Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर । अपनी हुनर से तस्वीर गढ़ने वाली मंदिर हसौद की कुमारी वर्षा वर्मा को आज नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया के समक्ष गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड का प्रमाण पत्र मिला। वर्षा ने पैरा एवं धान बीज के माध्यम से 10 अप्रैल 2020 को छत्तीसगढ़ महतारी की खूबसूरत तस्वीर बनाई थी। वर्षा की इस तस्वीर को न सिर्फ प्रशंसा मिली, इस उपलब्धि पर विश्व स्तर पर भी सम्मान मिला और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में भी नाम दर्ज हो गया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकृत संवाददाता श्रीमती सोनल राजेश शर्मा के द्वारा मंत्री डॉ. डहरिया के समक्ष उनके सरकारी कार्यालय में कु. वर्षा को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. डहरिया ने वर्षा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वर्षा ने विश्व स्तर पर मंदिर हसौद ही नहीं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने ने छत्तीसगढ़ महतारी को पैरा आर्ट के माध्यम से जिस तरह से प्रस्तुत किया है वह सचमुच तारीफ के काबिल है। उन्होंने वर्षा और मौके पर उपस्थित उनकी माता श्रीमती सीमा वर्मा सहित परिजनों को इस उपलब्धि पर बधाई भी दी। वर्षा ने बताया कि वह गर्ल्स डिग्री कालेज में बीएससी कम्पयूटर साइंस की छात्रा है और 2013 से पैरा आर्ट के माध्यम से अलग-अलग महापुरुषों एवं अन्य आकृति बना चुकी है ।

panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहाँ अपने रायपुर स्थित निवास से दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसानों की सहायता के लिए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा एकत्र किए गए धान, नकद राशि और राशन लेकर जा रहे ट्रकों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया । इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में संघर्षरत किसानों के सहयोग के लिए एनएसयूआई द्वारा पूरे छत्तीसगढ़ में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में ‘ एक रुपए दान, एक पैली धान ‘ अभियान चलाया गया । इस अभियान के जरिये प्रदेश भर से कुल 53 टन धान और 66 हजार 5 सौ रुपए की राशि एकत्रित की गई है जिसे दिल्ली में आंदोलनकारी किसानों की सहायता के लिए रवाना किया गया है ।
आकाश शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवँ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 5 जनवरी से प्रदेश भर में कार्यकर्ताओं द्वारा आंदोलनरत किसानों के लिए ‘एक रुपया दान, एक पैली धान’ अभियान चलाकर यह धान और राशि एकत्रित की गयी है। यह अभियान प्रदेश के समस्त जिलों एवँ ग्राम पंचायत क्षेत्रों में चलाया गया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसानों के लिए भोजन की व्यवस्था करने वाले संगठन से चर्चा कर आवश्यक सामाग्री जैसे डिस्पोजेबल प्लेट, ग्लास, चम्मच, टी कप, पानी बोतल, तेल, चावल ,दाल और मसाले भी भेजे गये हैं ।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश महासचिव आदित्य भगत, निखिल द्विवेदी, अमित शर्मा एवँ पदाधिकारी उपस्थित थे ।

panchayattantra24.com,रायपुर। बिलासपुर में उज्जवला गृह की महिलाओं से देह व्यापार कराए जाने के मामले पर राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है. मामले में राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ किरणमयी नायक ने अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं. बिलासपुर में 28 जनवरी को होने वाली सुनवाई के दौरान इस पर सुनवाई होगी ।
गौरतलब है कि बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित उज्जवला गृह में महिलाओं से जबरदस्ती देह व्यापार का मामला सामने आया है. उज्जवला गृह में मौजूद महिलाओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें ब्लैकमैल कर देह व्यापार कराया जाता था. महिलाओं को नशे की दवाइयां खिलाई जाती थी, और यदि किसी ने गोली खाने से मना किया तो उनके साथ मारपीट भी की जाती थी. इस पूरे मामले की जांच सीएसपी निमिषा पाण्डेय द्वारा की जा रही है ।
बयान में नहीं हुई आरोप की पुष्टि
जांच अधिकारी सीएसपी निमिषा पांडेय ने लल्लूराम से चर्चा में बताया कि उज्जवला गृह में देह व्यापार कराए जाने की शिकायत के मामले में पांच लोगों का ऑडियो-वीडियो बयान लिया गया है. किसी के बयान से इस बात की पुष्टि नहीं हुई है. मामले में उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनेगी, जिसमें सभी का बयान लिया जाएगा ।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर अपराधियों के लिए सेफगाह बनती जा रही है। यह हम नहीं राजधानी में रोज हो रहे चाकूबाजी, लूट और हत्या जैसे संगीन मामले कह रहे हैं। एक बार फिर दो अलग-अलग वारदातों में एक युवक की हत्या हो गई वहीं एक पर चाकू से प्राणघातक हमला किया गया।
पहला मामला खमतराई थाना क्षेत्र के सन्यासी पारा इलाके का है। यहां एम साई नाम के एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस के साथ ही एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची।
मृतक एम साई
बताया जा रहा है कि मृतक एम साईं किसी युवती को अपने साथ घुमा रहा था। मृतक के साथ घूम रही युवती आरोपी की प्रेमिका थी। आरोपी ने दोनों को साथ देख लिया था। इसी बात को लेकर आरोपी और मृतक के बीच देर रात विवाद हुआ। विवाद के बाद आऱोपी घर चला गया और थोड़ी देर बाद आकर एम साई के ऊपर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
खमतराई थाना प्रभारी संजय पुंढीर ने बताया कि सन्यासी पारा में 25 वर्षीय एम साई नाम के युवक की हत्या की गई है। मृतक ट्रांसपोर्ट में कुछ काम करता था। मृतक किसी लड़की के साथ घूम रहा था। यही लड़की आरोपी की भी गर्लफ्रेंड थी। इसी बात को लेकर पहले दोनों के बीच मारपीट हुई है फिर थोड़ी देर बाद फिर से आकर आरोपी ने मृतक पर चाकू से वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गयी। मामले के अभी संदेही को हिरासत में लिया गया है।
चाकू टूटकर फंसा
उधर दूसरा मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र के डंगनिया का है। यहां एक युवक ने विवाद के बाद दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला किया है। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक पर किया गया हमला कितना भयानक था यह इसी बात से समझा जा सकता है कि चाकू हत्थे के पास से टूटकर पूरा उसके पेट के अंदर हीं फंस गया। जिसके बाद देर रात ऑपरेशन कर चाकू को पेट से बाहर निकाला गया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया है।
औषधीय पौधों की खेती को दें बढ़ावा: पाठक

panchayattantra24.com,रायपुर । छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड, के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने गत दिवस महासमुंद वनमंडल में प्रवास के दौरान बागबाहरा परिक्षेत्र में औषधीय पौधों के रोपण का निरीक्षण किया। इसका रोपण वनवासियों के लिए औषधीय प्रजाति की उपलब्धता को बढ़ावा तथा उनके जीविकोपार्जन हेतु आय का अतिरिक्त साधन जुटाने के उददेश्य से किया गया है। श्री पाठक ने वहां आयुष मिशन योजना के तहत रोपित सर्पगंधा, स्टीविया प्लांटेशन (डोगाजार गांव), स्टीविया मॉडल नर्सरी एवं बच क्लस्टर (खेमड़ा गांव) तथा बच क्लस्टर (डोंगरगांव) का निरीक्षण किया।
बोर्ड के अध्यक्ष श्री पाठक ने निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के पारंपरिक वैद्यों से चर्चा कर सर्किलवार आवश्यकताओं के अनुसार औषधीय पौधों के रोपण के संबंध में योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी वर्षा काल में जंगल के अंदर भी अत्यधिक मांग वाले औषधीय पौधों का रोपण, जैवविविधता को बढ़ाने तथा ग्रामीणों के फायदे की दृष्टिकोण से वृहद पैमाने पर योजना बनाने के लिए भी कहा। श्री पाठक ने वहां वन परिक्षेत्र में किसानों से चर्चा करने के पश्चात औषधीय पौधों की गुणवत्ता को भी देखा। उन्होंने औषधीय पौधों के रोपण के माध्यम से किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने जड़ी-बूटी उत्पादों के विपणन की व्यवस्था हर स्तर पर मजबूत करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान बोर्ड के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि औषधीय पौधा बच की खेती से एक वर्ष में प्रति एकड़ 50 हजार रूपए तक आमदनी की संभावना है, जिसमें लागत लगभग 20 हजार रूपए से भी कम है। खेती में बच के साथ-साथ ब्राम्ही, मंडूकपर्णी, भृृंगराज इत्यादि फसलों को भी बढ़ाया जा सकता है। यह निश्चित रूप से धान से भी ज्यादा लाभदायक होगा। इसी तरह सर्पगंधा की खेती में 18 माह में लगभग 1 टन सूखा जड़ी प्राप्त होती है, जिसकी कीमत 4 लाख रूपए से अधिक होती है। बालू युक्त मिट्टी, टिकरा में इसकी खेती की जा सकती है। इसी प्रकार शतावर की खेती से 18 माह में जड़ी बूटी तैयार हो जाती है तथा इससे प्रति एकड़ सालाना लगभग 2 से 2.50 लाख रूपए तक मुनाफा हो सकता है। वर्तमान समय में शतावर की अत्यधिक मांग है। इसी तरह स्टीविया की खेती के बारे में जानकारी दी गई। यह शुगर, बी.पी., कैंसर, मोटापा में अत्यंत लाभकारी है। श्री पाठक ने इसकी खेती तथा प्रसंस्करण संबंधित प्रोडक्ट बनाने हेतु एन.जी.ओ., किसान तथा स्व-सहायता समूह को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जे.ए.सी.एस.राव तथा किसान उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर । नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने शनिवार को आरंग विकासखण्ड के ग्राम पलौद में 58 वर्ष से चली आ रही कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। उन्होंने क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में टॉस कर और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। पलौद के जय बजरंग दल और पंडरी रायपुर से आये खिलाड़ियों को जीत के लिए हरसंभव कोशिश करने की सीख दी। डॉ. डहरिया ने इस मौके पर चंद्राकर समाज भवन के समीप शेड निर्माण के लिए 6 लाख के विकास कार्यो का भूमिपूजन किया। उन्होंने कबड्डी आयोजक मंडल को जनसंपर्क मद से 25 हजार रुपये देने की घोषणा की।
मंत्री डॉ. डहरिया ने कहा कि राज्य सरकार नई नीति बनाकर युवाओं को सभी क्षेत्र में आगे लाने हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ग्रामीण स्तर से ही युवाओ में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने का काम कर रही है, ताकि प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ी सामने आये और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि पलौद में सभी समाज एक साथ मिल-जुलकर आपसी भाईचारा एवं सौहाद्र्र के साथ गाँव के विकास के लिए तत्पर है। पलौद के ग्रामीणों द्वारा किये जा रहे कार्य अन्य गांवो के लिए अनुकरणीय है। दूसरे गांव भी यहां के कार्यो का अनुसरण कर सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ सकते हैं। इस अवसर पर जनपद पंचायत आरंग के अध्यक्ष श्री खिलेश देवांगन सहित ग्रामीण और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रायपुर के बूढ़ापारा स्थित राधेश्याम भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री शहीद पंडित श्री विद्याचरण शुक्ल की धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती सरला देवी शुक्ल की शोक सभा में शामिल हुए ।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने स्वर्गीय श्रीमती सरला देवी शुक्ल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी । उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शहीद पंडित विद्याचरण शुक्ल अनेक बड़े पदों पर रहे और अपने जीवन का आधा दशक से भी अधिक का समय राजनीति में व्यतीत किये परन्तु श्रीमती शुक्ल पर कभी भी राजनीति का असर नहीं पड़ा, वे हमेशा एक गृहणी ही रहीं । वे अपने नाम सरला के अनुरूप सदैव ही बहुत सरल, मृदुभाषी और मिलनसार रहीं । जब भी उनसे मुलाकात हुई एक मातृवत स्नेह मिला । उनके जाने से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है । मैं इस अवसर पर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ । साथ ही ईश्वर से परिवार को दुःख सहन करने की क्षमता प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ । शोक सभा मे दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय श्रीमती सरला देवी शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, नगर निगम रायपुर के महापौर श्री एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा, पूर्व मंत्री श्री अमितेष शुक्ल, श्री रमेशचंद्र शुक्ल, श्री रमेश वर्ल्यानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में राज्य की जनजातियों की जीवनशैली, उनके परिचय, उत्पत्ति अवधारणा, आवास एवं बसाहट, सामाजिक संगठन और संस्कृति पर प्रकाशित फोटो हैण्डबुक का विमोचन किया। आदिमजाति कल्याण मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा इस फोटो हैण्डबुक का प्रकाशन किया गया है, जिसमें राज्य की जनजातियों के “छायांकित अभिलेखीकरण श्रृंखला” अन्तर्गत 29 जनजातीय समुदायों यथा खड़िया, दण्डामी माड़िया, दोरला, हलबा, मुरिया, धुरवा, परजा, भतरा, गोंड (कबीरधाम), सवरा, धनवार, कंवर, उरांव, मझवार, नगेसिया, मुण्डा कोल, राजगोंड, अगरिया, पारधी, बिंझवार, भैना, बियार, कोंध, गोंड (बस्तर), खैरवार, सौंता भारिया एवं कण्डरा के बारे मेंं जानकारी दी गई है।
फ़ोटो हैंड बुक में जनजातियों के परिचय उत्पत्ति अवधारणा, उनके आवास एवं बसाहट, सामाजिक संगठन, आर्थिक जीवन, जन्म संस्कार, विवाह संस्कार, मृत्यु संस्कार, धार्मिक जीवन, उनमें प्रचलित न्याय व्यवस्था, लोक परम्पराएं उनके वस्त्र आभूषण, गोदना, घरेलु उपकरण, कृषि उपकरण, शिकार, मत्स्याखेट उपकरण, वनोपज आधारित जीवनशैली के साथ-साथ उनके समग्र विकास हेतु किये जा रहे शासकीय प्रयासों को विभिन्न आकर्षक छायाचित्रों के जरिए दर्शाया गया है।
इस फोटो हैण्डबुक में प्रकाशित तथ्य राज्य के संबंधित जनजातीय समुदायों, जनजातीय संस्कृति में रूचि रखने वाले अध्येताओं के लिए एवं आदिवासी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए उपयोगी होगी।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, मुख्यमंत्री के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आदिमजाति कल्याण विभाग के सचिव श्री डी. डी. सिंह, वित्त विभाग की सचिव श्रीमती अलरमेलमंगई डी, संचालक आदिम जाति विभाग श्रीमती शम्मी आबिदी उपस्थित थीं।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी के प्रतिष्ठित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर पर गलत दवा दिए जाने का आरोप लगा है. गलत दवा की वजह से बालक की हालत बिगड़ने के साथ मिर्गी के दौरे आने लगे. मामले में आरोप लगाने रायपुर निवासी बसंत प्रधान ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आवेदन देते हुए कार्रवाई की मांग की है.
बसंत प्रधान ने अपने आवेदन में बताया कि उनका 4 वर्षीय पुत्र मंद बुद्धि है. वह चलफिर नहीं पाता, यहां तक खुद से कुछ खाने में भी उसे दिक्कत होती है. बच्चे के इलाज के लिए डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाई लेने के लिए लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स गया था, जहां कर्मचारी ने टेबलेट tizan 2 की बजाए ativan 1 mg टैब दिया गया.
बसंत प्रधान का कहना है कि उसने मेडिकल स्टोर से मिली दवाई अपने बच्चे को खिलाई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, मिर्गी का दौरा भी आने लगा. बच्चे की स्थिति जब बसंत ने अपने चिकित्सक को बताई तो उन्होने तुरंत दवाई बंद करने की सलाह दी. इस बात की जानकारी होने पर गुढ़ियारी स्थित लक्ष्मी मेडिकल के कर्मचारी ने अपनी गलती मानते हुए बसंत प्रधान से बातचीत की और मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की बात कही, लेकिन बसंत ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है.


panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह के विधायकों की सिफारिशों को तवज्जों नहीं दिए जाने के आरोप पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को विधायक और मंत्री चलाते हैं. 15 साल में केवल अधिकारी चला रहे थे, उनके विधायकों-मंत्रियों की चलती नहीं थी. मंत्री कहते थे उनके पास फ़ाइल नहीं है. उनके राज से हमारा राज अच्छा है. प्रजातंत्र है ।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भूपेश बघेल की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि प्रदेश केवल वन मैन शो वाला है. यहां ना मंत्रियों की सुनी जा रही है, ना विधायकों की और ना ही आम जनता की कोई सुनवाई है. यहां एक आदमी अकेला है, वह अकेले ही अपना राज चला रहा है. इसलिए किसी दूसरे को सुनने का सवाल ही पैदा नहीं होता ।