Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘गोधन न्याय योजना’ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में मददगार साबित हो रही है। गोबर बेचने से मिले रूपये को कोई अपनी खेती-किसानी में लगा रहा है, तो कोई उससे पशुधन खरीद कर दुग्ध व्यवसाय को मजबूती प्रदान करने में लगा हुआ है। इसी कड़ी में कांकेर जिले के चारामा विकासखण्ड के ग्राम आंवरी के भूमिहीन किसान श्री रामनाथ ठेठवार ने भी गोबर बेचने से मिले 27 हजार रूपये से दो उन्नत नस्ल की गाय व बछिया खरीदी है, जिससे वे अपने दुग्ध व्यवसाय को बढ़ायेंगे। श्री रामनाथ ने बताया कि उनके पास देशी नस्ल की गाय थी, जिसे कृत्रिम गर्भधान कराया गया और उससे उन्नत नस्ल की बछिया पैदा हुई जो अब गाय बनकर दूध दे रही है। जिससे उन्होंने अपना दुग्ध व्यवसाय शुरू किया जो उनके परिवार के जीवन-यापन का एकमात्र साधन है। पशुपालक श्री रामनाथ ठेठवार को दूध के विक्रय से प्रतिमाह लगभग 4 से 5 हजार रूपये की शुद्ध आमदनी हो जाती है। उन्होंने बताया कि उनके पास वर्तमान में उन्नत नस्ल के 19 पशुधन है, जिसके गोबर को आंवरी के गौठान में बेचने से 27 हजार रूपये की आय हुई। इन्हीं पैसों से उन्होंने ‘साहीवाल नस्ल’ की एक गाय और बछिया खरीदी। गौरतलब है कि कांकेर जिले में 4 हजार 497 पशुपालकों के द्वारा गोबर बेचकर एक करोड़ 30 लाख 66 हजार रूपए की आमदनी हुई है, जिसका उपयोग वे अपने जीवन स्तर को संवारने और बेहतर करने में लगा रहे हैं।
 

 

   पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने आज जशपुर के पनचक्की वन धन केंद्र एवं सारुडीह चाय बागान का निरीक्षण किया। डॉ. नायक ने पनचक्की वन धन केन्द्र में सिनगी स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित किए जा रहे महुआ सेनेटाईजर का अवलोकन करते हुए निर्माण प्रक्रिया और इससे होने वाली आमदनी के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। 
    महिला समूह ने डॉ. नायक को महुआ से सेनेटाईजर निर्माण प्रक्रिया की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा लॉकडाउन के दौरान अप्रैल माह से सेनेटाईजर का निर्माण किया जा रहा है एवं अब तक उन्होंने लगभग 18 लाख रूपए का सेनेटाईजर शासकीय संस्थाओं सहित व्यवसायियों को विक्रय किया है। जिससे उन्हें लगभग 12 लाख रूपए का लाभ हुआ है। समूह की महिलाओं द्वारा उन्हें मधुकम सेनेटाईजर भेंट किया। डॉ. नायक ने महिलाओं की इस कार्य से प्रभावित होते हुए उनके कार्यो की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जिले में महिला सशक्तिकरण का एक अच्छा उदाहरण है। 
    इस दौरान डॉ. नायक ने सारूडीह के चाय बागान का भी निरीक्षण किया। बागान का मुआयना करते हुए डॉ. नायक ने इसे छत्तीसगढ़ के असम की उपाधि दी। उन्होंने बागान में कार्य करने वाली मधु तिर्की से उनके कार्यो एवं पत्तियों से ग्रीन टी तथा नार्मल चायपत्ती निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। मधु ने बताया कि चाय बागान 20 एकड़ में फैला हुआ है जहां 2 महिला समूह की 20 महिलाएं कार्य करती है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष उन्होंनें लगभग 10 लाख रूपए का चाय पत्ती का निर्माण किया था जिसका विक्रय उनके द्वारा किया जा रहा है। साथ ही यहां बागान में प्रतिवर्ष हजारों पर्यटक घूमने आते है। पिछले वर्ष इससे उन्हें लगभग डेढ़ लाख रूपए की आमदनी हुई थी। डॉ. नायक ने महिलाओं की कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें अच्छा कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । खाद्य, संस्कृति एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत ने जशपुर जिले के पत्थलगांव विकास खंड के ग्राम जामझोर में नवीन धान खरीदी केंद का शुभारंभ किया। मंत्री  भगत ने पत्थलगांव के किसानों को नये धान खरीदी की केन्द्र शुरू होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि जामझोर में नवीन धान खरीदी केन्द्र का शुभारंभ होने से आस-पास के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने हमेशा किसानों की चिंता की है आज किसानों की समस्या को देखते हुए नवीन धान खरीदी की स्वीकृति दी गई है। इस मौके पर विधायक जशपुर विनय भगत ने भी किसानों को शुभकामनाएं दी। 
मंत्री भगत ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं के तहत 42 हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया। जनपद पंचायत पत्थलगांव के 3 ग्रामो में गौठान की स्वीकृति, समाज कल्याण विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र, आदिमजाति विकास विभाग द्वारा 15 हितग्राहियों को मच्छरदानी, वन विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को सामुदायिक वन अधिकार पत्र, कृषि विभाग से 5 हितग्राहियों को मिनी राईस मिल, मत्स्य विभाग से 3 हितग्राहियों को महाजाल एवं आईस बॉक्स, तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा 12  हितग्राहियों को बाड़ी विकास योजना के तहत बीज वितरण वितरण किया गया। मंत्री श्री भगत ने ग्राम जामझोर में सांस्कृतिक भवन निर्माण सहित विकासखंड कांसाबेल एवं नगर पंचायत कोतबा में 1-1 शव वाहन की स्वीकृति प्रदान की है। इस अवसर पर कोतबा नगर पंचायत अध्यक्ष श्री विरेन्द्र एक्का, जनपद पंचायत पत्थलगांव श्री सुकृत सिंह सहित जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित थे।

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक दिसंबर से धान की खरीदी की जाएगी. आज से किसानों को धान का टोकन दिया जा रहा है. कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने प्रेसवार्ता कर कहा कि कांग्रेस सरकार धान खरीदी करने में सक्षम है. धान खरीदी को हम केंद्र और राज्य के बीच नहीं लाना चाहते. हम कहीं भी खरीदी को प्रभावित होने नहीं देंगे । 
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि धान खरीदी की हमारी तैयारी पूरी है. 90 लाख मीट्रिक धान खरीदने का लक्ष्य है. मौसम का कोई बहुत ज्यादा असर नहीं है. किसानों को नुकसान नहीं होगा. धान खरीदी के लिए आवश्यक राशि हम जुटा लेंगे. धान खरीदी के मुद्दे पर हम केंद्र सरकार से लगातार चर्चा करते रहते हैं. केंद्र सरकार से 4 लाख बारदाने की मांग की थी. लेकिन हमें डेढ़ लाख बारदाना ही मिला है. लेकिन इसके बाद भी हम कहीं भी खरीदी को प्रभावित होने नहीं देंगे. धान खरीदी व्यवस्थित तरीके से जारी रहेगी । 
मानव तस्करी का मामला गम्भीर
मानव तस्करी मामल में बीजेपी महिला नेत्री की गिरफ्तारी पर मंत्री चौबे ने कहा कि ये बड़ा क्राइम है. भाजपा की पदाधिकारी इसमें संलिप्ता क्यों पाई गई ? ये रमन सिंह से पूछा जाना चाहिए. मानव तस्करी का मामला गम्भीर है. इस मामले में कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि 15 वर्षों में सिंचाई की बड़ी परियोजना आई ही नहीं. बोधघाट परियोजना पर काम जारी है. 22 हजार करोड़ की परियोजना है. इसी तरह से कई बड़ी परियोजना को शुरू करने की तैयारी है । 
क्या रमन सिंह से मांगा था इस्तीफा ?
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश और मंत्री टीएस सिंहेदव के इस्तीफे देने वाले बयान पर पलटवार कर चौबे ने कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष को यह बताना चाहिए कि 2100 रुपये देने का वादा किया था, तो क्या उन्होंने रमन सिंह से इस्तीफा मांगा था ? 300 रुपये का बोनस नहीं दिया था क्या उन्होंने रमन सिंह से इस्तीफा मांगा था ? पहले इसका उत्तर दे दे, फिर आगे बात करेंगे । 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना इलाके में पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 35 हजार 470 रूपए नगद सहित सट्टा-पट्टी जब्त किया है. सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है । 
राजधानी में बढ़ते क्राइम को कम करने के लिए एसएसपी अजय यादव ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जुआ और सट्टा के कारोबार पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे. जिसके बाद 26 नवबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गुढ़ियारी क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों में कुछ लोग सट्टा खिला रहे है और जुआ भी खेला जा रहा है । 
सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर एक मामले में 4 सटोरियों को सट्टा खिलाते गिरफ्तार किया, जिनके पास नगद 30 हजार जब्त किया. वहीं दूसरे मामले में जुआ खेलते 5 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 हजार 470 रुपए नगद बरामद किया है. इस तरह कुल 35 हजार 470 रूपए बरामद हुआ. इन सभी आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में 13 जुआ एक्ट का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है । 
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद बंजारे (30 वर्ष), अविनाश साहू (29 वर्ष), रविन्द्र बंसोड़ (36 वर्ष),  मो. जुनैद (19 वर्ष), तुलेश्वर भारती (25 वर्ष), असलम खान (21 वर्ष), शुभम राव (26 वर्ष), गजेन्द्र कुमार (27 वर्ष) और जस्सू निषाद (34 वर्ष) शामिल है.
 
 

 

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल खोलने को लेकर पालकों, शिक्षाविद, हेल्थ विभाग और शिक्षा से जुड़े सामाजिक संस्थाओं के साथ ही वर्तमान स्थिति को देखते हुए समीक्षा की गई. ताजा हालातों को देखते हुए अभी स्कूल खुलने का अभी कोई आसार नजर नहीं आ रहा है. स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बच्चों की जान जोखिम में डालकर स्कूल नहीं खोलने की बात कही है, क्योंकि जिन राज्यों में स्कूल खोले गए, वहां फिर से बंद करना पड़ा है । 
स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि अब भी सवाल है कि स्कूल कब खुलेगा ? करोना संक्रमण की स्थिति को लेकर समीक्षा की गई. हेल्थ विभाग से भी रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट के अनुसार राज्य में अब भी स्कूल खोलने की स्थिति नहीं है. केंद्रीय गाइडलाइन के मुताबिक़ पालकों से, शिक्षाविदों से और अन्य सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से ओपिनियन लिया गया. सभी ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की राय दी है । 
उन्होंने कहा कि जितने भी राज्यों में स्कूल खोला गया, आज उन्हें फिर से बंद करना पड़ा है. मध्यप्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों में स्कूल खोला गया था, जहां बच्चे कोरोना संक्रमित मिले और स्कूलों को बंद करना पड़ा. इसलिए हम बच्चों के जान के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते. जब हालात ठीक रहेंगे, उसके बाद स्कूल खोला जाएगा । 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। कांग्रेस पार्टी में चल रही आंतरिक कलह के बीच शुक्रवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हो रही है. इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम और सिब्बल द्वारा उठाए सवालों के बीच वर्किंग कमेटी की बैठक चल रही है. कमेटी के सभी सदस्यों ने गांधी परिवार के प्रति आस्था और भरोसा दिखाया है. बैठक में वरिष्ठ नेताओं के उठाये सवालों पर भी चर्चा हो रही है। 
बता दें कि कांग्रेस में अंतर्कलह पर नेता गुलाम नबी आजाद ने निशाना साधते हुए कहा था कि आज कांग्रेस सबसे निचले स्तर पर है. पार्टी के बड़े नेताओं का कार्यकर्ता से संपर्क टूट गया है. पांच सितारा होटलों में बैठकर चुनाव नहीं लड़ सकते. गुलाम नबी आजाद ने ‘वीआईपी कल्चर’ को बदलने की जरूरत बताते हुए जमीनी स्तर पर पार्टी कमजोर होने की बात स्वीकार कही थी. वहीं कपिल सिब्बल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि कांग्रेस पार्टी डेढ़ साल से बिना अध्यक्ष के कैसे काम कर रही है और पार्टी के कार्यकर्ता शिकायत लेकर कहां जाएं । 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में अंतरराज्यीय मानव तस्करी मामले में एक के बाद कई खुलासे हो रहे हैं. डोंगरगढ़ पुलिस ने राजधानी से मानव तस्करी गैंग की लोकल महिला मददगार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गिरफ्तार महिला का बीजेपी कनेक्शन सामने आया है । 
जानकारी के मुताबिक महिला आरोपी का नाम गंगा पांडे है, जिसे डोंगरगढ़ पुलिस ने पंडरी से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी महिला राज्य की महिलाओं की तस्करी करवाकर अपने गैंग के जरिए दूसरे राज्यों में भेजती थी. डोंगरगढ़ पुलिस पिछले कई दिनों से गंगा पांडेय की तलाश में जुटी थी. आगे महिला से पूछताछ में कई अहम खुलासा हो सकता है । 
मानव तस्करी मामले में गिरफ्तार महिला आरोपी गंगा पांडेय फाफाडीह बीजेपी मंडल की पूर्व पदाधिकारी रही है. इस मामले में जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी का कहना है कि आरोपी महिला पांडेय भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी जरूर है. पिछले कार्यकाल में पदाधिकारी थी, लेकिन इस कार्यकाल में गंगा पांडेय पदाधिकारी नहीं है. अगर इस तरह के मामले में गंगा पांडेय की संलिप्तता है, तो इन पर निश्चित कार्रवाई होनी चाहिए । 
बता दें कि इससे पहले डोंगरगढ़ में एक विवाहित महिला ने स्वयं पुलिस के पास पहुंचकर प्रदेश की लड़कियों को अपहरण कर राज्य से बाहर भेजने वाले गिरोह की जानकारी दी थी. महिला ने बताया था कि चाय में नशीली दवा मिलाकर उसका अपहरण किया गया और हरियाणा ले जाकर उसे जिस्मफरोशी के धंधे में झोंक दिया गया. बाद में आरोपियों ने उसे दूसरे युवक को बेच दिया था. मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था । 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन मिलना शुरु हो गया है. लेकिन टोकन से धान खरीदी की अवधि 1 दिन ही निर्धारित की गई है. जिस तारीख का टोकन किसानों को दिया गया, उसी तारीख में उन्हें धान बेचनी होगी. यदि निर्धारित समय पर किसान धान नहीं बेच पाता, तो उसे दोबारा टोकन दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी । 
इस मामले में समिति प्रबंधक शिव कुमार पटेल ने कहा कि किसानों को टोकन बांटने का काम आज से प्रारंभ हुआ है. समिति में 1 हजार किसान है. एक-एक गांव के लिए 1 दिन का समय निर्धारित किया गया है. किसानों को नार्मल टोकन दिया जा रहा है. जिसकी अवधि 1 दिन की निर्धारित की गई है. किसान यदि 1 दिन में धान नहीं बेच पाते, तो उसे दूसरी बार टोकन दिया जाएगा । 
किसान राम कुमार घृतलहरे ने बताया कि डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद टोकन मिला है. 1200 क्विंटल धान खरीदी की जाएगी, उसके बाद बाकी बचे हुए धान को बाद में लिया जाएगा. टोकन ले चुके दूसरे किसान ने कहा कि आज टोकन मिला है, एक दिसंबर से धान खरीदी की जाएगी । 
बता दें कि एक दिसंबर से धान खरीदी होगी. जिसके लिए 9 से 5 बजे तक धान खरीदी का समय निर्धारित किया गया है. जबकि टोकन लेने का समय 9 से 12 बजे तक निर्धारित है । 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर चोरी और धोखाधड़ी की वारदात हुई है. एक तरफ कंस्ट्रक्शन कंपनी से 3 लाख से अधिक की चोरी, तो दूसरी तरफ इलेक्ट्रॉनिक सामान पार्सल के जरिए भेजने के नाम पर एक लाख से अधिक की धोखाधड़ी की गई है. पुलिस दोनों ही मामले में अपराध दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है । 
कंस्ट्रक्शन कंपनी के आफिस में चोरी
तेलीबांधा थाने इलाके में कंस्ट्रक्शन कंपनी के आफिस के लॉकर में रखे 3 लाख 26 हजार रुपए और मोबाइल फोन की चोरी हुई है. कंपनी के कैशियर ने ड्राइवर पर चोरी की आशंका जाहिर करते हुए शिकायत दर्ज कराई है. राजेश कंट्रक्शन में केशियर के पद पर कार्यरत संदीप शुक्ला का आफिस बेबीलान टावर में है. कंपनी में 6 लोग काम करते है. कन्ट्रक्शन कार्य में कभी भी पैसे की जरूरत पड़ जाता है, इसलिए आफिस के लॉकर में करीब 3 से 4 लाख रूपए कैश रखे रखते है. 21 अक्टूबर को आफिस के लॉकर में 3 लाख 26 हजार रूपये रखे थे. 25 अक्टूबर को शाम 4 बजे लॉकर में रखे 3 लाख 26 हजार और एक सेमसंग गैलेक्सी आन-5 कम्पनी का टच स्क्रीन मोबाइल गायब मिला । 
आफिस के लॉकर का चाबी एक संदीप और दूसरा चाबी आफिस स्टाफ विकास कुमार सिंह के पास रहता है. कम्पनी के गेस्ट हाउस में आफिस स्टाफ विकास कुमार सिंह, दिलीप खुटिया और डायरेक्टर का ड्रायवर राहुल दुबे लोग रहते है. ऑफिस का कैमरा चेक करने पर 22 अक्टूबर के रात कम्पनी के डायरेक्टर का ड्रायवर राहुल दुबे आफिस को खोलकर अंदर घुसता दिखा. मुझे संदेह है कि राहुल दुबे ने विकास के रूम से आफिस की चाबी चुरा कर इस घटना को अंजाम दिया है. इधर शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर राहुत की तलाश में लगी हुई है । 
शिक्षक हुआ धोखाधड़ी का शिकार
पुरानी बस्ती थाने इलाके में इलेक्ट्रॉनिक सामान पार्सल से भेजने के नाम पर यूके के ठग ने शिक्षक से 1 लाख 15 हजार रुपए की धोखाधड़ी की है. एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ महेंद्र ढीमर की हेनरी ब्राउन पैट्रिक नाम के व्यक्ति से फेसबुक के माध्यम से 2006 में आईपीएल मैच देखने के दौरान दोस्ती हुई थी. इस दौरान महेंद्र ढीमर ने उसे रायपुर भी घुमाया. इसके बाद हेनरी वापस अपने देश यूके लौट गया. 28 फरवरी 2020 को पीड़ित महेंद्र धीवर की बात फिर से व्हाट्सएप के माध्यम से हेनरी से हुई । 
बातचीत के दौरान उसने पीड़ित को इलेक्ट्रॉनिक सामान गिफ्ट भेजने की बात कही. फिर उसी दिन महेंद्र धीवर के पास पार्सल कंपनी के नम्बर से कॉल आया और पार्सल मुम्बई एयरपोर्ट पहुंचने की जानकारी देकर कस्टम चार्ज के रूप में 30 हजार रुपये देने बोला गया. झांसे में आकर पीड़ित ने अपने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से दो किश्तों में 30 हजार रुपए जमा कर दिया. कुछ दिन बाद हेनरी ने पीड़ित महेंद्र को फिर फोन किया और 98 हजार पौंड पार्सल के साथ भेजा हूं कहकर इसके लिए कस्टम चार्ज 85 हजार देने की बात कही. इसकी बात में आकर शिक्षक ने फिर 85 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया. इसके बाद पीड़ित के पास किसी प्रकार पार्सल नहीं आया, तब उसे ठगे जाने का एहसास हुआ और थाने जाकर इसने शिकायत दर्ज कराई ।