Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक घनाराम साहू के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है।  मुख्यमंत्री बघेल ने घनाराम साहू के परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करने और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

 
panchayattantra24.com,रायपुर। कलम रख मशाल उठा आंदोलन के तहत आज प्रदेशभऱ के शासकीय कर्मचारी राजधानी रायपुर में धरना प्रदर्शन और रैली करेंगे। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले हो रहे आंदोलन में रैली के बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम है।
वेतनमान, नियमितीकरण, वेतन विसंगति दूर करने, महंगाई भत्ता लागू करने, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति सहित 14 सूत्रीय मांग को लेकर फेडरेशन प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है। इसके पहले 1 दिसंबर को प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्ट्रेट में कर्मचारी मशाल लेकर प्रदर्शन किये थे। जिसके बाद द्वितीय चरण में 11 दिसंबर को जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था।
आज तीसरे चरण में प्रदेश के सभी जिलों से कर्मचारी राजधानी रायपुर में इकट्ठा हो रहे हैं। धरना प्रदर्शन के बाद रैली निकालकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि वे आंदोलन के तहत सरकार को घोषणापत्र में कर्मचारियों के लिए किये गए वादों को याद दिलाया जाएगा।
 
.

 
panchayattantra24.com,रायपुर । नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डाॅ शिवकुमार डहरिया ने अपने जन्म दिवस पर शताब्दी नगर में निर्माणाधीन उद्यान परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, महापौर श्री एजाज ढेबर सहित अन्य अतिथियों ने भी परिसर में पौधारोपण किया। डाॅ डहरिया ने इस अवसर पर कहा कि मुझे खुशी है कि मैंने अपने जन्म दिन में पौधारोपण किया है। आप सभी लोग भी शहर और अपने आसपास को स्वच्छ रखते हुए पर्यावरण संतुलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

 
panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बाबा गुरू घासीदास जयंती के अवसर पर चार बड़ी घोषणाएं की। भिलाई के सेक्टर 6 में गुरु घासीदास सेवा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नया रायपुर में गुरु घासीदास जी के नाम पर शोध पीठ एवं संग्रहालय स्थापित करने की घोषणा के साथ ही निगम क्षेत्रों में डायग्नोस्टिक सेंटर आरंभ करने की घोषणा भी की जिनका नाम मिनी माता के नाम पर होगा। मुख्यमंत्री ने पंथी नृत्य के महान कलाकार स्वर्गीय श्री देवदास बंजारे की स्मृति में राज्य स्थापना दिवस समारोह में पंथी नृत्य पुरस्कार आरंभ करने का की घोषणा भी की, साथ ही उन्होंने राजधानी में अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा में सुविधा देने के लिए रहवासी हॉस्टल 200 सीटर क्षमता के निर्माण की घोषणा भी की। 
मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि गुरु घासीदास बाबा का महान संदेश मनखे मनखे एक समान है। यह समानता का सिद्धांत हमारे संविधान का भी अहम हिस्सा है। बाबा जी ने आज से ढाई सौ साल पहले अहिंसा और सत्य का संदेश दिया जो उद्देश्यपूर्ण जीवन का मूल स्रोत है। महात्मा गांधी ने अहिंसा और सत्य के सिद्धांतों पर चलकर देश को आजादी दिलाई। बाबा साहब अंबेडकर ने जब हमारे संविधान का निर्माण किया जो उन्होंने संविधान में समानता की मूल भावना शामिल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ बाबा गुरु घासीदास जी के दिखाए हुए आदर्श पर चल रहा है। हमारा छत्तीसगढ़ का समाज समतामूलक समाज है। हम सब यहां प्रेम और सद्भाव से रहते हैं। बाबा गुरु घासीदास ने हमें प्रेम, अहिंसा, सत्य और करुणा का संदेश दिया है इन्हीं संदेशों पर चलकर छत्तीसगढ़ लगातार तरक्की और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। 
इस मौके पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ बाबा गुरु घासीदास और बाबा साहब अंबेडकर के दिखाए आदर्शों पर चल रहा है। बाबा जी ने जो मनखे मनखे एक समान का सिद्धांत दिया था, वह हमारा आदर्श सिद्धांत है हम इसी सिद्धांत पर चलते हुए छत्तीसगढ़ को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर भिलाई के विधायक एवं महापौर श्री देवेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री भुनेश्वर बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। प्रदेश की राजधानी से कुछ दूर आरंग विधानसभा की तस्वीर पहले से बहुत बदल गई है। विकास को तरसते आरंगवासियों को विगत दो साल में क्षेत्रीय विधायक और केबिनेट मंत्री डाॅ शिवकुमार डहरिया के रुप में एक ऐसा विकास पुरुष मिला है जो न सिर्फ इस क्षेत्र का लगातार भ्रमण करते हैं, आम जनमानस से मिलते हंै और उनकी समस्याओं को सुनने और निराकरण करने की हरसंभव कोशिश करते हैं। आरंग क्षेत्र में विगत दो साल के कार्यकाल में विधायक डाॅ डहरिया ने विकास कार्यों की वह सौगातें दी हैं कि यहां का नक्शा ही बदल गया है। लोगों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान रखकर उन्होंने आरंग के विकास के लिए ऐसा माॅडल तैयार किया है कि आने वाले दिनों में आरंग विधानसभा में विकास की नई तस्वीर स्पष्ट दिखाई देगी। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के नेतृत्व में अपनी कार्यशैली और विशिष्ट छत्तीसगढ़ी अंदाज और साफ-सुथरी छवि, मिलनसार प्रवृत्ति से एक अलग पहचान बनाने वाले डाॅ शिवकुमार डहरिया ने अपने महज दो साल के कार्यकाल में ही आरंग विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 300 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों की स्वीकृति दी और अनेक बड़े कार्यों के लिए उच्च स्तर पर प्रयास किया। 
गौरवपथ से बढ़ेगा गौरव और आरंग की सुंदरता मंत्री डाॅ डहरिया के नेतृत्व में आरंग विधानसभा में अनेक बड़े कार्य कराए गए हैं। क्षेत्र का विधायक चुने जाने के बाद मंत्री डाॅ डहरिया ने आरंग को अंधेरे से मुक्ति दिलाने का बीड़ा उठाया। यहां लो-वोल्टेज और बिजली कटौती एक बड़ी समस्या थी। अंधेरे से जूझते परिवारों और यहां के विकास में एक बड़ी बाधा को दूर करने की पहल करते हुए लगभग 32 करोड़ की लागत से गुल्लू में उच्च क्षमता का विद्युत सब स्टेशन की स्थापना कराई और आरंगवासियों की एक बड़ी समस्या का अंत किया। राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे आरंग में सड़कों की स्थिति ठीक नहीं थी। मुख्य मार्ग बहुत संकरा होने के साथ अनेक सड़के जर्जर थी और आवागमन की दृष्टि से बेहतर नहीं थी तो मंत्री डाॅ डहरिया ने यहां की सुंदरता और पहचान को बढ़ाने वाला गौरवपथ निर्माण की परिकल्पना की। उन्हीं की सोच का ही परिणाम है कि आरंग में 17 करोड़ 59 लाख की लागत से गौरवपथ का निर्माण किया जा रहा है। जल्द ही गौरव पथ पूर्ण होकर यहा की सुंदरता में चार-चांद लगाएगा। इसी तरह सभी समाज के लिए सामुदायिक भवन की स्वीकृति प्रदान करने के साथ उन्हें विकास की राह पर आगे बढ़ाने का कार्य डाॅ डहरिया ने किया है। सामुदायिक भवन निर्माण के संदर्भ में डाॅ डहरिया का मानना है कि जागरुक और संगठित समाज ही एकजुट होकर अपने समाज की उन्नति के बारे में सोच सकता है और समाज का विकास ही प्रदेश और देश का विकास है। इसलिए उनके द्वारा सर्व सामान्य हेतु 1 करोड़ 80 लाख का मंगल भवन, सभी समाजों के लिए 17 भवन हेतु 5 करोड़ की स्वीकृति दी। आरंग में 17 करोड़ 93 लाख की लागत से रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क की स्थापना, पेयजल उपलब्धता हेतु पाइप लाइन विस्तार के लिए 7 करोड़ 32 लाख की स्वीकृति, सबके आवास के लिए 13 करोड़ 64 लाख की स्वीकृति, बुनियादी शाला के लिए 2 करोड़ 31 लाख की स्वीकृति, सभी पुराने सड़कों का जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ 50 लाख की स्वीकृति, पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 38 लाख 52 हजार की स्वीकृति, 11 सार्वजनिक शौचालय के लिए 1 करोड़ 32 लाख, कब्रिस्तान के लिए 40 लाख, अधोसंरचना विकास अंतर्गत विभिन्न कार्यों के लिए 12 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
सड़कों के जीर्णोद्धार से बेहतर होगा आवागमन आरंग को राजधानी के अलावा आसपास के इलाकों से जोड़ने सड़कों का विस्तार भी किया जा रहा है ताकि आवागमन और भी सुगम बनाया जा सके। इस दिशा में चंदखुरी से खौली मार्ग का चैड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 23 करोड़ 67 लाख, आरंग से खमतराई मार्ग के लिए 9 करोड़ 28 लाख, रायपुर के समोदा, कुसमुंदा, तुलसी मार्ग के पातलू नाला के निर्माण के लिए 6 करोड़, घोंट से गुखेरा मार्ग के लिए 2 करोड़ 72 लाख, अमसेना से मोहगांव के लिए 2 करोड़ 66 लाख, बाना से परसदा मार्ग के लिए 2 करोड़ 82 लाख, करमंदी से केशला अमोदी मार्ग हेतु 17 करोड़ 32 लाख, गोईदा से अकोली मार्ग के लिए 2 करोड़ 88 लाख, कुम्हारी से जारा-आलेसुर मार्ग के लिए 2 करोड़ 81 लाख की स्वीकृति प्रदान कर विकास कार्यों के लिए रास्ता खोला गया है। मंत्री की पहल से मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में भी अनेक मार्गाें की स्वीकृति हुई है। जिसमें धौराभाठा से रसौटा, केसला, 2 करोड़ 19 लाख, कुरुद बस स्टैड से महानदी तक सड़क हेतु 98 लाख, नारा से सिवनी तक सड़क हेतु 4 करोड़ 75 लाख, कुठेरी से चरौद हेतु 88 लाख, गोढ़ी पानी टंकी से भानसोज सड़क हेतु 46 लाख, राटाकाट से आरंग 1 करोड़ 23 लाख, अछोली से भैसमुंडी 73 लाख, घोरबट्ठी से परसवानी 39 लाख, तुलसी से परसदा 1 करोड़ 82 लाख, गोठान से चंड़ी खार 1 करोड़, गुल्लु से गुखेरा 5 करोड़ 39 लाख भंडारपुरी से सेजा 4 करोड़ 25 लाख, भिलाई कुसुमखुटा से गनौद 7 करोड़ 79 लाख, मोखला से बिरबिरा 3 करोड़ 66 लाख, भैंसा से देवरतिल्दा से परसवानी 8 करोड़ 31 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमे से अनेक सड़कांे का कार्य प्रगति पर है। 
किसानों को मिलेगी सिंचाई सुविधा आरंग विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई की समस्या को दूर करने डाॅ डहरिया द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हंै। उनकी पहल से कुरुद जलाशय का जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य हेतु 5 करोड़ 69 लाख, कोसरंगी जलाशय का जीर्णोध्दार एवं नहर लाइनिंग कार्य 4 करोड़ 53 लाख, महानदी से अमेठी तटबंद निर्माण हेतु 8 करोड़ 93 लाख, कोल्हान नाले से सकरी स्टाप डेम निर्माण हेतु 2 करोड़ 97 लाख, दोंदे व्यपवर्तन योजना का हैंडवर्क एवं नहर लाइनिंग कार्य हेतु 1 करोड़ 49 लाख सिवनी टारबांध का हैंडवर्क एवं नहर लाइनिंग कार्य 1 करोड़ 55 लाख, गुमा जलाशय का जीर्णोंध्दार एवं नहर लाइनिंग कार्य हेतु 3.97 लाख, नरदहा जलाशय का जीर्णोंध्दार एवं नहर लाइनिंग कार्य हेतु 1 करोड़ 47 लाख, नवागांव जलाशय का जीर्णोंध्दार एवं नहर लाइनिंग कार्य हेतु 3 करोड़ 99 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। 
शेडयुक्त धान चबूतरों से नहीं भीगेगा धान मंत्री डाॅ डहरिया के नेतृत्व में नए धान उपार्जन केंद्र की स्वीकृति दिलाकर किसानों को होने वाली परेशानी को भी दूर करने की पहल की। धान खरीदी केंद्रों में शेडयुक्त चबूतरे की स्वीकृति देकर बारिश के दिनों में धान को भीगने से बचाने का सराहनीय प्रयास किया है। मंत्री डाॅ डहरिया के प्रयासों से अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण से लगभग 95 लाख रुपए और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण योजना से 94 लाख 72 हजार रुपए के कार्यों की स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजनान्तर्गत 5 करोड़ 23 लाख, मुख्यमंत्री समग्र मद से 2 करोड़ 43 लाख, विधायक निधि (प्रभारी मंत्री) से 2 करोड़ 48 लाख, मनरेगा के तहत 10 करोड़ 56 लाख, गौण खनिज राजस्व अंतर्गत 6 करोड़ 18 लाख, मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना से 5 करोड़ 87 लाख 43 हजार रुपए के कार्यों, डीएमएफ से लगभग 63 लाख, लोक निर्माण विभाग अंतर्गत 2 करोड़ 17 लाख, राज्य आयोजना मद से 84 लाख, नाबार्ड पोषित योजना से 37 लाख रुपए सहित अन्य योजनाओं से भी आरंग क्षेत्र में अनेक कार्यों के लिए डाॅ शिवकुमार डहरिया की पहल से विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यो में विद्यार्थियों के बेहतर शिक्षा के लिए शासकीय स्कूल भवन, बच्चों के लिए आंगनबाड़ी, बेहतर स्वास्थ्य के लिए औषधालय, राशन दुकान, खेल मैदान, आवागमन के लिए सड़क, सीसी रोड़, रंगमंच, अहाता निर्माण, सभी समाज के लिए सामुदायिक भवन, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, पहुंच मार्ग, तालाब गहरीकरण, पुलिया निर्माण, गौशाला, महिला भवन, पत्रकार भवन, पचरी, छठघाट निर्माण, यात्री प्रतीक्षालय, स्मार्ट स्कूल, मुक्तिधाम में विभिन्न कार्य, नलजल योजना, जलप्रदाय योजना आदि कार्य शामिल है। इन कार्यों से आरंग विधानसभा की नई तस्वीर कुछ दिनों में दिखाई देगी। डाॅ डहरिया आरंगवासियों के दिल में भी बसे हुए हैं। वे कहते हैं कि आरंग मेरा घर है और यहां के लोग मेरे परिवार के सदस्य है। मैं सभी के लिए उनके सुख-दुख में हर वक्त उपलब्ध हूं।
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कुछ लोग भगवान राम के नाम का उपयोग वैसे ही करते हैं, जैसे कालनेमि ने किया था। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग केवल स्वार्थवश राम का नाम लेते हैं। जबकि हम लोगों ने सदा से जन-जन में बसे राम को पूजा है। छत्तीसगढ़ में नयी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर रायपुर के निकट चंदखुरी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। श्री बघेल ने कहा कि जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को गोली मारी गई थी, तब भी गांधीजी के मुंह से राम का ही नाम निकला था। 
माता कौशल्या की जन्मस्थली चंदखुरी में आयोजित इस समारोह में तीन दिनों से जारी राम वन गमन पथ रथ यात्रा और बाइक रैली का समापन भी हुआ। यह रैली उत्तर छत्तीसगढ़ के कोरिया तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा से 14 दिसंबर को एक साथ शुरु हुई थी। वनवासकाल में राम ने कोरिया से ही छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था और सुकमा से गुजरते हुए दक्षिण भारत की ओर बढ गए थे। राज्य सरकार ने राम के इस पूरे वन-पथ में पर्यटन विकास के लिए 137 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इस योजना के तहत राम से संबंधित 75 चिन्हित स्थानों में से पहले चरण में 9 स्थानों में पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। माता कौशल्या का मायका कहा जाने वाला चंदखुरी भी इन्हीं में से एक है। 
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि माता कौशल्या ने ही राम के चरित्र को गढ़ा था। जो चरित्र माता कौशल्या का था, वही छत्तीसगढिय़ा लोगों का है। उन्होंने ही राम को दुख-सुख में सम भाव से रहना सिखाया। राम ने सहनशीलता और कर्तव्यों का पालन करना माता कौशल्या से ही सीखा। उन्होंने कहा कि राम वन गमन पथ को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करके राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को नयी वैश्विक पहचान दे रही है। कुछ वर्षों पहले तक अन्य राज्यों के लोग छत्तीसगढ़ को या तो भिलाई के नाम से जानते थे, या फिर नक्सल समस्या के कारण, लेकिन अब यह छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक संपन्नता के कारण जाना जाता है। इसकी पहचान इसके समृद्ध किसानों से होती है। उन्होंने कहा कि हमारी पहचान हमारे किसान और आदिवासी है। हम इसी पहचान को आगे बढ़ा रह हैं, इसी उद्देश्य से हम लोगों ने रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के आदिवासी नृत्य महोत्सव का भी आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि कल बाबा गुरु घासीदास की जयंती है, यह त्यौहार भी हम शानदार ढंग से मनाएंगे। छत्तीसगढ़ की नयी पहचान के लिए सिरपुर को भी विकसित किया जाएगा, जो नालंदा के बाद सबसे बड़ा बौद्ध परिसर है। हम दुनिया को बताना चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ का हर क्षेत्र में विशेष महत्व है।
बघेल ने कहा कि गौ-सेवा के क्षेत्र में हमारी गोधन न्याय योजना से बढिय़ा व्यवस्था और कहीं नहीं है। छत्तीसगढ़ गो-सेवकों का प्रदेश है। यहां के किसानों और मजदूरों ने देश को अपनी ताकत का अहसास करा दिया है। जब पूरे देश में मंदी छाई हुई है, तब यहां मंदी का कोई असर नहीं है। नाराज किसान देश की राजधानी को घेर कर बैठे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में खुशहाली है। यदि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ की नीति पर काम करे तो किसानों का आंदोलन कल वापस हो जाए। 
 मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने हर युग में रास्ता दिखाया है। हमारी संस्कृति नफरत फैलाने की नहीं, बल्कि प्रेम बांटने की है। हम सभी को साथ लेकर चलना चाहते हैं, चाहे कोई किसी भी जाति या धर्म का हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कोई भी भूखा-प्यासा न रहे, सभी को शिक्षा और रोजगार मिले, हम ऐसी व्यवस्था के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं। रथ-यात्रा और बाइक रैली के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने चंदखुरी के कौशल्या माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और रुद्राक्ष पौधे रोपे। समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, पंचायत मंत्री टी.एस.सिंहदेव, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिया, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत, राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल, निगम मंडलों के अध्यक्ष, क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम को गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राजेश्री रामसुंदर दास, पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, कृषि और जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने भी संबोधित किया। संस्कृति विभाग के सचिव पी. अंबलगन ने स्वागत भाषण दिया।
 

 

panchayattantra24.com, रायपुर । नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डाॅ शिवकुमार डहरिया ने शताब्दी नगर में निर्माणाधीन उद्यान परिसर में 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित 140 मीटर लंबाई सीसी रोड का लोकार्पण किया। इस दौरान विधायक कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। डाॅ डहरिया ने इस अवसर पर कहा कि सीसी रोड बनने से शताब्दी नगर के आम नागरिकों को आवागमन में बहुत सहूलियते होंगी। रिंग रोड से सीसी रोड के माध्यम से आसानी से शताब्दी नगर पहुचा जा सकता है। 
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। गुरु घासीदास की जयंती पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर घासीदास बाबा को छत्तीसगढ़ का अनमोल रत्न बताते हुए कहा कि गुरु घासीदास बाबा का जीवन दर्शन और विचार मूल्य पूरी मानव जाति के लिए कल्याणकारी है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “सतनाम पंथ के प्रवर्तक बाबा गुरू घासीदास जी की जयंती पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं। मैं बाबा गुरू घासीदास जी से सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि तथा खुशहाली के लिए आशीर्वाद प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ। छत्तीसगढ़ के अनमोल रत्न बाबा गुरू घासीदास जी का जीवन दर्शन और विचार मूल्य पूरी मानव जाति के लिए कल्याणकारी हैं। बाबा गुरू घासीदास जी ने सम्पूर्ण मानव जाति को ‘मनखे-मनखे एक समान’ के प्रेरक वाक्य के साथ यह संदेश दिया कि सभी मनुष्य एक समान है। उन्होंने लोगों को मानवीय गुणों के विकास का रास्ता दिखाया और नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना की। बाबा गुरू घासीदास जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से दुनिया को सत्य, अहिंसा और सामाजिक सद्भावना का मार्ग दिखाया। उनके उपदेश आज भी प्रासंगिक और समस्त मानव जाति के लिए अनुकरणीय हैं।”
 

 
 panchayattantra24.com, रायपुर। चोरी करते समय पकड़े जाने के बाद पकड़ने गए पुलिस अधिकारी से बदसलूकी कर धक्का-मुक्की करने लगा. यहां तक एएसआई के पेट में दांत गड़ा दिया. आखिरकार आरोपी को पकड़कर थाने ले जाया गया. आरोपी के खिलाफ धारा 294, 506, 353, 511, 380, 186 और 457 के तहत केस दर्ज किया गया है । 
जानकारी के अनुसार, विनोभा भावे नगर निवासी ओमप्रकाश वर्मा ने नाम के व्यक्ति के घर में बीती रात अज्ञात चोर चोरी करने की नियत से घुसकर अलमारी के हैंडल को तोड़कर उसमे रखे सोने-चांदी के जेवरात को उठाने की कोशिश कर रहा था. इस दौरान ओमप्रकाश ने चोर देख लिया. ऐसे में भागने की कोशिश करते हुए आरोपी भागने का पैर सीढ़ी से फिसल गया. इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक टंडन बताया । 
घर मालिक ने सिविल लाइन पुलिस को चोर के पकड़े जाने की सूचना दी. इस पर एएसआई ओंकार नाथ त्रिपाठी मौके पर पहुंचे. इसी दौरान आरोपी दीपक टंडन एएसआई से बदसलूकी करते हुए धक्का-मुक्की करने लगा. यहां तक अपने आप को छुड़ाने के लिए उसने एएसआई के पेट मे दांत तक गड़ा दिया. किसी तरह आरोपी को पकड़कर थाने ले जाया गया. आरोपी दीपक टंडन के खिलाफ धारा 294, 506, 353, 511, 380, 186 और 457 के तहत केस दर्ज किया गया है । 
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर ।  पुलिस में वर्षों से सेवा देने वाले एक हवालदार की बेटी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. हैरानी की बात ये है कि इस मामले में आरोपी कोई और नहीं बल्कि एक आरक्षक ही है । 
ये पूरा मामला दुर्ग का है. जहां शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई है. पूरे मामले की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज की गई है और आरोपी आरक्षक नेवई थाने में पदस्थ होना बताया जा रहा है । 
ये है फरार आरोपी
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी सिपाही पुलेश्वर साहू फरार बताया जा रहा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धारा 376 और 376 (2) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है । 
दुर्ग पुलिस के मुताबिक हवलदार की 23 साल की बेटी ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि दिसंबर 2019 में सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़िता की सिपाही से पहचान हुई । 
जनवरी 2020 से एक दूसरे से मुलाकात करने लगे इसी बीच शादी का प्रलोभन देकर सिपाही ने हवलदार की बेटी से कई बार दुष्कर्म किया । 
लेकिन जब बात शादी तक पहुंची तो पिछले महीने सिपाही ने शादी से मना कर दिया. पीड़िता के अनुसार आरोपी सिपाही पूर्व से ही शादीशुदा है । 
बता दें कि हवलदार की बेटी MSC की पढ़ाई करती है जबकि आरोपी सिपाही 5 दिसंबर से ड्यूटी से गायब है.