Browsing: रायपुर

 
 
करुआ नाला पर पुल, साजा समूह जल प्रदाय योजना का शिलान्यास
 
 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। कृषि एवं जल संसाधन मंत्री  रविन्द्र चौबे ने आज  बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों मे 57 करोड़ 47 लाख 63 हजार रुपये की लागत वाले विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसमें 7 करोड़ 72 लाख 63 हजार रूपए की लागत से बम्हनी-समंुदवारा-सुखाताल-मार्ग में करुआ नाला पर 120 मीटर लम्बाई वाले पुल का निर्माण, 2.83 करोड़ रूपए की लागत से कुरदा-खैरा स्टॉप डेम कम-कॉजवे (एनीकट) 99.89 लाख रूपए की लागत से ग्राम-घिवरी में जलप्रदाय योजना, 96.31 लाख रूपए की लागत वाली डंगनिया जलप्रदाय योजना, 44.95 करोड़ रूपए की लागत वाली नाबार्ड पोषित साजा समूह जलप्रदाय योजना का निर्माण शामिल है।   
    इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री चौबे ने प्रदेशवासियों को धनतेरस एवं दीवाली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्हांेने ग्रामीणों की मांग को देखते हुए ग्राम सैगोना एवं कुरुद के बीच बरसाती नाले मे बड़ा पुल बनाये जाने का भरोसा दिलाया। मंत्री श्री चौबे ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने एक-एक वायदे को पूरा कर रही है। चाहे वह किसानों की कर्जमाफी की बात हो या समर्थन मूल्य धान खरीदी या बिजली बिल मे कमी करने का वायदा हो। मंत्री श्री चौबे ने कहा कि प्रदेश सरकार 01 दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करेगी। प्रदेश सरकार अपने वायदे के अनुरुप किसानों को समर्थन मूल्य एवं प्रोत्साहन राशि देगी। धान खरीदी की व्यवस्था के लिए पीडीएस दुकानों से बारदाना का संग्रहण किया जा रहा है। साजा विकासखण्ड के अन्तर्गत 14 नये सहकारी समिति की स्वीकृति मिली है।
    ग्राम पंचायत पदमी के पूर्व सरपंच बंशीलाल पटेल ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे द्वारा अंचल के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। गांव-गांव मे सड़क पुल-पुलिया का विस्तार स्कूल आंगनबाड़ी भवन आदि स्वीकृत किये गये हैं। कार्यक्रम मे जिला पंचायत सदस्य श्रीमती लक्ष्मी जागेश पटेल, जनपद पंचायत सदस्य साजा श्रीमती संतोषी पटेल, सरपंच कुरुद श्रीमती अन्नपूर्णा पटेल, सरपंच घिवरी ओमप्रकाश, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आशुतोष चतुर्वेदी, कार्यपालन अभियंता लो.नि.वि. निर्मल सिंह ठाकुर, कार्यपालन अभियंता जलसंसाधन विभाग कुलदीप नारंग, कार्यपालन अभियंता पीएचई गोरखनाथ रामटेके, जनपद पंचायत सीईओ साजा कुमारी कांति ध्रुव सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे।

 

       पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर।  राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से यहां राजभवन में कानून के छात्र हर्षल नाहटा ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को माहवारी पर आधारित कविता भेंट की । उन्होंने राज्यपाल से कहा कि शासन द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में बायो-डिग्रेडेबल सेनेटरी नैपकिन के उपयोग के प्रति समाज में राज्य स्तरीय जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा सरकार द्वारा समस्त गरीब तबके से लेकर आदिवासी वर्ग एवं अन्य सभी महिलाओं के लिए इसकी आपूर्ति व वितरण की व्यवस्था की जाए। श्री नाहटा ने इस संबंध में राज्यपाल को पत्र भी सौंपा। इस अवसर पर श्री प्रकाश नाहटा भी उपस्थित थे।
 

 
 पंचायत तंत्र 24.com,  रायपुर ।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज दुर्ग जिले के तहसील मुख्यालय पाटन में स्वामी आत्मानंद पुष्पवाटिका सौंदर्यीकरण कार्य, स्वामी आत्मानंद चौक के जीर्णाेद्धार कार्य तथा जीर्णाेद्धार के बाद वहां के एसडीएम और तहसील कार्यालय का लोकार्पण तथा नए भवन के निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने पाटन में स्वर्गीय श्री सुखचैन लाल भाले की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
 

 
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। मरवाही विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ के. के ध्रुव ने बीजेपी प्रत्याशी को हराकर बड़ी जीत दर्ज की है. उनकी जीत पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई मंत्रियों ने बधाई दी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मरवाही का उपचुनाव महज विधायक चुनने का चुनाव नहीं था, बल्कि यह मरवाही के साथ बीते 18 सालों तक हुए छल को जनता द्वारा लोकतांत्रिक जवाब देने की परीक्षा थी. उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मरवाही की जनता ने इस परीक्षा को प्रचंड बहुमत से उत्तीर्ण किया है । 

मरवाही का उपचुनाव महज विधायक चुनने का चुनाव नहीं था बल्कि यह मरवाही के साथ बीते 18 सालों तक हुए छल को जनता द्वारा लोकतांत्रिक जवाब देने की परीक्षा थी।

मुझे खुशी है कि मरवाही की जनता ने इस परीक्षा को प्रचंड बहुमत से उत्तीर्ण किया है।

डॉ के. के ध्रुव जी को बधाई एवं शुभकामनाएं। pic.twitter.com/ZNYulJV3ZV

— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) November 10, 2020

शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने केके ध्रुव को बधाई देते हुए कहा कि ये मरवाही की जनता की जीत है, वहां के कार्यकर्ता की जीत है। 
जीत का कारण मुख्यमंत्री का अच्छा नेतृत्व, सफल योजना और प्रदेश का विकास है, जिसे मरवाही की जनता ने साफ़ कर दिया है. मंत्री ने कहा कि जैसे मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार के दौरान जीत का अंतर बताएं, बिल्कुल सही साबित हुआ है। 
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि मरवाही आज़ादी के बाद से कांग्रेस का गढ़ है और रहेगा. सरकार बनने से पहले सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष के रूप में वहां गए थे और जिला बनाने की घोषणा की थी. सरकार बनने के बाद पहला जिला बनाया गया. उसके बाद करोड़ों रुपए के विकास कार्य किए गए. इसलिए मरवाही की जनता ने बेहतर नेतृत्व को चुना है। 
बता दें कि मरवाही उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. केके ध्रुव ने 83372 मत हासिल किए. वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी डॉ. गंभीर सिंह ने 45240 मत हासिल किए. इस तरह डॉ. ध्रुव ने 38132 मतों के अंतर से मरवाही सीट पर जीत दर्ज करने में कामयाबी हासिल की है। 
 

मुख्यमंत्री 11 नवंबर को करेंगे शुभारंभ
 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ में 23 नए तहसील बनाए गए हैं. यह तहसीलें आज से ही राजपत्र में अधिसूचना के प्रकाशन के साथ ही प्रभावशील होंगी. औपचारिक तौर पर मुख्यमंत्री बघेल 11 नवंबर को इसका शुभारंभ करेंगे. इस संबंध में आज राजस्व एंव आपदा प्रबंधन विभाग ने आदेश जारी किया है । 
नए तहसीलों के बनने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ज्यादा फायदा होगा. राजस्व से जुड़े मामले निपटाने के लिए उन्हें जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा. ऐसे में ग्रामीणों को समय और आर्थिक दोनों तरह से मदद होगी । 
 

देखें सूची-

 
 पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। ड्रग्स तस्करी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बाद भी नशे के कारोबारी बेखौफ नजऱ आ रहे है। इसका उदाहरण इसी से मिलता है कि पैडलरोंं की धरपकड़ और पुलिस की सख्ती के बाद भी वीआईपी रोड सहित राजधानी के कई इलाकों में नशे के अड्डे फिर से आबाद हो गए है। यहां संचालित होटलों, रेस्टॉरेन्ट, और हुक्का बार में फिर से युवा नशे में मदहोश नजऱ आने लगे है। इससे पता चलता है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद भी शहर में नशे के सामानों की आमद बनी हुई है। इससे नशे के धंधेबाजों की रसूख और पहुंच का पता चलता है। राजधानी में कोरोना काल के पहले से अपराध की दुनिया में लिप्त लोगों ने अब जोर-शोर से अपना व्यापार चालू कर दिया हैं। रायपुर में कई ऐसे इलाके है जहां आज भी नशे का कारोबार चलते जा रहा है। 
रायपुर में नशे का कारोबार युवाओं और छुटभैया नेताओं की देखरेख में चल रहा है। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद नशे का कारोबार इन्ही छुटभैया नेताओं के संरक्षण में चल रहा है। ड्रग्स, अफीम और कई तरह की पावडर का नशा लोग कर ही रहे है। जिसके चलते युवाओं में नशे की लत और नशा परोसने की हिम्मत भी मिल जाती है। विश्वसनीय सूत्रों ने जनता से रिश्ता को बताया कि रायपुर में बीते दिनों नशे के पावडर पकिस्तान से जम्मू-कश्मीर, कश्मीर से मुंबई और मुंबई से पुलिस का दबाव देखते हुए मुंबई से बाय रोड रायपुर पंहुचा छत्तीसगढ़ की राजधानी में नशे के सामान को वीआईपी रोड अंबुजा पार्क के आसपास के होटलों, रेस्टोरेंटो, और हुक्का बैरन में उतरा गया और उसके बाद फिर से बाय रोड गाड़ी सिरकाकुलम के लिए रवाना किया गया। 
 नशे का एडिक्ट हब सेंटर राजधानी में वीआईपी रोड, पुरानी बस्ती, गंज, गोलबाजार, कोतवाली, खमतराई, गुढिय़ारी, तेलीबांधा, न्यू राजेंद्रनगर, राजातालाब, मोवा, पुरैना टिकरापारा, बोरिया, कला एवं खुर्द, सेजबहार, मंदिर हसौद जहां पुलिस की पहुंच बमुश्किल ही होती है? खुलेआम सटोरिए सट्टा-पट्टी काट रहे हैं। शराब-गांजा बेचने वाले भी बेधड़क धंधा कर रहे हैं। गंज थाना क्षेत्र के चूनाभट्टी इलाके में सुबह से बाल्टियों में रखकर खुलेआम शराब बेचते कोचियों की सुचना मिलते रहती हैं। शराब की दुकानों के बंद होने के बाद शराब का रेट तीन गुना तक हो जाता है। यही हाल अन्य इलाकों का भी है। 
सुबह से रात तक बिकता हैं नशा वीआईपी रोड, पुरानी बस्ती के लाखेनगर चौक, नर्मदापारा, चूनाभट्टी, गुढिय़ारी के पहाड़ीपारा चौक, गोलबाजार थाने के ठीक सामने गली में, नेहरुनगर, कालीबाड़ी, पेंशनबाड़ा, ओसीएम चौक के पास, खमतराई ओवरब्रिज आदि स्थानों पर लंबे समय से नशा, सट्टा-पट्टी, शराब, गांजा बेचने का कारोबार चल रहा है। तय अड्डों पर बैठे कोचिया खुलेआम देसी, अंग्रेजी शराब के साथ-साथ गांजा, अफीम, और ड्रग्स आदि बेच रहे हैं। शराब, गांजा बेचने का काम सुबह छह बजे से शुरू होता है और शराब दुकान खुलने के दो घंटे बाद तक चलता है। दोपहर एक बजे शराब की अवैध ब्रिकी बंद कर दी जाती है। फिर रात नौ बजे से दोबारा यह काम शुरु होता है, जो रात एक बजे तक चलता है।
 

 
 पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज दुर्ग जिले के पाटन तहसील के ग्राम रानीतराई में दक्षिण पाटन के लिए सिंचाई सुविधाओं हेतु एवं कटाव रोकने की महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि 22 करोड़ रुपये की लागत से खारुन के बायीं ओर तटबंध बनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि खारून नदी पर धमतरी की ओर से यह तटबंध बन चुका है। पाटन से लगे गांवों में कटाव की वजह से यह मांग आ रही थी। अब यह समस्या दूर हो जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 5 करोड़ रुपये की लागत से खपरी, ओदरागहन, चुलगहन में सौर सामुदायिक सिंचाई योजना से प्रोजेक्ट बनाने की घोषणा की। 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां नदी नालों में लिफ्ट इरीगेशन की गुंजाइश है, वहां परीक्षण कराकर प्रोजेक्ट स्वीकृत किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री श्यामाचरण शुक्ल कहते थे कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी दे दें, वे अपना विकास स्वयं कर लेंगे। हमारी सरकार की प्राथमिकता है किसानों के लिए अधिकाधिक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना। धान की खेती बढ़ने से इसकी मांग और बढ़ी है। दक्षिण पाटन में तांदुला सिंचाई तंत्र से पानी आता है, लेकिन टेल एंड तक सिंचाई की गुंजाइश काफी कम हो जाती है। नदी तथा नालों में सोलर लिफ्ट योजनाएं चलाई जाएंगी। इनकी सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए तालाबों में जल भरा जाएगा। तालाब नहीं होने पर तालाब खुदवाने की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे सिंचाई सुविधा की गुंजाइश काफी बढ़ जाती है। 
    उन्होंने कहा कि भूमिगत जल का स्तर बढ़ाने के लिए नरवा योजना के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। इनके साथ सोलर योजनाएं आरम्भ होने से सिंचाई का रकबा बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी।
    उन्होंने कहा कि आज मैंने बाड़ी देखी। केसरा, कौही, बोरेन्दा में स्वसहायता समूहों की महिलाओं ने बहुत अच्छा काम किया है। उनकी बाड़ी में कई प्रकार की सब्जी लग रही थी। उनके चेहरे पर उत्साह था। बाड़ी योजना महिलाओं को उत्साह भी दे रही है और आर्थिक रूप से मजबूत भी कर रही है।
    मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हम ऐसी योजनाओं पर कार्य कर रहे हैं जिससे स्वावलंबी गांव तैयार हो सकें। आर्थिक स्तर बढ़े। इसमें भागीदारी भी ग्रामीणों की ही है। गौठान के संचालन की जिम्मेदारी गौठान समिति की है यह ऐसा मॉडल है जिससे खेती और पशुपालन दोनों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मोबाइल मेडिकल यूनिट आरम्भ हो जाने से ग्रामीण अंचल के लोगों को विशेष रूप से मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पाटन में इंग्लिश मीडियम स्कूल भी आरम्भ करने का निर्णय लिया गया है। इस क्षेत्र में 6 स्कूलों के आरम्भ होने से लोग शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल में भी बच्चों को पढ़ा सकेंगे। 

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। भूपेश बघेल सूबे के मुख्यमंत्री हैं लेकिन उनके अंदर का किसान गाहे-बगाहे नजर आ ही जाता है। राजकाज संभालते हुए कभी उन्हें थोड़ा भी समय मिलता है तो उनके भीतर का किसान बाहर आ ही जाता है और वे पहुंच जाते हैं खेतों में। जहां कभी वे खुद ट्रैक्टर चलाकर खेत जोतने लगते हैं, तो कभी अच्छी फसल के लिए टिप्स भी देने लगते हैं।
सीएम आज दुर्ग जिले स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र पाटन के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने ग्राम केसरा स्थित बाड़ी का भी निरीक्षण किया।बाड़ी के निरीक्षण के दौरान सब्जियों का उत्पादन करने वाली महिलाओं को उपयोगी टिप्स दिए। महिलाओं ने बताया कि वे टमाटर और बैंगन आसपास लगाई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हें अलग-अलग लगाइए। दोनों की पानी की जरूरत अलग है और कीटनाशक तथा उर्वरक भी अलग तरह के उपयोग होंगे।
उन्होंने पूछा कि कुम्हड़ा किस वैरायटी का है। महिलाओं ने बताया कि वो नहीं मालूम लेकिन उत्पादन अच्छा हो रहा है और टेस्ट भी अच्छा आ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, आप लोग बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। खेती किसानी में लगातार नई-नई तकनीकी आ रही है, जिनकी जानकारी रखना जरूरी है, ये आपके लिए बहुत उपयोगी होगा। उन्होंने कहा कि नदी किनारे के गांवों में गन्ना की खेती को प्रोत्साहित करना चाहिए, इसका रेट काफी अच्छा मिलता है।

 
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन के साथ ही यहां की उद्योग नीति में क्रांतिकारी बदलाव लाए गए हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था को समावेशी लक्ष्य की ओर ले जाने में ये बदलाव काफी महत्वपूर्ण होंगे। उद्योगों को आकर्षित करने के साथ ही राज्य के हितों का भी ध्यान रखा गया है। इन बदलावों का एक और मुख्य उद्देश्य है राज्य की अर्थ व्यवस्था को परिपक्व स्वरूप प्रदान करना।
राज्य की नवीन औद्योगिक नीति 2019-24 में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में नई सरकार ने 21 महत्वपूर्ण संशोधन अधिसूचित किए हैं। इसमें प्रमुख रूप से लघु उद्योगों को कैपिटल सबसिडी में नगद या जी.एस.टी की पूर्ति का विकल्प होगा। अभी तक यह नगद अनुदान की सूक्ष्म उद्योगों के लिए पात्रता थी। शासन ने विभिन्न औद्योगिक संगठनों की मांगों को स्वीकार करते हुए लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्योगों को नगद या जी.एस.टी में अनुदान देने का निर्णय लिया है। अनूसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति श्रेणी के उद्यमियों के लिए विशेष औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की गयी है। इसके तहत पिछली औद्योगिक नीतियों से अधिक लाभ दिया जाएगा। पुराने उद्योगों के विस्तार पर भी नए उद्योगों की तरह सरकार प्रोत्साहन देगी। उद्योगों को अब राज्य से अन्य देशों से निर्यात करने के लिए परिवहन में पैसा लगता था। उसमें सरकार परिवहन लागत में अनुदान देगी। इसके तहत प्रतिवर्ष 20 लाख रूपए का अनुदान सरकार देगी।
राज्य सरकार द्वारा नई औद्योगिक नीति में एमएसएमई को पृथक रूप से परिभाषित किया गया है तथा वृहद सेवा उद्यम की परिभाषा भी जारी की गई। निवेशकों की मांग अनुसार स्थायी पूंजी निवेश अनुदान को सूक्ष्म उद्योगों तक सीमित न कर लघु व मध्यम श्रेणी के उद्योगों के लिए भी प्रावधानित किया गया। विद्यमान उद्योगों के विस्तार करने पर स्थायी पूंजी निवेश की गणना अवधि को भी बढ़ा दिया गया है। राज्य के उद्योगों की रीढ़ इस्पात क्षेत्र को बढ़ावा देने मेगा, अल्ट्रामेगा उद्योगों के लिए Be Spoke Policy के तहत विशेष प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की गई है। ये वो इकाईयां होगी, जो राज्य शासन के साथ एम.ओ.यू. निष्पादित करेंगे।
उद्योगों में नवीन विचारधारा को समहित करने तथा नव रोजगार सृजित करने छत्तीसगढ़ राज्य स्टार्ट-अप पैकेज को नीति में स्थान दिया गया है। इन स्टार्ट-अप्स को अन्य उद्योगों से अधिक सुविधाएं कम औपचारिकता के साथ प्रदान की जाएंगी। समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों के लिए विशेष औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज जारी किया गया है। इसके तहत अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों को पूर्व की सुविधाओं से अधिक लाभ प्राप्त होगा।
कोर सेक्टर के माध्यम, वृहद, मेगा, अल्ट्रामेगा उद्योगों को अब किसी भी श्रेणी के स्थान में उद्योग स्थापित करने पर विद्युत शुल्क में पूर्ण छूट प्रदान की जाएगी। अब परिवहन अनुदान हेतु इकाई का शत-प्रतिशत निर्यातक होना आवश्यक नहीं रह गया है। सामान्य वर्ग के उद्यमियों द्वारा स्थापित किए जाने वाले पात्र सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को उद्योग विभाग, सीएसआईडीसी के औद्योगिक क्षेत्रों में भू-आबंटन पर भू-प्रीमियन प्रदान किया जाएगा। उद्यमियों द्वारा बहुप्रतीक्षित भूमि हस्तांतरण शुल्क में कमी कर दी गयी है। साथ ही उत्पादन प्रारंभ करने की अधिकतम सीमा में भी वृद्धि की गई है।
 

पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे कल आ जाएंगे. लेकिन एग्जिट पोल की माने तो बिहार चुनाव में महागठबंधन की सरकार बन रही है. और बिहार के बाजीगर बनकर उभर रहे हैं तेजस्वी यादव. वही तेजस्वी यादव जो 10वीं फेल हैं, लेकिन चुनाव में मेरिट के साथ पास होते दिख रहे हैं. वही तेजस्वी जो क्रिकेट मैदान में नहीं चले, लेकिन राजनीति के सितारे बन गए हैं. अगर एग्जिट पोल के अनुसार कल परिणाम रहे तो संभव है कि तेजस्वी यादव बिहार के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बनेंगे ! आज बिहार के इस सबसे युवा नेता तेजस्वी यादव का जन्मदिन है । 
आइये जानते हैं लालू के लाल की कहानी….
कौन हैं तेजस्वी यादव
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटा तेजस्वी यादव का जन्म आज ही के दिन 9 नवंबर 1989 को बिहार के पटना में हुआ था. पढ़ाई छोड़ क्रिकेटर बनने का सपना पाले तेजस्वी आगे बढ़ते रहे, लेकिन पिता के जेल के बाद राजनीतिक विरासत को संभालने में लग गए. और 2015 में बिहार के राघोपुर सीट से चुनाव लड़े, विधायक बने. तब तेजस्वी महज 26 साल के थे. विधायक बनने के साथ तेजस्वी जेडीयू-राजद गठबंधन में देश में सबसे कम उम्र के उपमुख्यमंत्री बने. गठबंधन टूटने के बाद वे बिहार विधानसभा में नेता-प्रतिपक्ष बने । 
पढ़ाई में फेल, क्रिकेटर भी नहीं बन पाए
तेजस्वी यादव ने डीपीएस आरकेपुरम (दिल्ली) से पढ़ाई की है. लेकिन पढ़ाई में सफल नहीं रहे. उन्होंने 10वीं कक्षा में पढ़ाई छोड़ दी. 10वीं फेल तेजस्वी क्रिकेट के शौकीन हैं. वे भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलना चाहते थे. लेकिन वे अपना यह सपना पूरा नहीं कर सके. हालांकि उन्होंने प्रथम श्रेणी के साथ ही आईपीएल के मैच जरूर खेले. उन्होंने क्रिकेट का शौक मेयो कॉलेज अजमेर में पूरा किया. तेजस्वी वर्ष 2005 से 08 के मध्य कई बार पब्लिक स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने के लिए मेयो कॉलेज के मैदान पर उतर चुके हैं. तेजस्वी विकेटकीपर के साथ-साथ मीडियम पेस बॉलर भी रहे हैं. वे लेग और ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करते हैं. तेजस्वी आईपीएल के वर्ष 2008, 09, 2011 और 2012 संस्करण में देहली डेयर डेविल्स की तरफ से क्रिकेट खेल चुके हैं. उन्होंने आईपीएल के तीन मैच में सिर्फ तीन रन ही बनाए थे । 
सबसे युवा सीएम होंगे तेजस्वी
तेजस्वी यादव अगर बिहार के मुख्यमंत्री बने, तो वो राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री होंगे. बिहार में इससे पहले सतीश प्रसाद सिंह सबसे कम उम्र में मुख्यमंत्री बने थे. उन्होंने महज 32 साल की उम्र में जनवरी 1968 को सीएम पद की जिम्मेदारी संभाली थी. उनके बाद जगन्नाथ मिश्रा का नंबर आता है. वे 38 साल की उम्र में अप्रैल 1975 में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे । 
देश के सबसे युवा सीएम बने थे हसन
दिलचस्प तथ्य यह है कि तेजस्वी यादव के सीएम बनने के बावजूद वो देश के सबसे कम उम्र के सीएम का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाएंगे. यह रिकॉर्ड पुंडुचेरी के हसन फारूख के नाम है. फारूख 1967 में महज 29 साल की उम्र में सीएम बने थे ।