Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट को पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने 10 में से 9 नंबर दिया. उन्होंने कहा कि इस बजट से एक ओर देश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, तो दूसरी ओर देश में विदेश निवेश बढ़ेगा. डॉ रमन सिंह ने मौलश्री विहार में पत्रकारों से बजट को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि यह ऐसा बजट है, जिसमें कोई टैक्स नहीं है. यह ऐसा टैक्स है, जो किसानों की आमदनी दुगना करने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेगा, बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, स्वस्थ भारत की सोच को साकार करेगा, सभी के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलेंगे. महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए दिया गया बजट है. इस बजट से निवेश बढ़ेगा. इसका असर गांव के विकास के लिए होगा, उज्ज्वला योजना का लाभ लोगों को मिलेगा, गांव गांव में विकास जो काम चल रहे है, उस काम को आगे बढ़ाने का लाभ इस बजट से मिलेगा। 
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत व कोरोना के बाद का बजट है. कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया गया है. रोज़गार के नए अवसर, विदेशी निवेश बढ़ेगा. इंफ्रास्ट्रक्चर में काम बढ़ेगा, शहरी स्वच्छता के लिए 1 लाख 41 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया. 7 हजार करोड़ स्वच्छ पेयजल के लिए मिलेगा, कोविड वैक्सीन, स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बजट लाए गए है. एग्रीकल्चर सेक्टर में 1 हजार नई मंडियों को इंटीग्रेटेड बनाने के लिए 1 लाख 10 हजार करोड़ खर्च होगा, जिसका लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा. यही नहीं भारतमाला प्रोजेक्ट का लाभ सभी राज्यों को मिलेगा। 
कांग्रेस के बजट को लेकर लगाए आरोप पर कहा कि कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक कारणों से आरोप लगा रही है, अभी उनको भी तो बजट पेश करना है. आर्थिक दौर में जब मंदी का दौर चल रहा था, उसके बाद भी एक संतुलित बजट प्रस्तुत करने का काम हमारी वित्त मंत्री ने किया है. इसका असर छत्तीसगढ़ के राज्यों में पूरे देश में पड़ेगा. इस बजट से छत्तीसगढ़ को पूरा लाभ मिलेगा, जब हम किसानों की बात करते हैं, स्वास्थ्य की बात करते हैं, शिक्षा की बात करते हैं, इंफ्रास्ट्रक्चर की बात करते हैं, तो उसका असर छत्तीसगढ़ के लोगों पर पड़ेगा. किसानों पर सीधा असर पड़ेगा। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। देश और प्रदेश की प्रगति में महती भागीदारी निभाने वाले युवाओं को उनकी सेहत को बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही अच्छे और सकारात्मक विचार का वास होता है। जिससे इंसान अपनी दिनचर्या के साथ ही पूरे जीवन का भरपूर आनंद ले सकता है। उन्होंने सफल दिनचर्या के लिए प्रतिदिन व्यायाम और योग को महत्वपूर्ण बताया। बघेल ने वनांचल आदिवासी क्षेत्र सुकमा के स्वामी विवेकानंद परिसर में आज फिटनेस सेंटर के अवलोकन के दौरान जिम में स्वयं कसरत कर युवाओं को प्रेरित किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद बस्तर दीपक बैज सहित विधायक मोहन मरकाम भी उपस्थित थे।
स्वामी विवेकानंद परिसर में 11 लाख की लागत से निर्मित सर्व सुविधा युक्त फिटनेस सेंटर में ट्रेडमिल, साइकिलिंग, मल्टीजिम, ट्राइसेप मशीन, लेग प्रेस, बेंच प्रेस आदि उपकरण उपलब्ध हैं। फिटनेस सेंटर में रोजाना वर्जिश के लिए आने वाले युवा अभिषेक शर्मा ने बताया कि सुकमा में सर्व सुविधा युक्त जिम के संचालन से वे बहुत खुश हैं। वे खुद को तंदुरुस्त बनाए रखने के लिए रोजाना शाम को फिटनेस सेंटर आते हैं। उन्हे फिटनेस सेंटर में उपलब्ध विभिन्न उपकरणों के साथ ही कुशल प्रशिक्षकों का सहयोग मिलने से कसरत करने में बहुत आनंद आता है।

गरीबों और सामाजिक क्षेत्रों के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं है
 
panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने केंद्रीय बजट को निराशाजनक बताया है. मरकाम ने कहा है कि केन्द्रीय बजट चंद पूंजीपतियों के लिए लाया गया है. काल्पनिकता से परिपूर्ण 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर लाया गया केन्द्रीय बजट जमीनी वास्तविकता से कोसों दूर है. किसान, मजदूर, नौजवान, गृहणियों, मध्यमवर्गीय परिवारों व्यापार उद्योग किसी भी वर्ग की जरूरतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है. गरीबों के लिए सामाजिक क्षेत्रों के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं है। 
छत्तीसगढ़ जैसे गतिशील अर्थव्यवस्था वाले प्रदेश की जरूरतों को नजरअंदाज किए जाने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि जीडीपी की गिरती दर, बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी व्यापार व्यवसाय उद्योग धंधों की दुर्दशा पर केन्द्रीय बजट में कोई ध्यान नहीं दिया गया है. केन्द्रीय बजट इस बात पर भी खामोश है कि कोरोनाकाल में 20 हजार करोड़ के पैकेज के नाम पर घोषित लाभ संबंधित वर्गों को कैसे मिलेगा। 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने आरोप लगाया है कि केन्द्रीय बजट सतही है और बिना किसी गंभीर तैयारी के लाया गया है. देश का बजट सिर्फ 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर लाया जा रहा चुनावी बजट बनकर रह गया। 
केन्द्रीय बजट में कई सरकारी कंपनियों के विनिवेश की घोषणाएं पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार सरकारी उपक्रमों को बेचने में ही लगी है जो बेहद दुखद है, देशहित में नहीं है जैसे रेलवे बेचेगी डेडिकेटेड फ्रेड कॉरिडोर एसेट. एयरपोर्टस के अगले चरण की बिक्री जल्द  GAIL,IOC, HPCL   की पाईपलाईन एसेट बिकेंगे. इंश्योरेंस सेक्टर में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश ( FDI  )की सीमा को 49 फीसद से बढ़ाकर 74 फीसद करने की घोषणा की। 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। खम्हारडीह में पूर्व मंत्री डीपी धृतलहरे की बहू नेहा धृतलहरे (30) और उसकी बेटी अनन्या (9) की जूते की लेस से गला घोंटकर हत्या दोनों ननदोइयों अजय राय और डॉ. आनंद राय ने की थी। दोनों सगे भाई भी हैं। वारदात में दीपक सायतोड़े भी शामिल था। साइबर सेल ने इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इनमें से डॉ. आनंद और उसके दोस्त दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अजय अपने बड़े भाई डॉ. आनंद और दीपक को लेकर नेहा के घर 25 लाख रुपए उधार मांगने गया था। अजय पहले भी तरुण के पैसे डुबा चुका था, इसलिए नेहा ने उधार देने से इंकार कर दिया। इसके बाद तीनों ने जूते की लेस से नेहा का गला घोंट दिया। बच्ची अनन्या दोनों को पहचानती थी, इसलिए उसकी भी हत्या की। फिर दोनों शव दीवान के भीतर ठूंस दिए। तीनों को एक साथ निकले तो शक हो सकता है, इसलिए डॉ. आनंद और दीपक को घर में बंद कर अजय बाहर आ गया। उसका प्लान था कि देर रात आकर दोनों को ले जाएगा। लेकिन नेहा के भाई-बहन अचानक पहुंच गए और हत्या का खुलासा हो गया। आरोपी अजय राय की तलाश में पुलिस ने पिछले 24 घंटे में कई जगह छापे मारे हैं, लेकिन वह फरार है। पुलिस ने बताया कि वह नेहा और उसके पति तरुण से इसलिए नाराज था क्योंकि अजय-आनंद की निस्संतान बुआ (नेहा की बुआ सास) ने सिमगा रोड पर अपनी 17 एकड़ जमीन तरुण के नाम कर दी थी। आरोपी उसमें अपनी पत्नियों के नाम से हिस्सा मांग रहे थे। लेकिन नेहा देने को तैयार नहीं थी। अजय आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। 
इस वजह से वह नेहा से उधार मांग रहा था, लेकिन नेहा ने इंकार कर दिया था। वारदात वाले दिन यानी शनिवार को अजय अपने बड़े भाई डॉ. आनंद को इसलिए ले गया था कि शायद नेहा उसकी बात मान ले। हालांकि पुलिस का दावा है कि उसने प्लान कर लिया था कि अगर नेहा नहीं मानेगी तो उसकी हत्या कर देगा। उसने इस प्लान पर अमल भी किया। खतकनाक थे इरादे, देर रात लाशों को ठिकाने लगाने की थी तैयारी राजधानी में पूर्व मंत्री की बहू और पोती के मर्डर मामले में चौकाने वाली जानकारी सामने आयी है। खबर है कि मां-बेटी की हत्या के बाद दोनों की लाश को ठिकाने लगाने की फिराक में हत्यारे थे। आशंका है कि जो दो संदिग्ध हत्या के बाद वारदात वाले कमरे में मिले हैं, वो लाश को ठिकाने लगाने की मकसद से छुपे हुए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वारदात का तरीका बेहद ही खौफनाक था। हत्या के बाद हत्यारों ने ना सिर्फ लाश को ठिकाने लगाने की पूरी प्लानिंग तैयार कर रखी थी, बल्कि हत्या के बाद पूरी तसल्ली ये जांच भी की, कि दोनों किसी भी सूरत में बचे ना रह जाये। हालांकि पुलिस के आला अधिकारी इस मामले में अभी जांच होने की बात कह रहे हैं। 
टब में डूबोकर मरने की पुष्टि की अभी तक की जो जानकारी सामने आयी है कि उनके मुताबिक घटना के बाद जो लोग कमरे में छुपे मिले थे, उनलोगों ने ही अपने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर मां बेटी की हत्या की थी। दोनों की हत्या गला घोंटकर की गयी थी, हत्या में जूते बांधने के फीते का इस्तेमाल किया गया था। बेरहमी से हत्या के बाद हत्यारों ने मौत की तस्दीक के लिए मां-बेटी दोनों को टब में डुबोया, ताकि मुंह में निकलने वाले बुलबुले को देख समझा जा सके कि दोनों मरे हैं या फिर जिंदा हैं। जब पलंग के अंदर शव को निकाला गया तो दोनों के शव गीले पड़े थे। पुलिस ने जब शव के गीले होने की जानकारी जब संदेहियों से पूछी तब जाकर इस बात का खुलासा हुआ कि शव को टब में डालकर मरने की तस्दीक की गयी थी।
 

 
 panchayattantra24.com,छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर के चूना भट्टी इलाके में एक नवजात शिशु का शव मिला है. इलाके में शव मिलने से हड़कंप मच गया है. नवजात लगभग 7 से 8 महीने का बताया जा रहा है. लोगों की सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है. ये पूरा मामला गंज थाना क्षेत्र का है. गंज थाना प्रभारी विजय कुमार यादव के मुताबिक, रमण मंदिर चूनाभट्टी इलाके में नाला किनारे एक नवजात शिशु का शव मिला है. नवजात का शव लगभग 7 से 8 महीने का लग रहा है. पुलिस टीम को सूचना मिलते ही मौके पर जाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. आस-पास के इलाके में पूछताछ की जा रही है । 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने दंतेवाड़ा जिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल हो जा रहे ग्रामीणों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि घटना दुखद है. इस घटना में मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते घायल की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है. उन्होंने कहा कि सड़क हादसे की इस घटना में मृतकों परिजनों को 25 लाख व घायलों को भी तत्काल आर्थिक मदद किया जाना चाहिए । 
बता दें कि रविवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो दिवसीय प्रवास पर दंतेवाड़ा पहुंचे थे. जहां सीएम की आमसभा के कार्यक्रम में शामिल होने बड़े हड़मामुंडा से ग्रामीण ट्रक में बैठकर दंतेवाड़ा आ रहे थे. इसी दौरान नकुलनार के पास अनियंत्रित होकर ट्रक पुलिस नाके को तोड़ते हुए एक घर में जा घुसी. जिससे ट्रक में सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई. साथ ही पचास से अधिक लोग घायल हो गए. दो की स्थिति बेहद गम्भीर है, जिन्हें बेहतर उपचार किए मेडिकल कॉलेज रिफ़र किया गया है. नेता प्रतिपक्ष ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते उनके परिजनों को 25 लाख की आर्थिक सहायता और घायलों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी माँग की है । 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सुकमा जिले के दौरे पर हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दंतेवाड़ा से रवाना होकर 11.30 बजे सुकमा के ज्ञानोदय परिसर पहुंचेंगे, वहां स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल सुकमा का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12.05 बजे विवेकानंद युवा शक्ति परिसर सुकमा में जिला ग्रंथालय का लोकार्पण करने के बाद 12.45 बजे फिटनेस सेंटर का अवलोकन करेंगे। वहीं 12.55 बजे मिनी स्टेडियम सुकमा में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आमसभा को सम्बोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर वे विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन और हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2.30 बजे गादीरास रोड के समीप सर्व आदिवासी समाज के नवीन भवन का लोकार्पण करेंगे और 3.05 बजे सर्किट हाउस में स्थानीय प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। बघेल शाम 4.05 बजे सुकमा से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 5.30 बजे भिलाई-3 थाना ग्राउंड परिसर पहुंचेंगे।

 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से कड़ाके की ठंड शुरु हो गई है। ऊत्तरी छत्तीसगढ़ शीत लहर की चपेट में आ गया है। वहीं प्रदेश के विभिन्न जिलों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़ में सबसे कम तापमान 02.1 डिग्री बलरामपुर का दर्ज किया गया है। वहीं सबसे अधिक तापमान रायपुर का 12.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक का अनुमान है कि ऐसी ही स्थिती 3 फरवरी तक बनी रहेगी।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी चंद्रा ने कहा कि प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवा आने के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों तक विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, क्योंकि न्यूनतम तापमान अपने निम्न चरम तक पहुंच गया है। आज प्रदेश के उत्तरी भाग में हल्का कोहरा छाने की संभावना है, एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बस्तर संभाग में अभी न्युनतम तापमान में 3 फरवरी तक गिरावट सम्भावित है।
 
तापमान-
रायपुर- 12.6
माना एयरपोर्ट- 11.7
बिलासपुर- 09.8
पेंड्रा रोड- 08.0
अम्बिकापुर- 06.0
जगदलपुर- 12.4
दुर्ग- 10.4
राजनांदगांव- 11.3
कवर्धा- 11.3
बलरामपुर- 02.1
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। देश भर में कोराना के टीके लगाए जा रहे हैं। टीका लगने के बाद कई लोगों में इसका प्रतिकूल प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में कोरोना वैक्सीनेशन के बाद एक स्वास्थ्य कर्मी को पैरालिसिस अटैक आने का मामला सामने आया है। जिसे इलाज के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि धमतरी जिले के कुरुद में फार्मेसिस्ट के पद पर पदस्थ एक व्यक्ति ने गुरूवार को पास के ही एक वैक्सीनेशन सेंटर में कोरोना का टीका लगवाया था। तकरीबन 4 घंटे बाद जब वे वाशरुम जा रहे थे उसी दौरान उन्हें चक्कर आया और वे गिर गए। उनकी हालत को देखते हुए आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रायपुर एम्स भेजा गया। जहां अभी उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उन्हें ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की बीमारी पहले से ही थी।
उधर इस मामले में रायपुर में पदस्थ जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी मीरा बघेल ने वैक्सीन के साइड इफैक्ट से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगने के बाद आधे से एक घंटे के भीतर उसका साइड इफेक्ट होता है। साइड इफेक्ट जैसे बुखार आना, जहां वैक्सीन लगी है उस जगह पर दर्द करना जैसी चीजें शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी दवा से एलर्जी है तो उसे वैक्सीन नहीं लगानी चाहिए। किसी व्यक्ति को कोरोना भी हुआ है तो उसे भी डेढ़ महिनों के बाद ही वैक्सीन लगानी चाहिए साथ ही किसी को ब्लड प्रेशर या शुगर की बीमारी है तो उसे कंट्रोल कर वैक्सीन लगानी चाहिए।

 
panchayattantra24.com,रायपुर । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग एक बार फिर विवादों में घिरता दिख रहा है. ताजा मामला सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा से जुड़ा है. इस मामले को लेकर ऐसी शिकायत सामने आई है, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या पीएससी में बड़े पैमाने पर भर्ती घोटाले को अंजाम दिया जा रहा है ।
दरअसल सहायक प्राध्यापक पद के साक्षात्कार के लिए चयनित एक अभ्यर्ती विरेंद्र कुमार पटेल ने आयोग चेयरमेन टामन सिंह सोनवानी को पत्र लिखकर शिकायत की है कि साक्षात्कार सूची में एक ऐसे अभ्यर्थी को भी शामिल किया गया है, जो परीक्षा में अनुपस्थित रहा है. उन्होंने अपने अनुक्रमांक (रोल नंबर) के साथ उस अभ्यर्थी का भी अनुक्रमांक दिया है, जिसे आयोग ने साक्षात्कार के लिए बुलाया है ।
लोक सेवा आयोग के चेयरमेन को लिखे अपने शिकायत पत्र में विरेंद्र कुमार पटेल ने बताया है कि वह 5 नवंबर 2020 को अमलीडीह स्थित हायर सेकंडरी स्कूल में बनाए गए केंद्र क्रमांक 3004 में बतौर अभ्यर्थी शामिल हुआ था, जिसमें उसका अनुक्रमांक 190204103691 था. उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि परीक्षा के दौरान उनके पीछे की सीट खाली थी, जिसका अनुक्रमांक 190204103693 था, लेकिन जब साक्षात्कार की सूची जारी की गई, तब अनुपस्थित अभ्यर्थी का नाम भी शामिल किया गया ।
अभ्यर्थी विरेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि परीक्षा केंद्र में ड्यूटी पर लगे पर्यवेक्षक  जब उपस्थिति पत्रक में अनुस्थित अभ्यर्थियों की जानकारी दर्ज करने लगे, तब केंद्राध्यक्ष ने बुलाकर उन्हें अनुपस्थित अभ्यर्थियों का काॅलम छोड़ने के निर्देश दिए. इस दौरान ना ही अभ्यर्थियों का थंब इंप्रेशन लिया गया और ना ही वीडियोग्राफी कराई गई ।
इस मामले को लेकर जब लल्लूराम डाॅट काम ने लोक सेवा आयोग की सचिव आरती वासनिक से संपर्क किया, तब उनका बंद आया, वहीं चेयरमेन टामन सिंह सोनवानी ने फोन रिसीव नहीं किया. विरेंद्र कुमार पटेल ने इस पूरे मामले में बड़े घोटाले की ओर इशारा करते हुए आयोग चेयरमेन से जांच कराए जाने की मांग की है. पटेल के इस शिकायत पत्र की काॅपी लल्लूराम डाट काम के पास मौजूद है ।
9 फरवरी को होना है साक्षात्कार, इधर पीएससी ने पहले ही दायर किया है कैविएट
1384 पदों के लिए हो रही सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 9 फरवरी 2021 से होना है. इधर लोक सेवा आयोग ने किसी भी तरह के कानूनी विवाद से बचने के लिए पहले ही कैविएट दाखिल कर दिया है ।