Browsing: रायपुर

 
धान खरीदी के लिए समय पूर्व पूरी तैयारी करने के निर्देश
 

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित अधिकारियों की बैठक में धान खरीदी की व्यवस्था की समीक्षा की। श्री भगत ने अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी शुरू होने से पहले खरीदी के लिए बारदाना, चबूतरा निर्माण, किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था कर लिए जाए। कांटा-बाट की समुचित व्यवस्था एवं उसका सत्यापन भी करा लिए जाए। श्री भगत ने राज्य के सीमावर्ती जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष पर धान खरीदी के संबंध में बातचीत की और अन्य राज्यों से आने वाले अवैध धान को रोकने के लिए कड़ा इंतजाम करने के निर्देश दिए है। श्री भगत ने कहा कि धान खरीदी के लिए किसानों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। श्री भगत ने कहा कि राज्य स्तर पर खाद्य विभाग सहित धान खरीदी से संबंधित विभागों के अधिकारियों का एक दल गठित किया जाए। जो राज्य भर के खरीदी केन्द्रों में जाकर धान खरीदी का निरीक्षण और मोनिटरिंग करेगा। खासकर सीमावर्ती जिलों में जाकर अवैध धान के आवक को रोकने के लिए किए गए इंतजाम का निरीक्षण करेगा।
    मंत्री  भगत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार से छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में किसानों से धान खरीदी के लिए 3 लाख 50 हजार गठान बारदानें उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को आपूर्ति की जाने वाली बारदानें में 50 प्रतिशत की कटौती करते हुए केवल एक लाख 43 हजार गठान नये बारदानें की आपूर्ति करने की सूचना जूट कमिश्नर के माध्यम से दी गई है और अब तक राज्य को केवल 77 हजार गठान बारदानें ही प्राप्त हुए है। भारत सरकार द्वारा बारदानों की आपूर्ति में भारी कटौती करने के कारण राज्य में धान खरीदी प्रभावित न हो इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 70 हजार एचडीपीई, पीपी के नये बारदानें खरीदी के लिए कार्यादेश जारी किया गया है। इसके अलावा पीडीएस सिस्टम का एक लाख गठान बारदानें और मिलरों से दो लाख  बारदानों की पूर्ति धान खरीदी के लिए की जाएगी।
     भगत ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में लगभग 90 लाख मैट्रिक टन धान खरीदी होना अनुमानित है। धान उपार्जन के लिए 4 लाख 75 हजार गठान बारदानों की आवश्यकता संभावित है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी के लिए जूट कमिश्नर कोलकोता से एक लाख 45 हजार गठान बारदाने उपलब्ध होगा। राज्य सरकार के पीडीएस सिस्टम से एक लाख बारदानें की व्यवस्था धान खरीदी के लिए होगी। इसके अलावा दो लाख गठान बारदानें मिलरों से प्राप्त करने का लक्ष्य है। धान खरीदी के लिए शेष बारदानों की पूर्ति राज्य सरकार द्वारा 70 हजार प्लास्टिक बैग खरीद कर की जाएगी। बैठक में खाद्य विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सहकारिता विभाग के सचिव श्री आर. प्रसन्ना, विशेष सचिव खाद्य श्री मनोज कुमार सोनी, नान के एमडी श्री निरंजन दास, मार्कफेड के एमडी श्री अंकित आनंद, नाप-तौल विभाग के संचालक श्रीमती शिखाराजपूत तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 

धान खरीदी केन्द्रों का भूमिपूजन और स्कूल भवनों का किया लोकार्पण
 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया ने रविवार को बालोद जिले में अपने विधानसभा क्षेत्र डौंडी ब्लाक में विभिन्न ग्रामों का दौरा कर नागरिकों को कई विकास कार्यों की सौगात दी। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण के साथ कई विकास कार्याें की घोषणाएं की। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं का निदान भी किया।
 श्रीमती भेंड़ि़या ने सर्वप्रथम ग्राम कारुटोला में  सोसायटी धान खरीदी केंद्र का भूमिपूजन किया। उन्होंने स्थानीय मांगो पर ग्राम विकास के विभिन्न कार्यों के लिए घोषणा की। इसके साथ उन्होंने ग्राम ठेमा बुजुर्ग मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने ग्राम कांड़े और ग्राम पिच्चेटोला में अतिरिक्त स्कूल भवन का भूमिपूजन और ग्राम बह्मनी,ग्राम कोपेडेरा व ग्राम कोटागांव में  नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने ग्राम कोटागांव में धान खरीदी केंद्र का भूमिपूजन भी किया। दौरा कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उन्होंने सक्षम अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। इस दौरान जिला,जनपद व ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधिगण और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर।प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने आज कोरबा जिले में एक कार्यक्रम में राताखार से तुलसी नगर नया पुल गेरवाघाट तक सड़क पर बोल्डर डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। राताखार से तुलसी नगर गेरवाघाट नया पुल तक इस सड़क का निर्माण डीएमएफ मद से किया जा रहा है। सड़क निर्माण की कुल लागत दो करोड़ 62 लाख 62 हजार रूपये है। इस अवसर पर राजस्व मंत्री ने कहा कि सड़क के बन जाने से पुराने कोरबा से दर्री तक का सफर पांच किलोमीटर कम हो जाएगा। इससे लोगों को दर्री तक जाने में सहूलियत होगी। राजस्व मंत्री ने कहा कि रोड के बन जाने से भारी वाहनों की आवाजाही भी शहर के भीतर कम हो जाएगी जिससे धूल उड़ने और दुर्घटनाओं जैसी अन्य समस्याओं से भी कोरबा वासियों को छुटकारा मिलेगा। राजस्व मंत्री ने सड़क निर्माण पर कोरबा वासियों को शुभकामनाएं और बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कोरबा सहित पूरे प्रदेश वासियों के हित के लिये सभी जरूरी काम और योजनाएं संचालित करने के लिये प्रतिबद्ध है। लम्बे समय से रूके कई जनहितकारी कामों को इस दौरान शुरू किया गया है और आगे भी प्रदेश वासियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी काम मंजूर किये जाएंगे। इस कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री संतोष राठौर, श्रीमती सपना चौहान, पार्षद श्री रविसिंह चंदेल, श्री धनसाय साहू, श्री दिनेश सोनी, एल्डर मैन श्रीमती गीता गभेल, श्री एस. मूर्ति, श्री बच्चु लाल मखवानी, पूर्व पार्षद श्री मगोपाल यादव सहित चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष श्री राजेन्द्र अग्रवाल तथा  विकास सिंह भी मौजूद रहे।  
    बी.टी. कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद ने कोरबा वासियों को इस सड़क की सौगात के लिये राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल के अथक प्रयासों से ही इस सड़क की स्वीकृति मिली थी और अब इस सड़क का बी.टी. काम भी जल्द ही हो जाएगा। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में विकास के लिये राजस्व मंत्री के मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया और कहा कि कोरबा के विकास के लिये जरूरी सभी योजनाओं-परियोजनाओं पर मंथन कर स्वीकृति दी जा रही है और तेजी से काम भी शुरू किये जाएंगे। उन्होंने शहर के विकास कार्यों के लिये अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ नगर वासियों के सहयोग एवं समन्वय को भी जरूरी बताया।

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल केरल दौरे से लौट गए. एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान बघेल ने कहा कि कांग्रेस महासचिव वेनुगोपाल के माताजी की अंत्येष्टि कार्यक्रम में गया था. इसके साथ ही कन्याकुमारी जाना हुआ. वहीं धान खरीदी की चौथी किस्त के बारे में जानकारी दी. प्रदेश में अपराध की घटना पर कहा कि तुलनात्मक रूप से देखे तो अपराध नहीं बढ़ा है. प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठक के पहले कोरोना पैकेज और जीएसटी नहीं देने पर नाराजगी जाहिर की ।
मार्च के पहले किसानों के खाते में चौथी किस्त
धान खरीदी की चौथी क़िश्त को लेकर विपक्ष के सवालों पर बोले कि मार्च के पहले किसानों के खाते में राशि पहुंच जाएगी. 21 मई, 20 अगस्त, 1 नवंबर को तीनों क़िश्तें जारी कर दी गई हैं. नए  वित्तीय वर्ष के पहले चौथी क़िश्त भी दे दी जाएगी ।
30 हजार करोड़ की कोरोना पैकेज नहीं दी
कल कोरोना को लेकर प्रधानमंत्री के साथ होने जा रही बैठक के पहले मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से एक बार फिर नाराज़गी जताई. बोले कि कोरोना को लेकर हमने 30 हज़ार करोड़ के पैकेज की मांग की थी, जो पूरी नहीं हुई. हमारे हक़ की जीएसटी  की राशि भी नहीं दी गई ।
केंद्र ने बंद कर दी पीपीई किट की मदद
पहले केंद्र से टेस्टिंग किट और पीपीई किट को लेकर मदद मिल रही थी. वो व्यवस्था भी अब हम खुद कर रहे हैं. कल प्रधानमंत्री से बैठक में पूरी जानकारी दी जाएगी. कोरोना की वैक्सीन को लेकर चर्चा होगी.  हमने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भी मांग की थी. कल की बैठक में भी मांग करेंगे कि छत्तीसगढ़ को  वैक्सीन जल्दी उपलब्ध करा दें ।
प्रदेश में अपराध नियंत्रित
मुख्यमंत्री ने कहा कि  अपराध के आंकड़े नहीं बढ़े हैं. तुलनात्मक तौर पर देखें तो अपराध नियंत्रित ही हैं. साथ ही हम अपराधों पर नियंत्रण के लिए तमाम कोशिशें भी कर रहे हैं ।
नक्सलियों को घर में घुस कर मार रहे
पहले नक्सली कैंप में हमला करते थे. अब हम उनके घर में घुसकर मारने का काम कर रहे हैं ।
 
 

 
 पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। धान खरीदी के दौरान इस बार बारदाने की दिक्कत होगी. बारदाना की पूर्ति करना अपने आप में बड़ी चुनौती है. यह बात खाद्य मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने मंत्रालय में धान खरीदी को लेकर होने वाली अहम बैठक से पहले मीडिया से चर्चा में कही । 
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि इस बार पहले से ज्यादा धान के आवक की संभावना है, तैयारी भी उसी स्तर का हम कर रहे हैं. इस बार जो दिक्कत होगी वो बरदाने की रहेगी. भारत सरकार से जो बारदाना मिलता था, वो इस बार आधे से भी कम आया है. हर वर्ष हम मांग पत्र भेजते थे, उसके अनुरूप आपूर्ति होती है, इस बार धान का बंपर पैदावार हुआ है, बारदाना नहीं मिलने पर हमने प्रदेश में पुरानी बारदाने के उपयोग की व्यवस्था बनाई है. डीलर्स के पास और पीडीएस में जो बारदाने हैं, उसको इकट्ठा करवा रहे हैं, जो गैप आ रहा है, उसकी भरपाई के लिए हमने एसडीबी (प्लास्टिक के बैग) के लिए टेंडर किया है. आज की बैठक में कहां से कितना कलेक्ट हुआ है, इस पर चर्चा होगी. जो अंतर रहेगा उसके लिए व्यवस्था बनाएंगे । 
मंत्री भगत ने वहीं बिचौलियों को लेकर कहा कि हमने प्रशासनिक स्तर पर कह कर रखा है कि दूसरे प्रदेश के लोग भी धान खपाने की कोशिश करेंगे, उसमें सख्ती से कार्रवाई की जाए. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जो धान खरीदी की थी की नीति बनाई थी, वह अपने प्रदेश के किसानों को उसका लाभ देना चाहते हैं, ना कि अन्य प्रदेश को. अन्य प्रदेश के लोगों के धान खपाने से यहां की व्यवस्था बिगड़ेगी, बलरामपुर, गरियाबंद कलेक्टर ने गाड़ी भी पकड़ी है, बाकी लोगों को भी हमने कहा है कि बिचौलियों पर तुरंत कार्रवाई करें । 
जेसीसीजे के प्रदर्शन पर बोले मंत्री ने कहा कि धान बेचने के बाद 1 सप्ताह में राशि का भुगतान हो रहा है, अंतर की राशि तीन किश्त हम दे चुके हैं अंतिम किस्त देना बाकी है वह भी हो जाएगा. इतनी अच्छी व्यवस्था मैं सोचता हूं कि कहीं और नहीं है, वहीं तंज कसते हुए कहा कि जिस दिन किसानों के लिए लड़ना था, उस दिन तो कहीं नहीं दिखे. जब सेंट्रल ने मना कर दिया था और जब उनके लिए संघर्ष करने के बाद हो रही थी, जितने भी नेता है चाहे भाजपा के लोग या अन्य दल के नेता हो उन्होंने न तो एक चिट्ठी लिखी, ना ही एक बयान दिया, ना उनके लिए आवाज उठाई. आज जब सब व्यवस्था दुरुस्त कर दिया गया है, तो सब लोग कूद पड़े हैं । 
 

 
 पंचायत तंत्र 24.com,  रायपुर। अगर आप पुरानी कार खरीदने के लिए OLX जैसी कंपनियों में बजट के भीतर अपनी मनपसंद वाहन तलाश कर रहे हैं तो यह खबर आप के लिए है। सेकंड हैंड कार बेचने के नाम पर रायपुर में एक युवक से ठगी किये जाने का मामला सामने आया है। ओएलएक्स में कार बेचने का ए़ड देकर अज्ञात आरोपी ने एक लाख 20 हजार रुपये ठग लिये। मामले में राजेन्द्र नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ ठगी का अपराध दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि न्यू राजेन्द्र नगर में रहने वाले 26 वर्षीय अश्वनी पांडेय ने 8 अक्टूबर को OLX कंपनी के वेबसाईट में दिये गए नंबर पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम वीएस कृष्णा बताया। पीड़ित अश्वनी ने उससे बेच रहे स्विफ्ट डिजायर गाड़ी की जानकारी ली। जिसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को गाड़ी की फोटो भेजा।
पीड़ित ने गाड़ी की फ़ोटो देखने के बाद खरीदना फाइनल किया। आरोपी ठग ने उसे हैदराबाद में होने का झांसा देकर ऑनलाइन पेमेंट के लिए कहा, पीड़ित ने 5 हजार रुपये की ऑनलाइन पेमेंट कर दी। एक घंटे बाद आऱोपी ने फोन कर पूरी पेमेंट देने के लिए कहा, जिस पर पीड़ित ने 30 हजार रुपये की पेमेंट कर शेष अगले दिन करने की बात कही। अगले दिन 8 अक्टूबर को आरोपी ने फिर फोन किया और कहा कि गाड़ी की बिल्टी आर्मी कैंप लिखी हुई तैयार है और उसका फोटो भेज दिया। बिल देखकर 9 अक्टूबर को बाकी के पैसे 90 हजार रुपयों को किस्तों में ट्रांसफर कर दिया। इस तरह पीड़ित ने आरोपी ठग को 1 लाख 20 हजार रुपये की ऑनलाइन पेमेंट कर दी।
पूरी पेमेंट करने के बाद ना तो गाड़ी ही आई और ना ही दुबारा आरोपी ठग से उसका संपर्क ही हो पाया। जिसके बाद उसे ठगे जाने का एहसास हुआ और उसने राजेन्द्र नगर पुलिस का दरवाजा खटखटाया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ ठगी का अपराध दर्ज कर लिया है।

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इन दिनों अपनी तमिलनाडू यात्रा पर हैं। कन्याकुमारी के प्रसिद्ध सनसेट प्वाइंट की तस्वीरों के बाद उन्होंने सन राइज प्वाइंट यानि कि सूर्योदय की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की है।
तमिल कवि तिरूवल्लुवर की स्टेच्यू के पास सनराइज प्वांइट है। कन्या कुमारी आने वाले पर्यटक इस जगह पर जरुर आते हैं और सूर्योदय होने का इंतजार करते हैं। ठंड से बचने के लिए सिर पर टोपी लगाए और शॉल ओढ़े मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अल सुबह यहां पहुंचे और उन्होंने ना सिर्फ सूर्योदय का लुत्फ उठाया बल्कि इन यादगार लम्हों के साथ अपनी तस्वीरें खिंचाई और खुद उन्होंने इन मनमोहक तस्वीरों को अपने मोबाइल पर कैद भी किया।
मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर इन तस्वीरों को साझा करते हुए सूर्य मंत्र के साथ पोस्ट किया। उन्होंने हैश टैग कन्याकुमारी के ऐतिहासिक स्थल पर सूर्योदय के साथ ट्वीट किया, “जपाकुसुम संकाशं काश्यपेयं महद्युतिं। तमोरिसर्व पापघ्नं प्रणतोस्मि दिवाकरं ।।
इस सूर्य मंत्र का हिन्दी में अर्थ होता है,”जो जपा (अड़हुल) के पुष्प के समान लाल आभा वाले हैं, महान तेज से सम्पन्न हैं, अन्धकार के विनाशक हैं, सभी पापों को दूर करने वाले तथा महर्षि कश्यप के पुत्र हैं, उन सूर्य को मैं प्रणाम करता हूं।”
जपाकुसुम संकाशं काश्यपेयं महद्युतिं।
तमोरिसर्व पापघ्नं प्रणतोस्मि दिवाकरं ।।#कन्याकुमारी के ऐतिहासिक स्थल पर सूर्योदय pic.twitter.com/YAbrtaJZL2
गौरतलब है कि एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल की माता का निधन हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल केरल के कन्नूर स्थित उनके पैतृक निवास पिलातरा पहुंच कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की थी। जिसके बाद वे वहां से कन्याकुमारी पहुंचे थे, जहां कल शाम को विश्व प्रसिद्ध सनसेट प्वाइंट पर भी वे गए थे और वहां की भी खूबसूरत तस्वीरों को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था।
 
 

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए विमान से आने जाने वाले यात्रियों का कोविड स्क्रीनिंग करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डाॅ. कमलप्रीत सिंह ने रायपुर और बस्तर के कमिश्नरों और कलेक्टरों को आदेश भेजकर रायपुर एवं जगदलपुर (बस्तर) स्थित एयरपोर्ट पर यात्रियों की पूर्व में जारी कोविड गाईड लाइन के अनुसार कोरोना स्क्रीनिंग संबंधित निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश देश में कोरोना संक्रमण प्रभावित व्यक्तियों की संभावित वृद्धि को देखते हुए जारी किया गया है।

लव जिहाद और प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
  पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। गुपकर डिक्लेरेशन को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा देशद्रोही गतिविधियों में लिप्त लोगों के साथ रही है. कश्मीर मुद्दे पर भी कांग्रेस राष्ट्र विरोधियों के साथ खड़ी है. उन्होंने सवाल किया कि कश्मीर में धारा 307 के खिलाफ कार्रवाई और फिर गुपकार डिक्लेरेशन के कदमों को लेकर कांग्रेस दोहरा रवैया क्यों अपना रही है. आखिर ये रिश्ता क्या कहलाता है। 
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पत्रकार वार्ता में गुपकार डिक्लेरेशऩ को लेकर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला चीन की मदद से धारा 370 की वापसी की बात कहते हैं. वहीं महबूबा मुफ्ती धारा 370 हटाए जाने के विरोध में तिरंगा नहीं उठाए जाने की बात कहती हैं. तो कश्मीर कांग्रेस के युवा नेता जहांजेब सिरवाल अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव जीतने वाले जो बाइडेन से धारा 370 लागू करवाने की बात कहते हैं. इसके बाद भी कुछ सुनना बाकी रह गया है क्या। 
डॉ. सिंह ने कहा कि कांग्रेस का यह कहना कि वह गुपकार डिक्लेरेशन का हिस्सा नहीं है, बेतुका और तर्क से परे है. कांग्रेस गुपकार डिक्लेरेशन का हिस्सा थी, और अब भी है. यह उसके कश्मीर के नेताओं के बयान से स्पष्ट हो जाता है. इतना ही नहीं, कांग्रेस तो गुपकार डिक्लेरेशन से जुड़े दलों के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर में चुनाव लड़ रही है. यहां तक पी चिदंबरम और गुलाम नबी आजाद जैसे नेता धारा 370 की फिर से बहाली की बात सार्वजनिक रूप से करते हैं। 
भूपेश बघेल को लव जिहाद के मतलब नहीं मालूम 
रमन सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लव जिहाद पर भाजपा नेताओं पर कार्रवाई करने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बघेल को लव जिहाद का मतलब नहीं मालूम है. आपसी सहमति और दबावपूर्वक शादी में अंतर होता है. उन्होंने कहा कि लव जिहाद के लिए कानून की व्यवस्था होगी. इस व्यवस्था का क्रियान्वयन करने की जवाबदारी राज्य सरकारों की होगी. लव जिहाद में भेद भावपूर्वक शादी, उसके बाद धर्मांतरण और बाद में कई लोगों की हत्या हो जाती है. यह लव जिहाद एक षड्यंत्र के रूप में इस देश में हो रहा है. लव जिहाद कानून की आवश्यकता छत्तीसगढ़ सहित देश के सभी प्रदेशों में हैं. ज्यादातर प्रदेश इस संबंध में कानून बना रहे हैं। 
पुलिस दूसरे काम में लगी इसलिए प्रदेश में बढ़ रहे अपराध
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के प्रदेश में अपराध बढ़ने को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पुलिस दूसरे काम में लगी है, इसलिए प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं. और गृहमंत्री को यह बात मालूम है कि पुलिस किम काम में लगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की सहमति से प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री हो रही है. ऐसी कोई गली, गांव, तहसील और जिला नहीं बचा है. प्रदेश में खुलेआम सट्टा, जुआ सरकार के सहमति के साथ हो रहा है. जब तक सट्टा, जुआ और अवैध शराब बिकेगा, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेगी. हर एक क्षेत्र में पुलिस की धमक होनी चाहिए। 
 

 
  पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा है कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस एक्शन में दिखे। उन्होंने कहा कि हर थाना क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम के लिए अनिवार्य रूप से रात्रिकालीन गश्त की जाए। मेडिकल और आबकारी अधिकारियों से समन्वय कर नशीली पदार्थो और अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्यवाही की जाए। श्री साहू आज अपने रायपुर स्थित निवास कार्यालय में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून व्यवस्था एवं अपराधों की रोकथाम की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में संसदीय सचिव श्री विकास उपाध्याय, अपर मुख्य सचिव गृह श्री सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक श्री डी.एम. अवस्थी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 गृहमंत्री साहू ने पुलिस अधीक्षकों से कहा कि अपराधों पर लगाम लगाने के लिए गुण्डे-बदमाशों को चिन्हित करें, पेट्रोलिंग बढ़ाएं, चौक -चौराहों पर सी.सी. टी.व्ही. कैमरा की संख्या बढ़ाएं। होटलों में बाहर से आने वालों पर निगरानी रखें। अपराधियों की सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखें। उन्होंने कहा कि शहरों के व्यस्तम इलाकों में तथा प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में सी.सी. टी.व्ही. कैमरा लगाने के लिए प्रोत्साहित करें। समय-समय पर व्यापारियों और जन प्रतिनिधियों की बैठक भी लें। 
  गृह मंत्री  साहू ने कहा कि पुलिस का काम आम जनता को परेशान करना नहीं होना चाहिए। पुलिस का काम आम जनता को सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए सूचना प्रणाली को मजबूत रखें। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी को रोकने के लिए विशेष सर्तकता बरती जाए। महिलाओं से संबंधित अपराधों विशेषकर घरेलू हिंसा जैसे मामलों पर परिवार परामर्श केन्द्रों के माध्यम से आपसी सुलहनामा कराया जाए। संसदीय सचिव श्री विकास उपाध्याय ने कहा कि पुलिस मित्र के माध्यम से जनता को जोड़े और अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस हरकत में दिखनी चाहिए। उन्होंने शराबखोरी, नशा, जुआ, सट्टा के संभावित ठिकानों पर नियमित चेकिंग करने तथा अद्यतन अपराधियों पर निगरानी रखने सुझाव दिया। 
  बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू ने कानून व्यवस्था के साथ ही कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने एयरपोर्ट और रेल्वे स्टेशनों पर यात्रियों की थर्मल स्केनिंग, आॅक्सीजन स्तर की जांच कराने के निर्देश दिए और कोरोना संक्रमितों को होम क्वारेंटीन कराने को कहा। पुलिस महानिदेशक श्री डी.एम. अवस्थी ने भी अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। सभी संभागों के पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक गुप्तवार्ता और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक विडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल हुए।