Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com, रायपुर। धान खरीदी के मामले में भाजपा और कांग्रेस में चल रही सियासी बयानबाजी के बीच एक बार फिर बीजेपी ने प्रदेश की भूपेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत ने प्रेसवार्ता कर कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से किसानों के प्रति सरकार का रवैया नकारात्मक है। पिछले दिनों 13 जनवरी को प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रो में आंदोलन किया था, लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंगा। ये सरकार उसके बाद भी सोने का बहाना कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं पर ध्यान नही दे रही हैं। इसलिए रायपुर में 22 जनवरी को प्रदेश व्यापी धरना-प्रदर्शन होगा। रायपुर समेत सभी जिला मुख्यालय में यह आंदोलन होगा। राजधानी में बूढ़ातालाब धरना स्थल पर धरना शुरू होगा इसके बाद कलेक्टर कार्यालय की तरफ बढ़ेंगे. पुलिस जहां रोकेगी वहां गिरफ्तारी देंगे।
किसानों की धान खरीदी के मुद्दे समेत रकबा काटने, बारदानों का अभाव बताकर धान नहीं लेने, किसानो की आत्महत्या, संग्रहण केंद्रों में 1300 करोड़ का धान सड़ जाने जैसे विभिन्न मुद्दों को लेकर बीजेपी सड़क से सदन तक की लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय में होने वाले इस आंदोलन का नेतृत्व करने प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी भी शामिल होंगी।
हमारा काम जनता की आवाज को बुलंद करना है। धान खरीदी शुरू हुए इतने दिन हो गए लेकिन आज भी किसानों के खातों में पैसा नहीं पंहुचा है। हम तो यह मांग करते हैं कि धान खरीदी की तारीख आगे बढ़ाई जाए. जिन किसानों का पंजीयन हुआ है उनका पूरा धान लिया जाए।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी न्याय योजना का पैसा देने में किसने रोक लगाई है, ये पैसा दे दें। सरकार हठधर्मिता की वजह से किसानों का नुकसान कर रही है।
1300 करोड़ रुपये का धान सड़ने के मामले में सरकार जिम्मेदारों के खिलाफ अपराध दर्ज करे। किसान 30 रुपये में बारदाना खरीद रहा है लेकिन उसे 7 रुपये की दर से भुगतान किया जा रहा है. क्या बारदाने का पैसा किसानों को सरकार देगी। छत्तीसगढ़ धान का कटोरा कहलाता था लेकिन आज पंजाब छत्तीसगढ़ की तुलना में तीन गुना ज्यादा धान की पैदावार कर रहा है. यह हक भी कांग्रेस सरकार ने छीन लिया है. इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
आज छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में किसान पलायन कर रहा है. कांग्रेस सरकार आने के बाद पलायन दोगुना हो गया है। छत्तीसगढ़ में किसान ही यहां का जीवन है। यही यहां की अर्थव्यवस्था है. राज्य की सियासत भी इससे हटकर नही हो सकती।
पुरंदेश्वरी का हंटर कांग्रेस सरकार पर
बीजेपी प्रभारी पुरंदेश्वरी के हंटर चलने से नेताओं के काम में जुटने वाले भूपेश बघेल के बयान पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, प्रदेश प्रभारी के हंटर से कांग्रेस डरी हुई है। आपको बता दें डी पुरंदेश्वरी के प्रदेश प्रभारी बनने के बाद लगातार छत्तीसगढ़ दौरे पर सीएम भूपेश बघेल ने तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि पुरंदेश्वरी का हंटर बीजेपी नेताओं पर चल रहा है।

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वैैैक्सीनेशन के तीसरे दिन आज डाॅ भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के आई सी यू के प्रमुख डाॅ ओ पी सुंदरानी और पल्मोनरी मेडिसिन के प्रमुख चिकित्सक डा्ॅ आर के पांडा ने आज कोरोना का वैक्सीन लगवाया । दोनो चिकित्सक स्वस्थ हैं और टीका लगाने के बाद वापस अस्पताल कार्य पर आ गए। दोनो ने चिकित्सा कर्मियों से आग्रह किया कि वे अवश्य टीका लगवाएं क्योंकि यह पूरी तरह सुरक्षित है और आम जनता के सामने मिसाल रखें।
छत्तीसगढ़ मे कोरोना की दस्तक के साथ ही दोनों डाॅक्टर लगातार बिना रूके कोरोना मरीजों के इलाज में मेकाहारा के अन्य चिकित्सकों और स्टाफ के साथ जुटे रहे। इसके अलावा रिफरल केन्द्र होने के कारण प्रदेश के अन्य अस्पतालों के चिकित्सकों को भी मार्गदर्शन देते रहे। चिकित्सकों को आन लाइन प्रशिक्षण भी दिया । मरीजों की सेवा करने और उनके ठीक होकर घर जाने पर उन्हे, मरीजों के परिजनों के बराबर ही खुशी होती थी। डाॅ सुंदरानी ने कहा कि कोरोना काल के दौरान उन्होने कोई अवकाश नही लिया। डाॅ पांडा ने कहा कि त्योहारों में भी वे ड्यूटी करते रहे ताकि मरीज स्वस्थ हो सकें । इसी से उन्हे अत्यंत खुशी मिलती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीन लगाने के बाद भी सभी को कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन करना मास्क लगाना ,सुरक्षित दूरी रखना और हाइजिन का ध्यान रखना होगा और वे रख भी रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार वैक्सीन की दूसरी डोज के 14 दिन के बाद ही शरीर में प्रतिरक्षात्मक तंत्र विकसित होता है। विशेषज्ञ अभी भी इसीलिए कह रहे हैं कि संक्रमण कम होने का अर्थ यह नही है कि यह और नही फैल सकता। सबको सचेत रहने की जरूरत है अभी भी ,तभी कोरोना के संक्रमण से बच सकते हैं। प्रदेश में कोरोना वैैक्सीनेशन मंगलवार,शुक्रवार और रविवार को छोड़कर बाकी सभी दिन प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक पूर्व निर्धारित सेशन साइट में होगा।

panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय रायपुर सहित 4 नये उद्यानिकी महाविद्यालयों साजा (बेमेतरा जिला), अर्जुन्दा (बालोद जिला), धमतरी, जशपुर और लोरमी कृषि महाविद्यालय (जिला मुंगेली) और नवीन कृषि विज्ञान केन्द्र कोण्डागांव का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य स्थापना के समय छत्तीसगढ़ में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय सहित केवल 01 कृषि महाविद्यालय था। आज कृषि, उद्यानिकी के 46 महाविद्यालय, 08 अनुसंधान केंद्र एवं 27 कृषि विज्ञान केंद्र इस विश्वविद्यालय के अंतर्गत काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के उत्तर में बलरामपुर से लेकर दक्षिण में सुकमा तक कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार का एक मजबूत नेटवर्क तैयार हो गया है। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक विकास के लिए कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए कृषि महाविद्यालयों एवं कृषि विज्ञान केंद्रों को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में शामिल किया गया है। इसका लाभ किसानों को उन्नत तकनीक से खेती करने में और कृषि से संबद्ध आर्थिक गतिविधियों को विकसित करने में मिलेगा जिससे हमारे किसानों और ग्रामीणों का जीवन स्तर ऊंचा उठेगा। उनकी आर्थिक-समाजिक स्थिति और सुदृढ़ होगी।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के 35वें स्थापना दिवस पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने प्रदेश के कृषि महाविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रों और नवीन कृषि महाविद्यालयों में 115 करोड़ रूपए की लागत के अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इनमें से 46 करोड़ 67 लाख रूपए की लागत के कार्यों का लोकार्पण और 63 करोड़ 10 लाख रूपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
इन कार्यों में कृषि महाविद्यालयों के भवन, बालक-बालिका छात्रावास, अनुसंधान केन्द्र, हाइटेक नर्सरी, सीड प्रोसेसिंग भवन, हैचरी, कृषि विज्ञान केन्द्रों में प्रशासनिक भवन और कृषक छात्रावास निर्माण के कार्य शामिल हैं। बघेल इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किए गए डिजिटल कृषि पंचांग और कृषि दर्शिका-2021 का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कृषि और जलसंसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडि़या, विधायक अमितेश शुक्ला, देवव्रत सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम. गीता, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. के.पाटिल और कुल सचिव प्रभाकर सिंह उपस्थित थे। इस प्रदेश व्यापी कार्यक्रम में 12 मंत्री और 21 विधानसभा क्षेत्रों के विधायक सहित विभिन्न कृषि महाविद्यालयों और कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिक, शिक्षक और विद्यार्थी भी जुड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 14 कृषि महाविद्यालयों, छात्रावासों एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के भवनों का भी लोकार्पण हुआ है। ये सभी भवन लगभग 47 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हुए हैं। जिन कृषि महाविद्यालयों में महाविद्यालय-भवन एवं छात्रावास नहीं थे, उनके लिए हमने राशि की स्वीकृति दी है। इन महाविद्यालयों, छात्रावासों, कृषि विज्ञान केंद्रों के भवनों एवं कृषक छात्रावासों के लिए लगभग 63 करोड़ रुपए के कार्यों का शिलान्यास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घोषणा-पत्र में उद्यानिकी और वानिकी को बढ़ावा देने का वादा किया था। इसी को मूर्त रूप देने के लिए महात्मा गांधी के नाम पर उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की है। इस विश्वविद्यालय के लिए पदों की स्वीकृति भी दे दी गई है। पिछले 02 वर्षों में हमने सुकमा एवं कोण्डागांव में 02 नये कृषि विज्ञान केंद्र प्रारंभ करने पहल की है, जिन्हें भारत सरकार से स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। आज इनमें से कोण्डागांव में कृषि विज्ञान केंद्र का शुभारंभ किया गया है। हमारा प्रयास है कि इसी वर्ष गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही एवं साजा में भी नये कृषि विज्ञान केंद्र प्रारंभ हो जाएं, इसके लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कृषकों को कृषि में लगने वाली लागत के आंकलन के लिए पहले कोई केंद्र नहीं था। इस वर्ष से छत्तीसगढ़ में किसानों की लागत का अध्ययन करने के लिए एक केंद्र विश्वविद्यालय में प्रारंभ किया जा रहा है। इसके लिए 25 पदों की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण शासन की प्राथमिकता वाला क्षेत्र है। इस वर्ष न केवल खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय प्रारंभ किया है, वरन इस महाविद्यालय तथा कृषि विज्ञान केंद्र जगदलपुर के लिए साढ़े पांच करोड़ रुपए की लागत से फूड प्रोसेसिंग इक्यूबेशन सेंटर भी प्रारंभ किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कृषि शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले 02 वर्षों में हमने 08 महाविद्यालय स्थापित किए हैं। इस वर्ष हम 08 नये महाविद्यालय खोलने जा रहे हैं। कृषि की शिक्षा में बच्चों के रुझान को देखते हुए हमने प्रवेश क्षमता में भी वृद्धि की है। पिछले 02 वर्षों में लगभग 20 प्रतिशत सीट की वृद्धि की गई है। अगले वर्ष से प्रवेश क्षमता में 10 प्रतिशत की और वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा सुराजी गांव योजना के तहत राज्य में 7 हजार से अधिक गोठानों का निर्माण किया जा रहा है। 4 हजार से ज्यादा गोठान सक्रिय भी हो चुके हैं। 325 गोठानों को कृषि महाविद्यालयों एवं कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा गोद लिया गया है, जिनमें वैज्ञानिकों द्वारा वर्मी कंपोस्ट निर्माण, मशरूम उत्पादन, बटेर पालन, कड़कनाथ मुर्गी पालन, सब्जियों-फूलों की खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बाड़ी विकास के तहत विश्वविद्यालय द्वारा लगभग 8000 बाडि़यों का विकास किया जा रहा है।
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता छत्तीसगढ़ में कृषि, उद्यानिकी और वानिकी क्षेत्र का विकास करना है। पिछले दो वर्षाें में 8 नए कृषि महाविद्यालय प्रारंभ किया गया है। छत्तीसगढ़ के विकास में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जब कोविड के कारण देश में आर्थिक गतिविधियां ठप थी। छत्तीसगढ़ का सौभाग्य रहा कि सारी बाधाओं के बाद भी किसानों, मजदूरों और वनांचल के रहवासियों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़े रखा। दो वर्षाें में विश्वविद्यालय ने 34 नई प्रजातियों के बीज विकसित किए। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.के. पाटिल ने स्वागत भाषण दिया और विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने धान की सुगंधित प्रजातियों को जिलेवार दर्शाता ‘‘धान से धनी छत्तीसगढ़‘‘ का नक्शा स्मृति चिन्ह के रूप में मुख्यमंत्री को भेंट किया।

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज कोरोना वैक्सीन की दूसरी खेप के लिए 2 लाख 65 हजार डोज पहुंच गई है. इसके बाद दिल्ली से रायपुर लौटे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने एयरपोर्ट पर मीडिया के माध्यम से लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाने की अपील की है. बता दें कि पहली खेप में केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश को 3 लाख 23 हजार टीके दिए गए थे ।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रदेश में कोरोना वैक्सीन की दूसरी खेप पहुंचने से खुशी जाहिर की है. उन्होंने टीकाकरण के गिरते संख्या को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने अपील की है कि पुराना जीवन जीने के लिए वैक्सीन बेहद ज़रूरी है. इसलिए जो छूट गए हैं, वो वैक्सीन ज़रूर लगवाएं. यदि कोरोना एडवाइजरी का नियमित पालन करते हैं, तो वैक्सीन की ज्यादा जरूरत नहीं है ।
2021-22 में सरकार के बजट को लेकर सिंहदेव ने कहा कि आवश्यकतानुसार बजट के लिए प्रपोज़ल तैयार कर लिया गया है. इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही फ़ैसला करेंगे. उन्होंने ये भी कहा कि इस बार स्वास्थ्य और पंचायत का नया होगा ।

panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आज रायपुर, बालोद और राजनांदगांव जिले के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय रायपुर सहित 5 नये उद्यानिकी महाविद्यालयों का ई-शुभारंभ करेंगे साथ ही सीएम बघेल साजा (बेमेतरा जिला), अर्जुन्दा (बालोद जिला), धमतरी, जशपुर और लोरमी (मुंगेली जिला) और नवीन कृषि विज्ञान केन्द्र कोण्डागांव का भी शुभारंभ करेंगे। कृषि महाविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रों में 109 करोड़ 77 लाख रूपए की लागत के अधोसंरचना विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। बालोद जिले के ठेमाबुजुर्ग में गैंदसिंह शहादत दिवस तथा अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज महासभा के कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
महिला आयोग में आज रायपुर में होगी सुनवाई
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक आज रायपुर में प्रकरणों पर सुनवाई करेंगी। जल विहार कॉलोनी, तेलीबांधा तालाब स्थित राज्य महिला आयोग में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक सुनवाई होगी।
हेलमेट रैली के माध्यम से आज पुलिस करेगी जागरूक
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तीसरे दिन आज हेलमेट रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जा रही है।
आज वैक्सीन की दूसरी खेप पहुंचेगी छत्तीसगढ़
कोरोना वैक्सीन की दूसरी खेप आज छत्तीसगढ़ पहुंचेगी। दोपहर 1:30 बजे इंडिगो विमान से वैक्सीन की दूसरी खेप आज रायपुर पहुंचेगी। वैक्सीन मंगलवार को ही रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने वाली थी लेकिन मुंबई से वैक्सीन लोड नहीं हो पाने की वजह से तय समय पर नहीं पहुंच पाई। छत्तीसगढ़ को पहली खेप में 3 लाख 23 हज़ार कोविशिल्ड वैक्सीन मिली, वहीं दूसरी खेप में 2 लाख 65 हज़ाए वैक्सीन मिलेगी। प्रदेश में अब तक 2 दिन वैक्सीनेशन अभियान चला है जिसमें पहले दिन 61% और दूसरे दिन 56.91% लक्ष्य पूरा हो पाया है।

panchayattantra24.com, रायपुर। कोरोना वैक्सीन की दूसरी खेप आज छत्तीसगढ़ पहुंच गई. दूसरी खेप में प्रदेश को 2 लाख 65 हजार वैक्सीन मिला है. एयरपोर्ट एटीसी एवं राज्य वैक्सीन भंडार प्रभारी अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है ।
बता दें इसके पहले प्रदेश में 27 कार्टून वैक्सीन पहुंच चुका है. स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट एटीसी राकेश साय ने बताया कि मुंबई से आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E464 से 22 कार्टून कोविशील्ड कोविड की वैक्सीन छत्तीसगढ़ पहुंच चुका है. यह उड़ान रायपुर 1:30 बजे दोपहर को पहुंची है ।
राज्य वैक्सीन भंडार अधिकारी डॉ अमरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि भारत सरकार से मिली सूचना के मुताबिक, 22 कार्टून में 2 लाख 65 हजार वैक्सीन मुंबई से पहुंची है. नियमानुसार एयरपार्ट से वैक्सीन को लाकर राज्य वैक्सीन भंडार में रखा जाएगा. उसके बाद आबंटन अनुसार जिलों में भेजा जाएगा ।

panchayattantra24.com, रायपुर। सट्टेबाजों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने रेड मारकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. रेड के बाद पुलिस ने सटोरिये के अड्डे को भी आग के हवाले कर दिया. यह कार्रवाई एडिशनल एसपी सिटी लखन पटले के नेतृत्व में हुई है. पुलिस अब सट्टे के सरगना की तलाश में जुटी है।
एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा इलाके में अवैध रूप से सट्टा का कारोबार होने की सूचना मिली थी. टीम के साथ मौके पर दबिश देकर तीन सटोरिये को पकड़ा गया है. इनके पास कुछ नगदी रकम भी बरामद किया है. पंडाल लगाकर और झोपड़ी बनाकर सट्टा खिलाया जा रहा था. उस जगह आग को आग के जरिये नष्ट किया गया है. सुंदर और इमाम नाम के कुछ सट्टे के सरगनाओं का नाम सामने आया है. इनकी पता तलाश की जा रही है।
इन तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
आरोपी वीरेंद्र रात्रि पिता गणेश रात्रि (32) रामेश्वर नगर भनपुरी थाना खमतराई
आरोपी संजय चंद्राकर पिता देखन चंद्राकर (21) रामेश्वर नगर भनपुरी
आरोपी गणेश बांधे पिता स्व0 सुखराम बांधे (35) धन लक्ष्मी नगर भनपुरी जिला रायपुर


panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा पर किसान आंदोलन के जरिए किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए सरकारी मंडियों में धान बेचकर नगद भुगतान प्राप्त करने वाले भाजपा नेताओं की सूची जारी की है. सूची में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, उनके पुत्र और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के अलावा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय सहित अन्य भाजपा नेता शामिल है ।
कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने सोशल मीडिया में धान बेचने वाले भाजपा नेताओं की सूची सार्वजनिक करते हुए कहा है कि यह सूची BJP के उन नेताओं की है, जिनमें 95% से अधिक लोगों ने अपना धान दिसंबर माह में ही सरकारी मंडियों में बेच कर नगद भुगतान प्राप्त कर लिया है. अब किसानों को गुमराह करने के लिए आंदोलन करने जा रहे हैं. प्रदेश की जनता इस सूची को देखकर खुद ही समझ लेगी कि भाजपा का असली चेहरा क्या है ।


panchayattantra24.com, रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके 21 जनवरी से 24 जनवरी तक चार दिवसीय छिंदवाड़ा प्रवास पर रहेंगी। प्रवास से पूर्व बिलासपुर के कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। रायपुर से दोपहर 12:50 बजे श्री सिंधु अमरधाम आश्रम चकरभाठा, बिलासपुर पहुंचकर वहां आयोजित चालीहा महोत्सव में शामिल होंगी। कार्यक्रम के बाद राज्यपाल बिलासपुर से दोपहर 2:10 बजे प्रस्थान कर 03:40 बजे ईमलीखेड़ा एयर स्ट्रिप, छिन्दवाड़ा पहुंचेंगी। राज्यपाल 21 जनवरी को पी.जी. कॉलेज, के.के.एफ. ऑफिस छिंदवाड़ा में कीर्तिश केयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे 22 जनवरी को दोपहर 12:15 बजे कुंडली कला, छिन्दवाड़ा में आयोजित ध्यान योगी महर्षि उत्तम स्वामी आई.ए.एस. अकादमी के कार्यक्रम में शामिल होंगी। 23 जनवरी को सुभाष पार्क, छिंदवाड़ा में आयोजित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती कार्यक्रम एवं श्रद्धा नगर, छिंदवाड़ा में के.एफ. नर्सिंग इंस्टीट्यूट के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगी। राज्यपाल 25 जनवरी को सुबह 11:50 बजे ईमलीखेड़ा, एयर स्ट्रिप, छिन्दवाड़ा से हेलीकाप्टर से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगी और दोपहर 01:30 बजे पुलिस परेड ग्राउंड हेलीपेड रायपुर पहुंचेंगी।
पंचायत तंत्र -रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल लगातार तीसरे वर्ष 10वीं-12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का पैटर्न बदलने की तैयारी में है। छात्रों काे इस वर्ष उत्तरपुस्तिकाओं में अपने रोल नंबर खुद ही लिखने पड़ सकते हैं। गौरतलब है कि दो वर्ष पहले माशिम ने उत्तरपुस्तिकाओं का पैटर्न बदला था। गत दो वर्षों से छात्रों को रोल नंबर लिखी हुई कॉपियां ही वितरित की जा रही थीं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अब छात्रों को पूर्व की तरह ही सामान्य उत्तरपुस्तिकाएं ही दी जाएंगी। इसमें रोल नंबर के लिए खाने बने होंगे, जिसे छात्रों द्वारा भरा जाएगा।
रोल नंबर लिखे होने के कारण इसके वितरण में दिक्कतें आ रही थीं। इसे देखते हुए ही बदलाव की तैयारी की जा रही है। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है। इसके अलावा उत्तरपुस्तिकाओं के पेज भी कम किए जा सकते हैं। दो वर्ष पहले उत्तरपुस्तिकाओं के पेज की संख्या बढ़ाकर 40 की गई थी। बीते वर्ष कुछ विषयों में छात्रों को 40 पेज की उत्तरपुस्तिकाएं दी गईं तो कुछ में इससे कम पेज की कॉपियां दी गईं। इस वर्ष इसमें भी एकरूपता लाकर पूर्व की ही तरह करने विचार किया जा रहा है। इस तरह से यह लगातार तीसरा वर्ष होगा, जब माशिम अपनी उत्तरपुस्तिकाओं का पैटर्न बदलेगा।
हो रहा इंतजार परीक्षा संबंधित सभी रूप-रेखा माशिम ने तैयार कर ली है। परीक्षा तिथि को लेकर प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है, लेकिन इसे मंजूरी ना मिल पाने के कारण परीक्षा संबंधित सभी कार्य ठप हैं। मंडल द्वारा परीक्षा तिथियों को मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है। परीक्षाओं के पूर्व प्री-बोर्ड तथा प्रायोगिक परीक्षाएं भी संचालित की जानी है। इसके चलते भी मंडल द्वारा कोशिश हो रही है कि जल्द से जल्द परीक्षा तारीखों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाए। चुंकि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में 87 हजार अधिक छात्र परीक्षाएं दिलाएंगे, इसलिए माशिम को सेंटर सहित अन्य चीजों की अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी होंगी।
अभी कोई निर्णय नहीं अभी इस पर कोई निर्णय हुआ है। पहले समय-सारिणी घोषित हो जाए, उसके बाद परीक्षाओं की तैयारी करेंगे। – प्रो. वीके गोयल, सचिव, माशिम