Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई नेताओं ने नमन किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर उन्हें शक्ति स्वरुप और कार्यकुशल प्रधानमंत्री बताते हुए कहा है कि उनकी सिखायी हुई बातें निरंतर प्रेरित करती है।
राहुल ने कहा, “एक कार्यकुशल प्रधानमंत्री और शक्ति स्वरूप श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर श्रद्धांजलि। पूरा देश उनके प्रभावशाली नेतृत्व की आज भी मिसाल देता है लेकिन मैं उन्हें हमेशा अपनी प्यारी दादी के रूप में याद करता हूँ। उनकी सिखायी हुई बातें मुझे निरंतर प्रेरित करती हैं।”
एक कार्यकुशल प्रधानमंत्री और शक्ति स्वरूप श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर श्रद्धांजलि।
पूरा देश उनके प्रभावशाली नेतृत्व की आज भी मिसाल देता है लेकिन मैं उन्हें हमेशा अपनी प्यारी दादी के रूप में याद करता हूँ। उनकी सिखायी हुई बातें मुझे निरंतर प्रेरित करती हैं। pic.twitter.com/9RHDnAClOJ
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 19, 2020
वहीं छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने उन्हें नमन करते हुए आयरन लेडी कहा और देशहित में कड़े फैसले लेने वाली प्रधानमंत्री बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखण्डता की रक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।
भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा, “आयरन लेडी, देशहित में कड़े फैसले लेने वाली पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर हम सब कोटि-कोटि नमन करते हैं। उन्होंने आजीवन गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रयास किया और देश की एकता और अखण्डता की रक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।”
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव योजना के अंतर्गत बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत वेद परसदा की महिलाओं नेे समूह बनाकर सब्जी उत्पादन का कार्य शुरू किया है। जिससे न केवल उन्हें अतिरिक्त आय हो रही है अपितु उनका आत्मविश्वास भी अब बढ़ने लगा है। श्री राधाकृष्ण स्व सहायता समूह की महिलाएं सब्जियों की खेती कर अपनी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ा रही है। समूह की अध्यक्ष श्रीमती ललिता पटेल ने बताया कि हमारे समूह में 10 महिला सदस्य है। सब्जी उत्पादन कार्य करने की प्रेरणा हमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने दी। उन्होंने हमें समूह से जुड़कर आर्थिक लाभ लेने के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण एवं जानकारी दी। श्रीमती पटेल ने बताया कि पहले हम लोगों को इस कार्य के संबंध में संदेह था कि हमलोग कैसे इस कार्य को कर पाएंगे लेकिन अधिकारियों द्वारा लगातार हमें प्रोत्साहित किया गया। उनके प्रोत्साहन का ही परिणाम है कि आज हम सफलतापूर्वक इस कार्य को कर पा रहे हैं।
राधाकृष्ण समूह की सचिव श्रीमती पुष्पा साहू ने बताया कि हमलोग 1.5 एकड़ में सब्जी उत्पादन कर रहे है। हमनें बाड़ी में गोभी, टमाटर, मूली, बैगन, भिंडी, बर्रे भाजी एवं तिवरा भाजी लगाया है। पिछले वर्ष हमें इन सब्जियों को बेचने से 5 हजार की अतिरिक्त आमदनी हुई थी। इस वर्ष इससे भी अधिक आमदनी होने की उम्मीद है। समूह की महिलाएं कहती हैं कि सुराजी योजना से हम महिलाओं को आय का नया जरिया मिला है। आर्थिक रूप से सक्षम होने से हमंे परिवार चलाने में भी सहायता मिल रही है। भविष्य में भी हम अपनी आर्थिक गतिविधियों का विस्तार कर पायेंगे। महिला समूहों ने 5 एकड़ में पशु विभाग की मदद से चारागाह विकास का कार्य भी किया है। 2.5 एकड़ में नेपियर घास लगाया है। चारागाह विकास से भी उन्हें अतिरिक्त आमदनी हुई हैं।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। नीति आयोग नई दिल्ली के अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ सरकार की सुराजी ग्राम योजना के तहत रोजगार सृजन एवं गांवों के विकास के लिए किए जा रहे कार्या की सराहना की है। नीति आयोग की सलाहकार सुश्री संयुक्ता समद्दर व उनके सहयोगी ने सरकार की इस अनूठी योजना के सफल क्रियान्वयन और रोजगार सृजन के कार्याें को देखकर प्रसन्नता जाहिर की है। उन्हें यह जानकार खुशी हुई कि गांववासियों द्वारा सुंदर, आकर्षक और उपयोगी वस्तुएं बनाई जा रही है।
नीति आयोग भारत सरकार की सलाहकार सुश्री संयुक्ता समद्दर ने अपने सहयोगियों के साथ रायपुर जिले के ग्राम सेरीखेड़ी और बैहार स्थित गौठानों का अवलोकन किया और स्व सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि सेरीखेड़ी के आजीविका केन्द्र में समूहों की महिलाओं द्वारा साबुन, सैनेटाईजर, अगरबत्ती निर्माण, मशरूम उत्पादन एवं सिलाई-कडाई का कार्य किया जा रहा है। इस केन्द्र के माध्यम से लगभग 200 से अधिक महिलाओं को रोजगार मिला है। ग्रामीण केन्द्रों में उत्पादित सामग्री के प्रभावी मार्केटिंग के लिए राज्य शासन द्वारा कार्ययोजना बनाई गई है। जिससे इन केन्द्रों में निर्मित सामग्रियों की बिक्री यथाशीघ्र हो जाती है। राज्य शासन द्वारा इन केन्द्रों को मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना और मनरेगा आदि योजनाओं के समन्वय से विकसित किया गया है। राज्य सरकार का यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम है। नीति आयोग के अधिकारियों ने आरंग स्थित बैहार के गौठान का भी अवलोकन किया और नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी व गोधन न्याय योजना की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा ने नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी एवं गोधन न्याय योजना के संबंध में नीति आयोग के अधिकारियों को बताया कि गौठानों में पशुओं का संरक्षण, संवर्धन हो रहा है। गौठानों में गोबर से बड़ी मात्रा में वर्मी कम्पोस्ट खाद का निर्माण किया जा रहा है। स्व सहायता समूह के माध्यम से गमला, दीया, अगरबत्ती, मास्क आदि सामग्रियों का निर्माण किया जा रहा है। इससे कोविड-19 के कठिन दौर में भी गांव वासियों को अतिरिक्त आय हुई है। भ्रमण के दौरान नीति आयोग के अधिकारीगण डॉ. नीतू गोरड़िया, श्री मुक्तेश्वर सिंह मौजूद थे।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने आज सुकमा जिले के प्रवास के दौरान गादीरास मेन रोड़ से नागारास, सोनाकुकानार व गोरली तक सड़क चौड़ीकरण निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्र वासियों को शुभकामनाएं दी और क्षेत्र के विकास के लिए निरन्तर प्रयास करने की बात कही। इस सड़क की कुल लम्बाई 12.72 किलोमीटर है, जिसका चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य 13 करोड़ 56 लाख रूपए की लागत से किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से यातायात सुविधाओं में विस्तार होगा, जिससे दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने से ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष हरीश कवासी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 19 नवम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर महिलाओं के लिए स्पेशल क्लीनिक दाई-दीदी क्लीनिक का शुभारंभ करेंगे। महिलाओं के लिए शुरू की जाने वाली यह स्पेशल महिला मेडिकल मोबाइल क्लीनिक देश में अपनी तरह की पहली अनूठी क्लीनिक होगी। क्लीनिक की गाड़ियों में केवल महिला मरीजों को ही निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। दाई-दीदी क्लीनिक गाड़ियों में केवल महिला स्टाफ तथा महिला डॉक्टर, महिला लैब टेक्नीशियन एवं महिला एएनएम ही कार्यरत रहेंगे। इस क्लीनिक के शुरू होने से महिला श्रमिकों एवं स्लम क्षेत्रों में निवासरत महिलाओं एवं बच्चियों को अपने घर के निकट ही महिला डॉक्टरों के माध्यम से इलाज की सुविधा मिलेगी।
इस क्लीनिक का संचालन मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत किया जाएगा। वर्तमान में प्रदेश के तीन बड़े नगर पालिक निगम रायपुर, भिलाई एवं बिलासपुर में महिलाओं के लिए एक-एक दाई-दीदी क्लीनिक शुरू की जा रही है। इस क्लीनिक में महिलाओं के प्राथमिक उपचार के साथ-साथ महिला चिकित्सक द्वारा स्तन कैंसर की जांच, हितग्राहियों को स्व स्तन जांच का प्रशिक्षण, गर्भवती महिलाओं की नियमित एवं विशेष जांच आदि की अतिरिक्त सुविधा होगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से शहरों में स्थित आंगनबाड़ी के निकट पूर्व निर्धारित दिवसों में यह क्लीनिक स्लम क्षेत्र में लगाया जाएगा। इस क्लीनिक के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं, बच्चों आदि के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न हितग्राहीमूलक परियोजना का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि जनरल क्लीनिक में महिलाओं के लिए पृथक जांच कक्ष और काउंसलर नहीं होने से महिलाएं परिवार नियोजन के साधन, कॉपर-टी निवेशन, आपातकालीन पिल्स की उपलब्धता, गर्भनिरोधक गोलियां, साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली, गर्भनिरोधक इंजेक्शन, परिवार नियोजन परामर्श, एसटीडी परामर्श में शर्म का अनुभव करती है। इस महिला क्लीनिक में डेडीकेटेड महिला स्टाफ होने से अब इस प्रकार के परामर्श निःसंकोच ले सकेंगी।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की पहली क्षेत्रीय पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) में अंदरुनी तकरार तेज हो गई है। इस बीच बुधवार को राजधानी में पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक होने वाली है। इसमें दो विधायकों देवव्रत सिंह और प्रमोद शर्मा पर कार्रवाई का फैसला हो सकता है। इससे पहले ही दोनों विधायकों ने सीधे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शर्मा ने तो अमित को भस्मासुर कह दिया है। वहीं, सिंह ने उनके विधानसभा क्षेत्र में आकर हस्ताक्षर अभियान चलाने की चुनौती दी है। पार्टी के अंदर का यह मतभेत मरवाही उपचुनाव के दौरान खुलकर सामने आया था। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने की अमित की घोषणा के खिलाफ सिंह और शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन दिया था। पार्टी के कांग्रेस में विलिय तक की बात हो गई थी। इसके बाद से दोनों तरफ से लगातार बयानबाजी चल रही है। इसे देखते हुए बुधवार को प्रस्तावित पार्टी की कोरगुु्रप की बैठक में इन दोनों विधायकों के इस्तीफे के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाने का फैसला लेने की तैयारी है।
तुगलकी फरमान जारी करते हैं: शर्मा बलौदाबाजार विधायक शर्मा ने कहा कि स्व. जोगी के पुत्र होने के अलावा अमित की कोई पहचान नहीं है। अमित अकेले बाथरुम में बैठकर तुगलकी फरमान जारी करते हैं। शर्मा ने कहा कि अमित केवल आफर का इंतजार कर रहे हैं। भाजपा- कांग्रेस जो भी टिकट देगा उसके साथ चले जाएंगे। शर्मा ने पार्टी के विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह पर भी आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रेम ले डूबा: सिंह खैरागढ़ विधायक सिंह ने कहा कि अमित को उनका भाजपा प्रेम ले डूबा है। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उनका स्वागत है, वो आए और हस्ताक्षर अभियान करा लें। उन्होंने कहा कि अमित 2016 में कांग्रेस के विधायक थे और 2018 तक कांग्रेस का विरोध करते रहे। उसके बाद खुद की पार्टी बनाई और सभी पद उन्होंने ले लिए। आज वो हमें नैतिकता का पाठ क्यों पढ़ा रहे हैं?
उनके आवाज दूसरे की: अमित बलोदा बाजार विधायक शर्मा के बयान पर अमित ने ट्वीट किया है। लिखा है कि व्यक्तिगत रूप से मैं उनका सम्मान करता हूं और आगे भी करता रहूंगा। उनके बोलने के पीछे आवाज दूसरे की है। राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है किंतु मैं उम्मीद करता हूं कि वे इस मतभेद को मनभेद में नहीं बदलने देंगे। इस कठिन दौर में ईश्वर हम सबको सद्बुद्घि, संयम और साहस दें ताकि हम अपने व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में अपना सब कुछ समर्पित कर सकें।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित सिटी सेंटर मॉल में बड़ा हादसा टल गया. मॉल में कपड़े के शोरूम में अचानक आग लग गई. जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया. आग लगने की सूचना के बाद मैनेजमेंट ने आनन-फानन में मॉल खाली कराया. हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने समय पर आग पर काबू पा लिया. वहीं खतरे को देखते हुए दमकल की एक गाड़ी बुलाई गई थी. लेकिन उसकी जरूरत नहीं पड़ी. ये पूरा मामला देवेंद्र नगर थाना इलाके का है ।
सिटी सेंटर मॉल के मैनेजमेंट हैड राजीव रंजन ने कहा कि 11:30 बजे शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी. लेकिन सही समय पर हमारी मॉल के फायर फाइटिंग टीम द्वारा आग पर काबू पा लिया गया है. लाखों का नुकसान तो हुआ है, एहतियात के तौर पर दमकल की 1 गाड़ी को बुला लिया गया है. मॉल में धुंआ भर जाने की वजह से मॉल खाली कराया गया था ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। कलेक्टर ने रायपुर जिले में छठ पूजा की अनुमति दे दी है. कंटेनमेंट जोन के बाहर के क्षेत्र में धार्मिक एवं अन्य कार्यक्रम के लिए एसओपी जारी कर दी गई है. जारी निर्देशों के अनुसार छठ पूजा स्थलों पर केवल पूजा करने वाले व्यक्ति ही शामिल होंगे. अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने की जिम्मेदारी आयोजन समितियो की होगी. छठ पूजा स्थलों पर प्रत्येक व्यक्ति के लिए मास्क, सोशल एवं फिजिकल डिस्टेंसिंग के मापदण्डों का पालन तथा समय-समय पर सेनेटाइजर का उपयोग करना अनिवार्य होगा ।
छठ पूजा में किसी प्रकार के जुलूस, सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सकेगा. छठ पूजा स्थलों में पान, गुटखा, इत्यादि खाकर अन्यथा थूकना प्रतिबंधित रहेगा. राज्य शासन द्वारा दिये गए निर्देशानुसार छठ पूजा में सुबह 6 बजे से सुबह 8 बजे तक ही हरित (ग्रीन) पटाखे फोड़ने की अनुमति रहेगी ।
छठ पूजा स्थलों में किसी प्रकार के बाजार, मेला, दूकान इत्यादि लगाने की अनुमति नहीं होगी. छठ पूजा स्थलों में ध्वनि विस्तारक यत्रों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी. छठ पूजा स्थलों में छोटे बच्चों एवं बुजुर्ग को जाने की अनुमति नहीं होगी ।
नदीं, तालाब के गहरे पानी में जा कर पूजा करने की अनुमति नहीं होगी. आयोजक/आयोजनकर्ता कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समय समय पर कोरोना महामारी से सुरक्षा हेतु दिये जा रहे निर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य रूप से करेगें. इसके अलावा भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आदेश 4 जून 2020 के अंतर्गत जारी एस.ओ.पी. का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा. निर्देशों का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 सहपठित एपिडेमिक डिसीज एक्ट 1897 यथासंशोधित 2020 एवं भारतीय दण्ड संहिता 1860 की धारा 188 के अंतर्गत विधि अनुकूल कड़ी कार्यवाही की जाएगी ।



पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना इलाके में पुलिस ने देर रात दबिश देकर जुआ खेल रहे 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पुलिस ने 1 लाख से अधिक नगद जब्त किया है. दरअसल दिवाली त्योहार के चलते जगह-जगह पर जुआ खेला जा रहा है ।
गुढ़ियारी थाना प्रभारी रवि तिवारी ने बताया कि उरला सीएसपी (प्रशिक्षु आईपीएस) अक्षय कुमार के नेतृत्व में टीम ने गुढ़ियारी मुर्राभट्टी के पास छापा मारकर 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 1 लाख 19 हजार 220 रुपए नगद जब्त किया गया हैं. सभी आरोपियों के खिलाफ 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है ।

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव आज कांकेर प्रवास पर है. प्रवास के दौरान सिंहदेव कांकेर में 3 महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे. बैठक से पहले मंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि पेसा कानून को लेकर कांकेर जिले में चारामा के पास बैठक लेनी है. अभी पेसा कानून के नियम छत्तीसगढ़ में नहीं बन पाए हैं. कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि पेसा कानून लागू करने के लिए नियम बनाए जाएंगे. आपसी विचार-विमर्श करके लोगों की राय ली जाएगी. प्रदेश में इसकी पहल आज कांकेर जिले से प्रारंभ कर रहे हैं. उसके बाद वरिष्ठ जनों के साथ अंतिम दौर की बैठक ली जाएगी. फिर मुख्यमंत्री के समक्ष इन बातों को प्रस्तुत की जाएगी. उसके बाद विधानसभा में पारित कर कानून बनाने पहल की जाएगी ।
मंत्री सिंहदेव बोले कि इस कानून को अगर आपने बनाया है और नियम नहीं बनाया है तो कानून बिना दांत के हो गया जो काम नहीं कर सकता, अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों की रक्षा के लिए, उनके परंपराओं की रक्षा के लिए, उनके रीति रिवाजों से उनके समाज में व्यवस्थाएं चल सके, उनकी जमीनों की रक्षा हो सके वहां पर जो भी काम होने हैं वह पेसा कानून में ग्राम सभा की सहमति और अनुमति के बाद हो सके, क्या-क्या अधिकार ग्राम सभाओं को दिए जा सकते हैं, अनुसूचित जनजाति क्षेत्र में इन के संदर्भ में कानून बनाए गए हैं, जिसे लागू करने के लिए यह नियम अति आवश्यक है ।
कोरोना को लेकर मंत्री ने कहा कि जैसे पहाड़ियों की श्रृंखला होती है और कई उसमें चोटियां होती है, तो कोरोना के साथ भी यही है जब तक इसमें पूर्ण नियंत्रण नहीं आ जाता है, वैक्सीन के बाद ही उसकी संभावना दिख रही है, तो यह उतार-चढ़ाव हम देखते रहेंगे. यह क्रम आने वाले महीनों में हमें देखने को हमें मिल सकता है और एहतियात बरतना ही एकमात्र रास्ता है ।
कोरोना टेस्टिंग को लेकर कहा कि 30 हजार के आसपास टेस्टिंग होनी चाहिए कुछ कम कुछ ज्यादा हो रही है. त्योहारी सीजन में लोगों की लापरवाही को लेकर बोले कि लोगों तक यह संदेश पहुंचाने की कोशिश के बाद भी लोगों ने यह ग्रहण नहीं किया है, कि वाकई में गंभीर बीमारी है. सर्दी खांसी के तौर पर अगर हम इसको लेंगे तो कोई ना कोई हमारे बीच का व्यक्ति हम खो सकते हैं, यह बीमारी जानलेवा भी हो सकती है, यह बात सामने आई है. यदि आप छत्तीसगढ़ में देखें तो मृत्यु दर 1.23 पर आ गया है चिंता इस बात की है जो कोरोना से ग्रसित होकर ठीक हो जाएंगे, यह प्रतिशत हर स्थिति में 97 से ऊपर हो… छत्तीसगढ़ में 1% से कम की मृत्यु दर हो इस बात की पूरी कोशिश रहेगी ।
मार्च में मिलेगी न्याय योजना की चौथी क़िस्त
मार्च के पहले किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त मिल जाएगी. जीएसटी की राशि देर से मिलने की वजह से थोड़ी देर हुई है. नए फसल की खरीदी भी जल्द शुरू हो जाएगी. किसानों को परेशान होने की जरुरत नहीं है ।
धान खरीदी का लक्ष्य बढ़ाए जाने को लेकर बोले कि हमारी कोशिश है कि जितना ज्यादा हो सके किसानों से धान खरीदेंगे. इस साल किसानों की फसल अच्छी हुई है, इसलिए हमने धान खरीदी का लक्ष्य भी बढ़ा लिया है ।