Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com.रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र की शुरूआत से पहले दिवंगत पूर्व विधायक हीरासिंह मरकाम, पूरन लाल जांगड़े, लालमहेंद्र सिंह टेकाम और घनाराम साहू को श्रद्धांजलि दी गई। सदन की कार्यवाही में सदन में खुज्जी विधायक ने किसानों के अस्थाई विद्युत पम्प कनेक्शन का मामला उठाया. पूरक सवाल के जवाब में बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने कहा, मैंने भी इसे लेकर सवाल लगाया है. पूरे प्रदेश में 94 हजार कनेक्शन के आवेदन है. इन सभी आवेदनों पर कनेक्शन दिया जाएगा तो सरकार को 900 करोड़ रुपये लगेंगे. मुख्यमंत्री क्या सदन में घोषणा करेंगे कि सभी आवेदनों पर कनेक्शन दिया जाएगा. मुख्यमंत्री खुद किसानों के ब्रांड एम्बेसडर बन गए है. इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देसी घी को प्रचार की जरूरत नहीं होती. मैं किसान पैदा हुआ हूँ. किसान के रूप में ही मृत्यु होगी. ब्रांड एम्बेसडर बनने की जरूरत नही है. 94 हजार 950 कनेक्शन के आवेदन हैं ।

panchayattantra24.com.रायपुर। 21 दिसंबर संत तारण तरण जयंती पर रायपुर नगर निगम ने 70 वार्डो में मांस-मटन के विक्रय नहीं होंगे. निगम ने सभी पशुवध गृहों, समस्त मांस-मटन विक्रय केन्द्रों को बंद कर बिक्री पर पूर्व रूप से प्रतिबंध लगा दिया है. आदेश का उल्लंधन करने पर नगर निगम प्रशासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्काल मांस- मटन जब्त कर दुकानदार और व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी विजय पाण्डेय ने निगम के समस्त जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और जोन स्वच्छता निरीक्षकों को संत तारण तरण जयंती के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में दिनभर सतत पर्यवेक्षण कर प्रतिबंध आदेश का पूर्ण व्यवहारिक परिपालन कड़ाई के साथ सुनिश्चित करवाने के आदेश दिया है ।
नगर निगम आयुक्त सौरभ कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संत तारण तरण जयंती पर रायपुर निगम क्षेत्र में कहीं भी प्रतिबंध के बावजूद मांस-मटन की कोई भी दुकान खुली मिली, तो उस क्षेत्र से संबंधित जोन कमिश्नर और जोन स्वास्थ्य अधिकारी पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी ।

panchayattantra24.comरायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं साहित्यकार पंडित सुंदरलाल शर्मा और ठाकुर प्यारे लाल सिंह की जयंती पर उन्हें नमन किया है. राज्यपाल ने कहा कि पंडित सुंदर लाल शर्मा ने देश की आजादी के लिए राष्ट्रीय आंदोलन में भागीदारी निभाई. उन्होंने समाज में छुआछुत की भावना दूर करने और अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए. इसके साथ ही पं. सुंदरलाल शर्मा ने छत्तीसगढ़ी में महत्वपूर्ण साहित्य की रचना कर छत्तीसगढ़ी भाषा की अभिवृद्धि में भी अमूल्य योगदान दिया है. वहीं ठाकुर प्यारे लाल सिंह छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन के प्रणेता थे. उनके द्वारा किए गए सामाजिक एकता और उत्थान के कार्य नई पीढ़ी को प्रेरणा देती रहेगी ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि पंडित सुंदरलाल शर्मा ने सामाजिक चेतना की आवाज हर घर तक पहुंचाने का अविस्मरणीय कार्य किया. उन्होंने छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में फैले अंधविश्वास,छुआ-छूत,रूढिवादिता जैसी कुरीतियों को दूर करने के लिए अथक प्रयास किया. वे स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कई राष्ट्रीय आंदोलनों से जुड़े और छत्तीसगढ़ में स्वाधीनता आंदोलनों की मजबूती और जनजागरण के लिए भरसक प्रयत्न किया. वे किसानों के अधिकारों की लड़ाई के रूप में प्रसिद्ध कंडेल सत्याग्रह के प्रमुख सूत्रधार थे. बघेल ने कहा कि पंडित सुदरलाल शर्मा के जीवन मूल्य सदा प्रेरणा देते रहेंगे ।
उन्होंने ठाकुर प्यारेलाल सिंह की जयंती पर कहा कि ठाकुर साहब ने न सिर्फ गरीबों की सेवा की बल्कि उनके अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया. ठाकुर प्यारेलाल सिंह छत्तीसगढ़ में सहकारी आंदोलन के पुरोधा के रूप में जाने जाते हैं. वे छात्र जीवन से ही स्वाधीनता आंदोलनों से जुड़े. उन्होंने अत्याचार और अन्याय के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की और जन असंतोष को संगठित दिशा प्रदान की. राजनांदगांव में मिल मजदूरों को संगठित कर उन्हें कुशल नेतृत्व प्रदान किया. छत्तीसगढ़ में छात्रों को संगठित रूप से आंदोलनों से जोड़ने का श्रेय भी ठाकुर साहब को जाता है. उन्होंने जन-जागरण के लिए भी कई काम किये. बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में अपने अमूल्य योगदान के लिए ठाकुर साहब हमेशा याद किये जाएंगे ।

panchayattantra24.comरायपुर। शादी समारोह में लाखों के गहने चोरी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के राजगढ़ से गिरफ्तार किया है. आरोपी रितिक छायल राजगढ़ के सांसी कड़िया गिरोह का सदस्य है. आरोपी ने सेरेखेड़ी स्थित वीसलींग वुड में शादी समारोह के दौरान 7 लाख के सोने चांदी से भरा बैग पार किया था. लेकिन उसकी यह करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 लाख का सामान जब्त किया है ।
मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी तारकरेश्वर पटेल ने बताया कि 9 दिसंबर को मंदिर हसौद के छेरेखेड़ी स्थित वीसलींग वुड में पोद्दार फैमिली का शादी समारोह चल रहा था. इसी दौरान वहां पर रखे 7 लाख के सोने चांदी से भरे बैग को कोई अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया था. आरोपी सीसीटीवी में भी कैद हुआ था. आरोपी के तरीका वारदात को देखकर पता चला कि यह राजगढ़ एमपी गैंग का हो सकता है ।
इसी आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए हमारी एक टीम राजगढ़ गई थी. मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. आरोपी रितिक छायल राजगढ़ पचोर के सांसी कड़िया गैंग का सदस्य है. रायपुर में घटना को अंजाम देने कुल 4 लोग गाड़ी का किराया लेकर आए थे ।
मामले में गैंग के तीन सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है. आरोपियों ने कई और जगहों पर भी शादी समारोह के दौरान चोरी की घटना को अंजाम दिया है. इनके चोरी करने के तरीके की बात की जाए तो इस गिरोह के सदस्य मूलतः राजगढ़ के पचोर के निवासी होते है. गिरोह के सदस्य विवाह समारोह में अच्छे कपड़े पहनकर शामिल होते हैं और घरवालों सहित आसपास के लोगों पर लगातार नजर रखकर मौका देखकर सोने चांदी के जेवरात पार कर फरार हो जाते हैं ।
panchayattantra24.comरायपुर । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रथम रायपुर आगमन के शताब्दी वर्ष समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन सहित हर युग में छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ के महापुरूषों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए सविनय अवज्ञा आंदोलन का सबसे अच्छा उदाहरण छत्तीसगढ़ के किसानों का कंडेल नहर सत्याग्रह है। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर में आयोजित इस शताब्दी समारोह को अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया।
उल्लेखनीय है कि कंडेल के किसानों पर ब्रिटिश हुकूमत ने जुर्माना लगाया था, जिसको पटाने से किसानों ने इंकार कर दिया था। ब्रिटिश हुकूमत द्वारा किसानों के मवेशियों की नीलामी कर जुर्माना वसूलने का प्रयास किया, लेकिन कंडेल नहर सत्याग्रह के नेताओं के आव्हान पर लोगों ने नीलामी में मवेशियों को खरीदने से इंकार कर दिया था। कंडेल नहर सत्याग्रह के अग्रणी नेता बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव के आग्रह पर महात्मा गांधी 20 दिसम्बर 1920 को छत्तीसगढ़ आए थे। महात्मा गांधी के आने की खबर मिलने पर ब्रिटिश हुकूमत ने किसानों पर लगाया गया जुर्माना हटा दिया था। यह सविनय अवज्ञा आंदोलन की पहली बड़ी जीत थी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जब भी कही आगमन होता था तो इसका असर सम्पूर्ण समाज पर पड़ता था। छत्तीसगढ़ के आदिवासियों ने बापू से प्रेरणा लेकर जंगल सत्याग्रह शुरू किया। छत्तीसगढ़ के हजारों नौजवान नौकरी छोड़कर स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े थे। हजारों लोगों ने जेल यात्राएं की। अछूतोद्धार की लड़ाई छत्तीसगढ़ से शुरू हुई। राष्ट्रपिता ने आजादी के आंदोलन के साथ-साथ समाज की कुरीतियों और विसंगतियों को दूर करने पर भी जोर दिया था। उन्होंने स्वच्छता, स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और ग्राम स्वराज्य की परिकल्पना की थी। महात्मा गांधी कहा करते थे कि भारत गांवों में बसता है, गांव भारत की आत्मा है।
श्री बघेल ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ गांधी जी के दिखाए रास्ते पर आगे चल पड़ा है। बापू के ग्राम स्वराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए राष्ट्रपिता की जयंती की 150वीं वर्षगांठ पर छत्तीसगढ़ सरकार ने सुराजी गांव योजना प्रारंभ की। जिससे हमारे किसान और गांव आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। मजदूरों को लगातार काम मिल रहा है। छत्तीसगढ़ ने दुनिया को दिखा दिया कि गोबर से भी पैसा कमाया जा सकता है। गोबर की बिक्री और वर्मी कम्पोस्ट से लोगों की आय बढ़ी और छत्तीसगढ़ जैविक खेती की ओर बढ़ा। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के संस्कृति और पुरातत्व विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के महापुरूषों के योगदान से नई पीढ़ी को अवगत कराने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में कुष्ठ सेवा कर्मियों को कुष्ठ उन्मूलन सेवा सम्मान और सफाई कर्मियों को स्वच्छता योद्धा सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी आजादी के आंदोलन के प्रणेता ही नहीं हमारे प्रेरणा स्त्रोत हैं। उन्होंने पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोया। आजादी के आंदोलन में सभी को साथ लेकर आगे बढ़े। उन्होेंने किसानों की दिक्कतों को समझा और छूआ-छूत की विसंगतियों को दूर करने का प्रयास किया। वे स्वच्छता के प्रेरणा स्त्रोत थे। श्री भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने किसानों के दर्द को महसूस कर कर्जमाफी की, 2500 रूपए क्विंटल पर धान की खरीदी और राजीव गांधी किसान न्याय योजना जैसी योजनाएं लागू की। आज देश के किसान आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के किसान खुशहाल हैं।
संस्कृति विभाग के सचिव श्री अन्बलगन पी. ने कहा कि कंडेल नहर सत्याग्रह से छत्तीसगढ़ में स्वाधीनता आंदोलन को नई ऊर्जा मिली। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर कंडेल नहर सत्याग्रह पर एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। आभार प्रदर्शन संस्कृति विभाग के संचालक श्री विवेक आचार्य ने किया। मुख्यमंत्री निवास पर छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वय श्री विनोद वर्मा और श्री रूचिर गर्ग उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल पर संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल पर पद्मश्री सम्मान प्राप्त भारती बन्धु ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी।

panchayattantra24.comरायपुर । शहीद वीरनारायण सिंह के अमर बलिदान से हमारे प्रदेश की पहचान है। अंग्रेजों के विरुद्ध गरीब जनता के साथ संघर्ष करते हुए वे शहीद हुए। मैं उनके परिजनों से मिला। उनकी शहादत को हमारा नमन है। इस परिवार का योगदान कभी नहीं भूलाया जा सकता। शहीद वीरनारायण सिंह के परिजनों की पेंशन बढ़ाकर दस हजार रुपए मासिक किया गया है। यह बातें मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गोंड़ महासभा धमधागढ़ द्वारा आयोजित शहीद वीरनारायण सिंह बलिदान दिवस समारोह एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन के अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि शहीद वीरनारायण सिंह का बलिदान 1857 के संग्राम में अविस्मरणीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पहचान ही हमारी शक्ति है। हमने निश्चय किया कि हम अपनी समृद्ध विरासत को सभी को दिखाएं। इस क्रम में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य समारोह आयोजित करने का निश्चय किया गया। ये समारोह लोगों को बहुत अच्छा लगा। इसमें 28 राज्यों के साथ ही 6 देशों के आदिवासी कलाकारों ने हिस्सा लिया ।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि हम जनजातीय लोगों की शैक्षणिक प्रगति के लिए भी दृढ़ संकल्पित हैं। बीजापुर और दंतेवाड़ा के बच्चों का नीट में चयन हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने इनकी जिम्मेदारी ली और इनका एडमिशन भी कराया। उन्होंने कहा कि सरकार ने धान की उपज का उचित मूल्य तथा ऋण माफी जैसे बड़े निर्णय लिए जिससे खेती-किसानी से जुड़े लोगों को संबल मिला। किसानों का खेती के प्रति आत्म विश्वास बढ़ा है। किसानों को आर्थिक संबल देने से छत्तीसगढ़ का बाजार भी समृद्ध हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी नीति सभी वर्गों का विकास करने की है। हम तीज-त्योहार एक साथ मनाते हैं। छत्तीसगढ़ में सभी लोग प्रेम और सदभाव से रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी इलाकों में वनोपज संग्रहण करने वाले हमारे आदिवासी भाईयों को वनोपज के अच्छे दाम मिले। इसके लिए हमारी सरकार ने काफी प्रयास किया। प्रदेश में आज 52 लघु वनोपजों को खरीदने की और इनका प्रसंस्करण करने पर काम किया जा रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को राहत देते हुए प्रति मानक बोरा तेन्दूपत्ता का मूल्य 4000 रूपए कर दिया गया है। इससे तेन्दूपत्ता संग्राहक आर्थिक रूप से समृद्ध हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद वीरनारायण सिंह की स्मृति में कचना-धुरवा देवालय के निकट ही चौक में उनकी प्रतिमा होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम उचित निर्णय ले सकता है। मुख्यमंत्री ने भी सामाजिक पदाधिकारियों तथा समाज के सदस्यों को युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर संसदीय सचिव श्री इन्द्रशाह मंडावी, भिलाई विधायक एवं महापौर श्री देवेंद्र यादव, दुर्ग महापौर श्री धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक श्रीमती प्रतिमा चन्द्राकर, श्री एमडी ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

panchayattantra24.comरायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे शनिवार 19 दिसंबर को नगर पंचायत शिवरीनारायण मठ में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं मठ के प्रमुख राजेश्री डॉक्टर महन्त रामसुन्दर दास भी उपस्थित थे। विदित हो कि मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष पंचमी को हर वर्ष शिवरीनारायण में श्री सीताराम विवाह महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी श्रद्धा भक्ति पूर्वक आयोजन किया गया। पूजा अर्चना के बाद शाम को बारात नगर भ्रमण के लिए निकाला गया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर यशवंत कुमार, जिला पंचायत सीईओ तीर्थराज अग्रवाल भी उपस्थित थे। कृषि मंत्री श्री चौबे ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि शिवरीनारायण के पवित्र धाम में राम विवाह महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य मिला। सीता राम विवाह महोत्सव तो यहां हर वर्ष होता है। राज्य कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, बिलाईगढ़ विधायक चंद्र देव राय, जिला पंचायत जांजगीर चांपा के उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, श्री रवि भारद्वाज, हितेंद्र ठाकुर, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, डॉक्टर चौलेेश्वर चंद्राकर, श्रीमती शेषराज हरबंस, दिनेश शर्मा, देवेश सिंह, इंजीनियर श्री पांडे, जनपद सदस्य कमलेश, एल्डरमैन पूणेन्द्र तिवारी, गिरधारी यादव, राईस किंग खूंटे, नगर पंचायत शिवरीनारायण के अध्यक्ष श्रीमती अंजनी तिवारी, श्री मनोज तिवारी, श्री बृजेश केशरवानी, श्री राजेंद्र यादव, पिंटू भट्ट, हेमंत दुबे, हर प्रसाद साहू, मनोज खरे, कल्याण सिंह बर्मन, श्रीमती गीता देवांगन, डॉ रामचंद्र पटेल, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, देवलाल सोनी, अधिवक्ता प्रमोद सिंह, बजरंग शर्मा, शरद तिवारी, पवन कश्यप, नारायण खंडेलिया सहित गणमान्य जन उपस्थित थे।

panchayattantra24.comरायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पिछले दो सालों में 103 एमओयू हुए हैं. इनके माध्यम से प्रदेश में 42 हजार 155 करोड़ रूपए का पूंजी निवेश प्रस्तावित है. इससे प्रदेश के युवाओं के लिए 62 हजार से अधिक रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे ।
छत्तीसगढ़ की नयी उद्योग नीति और कोरोना-काल में उद्योगों के हित में शासन द्वारा उठाए गए कदमों से राज्य में बेहतर औद्योगिक वातावरण का निर्माण हुआ है. कोरोना-संकट काल में पूरा देश आर्थिक मंदी से प्रभावित था, वहीं छत्तीसगढ़ में उद्योग जगत मंदी से अछूता रहा. लॉकडाउन के दौरान देश में सबसे पहले माह अप्रैल में छत्तीसगढ़ के उद्योगों में काम प्रारंभ हुआ. उद्योगों की कठिनाइयों को देखते हुए ही कई तरह की रियायतें और सुविधाएं दी गईं. कोर सेक्टर के उद्योगों को विद्युत शुल्क में छूट दी गई. कच्चे माल की आवक बनी रहे, और तैयार माल बाजार तक पहुंचता रहे, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए ।
दूसरे राज्यों से कच्चा माल आसानी से छत्तीसगढ़ आ सके, इसके लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए. स्टील और सीमेंट उद्योग की गतिविधियां चलती रहें, इसके लिए सड़क और भवन निर्माण का काम जारी रखा गया. बिजली की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया. नियम शर्तों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया. राइस मिलों को ऊर्जा प्रभार में पांच प्रतिशत की छूट दी गई. उद्योगों को बिजली बिलों के भुगतान की अवधि में भी छूट दी गई. लॉकडाउन की अवधि में छत्तीसगढ़ में 27 लाख टन इस्पात का उत्पादन हुआ, जो दूसरे राज्यों की तुलना में सबसे ज्यादा था. प्रदेश में नयी औद्योगिक नीति का निर्माण किया गया है. यह नयी नीति यहां के उद्योग धंधों के लिए संभावनाओं के नये दरवाजे तो खोल रही है साथ ही एग्रीकल्चर सेक्टर को भी मजबूत प्रदान कर रही है ।
राज्य सरकार की नयी उद्योग नीति में कृषि और वनोपज आधारित उद्योगों को प्राथमिकता दी गई है. खनिज आधारित उद्योगों को हर तरह का प्रोत्साहन दिया जा रहा है. नई औद्योगिक नीति के तहत अब इस्पात (स्पंज आयरन एण्ड स्टील) क्षेत्र के मेगा अल्ट्रा मेगा प्रोजेक्ट में निवेश हेतु विशेष निवेश प्रोत्साहन पैकेज की व्यवस्था की गई है. मेगा निवेशकों के लिए इस पैकेज में अधिकतम 500 करोड़ रुपए तक निवेश प्रोत्साहन दिया जा रहा है. बस्तर संभाग के लिए 1000 करोड़ का निवेश प्रोत्साहन दिया जा रहा है. निवेशकों को सिर्फ छूट और सुविधा ही नहीं दी जा रही, बल्कि इस बात का भी खयाल रखा गया है कि वे प्रदेश में आसानी के साथ उद्योग स्थापित कर सकें. इसके लिए प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया गया है. औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि आबंटन के लिए भू-प्रब्याजी में 30 प्रतिशत की कमी की गई है. भू-भाटक में एक प्रतिशत की कमी की गई है. औद्योगिक क्षेत्रों में 10 एकड़ तक आवंटित भूमि को लीज होल्ड से फ्री होल्ड करने के लिए नियम बनाए गए हैं. औद्योगिक भूमि और भवन प्रबंधन नियमों का सरलीकरण किया गया है ।
असामान्य परिस्थितियों के बावजूद छत्तीसगढ़ में 464 स्टार्टअप शुरु करने में सफलता पाई है. 1 जनवरी 2019 से लेकर अब तक 103 एमओयू किए जा चुके हैं, जिनमें 42 हजार 154 करोड़ रुपए से अधिक का पूंजी निवेश होगा. स्टील सेक्टर में 80 एमओयू हुए हैं, जिसमें 37022.22 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश प्रस्तावित है. सीमेंट सेक्टर में एक एमओयू हुआ, जिसमें 2000 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश प्रस्तावित है. एथेनॉल सेक्टर में 7 एमओयू हुए, जिनमें 1082.82 करोड़ का पूंजी निवेश होगा ।
फूड सेक्टर में 5 एमओयू के माध्यम से 283.61 करोड़, फार्मास्युटिकल सेक्टर में 3 एमओयू के माध्यम से 56.41 करोड़ रुपए, डिफेंस सेक्टर में 3 एमओयू के माध्यम से 529.50 करोड़ रुपए तथा अन्य सेक्टरों में 4 एमओयू के माध्यम से 1179.99 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश प्रस्तावित है. इससे स्टील सेक्टर में 52,206, सीमेंट सेक्टर में 450, एथेनॉल सेक्टर में 986, फूड सेक्टर में 2,434, फार्मास्युटिकल सेक्टर में 393, डिफेंस सेक्टर में 4494 तथा अन्य सेक्टरों में 1,105 रोजगार के अवसर निर्मित होंगे ।
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बेमेतरा जिले के ग्राम सिलघट (भिंभौरी) में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री नाथूराम टिकरिहा, स्वर्गीय श्री सुकलाल टिकरिहा एवं समाजसेवी स्वर्गीय श्री गोकुल प्रसाद टिकरिहा की प्रतिमा का अनावरण किया। ग्राम सिलघट में उपस्थित राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हमारे बुजुर्गों हमारी धरोहर और पथ प्रदर्शक हैं। उनका हमारे समाज के साथ-साथ देश के इतिहास में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। ग्राम सिलघट राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से प्रगति शील गांव रहा है। जहां अनेक विभूतियों ने यहां जन्म लिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री नाथूराम टिकरिहा और स्वर्गीय श्री सुकलाल टिकरिहा ने देश की आजादी की लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन दोनांे महान विभूतियों ने आचार्य विनोवा भावे के साथ भू-दान आंदोलन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था। समाजसेवी स्वर्गीय श्री गोकुल प्रसाद टिकरिहा 25 साल तक सरपंच रहे। उन्हांेने भी भू-दान आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। वे हमेशा किसानों और मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहे।
मुख्यमंत्री ने धान खरीदी व्यवस्था के संबंध में बताया कि धान खरीदी के लिए राज्य सरकार द्वारा बारदानों की व्यवस्था के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। राईस मिलर्स, पीडीएस और किसानों के पास उपलब्ध बारदानों का उपयोग धान खरीदी में करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने इस अवसर पर ग्राम सिलघट में मंगल भवन की स्वीकृति की भी घोषणा की।
इस अवसर पर कलेक्टर बेमेतरा श्री शिव अनंत तायल, जिला पंचायत बेमेतरा के सदस्य श्री राहुल योगराज टिकरिहा, बेरला जनपद पंचायत की सदस्य कुमारी पूजा टिकरिहा, ग्राम पंचायत सिलघट की सरपंच श्रीमती संध्या टिकरिहा सहित सर्वश्री योगानंद टिकरिहा, आदित्य टिकरिहा समेत टिकरिहा परिवार के सभी सदस्य व ग्राम पंचायत सिलघट के ग्रामीण उपस्थित थे।

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि कवर्धा में बुरी तरह से हुये विफल हुये किसान महापंचायत के कार्यक्रम को लेकर रमन सिंह द्वारा छोटे प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगाये गये आरोपों में कोई सत्यता नहीं है. कार्यक्रम परिवर्तन को लेकर छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों पर आरोप लगा रहे रमन सिंह विपक्ष की भूमिका को ही लेकर खुद संशय में हैं. रमन सिंह और भाजपा को कांग्रेस सरकार के विपक्ष की भूमिका निभाना है लेकिन वे तो छोटे अधिकारियों पर हमला बोल रहे है और छोटे अधिकारियों, कर्मचारियों का विरोध करने को अपना काम समझ बैठने की बड़ी भूल कर बैठे है. छोटे अधिकारियों को लेकर रमन सिंह द्वारा प्रयोग की गयी भाषा बेहद असंतुलित असंयमित और अमर्यादित है ।
रमन सिंह के आरोपों पर कड़ा प्रतिवाद करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि पैसा लेकर नियुक्ति का खेल 15 साल तक रमन सिंह सरकार में खूब चला लेकिन अब बंद हो चुका है. रमन सिंह के बयान में इस खेल के बंद हो जाने का दर्द साफ झलक रहा है. 15 साल के कार्यकाल के आखरी-आखरी में कहे अधिकारियों ने रमन सिंह सरकार में वादा सौदा करके नियुक्यिं लेती और सत्ता जाने के बाद रमन सिंह सरकार को बड़ी राशि का भुगतान नहीं किया. इसी का हिसाब किताब रमन सिंह जी करना चाह रहे है. रमन सिंह की यह सोचना कि इस प्रकार की धमकी देकर 15 साल सरकार का बकाया पैसा मिल जायेगा तो यह गलत है ।
कवर्धा में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह द्वारा धमकी और आतंक भरी भाषा के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति व्यक्त करते हुये छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अधिकारी, कर्मचारियों के लिए जिस धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया है, वह उनकी गरिमा के अनुरूप नही है। पद से हटते ही, सत्ता हाथ से जाते ही इतना बौखला गये रमन सिंह की छोटे-छोटे अधिकारी, कर्मचारी को धमकी दे रहे है। प्रदेश की जनता, मीडिया अधिकारी, कर्मचारी भी समझ रहे है कि रमन सिंह जी गुस्सा हाथ से सत्ता फिसल जाने का है ।
सत्ता हाथ से फिसल जाने की पीड़ा रमन सिंह जी से सहन नही हो रही है। रमन सिंह जी अपनी झुंझलाहट, बौखलाहट और गुस्सा छोटे अधिकारियों, कर्मचारियों को धमकी देकर निकाल रहे है. 15 साल के शासन के बाद भी 15 सीटो के लायक भी प्रदेश के मतदाताओं ने रमन सिंह और भाजपा को नहीं समझा. इसकी झुंझलाहट, बौखलाहट और गुस्सा डॉ. रमन सिह ऐसी धमकीया दे के निकाल रहे है. जो पूरी तरीके से गलत है ।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि रमन सिंह को जनमत का सम्मान करना चाहिए. विपक्ष की भूमिका निभाने का मतदाताओ ने रमन सिंह और भाजपा को जनादेश दिया है. जनादेश का अपमान न करे रमन सिंह. रमन सिंह परंपराओं को भुला कर छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक परंपराओं को नष्ट कर रहे है ।