Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। सावधान! छत्तीसगढ़ में जंगल राज पॉर्ट-2 शुरू हो गया है. यह ट्वीट पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को पूर्व मंत्री डीपी घृतलहरे की बहू और नातिन की हत्या की खबर के साथ सरकार पर निशाना साधते हुए किया है ।
अविभाजित मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे डीपी घृतलहरे की बहू और नातिन की हत्या की खबर शनिवार को पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय रहा. मामले में करीबी रिश्तेदारों पर शक जताया जा रहा है. इस घटना पर अब डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट कर कहा है कि छत्तीसगढ़ में जंगल राज पार्ट-2 शुरू हो गया है. अब यहां कांग्रेस सरकार है, चोरी, डकैती, हत्या, अपहरण, लूट करने वाले अपराधियों को खुली छूट है ।

panchayattantra24.com, रायपुर। लाल किले की घटना ने सारे देश को शर्मसार किया है, लेकिन सवाल इस बात का है कि जहां 24 घंटे सेना व पुलिस के जवान रहते हैं, वहां तक वह आदमी घुस कैसे गया. डेढ़ से दो घंटा वहां रहा कैसे? अभी तक किसी के पास इसकी जानकारी नहीं है. तो यह सारा षड्यंत्र किसानों को बदनाम करने के लिए हुआ है, फिर भी किसान अपने मांग पर डटे हुए हैं और मैं उनके जज्बे को सलाम करता हूं. यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा में कही ।
मुख्यमंत्री बघेल ने हेलीपैड पर पत्रकारों से की चर्चा में आंदोलन में डटे किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक काल की दूरी पर होने की बात पर कहा कि जब भी सरकार बात करने के लिए आमंत्रित करती हैं किसानों के प्रतिनिधि जाकर घंटों बात कर रहे हैं. तो किसानों की तरफ से कोई गतिरोध तो नहीं है. उनकी एक ही मांग है कि तीन काले कानून को वापस लिया जाए. ढाई महीने होने वाले हैं, उसके बाद भी भारत सरकार हठधर्मिता पर अड़ी हुई है. किसान आंदोलन को कितने प्रकार से बदनाम करने की कोशिश की गई है. कभी आतंकवादी, पाकिस्तानी समर्थक, कभी चीनी समर्थक, कभी खालिस्तानी समर्थक ।
उन्होंने कहा कि मन की बात में प्रधानमंत्री ने कहा है कि 26 जनवरी के इंसीडेंट से देश सदमे में है, और जो लोग आंदोलन में शामिल हुए थे, वह किसान नहीं उपद्रवी थे? उपद्रवी थे तो उन्हें पकड़ना चाहिए था. दिल्ली पुलिस भारत सरकार के अधीन है. आखिर लाल किला में कोई आदमी कैसे घुसा. इसे पर तो प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए. दीप सिद्धू कौन हैं. प्रधानमंत्री के साथ फोटो में दिख रहा है. गृह मंत्री के साथ फोटो दिख रहा है और उसके प्रत्याशी के उपचुनाव के एजेंट थे, तो फिर पकड़ा क्यों नहीं जा रहा है. सवाल तो यही है कि इस प्रकार से देश के तिरंगे के साथ षड्यंत्र करके आंदोलनकारियों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. यह दुर्भाग्य जनक है ।
दंतेवाड़ा के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग के 5 जिले हो चुके थे, दो जगह सुकमा और दंतेवाड़ा बचे हुए थे, इसके साथ दंतेश्वरी माई के दर्शन होंगे और वहां पर बहुत सारे कार्यक्रम है, जिसमें शामिल होना है. फिर कल शाम तक लौटना होगा. दौरे से मिले फीडबैक के सवाल पर उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिले में नए-नए नवाचार देखने को मिल रहा है. जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बिहान समूह की बहनें उत्साहित होकर नए-नए कार्य कर रहे हैं. इससे रोजगार पैदा हो रहा है. हजारों की तादाद में लोग इससे जुड़ रहे हैं. और क्या-क्या सुधार हो सकते हैं, क्या नए काम हो सकते हैं, यह सब चीजें देखने को मिल रही है ।
केंद्र का बजट आ रहा है. इससे क्या उम्मीद लगा कर रखे हैं? इस पर उन्होंने कहा कि पिछले समय 5 हजार 800 करोड़ का बजट हमें नहीं मिला है. वह इस बार उम्मीद है मिल जाए. धान खरीदी में बनाए गए कीर्तिमान को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीति किसानों को प्रोत्साहित कर रही है. चाहे बिजली बिल में छूट हो, राजीव गांधी किसान निधि योजना की बात हो इस योजना के तहत हमने एमएससी में खरीद की है, हमने खरीदी केंद्रों का विस्तार किया है ।
सीएम ने कहा कि अगर 20 साल में देखें तो सर्वाधिक जमीन पर किसानों ने खेती की, सर्वाधिक किसानों ने धान बेचा व लाभ लिया. इसका मतलब यह है कि छत्तीसगढ़ में कृषि एक लाभ का धंधा बन चुका है. भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में 15 लाख किसान कृषि करते थे, जो अब बढ़कर 21 लाख 50 हजार हो गए हैं, मतलब डेढ़ गुना किसान इस तरह हो गए हैं. इसका मतलब यह है कि हमने उसको लाभ का व्यवसाय बनाया है, उत्पादन भी बढ़ा है, रकबा भी बढ़ा है तो यह यही नीति भारत सरकार को भी अपनानी चाहिए ।
लगातार बस्तर के दौरा कर रहे हैं और आप कह रहे थे विभिन्न वर्गों से बातचीत करके विश्वास में लेकर के शांति अवस्था का बहाल होगी? इस पर सीएम ने कहा कि हम बस्तर में विश्वास, विकास और सुरक्षा जिसमें हम विश्वास जीतने की कोशिश की. जितने भी योजनाएं हैं, चाहे लघु वनोपज की खरीदी की बात है, वैल्यू एडिशन की बात है, रोजगार देने की बात है. उनको वहां अधिकार पट्टा देने की बात है, उनके स्वास्थ्य और शिक्षा की योजनाएं शुरू की ।
उन्होंने कहा कि डीएमएस के पैसे से पहले सिर्फ बिल्डिंग बनती थी. अब उसके उपचार के लिए इलाज के लिए उसके स्वास्थ्य और शिक्षा और रोजगार के लिए भी काम हो रहे हैं. इसीलिए हजारों युवक-युवतियां इस योजनाओं से जुड़ रहे हैं तो एक विश्वास पैदा हुआ छत्तीसगढ़ शासन के प्रति और इसका फायदा यह हुआ है कि घटनाओं में कमी आई है ।
एक हजार करोड़ कर्ज से राज्य पर दबाव बढ़ने के रमन सिंह के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार खुद कह रही है कर्ज लेने के लिए. पहले रमन सिंह उनको सुझाव दें. जो हमारे जीएसटी का पैसा है उसके अगेंस्ट में भारत सरकार कर्जा को बोल रही है, और यह श्रीमान कह रहे हैं कर्ज ले रहे हैं. इसी को कहते हैं राजा मारे रोन ना दे. एक मुंह में बात करना चाहिए. यह लोग दो मुंहे बात कैसे करते हैं ।
पूर्व मंत्री की बहू और पोती की हत्या मामला, मृतका के भाई ने लगाया बड़ा आरोप, पुलिस जल्द करेगी खुलासा

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह में पूर्व मंत्री डीपी घृतलहरे की बहू और पोती की हत्या मामले में पुलिस जल्द बड़ा खुलासा करेगी. पुलिस मृतका के दो रिश्तेदार को हिरासत में लिया है. दोनों आरोपी से पूछताछ की जा रही है. वहीं मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है ।
जानकारी के मुताबिक, हत्यारों ने नेहा घृतलहरे और उसकी 9 वर्षीय बेटी पीहू घृतलहरे की गला घोटने से पहले जमीन पर पटक कर और डुबोकर मारने की भी कोशिश की थी. अंत में जूते के लेस से गला घोंटकर हत्या कर दी गई. मामले में पुलिस ने मृतका के पति तरूण घृतलहरे के बहन दामाद डॉ अजय राय और एक अन्य युवक दीपक को हिरासत में लिया है. दोनों युवक हत्या वाले जगह में छुपे हुए मिले थे. अजय राय ने मौके पर ग्लब्स पहना हुआ था. मामले में पैसे के लेनदेन को लेकर हत्या करने की वजह सामने आ रही है. मृतका के मायके पक्ष पति तरुण पर योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने का आरोप लगाया है ।
मृतका नेहा घृतलहरे के भाई बेदराम मनहरे ने आरोप लगाया कि मेरे दामाद और उसके परिवार द्वारा साजिश करके मेरी बहन और भांजी को मरवाया गया है. मैं रायपुर में ही था, तब मुझे मेरे चाचा ने घटना के बारे में जानकारी दी. इसके बाद मैं मौके पर आकर देखा तब तक पुलिस की टीम और हमारे घर के कुछ लोग पहुंच चुके थे. पति तरुण कई बार घर में शराब पीकर मारपीट कर शक किया करता था ।
पुलिस की ओर से बताया जा रहा है कि जायदाद या सम्पति को लेकर मारा गया है. लेकिन मुझे लगता है कि मेरी बहन के पास तो कुछ सम्पति ही नहीं थी. न गहना था और न ही पैसा. डॉ आनंद को मैं जानता हूं. इस घटना में तरुण और उसके परिवार के लोग भी शामिल है. तरुण तीन दिन से गांव में था. हत्या करने के बाद ये चले गए थे. हत्यारों ने पूरी प्लानिंग की थी. ये लाश को रात को ठिकाने लगाने वाले भी थे. पति पत्नी के बीच पहले विवाद हुआ था. मोवा थाने में तरुण के खिलाफ शिकायत भी हुई थी. पहले भी मृतका का गला दबाकर मारने की कोशिश की गई थी ।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में वनोपजों, उद्यानिकी और कृषि फसलों के प्रसंस्करण से तैयार किए जा रहे उत्पादों की ब्रांडिंग और उनका सुदृढ़ डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार करने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों और वन विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इन उत्पादों की एक ब्रांड के रूप में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मार्केटिंग की सुदृढ़ व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जारी निर्देशों में कहा है कि राज्य के विभिन्न जिलों में अनेक वनोपजों, हार्टीकल्चर एवं कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण का कार्य किया जा रहा है। जिलों में भ्रमण के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई है कि जिले स्तर पर विभिन्न वस्तुओं का उत्पादन तथा प्रसंस्करण तो हो रहा है किन्तु ब्रांडिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क न होने के कारण इन प्रयासों का समुचित लाभ ग्रामीणों को नहीं हो रहा है। राज्य के आदिवासी और ग्रामीण भाईयों को कच्चे माल के संग्रहण तथा प्रसंस्करण का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक है कि विभिन्न जिलों में उत्पादित होने वाले उपयोगी उत्पादों की ब्रांडिंग एवं वितरण का कार्य लघु वनोपज संघ द्वारा संचालित ‘‘संजीवनी दुकानों एवं निजी क्षेत्र की मदद लेकर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देशों में यह भी कहा है कि विभिन्न जिलों में उत्पादित विभिन्न सामग्रियों के ‘‘उत्पादन केन्द्र‘‘ को यदि ‘‘वन धन केन्द्र‘‘ के रूप में परिवर्तित कर दिया जाए, तो प्रति केन्द्र 15 लाख रूपए की आर्थिक सहायता केन्द्र सरकार से तत्काल प्राप्त हो जाएगी। श्री बघेल ने इसके लिए भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने राज्य के ग्रामीणों क्षेत्रों में उत्पादित होने वाली समस्त वस्तुओं की एक ब्रांड के रूप में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर मार्केटिंग की सुदृढ़ व्यवस्था करने के निर्देश सभी कलेक्टरों एवं वन विभाग के संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना इलाके के भनपुरी स्थित 3 गोदामों में पुलिस की टीम ने दबिश देकर नकली ऑयल फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. यहां से भारी मात्रा में करोड़ों रुपए की कीमत की ब्रांडेड कंपनियों का नकली ऑयल बरामद किया है. ब्रांडेड कंपनियों के नाम की स्पेलिंग बदलकर मार्केट में आसानी से बेचा जा रहा था. कहीं आपकी गाड़ियों में भी नकली ऑयल तो नहीं डाला जा रहा है ।
जानकारी के मुताबिक देश के बड़े ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने रायपुर पुलिस से शिकायत की थी कि यहां बड़ी संख्या में नकली ऑयल का कारोबार चल रहा था. जिसे बाजार में बिक्री के लिए उतार दिया गया है. जिससे ना केवल ब्रांडेड कंपनियों की छवि खराब हो रही है, बल्कि ग्राहकों को भी खराब प्रोडक्ट मिल रहा है ।
जिसके बाद उरला सीएसपी पारुल अग्रवाल के नेतृत्व में टीम बनाकर भनपुरी के गोदामों में छापेमार कार्रवाई की गई. जहां से होंडा, गोल्ड प्राइड, सीटीएक्स, कैस्ट्रोल जैसे ब्रांड के नकली ऑयल बरामद हुए. इस मामले में पुलिस आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पूछताछ के बाद पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है ।
पुलिस ने बताया कि भनपुरी इलाके के 3 गोदाम में ऑयल के बड़े ब्रांड के नाम का इस्तमाल कर नकली ऑयल बनाया जा रहा था. आरोपियों ने ब्रांड की स्पेलिंग में हेरा फेरी कर बड़े ब्रांड के नाम पर नकली ऑयल बेचते थे. पुलिस को शिकायत मिलते ही तीनों गोदाम में दबिश दी गई. जहां बड़ी मात्रा में ऑयल बरामद किया गया है. गोदाम से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इस कारोबार के मुख्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है ।

panchayattantra24.com,रायपुर । नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने आरंग विकासखण्ड़ के नगरीय क्षेत्र में पांच नए शासकीय उचित मूल्य के दुकान संचालन के साथ नए भवन का लोकार्पण किया। उन्हांने आरंग नगरीय क्षेत्र में ज्योत्सना महिला स्व सहायता समूह, उज्ज्वला महिला स्व सहायता समूह, गौरी शंकर महिला स्व सहायता समूह, जय चण्डी महिला स्व सहायता समूह, हिना महिला स्व सहायता समूह के अंतर्गत संचालित होने वाले शासकीय उचित मूल्य की दुकानों का उद्घाटन किया।
मंत्री डॉ.डहरिया ने उचित मूल्य की दुकानों में राशनकार्डधारियों का राशन तौलकर दुकान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नए उचित मूल्य की दुकानों का संचालन होने और नए भवन उपलब्ध होने से क्षेत्र के राशनकार्डधारियों को परेशानी नहीं होगी। उन्हें आसानी से राशन मिलेगा। उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि कार्डधारियों को राशन उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े इस बात का भी ख्याल अवश्य रखे। किसी तरह की शिकायत आने पर कार्यवाही भी की जा सकती है। इसलिए दुकान का संचालन बेहतर तरीके से किया जाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष श्री खिलेश देवांगन तथा वार्ड के पार्षद उपस्थित थे।
महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के अवसर पर नशामुक्ति के लिए लोगों ने ली शपथ

panchayattantra24.com,रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर समाज कल्याण मंत्री तथा छत्तीसगढ़ योग आयोग की अध्यक्ष श्रीमती अनिला भेंड़िया की अध्यक्षता में रायपुर के कलेक्टोरेट उद्यान परिसर में शनिवार 30 जनवरी को सुबह 8 बजे नशामुक्ति संकल्प एवं शपथ दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती भेंड़िया ने नशामुक्त छत्तीसगढ़ बनाने का आव्हान किया और जनसामान्य तथा अधिकारी- कर्मचारियों को नशामुक्ति के लिए शपथ दिलाई। छत्तीसगढ़ योग आयोग के फेसबुक लाईव के माध्यम से रायपुर के बाहर निवासरत योग साधक एवं जनसामान्य द्वारा आनलाइन संकल्प एवं शपथ लिया गया। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ योग आयोग और समाज कल्याण विभाग के रायपुर जिला कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में नशापान करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण और नशामुक्ति के पक्ष में जनमत विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।

श्रीमती भेंड़िया ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद राज्यगीत ’अरपा पैरी के धार…..’, रामधुन और नशामुक्ति के गीतो के साथ नशामुक्ति कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इस अवसर पर श्रीमती भेंड़िया ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के सक्रिय 55 नशामुक्ति योग दूतों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया। उन्होंने राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान की पुस्तिका ’महात्मा गांधी और प्राकृतिक चिकित्सा’ का भी अनावरण किया। इस अवसर पर श्रीमती भेंड़िया ने लोगों को नशामुक्ति के लिए जागरूक करने रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

श्रीमती भेंड़िया ने कहा कि महात्मा गांधी का विचार था कि भारत देश स्वच्छ,सुंदर और नशामुक्त हो। आज देश स्वच्छता की दिशा में आगे बढ़ रहा है, इसे हमें नशामुक्ति की ओर आगे बढ़ाना है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के संकल्प के अनुसार समाज कल्याण विभाग नशामुक्ति के लिए काम कर रहा है। विभाग सभी वर्गो के लोगों के जीवन में आसानी के लिए कई योजनाएं संचालित करता है, इसका एक हिस्सा नशामुक्ति भी है। नशे में आज हर वर्ग के लोगों को जकड़ कर रखा है, जिसमें ज्यादातर नौजवान है। हम योग, गीत, कविता, नाटक के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने और इसके दुष्परिणामों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं।

श्रीमती भेंड़िया ने कहा कि योग प्राचीन काल से मानसिक और शारीरिक परेशानियों से बाहर निकलने के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम है। कोरोना संक्रमण के कारण बंद हुआ निःशुल्क योग प्रशिक्षण विभाग द्वारा जिला कलेक्ट्रेट रायपुर के गार्डन में एक फरवरी से फिर से प्रारंभ किया जाएगा। हम 10 जिलों से नशामुक्ति अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इसके तहत ब्लॉक स्तर से होते हुए धीरे-धीरे पंचायतों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। मेरा विश्वास है कि इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे। नशे से पूरा परिवार बिखरता है। नशामुक्ति अभियान से जुड़कर महिलाएं अपने आस पड़ोस के परिवार को नशामुक्ति के लिए समझा ले तो, इससे बहुत फर्क पड़ेगा और हम नशामुक्त गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सपना पूरा कर सकेंगे।
संचालक पी.दयानंद ने कहा कि देश में हर साल 5 प्रतिशत लोगों की मौत शराब पीने से हो जाती है। एक प्रतिशत लोग तम्बाखू और अन्य नशे करते हैं। हमें लोगों को जागरूक कर मांग और आपूर्ति की कड़ी को तोड़ना है। इसके लिए विभाग ने रोड मैप तैयार किया है। हम भारतमाता वाहिनी और योग आयोग के सहयोग से ग्राम से राज्य तक समन्वित प्रयासों के साथ नशामुक्ति के लिए कार्य करने जा रहे हैं। संभाग स्तर पर रायपुर, दुर्ग और सूरजपुर में नशामुक्ति पुनर्वास केन्द्र शुरू किए गए हैं। आगे हर जिला मुख्यालय में नशामुक्ति पुनर्वास केन्द्र खोलने की योजना है।
कलेक्टर एस.भारतीदासन ने कहा कि समाज और परिवार में ज्यादातर समस्या नशे के कारण होती है। तकनीकी विकास के दौर में नशीले पदार्थों को भी खुला बाजार मिला है। इसका असर छोटे से लेकर बड़ो तक दिखाई देता है। नशामुक्ति के संदेश देकर यदि हमें एक परिवार को पीड़ा से मुक्त कर सके, तो वह मानवता की सच्ची सेवा होगी। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, संस्थाओं के प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थेे।
कार्यक्रम में कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण की रोकथाम के लिये भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया तथा नशापान से होने वाले दुष्परिणामों को फ्लैक्स के माध्यम से प्रदर्शित कर जनसामान्य को नशामुक्ति के लिये जागरूक किया गया।

panchayattantra24.com,रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राजीव भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. ‘बलिदान दिवस’ के दौरान पद्मश्री मदन चौहान ने साथियों के साथ ‘ईश्वर, अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान’ की प्रस्तुति दी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा पीसीसी चीफ मोहन मरकाम और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी को लेकर चल रही सियासत के बीच आज से खऱीदी बंद हो गई है। प्रदेश में 2 माह में रिकॉर्ड 91.87 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
प्रदेश के 20.52 लाख किसानों ने धान बेचा है। राज्य में सबसे अधिक जांजगीर चांपा में 7 लाख 98 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। बता दें कि प्रदेश में 1 दिसंबर से धान खरीदी शुरू की गई थी। अब तक 29.43 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है।

panchayattantra24.com,रायपुर। अगर आप भी हर कार्य के लिए इंटरनेट का सहारा लेते हैं तो यह खबर आप के लिए ही है। राजधानी रायपुर में एक बुजुर्ग नौकरी खोजत-खोजते इंटरनेट के मायाजाल में ऐसा फंसा कि उसने लाख-दो लाख नहीं बल्कि चार लाख से ज्यादा की रकम गंवा दी।
गरीबी में आटा गीला की तर्ज पर हुई वारदात में रिटायर्ड 61 वर्षीय निर्मलेन्दू सुमद्दार इंटरनेट पर नौकरी खोजते-खोजते एक ऐसी साइट पर जा पहुंचे। जहां मुश्किल वक्त के लिए बचा कर रखे पैसों का उन्होने गंवा दिया। पीड़ित बुजुर्ग ने 22 मई 2020 को नौकरी डॉट कॉम में अपना रिज्यूम जमा किया था। जिसके बाद उनके पास दो अलग-अलग नंबरों से फोन आया। जिसमें सन फार्मासिटिकल्स लिमिटेड में सलेक्शन किये जाने का झांसा देकर पीड़ित से आरोपियों ने मेडिकल चेकअप, सिक्युरिटी चार्ज के नाम पर उनसे 4 लाख 13 हजार 604 रुपये जमा करा लिया।
लेकिन जब पीड़ित को बताए समय के अनुसार भी ज्वाइनिंग लेटर नहीं मिला तो उन्होंने उन फोन नंबर पर कॉल किया, लेकिन दोनों नंबर लगातार बंद आया। जिसके बाद पीड़ित को ठगी होने का एहसास हुआ और उसने डीडी नगर पुलिस की शरण ली। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया।
डीडी नगर थाना प्रभारी योगिता खापर्डे ने बताया कि सुंदर नगर प्रगति चौक निवासी प्राइवेट कंपनी के सेवानिवृत्त कर्मचारी 61 वर्षीय निर्मलेन्दू सुमद्दार के साथ ठगी हुई है। पीड़ित निर्मलेन्दू सुमद्दार 22 मई 2020 को नौकरी खोंजने के लिए ऑनलाइन साइट नौकरी डॉट कॉम में अपना रिज्यूम जमा किया हुआ था। जिसके कुछ दिन बाद पीड़ित को अज्ञात नंबर से कॉल आता है और शातिर ठग सिटी कल्स लिमिटेड कंपनी में सिलेक्ट होने का झांसा देकर सिक्युरिटी चार्ज, मेडिकल चार्ज के नाम पर पीड़ित के खाते से कुल 4 लाख 13 हजार 603 रुपए जमा करा लिए है। पीड़ित की शिकायत पर थाना डीडी नगर में अज्ञात ठग के खिलाफ धारा 420 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर एक्सपर्ट्स द्वारा कॉल डीटेल्स, निकाल कर ट्रेस किया जाएगा।