Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
पंचायत तंत्र – रायपुर। राजनीति में शुचिता और अनुशासन का नारा देने वाली बीजेपी की यह तस्वीर चौंकाती है। मामला पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर तथा छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके तथा पार्टी के महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी के बीच हुई भिड़ंत से जुड़ा है।
दरअसल बजट पर बुद्धिजीवियों से चर्चा करने रायपुर पहुंचे केंद्रीय विमानन, आवास मंत्री हरदीप सिंह पुरी पार्टी पदाधिकारियों से औपचारिक रायशुमारी कर रहे थे। इस बैठक की सूचना पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को नहीं थी। प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद अजय चंद्राकर को जब केंद्रीय मंत्री की पदाधिकारियों से चल रही औपचारिक बैठक की जानकारी मिली, वह भड़क उठे। पहले तो चंद्राकर बैठक हाल के भीतर गए और एक मिनट से भी कम वक्त में बाहर निकल आए। बाहर आने के दौरान उनके चेहरे का हाव-भाव बता रहा था कि हालात में गर्माहट है। चंद्राकर बाहर आकर बैठ गए। इसके बाद जब बैठक खत्म हुई और हरदीप पुरी बाहर आए, उन्होंने अजय चंद्राकर से बाहर आने का कारण पूछा, जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह बैठक में अपेक्षित नहीं थे, इसलिए बाहर आ गए।
इधर प्रेस कांफ्रेंस शुरू होने के ठीक पहले अजय चंद्राकर ने महासचिव भूपेंद्र सवन्नी से बैठक की सूचना नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की। चंद्राकर ने तल्ख भरे अंदाज में कहा कि-
जिसकी चमचागिरी करते हो, वहीं किया करो, मेरे साथ अच्छे से बिहैव किया करो, नहीं तो ठीक कर दूंगा।
चंद्राकर की इस तल्ख टिप्पणी के बीच बड़े नेताओं को हस्तक्षेप करना पड़ा। मौके पर मौजूद सूत्र बताते हैं कि राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने बीच बचाव किया, जिसके बाद हालात स्थिर हुए। इधर पूरी प्रेस कांप्रेंस के दौरान अजय चंद्राकर हाल में सबसे पीछे जाकर बैठे रहे।
उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। चंद्राकर ने केवल इतना कहा कि, यह सब चलता रहता है, इधर भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि यह मेरा विषय़ नहीं है। अजय चंद्राकर से ही इस पर बात करें।
पंचायत तंत्र – रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज असम दौरे पर जाएंगे। सीएम वहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम बैठक लेंगे।
उल्लेखनीय है कि असम में विधानसभा चुनाव होने है। इसे लेकर कांग्रेस समेत अन्य सियासी दल सक्रिय हो गए हैं। बीजेपी भी लगातार बैठकें कर रही है। दूसरी ओर कांग्रेस भी चुनावी रणनीति बनाने में लगातार बैठकें कर रही है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ाई है। पुलिस ने मामले में एक 70 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर का है, यहां टेंगना तालाब के पास एक घर के अंदर शराब बनाई जा रही थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम उस वक्त चौंक गई जब उसने देखा कि कमरे भीतर एक आलमारी मौजूद थी और जब उसे खोल कर देखा तो उसके अंदर ही अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। जहां शराब बनाया जा रहा था।
आजाद चौक सीएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि हीरापुर टेंगना तालाब के पास एक घर मे कच्ची शराब बनाया जा रहा था जहां छापा मारकर करीब 250 लीटर के आसपास शराब पकड़ी गई है। 70 वर्षीय कुलवंत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। घर मे एक आलमारी जैसा था उसे खोला गया तो अंदर कमरा था वहीं आरोपी द्वारा शराब बनाई जा रही थी। आरोपी के खिलाफ कबीर नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
आपको बता दें इसके पहले बेमेतरा में भी शराब की अवैध फैक्ट्री पकड़ाई थी। जिसके बाद डीजीपी ने टीआई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सस्पेंड कर दिया था।

panchayattantra24.com,रायपुर। ऑनलाइन क्लास साबित सफ़ेद हाथी साबित हो रहा है. रायपुर जिले में 10वीं के 30 प्रतिशत बच्चों को ऑनलाइन क्लास का लाभ नहीं मिल रहा है. वहीं 12वीं के 25 प्रतिशत बच्चे ऑनलाइन क्लास की वजह से पढ़ाई नहीं कर पाए. इसका सबसे बड़ा कारण नेट और मोबाइल नहीं होना है. वहीं विभाग इस कमी को मोहल्ला क्लास से कवर करने का दावा किया है ।
वहीं नाम नहीं बताने के शर्त में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने बताया कि मोबाइल, नेट नहीं होने के कारण पढ़ ही नहीं पाए, महीने में एकात बार एक दो शिक्षक आते हैं, लेकिन कोर्स पूरा नहीं हुआ है कैसे परीक्षा देंगे ।
पालकों से बातचीत करने पर कहा कि पेट भरने के लिए मुश्किल हो रही है, लेकिन लॉकडाउन में घर में थे. ऐसे में काम धंधा भी बंद था जैसे तैसे परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं. ऐसे में कहा से नया मोबाइल ख़रीदे नेट रिचार्ज कैसे कराए ।
जिला शिक्षा अधिकारी बंज़ारे ने बताया कि कक्षा के कोई भी विद्यार्थी पढ़ाई से वंचित न हो, इसके लिए कई तरह के प्रयास किये जा रहे हैं. ऑनलाइन क्लास में 10वीं कक्षा में लगभग 19 हजार छात्र पंजीकृत हैं, जिसमें से लगभग 70 प्रतिशत छात्र ऑनलाइन क्लास से पढ़ाई कर रहे हैं और 12वीं कक्षा मैं लगभग 20 हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं जिसमें से 75 प्रतिशत विद्यार्थी ऑनलाइन क्लास अटेंड कर रहे हैं. साथ ही शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बात जो बच्चे छूट रहे हैं उन्हें मोहल्ला क्लास के माध्यम से कवर किया जा रहा है. लोकल कक्षा में ऑनलाइन उपस्थिति कम है ।

panchayattantra24.com,रायपुर। तीनों कृषि कानून के विरोध में किसानों ने शनिवार को 3 घंटे का देशव्यापी चक्का जाम किया, जो अब खत्म हो गया है. छत्तीसगढ़ के कई जिलों में चक्का जाम किया गया, जिसका असर भी देखने को मिला. प्रदेश भर में 12 से 3 बजे तक सड़क जाम किया गया. इस दौरान कुछ अनहोनी न हो, इसके लिए सुरक्षा बल के जवानों को भी तैनात किया गया था. नेशनल हाइवे जाम होने की वजह से आम लोगों के साथ ही स्कूली बस और एंबुलेंस भी जाम में फंस गए. जिससे उनको परेशानियों का सामने करना पड़ा ।
राजधानी रायपुर के संतोषी नगर-टिकरापारा राष्ट्रीय राजमार्ग में किसानों और कांग्रेस नेताओं ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया. इसके अलावा रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग में सारागांव के पास बड़ी संख्या में किसानों ने प्रदर्शन कर चक्काजाम किया. इस दौरान गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई थी. यहां घंटो तक प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे ।
छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के नेतृत्व में आरंग के रसनी स्थित पुराना टोल प्लाजा में नेशनल हाइवे-53 पर चक्काजाम किया. इस दौरान मुंबई-कोलकाता मार्ग पर आवागमन 3 घंटे तक बाधित रहा है. एम्बुलेंस को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों को चक्काजाम के दौरान रोका गया. प्रदेशभर में हुए चक्काजाम को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया था. चक्काजाम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. इस दौरान कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ।
महासंघ के संयोजक पारसनाथ साहू ने बताया कि चक्काजाम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. इसमें आसपास के किसानों के अलावा कांग्रेस पार्टी का भी सहयोग रहा. दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसान भाइयों को हमारा पूर्ण समर्थन है. किसी एक राज्य तक ही यह आंदोलन सीमित नहीं है. इसीलिए आज यह चक्काजाम किया गया है. जब तक केंद्र सरकार अपना किसान विरोधी कानून वापस नहीं लेता, तब तक किसान दिल्ली से नहीं हटेंगे. छत्तीसगढ़ में जिस प्रकार चक्काजाम को समर्थन मिला है, उससे पता चलता है कि यहां के किसान भी केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में है ।
महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉंक के साकरा में सैकड़ों किसानों ने हाइवे जाम कर दिया. दिल्ली में आंदोलनरत किसानों के आह्वान पर उनके समर्थन में राष्ट्रीय राजमार्ग सांकरा के NH-53 को जाम किया गया. किसानों के चक्का किए जाने से सैकड़ों वाहनों के पहिले थम गए. बेमेतरा जिले में भी चक्का जाम का असर देखने को मिला. पुराना बस स्टैंड के पास किसानों ने चक्का जाम किया. इस चक्का जाम में आम जनता के साथ ही 102 और 108 वाहनों को भी निकलने में परेशानी हुई. किसान ट्रैक्टर से सड़क को जाम कर वही बैठ गए ।
राजनांदगांव जिले में भी किसान आंदोलन के समर्थन में पार्री नाला के पास सर्व किसान मोर्चा और काग्रेस ने मिलकर नेशनल हाईवे में चक्काजाम किया. करीब 2 घंटे तक चले चक्का जाम में स्कूल बस और एंबुलेंस भी फंसी रही. एक किमी तक जाम लगा रहा. सीएसपी चंद्रा ने कहा कि चक्का जाम की वजह से रोड डायवर्ट कर दिया गया था. फिर भी जाम की वजह से स्कूल बस और एंबुलेंस भी रोड के जाम में फंस गए ।
किसान नेता सुदेश टीकम ने कहा कि तीन काले कानून की वापसी समर्थन में लगातार देश में आंदोलन चल रहा है. पिछले 73 दिनों से आंदोलन दिल्ली में चल रहा है. अभी तक 150 से अधिक किसान शहीद हो चुके हैं, लेकिन यह मोदी सरकार की आंखों में दिख नहीं रहा है. हम शहीदों को नमन करते है और संकल्प लेते हैं कि जब तक यह किसान विरोधी 3 कानून खत्म नहीं करते और समर्थन मूल्य गारंटी पास नहीं करेंगे, तब तक हम यह कुर्बानी देते रहेंगे ।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में आज भारतीय युवा कांग्रेस ने युवाओं के लिए तीन दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया. इस शिविर में युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा व राष्ट्रनिर्माण में पार्टी के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषय से अवगत करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. शिविर में स्वास्थ्य मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य टीएस सिंहदेव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सेवादल व मूलतः कांग्रेस पार्टी ने देश की स्वतंत्रता में अतुलनीय योगदान प्रदान किया है. उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध जब कांग्रेस की एक बैठक होती थी और जो विचार साझा किए जाते थे उन्हें पूरे देश मे प्रसारित कर एकमत और एक ध्वनि बनाया जाता है, यह कांग्रेस पार्टी की संगठनशक्ति एवं नीतियों का आदर्श उदाहरण है कि हमने इतने कठिन दौर में भी आपसी सामंजस्य बनाये रखा ।
इसके साथ ही उन्होंने युवाओं के साथ कांग्रेस में अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब देश में 1977 का दौर आया तब लोग कांग्रेस के समापन के कयास लगाने लगे थे. इस समय में जब सरगुजा-अंबिकापुर में कांग्रेस की रैली हुई तो 5-7 लोगों ने ही उसमें भाग लिया. यह वो समय था जब कोई भी व्यक्ति कांग्रेस की सदस्यता लेने से बचना चाहता था. अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए टी एस सिंहदेव ने बताया कि इस समय में उनकी माता व बहन जेल भी गयीं, लेकिन तब तक उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता नहीं ली थी. टीएस सिंहदेव ने कहा कि करीब 25 वर्ष की आयु में जब कांग्रेस की विचारधारा, आर्थिक-सामाजिक नीति स्पष्ट हुई, तब उन्होंने कांग्रेस सेवादल से जुड़कर कार्य करना प्रारंभ किया ।
उन्होंने प्रशिक्षण की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस के युवाओं में स्वछंद भाव देखने को मिलता है, हमें इस स्वच्छन्दता के साथ ही अनुशासन की भी आवश्यकता है. अनुशासन से ही हम कांग्रेस की विचारधारा को भलीभांति समझ पायेंगे एवं जन-जन तक पहुंचाने में सफल होंगे. उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण में अनिवार्यता होनी चाहिए, निरन्तर प्रशिक्षण के आयोजन से युवा साथियों को लाभ लेकर नव नीतियां और हमारी विचारधारा को समझने पर जोर देना चाहिए. इसके साथ ही पार्टी में युवाओं का लक्ष्य केवल पद पाना नहीं होना चाहिए बल्कि ट्रेनिंग, अनुशासन व पार्टी को साथ लेकर चलने पर जोर देना चाहिए ।
टीएस सिंहदेव ने तुलनात्मक रूप से लड़कियों की उपस्थित पर भी जोर दिया. इसके बाद उन्होंने कहा कि युवाओं के भीतर जो प्राकृतिक क्षमता है, वह हमने विश्वव्यापी महामारी कोरोना में स्पष्ट रूप से देखी है, देश में संक्रमण का प्रसार इसलिए भी सिमटा क्योंकि हमारे युवाओं के क्षमता इस संक्रमण से अधिक थी, हमें इन सभी शक्तियों को पहचान कर पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है ।

panchayattantra24.com,रायपुर। केवायसी का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म के नाम से खाता खोलकर विदेशों से करोड़ों की रकम के ट्रांजेक्शन का मामला सामने आया है। पीड़ित को ईडी का नोटिस मिलने के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने इंडसइंड बैंक के एक कर्मचारी मनीष कदम के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पुरानी बस्ती निवासी 51 वर्षीय अजय कुमार यदु की ब्राह्मणपारा स्थित महितोष चौक के पास मां समलेश्वरी ऑफसेट प्रिंटर्स के नाम से दुकान है। साल 2011 में उनकी दुकान में इंडसइंड बैंक का कर्मचारी मनीष कदम आया, जो कि पूर्व परिचित था। आरोपी मनीष कदम ने अजय यदु से कहा कि यदि वह इंडसइंड बैंक में अपनी फर्म का खाता खोलता है तो उसे अन्य बैंको की तुलना में अधिक ब्याज मिलेगा।
मनीष ने यह भी कहा कि उसके माध्यम से बैंक में जितने अधिक खाते खुलेंगे उसका प्रमोशन उतना जल्द होगा। पीड़ित अजय उसके झांसे में आ गया। इस दौरान आरोपी मनीष ने उसके दुकान पर ही बैंक में फर्म मां समलेश्वरी ऑफसेट के नाम पर चालू खाता खोलने के लिए कई दस्तावेजो पर हस्ताक्षर कराये। साथ ही इससे ड्रायविंग लाइसेंस की छायाप्रति और फोटो ले ली। इसके अलावा उसने फर्म के नाम पर खाता खोलने के लिए 10 हजार रुपये नगद भी ले लिया। पैसे की जरूरत होने के कारण अजय यदु ने 21 सितंबर 2011 से 6 जुलाई 2012 के बीच अलग अलग किस्तों में 8 हजार रुपये निकाल लिए।
13 दिसम्बर 2019 को ईडी से पीड़ित को समंस मिला जिसके अनुसार उसे ईडी के स्थानीय कार्यालय बुलाया गया। जहां उसे जानकारी हुई कि उसे कन्हैया सेल्स नाम के फर्म का प्रोपाइटर बनाकर इंडसइंड बैंक का कर्मचारी मनीष कदम और तत्कालीन बैंक प्रबंधक ने षड्यंत्र कर चालू खाता खोला, जिसमे विदेशों से पैसे का लेनदेन हुआ। प्रार्थी ने इसकी शिकायत बहुत समय पहले मौदहापारा थाने में की थी। लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 10 जनवरी 2020 को इसने एसपी को भी आवेदन दिया था। अब जांच के बाद मामले में एफआईआर दर्ज हुई है।
इधर इस पर मौदहापारा थाना प्रभारी यदुमणि सिदार का कहना है कि बैंक का कर्मचारी मनीष राव कदम ने फर्जी कागजात के सहारे एक फर्म खोल लिया था। प्रार्थी को जब नोटिस आया तब इसकी जानकारी हुई। प्रार्थी ने आवेदन दिया जिस पर लंबी जांच हुई जिसके बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर नौकरी ज्वाइन करने विधानसभा पहुंचे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जब वह विधानसभा में फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर नौकरी ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा। नियुक्ति पत्र में विधानसभा सचिव का फर्जी हस्ताक्षर था जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। मामले में युवक के खिलाफ विधानसभा थाना में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया गया।
गिरफ्तार युवक का नाम देवचरण चंद्रा है। विधानसभा थाना प्रभारी बृजेश तिवारी ने बताया कि 5 फरवरी को मालखरौदा सारसडोल निवासी देवचरण चंद्रा नाम का युवक कम्प्यूटर ऑपरेटर का एक नियुक्ति पत्र लेकर विधानसभा पहुंचा। उसने वहां मौजूद कर्मचारियों से बताया कि मैं ज्वाइन करने आया हूं इसमें तीन और लोगों का नाम है वो तीनों भी ज्वाइन करने के लिए आये थे क्या ? फिर विधानसभा के कर्मचारियों ने देखा कि इस तरह से कोई वेकेंसी तो निकली ही नहीं है। तब उनके द्वारा पूछा गया कि क्या उसने इसे लेकर कोई आवेदन दिया है तो उसने नहीं कहा। फिर जब इससे पूछा गया कि ये नियुक्ति पत्र उसको किसने दिया है तो उसने बताया कि मरीन ड्राइव में उमेश नाम के व्यक्ति ने दिया है। उमेश को दिसम्बर से वह पहचानता है लेकिन वह कहां रहता है उसे नहीं पता। साथ ही इसने बताया कि उससे कोई पैसा नहीं लिया गया है। विधानसभा की ओर से की गई शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ने कोरोना संकट के बावजूद भी वर्ष 2020 में 1621.67 करोड़ रूपए का रिकार्ड पंजीयन राजस्व अर्जित किया है। वर्ष 2019 में अर्जित 1315.46 करोड़ रूपए के राजस्व से यह 23.28 प्रतिशत अधिक है। चालू वित्तीय वर्ष में 31 जनवरी तक राज्य में एक लाख 82 हजार दस्तावेजों का पंजीयन हुआ है, जिसके कारण स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क के रूप में 1087.19 करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप राज्य में जन सामान्य की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छोटे भू-खण्डों के क्रय-विक्रय पर लगी रोक को हटाने का फायदा यह हुआ है कि बीते दो सालों में छोटे भू-खण्डों से संबंधित दस्तावेजों के पंजीयन में लगभग दोगुने की वृद्धि हुई है। इन दो सालों में एक लाख 86 हजार 423 छोटे भू-खण्डों के पंजीयन से आम जनता को राहत मिली है। बाजार मूल्य (गाईडलाईन) की दरों में 30 प्रतिशत की कमी किए जाने के शासन के निर्णय का भी लाभ लोगों को मिला है। इसके कारण सम्पत्ति के बाजार मूल्य में कमी के साथ-साथ खरीदी-बिक्री में राहत मिलने से मध्यम वर्ग के लिए मकान एवं अचल सम्पत्ति खरीदना आसान हुआ है।
राज्य में शासन द्वारा 75 लाख रूपए तक की कीमत के मकान एवं भवन के विक्रय संबंधी विलेखों के पंजीयन शुल्क की दर में दो प्रतिशत की रियायत अगस्त 2019 से प्रदाय की जा रही है। जिसे वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए भी यथावत रखा गया है। इसका लाभ आम नागरिकों को मकान की खरीदी-बिक्री में मिल रहा है। बीते डेढ़ सालों में 17 हजार 112 दस्तावेजों के पंजीयन के दौरान आवासीय भवनों के पंजीयन में 2 प्रतिशत की रियायत दी गई है। छत्तीसगढ़ राज्य में सम्पत्तियों के क्रय-विक्रय के लिए ई-रजिस्ट्री प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया और नेटवर्क की समस्या के निराकरण के लिए एक अतिरिक्त नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि पक्षकारों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े और पंजीयन कार्य निर्बाध रूप से संचालित हो। कोविड-19 संक्रमण से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंजीयन कार्यालयों में सुरक्षित उपस्थिति के लिए सोशल डिस्टेंसिंग को प्रभावी पालन के लिए ऑनलाईन अपॉईमेंट (स्लॉट बुकिंग) का प्रावधान किया गया और क्रमानुसार पंजीयन कार्य कराए जाने की सुविधा प्रदान की गई। मोबाइल एप के माध्यम से भी यह सुविधा उपलब्ध है। पक्षकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिदिन सीमित संख्या में टोकन प्रदाय के बावजूद भी वर्ष 2020 में 2 लाख 8 हजार 63 दस्तावेजों का पंजीयन हुआ, जो वर्ष 2019 में पंजीबद्ध दस्तावेजों की संख्या के लगभग बराबर है। पंजीयन कार्यालयों में शुल्क का नगद लेन-देन कम से कम हो, इसके लिए ऑनलाईन भुगतान की सुविधा के साथ स्वाइप मशीनों की व्यवस्था भी की गई। ई-स्टाम्पों की उपलब्धता हेतु 12 केन्द्रों सहित वर्तमान में 500 से अधिक लोक सेवा केन्द्रों एवं 200 से अधिक वेण्डरों के माध्यम से विक्रय की व्यवस्था की गई है।

panchayattantra24.com,रायपुर । वन और परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा है कि शासकीय विभागों में कार्यकुशलता के लिए पदोन्नति दी जाती है। पदोन्नत होने के बाद जवाबदेही और उत्तरदायित्व भी बढ़ता है। पदोन्नति से अधिकारियों की कार्यशैली में सुधार के साथ ही उत्साह का वातावरण बनता है। अकबर ने आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित अरण्य भवन में पदोन्नत वन क्षेत्रपालों के अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न वन मण्डलों में कार्यरत 36 उप वन क्षेत्रपाल को वन क्षेत्रपाल के पद पर पदोन्नत होने पर उनकी वर्दी में स्टार लगाकर अलंकृत किया और पदोन्नत सभी अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
वन मंत्री अकबर ने अलंकरण समारोह में कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में वनों के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी के तहत जल संवर्धन की दिशा में काम करना और स्थानीय लोगों के लिए अतिरिक्त आय का जरिया उपलब्ध कराना भी हमारी जिम्मेदारी में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी काम को सफलता तक पहुंचाने के लिए नेतृत्व की भावना पर निर्भर करता है, यदि मन में दृढ़ निश्चय कर ले तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी स्वतंत्र होकर अपनी जिम्मेदारी और दायित्वों का निर्वहन करें, इसके लिए राज्य सरकार उन्हें हर संभव मदद के लिए तत्पर है।
वन मंत्री ने कहा कि समाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 50 प्रतिशत की राशि वन प्रबंधन समितियों से और 50 प्रतिशत की राशि राज्य सरकार की तरफ से उपलब्ध कराकर शहीद महेन्द्र कर्मा के नाम से नई योजना की शुरूआत की गई है। यह स्थानीय लोगों के सुरक्षा की दिशा में राज्य सरकार की उल्लेखनीय पहल है। संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि समय पर पदोन्नत होने से अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यों में सुधार देखने को मिलता है। वे पदोन्नति के उपरांत नए उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ अपनी जिम्मेदारियों और दायित्वों को निभाते हैं।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि वन मंत्री के कुशल मार्गदर्शन में सामाजिक सुरक्षा का कार्य हो अथवा स्थानीय लोगों को हरियाली से रोजगार उपलब्ध कराने सहित कई वन विभाग द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। गत दो वर्षों में विभाग ने लोक सेवा आयोग के माध्यम से 21 सहायक वन संरक्षण एवं 157 वनक्षेत्रपाल के पदों पर भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसी प्रकार वर्ष 2021 में वनरक्षक के 300 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती, उपवन क्षेत्रपाल से वनक्षेत्रपाल के 117 पदों पर पदोन्नति और उपवनक्षेत्रपाल के 84 एवं वनपाल के 137 पदों पर पदोन्नति की मंजूरी मिल भी चुकी है।
इस अवसर पर प्रबंध संचालक (तेन्दूपत्ता) श्री संजय शुक्ला, पीसीसीएफ (वन्यप्राणी) श्री पी. व्ही. नरसिंग राव, प्रबंध संचालक (वन विकास निगम) श्री पी. सी. पाण्डे, संयुक्त वन प्रबंधन शाखा के श्री के. मुरगन सहित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।