Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। छठ पर्व की शुरुआत हो चुकी है. आज शाम में डूबते सूर्य को व्रत करने वाली महिलाएं अर्घ्य देंगी. राजधानी रायपुर सहित प्रदेश में छठ पर्व को लेकर विशेष तैयारियाँ की गई है. कोरोना संक्रमण के मद्देनज़र दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. इस बार नदी-तालाबों के तटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं. शुक्रवार शाम को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे और उषा अर्घ्य 21 नवंबर को होगा. छठ पर्व में डूबते सूर्य और उगते सूरज की पूजा की जाती है. भगवान सूर्य और उनकी बहन छठी मइया को समर्पित है यह त्योहार ।
छठ पर्व पर राज्यपाल अनुसुईया उइके ने बधाई देते हुए कहा कि सूर्य उपासना व लोक आस्था के महापर्व ‘छठ पूजा’ के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।
वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि छठ पूजा सूर्य और छठी मइया की उपासना का पर्व है. इस पर्व में माताओं और बहनों द्वारा कठिन तपस्या कर परिवार की बेहतरी और सुख-समृृद्धि के लिए नदी, तालाब के किनारे सूर्य को अर्ध्य देकर मंगल कामना की जाती है. भारत के विभिन्न प्रदेशों के समान छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में लोग छठ पूजा करते हैं ।
उन्होंने कहा कि लोगों की धार्मिक आस्था और भावना का सम्मान करते हुए बिहार के बाद छत्तीसगढ़ में छठ पूजा के दिन सामान्य अवकाश घोषित किया गया है. सूर्य जीवन ऊर्जा का स्रोत और आधार है. छठ पूजा सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता और आभार प्रकट करने का पर्व हैं. यह पर्व भाईचारा, सामुदायिक सौहार्द लाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के करीब लाता है. उन्होंने कहा कि कोराना संकट अभी टला नहीं है. कोरोना संक्रमण के दौर में पूजा के साथ अपनों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें. उन्होंने अपील की है कि सभी लोग छठ पूजा के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें ।
21 नवम्बर को विश्व मात्स्यिकी दिवस पर नई दिल्ली में होंगे सम्मानित

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के दो मत्स्य कृषकों को मछली पालन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। 21 नवंबर को विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर भारत शासन द्वारा ए.पी. सिम्पोजियम हॉल, पूसा कैंपस नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य के मेसर्स एम.एम.फिश सीड़ कल्टीवेशन प्राइवेट लिमिटेड, माना, जिला रायपुर को बेस्ट फिशरीज इन्टरप्राइजे़स के तहत् दो लाख रूपए का नगद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र एवं मेसर्स एम.आई.के कम्पनी, सिहावा, जिला धमतरी को बेस्ट प्रोप्राईटरी फर्म संवर्ग के तहत् एक लाख रूपए का नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित करने वाले मत्स्य कृषकों एवं संस्थाओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य में मछली पालन के क्षेत्र में प्रदेश के मत्स्य कृषक नवीनतम तकनीक को अपनाते हुए सफलता अर्जित कर रहे हैं। मत्स्य बीज उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश आत्मनिर्भर हैं। विगत दो वर्षो में प्रदेश में 13 प्रतिशत की वृद्धि के साथ मत्स्य बीज उत्पादन 251 करोड़ स्टैण्डर्ड फ्राई से 267 करोड़ स्टैण्डर्ड फ्राई का उत्पादन में किया हैं। देश में राज्य का मत्स्य बीज उत्पादन के क्षेत्र में छठवां स्थान हैं। राज्य के मत्स्य कृषक प्रदेश में आवश्यक मत्स्य बीज प्रदाय करने के अतिरिक्त मध्यप्रदेश, उड़ीसा, महाराष्ट्र, आध्रप्रदेश एवं बिहार प्रदेशों को भी निजी क्षेत्र द्वारा मत्स्य बीज की आपूर्ति कर रहे हैं। यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है।
संचालक मछली पालन ने बताया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर राज्य के मत्स्य कृषक 6-7 मेट्रिक टन तक मत्स्य उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं। विगत दो वर्षो में प्रदेश में 9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ मत्स्य उत्पादन 4.89 लाख मिटरिक टन से 5.31 लाख मिटरिक टन का उत्पादन हुआ हैं। देश में राज्य का मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में भी छठवां स्थान हैं।
राज्य में विगत दो वर्षो में मत्स्य कृषकों द्वारा स्वयं की भूमि पर 1000 तालाबों का निर्माण कर पंगेशियस प्रजाति का उत्पादन किया जा रहा है। प्रदेश के प्रगतिशील मत्स्य कृषक एवं जिला कांकेर के कृषकों द्वारा समूह में तालाबों का निर्माण कर विशेषकर पंगेशियस मत्स्य प्रजाति का नवीनतम तकनीक के साथ-साथ पूरक आहार का उपयोग कर 60-70 मेट्रिक टन प्रति हेक्टेयर तक मत्स्य उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं जिससे प्रदेश वासियों को स्वस्थ्य प्रोटीन युक्त ताजा आहार उपलब्ध हो रहा हैं। राज्य में मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि हेतु तीव्र बढ़वार वाली मत्स्य ‘‘तिलापिया‘ का उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। निजी क्षेत्र में एक तिलापिया बीज उत्पादन हेतु हैचरी रायपुर में स्थापित की गई हैं प्रदेश में प्रति दिवस लगभग 20 टन तिलाबिया की मांग है। तिलापिया मत्स्य का निर्यात अन्य राज्यों जैसे केरल, उत्तर प्रदेश, मघ्य प्रदेश को किया जा रहा है। प्रदेश में इस वर्ष 3.00 करोड़ तिलापिया मत्स्य बीज निजी क्षेत्र में उत्पादित किया गया है।
राज्य के मध्यम एंव बड़ेे जलाशयों में मत्स्य की शत्-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करती है केज कल्चर तकनीक। इस तकनीक में जलाशयों में 6x4x4 मीटर के केज बनाकर तीव्र बढ़वार वाली मत्स्य जैसे कि ‘पंगेशियस‘ एवं ‘तेलापिया‘ का पालन किया जाता है। प्रति केज 3000-5000 किलो मत्स्य उत्पादित की जाती है। अब तक प्रदेश के 11 जिलों में 1400 केज स्थापित हो चुके है।
प्रदेश के सबसे बड़े जलाशय हसदेव बांगो, कोरबा में 1000 केज की परियोजना स्वीकृत की गई है। इन्हें स्थापित कर प्रति हितग्राही 05-05 केज की इकाई एक-एक हितग्राही को मत्स्य पालन हेतु आबंटित की जावेगी। उक्त केज स्थानीय अनुजनजाति के मत्स्य पालकों को प्रदाय कर शासन की ओर से 40 से 60 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इसमें डुबान क्षेत्र में आने वाले व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जावेगी।
प्रदेशवासी मछलीपालन के क्षेत्र में क्रियान्वित नवीनतम तकनीक जैसे एकीकृत मत्स्य पालन, सघन मत्स्य पालन, पंगास पालन, रिसर्कलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम (आर.ए.एस.) तकनीक के माध्यम से कम क्षेत्र एवं कम जलक्षेत्र में पानी को निरन्तर परिशुद्धि कर मत्स्य पालन अपनाकर सफलता अर्जित कर रहे हैं, जिससे प्रदेश का मत्स्य उत्पादन निरंतर बढ़ रहा है। प्रदेश की आर.एस.ए. तकनीक का अन्य प्रदेश से मछलीपालन अधिकारी एवं प्रगतिशील मत्स्य कृषक यहाँ प्रयोग की नई तकनिकों का अध्ययन एवं परीक्षण कर प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं।
प्रदेश में नवीनतम तकनीक से कम क्षेत्र में छोटी-छोटी टंकिया स्थापित कर कम जलक्षेत्र में परिपूरक आहार का उपयोग कर मछली पालन कर अधिक उत्पादन लेने हेतु बायोफ्लॉक तकनीक संचालित किये जाने हेतु शासन द्वारा इस वर्ष से मत्स्य कृषकों को प्रोत्साहन करने हेतु योजना स्वीकृत की गई है। जिसके तहत् प्रदेश वासियों को राशि 7.50 लाख रूपए लागत की इकाई स्थापना पर लागत राशि पर 40 प्रतिशत आर्थिक सहायता दिया जाने का प्रावधान रखा गया है।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा में एक बड़ी बात कही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में जिस तरह की चुनौतियाँ है उससे लड़ने में कांग्रेस कहीं पीछे नहीं है. इससे पहले भी अनेक तरह की चुनौतियाँ कांग्रेस के समक्ष रही है. इंदिरा गांधी के समय में भी देश की राजनीतिक परिस्थितियाँ भी विकट थी. पार्टी के अंदर भी सबकुछ ठीक नहीं था. कुछ लोग थे जो 77 के वक्त में कह रहे कांग्रेस समाप्त हो जाएगी. लेकिन इंदिरा गांधी पूरी ताकत के साथ लड़ीं और पार्टी को नए सिरे से खड़ी की. 80 के आम चुनाव में फिर जिस तरह कांग्रेस(आई) की लहर आई उससे पूरा देश वाकिफ है ।
आज भी कांग्रेस के समक्ष अनेक तरह की चुनौतियाँ है. पार्टी के कुछ नेता कह रहे हैं कि आत्ममंथन करना चाहिए. जो भी नेता ऐसा कह रहे उन्हें बोलने का पूरा हक है, लेकिन वे अपनी बात पार्टी फोरम में कहे. पार्टी के अंदर किसी भी विषयों को रखने की पूरी आजादी है, किसी को कभी बोलने से नहीं रोका गया. आज केंद्र में बैठी सत्ता को अगर किसी से डर है तो वो है गांधी-नेहरू परिवार से. कांग्रेस पार्टी गांधी-नेहरू परिवार के साथ हमेशा से मजबूत रही और आगे भी रहेगी ।
मैं यह भरोसे का साथ कहता हूँ कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत विपक्ष की भूमिका निभा रही है. कांग्रेस हमेशा जनता के साथ, जनहित के मुद्दों के साथ खड़ी रही है. कांग्रेस 2024 के आम चुनाव में पूरी ताकत के साथ वापसी करेगी. 1980 के चुनाव की तरह देश में कांग्रेस की लहर होगी ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के केंद्री गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले ने सियासी रंग ले लिया है। पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने किसी भी मंत्री के नहीं पहुंचने पर सवाल उठाया है। इसके साथ ही उन्होंने मौत पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ का आदमी इतना सीधा सरल होता है कि गाय के ऊपर तक डंडा नहीं उठाता तो किसी की हत्या कैसे कर सकता है। उन्होंने पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।
पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद सुनील सोनी समेत कई भाजपा नेता केन्द्री गांव पहुंचे थे, जहां वे मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कमलेश साहू के परिजनों से मिलने आये थे। संवेदना व्यक्त कर उद्देश्य था। असाधारण हालात में हुई घटना है। आखिर क्या कारण थे कि निराशा इतनी बड़ी हो है कि मां, पत्नी, बच्चों को मारकर मर गया। कई रहस्य पीछे छोड़ गया।
रमन सिंह ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट कार्ड नहीं होने की वजह इलाज नहीं करा पाने की वजह से ऐसी घटना को बाध्य हुआ? क्या आर्थिक रूप से इतना जर्जर था कि ऐसा कदम उठाया? फांसी लगाने की तस्वीर भी संशय को जन्म देती है। सामान्य जांच से काम नहीं चलेगा। यहां मिलने के बाद ये धारणा आ रही है कि हम शासन से मांग करते हैं कि इसकी न्यायिक जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि देश में ऐसी घटनाएं कम होती है। छत्तीसगढ़ का आदमी सीधा साधा होता है। गाय पर डंडा नहीं चलाता किसी की हत्या कैसे कर सकता है? इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं है। घर में बैठने आज तक कोई मंत्री नहीं आया। किसी कांग्रेसी नेता ने संवेदना व्यक्त नहीं की। परिजनों के आंसू पोछने कोई मंत्री आ जाता तो क्या बिगड़ जाता, संवेदना तो ही देना था।
वहीं नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि किसी तरह का मानसिक विकार उसमें नहीं था न तो शराब की आदत थी और न ही कोई दूसरा नशा करता था। जो सुसाइड नोट मिला है उसे पुलिस ने परिजनों को दूर से दिखाया था। परिजन इसे लेकर संशय कर रहे है।न्यायिक जांच होगी तो सारे तथ्य सामने आएंगे। इसके पहले इसी विधानसभा क्षेत्र में दो और किसानों ने आत्महत्या की है। सरकार किसानों के नाम पर सिर्फ ढिढोरा पीट रही है। रोजगार लोगों के पास नहीं है, बेरोजगारी की समस्या से भी लोग जूझ रहे है। लोग पलायन कर रहे हैं। ऐसी घटनाएं प्रदेश के लिए कलंक है. सरकार को ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। आबकारी विभाग के पूर्व अधिकारी समुन्द्र सिंह को ईओडब्ल्यू और एसीबी ने उसके बोरियाकला स्थित निवास से गिरफ्तार किया है. समुन्द्र सिंह पर 10 हजार रुपए ईनाम की घोषणा की गई थी ।
ईओडब्ल्यू और एसीबी की कुल 5 टीमों ने अलग-अलग जगह पर छापा मारकर समुन्द्र सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. गिरफ्तार होते ही सुमन्द्र सिंह ने तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिस पर उन्हें निजी अस्पताल मेडी शाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
बता दें कि समुन्द्र राम सिंह के खिलाफ ईओडब्ल्यू में अपराध क्रमांक 14/2019 धारा 13 1(b),13 (2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम,120-बी भारतीय दंड संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. अपराध पंजीबद्ध होने के बाद से समुन्द्र राम सिंह फरार चल रहे थे. आरोपी की सूचना देने पर पुलिस अधीक्षक ईओडब्ल्यू ने 10000 की घोषणा की थी ।
बता दें कि कांग्रेस नेता नितिन भंसाली ने समुद्र सिंह की शिकायत मुख्यमंत्री से लेकर ईओडब्ल्यू और एसीबी में की थी. नितिन भंसाली द्वारा 116 पन्नों में की गई शिकायत पर उसके विरुद्ध जांच शुरू की गई थी ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्म दिवस पर महिलाओं के लिए क्लीनिक दाई-दीदी क्लीनिक का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए 03 स्पेशल मोबाइल दाई-दीदी क्लीनिक को अपने निवास से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने मोबाइल क्लीनिक के भीतर जाकर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन भी किया और अपने ब्लड प्रेशर की जांच भी करायी। इस दाई-दीदी स्पेशल क्लीनिक में डॉक्टर सहित सभी चिकित्सकीय स्टाफ महिलाएं होंगी और केवल महिलाओं का ही निःशुल्क इलाज किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि दाई-दीदी क्लीनिक देश में अपनी तरह का पहला क्लीनिक है, जो केवल महिलाओं का इलाज करेगा। वर्तमान में इसे रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है और आगे इसका विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकोच के कारण महिलाएं अपनी बीमारी को खुलकर नहीं बता पाती हैं। इस कारण उनकी बीमारी का सही उपचार नहीं हो पाता। अब दाई-दीदी क्लीनिक में महिला चिकित्सक और महिला स्टाफ होने से वे निःसंकोच अपना समुचित इलाज करा सकेंगी। इसमें महिलाओं को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्हें अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से इस क्लीनिक का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की है।
इस मौके पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया, राज्य गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़, सचिव नगरीय प्रशासन अलरमेल मंगई डी., रायपुर कलेक्टर भारतीदासन, नगर निगम कमिश्नर रायपुर, डॉक्टर, नर्स सहित उपस्थित थे।
गौरतलब है कि दाई-दीदी क्लीनिक में महिलाओं के प्राथमिक उपचार के साथ-साथ महिला चिकित्सक द्वारा स्तन कैंसर की जांच, हितग्राहियों को स्व स्तन जांच का प्रशिक्षण, गर्भवती महिलाओं की नियमित एवं विशेष जांच आदि की अतिरिक्त सुविधा होगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से शहरों में स्थित आंगनबाड़ी के निकट पूर्व निर्धारित दिवसों में यह क्लीनिक स्लम क्षेत्र में लगाया जाएगा। इस क्लीनिक के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं, बच्चों आदि के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न हितग्राहीमूलक परियोजना का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
जनरल क्लीनिक में महिलाओं के लिए पृथक जांच कक्ष और काउंसलर नहीं होने से महिलाएं परिवार नियोजन के साधन, कॉपर-टी निवेशन, आपातकालीन पिल्स की उपलब्धता, गर्भनिरोधक गोलियां, साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली, गर्भनिरोधक इंजेक्शन, परिवार नियोजन परामर्श, एसटीडी परामर्श में शर्म का अनुभव करती है। इस महिला क्लीनिक में डेडीकेटेड महिला स्टाफ होने से अब इस प्रकार के परामर्श निःसंकोच ले सकेंगी।
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। रिंवा बारले की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार के सदस्य मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात करने राजीव भवन पहुंचे थे. अपनी पीड़ा बताने के लिए सुबह 9 बजे से इंतजार में बैठे परिजनों को जब पुलिस ने मुख्यमंत्री से मिलने से रोका तो उन्होंने जमकर हंगामा मचाया. कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस वाले समझाते रहे लेकिन हो-हल्ला चलता रहा । इंदिरा गांधी जयंती के अवसर पर राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहुंचे थे. इस दौरान रिंवा बारले हत्या की जांच की मांग को लेकर तेलीबांधा रहवासी परिजन मुलाकात करने पहुंचे थे. परिजनों ने बताया कि सुबह 9 बजे से सीएम के इंतजार में अपने छोटे बच्चे को लेकर आए हैं. पुलिस ने पहले सीएम से मिलवाने का आश्वासन दिया, फिर जब सीएम राजीव भवन से जाने लगे तो बीच में ही रोक दिया गया. इस बात पर परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया ।
मृतिका रिंवा बारले के परिजन राजेन्द्र ने चर्चा में बताया कि 3 नवंबर को हमारी भतीजी की हत्या आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमेठी के पास हुई थी. पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि मृतका के पति को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन अंत में वे यह भी लिखते हैं कि उसमें और लोग भी शामिल हो सकते हैं. हम इसी बात की उचित जांच के लिए मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे. हमारी मांग है कि जो चार-पांच लोग इस घटना में शामिल होंगे, उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो ।
महिला आयोग अध्यक्ष ने लिया संज्ञान
परिजनों के हंगामा मचाने पर महिला आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक ने संज्ञान लेते हुए कहा कि किसी भी महिला का मामला हो तो वह महिला आयोग का मामला बनता है, और यदि कोई एक महिला भी प्रताड़ित हो रही हो तो हमारी जिम्मेदारी है कि हम उस पूरे मामले का संज्ञान लें. यह मामले में मुझे समझ नहीं आ रहा था, क्योंकि पीछे से बहुत भीड़ थी. अभी बुलाकर उनसे पूछा है. उनकी मांग है कि एक व्यक्ति नहीं है कई लोगों का मिलाजुला षड्यंत्र है. इस मामले में एसपी से मौके पर बात की है. एसपी ने उन्हें अपने पास बुलाया है और उसके बाद मैंने उन्हें महिला आयोग बुलाया है, जिससे पूरे तथ्यों को नोट किया जा सके और घटना की निगरानी की जा सके ।
एसएसपी ने टीआई को दिए जांच के आदेश
मामले में एसएसपी अजय यादव ने बताया कि अज्ञात महिला का शव आरंग में मिला था, फिर शिनाख्त की गई, पुलिस ने जानकारी निकाली तो पता चला कि महिला की हत्या उसके पति ने की है. पति के निशानदेही से सारी चीजे जब्त हुई, केस भी बना दिया गया है, और आरोपी पति को गिरफ्तार भी कर लिया गया है. लेकिन अब मृतका के परिजन आरोप लगा रहे है कि वो अकेला अपनी पत्नी को बाइक से इतनी दूर ले जाकर उसे पेड़ से लटकाकर नहीं मार सकता. इसमें उसके ससुराल के अन्य लोगों का भी हाथ होगा. मैंने इस मामले में टीआई को जांच के आदेश दिए हैं ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। केंद्री गाँव में एक परिवार के 5 लोगों की मौत मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है. यह मामला अब प्रदेश में एक बड़ा सियासी मुद्दा बनने की ओर है. डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा के बड़े नेता आज केंद्री गाँव में जाकर पीड़ित परिवार के लोगों से मिलने वाले हैं. इसी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह निशाना साधा है।
मुख्यमंत्री बघेल ने डॉ. रमन सिंह से सवाल किया है कि 15 साल मुख्यमंत्री रहने के दौरान कितनी आत्महत्या और हत्या की घटना में पीड़ित परिवार से मिलने पहुँचे थे ? मुख्यमंत्री ने कहा कि जो घटना वह दुखद है, लेकिन विपक्ष के लोग इस घटना को राजनीतिक रूप में भुनाने में जुट गए हैं. गृहमंत्री ने मामले में जाँच के आदेश तत्काल दे दिए थे ? पुलिस के अधिकारी घटना की गहराई से जाँच-पड़ताल कर रहे हैं।
गौरतलब है कि दो दिन पहले केंद्री गाँव में कमलेश साहू नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, माँ और दो बच्चों को मारकर आत्महत्या कर लिया था. इस मामले में पुलिस को सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आर्थिक तंगी के साथ ही पत्नी और माँ की बीमारी को लेकर परेशान होने की बात सामने आई है. पुलिस ने इस मामले में गाँव के कुछ युवकों से भी पूछताछ की है।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 103वीं जयंती पर विधानसभा में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में शामिल विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि उनके निर्णय क्षमता और उनके आदर्श को हम नमन करते हैं, उनके मार्ग पर चलने का प्रण लेते हैं ।
डॉ. महंत ने इस दौरान मीडिया से चर्चा में कहा कि आज हम सब लोग इंदिरा जी को नमन करने आए हैं. पूरा राष्ट्र, पूरा अंतरराष्ट्रीय समुदाय आज के दिन उन्हें याद करता है. उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता, उनके निर्णय लेने की क्षमता की वजह से उन्हें आयरन लेडी के रूप में जाना जाता है ।
उन्होंने गरीबों के हित में गरीबी हटाओं आंदोलन, बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया. आज हम उनको याद करते हैं, नमन करते हैं, उनके आदर्शों पर चलने का वचन देते हैं. इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने विधानसभा की शीतकालीन सत्र को लेकर कहा कि पिछ्ली बार की तरह ही सत्र का आयोजन किया जाएगा, साथ ही कोरोना को देखते हुए इस बार तमाम सावधानियों का ध्यान रखा जाएगा ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। 19 नवम्बर विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर राज्य स्वच्छता पुरस्कार 2020 के अंतर्गत 18 कैटेगरी के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव 19 नवम्बर को पूर्वान्ह 11 बजे से आयोजित वर्चुअल सम्मान समारोह में स्वच्छता पुरस्कार के विजेताओं को ट्रॉफी, सम्मान पत्र एवं 4 करोड़ 35 लाख रूपए की राशि बतौर पुरस्कार प्रदान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत 25 जुलाई 2020 से 02 अक्टूबर 2020 तक राज्य स्वच्छता पुरस्कार 2020 के अंतर्गत स्वच्छता के 18 केटेगरी में आवेदन आमंत्रित किये गये थे। स्वच्छ सुंदर शौचालय पुरस्कार, स्वच्छ सुंदर सामुदायिक शौचालय पुरस्कार, उत्कृष्ट सेग्रिगेशन शेड पुरस्कार, एम.एच.एम. युक्त ग्राम पंचायत पुरस्कार, उत्कृष्ट निबंध सृजन प्रतियोगिता, उत्कृष्ट नारा लेखन प्रतियोगिता, दीवार लेखन प्रतियोगिता, प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत पुरस्कार, उत्कृष्ट स्वच्छाग्रही समूह पुरस्कार, उत्कृष्ट बायोगैस संयंत्र पुरस्कार, उत्कृष्ट सामुदायिक शौचालय (दिव्यांगजन पायलट प्रोजेक्ट), सामुदायिक शौचालय के उत्कृष्ट ड्राईंग डिजाईन प्रतियोगिता, सेग्रिगेशन शेड के उत्कृष्ट ड्राईंग डिजाईन प्रतियोगिता, गांव को स्वच्छ कैसे रखा जाये – बेस्ट वर्किंग प्लान, ग्रामीण स्वच्छता के संबंध में नवाचार का सुझाव, ग्राम पंचायत ओ.डी.एफ. स्थायित्व पुरस्कार, विकासखण्ड ओ.डी.एफ. स्थायित्व पुरस्कार एवं जिला ओ.डी.एफ. स्थायित्व पुरस्कार।
उक्त सभी केटेगेरी में लगभग 3000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने अपनी प्रविष्टियां दी थी। सभी जिलों से प्राप्त उत्कृष्ट प्रविष्टियों को राज्य स्तरीय स्वतंत्र एजेंसी के माध्यम से सत्यापन कराया गया है, जिसके आधार पर विजेताओं का चयन किया गया है। सभी विजेताओं को 19 नवम्बर 2020 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल रूप से सम्मानित किया जायेगा। विजेताओं को ट्रॉफी, सम्मान पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जायेगी।
छत्तीसगढ़ राज्य में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। जिसकी सर्वत्र प्रशंसा हुई है। भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य को सर्वाधिक ओ.डी.एफ. प्लस गांव विकसित करने हेतु पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त होने पर 02 अक्टूबर 2020 को केन्द्रीय मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया था। छत्तीसगढ़ राज्य साल दर साल स्वच्छता के नये आयाम गढ़ रहा है।