Browsing: रायपुर

पुरानी बस्ती स्थित शासकीय सरस्वती कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में हुआ वैक्सीन का ड्राई रन
 
panchayattantra24.com,रायपुर । नये वर्ष की पहली अच्छी खबर स्वास्थ्य विभाग की ओर से आई है. कोरोना संक्रमण से जहां 2020 का पूरा समय लोगों को असुविधायों और परेशानियों से गुजरना पड़ा. वहीं इस वर्ष के शुरू होते ही कोरोना वैक्सीन के आने की सूचना से जनता में खुशी की लहर है. आज प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर किये जा रहे ड्राई रन की स्थिति जानने के लिए पुरानी बस्ती स्थित शासकीय सरस्वती कन्या पूर्व माध्यमिक शाला पहुंचे, यहां उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर चरणबद्ध तरीके से मॉक ड्रिल की पूरी जानकारी प्राप्त की । 
 इस तरह से होगा कोरोना वैक्सीनेशन
केंद्र के निरीक्षण के बाद टीएस बाबा ने कहा कि यहां वास्तविक स्थिति देखने आए थे, ऐसा लग रहा कि व्यवस्था हो जाएगी, जब कोई वैक्सीन लगाने आएंगे तो उसके बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं होना चाहिए. रजिस्ट्रेशन में अगर कोई दिक्कत आ रही तो वह भी ट्रायल रन के माध्यम से जानकारी मिल रही है. इंजेक्शन या वैक्सीनेशन के बाद जो लोग बैठेंगे वे जल्दी मत चले जाए. उस पर ध्यान देने की जरूरत है, बाकी व्यवस्था अपनी जगह पर सही है. 7 जिलों में 21 केंद्रों पर ट्रायल रन चल रहा है । 
डॉ हर्षवर्धन के बयान पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मिलना ही चाहिए, उचित घोषणा है, जो पहले की कर देनी चाहिए थी, उहापोह की स्थिति बनी हुई थी. ये नहीं होना चाहिए था निर्णय स्वागत योग्य है । 
वैक्सीन की प्राथमिकता को लेकर बाबा ने कहा कि पहले फेस में जो लोग सबसे ज्यादा जोखिम अभी ले रहे हैं, जिनका एक्स्पोज़र सबसे ज्यादा है, जिसमें स्वास्थ्य कर्मी, पुलिसकर्मी, सफाई व्यवस्था में जो जुड़े हुए लोग, राजस्व से जुड़े हुए लोग शामिल हैं. सेकंड फेस में 50 साल से ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगाए जाने की उम्मीद है. अभी क्लियर डायरेक्शन उसके नहीं आए हैं पर यह माना जा रहा है कि यह संभावना है कि तीसरे फेस में रजिस्ट्रेशन के लिए कोविन एप को ओपन कर दिया जाएगा. फिलहाल यह क्लोज रहेगा । 
इस एप के माध्यम से आपको जानकारी मिलेगी लेकिन आप इसमें कुछ अपलोड नहीं कर सकते. दूसरे फेस के बाद कोविन एप को खोला जाएगा, जिनका नाम सूची में नहीं है, वह रजिस्टर कर सकते हैं फिर समय और तारीख आने के बाद वे वैक्सीन लगवा सकते हैं, 1100 केंद्र प्रदेश में स्थापित होंगे. एक केंद्र में 100 वैक्सीन लगाए जाएंगे, उस हिसाब से एक दिन में 1 लाख 10 हजार लोगों को छत्तीसगढ़ में वैक्सीन लगाए जाएंगे. गवर्नमेंट ऑफ इंडिया जैसे ही अप्रूव करेंगे, वैसे ही सप्लाई चालू हो जाएगी । 
 
 
 
 

 

   panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना काल में पुलिस की भूमिका की न केवल आम लोग बल्कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक तारीफ कर चुके हैं. इसकी वजह भी है, पुलिस ने प्रवासी मजूदरों के आने-जाने वालों की निगरानी करने के साथ मानवीय सेवा भाव का प्रदर्शन करते हुए खाने की व्यवस्था करने के साथ जूते और कपड़े तक मुहैया कराया है. इन सबके बीच प्रदेश के दो पुलिस अधिकारियों की नई दिल्ली तक चर्चा हो रही है । 
दीपांशु काबरा, आईपीएस
बिलासपुर पुलिस रेंज के आईजी के तौर पर आईपीएस दीपांशु काबरा के कार्यों की खासी चर्चा हुई. दीपांशु काबरा ने जरूरतमंदों के लिए हेल्प चेन स्थापित किया. इसका हजारों लोगों को फायदा हुआ. यही नहीं अधिकारी ट्विवटर पर सक्रियता की वजह से किसी के मदद की गुहार लगाए जाने पर तत्काल मदद मुहैया कराते रहे. खाली पेट अपने-अपने घरों को लौट रहे प्रवासी मजदूरों को न केवल खाना मुहैया कराया, बल्कि उनके घर लौटने की समुचित व्यवस्था कराई. संकट के दौर में आईपीएस दीपांशु काबरा की टीम ने जरूरतमंदों की मदद के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ा । 
 
                                                                                                                संतोष सिंह, आईपीएस
आईपीएस संतोष सिंह प्रदेश के सक्रिय पुलिस अधिकारियों में से शुमार किए जाते हैं. बतौर रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कोरोना काल में इनकी सक्रियता अनगिनत लोगों के लिए जीवनदायी बनकर आई. उनके नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस ने 12 लाख मास्क का वितरण कर कोरोना के संक्रमण से बचाने का काम किया. ‘इस रक्षाबंधन, एक रक्षासूत्र मास्क’ के वाक्य के साथ मास्क को लेकर लोगों को जागरूक करने का काम किया. संतोष सिंह के काम की गूंज रायगढ़ से लेकर राजधानी रायपुर तक होती रही । 
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की अलख जगाने के लिए स्वर्गीय ताराचंद साहू हमेशा याद किए जाएंगे. छत्तीसगढ़िया आत्म गौरव के लिए बड़ा कार्य स्वर्गीय साहू ने किया है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय ताराचंद साहू की जयंती के अवसर पर आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में यह बात कही. उन्होंने कहा कि स्वर्गीय ताराचंद साहू उन लोगों में से थे जिन्हें लगता था कि छत्तीसगढ़ राज्य तो बन गया है लेकिन छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान और अस्मिता के लिए अभी काफी कार्य शेष है. इसके लिए वे आगे बढ़े और प्रयत्न किया । 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें खुशी है कि हम छत्तीसगढ़ के आत्म गौरव के लिए कार्य कर रहे हैं. छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की अलख के लिए काम कर रहे हैं. सभा को गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी स्वाभिमान की अलख को जगाने का बड़ा काम स्वर्गीय ताराचंद साहू ने किया. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार इसी दिशा में कार्य कर कर रही है. लोगों की आर्थिक तरक्की के साथ ही सांस्कृतिक धरोहर को भी सहेजने की दिशा में बड़ा काम किया जा रहा है । 
कई लोगों ने पहली बार देखी गेड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पर्व हमारी छत्तीसगढ़ी अस्मिता के पहचान थे वो अपने ही प्रदेश में हाशिये में जा रहे थे. शहरी क्षेत्रों में तो कई लोग ऐसे थे. जिन्होंने हरेली त्यौहार का नाम सुना ही नहीं था. जब हरेली के दिन हम लोग मुख्यमंत्री निवास से गेड़ी से निकले तो लोगों ने देखा कि कितनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हम लोग लेकर चल रहे थे और इसे विस्मृत करते जा रहे थे. हमारे त्योहार, हमारी परंपरा जिससे हमें ऊर्जा मिलती थी, वे हाशिये पर थी. पहली बार हमारे तीज त्योहार, कर्मा जयंती, हरेली, विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश आरंभ हुआ । 
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय चंदूलाल चंद्राकर एवं स्वर्गीय पवन दीवान को भी किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संयोग है कि आज ही दो अन्य महान विभूतियों की जयंती भी है. स्वर्गीय चंदूलाल चंद्राकर एवं स्वर्गीय पवन दीवान का जन्म भी आज के दिन ही हुआ था और इन्होंने भी छत्तीसगढ़ी अस्मिता को लेकर ऐसा ही स्वप्न देखा था. वे अलग-अलग पेशों से थे लेकिन संयोग ऐसा हुआ कि इनका कार्य एक ही तरह का था और सोच भी एक ही तरह की थी । 
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय ताराचंद साहू से बहुत आत्मीय संबंध था. अनेक स्मृतियाँ उनसे जुड़ी हुई हैं. वे मेरे गाँव कुरुदहीड भी आते थे. बहुत सारी स्मृतियाँ हैं उनसे जुड़ी जो याद आती हैं. मुख्यमंत्री ने इनमें से कुछ स्मृतियों को सामाजिकजनों से साझा भी किया । 
हमें अवसर दिया गया तो चलाएंगे नगरनार का प्लांट
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार नगरनार प्लांट का विनिवेश करना चाहती है.हमने केंद्र से कहा है कि प्लांट चलाने का अवसर हमें दें. छत्तीसगढ़ में प्रतिभाशाली लोगों की टीम है. हमें अवसर मिला तो प्लांट का बेहतर संचालन करेंगे ताकि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के बेहतर अवसर पैदा हों. उन्होंने कहा कि एफसीआई द्वारा चावल नहीं लिये जाने के संबंध में प्रधानमंत्री से चर्चा हुई है. हम किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और खेती किसानी को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है । 
 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। पुलिस का काम अपराध पर नियंत्रण करना है, षड़यंत्र को समाप्त करना है. लेकिन पुलिस ही अपराध में शामिल हो जाएं तो बात कठिन हो जाती है. लेकिन अब सही मायने में पुलिस ने पुलिसिंग करनी शुरू की है. साथ ही पहले पुलिस की जो धमक हुआ करती थी, वह बनी रहनी चाहिए. लेकिन आपकी उपस्थित से लोग डरे मते, आपकी उपस्थिति से सुरक्षित महसूस करें. यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस के जवानों से साल के पहले दिन संवाद करते हुए कही । 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नव वर्ष में पुलिसकर्मियों के साथ मुलाकात की. इस दौरान डीजीपी अवस्थी के भाषण में इस तरह के पहले आयोजन के जिक्र की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह का आयोजन भले ही पहली बार हो रहा है, लेकिन यह आखिरी बार नहीं होगा. हम और मिलते रहेंगे. इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जय जवान, जय किसान का नारा पुलिस जवानों के साथ बुलंद करते हुए कहा कि एक तरह किसान खेत में जुटकर हमारे लिए अनाज उत्पन्न करते हैं, जिससे हमारा यह शरीर बनता है. और आप लोगों की बदौलत आम जनता चैंन की नीद सो पाती है. दोनों की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है । 
उन्होंने कहा कि अपनी भूमिका के निर्वहन के लिए बहुत सी चीजों की जरूरत होती है, उसमें सबसे ज्यादा किसी चीज की जरूरत है, तो वह है संतुलन, अगर आपके कार्य में, व्यवहार में, आचरण में, कानून में संतुलन नहीं बिठाए तो बात बिगड़ जाती है. अगर आपने संतुलन बना लिया तो सबकुछ आसान हो जाता है. इसलिए जीवन में सबसे ज्यादा जरूरी संतुलन है. खासकर पुलिस के जवान हों, सीमा की सुरक्षा में लगे जवान हों, या नक्सली क्षेत्र में लगे जवानों की बात हो, बहुत तनावपूर्ण रहता है उनका जीवन. ऐसे में तनावपूर्ण स्थिति में अपने आप को संयमित रखना एक कठिन काम है । 
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 साल में नक्सल इलाके में ह्यूमन राइट की कोई शिकायत नहीं आई है. नक्सल क्षेत्र में दिक्कत थी कि वहां लोग विश्वास नहीं कर रहे थे. वहां के लोग जो परंपरागत रूप से रह रहे हैं, उनका विश्वास हासिल कर लेंगे तो समस्या नहीं रहेगी. 2 साल में विश्वास हासिल हुआ, और विश्वास जितने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि हर विभाग विश्वास जितने का काम कर रहे है, जिससे स्थिति सुधरती जा रही है. बस्तर में सही दिशा में चल रहे हैं. सफलता मिलेगी ये विश्वास है । 
पुलिस जवानों के साथ भूपेश बघेल का नया साल …

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर । वर्ष 2021 शुरू होने से पहले पुलिस विभाग में पदस्थ अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने का आदेश जारी हो गया है. सूची में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से लेकर उप पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक तक शामिल हैं. इन सभी अधिकारियों की 2021 साल के दौरान अलग-अलग महीनों में सेवानिवृत्त होना है । 
देखिए पूरी सूची…
 

हितग्राहियों को विभिन्न योजनान्तर्गत 5.90 करोड़ रुपये की सामग्री करेंगे वितरित
 
panchayattantra24.com,रायपुर । मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल 2 जनवरी को रायगढ़ के प्रवास के दौरान मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 398.11 करोड़ रुपये की लागत के 152 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। जिसमें 117.75 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 46 कार्यों का लोकार्पण एवं 280.36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 106 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री श्री बघेल इस मौके पर विभिन्न योजनान्तर्गत हितग्राहियों को 5.90 करोड़ रुपये की राशि की सामग्री वितरण भी करेंगे।
 मुख्यमंत्री कार्यक्रम में जिन कार्यों का लोकार्पण करेंगे उनमें लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण संभाग रायगढ़ द्वारा नवनिर्मित 22 करोड़ 40 लाख रुपए के 5 कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड रायगढ़ द्वारा निर्मित 7 करोड़ 93 लाख लागत की आवर्धन जल प्रदाय योजना, लोक निर्माण विभाग रायगढ़ द्वारा कराया गया 11 करोड़ 32 लाख रुपये लागत का एक सड़क निर्माण कार्य, लोक निर्माण विभाग रायगढ़ द्वारा भवन निर्माण के 15 करोड़ 32 लाख रुपये लागत के दो कार्य, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल रायगढ़ द्वारा कराए गए 7 कार्य लागत 38 करोड़ 36 लाख रुपये, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत पूर्ण किए गए 13 कार्य लागत 3 करोड़ 23 लाख रुपये, वन विभाग द्वारा भीमसेन से भकुर्रा वनमार्ग निर्माण कार्य लागत 45 लाख रुपये, शिक्षा विभाग राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा मिशन रायगढ़ के 3 कार्य लागत 1.05 करोड़ रुपये, किसान उपभोक्ता बाजार उपमंडी प्रांगण चिखली लागत 78 लाख रुपये, नगर पालिक निगम रायगढ़ अंतर्गत 4 कार्य लागत 2 करोड़ 75 लाख रुपये, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 4 कार्य 10 करोड़ 2 लाख 83 हजार रुपये, जिला शहरी विकास अभिकरण रायगढ़ के 2 कार्य लागत 2 करोड़ रुपये, जिला कमाण्डेंट होमगॉर्ड के एक कार्य लागत 95 लाख रुपये एवं कृषि विभाग द्वारा बोईरदादर रायगढ़ में 01 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला भवन शामिल है।
 मुख्यमंत्री कार्यक्रम में जिन कार्यो का भूमिपूजन करेंगे, उनमें लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण संभाग रायगढ़ अंतर्गत 6 कार्य लागत 40 करोड़ 53 लाख रुपये, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना) परियोजना क्रियान्वयन इकाई क्रमांक 01 के 11 कार्य लागत 91 करोड़ 36 लाख रुपये तथा परियोजना क्रियान्वयन इकाई क्रमांक 02 के 11 कार्य लागत 67 करोड़ 90 लाख रुपये, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना) के 5 कार्य लागत 7 करोड़ 23 लाख रुपये, लोक निर्माण विभाग रायगढ़ के 4 सड़क कार्य लागत 16 करोड़ 78 लाख रुपये एवं लोक निर्माण विभाग रायगढ़ के 5 भवन कार्य लागत 6 करोड़ 83 लाख रुपये, जल संसाधन संभाग धरमजयगढ़ के 5 कार्य लागत 10 करोड़ 2 लाख रुपये, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 6 कार्य लागत 1 करोड़ 18 लाख रुपये, वन विभाग रायगढ़ के 4 कार्य लागत 94 लाख रुपये, धरमजयगढ़ वनमंडल के 25 कार्य लागत 8 करोड़ 86 लाख रुपये, शिक्षा विभाग रायगढ़ के 2 कार्य लागत 2 करोड़ 42 लाख रुपये, किसान उपभोक्ता बाजार उपमंडी प्रांगण चिखली विकास कार्य लागत 78 लाख रुपये, नगर पालिक निगम रायगढ़ के 5 कार्य लागत 2 करोड़ 41 लाख रुपये, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 5 कार्य लागत 2 करोड़ 33 लाख रुपये, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग रायगढ़ के 9 कार्य लागत 15 करोड़ 30 लाख रुपये, उच्च शिक्षा विभाग के तहत शासकीय महाविद्यालय खरसिया में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य एवं रायगढ़ में महाविद्यालय भवन निर्माण लागत 5 करोड़ 48 लाख रुपये शामिल है।

 
panchayattantra24.com,रायपुर। धान खरीदी केन्द्रों में अव्यवस्था से समिति प्रबंधकों में भारी नाराजगी है. इस अव्यवस्था के खिलाफ प्रबंधकों ने एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया है. प्रबंधकों का कहना है कि धान खरीदी केन्द्रों में बहुत समस्या है, ना तो बारदाने ठीक से उपलब्ध हो रही है औऱ ना ही परिवहन कराए जा रहे हैं. समिति प्रबंधकों को 10 से 15 महीने का वेतन भी नहीं मिला है  । 
धमधा समिति प्रबंध अध्यक्ष के इश्वरी साहू ने बताया कि हम धान खरीदी की नीति में अनुबंध और संशोधन चाह रहे हैं. केन्द्रों में परिवहन नहीं हो रहा है, जिस वजह से धान जाम होने लगे हैं. साथ ही जिन खर्चों को परिवहन व मिलर्स द्वारा वहन किए जाते थे, उन खर्चों को भी इस बार हमारी तरफ जोड़ दिया गया है. हमारी दूसरी मांग है कि हम सेवानियम में संशोधन चाहते हैं, तीसरी मांग है कई जिलों के समिति कर्मचारियों को अब तक वेतन नहीं मिला है. हम शासन से अनुदान राशि की मांग कर रहे हैं  । 
हमारी चौथी मांग है कि जिला सरकारी केन्द्रीय बैंकों में स्टॉफ की कमी को पूरा करे और उसमें नियुक्तियां समिति के सदस्यों की हो, हमारी पांचवीं और आखरी मांग है कि छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा एक आदेश जारी किया गया था जिसमें कहा गया था कि जो समिति पीडीएस की 3 दुकान से अधिक चला रहे हैं. उनको निजी हाथों या समूह में दिया जाए, इन मांगों को लेकर 4 से 5 हजार लोग इस धरने में शामिल होंगे, जिसमें धान खरीदी केन्द्रों के समिति प्रबंधक, समिति कर्मचारी, विक्रेता चौकीदार सभी शामिल होंगे. यदि मांगे पूरी नहीं होती है तो आगे की रणनिति तय कर बड़े पैमाने पर अनिश्चितकालिन धरना देने का विचार किया गया है  । 

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में चरस की सप्लाई करते दो तस्कर गिरफ़्तार हुआ है. पुलिस ने दोनों आरोपियों से 130 ग्राम चरस जब्त किया है. आरोपी चरस को पेड़े की शक्ल देकर तस्करी कर रहे थे. डीडी नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है । 
डीडी नगर पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात को मुखबिर से बंजारी नगर केंद्रीय विद्यालय के पास चरस तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर मौके पर दबिश देकर पुलिस टीम ने आरोपी नवीन वर्मा व शेख सरफराज को चरस के साथ गिरफ्तार किया. मौके पर आरोपियों से 130.370 ग्राम चरस बरामद किया गया. जब्त चरस की कीमत 39 हजार रुपए आंकी गई है. वहीं आरोपी नवीन वर्मा पहले भी मारपीट और आबकारी के मामले में जेल जा चुका है. फिलहाल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई । 
 
 

 
panchayattantra24.com.रायपुर। कांग्रेस विधायक व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर आ रहे तकनीकी परेशानी के लिए केन्द्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि वह जानबूझकर ऐसी स्थिति निर्मित कर रही है. ताकि जिन कृषि कानूनों का देश भर के किसान विरोध कर रहे हैं उसे लागू करने रास्ता प्रथस्त हो सके. उन्होंने जारी बयान में कहा है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यदि एक इशारा कर दें तो सरकार में कैबिनेट के साथ-साथ कांग्रेस के पूरे के पूरे विधायक भी दिल्ली कूच करने पीछे नहीं हटेंगे । 
कांग्रेस विधायक व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने जारी बयान में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर आ रही तकनीकी परेशानी को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार व भाजपा को दोषी ठहराया है. विकास उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की किसानों के हित को लेकर मंशा साफ है यही वजह है कि छत्तीसगढ़ पूरे देश में एक मात्र प्रदेश है जहाँ किसानों से धान खरीदी प्रति क्विंटल 2500 रुपये पर खरीदने का साहस हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया है. परन्तु यह बात केन्द्र सरकार को खटक रही है और भाजपा जानबूझकर ऐसी स्थिति निर्मित कर रही है कि किसानों को प्रारंभिक दिक्कतें आये और जो जिम्मेदारी केन्द्र की है उसे मोदी सरकार समय पर पूरा न कर किसानों को दिग्भ्रमित कर रही है । 
कांग्रेस विधायक व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा किसानों के हित को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक इशारे भर की जरूरत है और सरकार में कैबिनेट के साथ-साथ पूरे के पूरे विधायक दिल्ली कूच करने पीछे नहीं हटेंगे. कांग्रेस विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिशा निर्देश में कांग्रेस के पूरे विधायक किसी भी हद तक जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि धान खरीदी के लिए वारदाना देने की जिम्मेदारी केन्द्र की थी पर जानबूझकर छत्तीसगढ़ को नहीं दिया गया ताकि छत्तीसगढ़ के खुशहाल किसान परेशान हों और किसानों के मन में भूपेश सरकार के खिलाफ नफरत पैदा किया जा सके पर वह यह भूल गई है कि जो किसान कांग्रेस के वचन को दो वर्षों से पालन करते देखते आ रही है भला वह कैसे दिग्भ्रमित हो सकती है. उन्होंने आरोप लगाया मोदी सरकार ऐसी परिस्थिति निर्मित कर जिन कृषि कानूनों का देश भर में किसान विरोध कर रहे हैं उसे मूर्तरूप देने असफल प्रयास हो रहा है । 
विधायक विकास उपाध्याय ने ये भी आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है. केन्द्र से फूटी कौड़ी की मदद नहीं मिल रही है बल्कि छत्तीसगढ़ के हिस्से का बकाया जीएसटी के 4000 करोड़ से भी ज्यादा का रकम मोदी सरकार दे नहीं रही है और यही वजह है कि भूपेश सरकार प्रदेश की खुशहाली के लिए कर्ज लेने मजबूर है. उन्होंने कहा भाजपा का किसान विरोधी चेहरा अब उजागर हो चुका है जो दिल्ली के सिंधु बॉर्डर में चल रहे आज 36 वां दिन ने देश ही नहीं पूरे विश्व को बता दिया है कि मोदी सरकार किसानों के हितों को लेकर कितना गंभीर है और आने वाले दिनों में मोदी सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे । 
 
 

panchayattantra24.com.रायपुर । छत्तीसगढ़ में ग्रामीणों के लिए हाट बाजार क्लीनिक संजीवनी साबित हुए हैं। गांव में स्वस्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हाट बाजार क्लीनिक बाजार के दिन लगाए जा रहे हैं। हाट बाजार में मेडिकल टीम पहुंचकर जरूरतमंद लोगों का इलाज कर रही है। मरीजों की जरूरी जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं और आवश्यकतानुसार चिकित्सीय परामर्श दिया जा रहा है।
    कोरबो जिले के तरदा गांव के हाट बाजार में नजदीक के गांव से 12 वर्षीय दर्शन अपने दादाजी के साथ अपने गांव के नजदीक साप्ताहिक बाजार करने ग्राम तरदा पहुंचा था। अपने दादाजी के साथ बालक दर्शन हंसी-खुशी से सामान की खरीददारी कर रहा था। शाम को साढ़े चार बजे बालक दर्शन को अचानक चक्कर आया। चक्कर आने के कारण दर्शन लड़खड़ाते हुए गिर पड़ा। दर्शन को गिरते देख दर्शन के दादाजी तत्काल बालक को अपनी गोद में उठाकर बाजार में संचालित हो रहे मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक की तरफ भागे। हाट बाजार क्लीनिक में मौजूद ग्रामीण चिकित्सा सहायक डॉक्टर पूर्णानंद सोनी और नर्स ने बच्चे की हालत को देखकर तत्काल पास के रखे टेबल में लिटाया। डॉक्टर ने तुरंत बालक दर्शन की आंख, मुंह, नाड़ी की जांच की। डॉक्टर के जांच करने के दौरान ही नर्स ने ओ. आर. एस. घोल तैयार कर ले आयी। बालक को तुरंत ही शरीर में पानी की कमी दूर करने ओ. आर. एस. घोल पिलाया गया। ओ. आर. एस. घोल पीते ही बालक के शरीर में ताकत आई और वह अपने बल पर बैठ गया।
    इलाज के दौरान डॉक्टर ने पाया कि दर्शन के शरीर में खून की बहुत कमी है। डॉक्टर ने खून की भारी कमी के कारण दर्शन को चक्कर आने की बात कही। डॉ. ने दर्शन को एनीमिया ग्रस्त होने के कारण फोलिक एसिड की गोली भी दी। डॉक्टर ने दर्शन के दादाजी को ओ. आर. एस. का पैकेट दिया और नियमित अंतराल में दर्शन को पिलाने की सलाह भी दी। बालक को अपने बल पर बैठे देख दादाजी के चेहरे पर संतुष्टि और मुस्कान आई और उन्होंने इलाज के लिए डॉक्टर एवं नर्स का हृदय से आभार जताया। दर्शन के दादाजी ने मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक संचालित करने के लिए शासन का धन्यवाद भी किया।