडी ने कहा कि फुटकर व्यापारी पिछले 30-35 साल से रेलवे स्टेशन के बाहर अपना ठेला लगाते थे,लेकिन इनके ठेले को नगर निगम ने हटा दिया है. तब से इनके पास रोजगार नहीं है, इसलिए हम झंडे लेकर प्रदर्शन के लिए आए थे, क्योंकि इसी राष्ट्र के नीचे हम सब झुके हुए हैं, हम उनको प्रणाम करते हैं. झंडे के साथ हम प्रदर्शन करना चाह रहे थे, हमने सीएम हाउस जाने का फैसला लिया था. हमने अनुमति नहीं ली थी. अब हम अनुमति लेंगे । 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश में स्कूल खुलने को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं. लेकिन इस पर अभी निर्णय नहीं लिया गया है. कल भूपेश कैबिनेट की बैठक है. इसमें स्कूल खोलने को लेकर प्रस्ताव रखा जाएगा. इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग से सहमति ली गई है । 
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल खोलने की अनुमति के लिए कल कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा. बैठक में तय होगा कि इसको कौन से दिन या माह में खोला जाएगा. कोरोना संक्रमण मद्देनज़र हेल्थ विभाग से भी रायशुमारी की गई है. उसके बाद प्रस्ताव बनाया गया. विभाग अपनी तैयारी पूरी कर ली है जैसे सरकार से अनुमति मिलेगी स्कूल खोल दिया जाएगा । 
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ नौवीं से बारहवीं तक इस स्कूल खोलने का प्रस्ताव पहले चरण में दिया गया है, क्योंकि बोर्ड कक्षाओं की प्रैक्टिकल का दौर जारी है, इसलिए पहली प्राथमिकता हायर सेकेंडरी स्कूल है । 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में लाख उत्पादन को कृषि का दर्जा मिला है. राज्य शासन द्वारा लाख उत्पादक किसानों तथा किसान-समूहों को भी कृषि फसलों के अनुरूप अल्पकालीन कृषि ऋण एवं ऋण पर नियमानुसार ब्याज अनुदान से लाभान्वित करने का आदेश जारी कर दिया गया है । 
कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त सचिव द्वारा इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया है कि कुसुम, पलाश, बेर आदि वृक्षों तथा सेमियालता आदि फसलों पर लाख उत्पादन एवं प्राथमिक प्रसंस्करण के लिए कृषकों अथवा कृषक समूहों को कृषि फसलों के अनुरूप अल्पकालीन कृषि ऋण निर्धारित ऋणमान पर प्रदान किया जाएगा. उन्हें अल्पकालीन कृषिऋण पर नियमानुसार ब्याज अनुदान भी देय होगा । 
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य में लाख की खेती की अपार संभावनाएं है. यहां के कृषकों द्वारा कुसुम, पलाश और बेर के वृक्षों में परंपरागत रूप से लाख की खेती की जाती रही है. परंतु व्यवस्थित एवं आधुनिक तरीके से लाख की खेती न होने की वजह से कृषकों को लागत के एवज में अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता है. वन विभाग ने लाख की खेती को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से इसे कृषि का दर्जा देने तथा कृषि सहकारी समितियों के माध्यम से अन्य कृषकों की तरह लाख की खेती करने वाले किसानों को भी ऋण उपलब्ध कराने का सुझाव देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रेषित प्रस्ताव को मान्य किए जाने का आग्रह किया था. जिस पर मुख्यमंत्री ने अपनी सहमति दे दी है । 
राज्य सरकार द्वारा कृषकों के हित में लिए गए इस महत्वपूर्ण निर्णय से छत्तीसगढ़ में लगभग 50 हजार किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे. वर्तमान में राज्य में 4500 टन लाख का उत्पादन होता है. राज्य में बड़े पैमाने पर आदिवासी तथा वनवासी कृषक इसकी खेती में लगे हुए है और यहां लाख की खेती की अच्छी संभावनाएं भी है. राज्य सरकार के इस निर्णय के तहत किसानों को अल्पकालीन कृषि ऋण जैसी सुविधा के मिलने से लाख की खेती तथा इसके उत्पादन को और बढ़ावा मिलेगा. इससे राज्य में लाख का उत्पादन बढ़कर 10 हजार टन तक हो जाएगा । 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के निलंबित जनसंपर्क अधिकारी राजेश नायर की जमानत याचिका खारिज हो गई है. सेशन कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई. आरोपी के वकील कमलेश पांडे ने केस की पैरवी की. वहीं शासन की ओर से लोक अभियोजक मनोज वर्मा ने पैरवी की. दोनों पक्षों को सुनने के बाद सेशन कोर्ट ने याचिका खारिज कर दिया. अब जमानत के लिए राजेश नायर को हाईकोर्ट जाना होगा । 
इससे पहले मामले की सुनवाई सीजीएम कोर्ट में हुई थी. सुनवाई के बाद जज भूपेंद्र वासनीकर ने याचिका को खारिज कर उन्हें जेल भेज दिया था । 
बता दें कि नायर के खिलाफ गृह निर्माण मंडल के ही संपदा अधिकारी मोहम्मद सिराजुद्दीन ने एफआईआर दर्ज कराई थी. सिराजुद्दीन ने एफआईआर में राजेश नायर के खिलाफ 10 लाख रुपए अवैध रुप से मांगने और नहीं देने पर मारपीट करने व धमकी देने का आरोप लगाया था. इसके बाद गृह निर्माण मंडल ने नायर को 6 फरवरी को निलंबित कर दिया थी. बोर्ड ने इस दौरान उनका मुख्यालय अंबिकापुर तय किया है । 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज शाम उनके निवास कार्यालय में स्व. चन्दूलाल चन्द्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के अभिभावक मंडल ने मुलाकात की और इस मेडिकल कॉलेज को अधिग्रहण कर शासकीय करने की घोषणा पर मुख्यमंत्री बघेल के प्रति आभार जताया । 
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बघेल ने हाल ही में स्वर्गीय चन्दूलाल चन्द्राकर की पुण्यतिथि के अवसर पर दुर्ग जिले के कचान्दुर में आयोजित कार्यक्रम में उक्त मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण की घोषणा की थी. उन्होंने कहा है कि जल्द ही इस मेडिकल कॉलेज को शासकीय मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी । 
मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावको में डॉ. बसंत अंचल, कमल सिंह डहरिया, सुजीत गुप्ता, छत्तर सिंह सलूजा, डॉ. रूपल पुरोहित, सीएल जांगड़े, आरके शुक्ला सहित अन्य अभिभावक उपस्थित थे । 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। इलाज के बहाने एक ट्रांसपोर्टर से 50 हजार की ठगी हो गई. ट्रांसपोर्टर घुटने की बीमारी से पीड़ित था. रायपुर निवासी राहुल अग्रवाल और मुम्बई के डॉक्टर रहमान ने चुना लगा दिया. पीड़ित ने दोनों आरोपी के खिलाफ आमानाका थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है. वहीं इन आरोपियों के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में पहले से धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. इसी तरह रिटायर्ड शिक्षिका से आरोपियों ने 3 लाख रुपये की ठगी की थी । 
ट्रांसपोर्टर के रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी डॉ रहमान को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी की मुंबई से गिरफ्तारी की गई है. पुलिस थोड़ी देर में आरोपी को रायपुर लेकर पहुंचेगी. दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है । 
आमानाका थाना प्रभारी भरत बरेठ ने बताया कि,ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करने वाले टाटीबंध निवासी भूपेंद्र सिंह अहलूवालिया 13 दिसम्बर 2020 की सुबह गुरुद्वारे से घर आ रहा था. इसी दौरान एक युवक ने उसे रोकते हुए अपना नाम राहुल अग्रवाल बताया. उसने भूपेंद्र सिंह को पूछा कि क्या उनके घुटने पर तकलीफ़ है. भूपेंद्र सिंह द्वारा हां कहने पर वह कहने लगा कि मेरे पिताजी को भी बहुत तकलीफ थी । 
उन्होंने डॉक्टर रहमान जो मुम्बई से आते हैं उनके पास इलाज करवाया और अब वो बिल्कुल ठीक है. इसके बाद उसने पीड़ित को डॉक्टर रहमान का नंबर दे दिया. प्रार्थी भूपेंद्र सिंह ने डॉक्टर रहमान से फोन पर बात किया तो उसने मुम्बई में होने की जानकारी देकर 16 दिसम्बर को उसके घर आने की बात कही. 16 दिसम्बर को वह ट्रांसपोर्टर भूपेंद्र के घर पहुंचा. उसने इसकी टांगे देखी और उसे पूरी तरह ठीक कर देने का दावा किया लेकिन उसने इलाज लिए ज्यादा खर्च लगने की बात कही. इसके बाद पीड़ित ने उसकी बात मान ली. फिर डॉक्टर रहमान ने इलाज के लिए अपने बैग से एक पाइप जैसा निकाला और मुंह से सिंगी लगाकर खिंचने लगा. इसके बाद वह कहने लगा कि अब आपकी टांगे बिल्कुल ठीक हो जाएगी । 
इस पूरे इलाज के लिए भूपेंद्र सिंह अहलूवालिया ने डॉक्टर रहमान को 50 हजार रुपये दिए है. इसके दस दिन बाद भूपेंद्र सिंह को घुटने में कोई आराम नहीं मिला, तब उसने डॉक्टर रहमान को फोन लगाया तो उसका मोबाइल बंद मिला. इस तरह डॉ रहमान और राहुल द्वारा धोखाधड़ी की घटना की अंजाम दिया गया । 
जानकारी ये भी मिली है कि इन दोनों के खिलाफ कुछ दिन पहले ही सरस्वती नगर थाने में भी धोखाधडी का मामला दर्ज हुआ था. इसी तरह ही इलाज करने के नाम पर रिटायर्ड शिक्षिका शीतला सिंह से इन्होंने 3 लाख रुपये की ठगी की थी । 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के वीआईपी स्टेट समीप एसएमसी अस्पताल में 66 वर्षीय मरीज का सफल इलाज हुआ है. मरीज को सांस फूलने की समस्या थी. 4 दिन पहले ही मरीज की एंजियोग्राफी की गई. मरीज के ह्रदय की धमनियों की दो नालियों में ब्लॉकेज पाया गया. एक धमनी में 90 और दूसरे में 99 प्रतिशत ब्लॉक था, उम्र ज्यादा होने की वजह से मरीज की दोनों धमनियों में कैल्शियम जमा हुआ था. ऐसे प्रकरण में रोटाब्लेशन एथ्रेक्टॉमी की जाती है, जिसका इलाज राज्य में सिर्फ एस.एम.सी. अस्पताल में ही उपलब्ध है ।
रोटाब्लेशन करने में तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. रोटाब्लेशन एथ्रेक्टॉमी की यंत्र बहुत ही पतली होती है, जिसे मुलायम तार के ऊपर धमनी में डाला जाता है. ये प्रकरण थोड़ा अलग था. लंबे समय से धमनियों के ब्लॉक होने की वजह से ब्लॉक काफी कठोर हो चुका था. जिस वजह से इलाज के लिए मोटे तार का उपयोग करना पड़ा. इसके बाद 1 मिलीमीटर का गुब्बारा, 0.5 मिलीमीटर माइक्रोकैथेटर का उपयोग किया गया, लेकिन ब्लॉक आगे ही नहीं जा पाया ।
ब्लॉक के कैल्शियम को रोटाब्लेशन से कैसे दूर किया जाए, ये समस्या सामने आ रही थी. जिसके लिए एक नए यंत्र का उपयोग किया गया. जिसे टोरनस भी कहा जाता है. टोरनस के सामने आठ स्टील की परत होती है. ये यन्त्र ब्लॉकेज और कैल्शियम में रास्ता बनाकर आगे बढ़ता है ।
इस प्रकरण में टोरनस यंत्र का उपयोग किया गया. जिससे मरीज का इलाज सफल हुआ. इस प्रक्रिया को हमने टोरनो-रोटा प्लास्टी नाम दिया है. इस तरह से ये मध्य भारत का पहला ऐसा प्रकरण है, जहां टोरनो-रोटा प्लास्टी थेरेपी से इलाज किया गया. मरीज का इलाज डॉ एस.एस. मोहंती, डॉ सतीश सूर्यवंशी, डॉ भारत अग्रवाल, डॉ अजय चौरसिया डॉ तुषार मालेवर और कैथ लैब की टीम के द्वारा किया गया ।
 

panchayattantra24.com,रायपुर । फसल संरक्षण की सस्ती, परंपरागत और अनूठी तरकीब अपनाते हुए छत्तीसगढ़ ने एक पंथ और कई काज की कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है। हर साल संग्रहण केंद्रों में खरीदे गए धान की बड़ी मात्रा जहां नमी, बारिश, ओलावृष्टि, चूहों और दीमक की वजह से खराब हो जाती थी, वहीं इस बार इस क्षति को रोकने के लिए इन केंद्रों में विशेष तरह के पक्के चबूतरों का निर्माण किया गया है। कोरोना-काल के दौरान इन चबूतरों का निर्माण महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत किया गया है। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसरों का निर्माण भी हुआ।
 मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल की पहल पर छत्तीसगढ़ में इस साल किसानों से खरीदे गए धान को सुरक्षित रखने के लिए यह नयी व्यवस्था की गई है। सभी जिलों में कुल 7606 चबूतरों का निर्माण किया गया है। राज्य शासन ने समर्थन मूल्य पर इस साल रिकॉर्ड 93 लाख मीटरिक टन से अधिक की धान खरीदी की है। छत्तीसगढ़ के अलग राज्य बनने के बाद से किसानों से यह सर्वाधिक धान की खरीदी है। इतनी बड़ी मात्रा में खरीदे गए धान को सुरक्षित रखना भी बड़ी चुनौती है। धान संग्रहण केंद्रों में इस साल बड़ी संख्या में बनाए गए पक्के चबूतरों से इन्हें सुरक्षित रखने में भरपूर मदद मिल रही है।
प्रत्येक चबूतरे पर तीन-तीन हजार बोरियां रखी जा सकती हैं। संग्रहण केन्द्रों में जरूरत के मुताबिक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मानकों के अनुरूप इसके लिए 10.6 मीटर लंबाई और साढ़े सात मीटर चौड़ाई के चबूतरे बनाए गए हैं। दो-दो लाख रूपए की लागत से बनाए गए इन चबूतरों में भविष्य में शेड लगाने के लिए आठ पेडेस्टल के साथ बोल्ट और प्लेट का भी प्रावधान किया गया है। चबूतरों में आर.सी.सी. फर्श के नीचे रेत की भराई एवं चूहे से बचाव के लिए चारों तरफ छज्जा भी बनाए गए हैं।
 धान को सुरक्षित रखने के लिए बालोद जिले के विभिन्न संग्रहण केंद्रों में कुल 378, बलौदाबाजार-भाटापारा में 597, बलरामपुर-रामानुजगंज में 85, बस्तर में 221, बेमेतरा में 430, बीजापुर में 123, बिलासपुर में 380, दंतेवाड़ा में 22, धमतरी में 333, दुर्ग में 132, गरियाबंद में 254, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 60, जांजगीर-चांपा में 711, जशपुर में 47, कांकेर में 363, कबीरधाम में 269, कोंडागांव में 114, कोरबा में 157, कोरिया में 76, महासमुंद में 488, मुंगेली में 351, नारायणपुर में 32, रायगढ़ में 469, रायपुर में 786, राजनांदगांव में 465, सुकमा में 66, सूरजपुर में 118 और सरगुजा में 79 पक्के चबूतरों का निर्माण किया गया है।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजिम माघी पुन्नी मेला के आयोजन में मेले की गरिमा को बरकरार रखते हुए सरकारी आयोजनों की तरह आयोजन नहीं किया जाएगा. यह निर्देश धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने मेले को लेकर हुई समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिए ।
धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू के बंगले में हुई बैठक में राजिम माघी पुन्नी मेला को लेकर रणनीति बनायी गई. बैठक में जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभागीय अधिकारियों की मौजूद थे. धर्मस्व मंत्री साहू ने बताया कि मेला मेला की तरह हो, सरकारी आयोजन न हो इस बात के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं ।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मैं मौक़े में जाकर निरीक्षण कर आया था, उसके बाद दिशा-निर्देश के अनुसार आज तैयारियों की समीक्षा की गई है. इसके अलावा पुन्नी माघी मेला में व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई और दिशा-निर्देश दिए गए ।