Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। दिसंबर तक शेष रह गए निगम-मंडल अध्यक्षों की सूची जारी हो जाएगी. 28 नवंबर को पीएल पुनिया छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं. उनकी मौजूदगी में होने वाली समन्वय समिति की होने वाली बैठक में निगम-मंडल में नियुक्तियों पर चर्चा होगी ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम में कहा कि पीएल पुनिया 28 तारीख को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं, वे समन्वय समिति की बैठक में शामिल होंगे, बैठक में अन्य विषयों के साथ ही निगम-मंडल की सूची पर भी चर्चा की जाएगी, दिसंबर तक सभी रुकी हुई नियुक्तियां पूरी कर दी जाएगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले ही निर्देश दे दिया है कि दिसंबर तक नियुक्तियां पूरी कर ली जाएं, बैठक में चर्चा के बाद लिस्ट अंतिम मुहर के लिए आलाकमान को भेजी जाएगी, जिसके बाद सूची जारी हो जाएगी ।
वहीं नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के खेतों का रकबा कम करने वाले बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पलटवार करते हुए कहा कि 15 सालों में भाजपा ने किसानों के साथ जो अन्याय किया है, पहले उसका प्रायश्चित करें. भाजपा के काम का ही नतीजा रहा कि 15 साल की पार्टी 15 सीटों में सिमट गई है, हम ना तो खेतों का रकबा कम कर रहे हैं ना ही किसानों से कम धान खरीदी का कोई इरादा है. पिछले साल की तुलना में इस साल दो लाख से ज्यादा किसान बढ़े हैं, हमारी सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी हैं ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। चक्रवाती तूफान निवार के असर से छत्तीसगढ़ के मौसम परिवर्तन की संभावना बन रही है। प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान की वजह से दक्षिण छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना बन रही है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो चुका है।
तूफान निवार आज तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों को पार करेगा। मौसम वैज्ञानिक एस.के अवस्थी ने बताया कि यह तूफान छत्तीसगढ़ के बाहर से निकाल रहा है, इसका असर प्रदेश के दक्षिणी भाग में पड़ेगा। मध्य छत्तीसगढ़ और उत्तरी छत्तीसगढ़ में बूंदाबांदी हो सकती है। आज रायपुर जिले का तापमान 16.2 डिग्री है और सबसे न्यूनतम तापमान अंबिकापुर का 10.7 डिग्री दर्ज किया गया।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, अगर शादी आपने की है, तो पालने की जिम्मेदारी भी आप की ही है, कोई दूसरा पालने नहीं आएगा, सांसद सुनील सोनी बोले, केवल बयानों से कोरोना की लड़ाई नहीं लड़ी जा सकती
 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । कोरोना के बेकाबू होते मामलों के बीच पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य मंत्री ‘टी एस सिंहदेव की उस टिप्पणी पर सवाल उठाया है, जिसमें यह कहा गया है कि आपदा से निपटने केंद्रीय सहायता नहीं मिल रही. उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर शादी आपने की है, तो पालने की जिम्मेदारी आप की है, कोई दूसरा पालने नहीं आएगा. केंद्र से बार-बार मांग करना राज्य सरकार के सक्षम होने पर सवाल खड़ा करता है. दूसरे के भरोसे सरकार नहीं चलती है, अपने दम पर व्यवस्था की जानी चाहिए. जब खुद की क्षमताएं समाप्त हो जाती हैं, तो दूसरे से अपेक्षाएं बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि सरकार यह कह दे कि हम सक्षम नहीं है, हम प्रदेश नहीं संभाल सकते, हम राज्य के लोगों की रक्षा नहीं कर सकते, फिर केंद्र सरकार सब कुछ संभाल लेगी ।
कोरोना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्यों के मुख्यमंत्रियों से हुई चर्चा और स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव के दिए गए बयान के बाद मीडिया में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना संक्रमण से निपटने में नाकाम साबित हुई है. छह महीने का समय मिलने के बाद भी सरकार ने एक भी वेंटिलेटर नहीं बढ़ाया है. आक्सीजन की भी शार्टेज हो रही है. औद्योगिक आक्सीजन को कंट्रोल कर मरीजों के लिए ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया था, लेकिन यह दुर्भाग्यजनक है कि कोरोना के बढ़ते मामलों पर राज्य सरकार पूरी जिम्मेदारी केंद्र पर थोप देती है. जब यह कहा जा चुका है कि डीएमएफ फंड की राशि का इस्तेमाल कीजिए, राज्य आपदा की राशि का इस्तेमाल कीजिए, लेकिन इस मद की राशि का सरकार इस्तेमाल नहीं कर रही. मेकाहारा में आज तक आईसीयू नहीं बन सका है ।
इधर सांसद सुनील सोनी ने कहा कि कोरोना को लेकर यह आभाष लंबे समय से ही था कि नवंबर-दिसंबर में इसका पीक देखने को मिलेगा. छत्तीसगढ़ भी इससे अछूता नहीं है. मौतों की संख्या बढ़ रही है. स्वस्थ व्यक्ति भी तेजी से मौत की चपेट में आ रहा है. ऐसे वक्त छत्तीसगढ़ सरकार की तैयारी में कमी नजर आ रही है. केंद्र ने वेंटिलेटर भेजे, लेकिन उनमें से अधिकांश लग भी नहीं सके हैं. मेकाहारा, एम्स जैसे अस्पतालों में वेंटिलेटर फुल हो गए हैं. स्थिति बेहद खराब है. तीन-चार दिनों के भीतर राज्य सरकार को कोरोना से निपटने अपनी पूरी तैयारी रखनी होगी, नहीं तो राज्य की स्थिति बेहद खराब हो जाएगी. सोनी ने कहा कि केवल बयानों से कोरोना की लड़ाई नहीं लड़ी जा सकती है. राज्य सरकार सिर्फ बयान दे रही है. पहले दिन से ही बयान दिया जा रहा है. हमने हमेशा कहा है कि कोरोना की लड़ाई मिलकर लड़नी है. बयान देने भर से कुछ नहीं होगा ।
 
 
 

दुर्ग जिले के ग्राम जेवरा निवासियों को मिली विकास कार्यों की सौगात
 
 पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार आज दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत जेवरा में आयोजित दीपावली मिलन समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने ग्रामीणों को दीपावली, मातर पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने लोगों को देवउठनी (तुलसी पूजा) और बाबा गुरू घासीदास जयंती की भी अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। दीपावली मिलन समारोह में क्षेत्र के नागरिकों ने मंत्री गुरु रूद्रकुमार से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए त्वरित निराकरण करने का आग्रह किया। मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने उनकी मांगों को प्राथमिकता से निरकृत किए जाने का भरोसा दिलाया। मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने इस मौके पर ग्राम पंचायत जेवरा में सीसी रोड निर्माण, बड़े तालाब का सौन्दर्यीकरण, शमशान घाट में अहाता निर्माण, गौठान फेंसिंग कार्य व नल जल योजना के तहत प्रत्येक घर मे नल कनेक्शन सहित अन्य निर्माण कार्यों की सैद्धांतिक स्वीकृति दी। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत जेवरा सरपंच श्री प्रशांत गौतम ने मंत्री गुरू रूद्रकुमार का आभार जताया। कार्यक्रम में मंत्री गुरू रूद्रकुमार को परिक्षेत्रीय साहू संघ जेवरा, दुर्ग ग्रामीण के सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 11 हजार 101 रूपए राशि का चेक कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए भेंट किया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्री देवेंद्र देशमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति पुष्पा भुवनेश्वर यादव सहित 22 ग्राम पंचायत के सरपंच, जन प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

 
 पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। कोरोना के बढ़ते मरीजों के मद्देनजर छत्तीसगढ़ में फिर लॉक डाउन के कयासों पर स्वास्थ्य मंत्री ने विराम लगा दिया है। सिंहदेव ने कहा कि कि लॉक डाउन जैसी बात नहीं है। इसमें चिंतन किया जा सकता है कि कंटेनमेंट जहां आवश्यक है वहां कंटेनमेंट जोन बनाए जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कल सरगुजा जिले के मैनपाट में करीब 33 तिब्बती समाज के लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके कैंप को कंटेनमेंट जोन बनाया जा सकता है। मैं संबंधित कलेक्टरों से चर्चा करते रहता हूं। सरगुजा के कलेक्टर से भी भी चर्चा करूंगा।
उन्होंने कहा कि यदि एक क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग संक्रमित निकलते है तो कंन्टेनमेंट जोन बनाए जाने की जरूरत है, साथ ही एक ही समूदाय के लोग यदि कोरोना पॉजिटिव पाए जाते है तो उस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है।

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। बाबा साहब चौथी किस्त दिलाने का वादा किया था लेकिन दिला नहीं पा रहे हैं, पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह के इस बयान पर स्वास्थ्य मंत्री ने पलटवार करते हुए कहा है कि उनको याद दिलाने के लिए धन्यवाद, बीजेपी के कई साथियों ने भी मुझे याद दिलाया है। धरमलाल कौशिक के साथ जब एक टीवी शो पर हम लोग बैठे थे, वहां पर उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ़ सरकार की मंशा ही नहीं है देने की। उस बात पर मैंने यह कहा था कि 100 परसेंट क़िस्त किसानों को मिलेगी। जहां तक हो सकता है, नए साल की खरीदी के साथ ही किसानों को किस्त मिल जाएगी और पूरी क़िस्त मिलेगी, उस बाबत मैंने यह सब कही थी।
सरकार अगर पीछे हटती है तो चिंता की बात है
सरकार अगर अपनी नीति से पीछे हटती है कि हम नहीं देंगे चौथी क़िस्त तो मेरे लिए चिंता करने बात होगी। वरना इस तरह की कोई बात नहीं है। अगर वो राशि 1 महीने बाद में मिलती है। दो महीने बाद में मिलती है तो अंतर उसमें नहीं आएगा, क्योंकि नई फसल का एमएसपी का पैसा भी उनके खातों में आना चालू हो जाएगा। लोगों को राशि की कोई दिक्कत नहीं है।
सिंहदेव ने कहा कि रमन सिंह जी को मैं सोचता हूं कि अगर वे छत्तीसगढ़ के जागरूक प्रतिनिधि होते तो वाकई में जीएसटी के साढ़े 8  हजार करोड़ जो केंद्र सरकार ने हमें उपलब्ध नहीं कराया, वे उपलब्ध कराते। हमें साढ़े 8 हजार करोड़ में से केवल 350 करोड़ रुपए मिले हैं। रमन सिंह ने इस बाबत बात उठाकर राशि दिला दिया होता तो किसानों को पहले से ही राशि मिल गई होती।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर में उठाईगिरी गैंग सक्रिय हो गया है. बीती रात घड़ी चौक में एक महिला के बैग से 25 हजार रुपए उड़ा दिए. आंखों का ऑपरेशन कराने निकली महिला के साथ ये घटना हो गई. पीड़िता ने बताया कि इसे तीन महिलाओं ने मिलकर अंजाम दिया है. घटना के बाद बड़े गैंग की तलाश में पुलिस जुटी है. ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है ।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आरके मिश्रा ने बताया कि सोमवार शाम मीरा सेनगुप्ता अपने पति के साथ आंखों का ऑपेरशन कराने लालपुर स्थित निजी अस्पताल जा रही थी. इस दौरान उन्होंने घड़ी चौक में ऑटो लिया, जिसमें पहले से 3 महिला सवारी मौजूद थी. जिसके बाद ऑटो में बैठी 3 महिलाओं ने पीड़िता को अपने बातों के झांसे में लेकर बैग में रखें 25 हजार रुपए निकाल लिए ।
मीरा सेनगुप्ता जब लालपुर अस्पताल पहुंचकर बैग देखी तो उसमें पैसे नही थे. जिसके बाद थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही ऑटो की पहचान करने के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज निकाले जा रहे हैं. ऑटो की पहचान होते ही आरोपी महिलाओं की तलाश की जाएगी ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच कोरोना संकट पर बैठक शुरू हो गई है. इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद हैं. सबसे पहले अमित शाह अपनी बात रखेंगे, जिसके बाद सभी राज्यों के मुख्यमंत्री बात करेंगे. अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पहली बैठक में कुल आठ राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. जिनमें केरल, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ शामिल हैं ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आयोजित मुख्यमंत्रियों की बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्य सचिव आर.पी.मण्डल, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, अपर मुख्य सचिव रेणू पिल्ले, पुलिस महानिदेशक डी. एम. अवस्थी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. देश में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर तेज़ी देखने को मिल रही है. इस बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अहम बैठकों की अध्यक्षता करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे संवाद करेंगे, जिसमें कुछ राज्यों में बढ़ते कोरोना के मामलों पर बात होगी. इसके अलावा सभी राज्यों के साथ कोरोना वैक्सीन के वितरण की नीति पर भी बात होगी. पिछले कुछ दिनों में वैक्सीन को लेकर दुनियाभर से सकारात्मक खबरें आई हैं, ऐसे में आज होने वाली बैठक पर हर किसी की नज़रें हैं. दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन मैन्युफैक्चर में से एक सीरम इंस्टीट्यूट का कहना है कि वैक्सीन बनने के बाद सबसे पहले भारत की आपूर्ति को ही पूरा किया जाएगा. सीरम इंस्टीट्यूट के आदर पूनावाला ने कहा कि भारत के बाद अन्य देशों की जरूरत पूरी की जाएंगी. सीरम इंस्टीट्यूट ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर AstraZeneca पर काम कर रहा है और भारत में उसका पार्टनर है ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी के बूढ़ातालाब में बनाए गए म्युजिकल फाउंटेन का मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उद्घाटन करेंगे. उससे पहले ही म्युजिकल फाउंटेन लगाने में हुई आर्थिक अनियमितता की शिकायत सांसद सुनील सोनी से की गई है. सांसद ने टेंडर प्रकिया पर सवाल उठाते नगर निगम आयुक्त सौरभ कुमार से पत्र लिखकर जानकारी मांगा है ।
सांसद सोनी ने पत्र के जरिए कहा है कि रायपुर स्मार्ट सिटी के माध्यम से बूढ़ातालाब में किए गए सौंदर्यकरण में म्युजिकल फाउन्टेन लगाया जा रहा है. इस फाउंटेन लगाए जाने के लिए जो टेण्डर प्रकिया निर्धारित की गई, उसमें अनियमितता को लेकर मुझसे शिकायत  की गई है. इसलिए इसकी सम्पूर्ण जानकारी से जल्द ही अवगत कराए ।
बता दें कि ऐतिहासिक बूढ़ा तालाब के सौंदर्यीकरण के तहत करोड़ों की लागत से आकर्षक म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना की गई है. यह फाउंटेन देश में क्षेत्रफल के आधार पर सबसे बड़ा फाउंटेन है. इस फाउंटेन के शुरू होने से तालाब की नैसर्गिक भव्यता को आकर्षक स्वरूप मिलेगा ।
100 फीट तक की ऊंचाई तक पानी की बौछार करते फाउंटेन में ओम, क्रॉस साइन और सूरज की झलक भी दिखाई देगी. यह फाउंटेन 350 मीटर में बना है. इससे पहले विशाखापटनम में करीब 225 मीटर लंबा म्यूजिकल फाउंटेन संचालित है. जिसका कल सीएम भूपेश बघेल लोकार्पण करेंगे ।
 
 

 

पंचायत तंत्र 24.com,कोरबा। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने एसईसीएल, बालको, एनटीपीसी, आईओसीएल और अन्य सभी सार्वजनिक उपक्रमों से एक बार फिर कोरबा जिले की सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों को तत्परता से पूरा करने को कहा है. राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आज जिला पंचायत के सभा कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक में सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों को खुले शब्दों में कहा कि कोरबा जिले की जर्जर सड़कों की मरम्मत और नई सड़कों को बनाने के कामों को प्राथमिकता से पूरा करायें. अपने अन्य सभी कामों के लिये शासन-प्रशासन का हर संभव सहयोग लें. उन्होंने कहा कि सड़कें इस जिले की जरूरत हैं, राज्य सरकार के लिये भी सड़कें विकास कार्यों में प्राथमिकता पर हैं ।
जयसिंह अग्रवाल ने एसईसीएल, बालको, एनटीपीसी, आईओसीएल और अन्य सभी सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा जिले में सड़कों की मरम्मत के लिये अब तक की गई सकारात्मक पहल पर भी संतुष्टि जताई. सड़क बनाने के सभी कामों में तेजी से स्वीकृति देने और  राशि उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए. उन्होंने हर एक सड़क के लिये समयबद्ध कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया और निर्धारित की गई समयावधि में ही काम पूरा करने के निर्देश दिये. बैठक में कोरबा महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला कलेक्टर किरण कौशल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंदन कुमार, नगर निगम के अपर आयुक्त अशोक शर्मा सहित एसईसीएल, बालको, एनटीपीसी, आईओसीएल, सीएसईबी और अन्य सभी सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे ।
बैठक में राजस्व मंत्री ने सीतामणि से इमलीडुग्गु चौक तक सड़क निर्माण का काम एसईसीएल कोरबा को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए. उन्होंने इस सड़क के चौड़ीकरण की राशि भी शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए एसईसीएल के अधिकारियों को निर्देशित किया. उन्होंने दर्री डैम से गोपालपुर तक टु-लेन सड़क के लिये डिवाइडर, नाली, कन्वर्ट, फिलिंग कार्य तथा बिजली आदि के कामों के लिए इस माह के अंत तक एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा स्वीकृति की कार्रवाई करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया. राजस्व मंत्री ने ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए परसाभाठा चौक तक सड़क निर्माण के काम में तेजी लाने के निर्देश बालको प्रबंधन को दिये. उन्होंने साकेत भवन निगम कार्यालय से लेकर परसाभाठा चौक तक फोर लेन सड़क निर्माण के लिए सर्वे सहित अन्य कार्य शुरू करने के लिए भी बालको प्रबंधन से प्रगति की जानकारी ली ।
कलेक्टर किरण कौशल ने बताया कि नगर निगम कोरबा क्षेत्र में जिला खनिज न्यास मद से दस करोड़ रूपए लागत की आंतरिक सड़कें बनाने को मंजूरी दी गई है. सीएसईबी चौक से सुनालिया ब्रिज सड़क नवीनीकरण, सुनालिया चौक से गौमाता चैक सड़क नवीनीकरण, महाराणा प्रताप चैक से गुरू घासीदास चौक सड़क नवीनीकरण, घंटाघर चौक से महाराणा प्रताप चौक सड़क नवीनीकरण, घंटाघर चौक से शास्त्री चौक सड़क नवीनीकरण, आईटीआई चौक से सीएसईबी चौक सड़क नवीनीकरण और शास्त्री चौक से रिस्दी चैक तक सड़क नवीनीकरण का काम इसमें शामिल है. कलेक्टर कौशल ने बताया कि आने वाले आठ-दस दिनों में इन सभी कामों की निविदा नगर निगम द्वारा जारी कर दी जाएगी और जल्द ही इन सड़कों के नवीनीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा. कलेक्टर ने यह भी बताया कि जिले मे विकास कार्यों के लिए सार्वजनिक उपक्रमों को सीएसआर मद में स्वीकृति के लिए भेजे गए प्रस्तावों में से कई प्रस्ताव अभी भी स्वीकृति के लिए लंबित हैं. मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सीएसआर मद के सभी प्रस्तावों को जल्द से जल्द स्वीकृति देने के निर्देश सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों को दिये ।
राजस्व मंत्री ने जिले में कार्यरत सभी सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए बनी काॅलोनियों में मूलभूत आवश्यकताओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश प्रबंधन के अधिकारियों को दिये. उन्होंने कहा कि जिले की सभी एसईसीएल परियोजनाओं की आवासी काॅलोनियों, एनटीपीसी, बालको, सीएसईबी सहित अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के रहवासी क्षेत्रों में लोगों के लिए बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित प्रबंधन की है. राजस्व मंत्री ने कहा कि यदि प्रबंधन मानव संसाधन की कमी के कारण व्यवस्थाएं करने में असमर्थ है तो नगर निगम से इसके लिए सशुल्क व्यवस्था ली जा सकती है. कलेक्टर कौशल ने भी सभी ऐसी आवासीय काॅलोनियों और रहवास क्षेत्रों का अगले एक सप्ताह में सर्वेक्षण कराकर जरूरत के अनुसार कार्ययोजना बनाने और प्रस्तुत करने के निर्देश निगम और सार्वजनिक उपक्रम के अधिकारियों को दिये. राजस्व मंत्री ने गर्मी के मौसम में पानी की कमी से जुझने वाली और बरसात के दौरान जल भराव की स्थिति निर्मित होने वाली सार्वजनिक उपक्रमों की ऐसी काॅलोनियों की भी पहचान कर समस्या के निराकरण के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश प्रबंधन के अधिकारियों को दिये ।