Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। एम्स में कोरोना का इलाज करा रहे एक मरीज ने तीसरे माले से कूदकर खुदकुशी कर ली है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दिया है। घटना के बाद से एम्स में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक मृतक मरीज जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसे एम्स रायपुर में 22 नवंबर को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक उसकी सेहत में सुधार हो रहा था। उसे आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट करने वाले भी थे, लेकिन आज मरीज का ऑक्सीजन लेवल डाउन हुआ था।
आज़ाद चौक सीएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि लगभग 12:30 के आस-पास AIIMS कोविड वार्ड के तीसरे मंजिल से कूदकर मरीज ने खुदकुशी कर ली है। शव की शिनाख्त अब तो नही हो पाई है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
फिलहाल अभी इस बात का पता नहीं चल पाया है कि मरीज ने खुदकुशी क्यों की है। आपको बता दें इससे पहले भी एक कोरोना के मरीज ने अस्पताल से कूदकर अपनी जान दे दी थी।

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। ‘निवार’ के असर से आज पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ तापमान में अंतर दर्ज किया गया है. बादलों की वजह से ठंड में कमी आई है. निवार चक्रवात की वजह से होने वाली बारिश के बाद मौसम खुलेगा, जिसके साथ तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। 
मौसम विभाग के अनुसार, अति प्रबल चक्रवात ‘निवार’ पुडुचेरी और कराईकाल के बीच आधी रात में टकराया है. चक्रवात के आगमन से पहले से ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा था. तट से टकराने के बाद बाद चक्रवात की रफ्तार में कमी आई है. लेकिन इसका असर आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलावा छत्तीसगढ़ तक देखने को मिल रहा है। 
मौसम वैज्ञानिक संजय बैरागी ने बताया कि ‘निवार’ यह एक वेरी सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म है. इसकी वजह से प्रदेश में बादल छाए रहेंगे. बस्तर, अंबिकापुर, सरगुजा संभाग में बारिश होने की संभावना है. आने वाले दिनों में टेंपरेचर में गिरावट नहीं होगी, लगभग हर जगह पर मिनिमम टेंपरेचर बढ़ गया है, जिसके कारण से रात में ठंड का एहसास कम हो गया है. कल से बादल हटने शुरू हो जाएंगे, लेकिन नमी की मात्रा बरकरार रहेगी. बादल हटने के बाद ठंड पड़ेगा। 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। आज संविधान दिवस है. आज ही के दिन 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था. इस मौके पर राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बधाई दी है । 
राज्यपाल उइके ने कहा कि भारत संसदीय प्रणाली पर आधारित स्वतंत्र गणराज्य है जो उस संविधान के अनुरूप कार्य करता है जिसे संविधान सभा द्वारा 26 नवम्बर 1949 को ग्रहण किया गया था और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ. विश्व में भारत का संविधान सबसे बड़ा लिखित संविधान है. भारत के संविधान के अनुसार देश में किसी भी नागरिक को दोहरी नागरिकता प्राप्त नहीं है. जाति, रंग, नस्ल, लिंग, धर्म या भाषा के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता और सभी को बराबर का दर्जा और अवसर प्राप्त है । 
वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज ही के दिन 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था. हमें गर्व है कि भारतीय संविधान के निर्माण में छत्तीसगढ़ की अनके विभूतियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। गायत्री ज्वेलर्स में हुई सेंधमारी मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने 6 किलो से ज्यादा चांदी के जेवरात और 4 मूर्तियां बरामद किया है।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल के माल्दा जिले से की गई है। पुलिस के मुताबिक वारदात को पांच लोगों ने अंजाम दिया था। जिनमें तीन झारखंड के साहेबगंज के रहने वाले हैं। इन तीनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम झारखंड में मौजूद है।
मामला 27 अक्टूबर की रात का है। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित गायत्री ज्वेलर्स में सेंधमारी कर चोरों ने 9 लाख के चांदी के जेवरातों की चोरी की थी। मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तारकेश्वर पटेल ने बताया कि दशहरा के एक दिन पहले मंदिर हसौद के गायत्री ज्वेलर्स में 17 किलो चांदी और कुछ गिलट की मूर्तियों की चोरी हुई थी। इसके बाद मामले में मंदिर हसौद पुलिस और साइबर की एक टीम गठित की गई। इसमे लगातार जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान इसमें बाहरी गिरोह के हाथ होने का पता चला। फिर इसी दौरान यह भी जानकारी मिली कि मुम्बई में कोई व्यक्ति चांदी को बेचने के फिराक में घूम रहा था। यहीं से हमे आरोपियो का पता चला और फिर पश्चिम बंगाल के मालदा में दबिश देकर दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इनके पास से 6 किलो चांदी और 4 नग मूर्तियां बरामद हुई है। मामले में कुल 5 आरोपी शामिल हैं। तीन अन्य आरोपी झारखंड के सुल्तानपुर के हैं। झारखंड के तीन आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हुई है।

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों के आव्हान पर 26 नवंबर को किए जा रहे देशव्यापी हड़ताल को कांग्रेस पार्टी ने अध्यक्ष सोनिया गांधी की सहमति से समर्थन दिया है. इस कड़ी में सप्रे स्कूल से निकली गई मशाल रैली मे असंगठित कामगार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पाण्डेय और किसान कांग्रेस के महामंत्री सौरभ निर्वाणी के साथ रायपुर के अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए । 
छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष आलोक पाण्डेय ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार मजदूर विरोधी जो 5 काले कानून लाने जा रही है, उसमें प्रमुख रूप से विद्युत वितरण संशोधन अधिनियम 2020, लेबर कोड बिल न्यूनतम वेतन भुगतान अधिनियम 2019, सामाजिक सुरक्षा अधिनियम 2020, औद्योगिक संबंध अधिनियम 2020 और मजदूरों की कार्यदशा पर बिल 2020 शामिल है जो पूरी तरह से मजदूर किसान विरोधी है । 
आलोक पाण्डेय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पर नये कानूनों से ‘गरीबों को और गरीब करो, अमीर को और अमीर बनाओं’ वाला कार्य करने का आरोप लगाया. वर्तमान की केन्द्र सरकार 70 साल के बने हुये ढांचे को ढहाने का प्रयास कर रही है. रेलवे, एयरपोर्ट, बैंक जैसे कई सरकारी संस्थानों को बंद करके उनका निजीकरण करके सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाना चाहती है. इसी प्रकार नये कृषि कानून बनाये गये हैं, जो किसानों के हितों के विपरीत है, जिसका पूरे देश भर में विरोध हो रहा है । 
 

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। इन दिनों बाजारों में मशीनों से बने खिलौनों, शिल्प, चित्रकारी से बनी वस्तुओं की भरमार देखने को मिलती है, लेकिन कभी इन वस्तुओं के निर्माण में हाथों की जादूगरी दिखाने वाले लोगों को हम भूल नहीं सकते। कुछ वर्षो पहले तक इनकी जिन्दगी आसान थी, हर क्षेत्र में बढ़ती तकनीकी दखलंदाजी ने इन्हें बड़ी आर्थिक मार दी है। वर्षों से समाज के लोगों के बीच सेवा देने वाले इन परिवारों को फिर से आर्थिक तरक्की के रास्ते पर लाने के लिए नई सरकार ने पौनी पसारी योजना शुरू की है।
 आधुनिकता के साथ छत्तीसगढ़ में प्रचलित पौनी पसारी व्यवस्था लुप्त होते जा रही थी। पहले यह हमारी संस्कृति में समाया हुआ था। प्राचीन समय से ही यह परम्परागत कार्यों से जुड़े लोगों के रोजगार का साधन रही है। शहरी और ग्रामीण जीवन में इसकी विशेष महत्ता है। भले ही हम आधुनिकता के दौड में इन्हें भुला दिए हैं लेकिन इनकी उपयोगिता आज भी है।
  राज्य के शहरी और ग्रामीण जनजीवन में मिट्टी के बर्तन, कपड़े धुलाई, जूते-चप्पल तैयार करना, लकड़ी से संबंधित कार्य, पशुओं के लिए चारा, सब्जी-भाजी उत्पादन, कपड़ों की बुनाई, सिलाई, कंबल, मूर्तियां बनाना, फूलों का व्यवसाय, पूजन सामग्री, बांस का टोकना, सूपा, केशकर्तन, दोना-पत्तल, चटाई तैयार करना तथा आभूषण एवं सौंदर्य सामग्री इत्यादि का व्यवसाय ’’पौनी-पसारी’’ व्यवसाय के रूप में मान्यता है।
 शहरों में परम्परागत व्यवसाय करने वाले नाई धोबी, कुम्हार बढ़ई लोहार समुदायों को तरक्की की राह पर बराबरी से खड़ा करने के लिए पौनी पसारी योजना में नगरीय निकायों में उनके व्यवसाय के लिए शेड बनाकर दिया जा रहा है। यह योजना  प्रदेश के 14 नगर निगम सहित 168 नगरीय निकायों में क्रियान्वित की जा रही है। इन वर्गों के लोगों को वर्कशेड एवं चबूतरा निर्माण के लिए 73 करोड रूपए की मंजूरी दी गई है।         
 परम्परागत रूप से शहरों में व्यवसाय करने वाले लोगों की खराब माली हालत को देखते हुए राज्य सरकार की इस पहल का इन कार्यों से जुड़े लोगों ने खुले दिल से स्वागत किया है। राज्य सरकार की इस पहल से गरीब और निम्न तबकों से ताल्लुक रखने वाले लोगों में सरकार के प्रति भरोसा जागा हैं। इन लोगों का कहना है इस प्रकार की व्यवस्था से गरीबों को राहत मिली है। यह योजना गरीबी और बेरोजगारी दूर करने वाली है।  
राज्य में अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। परम्परागत रूप से समाज की सेवा करने वाले इन वर्गों के लोगों के कौशल विकास के लिए भी इंतजाम किए गए है़। इनकी कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ ही इन्हें उनके कार्यों के मुताबिक अत्याधुनिक मशीने भी दी जा रही है। कुम्हारों को विजली से चलने वाले चाक हों या मिट्टी के सजावटी वस्तुओं में ग्लेजिंग पालिश इन कार्यों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। राज्य में छोटे व्यवसाय करने वाले लोगों को आजीविका मिशन के जरिए आर्थिक मदद और प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई है।
 

 
 

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री प्रगति पोर्टल के अंतर्गत कोरोना से संबंधित मुद्दे (वित्तीय सहायता, अस्पताल का ढांचा, राशन तथा रोजगार आदि), प्रधान मंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत स्वनिधी योजना, निर्यात के रूप में जिले का विकास तथा आपरेशनाइ एग्रीकल्चर रिफार्म के संबंध में सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री मोदी को मुख्य सचिव आर.पी. मण्डल द्वारा बताया गया कि कोरोना संबंधी सीपी ग्राम पोर्टल में कुल 1028 शिकायतें प्राप्त हुई थी, जिसमें से शत प्रतिशत (1027) शिकायतों का निराकरण छत्तीसगढ़ में कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ श्रम विभाग द्वारा 12.57 करोड़ रूपए का वितरण कुल 18087 श्रमिकों को कोरोना के दौरान किए जाने की जानकारी दी गई। कोरोना के इलाज के लिए सभी निजी अस्पतालों के लिए दिशा-निर्देश का निर्धारण समय पर राज्य सरकार द्वारा किये जाने के बारे में अवगत कराया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत अनाज एवं चने का वितरण कोरोना के दौरान शत प्रतिशत पूरे राज्य में कर दिया गया था। इस दौरान 29.35 लाख लोगों को मनरेगा के माध्यम से कोरोना के दौरान रोजगार से लाभान्वित किया गया। मुख्य सचिव द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को अवगत कराया गया कि, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सीपी ग्राम पोर्टल में प्राप्त शिकायतों का शत प्रतिशत निराकरण छत्तीसगढ़ में किया गया है। मुख्य सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर भारत स्वनिधी योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की रैंकिंग पूरे देश में 7वें स्थान पर रही है तथा कुल 50 हजार 753 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 15 हजार 076 प्रकरणों में राशि का वितरण सभी हितग्राहियों को डिजिटल माध्यम से किया जा चुका है। इस पर प्रधानमंत्री ने राज्य की प्रशंसा की। मुख्य सचिव ने बताया कि निर्यात हब के रूप में जिले का विकास अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब प्रमोशन कमेटी का गठन कर दिया गया है तथा 31 दिसम्बर 2020 तक डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान को भी स्वीकार कर लिया जाएगा। आपरेशनाइजेशन एग्रीकल्चर रिफार्म के संबंध में मुख्य सचिव द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जानकारी दी गई कि एआईएफ के लिए नोडल ऑफिसर नियुक्त कर दिया गया है तथा एफपीओ एवं एसएचजी को भी एआईएफ में शामिल करने के लिए योजना बनाई जा रही है।
 मुख्य सचिव ने बताया कि स्लरी पाईपलाईन स्थापना हेतु 83.831 हेक्टेयर व्यपवर्तन प्रस्ताव के संबंध में राज्य शासन द्वारा समय-सीमा में कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा की गई कार्यवाही की तारीफ करते हुए धन्यवाद दिया।

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। आरंग। तकनीकी सहायक के निर्माण कार्य के गुणवत्ता और समय पर मूल्यांकन नहीं करने के अलावा मूल्यांकन के बदले पैसे की मांग से त्रस्त होकर सरपंच ने स्थानीय विधायक और मंत्री से सुबह शिकायत की थी. दोपहर को मंत्री गांव में पहुंच गए, और तकनीकी सहायक को तत्काल हटाते हुए नए स्थान पर नई नियुक्ति करने का आदेश सरपंच को थमा आए. मंत्री की सक्रियता से सरपंच सहित पूरा गांव आश्चर्यमिश्रित खुशी से सराबोर है ।
मामला जिले के ग्राम पलौद का है, जहां की सरपंच तारिणी साहू को तकनीकी सहायक की कार्यशैली को लेकर शिकायत थी. इस संबंध में जब कुछ अधिकारियों से उन्होंने बात की तो किसी ने भी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया. इस पर क्षुब्ध सरपंच ने क्षेत्र के विधायक और केबिनेट मंत्री डाॅ शिवकुमार डहरिया के पास शिकायत की. सरपंच की शिकायत मिलने के चंद घंटों के भीतर मंत्री डाॅ शिव कुमार डहरिया ग्राम पलौद पहुंच गए और तकनीकी सहायक को गांव से हटाकर उसके स्थान पर नया तकनीकी सहायक पदस्थ करने का आदेश सरपंच के हाथों में दे आए ।
इस दौरान मंत्री ने सरपंच से कहा कि यदि किसी विकास कार्य में गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं कराये जाते हैं तो इसकी शिकायत अवश्य करें. शिकायत सही और तथ्यात्मक हो ताकि किसी को हटाने की बजाय निलंबन की कार्रवाई की जा सके. मंत्री द्वारा शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई पर सरपंच को पहले तो विश्वास नहीं हो रहा था, लेकिन जैसे ही आदेश पढ़ी उसकी खुशी का ठिकाना न रहा. इस तरह से सरपंच की शिकायत पर तकनीकी सहायक कुमारी शकुंतला बिंदिया के स्थान पर काजल श्रीवास को जिम्मेदारी सौंप दी गई है ।

तीन दिन पहले ही मंत्री ने कर दिया उद्घाटन

ग्राम पलौद की सरपंच और ग्रामीणों ने जब मंत्री से तकनीकी सहायक की शिकायत की तो मंत्री डाॅ डहरिया ने वहां स्वीकृत कार्यों की प्रगति के संबंध में पूछा. इस दौरान सरपंच ने बताया कि मण्डी चबूतरा का काम लगभग पूरा हो गया है. 1 दिसबंर से सहकारी सेवा समिति के माध्यम से धान खरीदी में चबूतरे का उपयोग होगा. इसके पहले आपको चबूतरे का उद्घाटन और नए कार्य के शिलान्यास के लिए गांव आना है. आप समय दे दीजिए. इस दौरान मंत्री मुस्कुराएं और कहा कि बार-बार खर्च बढ़ाने उद्घाटन के लिए गांव आने से अच्छा है कि आज ही उद्घाटन और शिलान्यास कर देता हूं.

दुकान से लिया श्रीफल और कर दिया लोकार्पण

मंत्री के अचानक ऐसे निर्णय से सरपंच सहित ग्रामीण जनप्रतिनिधि असहज नजर आएं. श्रीफल सहित अन्य सामग्री की कमी और आवश्यक तैयारी नहीं थी. डाॅ डहरिया ने सभी को आश्वास्त करते हुए कहा कि कोई बात नहीं है. अपने वाहन से उन्होंने पानी को बोतल मंगवाया और आसपास दुकान से श्रीफल. गांव की सरपंच, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य और पंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को मौके पर बुलवाकर मण्डी चबूतरे का लोकार्पण कर दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि धान खरीदी में इस चबूतरे का उपयोग अवश्य करना.

 

विशेष सचिव से सचिव प्रमोट होंगे 2005 बैच के IAS अधिकारी, चीफ सेक्रेटरी के रिटायरमेंट के साथ ही एक बड़ी प्रशासनिक सूची जल्द होगी जारी
 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । इस महीने की 28 तारीख को होने वाली कैबिनेट बतौर चीफ सेक्रेटरी आर पी मंडल की आखिरी बैठक होगी. तमाम एजेंडों पर बातचीत किए जाने के अलावा भूपेश कैबिनेट उन्हें विदाई देगी. चर्चा है कि कैबिनेट में ही अमिताभ जैन की अगले चीफ सेक्रेटरी के तौर पर कर दी जाएगी. शीर्ष नेतृत्व में बदलाव के साथ-साथ प्रशासनिक महकमे में भी अहम बदलाव होने हैं, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है. बताते हैं कि करीब आधा दर्जन से ज्यादा आईएएस अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल हो सकता है ।
प्रशासनिक सूत्रों की माने तो भूपेश सरकार 2005 बैच के आईएएस अधिकारियों को प्रमोट कर रही है. विशेष सचिव का ओहदा संभाल रहे ये अधिकारी अब सचिव बनाए जाएंगे. इस बैच से मुकेश कुमार, आर संगीता, रजत कुमार, राजेश सुकुमार टोप्पो और एस प्रकाश आते हैं. यानी ये सभी अधिकारी सचिव प्रमोट किए जाएंगे. इस बैच से एक नाम ओम प्रकाश चौधरी का भी रहा है, पर साल 2018 में उन्होंने आईएएस की नौकरी से इस्तीफा देकर बीजेपी प्रवेश कर लिया था ।
साल 2019 में जब 2004 बैच के आईएएस अधिकारियों को विशेष सचिव से सचिव प्रमोट किया गया था, तब उनके प्रभार यथावत रखे गए थे, लेकिन इस दफे कई महत्वपूर्ण पद या तो खाली हो रहे हैं या फिर बदले जाने की जरूरत सरकार महसूस कर रही है, लिहाजा सचिव प्रमोट होने के साथ-साथ प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है. अमृत खलको के राजभवन आने के बाद से बस्तर कमिश्नर का पद भी खाली पड़ा हुआ है. इसके अलावा अगले महीने टी सी महावर भी रिटायर हो रहे हैं. ऐसे में उनकी जगह भी किसी सीनियर अधिकारी की पोस्टिंग की जानी है ।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन से छत्तीसगढ़ कांग्रेस में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव समेत अन्य नेताओं ने भी दुख जताया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा कि अहमद पटेल का निधन सबके लिए स्तब्ध कर देने वाला है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “कांग्रेस विचारधारा के प्रति दृढ़ संकल्पित, जुझारू योद्धा, पार्टी के अनमोल रत्न अहमद भाई पटेल जी के निधन का समाचार हम सबके लिए स्तब्ध कर देने वाला है। उनका जाना कांग्रेस पार्टी, गुजरात के साथ देश की भी अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर परिवाजनों को संबल प्रदान करे। ॐ शांति:”
कांग्रेस विचारधारा के प्रति दृढ़ संकल्पित, जुझारू योद्धा, पार्टी के अनमोल रत्न अहमद भाई पटेल जी के निधन का समाचार हम सबके लिए स्तब्ध कर देने वाला है।
उनका जाना कांग्रेस पार्टी, गुजरात के साथ देश की भी अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर परिवाजनों को संबल प्रदान करे।
ॐ शांति:
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने भी अहमद पटेल के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अहमद पटेल के निधन पर दुखी और स्तब्ध हूं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “अनुभवी कांग्रेसी नेता श्री अहमद पटेल जी के निधन के बारे में जानकर दुखी और स्तब्ध हूं। उनका निधन हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं प्रार्थना करता हूं कि दु: ख के इस क्षण में सर्वशक्तिमान उनके परिवार और समर्थकों को शक्ति प्रदान करें। उनकी आत्मा को शांति मिले। शांति!”
वरिष्ठ कांग्रेस नेता के निधन पर सूबे के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अहमद पटेल का जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ है।ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह वियोग सहन करने की शक्ति प्रदान करें।